• मुखपृष्ठ
  • समालोचन
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
No Result
View All Result
समालोचन

Home » अँधेरे में ख़ुद को सौंप देना: ऐन कार्सन से केट ड्वायर की बातचीत : अनुराग अंकुर

अँधेरे में ख़ुद को सौंप देना: ऐन कार्सन से केट ड्वायर की बातचीत : अनुराग अंकुर

by arun dev
October 10, 2026
in बातचीत
Reading Time: 8 mins read
A A
अँधेरे में ख़ुद को सौंप देना: ऐन कार्सन से केट ड्वायर की बातचीत : अनुराग अंकुर
फेसबुक पर शेयर करेंट्वीटर पर शेयर करेंव्हाट्सएप्प पर भेजें
अँधेरे में ख़ुद को सौंप देना
ऐन कार्सन से केट ड्वायर की बातचीत
हिंदी अनुवाद : अनुराग अंकुर

 

अनुवादकीय टिप्पणी

समकालीन विश्व साहित्य में ऐन कार्सन उन विशिष्ट रचनाकारों में शामिल हैं, जिन्होंने कविता, निबंध, अनुवाद और दृश्यात्मक प्रयोगों के माध्यम से साहित्य की स्थापित सीमाओं को चुनौती दी है. उनकी रचनाओं में निजी अनुभव और दार्शनिक चिंतन इस तरह एक-दूसरे से जुड़ते हैं कि पाठक भाषा, स्मृति, समय, इच्छा, प्रेम और मृत्यु जैसे प्रश्नों पर नए सिरे से विचार करने लगता है. ऐन कार्सन को 2026 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया है. स्वीडिश अकादमी ने उनके साहसिक और नवोन्मेषी साहित्यिक लेखन तथा शास्त्रीय परंपरा के साथ संवाद करते हुए समकालीन साहित्य के लिए नए रूप विकसित करने के उनके योगदान को इस सम्मान का आधार बनाया.

प्रस्तुत साक्षात्कार ‘थ्रोइंग योरसेल्फ़ इंटू द डार्क’ (‘अँधेरे में ख़ुद को सौंप देना’) अमेरिकी साहित्यिक पत्रिका द पेरिस रिव्यू में 17 अप्रैल 2024 को प्रकाशित हुआ था. इसे लेखिका और स्वतंत्र पत्रकार केट ड्वायर ने लिया था. यह बातचीत अक्टूबर 2023 में ज़ूम के माध्यम से हुई थी. उस समय कार्सन रेक्याविक, आइसलैंड स्थित अपने अपार्टमेंट में थीं. केट ड्वायर अपनी टिप्पणी में कार्सन की रचनात्मक दुनिया को समझने के लिए रिक्तता, अनुपस्थिति और स्मृति की अवधारणाओं पर विशेष ध्यान देती हैं.

कार्सन के लिए ख़ालीपन केवल किसी चीज़ की अनुपस्थिति नहीं, बल्कि अर्थ की रचना करने वाली एक सक्रिय संभावना है. आइसलैंड के प्राकृतिक परिदृश्य में दिखाई देने वाला ख़ालीपन उनकी रचनात्मक दृष्टि से गहरे जुड़ता है. उनकी पुस्तक इफ़ नॉट, विंटर  इसका उल्लेखनीय उदाहरण है. प्राचीन यूनानी कवयित्री सैफ़ो की कविताएँ आज मुख्यतः खंडित रूप में उपलब्ध हैं. कार्सन उनके लुप्त अंशों को भरने के बजाय रिक्त स्थानों को चौकोर कोष्ठकों में चिह्नित करती हैं. इससे पाठक को एहसास होता है कि साहित्य में जो अनुपस्थित है, वह भी अर्थ की रचना में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इसी तरह इरोस द बिटरस्वीट  में इच्छा को अभाव से जोड़ना और नॉक्स  में शोक तथा स्मृति के माध्यम से अनुपस्थिति को समझना उनकी विशिष्ट साहित्यिक दृष्टि को सामने लाता है.

आज ऐन कार्सन को पढ़ना इसलिए महत्त्वपूर्ण है कि उनका लेखन हमें हर प्रश्न का तत्काल उत्तर खोजने के बजाय उसके साथ ठहरना सिखाता है. वे भाषा को केवल विचार व्यक्त करने का माध्यम नहीं मानतीं, बल्कि उसे विचार और अनुभव के निर्माण की प्रक्रिया के रूप में देखती हैं. उनके लिए किसी शब्द का अर्थ खोजने में लगने वाला समय भी उतना ही मूल्यवान है, जितना उसका अर्थ जान लेना.

वर्तमान समय में, जब सूचनाओं की निरंतर उपलब्धता और त्वरित प्रतिक्रियाओं की संस्कृति ने धैर्यपूर्वक सोचने की गुंजाइश कम कर दी है, कार्सन का साहित्य विशेष प्रासंगिकता रखता है. वह हमें अनिश्चितता स्वीकार करने, अनुपस्थिति में भी अर्थ खोजने और जीवन की जटिलताओं को सरल निष्कर्षों में सीमित न करने की प्रेरणा देता है.

अनुराग अंकुर

 

 

केट ड्वायर
रॉन्ग नॉर्मा  के शीर्षक में जो “रॉन्ग” है, उसके बारे में बताइए.

ऐन कार्सन
जब लोग मुझसे पूछते हैं, “कनाडाई, अमेरिकियों से किस तरह अलग हैं?” तो मैं कहती हूँ, “कनाडाई लोगों की एक ख़ासियत है. वे शिष्ट तो होते हैं, लेकिन ग़लत भी.” हमेशा शिष्ट, लेकिन ग़लत.

मैंने शीर्षक में रॉन्ग  यानी “ग़लत” शब्द कनाडा वाली बात की वजह से रखा. लेकिन इसकी एक और वजह है. अकादमिक जीवन में आपको हमेशा यह महसूस होता रहता है कि आप ग़लत हैं या ग़लत होने ही वाले हैं. आपको इस बात की चिंता करनी पड़ती है, क्योंकि वहाँ हर चीज़ को परखने और ऊँच-नीच के क्रम में रखने का चलन है. स्थायी अकादमिक पद हासिल करना इस बात पर निर्भर करता है कि आप जब भी कुछ कहें, तो अमुक-अमुक कसौटियों पर आपको “ग़लत” न ठहराया जा सके. मैं इसी मानसिकता को निष्क्रिय करने में दिलचस्पी रखती थी.

सिमोन वेल ने विरोधाभास पर लिखे अपने एक निबंध में यही बात कही है. दार्शनिक ग्रंथों में विरोधाभास लोगों को बहुत उलझाते हैं, जबकि वेल ख़ुद विरोधाभासों पर काफ़ी काम करती रही हैं. उनका कहना है कि विरोधाभास मन में घटने वाली एक उपयोगी घटना है, क्योंकि इससे मन की जकड़न खुलती है. और एक बार मन की जकड़न खुल जाए, तो आप दूसरी चीज़ों के बारे में, अधिक व्यापक चीज़ों के बारे में या उन चीज़ों के बारे में भी सोच सकते हैं, जो अभी तक आपके मन में भीतर छिपी हुई थीं. अचानक आपके सामने एक बिल्कुल अलग परिदृश्य खुल जाता है. मेरे ख़याल से, किसी बात के ग़लत होने की संभावना मन को इसी तरह खोलने का अवसर देती है.

मैं कल ‘ग़लत’ होने के बारे में बात करूँ, तो शायद बिल्कुल दूसरी बात कहूँ. आप जानते हैं, इंसान एक प्रिज़्म की तरह होते हैं और विचार हर दिन उसके किसी नए पहलू  प्रभावित करते रहते हैं.

 

 

केट ड्वायर
इरोस द बिटरस्वीट  पढ़ते हुए मैं इस कहावत के बारे में सोच रहा था कि दोस्त और प्रेमी “एक ही भाषा बोलते हैं.” मुझे नहीं मालूम कि यह सच है या नहीं. मुझे तो ऐसा लगता है कि हर व्यक्ति अपनी अलग भाषा बोलता है और रिश्तों में लगातार एक-दूसरे की बात का अनुवाद करना पड़ता है.

ऐन कार्सन
सच कहूँ तो मुझे नहीं लगता कि कोई भी व्यक्ति कभी पूरी तरह समझ पाता है कि दूसरा बोलते हुए कहना क्या चाहता है. यह अनुवाद करने से कहीं ज़्यादा मुश्किल है. यह तो अँधेरे में ख़ुद को झोंक देने जैसा है. भाषा बेहद, बेहद निजी होती है. एकदम व्यक्तिगत. अजीब भी.

आप चाहें तो इसे अनुवाद कह सकते हैं. यह कुछ हद तक शालीन ढंग से बात कहने का रूपक है. असल में स्थिति शायद इससे कहीं ज़्यादा निराशाजनक है. लेकिन एक इंसान के रूप में बोलने की कोशिश ही यही है कि हर वाक्य के साथ उस निराशा से पार पाने की कोशिश की जाए.

 

 

केट ड्वायर
यह इस विचार से मिलता-जुलता लगता है कि एक भाषा में किसी विचार को जिस तरह व्यक्त किया जाता है, उसका दूसरी भाषा में पूरी तरह अनुवाद शायद कभी संभव नहीं होता. एक अनुवादक के रूप में आप मूल रचना और अनुवाद के बीच जिस जगह पर होती हैं, वहाँ क्या घटता है?

ऐन कार्सन
मैं उस जगह को एक खाई की तरह देखती हूँ. दो सड़कों या दो देशों के बीच की खाई. अनुवादक जिस मनःस्थिति तक पहुँचता है, वह मुझे हमेशा से दिलचस्प लगती रही है. उस समय उसके मन के पर्दे पर दो भाषाएँ एक साथ मौजूद होती हैं. वह कुछ ऐसा कह रहा होता है जो दोनों भाषाओं में पूरी तरह एक जैसा नहीं है और दोनों रूप एक साथ वहाँ तैरते रहते हैं.

कुछ लेखक अपनी ही भाषा के भीतर इस खाई का इस्तेमाल करते हैं. एमिली डिकिन्सन इसका सबसे उल्लेखनीय उदाहरण हैं. वह किसी दूसरी भाषा से अनुवाद नहीं कर रही होतीं, बल्कि अपना ही अनुवाद कर रही होती हैं. वह कुछ पंक्तियाँ और शब्द लिखती हैं, फिर उन्हें काटकर उनकी जगह कोई दूसरा शब्द रख देती हैं. कभी किनारे पर तीसरा शब्द लिख देती हैं, तो कभी काग़ज़ पलटकर पूरी रचना का एक और रूप तैयार कर लेती हैं. ये सारे रूप एक साथ कविता में मौजूद रहते हैं.

यह मन की एक बेहद अजीब अवस्था है, जिसमें ये सभी रूप एक साथ तैरते रहते हैं और फिर यही सब मिलकर पूरी कविता बनाते हैं. कविता अपने पूरे बेतरतीब और अनसुलझे रूप में, अपने तमाम अधूरेपन के साथ, एक साथ मौजूद रहती है.

अनुवाद में यह स्थिति कुछ अलग तरह से पैदा होती है. आपके सामने एक पाठ होता है, जिसमें कुछ स्पष्ट ग़लतियाँ भी हो सकती हैं. फिर पन्ने के नीचे पाठांतर दिए होते हैं. ये वे वैकल्पिक पाठ हैं, जिन्हें अलग-अलग विद्वानों ने वर्षों के दौरान सुझाया है, ताकि जहाँ मूल पाठ ग़लत लगता है, वहाँ उसे बेहतर ढंग से पढ़ा जा सके.

इस तरह फिर वही संभावनाएँ आपके मन में तैरने लगती हैं. वे एक ही चीज़ के अलग-अलग रूप होते हैं. और ये सभी रूप एक साथ मिलकर कविता बनाते हैं. मुझे कभी समझ नहीं आया कि इस स्थिति का क्या किया जाए.

यह अपने आप में एक सुंदर अनुभव है कि कविता यूनानी भाषा में आपके सामने हो और उसके नीचे अंग्रेज़ी में उसके अलग-अलग पाठ दिए हों. ये सारे विकल्प आपके मन में एक साथ तैरते रहते हैं. आप सोचते रहते हैं कि उस कवि ने आख़िर कहा क्या होगा, और ये सभी संभावनाएँ उसके कहे हुए शब्दों के अलग-अलग रूप बनकर आपके सामने मौजूद रहती हैं.

लेकिन इस अनुभव की सुंदरता को मैं ज़्यादातर मौक़ों पर किसी किताब के पन्ने पर उतार नहीं पाती. न ही उसे ऐसी चीज़ में समेट पाती हूँ, जिसे “फलाँ रचना का अनुवाद” कहा जा सके. इसके लिए कोई तयशुदा रूप ही नहीं है. कंप्यूटर पर लिंक, अतिरिक्त टिप्पणियों और साथ में दिए गए पाठ की मदद से कुछ हद तक ऐसा किया जा सकता है. लेकिन आम तौर पर कोई उन सारे लिंक को खोलने और पढ़ने की जहमत नहीं उठाना चाहता. और वैसा करने पर भी अनुभव वही नहीं रहता.

एक विद्वान के रूप में जब आप पन्ने पर मूल भाषा और उसके पाठांतरों को देखते हैं और ये सभी संभावनाएँ आपके मन में एक साथ तैरती रहती हैं, तो यह एक असाधारण अनुभव होता है. मुझे लगता है कि उस अनुभव की बारीकियों को शब्दों में दूसरों तक पहुँचाना संभव नहीं है.

 

 

केट ड्वायर
बिल्कुल शुरू से कुछ रचने का अनुभव कैसा होता है? क्या उसमें भी जगह की कोई भूमिका होती है?

ऐन कार्सन
मुझे लगता है, कोई चीज़ पहले मन में आती है. अगर वह दिलचस्प लगे, तो फिर मैं उसके साथ कुछ करने लगती हूँ. यह किसी चीज़ के पीछे चलने जैसा है. जैसे कोई लोमड़ी आपके घर के पिछवाड़े से गुज़र जाए और आप उसके पीछे चल पड़ें, यह देखने के लिए कि क्या आप उस जगह तक पहुँच सकते हैं जहाँ वह रहती है. बस, उसके छोड़े हुए निशानों के पीछे चलते चले जाना है.

 

 

केट ड्वायर
लोमड़ी रॉन्ग नॉर्मा  के रहस्यों में से एक है. उसके बारे में लिखते समय क्या आपके मन में उसका कोई तय अर्थ या भाव था, या वह हर दिन बदलता रहता था?

ऐन कार्सन
मुझे नहीं मालूम कि वह लोमड़ी आई कहाँ से. मैं रैग्नार क्यार्तान्सन की द विज़िटर्स  एल्बम के लिए एलपी के साथ छपने वाली टिप्पणियाँ लिख रही थी और उसी समय कुछ चित्र भी बना रही थी. तभी वह लोमड़ी मेरे चित्र में आ गई.  वह इतनी शानदार लोमड़ी थी कि मैंने सोचा, “मुझे इस लोमड़ी को कहीं न कहीं शामिल करना ही होगा.” इसलिए मैंने उसे द विज़िटर्स  पर लिखी अपनी रचना में रख दिया. वह बस अचानक आ गई एक लोमड़ी थी, अपने आप चली आई थी, और फिर लगा कि उसके साथ कुछ करना ज़रूरी है.

 

 

केट ड्वायर

आप अपने भीतर की उस अवस्था तक कैसे पहुँचती हैं, जहाँ आप सबसे रचनात्मक होती हैं?

ऐन कार्सन

कभी-कभी मैं अंत में बस इस बारे में लिख रही होती हूँ कि रोशनी कैसी है. ऐसा लगता है, जैसे मेरे और रोशनी के बीच पहले से ही कोई समझौता है. इस नोटबुक में, जिसे कभी कोई नहीं पढ़ेगा, मुझे लिखना है कि आज रोशनी कैसी है और उसे बयान करने के लिए बिल्कुल सही शब्द खोजने हैं. मुझे नहीं मालूम कि यह समझौता क्या है, लेकिन लगता है कि मेरे बाकी सारे लेखन की बुनियाद यही है.

रोशनी के बारे में लिख लेने के बाद हम मेरी माँ की बात कर सकते हैं, या इस बारे में कि मैं रात के खाने में क्या खाने वाली हूँ, या प्रूस्त के अनुवाद-सिद्धांत पर चर्चा कर सकते हैं. लेकिन तब तक असली बात पूरी हो चुकी होती है. महत्त्वपूर्ण तो रोशनी थी. ऐसा क्यों है, या मेरे और रोशनी के बीच यह समझौता कहाँ से आया, यह आज भी मेरे लिए एक रहस्य है.

 

 

केट ड्वायर
“स्नो” में आप एक पूर्वाभास के बारे में लिखती हैं. उसमें उस होटल का रात की ड्यूटी वाला कर्मचारी आता है, जहाँ आप अपनी माँ के निधन से एक सप्ताह पहले ठहरी थीं. क्या आपके साथ ऐसा अक्सर होता है?

ऐन कार्सन
एक बार ऐसा हुआ था. ग्रीक मिथकों में देवता हर्मीस को साइकोपॉम्प कहा जाता है. इसका मतलब है कि जब कोई मरने वाला होता है, तो हर्मीस उसके पास जाता है और उसकी आत्मा को पाताल लोक तक ले जाता है. तो मैंने होटल के उस बेलबॉय को उसी तरह का व्यक्ति मान लिया.

लेकिन एक बार मैं और करी उनके पिता के अंतिम संस्कार में जा रहे थे. मिशिगन के एक सुनसान इलाके में हमने सड़क पर लिफ़्ट माँग रहे एक आदमी को गाड़ी में बैठा लिया. पता नहीं वह कहाँ से आया था. वहाँ दूर-दूर तक ख़ाली मैदान था और फिर अचानक सड़क के किनारे वह आदमी खड़ा दिखाई दिया. उसने एकदम साफ़-सुथरा नीला सूट और नीली कमीज़ पहन रखी थी. उसके कपड़ों पर इतनी कड़ी इस्तरी थी कि वह कुछ ज़्यादा ही करीने से तैयार लग रहा था. वह गाड़ी में बैठा तो अचानक भीतर कपड़े धुलने की गंध भर गई. वह इतना साफ़-सुथरा था!

हमने उससे बात करने की कोशिश की, लेकिन वह बोलना नहीं चाहता था. उसे सड़क से तीन कस्बे आगे एक सार्वजनिक पुस्तकालय जाना था, मगर उसने यह नहीं बताया कि वह कौन है. हमने उसे पुस्तकालय के पास उतार दिया और आगे बढ़ गए.

वह आदमी एक साइकोपॉम्प था, क्योंकि उस समय हमें पता भी नहीं था कि करी के पिता की मृत्यु हो चुकी है. या कहें, तब तक उनकी मृत्यु हुई नहीं थी. उसी दिन उनकी मृत्यु हुई. हमने सोचा कि वह आदमी इस बात का संकेत था कि कोई दूसरी दुनिया में जाने वाला है.

तो ऐसा होता है, लेकिन मैं यह नहीं कहूँगी कि अक्सर होता है.

 

 

केट ड्वायर
आप और करी लंबे समय तक एनवाईयू में कलात्मक सहयोग पर एक पाठ्यक्रम साथ पढ़ाते रहे. उसका नाम था “द एगो-सर्कस”. आप अपने विद्यार्थियों से किस तरह के अभ्यास करवाते थे?

ऐन कार्सन
एक निर्देश था, “कुछ जलाओ और उसकी राख का इस्तेमाल करो.” दूसरा था, “किसी होटल को बेहतर बनाओ.” कभी-कभी हम उन्हें बस तीन शब्द देते थे, जैसे “नौकायन, मक्खन, मृत्यु.” फिर वे उन शब्दों के आधार पर कुछ न कुछ बनाते थे.

ऐसा नहीं था कि हमने लिखने पर पूरी तरह रोक लगा रखी थी. वे हर बार कुछ न कुछ लिखकर भी लाते थे, लेकिन हम उन्हें दूसरे हुनर आज़माने के लिए प्रोत्साहित करते थे. वे लगातार ऐसी चीज़ें खोज रहे होते थे, जिन्हें करना वे पहले जानते ही नहीं थे कि वे कर सकते हैं.

 

 

केट ड्वायर
लेखन के अलावा भी क्या आप कोई ऐसे काम करती हैं, जो आपकी लेखन-प्रक्रिया का हिस्सा हैं?

ऐन कार्सन
चित्र बनाना और पेंटिंग करना. तैरने को भी इसमें शामिल कर लीजिए. और चीज़ें करीने से रखना. मैं चीज़ें व्यवस्थित रखने में अच्छी हूँ.

 

 

केट ड्वायर
तैरने का आपके लेखन से क्या संबंध है?

ऐन कार्सन
इससे मैं उदास और चिड़चिड़ी नहीं होती. कभी-कभी स्विमिंग पूल में सोचती भी हूँ, हालाँकि वहाँ आने वाले विचार आम तौर पर बहुत काम के नहीं होते. पूल में जो विचार आते हैं, वे कुछ-कुछ सपनों जैसे होते हैं. सपने में कभी कोई ऐसा वाक्य सूझता है, जो वास्तविकता से जुड़े आपके सारे सवालों का जवाब दे देता है. आप उनींदे-से उठते हैं और उसे लिख लेते हैं. लेकिन सुबह उसे देखते हैं, तो पता चलता है कि उसमें तो बस इतना लिखा है, “चलो, केले ख़रीदते हैं,” या फिर कुछ ऐसा, जिसका उस विचार से कोई लेना-देना ही नहीं होता.

और फिर, मुझे पानी पसंद है. कुछ लोगों को बस पानी के पास रहने की ज़रूरत होती है.

 

केट ड्वायर
आप और करी, दोनों जॉन केज के प्रशंसक हैं. केज कला से अहंकार को हटाने की बात करते हैं. मैं अब भी आपकी 2016 में प्रकाशित किताब फ़्लोट में दिए गए उनके इस कथन के बारे में सोच रहा हूँ: “हर चीज़ उस शून्य का उत्सव है, जो उसे सहारा देता है.”

ऐन कार्सन
यह बात लेखकों पर लागू होती है. वे अपनी यादों और अपने चुनावों का एक पूरा भंडार जमा कर लेते हैं, उसे अपनी आत्मकथा कहते हैं और फिर लिखते समय बार-बार उसी को दोहराते रहते हैं. आपको इससे बाहर निकलना होगा.

 

 

केट ड्वायर
लेखन की दुनिया में, ख़ासकर एम.एफ़.ए. कार्यक्रमों के आसपास, “चरित्र” और “दृष्टिकोण” जैसी चीज़ों पर बहुत चर्चा होती है. यानी कथा को गढ़ने और कहने के तकनीकी पहलुओं पर. क्या आप भी लेखन-कौशल को इन्हीं नज़रियों से देखती हैं?

ऐन कार्सन
कभी नहीं. मैं इस बारे में सोचती ही नहीं. मुझे लगता है कि लोगों को यह सब छोड़ देना चाहिए. किसी चीज़ के बारे में सोचिए और उसके पीछे-पीछे वहाँ तक जाइए, जहाँ जाकर वह सच हो जाती है.

 

 

केट ड्वायर
मुझे चिंता होती है कि कम-से-कम अमेरिका में आलोचनात्मक ढंग से सोचने की क्षमता को सांस्कृतिक स्तर पर कम अहमियत दी जा रही है. एक विचारक और शिक्षक के रूप में क्या आपको भी ऐसा लगता है?

ऐन कार्सन
इसी वजह से मैंने ठहराव  के बारे में सोचना शुरू किया था. अध्यापन के अपने आख़िरी कुछ वर्षों में मैं कुछ समय प्राचीन यूनानी भाषा पढ़ाती थी और कुछ समय लेखन. जब मैं ख़ुद पढ़ती थी, तब प्राचीन यूनानी भाषा सीखने का एक तरीक़ा यह था कि मूल पाठ में उन शब्दों को ढूँढ़ा जाए, जिनका अर्थ मालूम नहीं है. फिर उन्हें शब्दकोश में देखा जाए, उनका अर्थ समझा जाए और लिख लिया जाए.

शब्दकोश में किसी शब्द को ढूँढ़ने में समय लगता है. इस प्रक्रिया के बीच एक ऐसा अंतराल आता है, जब मन कुछ-कुछ स्वप्निल अवस्था में चला जाता है, जैसे विचार थोड़ी देर के लिए ठहर गए हों. ऐसा नहीं है कि उस दौरान आप कुछ सोच ही नहीं रहे होते. आपके सामने एक शब्द होता है, जिसका अर्थ आप जानना चाहते हैं. आप शब्दकोश के पन्ने पलटते हुए उसकी सही परिभाषा खोजते हैं, लेकिन अभी उस विचार तक पहुँचे नहीं होते. दिन के बाकी समय में मन जिस तरह काम करता है, यह उससे बिल्कुल अलग होता है. यह एक अलग तरह का समय है और इसमें मन की अवस्था भी अलग होती है.

यह अंतराल बहुत क़ीमती है, क्योंकि इसी दौरान शब्दों को लेकर आपकी सोच और उनके प्रति आपका भाव बदलता रहता है. मैं इसी को ठहराव  कहती हूँ.

आजकल लोग पूरा पाठ कंप्यूटर पर रखते हैं. कोई अनजान शब्द आता है, तो बस एक बटन दबाते हैं और कंप्यूटर में मौजूद शब्दकोश तुरंत उसका अर्थ बता देता है. आम तौर पर कंप्यूटर वही अर्थ चुनता है, जो उस प्रसंग में ठीक बैठता है. इस तरह न तो आपको उस शब्द का इतिहास जानने का मौक़ा मिलता है, न उसके दूसरे संभावित अर्थों के बीच कुछ देर भटकने का.

इस अंतराल के खो जाने से भाषा को देखने का हमारा नज़रिया ही बदल जाता है. यह ठहराव सोचने की प्रक्रिया को एक तरह का विश्राम देता है, क्योंकि उस समय आप अभी पूरी तरह सोचने की अवस्था में नहीं पहुँचे होते. एक तरह से यह अनुपस्थिति के भीतर मौजूद उपस्थिति है. लेकिन यह वैसा अज्ञान का अँधेरा  नहीं है, जिसकी बात रहस्यवादी करते हैं. वे कहते हैं कि ईश्वर कुछ नहीं है और उसके बारे में कुछ कहना भी नहीं चाहिए, क्योंकि उसके बारे में कुछ कहते ही हम उसे एक ख़ास रूप और सीमा में बाँध देते हैं.

यह वैसी स्थिति नहीं है. यहाँ आप जानने की राह पर होते हैं, और उस दौरान एक तरह के भरोसे के साथ ठहरे रहते हैं. इस ठहराव के खो जाने का मुझे अफ़सोस है.

 

केट ड्वायर
क्या आपको लगता है कि समय का हमारा अनुभव इस बात से जुड़ा है कि हम अपना ध्यान किस चीज़ पर लगाते हैं? क्या कोई व्यक्ति जो बहुत पढ़ता है, समय को उससे अलग तरह से महसूस करेगा, जो दिन भर स्क्रीन देखता रहता है?

ऐन कार्सन
इस सवाल में एक तरह का फ़ैसला छिपा हुआ है. मैं कह नहीं सकती. लेकिन इतना ज़रूर जानती हूँ कि हम ऐसे तरीक़े खोजते रहते हैं, जिनसे समय को रोका जा सके. ऐसा तभी होता है, जब हमारा ध्यान पूरी तरह किसी एक चीज़ पर लगा हो. शायद इसीलिए हम ऐसे पलों की तलाश करते हैं.

ऐसा नेटफ़्लिक्स पर कोई फ़िल्म देखते हुए भी हो सकता है. या तब, जब आप अपनी सबसे अच्छी कविता लिखने में पूरी तरह डूबे हों. इन दोनों ही स्थितियों में कोई ऐसी चीज़ मिल सकती है, जिस पर आप अपना पूरा ध्यान लगा दें, जिसमें दाख़िल होकर आप ख़ुद को भूल जाएँ.

समय के साथ मेरा वास्ता बस इतना है कि मैं उसे रोकने के तरीक़े खोजती हूँ. क्योंकि जब समय नहीं रुकता, तो आप ऊबने लगते हैं.

आप समय को गुज़रते हुए देखते रहते हैं, लेकिन उसमें इतना कुछ नहीं घटता कि आपका मन उसमें लगा रहे. इतना भी नहीं कि आप अपनी तकलीफ़ों को भूल सकें. मुझे ऊब और उस दूसरी चीज़ के बीच कोई ख़ास जगह नहीं दिखती. वह दूसरी चीज़ क्या है… शायद अमरता. समय को भूल जाना.

समय से बाहर होना, उस दूसरी अवस्था में पहुँच जाना, बेहद आनंददायक है. इतना आनंददायक कि आप समय को लेकर परेशान होना ही भूल जाते हैं.

 

केट ड्वायर
क्या आप एक बार में कई-कई घंटे उस अवस्था में रहती हैं?

ऐन कार्सन
कुछ मिनट शायद, अगर क़िस्मत अच्छी हो.

The Paris Review (2024/04/17) से आभार सहित 

अनुराग अंकुर
आज़मगढ़ (उत्तर-प्रदेश)

कविताएँ लिखते हैं. हिंदी साहित्य, लोक संस्कृति और सामाजिक विमर्श से जुड़े विषयों पर लेखन, अनुवाद एवं संपादन कार्य में सक्रिय हैं.

वर्तमान में वे डॉ. बी. आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली के छात्र हैं.
anuragankur.info@gmail.com

 

Tags: 2026 साहित्य का नोबेल पुरस्कारअँधेरे में ख़ुद को सौंप देनाअनुराग अंकुरऐन कार्सन
ShareTweetSend
Previous Post

ऐन कार्सन : 2026 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार : त्रिभुवन

Next Post

गांधी और हरमन कालनबाख़ की मित्रता : सीरज सक्सेना

Related Posts

2026 का बुकर पुरस्कार : एम. जॉन हैरिसन : द एंड ऑफ एवरीथिंग : बातचीत : अनुवाद : अनुराग अंकुर
बातचीत

2026 का बुकर पुरस्कार : एम. जॉन हैरिसन : द एंड ऑफ एवरीथिंग : बातचीत : अनुवाद : अनुराग अंकुर

ऐन कार्सन : 2026 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार : त्रिभुवन
आलेख

ऐन कार्सन : 2026 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार : त्रिभुवन

मार्जान सत्रापी से जोशुआ बेयरमैन की बातचीत अनुवाद : अनुराग अंकुर
बातचीत

मार्जान सत्रापी से जोशुआ बेयरमैन की बातचीत अनुवाद : अनुराग अंकुर

Comments 9

  1. Anant Vijay says:
    1 month ago

    नोबल की अपनी राजनीति होती है। पर यह पढ़ते हुए लगा कि इस बार एक पुख़्ता चयन हुआ है। इस बेहतरीन अनुवाद के लिए आभार अनुराग अंकुर और समालोचन को।

    Reply
  2. पीयूष तिवारी says:
    1 month ago

    अनुराग अंकुर परास्नातक, हिंदी विभाग (दिल्ली विश्वविद्यालय) के छात्र हैं। इस अनुवाद की परिपक्वता उनके उम्र से आगे की है, जिसे उन्होंने अभी ही पा लिया है। उन्हें बधाई। 🪻

    Reply
  3. Ashok Pande says:
    1 month ago

    यहाँ पर अनुवाद को लेकर कही गई बातें महत्वपूर्ण है। सच में, अनुवाद कुछ हद तक शालीन ढंग से बात कहने का रूपक ही है। इस महत्वपूर्ण अनुवाद के लिए धन्यवाद।

    Reply
  4. भगवान स्वरूप कटियार लखनऊ says:
    1 month ago

    एन कार्सन का लेखन एक निश्छल व्यक्ति की तलाश की यात्रा है जो भले ही आज के दौर में एक छलावा लगे पर बेहद जरूरी तत्व है जीवन का जैसे प्रेम में कितने ही धोखे और दुख भले ही हों पर उसकी जरूरत कभी खत्म नहीं होती और न होगी क्योंकि प्रेम ही शाश्वत है जैसे कुदरत शाश्वत है.

    Reply
  5. Virendra pratap singh says:
    1 month ago

    Great work. Deep understanding

    Reply
  6. Valeriia Terokhina says:
    1 month ago

    अनुवाद दो भाषाओं के बीच एक सेतु जैसा कार्य करती है. अच्छा लगता है, जब दो भाषाओं के बीच ऐसे महत्वपूर्ण कार्य होते हैं. अनुराग को बहुत बधाई.

    Reply
  7. Akshy Debbarma says:
    1 month ago

    बहुत ही सधा हुआ अनुवाद। पूरी बातचीत में एक तारतम्यता है, जो अंत तक भंग नहीं होती। धन्यवाद अनुराग यह अनुवाद पढ़वाने के लिए। 💐

    Reply
  8. विद्यार्थी उत्कर्ष says:
    1 month ago

    क्या-क्या कहूँ… तल्लीनता, ठहराव, जिज्ञासा, और प्रवाहपूर्णता — यह चारों इस अनुवाद की खूबियाँ हैं। इस सारगर्भित अनुवाद के लिए धन्यवाद मित्र!

    Reply
  9. Kundan Kumar says:
    1 month ago

    विश्व साहित्य के एक महत्त्वपूर्ण संवाद को हिंदी के पाठकों तक पहुँचाने का सराहनीय प्रयास है।

    Reply

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

समालोचन

समालोचन साहित्य, विचार और कलाओं की हिंदी की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है. डिजिटल माध्यम में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की जरूरत को ध्यान में रखते हुए 'समालोचन' का प्रकाशन २०१० से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है. विषयों की विविधता और दृष्टियों की बहुलता ने इसे हमारे समय की सांस्कृतिक परिघटना में बदल दिया है.

  • Privacy Policy
  • Disclaimer

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2010-2026 समालोचन | powered by zwantum

No Result
View All Result
  • समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • आलोचना
    • आलेख
    • अनुवाद
    • समीक्षा
    • आत्म
  • कला
    • पेंटिंग
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • शिल्प
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • संपर्क और सहयोग
  • वैधानिक