| 2026 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार ऐन कार्सन : शब्द से कविता की सभ्यता तक त्रिभुवन |
आठ अक्टूबर, 2026 की सुबह ठीक 11 बजे (भारत में उस समय दाेपहर बाद के साढ़े चार बजे थे) उत्तरी अटलांटिक महासागर के फ़ाक्साफ़्लोई तट पर बसे आइसलैंड के रेक्याविक में आर्कटिक महासागर के किनारे एक स्त्री चाय पी रही थी. सामने लंदन रिव्यू ऑफ बुक्स था. टेबल पर कुछ बिस्किट थे. बाहर समुद्र के ऊपर उत्तरी आकाश का अपना धूसर विस्तार. भीतर एक ऐसी नीरवता, जिसमें साधारण घरेलू चीज़ें भी अपने अस्तित्व का हल्का संगीत पैदा करती हैं. फ़र्श पर धूल थी. स्त्री को लगा कि उसे साफ़ करना चाहिए. तभी टेलीफ़ोन बजने लगा. उसने फ़ोन बंद कर दिया. फिर बजा. फिर बंद कर दिया. फिर बजा. फिर बंद कर दिया. दूसरी ओर स्टॉकहोम था. उस स्त्री का नाम विश्व-साहित्य के इतिहास में एक और अध्याय की तरह लिखा जा रहा था और वह घर की सफ़ाई करना चाहती थी. उसके पति रॉबर्ट करी ने फ़ोन उठाया. उन्हें अपनी पत्नी से कहना पड़ा कि इस बार बात कर लेना उचित होगा. जाने कोई बहुत ज़रूरी फ़ोन हो.
यह दृश्य स्वयं ऐन कार्सन की किसी लंबी कविता का पहला अनुच्छेद हो सकता है. लेकिन पहला क्यों? कार्सन तो आरंभ की अनिवार्यता पर ही संदेह करती हैं.

2.
नोबेल पुरस्कार की सूचना मिलने पर उन्होंने जिस सहजता से विस्मय व्यक्त किया और जिस तरह पुरस्कार के उत्सव से अधिक जंगल में टहलने तथा शांति सुनने की इच्छा जताई, वह उनके साहित्य को समझने के लिए एक सम्मोहक प्रवेश-द्वार है. लेकिन इस दृश्य किसी तपस्विनी की कथा नहीं. कार्सन संत नहीं. वह अत्यंत कामनाशील, बौद्धिक रूप से साहसी, विडंबनाप्रिय और निर्दय विश्लेषण करने वाली महान् कवयित्री हैं.
उनके भीतर एक भाषाविद् है, जो शब्द को खोलकर उसका इतिहास देखना चाहता है. एक प्रेमिका है, जो शब्दों के बीच उस अंतराल की ओर आकर्षित होती है, जहाँ स्वप्न की तरह अर्थ पूरी तरह उपलब्ध नहीं होता. और एक कलाकार है, जो इन दोनों को किसी परिचित साहित्यिक विधा में रहने के लिए बाध्य नहीं करती. इन तीनों का तनाव ही ऐन कार्सन की कविता है.
3.
युवा लेखकों को उनकी सलाह है, “स्टार्ट इन मिडल” बीच से शुरू करो. यह कोई मामूली लेखकीय युक्ति नहीं, साहित्य के समय-बोध को उलट देने वाला विचार है. दो हजार वर्ष पहले रोमन कवि होरेस ने आर्स पोएटिका में इसी पद्धति को इन मेडियास रेस घटनाओं के बीचोबीच प्रवेश करना कहा था. उसके सामने अब ओवो था, अर्थात् कथा को उसके बिल्कुल आरंभ, उसके जन्म के अंडाणु तक ले जाकर शुरू करना. होमर ने इलियड की शुरुआत ट्रॉय के युद्ध की उत्पत्ति से नहीं, उस युद्ध के दसवें वर्ष में अकिलीस के क्रोध से की थी; ओडिसी भी ओडिसियस के भटकाव के आरंभ से नहीं खुलती. साहित्य में पहले क्या हुआ, यह अनिवार्यतः पहली बात नहीं होती. कई बार कथा का आरंभ वह लम्हा होता है, जहाँ उसके पहले घट चुका समूचा जीवन सत् चित वेदना के साथ अचानक अपना अर्थ मांगने लगता है.
लेकिन इस ‘बीच’ का एक दिलचस्प भारतीय प्रतिपक्ष भी है. कार्सन के जन्म-वर्ष 1950 में ही पैदा हुए पंजाबी कवि अवतार सिंह पाश की कविताओं का एक प्रसिद्ध संकलन है, बीच का रास्ता नहीं होता. पाश की 1988 में हत्या के बाद प्रकाशित इस संकलन का शीर्षक कविता से बाहर जीवन की नैतिक और राजनीतिक दुविधाओं तक जाता है. कार्सन के लिए ‘बीच’ कथा में प्रवेश का द्वार है; पाश के संदर्भ में ‘बीच का रास्ता’ उस सुविधाजनक तटस्थता का रूपक है जो निर्णायक ऐतिहासिक परिस्थितियों में मनुष्य को अपनी जवाबदेही से बचा सकती है. पाश के अनुसार रास्ते दो ही होते हैं इधर या उधर.
और यही तो साहित्य का चमत्कार है. एक ही शब्द दो महाद्वीपों में दो बिल्कुल भिन्न नैतिक नियतियाँ प्राप्त कर सकता है. कार्सन का ‘बीच’ आरंभ और अंत की निरंकुशता से मुक्ति है; पाश का ‘बीच’ समझौते की सुविधाजनक शरण पर संदेह. एक कालक्रम के अनुशासन को तोड़ती हैं, दूसरा वैचारिक निष्क्रियता की नींद और समझौतापरस्ती पर प्रहार कर जाग्रति लाता है. कार्सन की नॉक्स में मृत्यु के बाद स्मृति बीच से खुलती है; फ़्लोट में पाठक किसी भी पुस्तिका से अपनी यात्रा आरंभ कर सकता है. क्योंकि स्मृति का कोई निश्चित पहला पृष्ठ नहीं होता और जीवन अंतिम पृष्ठ पर पहुंचकर भी समाप्त नहीं हो जाता. साहित्य वहीं जन्म लेता है जहाँ आरंभ पीछे छूट चुका हो, अंत अभी दिखाई न देता हो और मनुष्य अचानक अपने को उस कथा के भीतर पाता हो जिसे वह अब तक बाहर खड़े होकर पढ़ रहा था.
4.
जीवन कभी अपनी भूमिका के साथ शुरू नहीं होता. हमें अपने जन्म की स्मृति नहीं होती. प्रेम कब आरंभ हुआ, इसका बोध प्राय: उसके समाप्त हो जाने के बाद होता है. किसी प्रिय की मृत्यु हमें उसके जीवन के ऐसे अर्थ समझाती है, जिनकी ओर हमने उसके जीवित रहते कभी ध्यान ही नहीं दिया. स्मृति किसी व्यवस्थित पुस्तक की तरह आरंभ, मध्य और अंत में विभाजित नहीं होती. वह कभी किसी अस्पष्ट गंध से शुरू होती है, कभी बचपन की आवाज़ से, कभी किसी पुराने शब्द से और कभी किसी ऐसे चेहरे से, जिसे हम भूल जाना चाहते थे.
कार्सन की कविता इसी असुविधाजनक सत्य से जन्मती है. मनुष्य अपने जीवन का लेखक कम, उसके बीचोबीच जागने वाला विभ्रमित पाठक अधिक है.
5.
स्वीडिश अकादमी ने कार्सन को उनके साहसिक और आविष्कारशील साहित्य के लिए सम्मानित किया है, जिसने शास्त्रीय परंपरा के साथ एक खिलंदड़ा, किंतु गंभीर संवाद करते हुए समकालीन साहित्य के नए रूप निर्मित किए. अंगरेज़ी में पुरस्कार की आधिकारिक अभिव्यक्ति है, “for her bold and inventive oeuvre” और “playful dialogue with the classical tradition”. यह प्रशस्ति उनके साहित्य के रूपगत महत्त्व को पहचानती है, लेकिन उनकी रचनात्मकता को केवल विधागत प्रयोगों तक सीमित कर देना उस स्त्री के साथ अन्याय होगा, जिसने प्राचीन यूनान के मृत देवताओं, प्रेम में पराजित दानवों, धोखा खाई स्त्रियों और बिछुड़े हुए भाइयों के माध्यम से मनुष्य के अस्तित्व की ऐसी जटिल व्याख्या की है, जो आधुनिक कविता को उसकी परिचित सीमाओं से बाहर ले जाती है.
ऐन कार्सन अतीत में उतरती हैं, लेकिन उसे पुनर्जीवित करने वाली पुरातत्त्वविद् की तरह नहीं. वह उसकी अस्थियों से प्रश्न करती हैं. उनकी रुचि संपूर्ण मूर्तियों से अधिक उनकी दरारों में है. वह जानना चाहती हैं कि किसी प्राचीन कवयित्री की टूटी पंक्ति में कितना प्रेम बचा है, किसी मिथकीय दानव की मृत्यु में कितनी मानवीय संवेदना दब गई है और किसी प्राचीन शब्द के अर्थ बदलते हुए कितनी सभ्यताएं नष्ट हुई होंगी. उनके यहाँ भाषा अर्थों का संग्रहालय नहीं, एक जीवित जीवाश्म है. वह उसे छूती हैं और उसकी अस्थियों के भीतर बचा हुआ ताप महसूस करती हैं.

6.
कार्सन शब्द के व्युत्पत्तिशास्त्र में उतरती हैं. वह उसकी ऐतिहासिक यात्रा जानती हैं. उसके पुराने रूपों को पहचानती हैं. लेकिन अंततः उनका लक्ष्य भाषाई तथ्य स्थापित करना भर नहीं होता. वह देखती हैं कि शब्द का इतिहास किसी आधुनिक भावात्मक अनुभव को कैसे बदल सकता है. एक शब्दकोश शब्द का अर्थ बताता है. कार्सन पूछती हैं, उस अर्थ तक पहुंचने में शब्द ने क्या खोया? यह प्रश्न अत्यंत महत्त्वपूर्ण है.
शब्द अर्थों का स्थिर पात्र नहीं. उसका जीवन लगातार बदलता है. उसमें पुराने अर्थ मरते हैं, नए अर्थ जन्म लेते हैं. कभी किसी अर्थ को सामाजिक सत्ता नियंत्रित नहीं कर सकी. कभी कोई अपमानजनक शब्द प्रतिरोध का उपकरण बन जाता है. कभी किसी धार्मिक शब्द की ध्वनि किसी दूसरी भाषा में प्रेम का रूपक बन जाती है.
कार्सन के यहाँ कविता भाषाई परिवर्तन के इस इतिहास को संवेदना से जोड़ती है. इसलिए वह न भाषाशास्त्र की साधारण अध्यापक हैं, न कविता में ज्ञान का प्रदर्शन करने वाली विदुषी. उनके यहाँ ज्ञान का अंत कविता की शुरुआत है.
यहाँ मुझे ऑस्ट्रेलियाई लेखिका पिप विलियम्स का पहला उपन्यास द डिक्शनरी ऑफ़ लॉस्ट वर्ड्स (2020) याद आता है. शब्दकोशों की दुनिया में स्त्री की अनुपस्थिति पर लिखा गया यह उपन्यास दरअसल भाषा की उस अदृश्य राजनीति का आख्यान है, जिसमें शब्दों के अर्थ ही नहीं, उनके अस्तित्व का अधिकार भी निर्धारित किया जाता रहा है. कार्सन और विलियम्स को एक साथ पढ़ते हुए एक असुविधाजनक प्रश्न पैदा होता है. क्या साहित्य का इतिहास उन शब्दों का इतिहास है जो लिखे गए या उन शब्दों का भी जिन्हें लिखे जाने के योग्य नहीं समझा गया? और क्या भाषा में स्त्री की मुक्ति केवल नए शब्द ईजाद करने से संभव होगी या उन पुराने शब्दों की पुनर्प्राप्ति से भी, जिन्हें पुरुष-प्रधान ज्ञान-व्यवस्था ने अपनी प्रतिष्ठित पांडुलिपियों के बाहर छोड़ दिया?
भाषा का सबसे बड़ा अपराध हमेशा किसी शब्द का ग़लत अर्थ लिखना नहीं होता. कभी-कभी किसी मनुष्य के अनुभव को शब्दकोश में प्रवेश ही न करने देना उससे बड़ा अपराध होता है.
7.
एक जन्म-वर्ष, अनेक सभ्यताओं की बेचैनी देखिए. ऐन पेट्रिशिया कार्सन का जन्म 21 जून, 1950 को कनाडा के टोरंटो में हुआ. उनके जन्म का वर्ष अपने आप में इतिहास का एक विलक्षण बिंदु था. दूसरे विश्वयुद्ध की हिंसा की स्मृति अभी ताज़ा थी. यूरोप अपने नष्ट हुए शहरों और नैतिक विश्वासों का पुनर्निर्माण कर रहा था. शीतयुद्ध की दो ध्रुवीय दुनिया आकार ले चुकी थी. उपनिवेशवाद के विरुद्ध एशिया और अफ्रीका में नए इतिहास लिखे जा रहे थे. भारत और पाकिस्तान विभाजन की हिंसा और आधुनिक राष्ट्र-राज्य की जटिलताओं के बीच अपने नए भविष्य की तलाश कर रहे थे. इसी वर्ष ज्ञानेंद्रपति, विष्णु नागर और फ़रहत एहसास जैसे कवियों का जन्म हुआ.
इस संयोग का अर्थ केवल कालक्रम नहीं है. एक ही ऐतिहासिक समय में जन्म लेने वाले मनुष्य विभिन्न सामाजिक परिस्थितियों में कितनी अलग साहित्यिक चेतनाएं विकसित कर सकते हैं, यह प्रश्न विश्व-साहित्य के अध्ययन के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण है.
8.
कार्सन कनाडा की अंगरेज़ी भाषी दुनिया में जन्म लेती हैं और प्राचीन ग्रीक साहित्य की ओर जाती हैं. ज्ञानेंद्रपति हिन्दी की शब्द-संस्कृति में प्रवेश करके भाषा के भीतर नए संयोजन खोजते हैं. फ़रहत एहसास उर्दू की शास्त्रीय काव्य-स्मृति को आधुनिक मनुष्य की अनुभवगत बेचैनियों से जोड़ते हैं.
इन सबके जन्म के समय इतिहास एक ही था. लेकिन उनके सामने उपस्थित भाषाएं अलग थीं. और भाषा केवल संप्रेषण का साधन नहीं. वह मनुष्य को उपलब्ध संसार की रूपरेखा भी होती है. उसमें किसी सभ्यता की स्मृतियाँ, सामाजिक पदानुक्रम, सौंदर्य संबंधी मान्यताएं, धार्मिक कल्पनाएं और अनुभवों की स्वीकृत अभिव्यक्तियाँ पहले से मौजूद होती हैं.
कवि इन्हीं उपलब्ध संसाधनों में प्रवेश करता है. लेकिन महान् कवि वहाँ उपलब्ध अर्थों का उपभोक्ता भर नहीं रहता. वह भाषा के भीतर वह स्थान खोजता है जहाँ उसके अपने समय का अनुभव पुराने अर्थों से टकराने लगता है. कार्सन का साहित्य इसी टकराव की असाधारण अभिव्यक्ति है.
9.
कार्सन के जीवन की सबसे महत्त्वपूर्ण घटनाओं में एक ऐसी है जिसका बाहरी रूप अत्यंत साधारण है. विद्यालय में लैटिन पढ़ाने वाले एक शिक्षक ने उन्हें भोजनावकाश के दौरान प्राचीन ग्रीक सिखाना शुरू किया. कल्पना कीजिए. एक आधुनिक कनाडाई स्कूल. मेज़ पर पाठ्यपुस्तक. दोपहर का छोटा-सा अवकाश. और उसके भीतर ऐसी भाषा का प्रवेश, जिसमें ढाई हजार वर्ष पहले प्रेम, मृत्यु, युद्ध, देवताओं और मानव-भाग्य के सबसे गहरे प्रश्नों पर कविता लिखी गई थी.
यह किसी दूसरी सभ्यता की ओर प्रस्थान नहीं था. यह समय की दूसरी संरचना में प्रवेश था. और इस छोटी सी घटना का उनके जीवन पर बहुत गहरा असर पड़ा. कार्सन ने टोरंटो विश्वविद्यालय में शास्त्रीय अध्ययन किया. विश्वविद्यालय छोड़ने और फिर लौटने के अनुभवों के बाद उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की. 1981 में उनका डॉक्टरेट शोधप्रबंध ओदी एत आमो एर्गो सुम सामने आया. उसके शीर्षक में प्रेम और घृणा की ऐसी द्वंद्वात्मकता है जो उनकी आगे की समूची रचना में विभिन्न रूपों में उपस्थित रहेगी.
10.
कार्सन ने अध्यापन किया, अनुवाद किया, आलोचनात्मक निबंध लिखे, कविता रची, नाटक रूपांतरित किए और कलाकारों के साथ सहयोगी परियोजनाओं में भाग लिया. लेकिन उनके यहाँ इन गतिविधियों के बीच कोई स्थिर विभाजन नहीं है. यहाँ उनकी तुलना ऐसे कवियों से करना उपयोगी होगा जिनके लिए भाषा केवल काव्याभिव्यक्ति का उपकरण नहीं, स्वयं अध्ययन की वस्तु भी रही है.

11.
1986 में प्रकाशित एरोस द बिटरस्वीट ऐन कार्सन की बौद्धिक तथा रचनात्मक यात्रा का आधारग्रंथ है. यूनानी कवयित्री सैफ़ो ने प्रेम के लिए जिस यौगिक विशेषण का प्रयोग किया था, उसमें मधुरता और पीड़ा एक साथ उपस्थित हैं. यह असामान्य संयोजन कार्सन के लिए प्रेम के दर्शन का मूल प्रश्न बन जाता है. प्रेम मधुर क्यों है? क्योंकि प्रिय की ओर आकर्षण है. प्रेम पीड़ादायक क्यों है? क्योंकि आकर्षण अपने भीतर दूरी का अनुभव भी लेकर आता है. लेकिन कार्सन इस उत्तर पर रुकती नहीं. वह पूछती हैं कि इच्छा का वास्तविक केंद्र क्या है. क्या प्रेमी केवल प्रिय व्यक्ति को चाहता है? अथवा वह उस अंतराल को समाप्त करना चाहता है जो उसे प्रिय से अलग करता है? और यदि यह अंतराल पूरी तरह समाप्त हो जाए तो क्या इच्छा का स्वरूप भी बदल नहीं जाएगा?
यहाँ प्रेम दो व्यक्तियों के बीच का सरल संबंध नहीं रहता. उसमें तीसरा तत्व प्रवेश करता है. प्रेमी. प्रिय. और दोनों के बीच दूरी. कार्सन के लिए इस तीसरे तत्व का अत्यंत महत्त्व है. दूरी केवल भौतिक नहीं. वह मानसिक भी है. कल्पनात्मक भी. भाषाई भी. हम किसी व्यक्ति के निकट रहकर भी उसे पूरी तरह नहीं जान सकते. हमारा प्रेम उस व्यक्ति के वास्तविक अस्तित्व और उसके बारे में हमारी कल्पना के बीच लगातार घटित होता रहता है. यहीं प्रेम में आनंद और यातना का द्वैत जन्मता है. लेकिन कार्सन इस विचार को केवल मनोविज्ञान के स्तर पर नहीं रखतीं. वह इसे कविता की संरचना तक ले जाती हैं.
जिस तरह प्रिय व्यक्ति पूरी तरह उपलब्ध नहीं होता, उसी तरह कविता का अर्थ भी किसी एक व्याख्या में पूरी तरह उपस्थित नहीं होता. शब्द अर्थ की ओर बढ़ता है. बिंब दूसरे बिंब से संबंध बनाता है. पाठक उस अर्थ की ओर आकर्षित होता है जो दिखाई दे रहा है, लेकिन पूरी तरह प्राप्त नहीं हुआ. इस प्रकार कविता और प्रेम दोनों में एक संरचनात्मक समानता बनती है. दोनों अपने भीतर अभाव को लेकर चलते हैं. दोनों उस अभाव को समाप्त करना चाहते हैं. और दोनों की ऊर्जा का एक हिस्सा उसी अभाव से उत्पन्न होता है.
यह विचार भारतीय काव्यशास्त्र के विप्रलंभ-शृंगार से संवाद करता है. विरह भारतीय कविता में केवल मिलन का अभाव नहीं. वह एक स्वतंत्र सौंदर्यात्मक अनुभूति है. विद्यापति के प्रेमगीतों से लेकर सूरदास के विरह-वर्णनों तक अनुपस्थिति कई बार प्रेम की सबसे तीव्र उपस्थिति बन जाती है. महादेवी वर्मा के काव्य में भी अभाव ऐसी अनुभूति का रूप ग्रहण करता है जिसमें प्रिय का निश्चित सांसारिक रूप अनेक बार अप्रासंगिक हो जाता है. उर्दू में मीर और ग़ालिब ने प्रेम की इस अपूर्णता को भिन्न रूपों में व्यक्त किया. लेकिन कार्सन की विशिष्टता यह है कि वह प्रेम की दूरी को कविता का विषय बनाने के साथ कविता की निर्माण-पद्धति भी बना देती हैं. वह अभाव का वर्णन नहीं करतीं. वह अभाव से अर्थ बनाती हैं.
12.
सैफ़ो की अधिकांश कविता नष्ट हो चुकी है. कुछ रचनाएं जर्जर पांडुलिपियों में बची हैं. कहीं कुछ पंक्तियाँ. कहीं कोई शब्द. कहीं ऐसा आधा वाक्य, जिसकी शुरुआत का कोई ज्ञान नहीं. कार्सन ने सैफ़ो के इन अवशेषों का अनुवाद इफ़ नॉट, विंटर : फ़्रैगमेंट्स ऑफ़ सैफ़ो में किया. इस पुस्तक की सबसे महत्त्वपूर्ण विशेषता केवल अनुवाद की भाषिक कुशलता नहीं. उसका मौन भी है.
कार्सन जहाँ मूल पाठ उपलब्ध नहीं, वहाँ अनुपस्थिति को दिखाई देने देती हैं. वह अपने कल्पनाशील अधिकार से उस रिक्तता को मनमाने शब्दों से नहीं भरतीं. यह एक गहरी नैतिक स्थिति है. किसी दूसरी स्त्री की कविता का अनुवाद करते समय क्या अनुवादक को उसकी खोई हुई आवाज़ की जगह स्वयं बोलने का अधिकार है? क्या किसी ऐतिहासिक पाठ की अनुपस्थिति को अपनी साहित्यिक पूर्णता से ढक देना उचित है? कार्सन का उत्तर उनकी अनुवाद-पद्धति में मौजूद है. वह खोई हुई आवाज़ की जगह अपना स्वर स्थापित करने से बचती हैं.
कविता में यह रिक्त स्थान स्त्री के इतिहास के प्रश्न को भी सामने लाता है. कितनी स्त्रियों की रचनाएं सुरक्षित रहीं? कितनी स्त्रियों को शिक्षा और लेखन का अवसर मिला? कितनी स्त्रियों की आवाज़ मौखिक परंपरा में रह गई? कितनी का नाम इतिहास में दर्ज नहीं हुआ? यहाँ भारत की स्त्री लोकगायिकाओं, दलित स्त्रियों, अनाम श्रमजीवी रचनाकारों और लिखित साहित्य से बाहर रखे गए अनुभवों का स्मरण होना स्वाभाविक है.
13.
कार्सन का एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण आलोचनात्मक विचार प्राचीन ग्रीक कवि स्तेसिख़ोरोस के संदर्भ में मिलता है. इस यूनानी कवि ने विशेषणों को वस्तुओं की चौकीदारी से मुक्त किया. होमर के संसार में वस्तुओं के साथ अनेक स्थिर विशेषण जुड़े हैं. होमर का मदिरा-वर्णी समुद्र अदभुत है. रंग मानो उसकी शाश्वत नियति हो. भारतीय काव्य में समुद्र की एक दूसरी सत्ता दिखाई देती है. तुलसीदास के रामचरितमानस में “बिनय न मानत जलधि जड़ गए तीनि दिन बीति” अथाह जलराशि अचानक नैतिक चरित्र बन उठती है : विनय के प्रति निस्पंद, अपनी मर्यादा में बँधी, मनुष्य के क्रोध को आमंत्रित करती हुई. यहाँ ‘जड़’ रंग नहीं, व्यवहार का निर्णय है.
कार्सन को स्तेसिख़ोरोस में इसी भाषिक स्वतंत्रता की कहीं अधिक उन्मुक्त संभावना दिखाई देती है. विशेषण वस्तु की स्थायी पहचान का प्रहरी न रहकर उसके अस्तित्व में नए अर्थों का आविष्कार करता है. कविता का चमत्कार समुद्र को नीला या अथाह कहने में नहीं, उसकी लहरों को चरित्र, चेतना और नियति प्रदान करने में है. विशेषण बदलते ही वस्तु नहीं, उसे देखने वाली सभ्यता भी बदल सकती है. यह विचार केवल अलंकारशास्त्रीय नहीं. उसमें भाषा के भीतर एक दार्शनिक विद्रोह छिपा है.
14.
किसी वस्तु का वर्णन करने वाला विशेषण केवल उसकी पहचान नहीं बताता. वह यह भी निर्धारित करता है कि हम उसे किस दृष्टि से देखेंगे. यदि किसी स्त्री को हमेशा पवित्र, सुंदर या दुर्बल कहा जाए तो उसकी स्वतंत्र इच्छाओं के लिए भाषा में कितना स्थान बचेगा? विशेषण सत्ता का उपकरण भी होते हैं. लेकिन कवि उनके संबंध बदल सकता है. कार्सन की रुचि इसी संभावना में है. भाषा वस्तुओं को अपने हिसाब से विन्यस्त करती है. कविता उन्हें मुक्त भी कर सकती है. यहाँ उनकी आधुनिकता का एक गहरा आधार है. वह प्राचीन साहित्य को केवल सामग्री के रूप में नहीं लेतीं. वह उसके भीतर छिपी ऐसी भाषिक प्रक्रियाएं खोजती हैं जो आधुनिक कविता के लिए नई स्वतंत्रता निर्मित कर सकती हैं. इस दृष्टि से उनकी कविता उस सामान्य धारणा से अलग है जिसके अनुसार आधुनिकता का अर्थ परंपरा से दूरी बनाना है. कार्सन के यहाँ परंपरा स्वयं प्रयोग की भूमि बन जाती है.
15.
ऑटोबायोग्रफ़ी ऑफ़ रेड : अ नॉवेल इन वर्स 1998 में प्रकाशित हुई. इस रचना का शीर्षक स्वयं एक जटिल संभावना पैदा करता हैलाल रंग की आत्मकथा. रंग आत्मकथा कैसे लिख सकता है? और यदि लिख सकता है तो लाल रंग किस अनुभव की कहानी कहेगा? रक्त की? लज्जा की? कामना की? हिंसा की? या उस अनाम पीड़ा की, जिसे मनुष्य अपने भीतर लेकर चलता है और जिसके लिए किसी स्थिर रंग का चुनाव करना भी कठिन होता है?
कार्सन प्राचीन ग्रीक मिथक के गेर्योन को आधुनिक जीवन में ले आती हैं. मूल कथा में गेर्योन एक असाधारण प्राणी है. हेराक्लीज़ उसे मारकर उसके पशुओं को ले जाता है. प्राचीन वीरगाथा की व्यवस्था में हेराक्लीज़ नायक है. गेर्योन उसकी विजय के मार्ग की बाधा. लेकिन कार्सन पूछती हैं जिसे नायक ने मार दिया, उसकी अपनी कथा क्या थी? यह छोटा-सा प्रश्न मिथक की नैतिक संरचना को बदल देता है. कार्सन का गेर्योन लाल पंखों वाला संवेदनशील किशोर है. वह अपनी मां के निकट है. अपने शरीर की विशिष्टता के प्रति सजग है. बचपन की यौन हिंसा से घायल है. वह संसार को एक ऐसे व्यक्ति की तरह महसूस करता है जिसकी भिन्नता ही उसकी पहचान का सबसे प्रत्यक्ष संकेत बना दी गई है. फिर वह हेराक्लीज़ से प्रेम करता है. इस प्रेम में मुक्ति का वचन है. और विनाश की आशंका भी.
हेराक्लीज़ आकर्षक है, लेकिन गेर्योन के प्रेम की गहराई के प्रति समान रूप से उत्तरदायी नहीं. गेर्योन की भावनात्मक निर्भरता उसे असुरक्षित बनाती है. प्राचीन मिथक में हेराक्लीज़ उसका शरीर नष्ट करता है. आधुनिक कथा में वह उसकी निष्कलुषता और भावनात्मक संसार को घायल करता है. यहाँ कार्सन शारीरिक हत्या को प्रेम की यातना में रूपांतरित करती हैं. और प्रेम की यातना को अस्तित्वगत प्रश्न में. क्या किसी दूसरे से प्रेम करना स्वयं को उसके हाथों घायल किए जाने की संभावना में खोल देना है? क्या इच्छा अपने भीतर एक प्रकार की असमान सत्ता उत्पन्न कर सकती है? और क्या प्रेम करने वाला व्यक्ति हमेशा अपने प्रेम की नैतिक कीमत पहचान पाता है?
कार्सन का गेर्योन किसी सरल नैतिक निष्कर्ष का पात्र नहीं. उसकी पीड़ा उसे महान नहीं बना देती. हेराक्लीज़ का आकर्षण उसे निर्दोष नहीं बना देता. दोनों के बीच संबंध मनुष्य की इच्छा की उस जटिलता को व्यक्त करता है जिसमें प्रेम और क्रूरता कभी-कभी असुविधाजनक निकटता में उपस्थित रहते हैं. लेकिन इस रचना की सबसे महत्त्वपूर्ण उपलब्धि उसका नैतिक दृष्टिकोण है. कार्सन गेर्योन को सामान्य मनुष्य में बदलकर स्वीकार्य नहीं बनातीं. उसके पंख बने रहते हैं. उसका लाल शरीर भी. वह उसकी भिन्नता मिटाती नहीं. भिन्नता के भीतर संवेदना की प्रतिष्ठा करती हैं. यह आधुनिक साहित्य की एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण मानवीय उपलब्धि है. किसी प्राणी की नैतिक महत्ता उसके हमारे जैसा होने पर क्यों निर्भर करे? और क्या हम किसी दूसरे अस्तित्व की पीड़ा को समझने के लिए पहले उसकी असाधारणता को समाप्त करना आवश्यक मानते हैं? कार्सन इन प्रश्नों को किसी मानवतावादी उपदेश की तरह नहीं रखतीं. वह एक लाल पंखों वाले दानव को प्रेम करने देती हैं. और हमें अपने नायकत्व की परिभाषा पर पुनर्विचार करना पड़ता है.
16.
गेर्योन का शरीर केवल मिथकीय विचित्रता नहीं है. वह काव्यात्मक अर्थ का प्रमुख माध्यम है. लाल रंग, पंख, संवेदनशीलता और इच्छा ये सब मिलकर ऐसी पहचान निर्मित करते हैं जिसे सामान्य सामाजिक वर्गीकरण में रखना कठिन है. यहाँ आधुनिक लैंगिक तथा यौनिक विविधता के प्रश्न भी उपस्थित होते हैं. गेर्योन और हेराक्लीज़ का संबंध पुरुष-समलैंगिक प्रेम की एक जटिल कथा है. लेकिन कार्सन इसे केवल पहचान की स्वीकृति का उत्सव नहीं बनातीं. वह दिखाती हैं कि सामाजिक निषेधों से अलग प्रेम भी भावनात्मक असमानता और आघात का स्थान बन सकता है. यह भेद आवश्यक है.
किसी व्यक्ति की प्रेम करने की स्वतंत्रता को स्वीकार करना और किसी विशेष प्रेम-संबंध को नैतिक रूप से निर्दोष मान लेना दो अलग बातें हैं. कार्सन प्रेम को उसकी स्वतंत्रता में भी देखती हैं और उसकी असुरक्षा में भी. उनकी कविता का मानवतावाद इस अर्थ में किसी तैयार नैतिक घोषणा से अधिक कठिन है. वह उस व्यक्ति के प्रति हमारी संवेदना चाहती है जिसे परंपरा ने दानव कहा, लेकिन उसकी पीड़ा को केवल विचारधारात्मक प्रतीक में सीमित नहीं करती. इसीलिए गेर्योन की तुलना भारतीय साहित्य के शंबूक, एकलव्य या कर्ण जैसे पात्रों के आधुनिक पुनर्पाठ से करते समय सावधानी आवश्यक है. इन पात्रों से संबंधित सामाजिक और वैचारिक प्रश्न अलग ऐतिहासिक संरचनाओं में उत्पन्न होते हैं. लेकिन एक तुलनात्मक आधार महत्त्वपूर्ण है. विजेता की कथा और पराजित की कथा एक जैसी नहीं होतीं. इतिहास अनेक बार विजेता को नायक बनाता है. साहित्य पराजित को बोलने का अवसर दे सकता है. कार्सन का योगदान इसी दूसरी संभावना में है.
17.
हिन्दी साहित्य में प्राचीन मिथकों का आधुनिक पुनर्पाठ कोई नई प्रवृत्ति नहीं है. धर्मवीर भारती का अंधायुग महाभारत की युद्धोत्तर दुनिया में आधुनिक मनुष्य की नैतिक विफलताओं को पहचानता है. कुंवर नारायण का आत्मजयी नचिकेता के आख्यान को अस्तित्वगत प्रश्नों के साथ पुनर्स्थापित करता है. वाजश्रवा के बहाने में पिता और पुत्र के संबंध के माध्यम से आत्मपरीक्षण, संवाद और नैतिक विवेक की नई संभावनाएं खुलती हैं. कार्सन को इन रचनाकारों के साथ पढ़ना अत्यंत सार्थक है. लेकिन उनका मिथकीय व्यवहार अलग है. धर्मवीर भारती के यहाँ प्राचीन युद्ध आधुनिक इतिहास की त्रासदी का रूपक बन सकता है.
कुंवर नारायण मिथक के भीतर दार्शनिक संवाद और नैतिक आत्मपरीक्षण की संभावना विकसित करते हैं. कार्सन प्राचीन कथा में उस पात्र के भीतर प्रवेश करती हैं जिसका अनुभव मूल वीरगाथा में गौण था. उनकी विशेष रुचि पराजित, असाधारण और भावनात्मक रूप से असुरक्षित पात्र में है. वह मिथक को केवल समकालीन घटना का रूपक नहीं बनातीं. उसकी कथात्मक सत्ता का केंद्र बदल देती हैं. यहाँ आधुनिक हिन्दी कविता के लिए एक महत्त्वपूर्ण आलोचनात्मक प्रश्न पैदा होता है. क्या मिथक का पुनर्पाठ केवल पुराने पात्रों को आधुनिक शब्दावली देना है या उनकी नैतिक स्थिति और कथा में बोलने के अधिकार को बदलना भी है? कार्सन दूसरी संभावना का विलक्षण उदाहरण हैं.
18.
द ग्लास एसे कार्सन की दीर्घ कविताओं में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है. यह मानो टूटे हुए प्रेम के सामने तीन स्त्रियाँ हैं. उसका आरंभ किसी दार्शनिक घोषणा से नहीं होता. एक स्वप्न है. रात की आवाज़ें हैं. एक पुरुष की अनुपस्थिति है. उसका नाम लॉ है. कविता की वक्ता अपनी मां से मिलने जा रही है. साथ में एमिली ब्रॉन्टे की पुस्तकें हैं. आरंभ की छोटी-सी पंक्ति “आई कैन हियर लिटल क्लिक्स इनसाइड माई ड्रीम.” स्वप्न के भीतर सुनाई पड़ती सूक्ष्म ध्वनियों से एक असाधारण मनोवैज्ञानिक वातावरण निर्मित करती है. फिर मां के निवास का प्रदेश है. एकांत. ठंड. वीरान मैदान. और ब्रॉन्टे की साहित्यिक दुनिया. यहाँ कार्सन तीन स्त्रियों को एक-दूसरे के सामने रखती हैं. वर्तमान की आहत स्त्री, उसकी मां और एमिली ब्रॉन्टे. लेकिन यह तीन पीढ़ियों का साधारण संवाद नहीं. यह स्त्री-अनुभव के तीन भिन्न साहित्यिक और मानसिक स्तरों का संपर्क है. वक्ता अपने विफल प्रेम-संबंध को सीधे समझ नहीं पाती. वह ब्रॉन्टे की रचनाओं के माध्यम से अपने अनुभव का अर्थ खोजती है. यहाँ साहित्य आत्मज्ञान का उपकरण बन जाता है. लेकिन वह सांत्वना देने वाली सरल पुस्तक नहीं.
ब्रॉन्टे की दुनिया अपने एकांत, हिंसक आवेग और असाधारण स्वतंत्रता के कारण वक्ता को स्वयं के भीतर देखने के लिए बाध्य करती है. कार्सन यहाँ स्त्री की पीड़ा को नैतिक पवित्रता का अंतिम प्रमाण नहीं बनातीं. उनकी वक्ता अपने व्यवहार पर संदेह करती है. अपनी स्मृति की विश्वसनीयता जांचती है. प्रेम के भीतर अपनी इच्छाओं की भूमिका समझने की कोशिश करती है. यही कविता की आलोचनात्मक शक्ति है. वह पुरुष के विश्वासघात से आहत स्त्री की आवाज़ को महत्त्व देती है, लेकिन उसे आत्मपरीक्षण से मुक्त नहीं करती. यहाँ एमिली ब्रॉन्टे की साहित्यिक उपस्थिति कविता को केवल निजी दुखांत से अलग करती है. एक स्त्री का अनुभव दूसरी स्त्री की साहित्यिक स्मृति में अपना अर्थ खोजता है. और दोनों के बीच समय की दूरी नई कविता का जन्म देती है.
19.
स्त्री का आत्मसंघर्ष किस भाषा में बोलता है? कार्सन की तुलना सिल्विया प्लाथ से बार-बार की जाती है, लेकिन सावधानी के बिना यह तुलना सतही हो सकती है. प्लाथ की कविता में निजी अनुभव कई बार तीव्र भाषिक विस्फोट के रूप में सामने आता है. शरीर, परिवार, मृत्यु, स्मृति और पितृसत्ता के संबंध उनकी कविता में असाधारण तनाव निर्मित करते हैं. कार्सन के यहाँ भावनात्मक ताप के साथ एक दूसरी प्रक्रिया भी चलती है. वह अपने अनुभव को साहित्यिक इतिहास, दर्शन और भाषा के अध्ययन के माध्यम से परखती हैं. उनके यहाँ दुःख का स्वर अचानक किसी अकादमिक टिप्पणी से टकरा सकता है. और कोई विद्वत्तापूर्ण संदर्भ अप्रत्याशित रूप से शारीरिक अनुभूति का माध्यम बन सकता है. प्लाथ का काव्यात्मक तनाव कई बार सीधे पाठक को घायल करता है. कार्सन अपने पाठक को उस घाव की अनेक ऐतिहासिक परतों तक ले जा सकती हैं. लेकिन यह किसी एक की श्रेष्ठता का प्रश्न नहीं. प्लाथ की कविता भी गहरे बौद्धिक अनुशासन से निर्मित है और कार्सन की कविता भी तीव्र भावात्मक अनुभव से. भिन्नता साहित्यिक प्रक्रिया की है. कार्सन के लिए आत्मकथा कभी पर्याप्त नहीं होती. उसे अपने भीतर दूसरी पुस्तकों के लिए जगह बनानी पड़ती है.

20.
ऐन कार्सन की द ब्यूटी ऑफ़ द हज़्बैंड : अ फ़िक्शनल एसे इन ट्वेंटी-नाइन टैंगोज़ में प्रेम का दर्शन टैंगो की मादक, अस्थिर और अंतर्विरोधी लय में उतर आता है. एक विवाह है, एक सुंदर किंतु बेवफ़ा पति और उसके आकर्षण से मुक्त न हो सकने वाली स्त्री की लंबी यातना. टैंगो के दो शरीरों की तरह वे निकट आते हैं, दूर जाते हैं; एक आगे बढ़ता है, दूसरा पीछे हटता है. इच्छाएँ उलझती हैं, संतुलन बनता है और टूट जाता है. स्त्री विश्वासघात की सच्चाई जानती है, लेकिन उसकी कामना उस ज्ञान की आज्ञा नहीं मानती. भावनाओं का अपना स्वेच्छाचारी व्याकरण है; नैतिक निर्णय उन्हें तत्काल निरस्त नहीं कर सकते. कार्सन इसी असुविधाजनक सत्य के भीतर जॉन कीट्स के सौंदर्य-दर्शन को ले आती हैं. क्या सुंदरता नैतिक सुंदरता की भी गारंटी है? क्या आकर्षण सत्य का प्रमाण है अथवा प्रेम अपनी ही सम्मोहक रोशनी में हमारी विवेक-दृष्टि को अंधा कर देता है? कार्सन उन्हें उनतीस टैंगो में नचाती हैं, जहाँ प्रत्येक आलिंगन में अलगाव की आशंका और प्रत्येक अलगाव में अगले आलिंगन की स्मृति धड़कती है. यहाँ नृत्य कविता का अलंकार नहीं; विवाह की विफलता का लड़खड़ाता उदास सर्द स्वप्न है. रूप विषय का परिधान नहीं रहता, स्वयं उसकी घायल देह बन जाता है.
21.
कार्सन इसी रचना में लिखती हैं “लाइक मेनी अ वाइफ़ आइ बूस्टेड द हज़्बैंड अप टु गॉडहुड ऐंड हेल्ड हिम देअर.” अर्थात् अनेक पत्नियों की तरह मैंने भी पति को देवत्व तक उठाया और वहीं प्रतिष्ठित रखा. यह एक वाक्य विवाह की समूची मनोवैज्ञानिक राजनीति का रहस्य खोल देता है. पति का देवत्व उसके व्यक्तित्व की अर्जित महत्ता नहीं, स्त्री की प्रेमाकुल कल्पना का निर्माण भी है. प्रेम जब आराधना बनता है, तब प्रिय के मानवीय दोष भी उसकी अलौकिक आभा में विलीन होने लगते हैं. कार्सन यहाँ पुरुष की देवप्रतिष्ठा का ही विखंडन नहीं करतीं; उस स्त्री की आत्मालोचना भी करती हैं जिसने अपने प्रेम से यह देवता गढ़ा था. देवत्व का यह पतन वस्तुतः प्रेम में विवेक की वापसी है. यहाँ परवीन शाकिर की स्त्री-संवेदना से एक गहरा संवाद संभव है. स्त्री केवल प्रेम करने और आहत होने वाली सत्ता नहीं; वह अपने प्रेम के भ्रम, समर्पण और आत्मप्रवंचना की निर्भीक विवेचक भी है. कार्सन के यहाँ प्रेम की परिपक्वता प्रिय के देवत्व में नहीं, उसकी मनुष्यता स्वीकार करने में है. आखिर देवता को मनुष्य बनाने से कठिन काम कभी-कभी अपने ही हाथों बनाई हुई मूर्ति को विसर्जित करना होता है.
22.
वर्ष 2000 में डेनमार्क में ऐन कार्सन के भाई माइकल की मृत्यु हुई. वह लंबे समय से परिवार से दूर थे; उनके जीवन का एक बड़ा भूगोल बहन के लिए अपरिचित रह गया था. मृत्यु ने उस अज्ञान का अंत नहीं किया, उसे अपरिवर्तनीय बना दिया. दस वर्ष बाद प्रकाशित नॉक्स लैटिन में जिसका अर्थ है ‘रात’. इसी अपूर्ण आत्मीयता का असाधारण शोकगीत है. डिब्बे में रखी, एकॉर्डियन की तरह खुलती हुई इस पुस्तक में तस्वीरें, पत्र, लिखावट के अवशेष, कोलाज और प्राचीन रोमन कवि कैटुलस का अपने मृत भाई के लिए लिखा शोकगीत एक-दूसरे में गुंथे हैं. पाठक पुस्तक नहीं पढ़ता, मानो स्मृति की लंबी, नाज़ुक पट्टी खोलता है, जिसमें प्रत्येक तह के नीचे कोई उपस्थिति अपनी अनुपस्थिति का प्रमाण छोड़ गई है. कार्सन यहाँ पुस्तक के शरीर को ही शोक का शरीर बना देती हैं. स्मृतियाँ कहाँ कालक्रम मानती हैं! कभी किसी तस्वीर में चेहरा लौटता है, कभी किसी पत्र में आवाज़; कभी कोई मामूली वाक्य असहनीय हो उठता है और कभी ऐसा प्रश्न सामने आ खड़ा होता है, जिसका उत्तर देने वाला हमेशा के लिए जा चुका है.
कैटुलस और कार्सन के बीच दो सहस्राब्दियाँ हैं, लेकिन मृत भाइयों की स्मृति में समय अपनी दूरियाँ खो देता है. फिर भी कार्सन शोक को सार्वभौमिक भावुकता में नहीं गलातीं. उनका प्रश्न अधिक निर्मम है : क्या किसी प्रिय को प्रेम करना उसे पूरी तरह जान लेना भी है? और क्या मृत्यु के बाद लिखी गई उसकी जीवनी उस जीवन को वापस प्राप्त कर सकती है, जिसका बहुत कुछ हमसे छिपा रहा? नॉक्स इस असंभवता को किसी सांत्वना से ढकती नहीं. उसकी प्रत्येक खुलती तह याद दिलाती है कि मनुष्य की मृत्यु अंतिम हो सकती है, लेकिन उसके बारे में हमारा अज्ञान नहीं. इसीलिए यह पुस्तक समाप्त होकर भी बंद नहीं होती; मृतक की तरह नहीं, उसके अनुत्तरित जीवन की तरह हमारे भीतर खुली रह जाती है.
23.
हिन्दी साहित्य में निराला की सरोज-स्मृति और विश्व-कविता में ऐन कार्सन की नॉक्स शोक की ऐसी दो असाधारण रचनाएं हैं, जिनके बीच पचहत्तर वर्षों, दो भाषाओं और दो सभ्यताओं का अंतर है, लेकिन मृत्यु की निष्ठुरता दोनों के भीतर एक जैसी निर्विकार है. यह तरह से शोक के दो महाद्वीप हैं. निराला अपनी पुत्री सरोज की मृत्यु में केवल संतान-वियोग नहीं देखते; वह अपने समूचे जीवन की आर्थिक पराजय, सामाजिक विषमता और पिता होने की नैतिक विफलता का सामना करते हैं, “धन्ये, मैं पिता निरर्थक था, कुछ भी तेरे हित न कर सका.” यह स्वीकारोक्ति किसी शोकाकुल पिता का विलाप भर नहीं, उस कवि का आत्माभियोग है जो अपनी पुत्री को पर्याप्त सुख देने के लिए उस व्यवस्था से समझौता नहीं कर सका, जिसकी समृद्धि के रास्ते उसे अनैतिक दिखाई देते थे. यहाँ मृत्यु निजी दुर्घटना से निकलकर सामाजिक इतिहास का अभियोगपत्र बन जाती है. हिन्दी साहित्य के आलोचकों के अवचेतन में हिन्दू तत्त्व के चेतन रहने से निराला की “तुलसीदास” और “राम की शक्तिपूजा” की चर्चा अधिक होती है. वृहत्तर और वैश्विक काव्य चेतना वाली कविता “सरोज-स्मृति” जो विश्व काव्य के स्तर को छूती है, प्राय: उनकी बहुत सी कविताओं से पीछे रख दी जाती है.
कार्सन का शोक इससे बिल्कुल अलग दिशा ग्रहण करता है. उनके भाई माइकल की मृत्यु से बहुत पहले ही उनके बीच जीवन का लंबा अंतराल उपस्थित था. नॉक्स में वह भाई की अनुपस्थिति को भरने के बजाय उसकी अपारदर्शिता स्वीकार करती हैं. प्राचीन रोमन कवि कैटुलस के भाई-वियोग संबंधी शोकगीत के एक-एक शब्द को खोलते हुए वह अपनी स्मृतियों, चिट्ठियों और तस्वीरों की तहें भी खोलती जाती हैं. निराला का प्रश्न है मैं अपनी बेटी के लिए क्या कर सका? कार्सन का, प्रश्न है, मैं अपने भाई के बारे में क्या कभी जान सकी? एक के यहाँ शोक नैतिक जवाबदेही का दाहक प्रकाश है; दूसरी के यहाँ ज्ञान की सीमा पर उतरती हुई रात. निराला की कविता में शब्द पिता के अपराधबोध को सामाजिक अर्थ देते हैं; कार्सन के यहाँ काग़ज़, चित्र और रिक्त स्थान स्वयं शोक की भाषा बन जाते हैं. दोनों मृतक को वापस नहीं लाते, उसकी अनुपस्थिति के सामने जीवित मनुष्य की असमर्थता को कला की गरिमा प्रदान करते हैं. मृत्यु यहाँ कविता का अंत नहीं, उसकी सबसे कठिन शुरुआत है.
24.
इसी अनुपस्थिति का एक अधिक दार्शनिक रूप कार्सन की डिक्रिएशन : पोएट्री, एसेज़, ओपेरा में मिलता है. फ्रांसीसी दार्शनिक सिमोन वेल की अवधारणा से प्रेरित ‘डिक्रिएशन’ सामान्य विनाश नहीं, अपने अहं को अस्तित्व के सर्वोच्च आसन से हटाने की एक दुर्धर्ष आध्यात्मिक प्रक्रिया है. कार्सन प्राचीन मध्ययुगीन रहस्यवादी मार्गरीत पोरेत और सिमोन वेल को एक ऐसे प्रश्न के सामने खड़ा करती हैं, जिसका कोई निर्दोष समाधान नहीं : जो स्त्री लिखकर अपनी उपस्थिति प्रमाणित करती है, वही स्वयं को मिटाने की आकांक्षा कैसे कर सकती है? लेखन आत्म की उद्घोषणा है, जबकि आत्म-विघटन उसी उद्घोषणा के केंद्र को रिक्त करने का प्रयत्न.
आत्मविघटन के इस विरोधाभास में स्त्रीवाद की एक और तीखी विडंबना छिपी है. जिन स्त्रियों को सदियों तक पति, परिवार और ईश्वर के नाम पर स्वयं को विसर्जित करने का उपदेश दिया गया, उनके लिए आत्म-विलोपन क्या फिर किसी पुरानी पराधीनता का आध्यात्मिक अलंकरण नहीं बन जाएगा? कार्सन का प्रश्न यहीं अपनी असाधारण गंभीरता प्राप्त करता है. स्वयं को मिटाना और स्वयं को संसार का अंतिम केंद्र न मानना एक ही बात नहीं. पहली अवस्था पराधीनता हो सकती है; दूसरी दूसरे के अस्तित्व को उसकी स्वतंत्रता सहित स्वीकार करने का साहस. इसीलिए कार्सन की बहुस्वरात्मक रचनाओं में लेखक सर्वज्ञ सृष्टिकर्ता नहीं रहता. वह अपनी आवाज़ के आसपास दूसरी आवाज़ों, दूसरी शताब्दियों और अपरिचित अनुभवों के लिए स्थान छोड़ता है. यहाँ सृजन अपनी सत्ता का विस्तार नहीं, उसके एकाधिकार से मुक्ति है.
25.
कार्सन की एंटीगोनिक इसी नैतिक स्वतंत्रता को प्राचीन ग्रीक त्रासदी के रक्तरंजित रंगमंच पर ले आती है. सोफ़ोक्लीज़ की एंटीगनी अपने मृत भाई पोलिनीसीज़ के अंतिम संस्कार के लिए राजा क्रेओन की आज्ञा का उल्लंघन करती है. राज्य मृत शरीर को दंडित करना चाहता है; स्त्री उसे मनुष्य होने की अंतिम गरिमा लौटाना चाहती है. कानून और न्याय के बीच अचानक एक ऐसी दरार खुलती है, जिसमें समूची राजसत्ता की नैतिक वैधता प्रश्नांकित हो उठती है. एंटीगनी का प्रतिरोध केवल पारिवारिक निष्ठा नहीं; वह इस संभावना का उद्घोष है कि राज्यादेश के परे भी मनुष्य के नैतिक दायित्व हो सकते हैं.
कार्सन इस त्रासदी को बियाँका स्टोन के चित्रों और पारदर्शी पृष्ठों के माध्यम से एक विलक्षण दृश्यात्मक रचना बनाती हैं. इसमें ‘निक’ नामक मौन पात्र निरंतर मापता रहता है, मानो समय स्वयं मनुष्यों की नियति का निःशब्द हिसाब रख रहा हो. पाठ और चित्र एक-दूसरे पर चढ़ते हैं; दृश्य शब्दों को ढकते और नए अर्थों में खोलते हैं. इस कलात्मक विन्यास में प्राचीन त्रासदी आधुनिक सत्ता, स्त्री की स्वायत्तता और नागरिक अवज्ञा के प्रश्नों से संवाद करने लगती है.
यहाँ नॉक्स की मृत भाई के प्रति बहन की स्मृति और एंटीगोनिक में मृत भाई के सम्मान के लिए बहन की अवज्ञा एक गहरे अंतर के साथ जुड़ती हैं. कार्सन का शोक मृतक को जानने की असंभवता स्वीकार करता है; एंटीगनी का प्रतिरोध मृतक के प्रति अपने कर्तव्य की अनिवार्यता. एक स्त्री मृत्यु के रहस्य के सामने ठहरती है, दूसरी राज्य के सामने खड़ी हो जाती है. दोनों में मृत्यु अंतिम सत्य है, लेकिन मनुष्य की नैतिक स्वतंत्रता उसका अंतिम पराजयपत्र नहीं.
26.
बाख़ाई : स्त्री की स्वतंत्रता और उन्माद का हिंसक सौंदर्य
यूरिपिदीज़ की बाख़ाई का ऐन कार्सन का रूपांतरण सत्ता, कामना और धार्मिक उन्माद की उस भयावह त्रिवेणी में उतरता है, जहाँ विवेक और विक्षिप्तता एक-दूसरे के प्रतिपक्ष नहीं, कभी-कभी परस्पर सहयोगी दिखाई देते हैं. थीब्स का शासक पेंथियस डायोनिसस की उपासिकाओं की देहगत स्वतंत्रता, उनके नृत्य और सामूहिक उल्लास को राजकीय अनुशासन के लिए ख़तरा समझता है. लेकिन जिस स्त्री-संसार को वह प्रतिबंधित करना चाहता है, उसी को चुपके से देखने की उसकी उत्कंठा भी है. डायोनिसस इसी दमित आकर्षण को उसका विनाश बना देता है. स्त्री-वेश में पर्वत पर पहुंचा पेंथियस अंततः उन्मत्त स्त्रियों के हाथों मारा जाता है; उसकी अपनी मां अगावे, जिसे वह देवोन्माद में पहचान नहीं पाती, उसका सिर किसी सिंह के शिकार की तरह उठा लाती है. जब चेतना लौटती है, विजय का उल्लास मातृशोक की असहनीय यातना बन चुका होता है.
कार्सन यहाँ नीत्शे के डायोनिसीय सौंदर्यशास्त्र को भी एक असुविधाजनक प्रश्न के सामने खड़ा करती हैं. क्या अनुशासन का निषेध अनिवार्यतः स्वतंत्रता है? क्या देह की मुक्ति सामूहिक उन्माद की हिंसा से सुरक्षित रहती है? डायोनिसस पितृसत्तात्मक व्यवस्था को चुनौती देता है, लेकिन स्वयं निर्दोष मुक्तिदाता नहीं; उसकी दैवी सत्ता भी मनुष्य से समर्पण मांगती है. इस त्रासदी में स्त्री का नृत्य स्वतंत्रता की संभावना है और उसका उन्माद स्वतंत्र चेतना के अपहरण की आशंका. कार्सन का साहित्य इसी दोधारी सौंदर्य को सुरक्षित रखता है. पेंथियस की राजसत्ता और डायोनिसस का देवत्व, दोनों मनुष्य की देह पर अपना अधिकार चाहते हैं. यहाँ स्वतंत्रता और उन्माद एक नहीं, जैसे व्यवस्था और न्याय एक नहीं.
27.
दॅ जेंडर ऑफ़ साउंड में कार्सन देह के बाद आवाज़ की राजनीति का अन्वेषण करती हैं. प्रश्न निर्दोष प्रतीत होता है. क्या ध्वनि का भी जेंडर होता है? लेकिन उसके भीतर सभ्यता का लंबा दमनकारी इतिहास छिपा है. प्राचीन यूनान में पुरुष की गंभीर, नियंत्रित आवाज़ को विवेक और सार्वजनिक अधिकार से जोड़ा गया, जबकि स्त्रियों का उच्च स्वर, विलाप, अनुष्ठानिक चीख़ और उन्मुक्त हंसी अव्यवस्था तथा असंयम के संकेत बना दिए गए. सायरनों और गॉर्गन जैसी मिथकीय आकृतियों की भयावह आवाज़ों में स्त्री की मुखरता को राक्षसी बनाने की सांस्कृतिक कल्पना भी काम करती थी. पुरुष बोलता था तो वह तर्क था; स्त्री चिल्लाती थी तो वह शोर.
यहाँ पितृसत्ता केवल स्त्री की वाणी को प्रतिबंधित नहीं करती, सुनने की नैतिकता भी अपने पक्ष में निर्मित करती है. उसे बताया जाता है कि क्या कहना है, कितना कहना है और किस स्वर में कहना है. इसीलिए कार्सन के सामने ध्वनि का प्रश्न अंततः नागरिकता, शरीर और स्वतंत्रता का प्रश्न बन जाता है. भारतीय उपमहाद्वीपीय संदर्भ में फ़हमीदा रियाज़ की निर्भीक मुखरता, परवीन शाकिर की अंतरंग स्त्री-चेतना और कात्यायनी की कविताएं इस विमर्श को नई अर्थवत्ता देती हैं. बाख़ाई की स्त्रियों की चीख़ और आधुनिक स्त्री की सार्वजनिक आवाज़ के बीच सदियाँ हैं, लेकिन पुरुष-सत्ता की सुनने की आदतें कितनी बदली हैं? सभ्यता ने स्त्री की देह को मर्यादा में रखने से पहले उसकी आवाज़ को मर्यादा सिखाई थी. स्त्री की मुक्ति का अर्थ केवल बोलने की अनुमति नहीं, उस कान का पुनर्निर्माण भी है जो उसके स्वर को शोर समझता आया है.
28.
कार्सन की 2019 की संगीत-नाट्य रचना नॉर्मा जीन बेकर ऑफ़ ट्रॉय इस प्रश्न को ध्वनि से दृश्य की ओर ले जाती है. यहाँ प्राचीन यूनान की हेलेन और आधुनिक हॉलीवुड की मर्लिन मुनरो एक-दूसरे की प्रतिछाया बनती हैं. यूरिपिदीज़ की हेलेन में वास्तविक स्त्री ट्रॉय गई ही नहीं; वह मिस्र में है, जबकि उसके नाम पर युद्ध जिस हेलेन के लिए लड़ा गया, वह केवल एक मायावी प्रतिरूप, बादल की बनी छाया थी. दस वर्षों का रक्तपात एक स्त्री की अनुपस्थित देह के लिए! कार्सन इसी विडंबना को मर्लिन मुनरो के जीवन से जोड़ती हैं, जिसका वास्तविक नाम नॉर्मा जीन बेकर था. वह जीवित स्त्री एक ओर थी और संसार की सामूहिक कामना से निर्मित उसकी सुनहरी प्रतिमा दूसरी ओर.
यहाँ सौंदर्य प्रशंसा नहीं, स्वामित्व की राजनीति बन जाता है. स्त्री का चेहरा जितना सार्वजनिक होता है, उसका निजी अस्तित्व उतना ही अदृश्य पड़ सकता है. हेलेन पर युद्ध का दोष मढ़ा गया; मर्लिन की छवि को उसकी अपनी इच्छाओं, एकांत और जटिल मानवीय अस्तित्व से अलग कर उपभोग की वस्तु बनाया गया. कार्सन के लिए दोनों के बीच समानता केवल असाधारण सुंदरता नहीं, उस सुंदरता के नाम पर स्त्री के व्यक्तित्व का अपहरण है. बाख़ाई में सत्ता स्त्री की देह नियंत्रित करना चाहती थी, द जेंडर ऑफ़ साउंड में उसकी आवाज़; यहाँ उसकी छवि पर अधिकार स्थापित करती है. तीनों रचनाएं मिलकर एक ही प्रश्न की अलग प्रतिध्वनियाँ बनती हैं स्त्री को देखने, सुनने और परिभाषित करने का अधिकार आखिर किसके पास है? कार्सन की हेलेन और मर्लिन इसीलिए दो सुंदर स्त्रियाँ नहीं, दो ऐसी अनुपस्थितियाँ हैं जिनकी छवियों से संसार भरा हुआ है.
29.
ऐन कार्सन की द अल्बर्टीन वर्कआउट मार्सेल प्रूस्त के विराट उपन्यास इन सर्च ऑव लॉस्ट टाइम की अल्बेर्तीन को प्रेम, ईर्ष्या और स्वामित्व की एक असाधारण प्रयोगशाला में ले आती है. प्रूस्त के यहाँ अल्बेर्तीन केवल प्रिय स्त्री नहीं, उस दूसरे मनुष्य की रहस्यमय स्वतंत्रता है जिसे प्रेमी जानना ही नहीं, अपने ज्ञान में क़ैद भी करना चाहता है. जितना वह उसे समझने का प्रयत्न करता है, उतना ही उसका अस्तित्व अपरिचित होता जाता है. प्रेम यहाँ निकटता की आकांक्षा से अधिक दूसरे के अज्ञात जीवन का भय बन उठता है. कार्सन प्रूस्त के हज़ारों पृष्ठों में विस्तृत इस मानसिक भूलभुलैया को संक्षिप्त, क्रमांकित टिप्पणियों और परिशिष्टों में बदल देती हैं.
प्रूस्त जहाँ स्मृति के अनंत गलियारों में चलते हैं, कार्सन उनकी दीवारों से कुछ चमकते टुकड़े निकालकर पाठक की हथेली पर रख देती हैं. इस रचना में अल्बेर्तीन की स्त्रियों के प्रति संभावित कामना और कथावाचक की ईर्ष्या भी केंद्रीय प्रश्न हैं. वह किससे प्रेम करती है, यह जानने की आकांक्षा धीरे-धीरे उसके अस्तित्व पर अधिकार स्थापित करने की इच्छा बन जाती है. कार्सन इस तरह प्रेम और ज्ञान के बीच छिपे सत्ता-संबंध को उद्घाटित करती हैं. क्या किसी को पूरी तरह जान लेना उसे स्वतंत्र रहने देना भी है? या प्रेम की सबसे भयावह आकांक्षा यही है कि प्रिय के जीवन में कोई ऐसा कमरा न बचे जिसकी चाबी हमारे पास न हो? प्रूस्त की विशाल कथात्मक इमारत के सामने कार्सन की लघु संरचना इसी प्रश्न की चमकती हुई किरच है.
30.
कार्सन के यहाँ साहित्य अपनी विधागत सीमाओं से उसी तरह बेचैन है जैसे प्रेमी दूसरे की स्वतंत्रता से. उनकी पुस्तकें केवल पढ़े जाने की वस्तुएं नहीं, अपने आकार और स्पर्श से अर्थ उत्पन्न करने वाले कलात्मक शरीर हैं. नॉक्स में स्मृति डिब्बे से निकलती हुई एकॉर्डियन की लंबी पट्टी बन जाती है; फ्लाॅट की बाईस स्वतंत्र पुस्तिकाएं पाठक को निर्धारित आरंभ और अंत की बाध्यता से मुक्त करती हैं; एंटीगोनिक में बियाँका स्टोन के चित्र और पारदर्शी पृष्ठ प्राचीन त्रासदी को दृश्यात्मक अनुभव में बदल देते हैं. रोंग नोर्मा में कविता, गद्य, विचार और चित्रात्मक संरचनाएं अपनी परिचित सीमाएं छोड़कर एक-दूसरे के भीतर प्रवेश करती हैं. मानो पुस्तक अब शब्दों का निष्क्रिय पात्र नहीं, स्वयं संवेदना की देह हो, जिसकी तह, रिक्तता, बनावट और क्रम सभी अर्थ-निर्माण में सहभागी हों.
31.
कार्सन को हिन्दी और उर्दू कविता के बरक्स पढ़ते हुए 1950 का वर्ष एक विलक्षण साहित्यिक संयोग प्रस्तुत करता है. उसी वर्ष हिन्दी में ज्ञानेंद्रपति, विष्णु नागर और फ़रहत एहसास जन्मे. लेकिन जन्मगत समकालीनता और रचनात्मक समकालीनता एक नहीं होतीं. कार्सन की साहित्यिक प्रतिष्ठा मुख्यतः अस्सी के दशक से विकसित हुई, जब उनकी भारतीय जन्म-पीढ़ी के अनेक कवि अपनी स्वतंत्र भाषिक यात्राओं पर आगे बढ़ चुके थे. फिर भी इस संयोग में विश्व-कविता का एक अद्भुत बहुवचन दिखाई देता है. कार्सन प्राचीन ग्रीक के मृत शब्दों में आधुनिक कामना खोजती हैं; ज्ञानेंद्रपति हिन्दी की बहुस्तरीय भाषिक स्मृति से नए अर्थ रचते हैं; विष्णु नागर सामाजिक जीवन की विडंबनाओं को स्वर देते हैं और फ़रहत एहसास प्रेम की पुरानी भाषा में नई बेचैनियाँ भरते हैं. एक ही जन्म-वर्ष, लेकिन आधुनिकता के कितने भिन्न संगीत! यही साहित्य का वास्तविक अंतरराष्ट्रीय स्वरूप है—जहाँ किसी नोबेल विजेता के सामने दूसरे कवियों की श्रेष्ठता प्रमाणित नहीं की जाती, बल्कि स्वतंत्र भाषाओं की रचनात्मक संभावनाएं एक-दूसरे को नए अर्थों में प्रकाशित करती हैं.
32.
ज्ञानेंद्रपति और ऐन कार्सन एक ही वर्ष, 1950 में जन्मे, लेकिन उनकी कविताओं में भाषाओं की दो अलग सभ्यताएं सांस लेती हैं. ज्ञानेंद्रपति की गंगातट, संशयात्मा और शब्द लिखने के लिए ही यह काग़ज़ बना है जैसी कृतियों में भाषा किसी निष्क्रिय माध्यम की तरह नहीं, इतिहास की जीवित काया की तरह उपस्थित है. उनके यहाँ संस्कृत की शास्त्रीय स्मृति, देशज शब्दों की मिट्टी और आधुनिक हिन्दी की बेचैनी एक-दूसरे से टकराती हैं. गंगा उनके लिए केवल नदी नहीं; उसमें सभ्यता का स्मृतिजल, आस्था का प्रवाह, प्रदूषण की आधुनिक विडंबना और तटवर्ती मनुष्यों का संघर्ष एक साथ बहता है. कार्सन भी शब्दों में इतिहास खोजती हैं, लेकिन उनकी यात्रा दूसरी दिशा में है. वह किसी प्राचीन ग्रीक शब्द की व्युत्पत्ति से प्रेम के दर्शन तक पहुंच सकती हैं, जबकि ज्ञानेंद्रपति लोकानुभव और शब्दों के अप्रत्याशित संयोग से आधुनिक संसार की नई अर्थच्छवियाँ निर्मित करते हैं. कार्सन के सामने अनेक बार खोई हुई पांडुलिपि है. ज्ञानेंद्रपति के सामने बोलती हुई नदी. एक शब्दों की पुरानी अस्थियाँ टटोलती हैं, दूसरा उनकी नई देह रचता है. दोनों की काव्य-चेतना का साझा विश्वास यही है कि शब्द कभी केवल वही नहीं होता जो शब्दकोश उसके बारे में बताता है. उसके भीतर इतिहास का एक अदृश्य भूगोल रहता है, जिसे कविता हर बार नए सिरे से खोजती है.
33.
कार्सन के जन्म से केवल सात दिन पहले, 14 जून 1950 को मध्य प्रदेश के शाजापुर में विष्णु नागर जन्मे. कविता, व्यंग्य और पत्रकारिता के इस लेखक की रचनात्मक दृष्टि साधारण जीवन की उन विसंगतियों को पहचानती है जो अपनी निरंतरता के कारण अदृश्य हो चुकी हैं. उनकी मैं फिर कहता हूँ चिड़िया, तालाब में डूबी छह लड़कियाँ और संसार बदल जाएगा जैसी कृतियों के शीर्षक ही संकेत देते हैं कि परिचित संसार की सतह के नीचे कितनी बेचैनियाँ मौजूद हैं. कार्सन भी विडंबना की कलाकार हैं, किंतु उनका व्यंग्य अक्सर साहित्यिक इतिहास के असंभव लगने वाले संयोगों से पैदा होता है. कीट्स का सौंदर्य-दर्शन एक बेवफ़ा पति के सामने आ खड़ा होता है, प्राचीन ग्रीक वीरगाथा का दानव अपने विजेता से प्रेम करने लगता है. विष्णु नागर समकालीन समाज की सामान्यता को संदिग्ध बनाते हैं, कार्सन परंपरा की प्रतिष्ठित सामान्यता को. दोनों में विडंबना केवल हंसाने का उपकरण नहीं, दृष्टि का संशोधन है. समाज जिन बातों को निर्विवाद मानकर उनके बारे में सोचना बंद कर देता है, कविता उन्हीं के भीतर छिपी असंगति को प्रकाशित करती है.
34.
कार्सन के जन्म-वर्ष 1950 में ही, 25 दिसंबर को बहराइच में जन्मे फ़रहत एहसास के यहाँ प्रेम अपने भीतर ऐसी असंभव इच्छाएं पालता है, जिन्हें पूरा कर देना भी एक तरह की अपूर्णता है. उनका शेर है, “उसे ख़बर थी कि हम विसाल और हिज्र इक साथ चाहते हैं तो उस ने आधा उजाड़ रक्खा है और आधा बना दिया है.” यह उर्दू ग़ज़ल में प्रेम की द्वंद्वात्मकता का अद्भुत उदाहरण है. प्रेमी मिलन चाहता है, लेकिन विरह भी; वह प्रिय को पाना चाहता है, लेकिन उस दूरी को खोना नहीं चाहता जिसमें उसकी कामना जन्मती है. कार्सन सैफ़ो और प्लेटो की सहायता से इस विरोधाभास का दार्शनिक विवेचन करती हैं; फ़रहत उसे ग़ज़ल के दो मिसरों में इस तरह प्रतिष्ठित करते हैं कि पूरा प्रेम एक आधे उजड़े और आधे आबाद संसार में बदल जाता है. एक ओर विचार का विस्तृत स्थापत्य है, दूसरी ओर अनुभूति की आश्चर्यजनक संक्षिप्तता. कार्सन इच्छा की संरचना का विश्लेषण करती हैं; फ़रहत उसे जीवित अनुभव बना देते हैं. दोनों में प्रेम पूर्णता का उत्सव नहीं, अपूर्णता का सर्जनात्मक स्वीकार है. प्रेम का सबसे बड़ा विरोधाभास यही है कि वह जिस दूरी को समाप्त करना चाहता है, उसी में उसके संगीत की सबसे आवश्यक धुन छिपी रहती है.
35.
ऐन कार्सन के जन्म से पांच वर्ष पहले और पांच वर्ष बाद की अवधि में हिन्दी तथा उर्दू कविता की एक ऐसी पीढ़ी आकार ले रही थी, जिसने आधुनिकता को किसी एक साहित्यिक अनुशासन में स्वीकार करने से इनकार किया. राजेश जोशी (1946) के यहाँ सामाजिक यथार्थ अपनी विडंबनाओं सहित कविता में प्रवेश करता है. मंगलेश डबराल (1948) के यहाँ स्मृति, विस्थापन और छूटते हुए घर की नैतिक उदासी है. अरुण कमल (1954) श्रम और भौतिक जीवन की जटिलताओं से काव्यात्मक ऊर्जा ग्रहण करते हैं. असद ज़ैदी (1954) इतिहास और सांस्कृतिक सत्ता की भाषा से विचलित कर देने वाले नश्तर जैसे पैने प्रश्न करते हैं. उदय प्रकाश (1952) कथा और कविता के बीच आधुनिक मनुष्य की असुरक्षा का संसार निर्मित करते हैं. परवीन शाकिर (1952) उर्दू में स्त्री की प्रेमाकुल आत्मचेतना को स्वतंत्र स्वर देती हैं; फ़हमीदा रियाज़ (1946) स्त्री की देह और राजनीतिक स्वतंत्रता के प्रश्न उठाती हैं; और सारा शगुफ़्ता (1954) अपने असाधारण भाषिक आवेग से अभिव्यक्ति की स्वीकृत सीमाओं को अस्थिर करती हैं.
इन सबके बीच कार्सन का साहित्य आधुनिक विश्व-कविता की एक दूसरी दिशा खोलता है प्राचीनता से विद्रोह करके नहीं, उसके भीतर दबे हुए वर्तमान को खोजकर. यह भिन्न भाषाओं में जन्मी रचनात्मक चेतनाओं का संवाद है, जहाँ एक ही शताब्दी के कवि अलग-अलग ऐतिहासिक अनुभवों से मनुष्य की नई व्याख्याएं निर्मित करते हैं. साहित्य का विश्वत्व उसकी एकरूपता में नहीं, इस अद्भुत सामर्थ्य में है कि अनेक स्वतंत्र आवाज़ें एक-दूसरे में विलीन हुए बिना भी एक व्यापक मानवीय संगीत रच सकती हैं.
36.
1948 में जन्मे मंगलेश डबराल और 1950 में जन्मी ऐन कार्सन की कविताओं में स्मृति दो अलग महाद्वीपों की यात्राएं करती है. मंगलेश के यहाँ पहाड़, घर, गांव, पगडंडियाँ और दूर छूट गए चेहरे केवल बीते जीवन के दृश्य नहीं, विस्थापित मनुष्य की नैतिक नागरिकता के प्रमाण हैं. उनकी कविता घर का रास्ता में कवि ऐसे मामूली शब्दों की तलाश करता है जिन पर अभी विश्वास किया जा सके; वह एक तस्वीर को बचाना चाहता है, जो चेहरों और दृश्यों के मिट जाने के बाद भी कुछ देर ठहरी रहे. कार्सन की नॉक्स में भी पुराने पत्र और तस्वीरें इसी असंभव स्थायित्व की आकांक्षा से जुड़ते हैं. लेकिन मंगलेश का खोया हुआ घर एक वास्तविक सामाजिक भूगोल है, जबकि कार्सन की स्मृति प्राचीन भाषाओं, मृत भाई और अपूर्ण दस्तावेज़ों के बीच अपना घर खोजती है.
मंगलेश अपनी कविता स्मृति : एक में स्मृति को दूसरा समय कहते हैं. कार्सन का समूचा साहित्य इस दूसरे समय में बार-बार प्रवेश करता है. परंतु दोनों की यात्राएं अलग हैं. मंगलेश उस घर को याद करते हैं जहाँ मनुष्य एक-दूसरे को पहचानते थे; कार्सन उस भाई को समझना चाहती हैं जिसका अधिकांश जीवन उनसे अपरिचित रह गया. एक की स्मृति खोई हुई आत्मीयता की ओर लौटती है, दूसरी आत्मीयता के भीतर छिपे अपरिचय की ओर. मंगलेश के यहाँ घर छूट जाता है, लेकिन उसका रास्ता स्मृति में बचा रहता है. कार्सन के यहाँ स्मृति बची है, लेकिन कई रास्तों के अंतिम सिरे हमेशा के लिए मिट चुके हैं. दोनों की कविता इसी असंपूर्णता से अपना सौंदर्य अर्जित करती है. आखिर स्मृति अतीत को वापस लाने की कला नहीं, उसके अनुपस्थित हो जाने के बाद भी उसके साथ जीवित रहने की कठिन साधना है.
37.
राजेश जोशी और अरुण कमल के सामने आधुनिक भारतीय समाज की ठोस ऐतिहासिक वास्तविकताएं हैं; कार्सन के सामने अनेक बार प्राचीन यूनान के मिथक और उनका आधुनिक पुनर्जन्म. लेकिन इन भिन्न साहित्यिक संसारों के भीतर सत्ता और मनुष्य की गरिमा का प्रश्न बार-बार उपस्थित होता है. राजेश जोशी की बच्चे काम पर जा रहे हैं में बच्चों का श्रम करना केवल सामाजिक सूचना नहीं, सभ्यता की नैतिक विफलता का प्रमाण है. कवि घटना को उसके परिचित, सामान्यीकृत रूप से निकालकर असहनीय बना देता है. दूसरी ओर अरुण कमल की धार में श्रम, दूसरों से प्राप्त जीवन-संसाधन और सामूहिक अस्तित्व की चेतना कविता के भीतर प्रवेश करती है. उनकी काव्यदृष्टि मनुष्य को आत्मनिर्भरता के किसी काल्पनिक द्वीप पर नहीं रखती; उसके पीछे श्रम करते असंख्य अदृश्य हाथों की उपस्थिति पहचानती है.
कार्सन की ऑटोबायोग्राफ़ी ऑफ़ रेड में यह प्रश्न दूसरी दिशा से उठता है. वहाँ प्राचीन वीरगाथा का नायक हेराक्लीज़ है, लेकिन आधुनिक कथा का नैतिक केंद्र वह गेर्योन बन जाता है जिसे मिथक ने दानव कहा था. राजेश जोशी सामाजिक सामान्यता के भीतर छिपी क्रूरता उजागर करते हैं; अरुण कमल साधारण जीवन के पीछे उपस्थित श्रम की प्रतिष्ठा करते हैं; कार्सन मिथकीय नायकत्व के भीतर छिपी हिंसा और पराजित की संवेदना सामने लाती हैं. इन तीनों की राजनीतिकता एक जैसी नहीं. भारतीय कवियों के यहाँ सामाजिक संरचनाओं की प्रत्यक्ष ऐतिहासिकता अधिक निर्णायक है; कार्सन के यहाँ मिथक की नैतिक व्यवस्था का उलटाव. लेकिन साहित्य का एक साझा दायित्व यहाँ उभरता है, जिसे संसार ने स्वाभाविक घोषित कर दिया है, कविता उससे उसकी वैधता का प्रमाण मांगती है. राजनीतिक कविता हमेशा नारा नहीं लिखती; कभी वह केवल देखने की दिशा बदल देती है और स्थापित व्यवस्था का सारा नैतिक भूगोल अस्थिर हो उठता है.
38.
31 अगस्त, 1954 को राजस्थान के करौली में जन्मे असद ज़ैदी की बहनें आधुनिक हिन्दी कविता में स्त्री के पारिवारिक अस्तित्व की सबसे बेचैन करने वाली रचनाओं में है. इसमें बहनें घरेलू आत्मीयता की अलंकृत प्रतिमाएं नहीं, श्रम, अभाव, अपमान और अदृश्य हिंसा से क्षत-विक्षत मनुष्य हैं. वे अपने को लकड़ी, पतीली, कालिख, मकड़ी और राख की छवियों में पहचानती हैं. परिवार जिस स्त्री को अपनी व्यवस्था का स्वाभाविक अंग मानता है, वही स्त्री अपनी मनुष्यता के लिए उस व्यवस्था के भीतर जगह खोजती रहती है. कविता का भयावह सौंदर्य यह है कि बहनें केवल पीड़ा सहने वाली नहीं; अपनी ही वस्तुकरण की प्रक्रिया को पहचानती और भाषा में उसके विरुद्ध साक्ष्य प्रस्तुत करती हैं.
कार्सन की दॅ जेंडर साउंड इस अनुभव को एक दूसरी सभ्यतागत दिशा में ले जाती है. वह पूछती हैं कि स्त्री की आवाज़ को किसने असंयम, शोर अथवा सामाजिक अव्यवस्था का संकेत बनाया. असद की बहनें घरेलू वस्तुओं में बदल दी गई हैं; कार्सन के अध्ययन में स्त्री की आवाज़ को भी सामाजिक अनुशासन की वस्तु बनाया जाता है. लेकिन दोनों के दृष्टिकोणों में एक आवश्यक अंतर है. असद ज़ैदी पारिवारिक और सामाजिक संबंधों के भीतर स्त्रियों के जीवन को आलोचनात्मक दृष्टि से देखते हैं, जबकि कार्सन प्राचीन साहित्य और भाषिक इतिहास में स्त्री की सार्वजनिक श्रव्यता की जांच करती हैं. एक के यहाँ घर में स्त्री की उपस्थिति का अवमूल्यन है, दूसरी के यहाँ उसके स्वर का. दोनों को साथ पढ़ते हुए यह बात और स्पष्ट होती है कि पितृसत्ता स्त्री को केवल मौन नहीं करती; कई बार उसे ऐसी भाषा भी देती है जिसमें वह स्वयं को मनुष्य के बजाय घर की वस्तु समझने लगे. कविता इसी निर्धारित भाषा के विरुद्ध स्त्री की असहमत उपस्थिति निर्मित करती है.
39.
13 अप्रैल, 1957 को जन्मे कुमार अंबुज कार्सन से सात वर्ष छोटे हैं, लेकिन उनकी कविता का स्त्री-संसार कार्सन के चिंतन के साथ एक गहरा संवाद संभव करता है. वे हमारे समय के अप्रतिम कवि हैं और उनकी कविता वाचालता से बहुत दूर है. खाना बनाती स्त्रियाँ में रसोई घरेलू प्रेम का सुगंधित प्रतीक नहीं, स्त्री के श्रम और सामाजिक अधीनता का विस्तृत इतिहास है. स्त्रियाँ अपने सपनों, यौवन, थकान, बुख़ार और दुखते शरीरों के साथ खाना बनाती रहती हैं. उनके श्रम को कर्तव्य कहा जाता है, उनके धैर्य को स्त्रीत्व और उनकी पीड़ा को घर की सामान्य दिनचर्या. कविता के अंत तक रसोई की परिचित ऊष्मा एक ऐसी हिंसा का ताप बन चुकी होती है जिसे परिवार प्रेम का नाम देकर अदृश्य रखता है.
कार्सन की जेंडर ऑफ़ दॅ साउंड में इसी अदृश्यता का श्रव्य रूप मिलता है. स्त्री का श्रम स्वीकार्य है, लेकिन उसका प्रतिरोध अस्वीकार्य; उसकी सेवा अपेक्षित है, लेकिन उसकी स्वतंत्र आवाज़ असुविधाजनक. कुमार अंबुज स्त्री की झुकती हुई रीढ़ और थकते घुटनों में इतिहास पढ़ते हैं, कार्सन उसकी नियंत्रित आवाज़ में. एक देह पर श्रम का अनुशासन देखता है, दूसरी ध्वनि पर संस्कृति का. इस तुलना को कुमार अंबुज की कविता क्रूरता और आगे विस्तृत करती है, जहाँ हिंसा किसी आकस्मिक विस्फोट की तरह नहीं, धीरे-धीरे सामान्य सामाजिक आचरण में बदलती है. यहाँ तक कि वह संस्कृति जैसी दिखाई देने लगती है. कार्सन के मिथकीय पुनर्पाठों में भी प्रतिष्ठित नायकत्व के भीतर हिंसा छिपी मिल सकती है. दोनों साहित्यिक संसारों में क्रूरता का भय केवल उसकी निर्ममता नहीं, उसका सामान्य हो जाना है. जब अन्याय सभ्यता का शिष्टाचार बन जाता है, तब कविता का सबसे आवश्यक काम उसकी निर्दोष दिखाई देने वाली सतह पर पहली दरार डालना होता है.

40.
24 नवंबर, 1952 को कराची में जन्मी परवीन शाकिर और उनसे दो वर्ष वरिष्ठ ऐन कार्सन के यहाँ स्त्री की प्रेमानुभूति दो अलग भाषिक सभ्यताओं में अपना स्वतंत्र सौंदर्यशास्त्र निर्मित करती है. परवीन के पहले काव्य-संग्रह ख़ुशबू (1976) ने उर्दू शायरी में स्त्री की उस अंतरंग आवाज़ को नई प्रतिष्ठा दी, जो प्रेम की विषय-वस्तु मात्र नहीं, उसकी स्वतंत्र व्याख्याकार भी है. उनकी ग़ज़लों में फूल, बारिश, सुगंध और स्मृति के परिचित रूपक हैं, लेकिन इनके भीतर एक ऐसी स्त्री सांस लेती है जो अपनी कामना से संकोच नहीं करती, प्रिय की बेवफ़ाई पहचानती है और अपने आत्मसम्मान का मूल्य भी जानती है. उनका शेर “मैं सच कहूँगी मगर फिर भी हार जाऊँगी वो झूठ बोलेगा और ला-जवाब कर देगा”, प्रेम और सत्ता के उस सूक्ष्म संबंध को खोलता है जिसमें सत्य बोलने वाली स्त्री भी पुरुष की भाषिक चतुराई के सामने असहाय पड़ सकती है. यह इस समय की सभी प्रकार की सत्ताओं का भी सच है.
कार्सन के प्रेम की यही असमानता एक दार्शनिक प्रश्न बन जाती है. इच्छा प्रिय की ओर बढ़ती है, लेकिन उसकी स्वतंत्रता और अप्राप्यता से बार-बार घायल होती है. परवीन ग़ज़ल के दो मिसरों में उस चोट को अनुभव बना देती हैं जिसे कार्सन प्राचीन ग्रीक के शब्दों और प्लेटो के चिंतन से खोलती हैं. दोनों की रचनात्मक विधियाँ अलग हैं : परवीन का सौंदर्य भावात्मक सांद्रता में है, कार्सन का विश्लेषणात्मक विस्तार में. लेकिन दोनों प्रेम को स्त्री के आत्मविलोपन की नियति नहीं मानतीं. परवीन की स्त्री प्रेम में अपनी आवाज़ खोजती है; कार्सन की स्त्री प्रेम के भीतर अपनी कल्पनाओं, निर्भरताओं और भ्रमों की भी परीक्षा करती है. एक के यहाँ ख़ुशबू की अदृश्य उपस्थिति है, दूसरी के यहाँ इच्छा का अदृश्य अंतराल. दोनों में प्रेम देह और आत्मा की सरल एकता नहीं, स्वतंत्र अस्तित्वों के बीच चलने वाला अनवरत संवाद है.
41.
फ़हमीदा रियाज़ के यहाँ स्त्री का शरीर प्रेम और सत्ता के बीच किसी निष्क्रिय भूगोल की तरह नहीं फैला; वह अपनी स्वतंत्रता के लिए संघर्षरत एक जीवित राजनीतिक उपस्थिति है. उनकी प्रसिद्ध नज़्म चादर और चारदीवारी में सामाजिक मर्यादा के नाम पर स्त्री को दी जाने वाली स्याह चादर अचानक पितृसत्तात्मक सभ्यता के सामने एक कठोर प्रश्न बन जाती है. कवयित्री उस चादर को स्वीकार करने के बजाय सत्ता से कहती है कि उसे अपनी ही व्यवस्था की सड़ती हुई नैतिकता पर डाल दे. यह केवल पर्दा-प्रथा का विरोध नहीं; उस समूची सामाजिक कल्पना का प्रत्याख्यान है जिसमें स्त्री की देह पर नियंत्रण को सम्मान और उसके स्वतंत्र अस्तित्व को उच्छृंखलता कहा जाता है.

फ़हमीदा की बदन-दरीदा और आबाद जैसी रचनाएं स्त्री की कामना को भी उसका अपना अनुभव बनाती हैं. यहाँ देह किसी पुरुष की दृष्टि से वर्णित सुंदर वस्तु नहीं, स्वयं संवेदना और आनंद का स्रोत है. कार्सन के काव्य में यही प्रश्न दूसरी ऐतिहासिक संरचनाओं से उठते हैं. प्राचीन यूनान में स्त्री की आवाज़, उसका नृत्य और उसकी छवि सांस्कृतिक सत्ता के नियंत्रण का विषय बनते हैं; फ़हमीदा के पाकिस्तान में स्त्री की स्वतंत्रता धार्मिक रूढ़ियों, सामाजिक अनुशासन और राजनीतिक अधिकार के ठोस प्रश्नों से टकराती है. कार्सन मिथकों में स्त्री की नियति बदलती हैं, फ़हमीदा अपने समय की सत्ता से उसका हिसाब मांगती हैं. दोनों को एक-दूसरे का पर्याय मानना अनुचित होगा, लेकिन दोनों के साहित्य में एक साझा असहमति है. स्त्री की देह पर सभ्यता का स्वामित्व कोई प्राकृतिक अधिकार नहीं. फ़हमीदा के यहाँ प्रतिरोध कविता का विषय भर नहीं, उसकी धड़कन है; कार्सन के यहाँ वह साहित्यिक परंपरा की प्रतिष्ठित संरचनाओं के भीतर प्रवेश करके उनके अर्थ बदल देता है.
42.
1954 में जन्मी और 1984 में केवल उनतीस वर्ष की आयु में संसार छोड़ गईं सारा शगुफ़्ता की कविता उर्दू की आधुनिक संवेदना में एक असाधारण भाषिक विक्षोभ है. उनके जीवन की त्रासदियों पर इतना लिखा गया कि कई बार उनकी कविता उसी जीवन की फुटनोट बनाकर पढ़ी गई. लेकिन सारा को केवल दुखद जीवनी से समझना उनकी रचनात्मक प्रतिभा के साथ अन्याय है. उनकी नज़्म औरत और नमक में इज़्ज़त के साथ घूंघट, थप्पड़ और गंदुम का अप्रत्याशित संबंध स्त्री के सम्मान की सामाजिक अवधारणा को भीतर से तोड़ देता है. सम्मान यहाँ नैतिक गरिमा नहीं, देह और जीवन पर नियंत्रण की हिंसक व्यवस्था बन जाता है. उनकी आधा कमरा में सार्त्र, फ़्रायड, रैम्बो, कीट्स और शेक्सपियर की उपस्थिति विद्वत्ता की पवित्र सभा नहीं रचती; साहित्यिक ज्ञान स्वयं घरेलू विडंबना और स्त्री-अनुभव की कठोर परीक्षा में उतर आता है.
कार्सन और सारा के बीच एक अत्यंत दिलचस्प संबंध इसी स्थान पर बनता है. दोनों साहित्य की प्रतिष्ठित भाषाओं को अस्थिर करती हैं, लेकिन उनके रास्ते अलग हैं. कार्सन ग्रीक व्युत्पत्ति, मिथक और दर्शन की सहायता से अर्थ की स्वीकृत संरचनाओं को बदलती हैं; सारा घरेलू वस्तुओं, देह, भूख, नमक और असंगत बिंबों के माध्यम से भाषा को उसकी परिचित व्याकरणिक सुरक्षा से बाहर निकालती हैं. कार्सन के पास प्राचीन साहित्य का विशाल अभिलेखागार है; सारा के यहाँ जीवन का ऐसा दबाव है जिसके सामने शब्दों के पुराने अनुबंध टूटने लगते हैं. अमृता प्रीतम की एक थी सारा ने उनके जीवन को व्यापक पाठकीयता दी, लेकिन सारा की वास्तविक साहित्यिक प्रतिष्ठा उनकी अपनी कविताओं से ही निर्धारित होनी चाहिए. वह केवल घायल स्त्री की आवाज़ नहीं; भाषा के उस अनुशासन की विद्रोहिणी हैं जो तय करता है कि कौन-सा अनुभव किस रूप में कहा जा सकता है. कार्सन और सारा को साथ पढ़ते हुए समझ में आता है कि कविता कभी खोए हुए शब्द खोजती है और कभी उपलब्ध शब्दों को इतना बदल देती है कि संसार पहली बार अपने वास्तविक, असुविधाजनक रूप में दिखाई देने लगता है.
43.
ऐन कार्सन की साहित्यिक समकालीनता केवल जन्म-वर्ष से निर्धारित नहीं हो सकती. फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ और शमशेर बहादुर सिंह 1911 में जन्मे, मुक्तिबोध 1917 में और कुंवर नारायण 1927 में. ये सभी कार्सन से वरिष्ठ हैं, लेकिन उनकी कविताओं में उपस्थित प्रेम, इतिहास, आत्मसंघर्ष और भाषा के प्रश्न कार्सन के साहित्य से ऐसे संवाद संभव करते हैं जो जन्म-समकालीनता से कहीं अधिक गहरे हैं.
मुक्तिबोध की अँधेरे में में विचार किसी पहले से निश्चित दार्शनिक निष्कर्ष की तरह कविता में प्रवेश नहीं करता; वह स्वप्न, भय, आत्मालोचना और सामाजिक इतिहास के बीच अपना काव्यात्मक रूप निर्मित करता है. कार्सन भी विचार को कविता के बाहर खड़ा हुआ व्याख्याकार नहीं रहने देतीं. उनके यहाँ प्रेम का दर्शन मिथकीय पात्र का शरीर बन सकता है और किसी प्राचीन शब्द की व्युत्पत्ति आधुनिक मनुष्य की मानसिक यातना. लेकिन मुक्तिबोध का अंधेरा ऐतिहासिक तथा सामाजिक आत्मसंघर्ष से निर्मित है, जबकि कार्सन का अंधेरा अनेक बार स्मृति, कामना और दूसरे अस्तित्व की अप्राप्यता से. दोनों में विचार संवेदना का विरोध नहीं; उसकी कठिनतम अभिव्यक्ति है.

फ़ैज़ ने व्यक्तिगत प्रेम को इतिहास और सामाजिक न्याय के प्रश्नों से जोड़ा. फ़ैज़ की मुझसे पहली-सी मुहब्बत में निजी प्रेम की सम्मोहक दुनिया के भीतर इतिहास की पीड़ा प्रवेश करती है. प्रिय की सुंदरता बनी रहती है, लेकिन संसार का दु:ख प्रेमी की दृष्टि बदल देता है. फ़ैज़ प्रेम से संसार की ओर जाते हैं; कार्सन प्रेम के भीतर उस अपरिचित संसार को खोजती हैं जिसे प्रिय की स्वतंत्रता निर्मित करती है.
शमशेर की उषा में रंग, प्रकाश और दृश्य एक ऐसी भाषिक लय बनाते हैं जिसमें कविता चित्रकला की सीमा छूने लगती है. शमशेर भाषा को दृश्य बनाते हैं; कार्सन दृश्य को पुस्तक की अर्थ-रचना में शामिल करती हैं. कुंवर नारायण की आत्मजयी और वाजश्रवा के बहाने के साथ कार्सन का संबंध और भी रोचक है. दोनों प्राचीन मिथक में आधुनिक मनुष्य के प्रश्न खोजते हैं. लेकिन कुंवर नारायण नचिकेता के माध्यम से मृत्यु, विवेक और नैतिक आत्मपरीक्षण का संसार रचते हैं, जबकि कार्सन गेर्योन तथा एंटीगनी के माध्यम से पहचान, इच्छा और सत्ता की स्थापित नैतिक व्यवस्था पर प्रश्न उठाती हैं.
44.
1958 में जन्मे देवी प्रसाद मिश्र और ऐन कार्सन के बीच एक अद्भुत काव्यात्मक साम्य है. दोनों परंपरा की प्रतिष्ठित देह से उसके पवित्र वस्त्र उतारकर भीतर छिपी सत्ता को अनावृत करते हैं. देवी प्रसाद की प्रार्थना के शिल्प में नहीं देवताओं के सामने नतमस्तक होने के बजाय उनकी अनुपस्थिति में मनुष्य की मुक्ति खोजती है; कार्सन की एंटीगोनिक प्राचीन मिथक की कठोर देह में आधुनिक स्त्री की अवज्ञा और नैतिक स्वतंत्रता का स्पंदन भरती है. देवी प्रसाद की अनेक कविताएं इतिहास के हाशिए पर धकेले गए मनुष्यों की अनुपस्थिति को बेचैन उपस्थिति में बदलती है, जबकि कार्सन का ऑटोबायोग्रफ़ी ऑफ़ रेड विजेता के आलिंगन से निकलकर पराजित की कामनाओं को अपना काव्यलोक बनाता है. दोनों के यहाँ भाषा किसी निष्पाप सुंदरी की निर्विकार त्वचा नहीं; उस पर इतिहास की उँगलियों, धर्म की हिंसा और इच्छा की अधूरी उत्तेजनाओं के निशान हैं. अंतर इतना है कि देवी प्रसाद कविता से सामाजिक सत्ता की वैधता छीनते हैं, कार्सन मिथकीय सत्ता से अर्थ का एकाधिकार. दोनों की कविता हमें सिखाती है कि असहमति भी सृजन का अत्यंत अंतरंग स्पर्श हो सकती है.
45.
इन तुलनाओं का अर्थ किसी एक कवि को दूसरे का प्रतिबिंब सिद्ध करना नहीं, उन अदृश्य, अंतरंग और उत्तेजक संबंधों को पहचानना है, जिनमें संसार की अलग-अलग भाषाओं में जन्मी कविताएँ एक-दूसरे की अपरिचित देह को छूती हैं और सहसा अपने ही भीतर किसी अब तक अज्ञात स्पंदन से परिचित हो उठती हैं. सैफ़ो से फ़ैज़ तक, मुक्तिबोध से शमशेर तक और परवीन शाकिर से ऐन कार्सन तक, कविता का यह संसार विचारों का शुष्क सभागार नहीं, संवेदनाओं का वह मादक शयनकक्ष है, जहाँ इतिहास अपनी धूल उतारता है, स्मृति अपने वस्त्र और इच्छा अपनी लज्जा.
यहाँ विचार किसी दार्शनिक सम्राट की तरह आदेश नहीं देता; वह प्रेमी की तरह आता है, संकोच से भरा, अपनी समूची बुद्धिमत्ता के बावजूद असुरक्षित, और कविता की देह के निकट पहुँचते ही अपनी निश्चितताओं से निर्वस्त्र होने लगता है. शब्द उसकी उँगलियाँ हैं, अर्थ उसकी साँस और भाषा वह त्वचा है, जिस पर सदियों की अनुपस्थिति भी किसी प्रिय के स्पर्श की तरह जीवित रहती है. कार्सन इसी रहस्य की कवयित्री हैं कि जो खो गया है, वही कभी-कभी सबसे तीव्रता से उपस्थित होता है कि प्रेम का सबसे गहरा आलिंगन उस दूरी में घटित हो सकता है जिसे कोई आलिंगन मिटा नहीं सकता. और महान कविता की अंतिम विलक्षणता शायद यही है कि उसमें विचार और वासना, विवेक और व्याकुलता, स्मृति और विस्मृति एक-दूसरे को परास्त नहीं करते, एक ऐसी अविभाज्य अनुभूति में विलीन हो जाते हैं जहाँ बुद्धि पहली बार अपनी धड़कन सुनती है और देह पहली बार अपना दर्शन रचती है. वहाँ कविता समाप्त नहीं होती, वह पाठक के भीतर अपना अधूरा प्रेम छोड़कर चली जाती है. उस सुगंध की तरह, जो प्रिय के चले जाने के बहुत बाद तक तकिए की सिलवटों ही नहीं, पूरी आबोहवा में बनी रहती है और जिसके सामने भाषा की सारी विद्वत्ता अंततः एक काँपते हुए अतृप्त स्पर्श में बदल जाती है.
46.
ऐन कार्सन की कविता बताती है कि प्रेम की सबसे गहरी अनुभूति मिलन नहीं, उस दूरी का स्पर्श है जो मिलन के बाद भी बची रहती है. देह वहाँ इच्छा की भाषा है और भाषा देह की अधूरी स्मृति. उनके शब्द प्राचीन खंडहरों से उठते हैं, लेकिन उनकी धड़कन आज की है. वे जानती हैं कि मिथक इतिहास का शव नहीं, मनुष्य की जीवित कामनाओं का पुरातत्त्व है. उनकी कविता में अनुपस्थिति भी आलिंगन करती है, मौन भी स्वीकारोक्ति है और विरह भी एक सूक्ष्म संसर्ग. कार्सन हमें सिखाती हैं कि कविता का परम सौंदर्य पूर्णता में नहीं, उस अभाव में है जिसे प्रेम अनश्वर बना देता है.
|
thetribhuvan@gmail.com |

भारत–पाक सीमा के एक गाँव में जन्मे त्रिभुवन जयपुर में रहने वाले वरिष्ठ पत्रकार और लेखक हैं. वे हरिदेव जोशी पत्रकारिता विश्वविद्यालय में एडजंक्ट प्रोफेसर रह चुके हैं. उनकी प्रमुख पुस्तकें हैं, कुछ इस तरह आना,’ शूद्र: एक लंबी कविता,’ और राष्ट्रवाद के नवपरिप्रेक्ष्य .’ त्रिभुवन अपने सूक्ष्म राजनीतिक विश्लेषण, संयमित भाषा और गहन पठनशीलता के लिए जाने जाते हैं. जयपुर में रहते हैं.


आलेख को पढ़ते हुए सांप्रतिक विश्व-संदर्भ में अपनी भाषा और आसपास के अन्य साहित्य-समाज-परिदृश्यों का यह समवेत पाठ तृप्तिकर लगा. सृजन की पारिस्थितिकी और वैचारिकी की अविच्छिन्न श्रृंखलाबद्धता जब खुलकर सामने आती हैं तब पता चलता है कि व्यक्तिवाचक दिखता कोई भी पुरस्कार वस्तुतः ऐसा होता नहीं, उसका यह सामासिक स्वरूप कैसा हो सकता है, इसे यहां (आलेख में) नाति विस्तार में ही, लेकिन जीवन्त अनुभव किया गया.
संपादन-कार्य की उद्यमिता से अवगत कोई भी व्यक्ति यह बख़ूबी समझ सकता है कि जितना श्रमसाध्य कार्य है ऐसा तत्काल संभव किया जाने वाला विचार-विश्लेषण-सम्पन्न संदर्भ-आबद्धन आलेखन पूरा कर दिखाना, उससे ज़रा भी उन्नीस नहीं इसे घड़ी की भागती सुइयों का पीछा करते लिखवा कर प्रस्तुत कर देना.
इस महत्वपूर्ण प्रस्तुति के लिए, त्रिभुवन और अरुण देव, दोनों मित्रों को अनौपचारिक हार्दिक बधाई, अशेष मंगलकामनाएं!
True !!!….. very very nice effort !!!..
आलेख को यहां एम्स्टर्डम में पढ़ते हुए लेखनी हाथ से छूट गई। मैं जिस समाचार को बस आत्मसात ही कर रहा था और यह विचार ही कर रहा था कि भारतीय पाठकों को इनके कृतित्व से परिचित कराने के बहाने खुद परिचित हुआ जाए, त्रिभुवन जी ने यह कार्य कर दिया। आपने सरसरी तौर पर नहीं बल्कि गंभीरता से लिखा है। समालोचन ने सराहनीय कार्य किया है। लेखक को बधाई। फिर से आभार।
स्वीडिश अकादमी ने हाल के वर्षों में कई बार अप्रत्याशित या राजनीतिक संतुलन साधने वाले निर्णय लिए हैं, लेकिन 2026 के लिए कनाडाई कवयित्री, अनुवादक और क्लासिसिस्ट ऐन कार्सन को साहित्य का नोबेल दिया जाना एक निहायत योग्य, प्रतीक्षित और राहत देने वाला फ़ैसला है।
कार्सन का महत्व केवल इसमें नहीं है कि वे एक प्रखर कवयित्री हैं; उनका असली योगदान ‘विधाओं की रूढ़ियों को तोड़ना’ है। वे कविता, गद्य, निबंध, यूनानी मिथक, दर्शन और दृश्य-कला (विज़ुअल आर्ट) के बीच खिंची सरहदों को इतनी सहजता से मिटा देती हैं कि उनकी कृतियाँ (Autobiography of Red, Nox, The Beauty of the Husband) किसी एक संकीर्ण सांचे में नहीं समातीं।
‘समालोचन’ की यह हमेशा से ताक़त रही है कि वह वैश्विक हलचलों को बिना किसी विलंब के हिंदी समाज के सामने रखता है (चाहे वह 2025 में लास्लो क्रास्नाहोर्काई का चयन रहा हो या अब ऐन कार्सन का। लेकिन एक ईमानदार आत्ममंथन यह भी होना चाहिए कि हमारे यहाँ (हिंदी-उर्दू में) कार्सन जैसे विधा-भंजक, खंडित (fragmented) और जटिल शास्त्रीय-आधुनिक प्रयोगों को अक्सर या तो ‘अति-बौद्धिक’ कहकर किनारे कर दिया जाता है, या फिर सपाट सामाजिक यथार्थवाद के आगे कमतर आंका जाता है।
ऐन कार्सन का नोबेल हमें यह सिखाता है कि क्लासिक्स से संवाद का मतलब अतीत-मोह में सड़ना नहीं, बल्कि उस पुरानी आग से आज के घावों और त्रासदियों को रौशन करना है। ‘समालोचन’ पर यह सामग्री हिंदी पाठकों के लिए एक ज़रूरी खिड़की खोलती है।
शानदार विश्लेषण किया और उनकी अपनी तमाम रचनाओं की चर्चा, उनके लेखन की विशेषता और उनकी लेखकीय सोच पर जितनी गहरी टिप्पणी इस आलेख में की गई है उसके लिए त्रिभुवन साधुवाद के पात्र हैं । इससे त्रिभुवन की गंभीर पठनशीलता का परिचय मिलता है । वाकई वे गंभीर अध्येता हैं । कहा जाता है अधिक पढ़ो और कम लिखो । ये बात उन पर सटीक उतरती है । मुझे पता है कि उनकी कविताओं में गहरी रुचि है और वे स्वयं एक उच्च कोटि के कविता संग्रह के धनी हैं । साहित्य और पत्रकारिता में समान अधिकार के धनी त्रिभुवन को अब अधिक समय साहित्य को देना चाहिए ताकि उनके रचनात्मक कर्म से साहित्य जगत बराबर रूबरू होता रहे । फारूक आफरीदी , कार्यकारी अध्यक्ष, राजस्थान प्रगतिशील लेखक संघ, जयपुर 94143 35772
faundia2015@gmail.com
वस्तुत: त्रिभुवन जी के आलेखों से विश्व क्लासिकी के तमाम महत्वपूर्ण समकालीन संदर्भों की सूचना ही नहीं अपितु हिंदी संस्कृत के अध्येताओं के ज्ञान में भी वृद्धि होती है ।तमाम समाचार पत्र ,सोशल मीडिया साहित्य के नोबेल पुरस्कार की सूचना से भरे हैं पर जिस गहन शोध दृष्टि और गांभीर्य पूर्ण चिंतन का विवरण इस आलेख में है वैसा अन्यत्र कहां । मैने इस पोस्ट को शेयर किया है । आपको और त्रिभुवन जी को बहुत बहुत बधाई और अभिनंदन ।
अद्भुत…देखकर दंग हूँ। मैं इतना खोजपूर्ण लिखने में महीने लगा देता हूँ। त्रिभुवन सर और आपको इतना सुंदर लेख लिखने और प्रस्तुत करने के लिए बधाई
तलाश के बाद आलेख पढ़ा, इसमें मेहनत है, मगर एक अनर्गल दुहराव है. कार्सन अपने स्मृति-अतीत के बीच घुसना चाहती हैं, अपनी जड़ों के बीच, त्रिभुवन ने उन्हें बेवजह पाश से लेकर मंगलेश तक के अतीतजीवी कवियों के बीच ला पटका है; यह विराट संस्कृति की जड़ों के बीच रैंग रही दीमकों को दिखाने का-सा उपक्रम है. भाषा, बिम्ब और स्मृति का इतना सतही मूल्याङ्कन नहीं होना चाहिए. भारतीय काव्य-जड़ों की परंपरा भारती और कुँवर नारायण के लघु-मानवों के विखंडन से नहीं समझ में आ सकती. शायद उसे निराला की सरोज स्मृति के नोस्टाल्जिया से भारतीय जड़ों के साथ जोड़ा जा सकता है. मगर यह एक अलग बिंदु है, जिसे खामखाह एक डाल-भात की तरह परोसने की कोशिश की गई है.
जिन सांस्कृतिक जड़ों की तलाश में कार्सन सारी जिंदगी बेचैन होकर भटकती रही, वह 1950 के बाद का स्मृति-प्रसंग नहीं है, न साहित्य को इस तरह कलेंडर की तारीखों से बाँधा जा सकता है. स्मृति का इतिहास अनंत का लेखा जोखा है, जिसके बीच रचनाकार को उस अनंत की यात्रा का जोखिम उठाना होता है, जो कार्सन में महसूस होता है. वहाँ भाषा, परिवेश और मूल्यों की सीमारेखाएँ ख़त्म हो जाती हैं. हिंदी के सोचकारों को दोस्त-मंडली और विधाओं के शुक्लीय ढाँचे से मुक्त होने जी जरुरत है. समूचा स्पेस मुक्त हो चुका है, किसी एक ढाँचे, मूल्य और भाषा के पिंजरे में वह कैद नहीं रह सकता.
वाह! खूबतरीन लिखा है । कई सारे नये बिन्दू प्राप्त हुए। पढ़ी हुए क़िताबों के बारे में अपने समानान्तर निरीक्षणों को भी पढ़ते हुए अच्छा लगा। सुखद अनुभव था यह आलेख पढ़ना।
त्रिभुवन ही इतना जल्द, इतना विस्तृत लिख सकते थे। ऐन के लेखन का विवेचन, संसार के लेखकों का स्मरण और उनके साथ हिंदी और उर्दू साहित्य से कितने हवाले — मीर, ग़ालिब, महादेवी वर्मा, निराला, शमशेर, मुक्तिबोध, धर्मवीर भारती, कुँवर नारायण, राजेश जोशी, ज्ञानेंद्रपति, मंगलेश डबराल, उदय प्रकाश, विष्णु नागर, अरुण कमल, असद ज़ैदी, कुमार अम्बुज, देवीप्रसाद मिश्र, फ़ैज़, फ़हमीदा रियाज़, परवीन शाकिर, फ़रहत एहसास, सारा शगुफ़्ता! ईमानदारी की बात: मैंने ऐन का लिखा नहीं पढ़ा है। लेकिन इस एक लेख ने परदा उठा दिया।
एनी कार्सन के रचना संसार इतना गहराई से विश्लेषण और साथ में एनी के आसपास जन्मे हिंदी साहित्यकारों की रचनाशीलता पर उम्दा आलेख त्रिभुवन जी का.