• मुखपृष्ठ
  • समालोचन
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
No Result
View All Result
समालोचन

Home » बिना पानी की मछलियाँ : गोविन्द निषाद

बिना पानी की मछलियाँ : गोविन्द निषाद

by arun dev
October 22, 2026
in कथा
Reading Time: 8 mins read
A A
बिना पानी की मछलियाँ : गोविन्द निषाद
फेसबुक पर शेयर करेंट्वीटर पर शेयर करेंव्हाट्सएप्प पर भेजें
बिना पानी की मछलियाँ
गोविन्द निषाद

 

जेठ अपने चरम पर था. नौतपा तप रहा था. गर्म हवाएँ ऐसा लग रहा था कि मानो शरीर को झुलसा देंगी. बाहर निकलना मुश्किल था. ऐसे में मेरे मोबाइल की घंटी बजी. देखा तो कृति की कॉल आ रही थी. वह मेरी दोस्त है, जो बैरहना के पास पुराने देहाती रसगुल्ला वाली गली में रहती है. उसने कहा कि,

“यार अच्छा नहीं लग रहा है. तुम आ सकते हो क्या?”

मैं पहले तो सोचा कि, “कौन जाये इतनी तपती दोपहरी में.“

मैंने उसे बहलाया कि, “अभी बहुत धूप है शाम को आता हूँ.”

वह मायूस हो गई. कहने लगी कि, “मुझे अभी अच्छा नहीं लग रहा है तो तुम शाम को आकर क्या करोगे. अगर तुम अभी नहीं आ सकते तो मैं किसी और दोस्त को बुला लेती हूँ.“ वह गुस्सा होते हुए बोली.

मैंने कहा कि, “मेरे रहते दूसरा कौन आएगा.”

मैं अब पिघल गया- जैसे तपती धूप में कुल्फी. मैंने उससे कहा कि, “मैं आ रहा हूँ.”

मैंने अंगोछा से पूरा मुँह ढका और निकल गया चुंगी. गंगा को पार करते हुए लग रहा था कि अंगारों पर चल रहा हूँ. बालू में आग लगी हुई थी. चुंगी से डाटपुल तक पैदल ही जाना था. कौन जाए एक किलोमीटर का दस रुपए देने. वैसे कोई और दिन होता तो मै दे देता लेकिन आज मुश्किल था क्यूंकि मेरे पास बस गिनती के ही रूपए थे.

अपनी धुन में धुनी रमाए मैं महात्मा गांधी मार्ग पर चला जा रहा था. जेठ की गर्मी से शरीर पसीने से तर-बतर हो गई थी. तभी मेरे दिमाग में देहाती रसगुल्ला की दुकान पर रसगुल्ला खाने का विचार आया. मैं सोचने लगा कि बहुत दिन हो गए हैं रसगुल्ला खाए. अनुमान लगाया तो पता चला शायद दो-तीन महीने हो गए थे. मन में एक हूक-सी उठी कि आज रसगुल्ला खाऊं. तभी याद आया कि जेब में तो केवल पचास रूपए का नोट बचा है. उसमें से मैं बीस रूपए का रसगुल्ला तो नहीं खा सकता हूँ. यह सोचकर मैं उसी धुन में आगे बढ़ता गया.

 

 

 

2.

दस कदम आगे बढ़ा ही था कि एक मद्धिम-सी आवाज़ कानों में पड़ी. पहले तो लगा कि कोई किसी को बुला रहा है. फिर आवाज़ अपनी आवृत्ति में बढ़ती गई. आवाज़ से लगा कि कोई मुझे तो नहीं पुकार रहा है. नजर उठाई तो देखा कि बगल में एक जीर्ण-शीर्ण रिक्शा है और एक वैसा ही आदमी मुझे ही पुकार रहा है, “बाबू जी-बाबू जी!” उस आवाज़़ में कातरता थी. मैं पास में पहुंचा और बोला-

“हाँ दादा बताइए क्या हुआ?”

उनका चेहरा निराश्रय शून्य में डूबा हुआ था. शरीर झुक गया था. चेहरे पर उदासियों के बादल छाए हुएँ थे. मेरे करीब आते ही उन्होंने कहा, “बाबू जी आटा दिला देंगे क्या? परसों से कुछ खाया नहीं हूँ. अगर आप आटा दिला देंगे तो मैं कुछ खा लूंगा.” उन्होंने पैसे नहीं आटा मांगा. मैं मन ही मन सोचने लगा कि आजकल कौन आटा मांगता है. वह तो सीधे मुझसे पैसे मांग सकते थे लेकिन उन्होंने आटा मांगा. उनकी आवाज़ से लग रहा था कि उनका स्वाभिमान इसकी इजाज़त नहीं दे रहा है कि वह रूपए मांगे. मैंने सोचा कि वह उन्हें भीख जैसा लग रहा होगा इसलिए वह पैसे की बजाय आटा मांग रहे हैं.

मैंने उनसे पूछा, “क्या दादा आप यहाँ कब से रिक्शा चला रहे हैं?”

मैंने जब यह सवाल उनसे किया तो वह बरबस ही फूट पड़े. ऐसा लगा कि किसी से उन्हें बात भी किए महीनों हो गए थे. आज भी उन्होंने कितनों को पुकारा होगा लेकिन कोई नहीं आया उनके पास. बताने लगे कि,

“वह कोई पच्चीस साल पहले गांव से शहर रिक्शा चलाने आए. तब रिक्शों की बहुत मांग हुआ करती थी. ढोने को इतनी सवारियाँ मिल जाती थीं कि फेरे कम पड़ते थे. तब वह सिविल लाइंस बस अड्डे से सवारियाँ ढोया करते. उन्हें चौक, चुंगी, संगम, कटरा और शहर की तमाम गलियों तथा मुहल्लों में छोड़ते. रिजर्व सवारियों का वह मोटा किराया वसूलते. मेम साहब-साहिबान को घर तक छोड़ने का वह अच्छा-खासा पैसा लेते थे. इतने में वह आराम से इतना पैसा कमा लेते जितने में उनके घर की आजीविका चल जाती थी.”

वह यह बताते हुए निराश हो गए कि ऑटो आने के बाद उनकी कमाई कम जरूर हुई लेकिन सवारियाँ मिलतीं रहीं. जब से यह बैठरी वाला रिक्शा आया है-तब से कोई भी अब उन्हें पूछता ही नहीं. पहले तो वह मोल-भाव भी करते थे कि इतने से कम में नहीं जाएँगे लेकिन अब तो मोल-भाव भी नहीं करते हैं. बस चाहते हैं कि लोग रिक्शे पर बैठ जाए, फिर चाहे वह किराए में कुछ भी दे दे. फिर भी कोई नहीं आता उनके रिक्शे पर. सब बैटरी वाले रिक्शे पर बैठ जाते हैं. वह बस टुकुर-टुकुर निहारते रहते हैं-इस उम्मीद में कि कोई तो दरियादिल होगा जो आएगा और कहेगा कि चलिए कटरा तक छोड़ दीजिए. मैं सोचने लगा कि नई तकनीकी आते ही हम पुरानी को छोड़कर आगे बढ़ जाते हैं लेकिन इसी समाज में परम्पराओं के नाम पर क्या कुछ नहीं होता- फिर भी हम सदियों से उनसे चिपके हुए हैं. इस सवाल ने मुझे उलझा दिया. मैं बहुत दिन तक इस पर सोचता रहा लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. मुझे आज भी इसके उत्तर की तलाश है. अगर आपको पता हो तो जरूर बताइयेगा.

मैंने उनसे फिर पूछा कि, “आप बैटरी वाला रिक्शा क्यूं नहीं ले लेते?”

उन्होंने डबडबाई आँखों से देखते हुए कहा कि, “उनके पास इतना पैसा ही नहीं है कि वह नया बैटरी रिक्शा खरीद पाएँ. खरीद भी लिया तो उसे चलाना मेरे बस का नही है.”

मैंने कहा कि, “आप खरीदिए तो फिर चलाना भी सीख जाएँगे.”

जब मैंने उनसे पूछा कि, “पिछले साल सरकार ने कम पैसे में रिक्शे बांटे थे तो आपको नहीं मिला क्या?”

वह कहने लगे कि बाबू “हम अनपढ़ आदमी क्या जाने कहाँ क्या हो रहा है. बातों ही बातों में पता चला कि बैंक में उनका खाता भी नहीं है तो रिक्शा खरीदने के लिए लोन मिलना भी दूर की बात थी.”

जेठ की दुपहरिया में उनकी आँखों में आषाढ़ आ गया था, “बाबू जी आप ही बताइए अब हम कहाँ जाएँ कैसे खाएँ कैसे जिएँ. बताइए? सरकार हमारे बारे में क्यूं नहीं सोचती. वोट तो हम भी देते हैं. हम कहाँ जाएँ. जिंदगी में जबसे बड़ा हुआ-रिक्शा ही तो चला रहा हूँ. अब इतनी उम्र हो गई है कि दूसरा कोई काम भी नहीं कर सकता हूँ. आप ही बताइए भूखे न मरे तो क्या करें?”

उन्होंने बताया कि,  “उनके दो लड़के हैं और तीन बेटियाँ हैं. बेटियाँ बड़ी हैं लड़के छोटे.“ कहने लगे कि, “बेटों का मन पढाई में नही लगा तो वह मजदूरी करने दिल्ली चले गये. दोनों को शराब की ऐसी लत लगी कि उनका खुद का जीवन जीना मुहाल हो गया है. अब मै इस बुढौती में भी रिक्शा चला रहा हूँ. बेटियों की शादी करनी है.”

मैं हताश था. निराश था. मेरे पास उनके किसी सवाल का जवाब नहीं था. मैं बस उनके सवनाई आँखों में देखता रहा.

यह सब कहते हुए उनकी आँखें भर आई. लगा कि रोने लगेंगे. मैंने सोचा कि उन्हें मैं बीस रूपए दे देता हूँ लेकिन समस्या यह थी कि मेरे पास बीस का फुटकर नहीं था और मैं पचास का नोट उन्हें देना नहीं चाहता था. मेरे पास की जमा पूंजी बस इतनी ही थी. इसी में मुझे आना और जाना दोनो था. मैं उन्हें रूपए देने का आश्वासन देकर फुटकर कराने के लिए गोलगप्पे की दुकान पर गोलगप्पे खाने चला गया. उनकी नजरों से लगा कि मैं उन्हें गोला देकर भाग जाऊंगा इसलिए जब मैं गोलगप्पे खा रहा था-तब वह मुझे निहारते रहे.

मैं वापस आया. बचे चालीस में से बीस रूपए उन्हें देकर वहाँ से आगे बढ़ गया. चलते हुए अचानक मेरे दिमाग के हार्मोन्स बदलने लगे. मन में कुछ अजीब-सा महसूस होने लगा. धड़कने बढ़ने लगीं. ऐसा लगा कि रिक्शे वाले का चेहरा मेरे पिता के चेहरे से गड्ड-मड्ड हो रहा है. मुझे लगने लगा कि रिक्शा पर मेरे पिता बैठे थे. वह कई दिनों से भूखे पेट शहर में भटक रहे हैं. हम घर पर उनका आने का इंतज़ार कर रहें हैं. वह नहीं आ पा रहे हैं क्यूंकि उनके पास खाने के लिए पैसे नहीं हैं.

 

 

 

3

ऐसा नही था कि मेरे हार्मोन्स पहले नही बदले थे. यह दूसरी बार हो रहा था. पहली बार तब हुआ था जब मै इलाहाबाद से बहुत दूर एक सुबह टोंस नदी के किनारे बैठा हुआ था. सुबह की नदी बहुत अलसाई- सी बह रही थी. वह आगे जाकर एक प्रपात बनाती- जिसकी साफ़ आवाज़ वहाँ तक सुनाई दे रही थी. पूरा किनारा खाली था. कहीं भी बैठा जा सकता था. बाढ़ ने एक रास्ता बनाया था. हम उसी से उतरते हुए यहाँ आए थे. थोड़ी देर खड़े-खड़े नदी के सौन्दर्य को निहारने के बाद लगा कि बैठ जाना चाहिए. मैंने देखा ठीक बिल्कुल किनारे एक पत्थर रखा है- जहाँ से नदी अपने पूरे विस्तार में दिखाई दे रही थी. मैं उसी पत्थर पर बैठ गया.

साथ में आया राज वहाँ से दूर चला गया था. वह मछुआरों को आवाज़ लगा रहा था. हमें मछली खरीदनी थी. वहाँ इतनी नीरव शांति थी कि उसकी बात नदी के उस पार तक सुनाई दे रही थी. काम करने वाली औरतें उस पार से हमारी तरफ़ आ रहीं थीं. दूर नदी उस पार उन्हें पंक्तिबद्ध होकर जाते देखकर लग रहा था कि चीटियों का झुण्ड चला जा रहा है. उनकी बातें हवाओं के साथ मेरे कानों में टकरा रहीं थीं. यहाँ मछुआरे भोर में ही आ जाते और मछली मारते हैं. सुबह-सुबह यहाँ मछली ताज़ा मिल जाती है. दिन निकला नहीं कि मछलियाँ ग़ायब. वह ग़ायब पानी में नहीं होती. जो मछली मारी है मछुआरों ने, उन्हें एक थोक विक्रेता खरीद लेता है; जिसे वह बड़ी बाज़ार में बेच आता है. हम थोड़ा देर से गए थे.

राज जोर लगाकर पूछ रहा था, “मछली मिल जायेगी क्या?”

उधर से उतनी ही तेज आवाज़ आई, “नाही, मिल पाई.”

तभी दूसरा मछुआरा अपनी ओर आता दिखा. वह अंतिम मछुआरा था अगर इसके पास भी मछली नहीं मिलती तो हमें खाली हाथ लौटना पड़ता. राज ने उसे आवाज़ लगाई. वह पास आया. उसके थैले में कुछ मछलियाँ फड़फड़ा रही थीं. हमने दाम पूछा. उसने बताया कि एक किलो मछली का दाम एक सौ पचास रूपए है. राज ने कहा कि वह कहीं बाहर से नहीं आया है. वह पास के गांव में रहता है. फिर वह मान गया. उसने सौ रूपये में हमें मछली बेच दी. तभी उसका फोन बजा.  “अरे मसाला पीसूं कि नहीं. मछली मिली?”

उसने झूठ बोल दिया कि आज उसे मछली नहीं मिली. जब मछली नहीं मिली तो बेचने का सवाल ही कहाँ उठता है. उसने यह नहीं बताया कि मछली बेची दी है. हम आपस में खुसुर-फुसुर करने लगे और अनुमान लगाने लगे कि पक्का दारू पियेगा लेकिन फिर सोचा कि यह भी तो हो सकता है कि वह बीबी के लिए कंगन या पायल ले जाए या बच्चो के लिए किताब या मिठाई. उसने अनुमान लगाकर एक किलो के हिसाब से दो मछली हमें पकड़ा दी और वापस चला गया. धीरे-धीरे उसकी आकृति एक बिंदु में बदल गई.

तभी राज को कुछ कौंधा. उसने आश्चर्य से कहा, “सर आप जहाँ बैठे हैं. उसके नीचे लाश जलाई गई है.” मैं भौचक देखने लगा. वहाँ राख और लकड़ी के ढेर सारे टुकड़ों को देखकर मुझे भी यकीन हो गया कि यहाँ तो लाश जलाई गई है. मैं वहीं से हटा. दिमाग़ में तरह-तरह के ख्याल दस्तक देने लगे. यह लाश यहाँ क्यूं जलाई गई? पक्का कोई आकस्मिक रहस्यमई मौत हुई होगी जिसके रहस्य को छिपाने के लिए यहाँ लाकर फूंक दिया गया होगा. यह आत्महत्या से हत्या तक हो सकती है. हो सकता है कि किसी लड़की को उसके ससुराल वालो ने मारकर जला दिया हो. हो सकता है कोई लड़का प्रेम में खुद को आत्मोत्सर्ग कर दिया हो. हो सकता है कि किसी लड़की को नीची जाति के लड़के से प्रेम करने के लिए सजा दी गई हो. हो सकता है कि कोई लड़की बिना शादी गर्भवती हो गई हो और घर वालों ने ही लोकलाज के डर से उसे जहर देकर मार दिया हो. हो सकता है हत्यारों ने किसी कि हत्या करके यहीं फूंक दिया हो. हो सकता है कि किसी लड़के ने अपने प्रेम को छूटने से पहले ही अपने जीवन की डोर छोड़ दी हो.

कुछ भी हो सकता था. तभी मेरी निगाह वहाँ से कुछ दूरी पर फेकें गये दुपट्टे, कमीज और सलवार पर गई जो इस बात कि गवाही दे रहे थे कि यहाँ किसी लड़की को फूंका गया था. कपड़ों के आकार से लग रहा था कि वह कोई अट्ठारह या उन्नीस साल की रही होगी.

यह सोचते हुए मेरे मन की तरंगे बदलनी शुरू हो गई. ऐसा लगा कि वह राख-लाश से लड़की बनकर मेरे सामने खड़ी हो गई है. मुझसे सवाल करने लगी कि,

“तुम्हें पता है मुझे इस वीराने में क्यूं जला दिया गया. तुम जब मेरे पास बैठे थे तब मुझे लगा कि इतने दिनों के बाद कोई मुझसे मिलने आया है. मैं बहुत खुश थी. तुम जब फोटो ले रहे थे नदी का. तुम्हारी एकाग्र आँखें कितनी तन्मयता से मैं देखे जा रही थी. मैं तुम्हारी उन आँखों में डूब जाना चाहती थी. मैं चाहती थी मैं तुम्हारे गले लिपट जाऊं. ठीक वैसे ही जैसे अंतिम बार उसने मुझे गले लगाया था- जब घर वालों ने हमें घसीटकर अलग कर दिया था.

जानते हो वह मुझसे बहुत प्रेम करता था. हमारे घर दो अलग-अलग गांव में थे लेकिन उनके बीच बहुत कम ही फासला था. हम एक साथ एक ही बस में बैठकर एक ही कालेज में पढ़ने के लिए जाया करते थे. वही से हम दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए. हम अलग-अलग गांवो से थे और हमारी जाति भी अलग थी. वह बस्ती में रहता था. हमारे यहाँ बस्ती उस टोले को कहते हैं, जहाँ अनुसूचित जाति के लोग रहते हैं और मै ठहरी निषाद. निषाद मतलब मल्लाह या केवट. हम चोरी-चोरी मिलते थे. जब पूर्णिमा के बाद चाँद मद्धिम होने लगता, हमारे मिलने के सिलसिले बढ़ते ही जाते. जैसे-जैसे चंद्रकलाएँ हसुली का आकार लेती वैसे-वैसे हमारा प्रेम प्रकाशमान होने लगता. अमावस्या की रात हमारे प्रेम की पूर्णिमा होती.

मैं अक्सर घर के अन्दर ही सोती, वह मुझसे मिलने के लिए घर की छत से होकर मेरे आँगन में उतरता और हम डूब जाते प्रेम की गहरी नदी में. एक ऐसी ही रात हम प्रेम की नदी में डूब-उतर रहे थे कि किसी ने दरवाजे की कुण्डी खड़काई. अब हमें काटो तो खून नही. मैंने उसे खटिया के नीचे छिप जाने का इशारा किया. दरवाज़ा खोला तो हाथ में लाठी और डंडे लिए हुए मेरे घर वालों के साथ गाँव के भी कुछ लोग खड़े थे. उसमें वह लड़का भी था, जो मुझसे कई बार जबरदस्ती प्रेम करने का दबाव डाल चुका था. मेरे मना करने पर उसने धमकी भी दी थी कि वह समय आने पर मुझे सबक सिखाएगा.

सबसे पहले उसी ने कमरे में ढूढ़ना शुरू किया कि वह कहाँ छिपा है. मैं बार-बार मना करती रही लेकिन वह नही माना. साथ में घर वाले भी लग गए. उसे खटिया के नीचे से निकाला और लात-घूसों से उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी. सभी नशे में धुत थे. पीटने के बाद उससे कहा कि वह थूककर चाटे, तभी उसे जाने दिया जायेगा और साथ में धमकी भी दी कि अब इधर दिखना भी मत नही तो जान से हाथ धो बैठोगे. उसने थूककर चाटा ही था कि एक आदमी ने उसके पीठ पर जोर से लात मारा. वह चारों खाने चित हो गया. मुझसे यह वीभत्स दृश्य देखा नही गया. मैं उससे जाकर लिपट गई.

उन्होंने हमें खीचकर एक-दूसरे से अलग कर दिया. उसे घसीटकर बाहर ले गए और मुझे घर के भीतर बंद कर दिया. मै रोती और चिल्लाती उससे पहले उन्होंने मुझे बांधकर कपड़ा मेरे मुँह में ठूस दिया. बाद में धीरे-धीरे उसके चीखने की आवाज़ बंद हो गई. वह वापस लौटे. दरवाजा खोला और मेरे भाई ने मेरा गला मेरे दुप्पट्टे से कसकर दबा दिया यह कहते हुए कि, “तोर जवानी ज्यादा चढ़ गईल बा. ले अब न रही बांस न बजी बांसुरी.” मैंने थोड़ी देर हाथ-पाँव पटका और फिर शांत होकर ठंडी हो गई. फिर वह मुझे मोटरसाइकिल पर लादकर यहाँ ले आए और कुछ लकड़ी और पेट्रोल डालकर जला दिया. तब से मै यहाँ हूँ, इस इंतजार में कि वह आएगा लेकिन वह नही आया. सब आते हैं लेकिन मेरी राख को देखकर दूर चले जाते हैं. तुम पहले आदमी हो जो मेरे पास यहाँ आयें हो. जब मैंने इतनी तन्मयता से नदी को निहारते तुम्हें देखा तो तुमसे बोले बिना रहा नहीं गया. तुम बोलते क्यूं नहीं कुछ?”

“क्या बोलूं मैं. मैं तो तुम्हें जानता भी नहीं.”

“मैं तो तुम्हें जानती हूँ.”

“कैसे तुम मुझे जानती हो?”

“तुम्हारी आँखें बता रही हैं कि तुम प्रेम में हो. क्या इतना काफी नहीं है जानने के लिए.”

“नहीं, तुम झूठ बोल रही हो. मैं किसी से प्यार-व्यार नहीं करता. अपनी बकवास बंद करो.”

“झूठ क्यूं बोल रहे हो खुद से. क्या तुमने नहीं चाहा कि वो लड़की जो तुम्हें नदी के किनारे मिली थी. वह तुम्हारी दोस्त बनें. बाद में तुम उससे प्यार भी करने लगे थे. क्या नाम था उसका?”

“मुझे नहीं पता.”

“मुझे पता है. कृति था उसका नाम न. सही कहा न मैंने!”

“तुम्हें कैसे पता यह? मैंने तो किसी को कभी बताया नहीं.”

“मुझे पता है. मैं वहाँ भी थी. देखा नहीं- मैं ठीक तुम्हारे नीचे थी. जहाँ तुम दोनों खड़े होकर प्रेम में जीने-मरने की कसमें खा रहे थे.”

 

मैं जड़वत वही खड़ा रहा. मेरे शरीर में कंपकंपी छूटने लगी. दिल की धड़कनें गुब्बारा बनने वाली थी कि राज ने झकझोरा- “अरे सर आप कहाँ खो गए?” मेरी बेहोशी छूटी तो देखा सामने राज खड़ा है. हम मछली लेकर निकल गए. राज ने कहा कि सर इसे भूनकर खाते हैं. हम खेतों के बीच आम के बाग में पहुंचे. वहाँ लकड़ियाँ इकट्ठा कीं. तब तक बिना पानी के मछलियाँ मर चुकीं थीं. हमने उन्हें तड़पाकर मार डाला था. आग लगाई गई. मछलियाँ आग के ऊपर डाल दी गई ठीक वैसे ही जैसे लाश को लकड़ियों के ऊपर रख दिया जाता है.

मेरी मन की तरंगें पहले से ही बदली हुई थीं. देखते-देखते ही मुझे लगा कि मछली, लड़की में बदल गई है. मैं नदी के किनारे उसकी लाश को जला रहा हूँ. मेरे सामने लाश जल रही है. उसमें वहीं लड़की लेटी है. मैं उसे उलट-पलट कर क़रीने से जला रहा हूँ. वह छटपटाते हुए चिल्ला रही है कि,

“तुम प्रेमी से अपराधी कब बन गए? मैं अट्टहास करने लगा. तुम मुझे पहचान ही नही पाई. मैं अपराधी ही हूँ. तुमने समझने में फिर से गलती कर दी. मैं एक पुरूष हूँ. अपने पुरूषत्व का प्रदर्शन कर रहा हूँ.”

उसने कहा कि, “नहीं तुम ऐसे कैसे हो सकते हो गोविंद? तुम भूल गए उन भतीजियों को जिन्हें ऐसे ही रहस्यमय तरीके से दुनिया से गायब कर दिया गया था. भूल गए उनकी प्यारी मुस्कान. इतना जल्दी तुम कैसे बदल सकते हो? याद है तुम कितना रोए थे हास्टल के कमरे में जब तुमने सुना था कि वह नहीं रही. कारण तो तुम भी जानते ही हो न. वही छल-प्रपंज का शिकार हो गई थी वह. और दूसरी को देखने की हिम्मत भी नहीं हुई जबकि तुम वहीं थे जब वह फंदे पर झूल रही थी. जिसने उसके साथ गलत किया तुम्हारा ही तो दोस्त था. तुम चाहते तो उसे बचा सकते थे.”

मै चुप था लेकिन मैंने इस पर प्रश्न किया कि तुम्हें ऐसा क्यूँ लगता है कि मै उसे बचा सकता था.

उसने कहा कि, “तो तुमको नही लगता है कि तुम उन्हें बचा सकते थे?”

“नही.”

“झूट बोल रहे हो तुम अब. तुम्हे भी सब पता था. तुमने उसे रोका क्यूँ नहीं?”

मै निरुत्तर हो गया. मेरी आँखों में नदी का पानी बहने को हो आया. मै फूट पड़ा कि, “मै क्या करता? बताओ तुम. मै अगर कुछ कहता तो घर वाले ही मुझे सुनाने लगते कि अपने तो कुछ करता-धरता नही है. न किसी से बोलना-चालना न किसी के पास बैठना. बस दिन भर अपने में मस्त रहता है. कोई कुछ सहायता कर दे रहा है तो इसे यह भी अच्छा नही लग रहा है. अब बताओ मै कैसे बचाता उन्हें.”

“तुम रहने दो बस बहाने बनाने आते हैं तुम पुरुषों को. वह दोनों पुरुष भी तुम्हारी तरह ही अपराधी थे.” “मैं उनके जैसा कैसे हो सकता हूँ. तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई मुझे उन दरिंदो जैसा कहने की.“ मै गुस्से से फट पड़ा.

“हाँ मैं कहूँगी कि तुम भी बराबर के भागीदार हो उनके रहस्यमय तरीके से दुनिया छोड़कर चले जाने में.”

इतना सुनने के बाद लगा कि मेरी नशों में अंगारे भर गये हैं. मैने कहा कि, “अब बस करो. इससे ज्यादा मुझसे सहा नही जायेगा.”

वह अट्टहास करके हंसते हुए कहने लगी कि, “बस इतने में ही तुम्हारी हिम्मत जबाव दे गई. जरा उनके बारें में सोचों उन्होंने कैसे-कैसे ताने और गालियाँ सुनी होंगी. फिर भी वह डटकर खड़ी रहीं लेकिन सब उनके खिलाफ हो गये. ऐसे मौके पर तुम्हें उनके साथ खड़ा होना था लेकिन तुम भी….. मुझे इसकी उम्मीद नही थी. मुझे पता नहीं क्यूँ लगता है कि तुम उन्हें बचा सकते थे. इतना कहकर वह चुप न हुई. कहने लगी कि आज तो कम से कम उसे याद करो.”

याद करते ही दोनों भतीजियों का चेहरा उसके चेहरे में तब्दील हो गया. मैंने हकलाकर कहा कि, हाँ-हाँ वह मुझे याद आ रही हैं. अब मैं तुम्हे नही जलने दूंगा……..!”

मैं दौड़ता हुआ नदी में कूद गया. लगा जलती चिता पर पानी फेंकने. ऐसा लग रहा था कि मैं जितना पानी फेंक रहा हूँ वह उतनी ही तेजी से जल रही है. “क्या करूं मैं?” मैंने वहीं पास में पड़े हुए बालू को उसके ऊपर डालना शुरू किया. लड़की दहाड़ मारकर रोने लगी.

“अब कुछ बचा नहीं है. तुम वापस चले जाओ. तुम भी कुछ नहीं कर पाओगे. जब अपनी भतीजियों के रहस्यमय तरीके से जीवन खत्म कर देने के खिलाफ कुछ नहीं बोल पाए, तो मेरे लिए क्या ही करोगे. डरपोक हो तुम? अभी भी तुम चाहो तो कितनी भतीजियों और भांजियों की जिन्दगी नर्क होने से बचा सकते हो. मुझसे एक वादा करो कि उनका हाथ नही छोड़ोगे जब वह अकेले पड़ जाएँगी.“

मैंने एक लम्बी आह भरी. सबका चेहरा मेरी आँखों के सामने नाचने लगा कि कितनों को मै बचाऊंगा. मैंने कहा, “मै वादा तो नही लेकिन यह वादा जरुर करता हूँ कि उन्हें मैं अपनी अंतिम कोशिश तक बचाने कि कोशिश करूँगा.“

मैं एक बार फिर उसे बचाने की अंतिम कोशिश में नदी में कूद गया. कूदते ही लगा कि डूब जाऊंगा. गहरे पानी में मेरी सांसें अटकने लगी. धीरे-धीरे मैं उसी पानी में समा गया.

आँखें खुलीं तो देखा कि मेरे मुँह पर पानी की बूंदें गिर रहीं हैं. चेहरा पानी से नहा गया है. देखा सामने राज खड़ा है और लोगों की भीड़ लगी हुई है. पेड़ आसमान में टंगे हुए हैं. अपने आपको मैंने एक पेड़ के नीचे पाया. जिस जगह अभी मैं था उस जगह तो मैं आया नहीं था फिर यहाँ कैसे आ गया. मेरे पूछने पर राज ने बताया कि, “अरे सर हम सभी तो साथ ही आएँ हैं ना” मैंने अनमने ढंग से सबको निहारा जैसे मेरा कुछ खो गया हो. अगली सुबह मैं इलाहाबाद लौट आया लेकिन यह नहीं समझ पाया कि मैं बाग से घर कैसे गया?

 

 

 

4

मैं चलते-चलते डाट पुल के पार आ गया. मन बेचैन होने लगा. रह-रहकर पिता का चेहरा आँखों के सामने घूम जाता. मैंने सोचा कि क्यूं न मैं उन्हें यह बचे बीस रूपए भी दे दूं. सोच ही रहा था कि तभी मोबाइल की घंटी बची. मैंने मोबाइल देखा तो कृति का कॉल आ रहा था. वह पूछने लगी कि, “अभी कहाँ हो?” मैंने बताया डाटपुल के पास खड़ा हूँ. वह आई तो मेरा बुझा हुआ चेहरा देखकर मायूस हो गई. कहने लगी कि, “नहीं मन था तो मत ही आते. ये बुझा हुआ चेहरा लेकर क्यूं आ गए?”

“अरे नहीं मैं मायूस नहीं हूँ.”

“फिर यह चेहरा?”

“अरे यह तो वैसे ही तुम्हें लग रहा है.”

“अच्छा मैं इतनी भी बुद्ध नहीं हूँ कि मुझे खुशी और ग़म की पहचान चेहरे से न हो पाएँ.”

“तो तुम्हें मैं मायूस लग रहा हूँ.” मैंने हंसते हुए कहा.

“हाँ-हाँ. मायूस हो तुम. भीतर से गुस्सा भी होगे तुम.”

“अरे नहीं. ऐसा कुछ नहीं है.”

“फिर तुम्हारी आँखें गीली क्यूं हैं?”

“क्या बताऊं तुम्हें?”

“बताओं ना अब दोस्त से क्या छिपाना?”

“अरे यार कुछ हो, तब न बताऊं.”

“नहीं-नहीं. तुम बताओ. नहीं तो मैं वापस चलीं जाऊंगी. बात भी नहीं करूंगी तुमसे.”

मैं बोलता इससे पहले ही मेरी आँखों से आँसू बहने लगे. वह घबरा गई कि क्या हो गया इसको. लगी अपने दुपट्टे से मेरी आँखें पोंछने. कुछ देर बाद मैं शांत हुआ. उसने पुचकारते हुए कहा कि, “आओ रसगुल्ला खाते हैं.”

तुम्हारे पास पैसे हैं क्या? मैंने उससे पूछा.

“रसगुल्ले खाने भर के हैं.”

“कितना?”

“पचास रूपए.”

“मुझे दे दो.”

उसने मुझे रूपए दे दिए. मैं दौड़ने लगा उस तरफ़ जिस तरफ़ रिक्शा वाला खड़ा था. उसे कुछ समझ ही नहीं आया कि मैं कहाँ दौड़ा चला जा रहा हूँ. वह भी दौड़ते हुए मेरे पीछे आई. मुझे उसने पकड़कर रोक लिया. कहने लगी कि, “तुम पागल तो नहीं हो गए हो. कहाँ भागे जा रहे हो. कुछ बताओगे भी?”

उसने मेरे हाथ जोर से पकड़ लिए. बस इतना ही बोल पाया कि, “साधु…….” इतने में मेरी आँखों में आंसुओं की नदियाँ बहने लगी. वह समझ गई सब. उसने वहीं छांव में मुझे बैठाया पानी पीने को दिया. फिर बोली कि,

“देखो एक दिन सबको दुनिया छोड़कर जाना ही है. तुम्हें भी और मुझे भी. पापा को जाना था. वह चले गए. अब ऐसे रोओगे तो अच्छे नही लगोगे? पापा भी नाराज़ होंगे कि रो रहा है. तुमने सबकुछ तो किया न पापा के लिए. मुझे भी दुःख है कि तुम उनको अंतिम बार नहीं देख पाए. होली के दिन दिल्ली से आने में समय तो लगता ही है. अब मां ने तुमसे पूछा भी तो था कि साधु को तुम्हारे आने तक रखें या ले जाएँ श्मशाना तुमने कहा था न कि मुझे आने में बहुत समय लग जाएगा. आप उन्हें श्मशान ले जाएँ. फिर बार-बार क्यूं मायूस हो जाते हो? और आज तो तुम पागलों जैसी हरकतें करने लगे. मुझे तुम्हारा मायूस चेहरा अच्छा नहीं लगता. अभी तो पिता तुम्हारे साथ ही हैं. मान लो घर पर पड़ा हुआ रिक्शा-रिक्शा नहीं पिता जी हैं. तुम्हारी कितनी यादें हैं उस रिक्शे के साथ. उन यादों को संजो कर रखो लेकिन ये रूआँसा चेहरा अब अच्छा नहीं लगता.”

अचानक मोबाइल पर संदेश आया. मैंने देखा तो फेलोशिप के पैसे आने का संदेश था. अब तो मेरी आँखें ही खिल गई. मैं फिर उठकर भागने लगा. अबकि बार मैं एटीएम की तरफ़ भागा. मेरी निगाहों में बस नोट नाच रहे थे. बगल के एटीएम से पैसे निकालकर मैं फिर सीधा भागा उस जगह जहाँ रिक्शा वाला खड़ा था.

मैं उन्हें पांच सौ का ढेर सारा नोट देकर उनका चेहरा देखना चाहता था. वह मुस्कुराहट देखना चाहता था जो मैंने पिता की अंतिम बार देखी थी जब उनका दर्द बढ़ गया था और वह बर्दाश्त से बाहर हो रहा था. मैं उन्हें अस्पताल ले गया. थेरेपी के बाद उन्हें आराम हो गया. वह जब घर वापसी के लिए आटो में बैठ रहे थे तो मुस्करा कर उन्होंने कहा था कि “बाबूरे बहुत नीक लगत रहल मशीनिया जब गलवा पर चलत रहल ता” फिर वह उस तरह कभी नहीं मुस्कुराए. वैसे ही मायूसी में दुनिया से चले गए.

कितनी बार उन्हें कहा कि, “साधु चला न हमरे साथे बड़के अस्पताल” लेकिन वह ठहरे जिद्दी आदमी. नहीं गए. बहुत मनाने के बाद जिला के एक अस्पताल में उन्हें दिखाया. डाक्टर ने दवाएँ दे दी उन्हें. इसके बाद उन्हें आराम मिलने लगा. लेकिन मुझे नहीं पता था कि वह दर्द निवारक दवाएँ खा रहे हैं. पता तब चला जब इन दवाओं ने उनकी किड़नी और गुर्दे को छलनी कर दिया. मैंने उनसे कहा कि, “साधु! अब त चल चला न बड़के अस्पताल?” वह फिर भी नहीं माने. इतने जिद्दी आदमी थे कि हम उनकी जिद के आगे झुक जाते.

अब वह रात को कराहते. एक बार मैं घर गया. पिता रात में कराहने लगे. उनकी कराहट मेरे दिल को छेदकर निकल जा रही थी. ऐसा लगता कोई भाला लेकर मेरे मन को कुरेद रहा है. मैं पूरी रात नहीं सो पाया. उनसे कुछ बात भी नहीं कर पाया. अगले दिन फिर उनसे कहा कि बड़के अस्पताल चलते हैं. कहने लगे कि अब कहीं ना जाब. मैं रूआँसा हो गया. दूसरी रात भी फिर जागते हुए मैंने गुजार दी. अगली सुबह मेरी सहनशीलता को पार कर गई थी. मैं इलाहाबाद चला गया. अब मुझे घर जाने से डर लगने लगा. मैं पिता के बारे में सोचकर ही घबरा जाता. दिन गुजरते रहे.

मैं दिल्ली स्थित राष्ट्रीय अभिलेखागार में ‘अभिलेख प्रबंधन’ का एक कोर्स कर रहा था. एक दिन मां ने कहा कि, “बाबू आई जा साधु याद करत हवै तोहके.” मैं समझ गया कि पिता की हालत ठीक नहीं है. मैं तुरंत राजधानी एक्सप्रेस से इलाहाबाद फिर वहाँ से घर आ गया. पिता को देखकर मैं भावुक हो गया. अब वह थोड़े स्वस्थ थे. मुझसे कहने लगे कि, “बाबू तोहके नौकरियाँ मीलि जात त केतना नीक रहता मैंने हंसते हुए कहा कि, “अरे साधु नौकरियाँ त हम करते हई. चौरालिस हजार रुपया पाईला.” वह हंसने लगे तो मैं और भावुक हो गया. उसी भावुकता में मैंने तीन-चार फोटो उनकी खीचीं जो मेरी अब तक खींची गई सुंदर तस्वीरों में से एक हैं.

मैं वापस दिल्ली आ गया. हफ़्ते भर हो गए थे. सुबह का समय था. मैं नहाने गया था. वापस आकर देखा तो घर से आने वाले कॉल्स की भरमार थी. मुझे कुछ अनहोनी की आशंकाएँ होने लगी. मेरे हाथ कांपने लगे. उन्हीं कांपते हाथों से मैंने फोन लगाया. उधर से भाई बोला कि, ‘साधु चल गइनै.” मैं रोते हुए जहाँ था, वहीं ठस्स खड़ा रह गया. फिर एक दिन मेरी खींची हुई उनकी मुस्कराती तस्वीर पर मालाएँ पड़ी थीं. अब जब भी घर जाता हूँ, मां कहती हैं कि, “साधु क फोटुआ देख के लगैला कि हंसतै रहै नै.”

 

 

 

5.

कृति परेशान हो गई. वह गुस्सा होने लगी कि कहाँ मैं परेशान थीं- अब यह इतना परेशान कि मैं अपनी परेशानी भी भूल गई.

“क्या हुआ है गोविंद, अब नहीं बताओगे तो मैं पक्का चलीं जाऊंगी?” मैं फिर से रोने लगा. रोती हुई आवाज़ में ही कहने लगा कि, “अभी साधु आए थे. यहीं ठीक रिक्शे पर बैठे थे. वह आते-जाते लोगों से आटा मांग रहे थे. कई दिनों से भूखे थे. जानती हो-वह कह रहे थे कि मुझे घर जाना है. वहाँ मेरा बेटा इंतजार कर रहा होगा. मैंने उन्हें सिर्फ बीस रुपए दिए कृति सिर्फ बीस रूपए. अभी वह यहीं थे. पता नही कहाँ चलें गए. मैं चालीस हजार रुपए उन्हें देने आया हूँ. पता करो वह कहाँ गए. देखो न! तुम मुझे क्या देख रही हो. जाओ उन्हें ढूंढो. मैं इधर देखता हूँ तुम उधर देखना. जैसे तुम्हें दिखें मुझे काल करना. ठीक है.”

कृति बदहवास सी मुझे देखें जा रहीं थी. मेरी हालत देखकर उसे रोना आ गया. वह मुझे पकड़कर वहीं नीम के पेड़ के नीचे बैठ गई और लगीं मेरा आँसू पोंछने. जितना पोछती उतना ही फिर बाहर आ जाते. उसने मुझे रोका नहीं. रोने दिया. मैं घंटों रोता रहा यह कह-कहकर कि पिता जी को यह चालीस हजार रुपए दे आओ. धीरे-धीरे मैं वहीं कृति की गोद में सो गया.

उठा तो मेरी नज़र पंखे पर गई. मैं चौंका कि यह कहाँ आ गया हूँ मैं. देखा तो सिरहाने कृति बैठीं हुई मेरे माथे पर अपना हाथ फेर रही थी. मैंने उससे पूछा कि, “मैं यहाँ कैसे आ आया?”

कृति ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं तुम्हें उठा लाई.”

“अच्छा फिर मुझे क्यूं नहीं पता चला?”

“अरे छोड़ो वह सब ये लो चाय पियो और चलते हैं कंपनी बाग तुम्हारे पसंदीदा जगह राजकीय पुस्तकालय. फिर कल मेरे साथ चलना है.”

“कहाँ?”

“अरे वो ममता दिल्ली से इंटर्नशिप करने आ रही है न. वह शहर के माने जाने मनोचिकित्सक डॉ. अग्रवाल के निर्देशन में इंटर्नशिप करेगी. बस वही चलेंगे. तुम भी मिल लेना.”

“चलो अब चाय पियो.”

“अच्छा मेरा मोबाइल देना. एक फ़ोन करना है.”

“किसको?”

“भांजी से बात करनी है. वह ठीक तो है ना?”

“ठीक है. कर लो.”

__________________

गोविन्द निषाद आज़मगढ़ (उत्तर प्रदेश), की कविताएँ, कहानियाँ और लेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं. वे रचनात्मक लेखन और शोध, दोनों क्षेत्रों में समान रूप से सक्रिय हैं और अलग से रेखांकित करने योग्य हैं. वर्तमान में वे जी.बी. पन्त सामाजिक विज्ञान संस्थान, इलाहाबाद में शोधरत हैं.

संपर्क: govindgbpssi@gmail.com

Tags: 20262026 कहानीगोविन्द निषादबिना पानी की मछलियाँ
ShareTweetSend
Previous Post

शिरीष ढोबले की कविता : तेजी ग्रोवर

Next Post

कौन हैं ज्याँ द्रेज़? कुँवर प्रांजल सिंह

Related Posts

जोगेन चौधुरी : ‘मास्टर ऑफ अनब्रोकन लाइन्स’ : गरिमा श्रीवास्तव
पेंटिंग

जोगेन चौधुरी : ‘मास्टर ऑफ अनब्रोकन लाइन्स’ : गरिमा श्रीवास्तव

बिलॉन्गिंग : विरासत के साये में स्मृतियों का संसार : कुँवर प्रांजल सिंह
समीक्षा

बिलॉन्गिंग : विरासत के साये में स्मृतियों का संसार : कुँवर प्रांजल सिंह

2026 का बुकर पुरस्कार : एम. जॉन हैरिसन : द एंड ऑफ एवरीथिंग : बातचीत : अनुवाद : अनुराग अंकुर
बातचीत

2026 का बुकर पुरस्कार : एम. जॉन हैरिसन : द एंड ऑफ एवरीथिंग : बातचीत : अनुवाद : अनुराग अंकुर

Comments 10

  1. Anonymous says:
    4 weeks ago

    मर्मस्पर्शी कहानी ।
    ऐसे ही लिखते रहिए

    Reply
  2. अमिता शीरीं says:
    4 weeks ago

    इस शहरे इलाहाबाद में सुबह नदी के किनारे टहलते, शाम बाज़ार में मैं युवा बच्चों को देखती हूं 😒 अक्सर उनके चेहरे बिन पानी की मछलियों जैसे ही दीखते हैं. इक्का दुक्का दिखाई देने वाले रिक्शे वालों में बाबू जी का चेहरा ही दीखता है. और प्रेम करती लड़कियां, क़त्ल कर दी गईं लड़कियां एक अलग ही कहानी क़ी फरमाइश करती हैं. उन पर लिखी ढेरों कहानियों के बावजूद 🍃
    मुबारक यह कहानी ✨

    Reply
  3. हिमांशु विश्वकर्मा says:
    4 weeks ago

    ‘बिना पानी की मछलियाँ’ पढ़ते हुए कई जगह ठहरना पड़ा। कुछ कहानियाँ अपने कथानक से अधिक उस बेचैनी के कारण याद रह जाती हैं, जो पढ़ने के बाद भी भीतर बनी रहती है। इस कहानी में भी कुछ ऐसा ही अनुभव हुआ। इसे पढ़ते हुए लगा कि जीवन में अभाव सिर्फ़ चीज़ों का नहीं होता, कभी-कभी परिस्थितियाँ मनुष्य से उसके सहज होने की गुंजाइश तक छीन लेती हैं। कहानी ख़त्म हुई, लेकिन उसका एहसास बना रहा। मेरे लिए किसी कहानी की सार्थकता शायद इसी में है कि वह पढ़ने के बाद भी हमारे भीतर कुछ चलाती रहे।

    Reply
  4. Sunil says:
    4 weeks ago

    इस कहानी के आंसू छलक कर मेरे आंखों से बहने लगे।

    Reply
  5. Ramesh Sharma says:
    4 weeks ago

    कहानी की शुरुआत अच्छी हुई पर आगे उसमें शिथिलता आ गई। कथ्य तो ठीकठाक है पर लय और प्रवाह की कमी से कहानी प्रभावित नहीं कर पाई।

    Reply
  6. Dr. O.P. Singh, Bijnor, U.P. says:
    4 weeks ago

    गोविंद निषाद की यह कहानी बहुत मार्मिक बन पड़ी है। कहानी के नायक की आँखों में जब नदी की धारा बह रही थी, पाठक के रूप में मेरी भी आँखें नम हो गई थीं।
    जन सामान्य के जीवन की गहरी और छुपी पीड़ा को लेकर लिखी गई यह कहानी, मध्य वर्गीय समाज को काफ़ी हद तक उघाड़ गई है। जाति और इज़्ज़त के नाम पर लड़कियों की हत्या करने वाला यह समाज, शायद इस कहानी को पढ़कर कुछ सोचे। जैसे इस कहानी का नायक सोच और पछता रहा है कि काश वह अपनी भतीजियों को बचा पाता।

    नदी किनारे लकड़ी की जली राख में मौजूद उस लड़की से होते हुए अपनी भतीजियों की चींख तक पहुँचने वाला नायक, कहानी में लगातार समाज की उस पीड़ा से पछाड़ खाता देखा जा सकता है। उसकी ‘हूक’ पूरी कहानी में मौजूद है। पिता की छवि को रिक्शे वाले में देखकर उसे पुनः ढूँढने की असफल कोशिश करना, कितना कुछ कह गया है।
    पूरी कहानी अपने भीतर आग समेटे हुए है। चाहे वह उस लड़की अथवा भतीजियों के चिता की आग हो या जेठ की तपती दोपहरी या पिता की छवि लिए रिक्शे वाले के पेट की आग हो। सभी जगह बस तपन ही है, जो पाठक को अपने भीतर कसकर झुलस देना चाहती है। अगर पूरी कहानी में कहीं शीतलता है, तो वह नायक की प्रेयसी कृति के होने में है। वही जहाँ-तहाँ रूई का फ़ाहा लेकर उपस्थित हो आती है और ‘माथे’ को सहला कर शीतल कर जाती है।

    अच्छी कहानी लिखने के लिए गोविन्द निषाद को बधाई।

    Reply
  7. जूही चौधरी says:
    4 weeks ago

    बहुत ही मार्मिक रचना ,एक पिता की तड़प और जिम्मेदारियों का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन । और उन लड़कियों का जो खुले आसमान में खुद उड़ना चाहती हैं लेकिन समाज उन्हें अपने द्वारा बनाए गये नियमों के सांचे में ढालने के लिय कई तरह की बंदिश लगाता है, इन सब के बीच जाति से परे प्रेम करना,उनके द्वारा किए गए किसी पाप से कम नहीं माना जाता । यहाँ इस खोखले समाज में दो इंसानों की जिंदगी से ज्यादा जाति मूल्यवान है।
    जीवन और समाज की सच्चाई को प्रदर्शित करती बहुत सुंदर प्रस्तुति।
    बहुत प्रशंसनीय रचना गोविंद भईया 🌼

    Reply
  8. Anonymous says:
    4 weeks ago
    Reply
  9. Madhu saxena says:
    4 weeks ago

    कहानी में खुद समा गई हूं जैसे ।
    कभी पिता बनी ,कभी रिक्शा वाला ।
    बेचैन कर गई कहानी …💐💐

    Reply
  10. JAVED ALAM KHAN says:
    3 weeks ago

    कहानी बेचैन कर गई।गोविंद को बहुत मुबारक

    Reply

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

समालोचन

समालोचन साहित्य, विचार और कलाओं की हिंदी की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है. डिजिटल माध्यम में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की जरूरत को ध्यान में रखते हुए 'समालोचन' का प्रकाशन २०१० से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है. विषयों की विविधता और दृष्टियों की बहुलता ने इसे हमारे समय की सांस्कृतिक परिघटना में बदल दिया है.

  • Privacy Policy
  • Disclaimer

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2010-2026 समालोचन | powered by zwantum

No Result
View All Result
  • समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • आलोचना
    • आलेख
    • अनुवाद
    • समीक्षा
    • आत्म
  • कला
    • पेंटिंग
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • शिल्प
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • संपर्क और सहयोग
  • वैधानिक