• मुखपृष्ठ
  • समालोचन
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
No Result
View All Result
समालोचन

Home » चैंचलो : धर्मचन्द्र प्रशान्त : योगिता यादव

चैंचलो : धर्मचन्द्र प्रशान्त : योगिता यादव

by arun dev
October 19, 2026
in कथा
Reading Time: 6 mins read
A A
चैंचलो : धर्मचन्द्र प्रशान्त : योगिता यादव
फेसबुक पर शेयर करेंट्वीटर पर शेयर करेंव्हाट्सएप्प पर भेजें
चैंचलो
धर्मचन्द्र प्रशान्त


डोगरी से  हिंदी अनुवाद  : योगिता यादव

 

लेफ्टिनेंट ज्ञान जब अटक के किनारे पहुंचा तो उसे ऐसा नजारा दिखाई दिया जो उसने जीवन में पहले कभी नहीं देखा था. ‘बूँजी‘ में तबादला हुए अभी तीन दिन हुए थे. पर उसे अभी तक उसके मनमाफिक जगह नहीं मिल रही थी, जहाँ वह हर रोज शाम की सैर कर सके. आज जिस जगह वह खड़ा था वहाँ आने-जाने से नीचे दरिया तक जाने का रास्ता बन गया था. दरिया किनारे कुछ छोटे चट्टानी थड़े भी थे, जिस पर लोग बैठ सकते थे. जिन्हें कुप्पड़ कहा जाता है.

ज्ञान ने देखा सामने दरिया ‘अटक‘ ठाठे मारता बह रहा है. अटक की लहरें जब ऊपर उठतीं तो ऐसा लगता कि जैसे पानी के छोटे – छोटे पहाड़ लुढ़कते जा रहे हों. दरिया का पानी इतना ठंडा था कि जब हवा उसे छूकर ज्ञान के जिस्म से टकराती तो उसके रोंगटे खड़े हो जाते. इस पार से उस पार तक कितने ही भोटी लोग दरिया में बहकर आए पद्म पकड़ा करते थे. उनके लिए भूँजी में यह अच्छा-खासा काम था, जिससे दिन भर में ये लोग आठ-दस आने की कमाई कर लिया करते थे.

पर जिस वक्त लेफ्टिनेंट ज्ञान ने अपने दाईं तरफ देखा, वह हैरान रह गया. कोई बीस बरस की लड़की दरिया के किनारे बैठी थी. उससे कुछ नीचे एक पहाड़ी चट्टान का थड़ा था जिससे लहरें बार-बार टकरा रहीं थीं. वह चट्टान पता नहीं कितने हजार बरसों से यहीं जमी हुई थी कि दरिया की लहरें लगातार कोशिश करके भी उसे डिगा नहीं पाई थीं. चट्टान से टकराती लहरों का यह खेल वह लड़की देख रही थी और उसे इसके अलावा किसी और चीज का ध्यान नहीं था. लेफ्टिनेंट की नजर उसी लड़की पर जम गई जो अपना हाथ ठुड्डी के नीचे लगाए बैठी थी. कभी-कभार वह बीच में नजर उठाकर पहाड़ की तरफ भी देख लिया करती थी. ढाई हजार फुट ऊंचा नांगा पर्वत बड़ी गंभीरता से खड़ा हुआ था, जिसकी ऊपरी चोटियाँ बर्फ से लदी हुईं थीं. पर उन गगनचुंबी चोटियों के आगे बादल मंडरा रहे थे, इसलिए उन्हें देख पाना मुश्किल हो रहा था. बूँजी में लोगों को नांगा पर्वत की चोटी दिखाई देना बड़ी बात समझी जाती थी. ज्ञान ने देखा कि पर्वत के कंगूरों से बादल छंटे तो वह चोटी दिखाई देने लगी. यह देखते ही उस लड़की की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. वह खुशी से उछल पड़ी और उसने दोनों हाथ उठाकर जोड़े और आवाज़ दी – ‘जुले नमस्कार‘. दरिया का शोर इतना अधिक था कि ज्ञान समझ नहीं सका कि वह हाथ उठाकर आखिर क्या बोल रही है. दरिया की लहरें जब पानी में पड़े उस चट्टानी टुकड़े से टकरातीं थीं तो उसके छीटें इस लड़की पर भी पड़ते थे.

जूतियाँ खोलकर उसने पीछे रख दी थीं और अपने पैरों को पानी में ठंडा कर रही थी. ज्ञान को यह बात समझ नहीं आई कि वह चट्टान की तरफ देखने के बाद ऊपर नांगा पर्वत की चोटी को क्यों देखती है. सिपाहियों को किसी छावनी में औरत का दिखना परमेश्वर मिलने के बराबर होता है. वह दो साल गिलगित रहा. इन दो सालों में उसे एक बार भी कोई औरत नजर नहीं आई. छह महीने चलास भी काट आया. पर वहाँ भी कोई औरत नहीं दिखी. फिर बूँजी की छावनी के पास यह औरत कहाँ से आ गई. उसका दिल तो धक-धक कर रहा था, पर उसने हिम्मत करके स्थानीय भोटी भाषा में पूछा –

“चारंग गा पा इन (तू कहाँ रहती है).“

अब तक उस भोटी लड़की ने ज्ञान को नहीं देखा था. पर ज्ञान की आवाज़ सुनते ही उसके कान खड़े हो गए. उसने झटपट अपनी जूतियाँ पहनीं और क्षणांश में ही नजरों से ओझल हो गई. वह शायद खुबानियों के बाग की तरफ भाग गई. लेफ्टिनेंट का मन किया कि वह उसका पीछा करे, पर यह छावनी के नियम के विरुद्ध होगा, इसलिए उसे खुद को रोकना पड़ा.

दूसरे दिन वह ठीक उसी समय अटक किनारे आन पहुंचा. आज भी वह लड़की वहीं बैठी थीं और उसी तरह चट्टानी थड़े यानी कुप्पड़ से टकराती अटक की लहरों और बीच-बीच में आँख उठाकर नांगा पर्वत की चोटी को देख रही थी. पर आज उसने जूतियाँ नहीं उतारी थीं और कुछ सहमी सी बैठी थी. ज्ञान धीमे कदमों से आकर उसके पीछे खड़ा हो गया. पर उसके जूतों के भार से कुछ पत्थर लुढ़कने लगे, जिनकी आवाज़ सुनकर वह लड़की डर गई और भागने लगी. ज्ञान ने दौड़कर उसकी बांह पकड़ने की कोशिश की पर उसने ‘छोड़…!’ की मजबूत ध्वनि के साथ अपनी बांह छुड़वाई और भाग गई. पलक झपकते ही आज भी वह खुबानियों के बाग में जाकर गुम हो गई.

ज्ञान अब हर रोज शाम को उसी जगह पहुंच जाता पर दोबारा वह लड़की कभी वहाँ दिखाई नहीं दी. दस-पन्द्रह दिन बीत गए. इन दस-पंद्रह दिनों में ज्ञान की एक भी शाम ऐसी नहीं रही जब वह अटक किनारे न गया हो. पर वह लड़की वहाँ दोबारा कभी दिखाई नहीं दी.

 

 

२.

ज्ञान जब से बूँजी आया है, उसे मैस का इंचार्ज बनाया गया है. गिलगित में भी मैस का अफसर वही था. मैस में तीन लांगरी थे और वे तीनों ही छुट्टी चले गए. सिपाहियों का भी कोई लांगरी खाली नहीं था, जिसे खाना बनाने में लगाया जा सकता.
ज्ञान ने आज चौथी बार कमाण्डर को रिपोर्ट की कि अगर अब भी किसी लांगरी का इंतजाम नहीं किया गया तो अफसरों को भी सिपाहियों के लंगर में ही खाना खाना पड़ेगा.

कर्नल भीष्म सिंह ने ज्ञान को बुलाकर कहा, “लांगरी मिल गया है और उसे रसोई में भेज दिया गया है. अब तुम जाकर उसे सारी बातें समझा दो.”

लेफ्टिनेंट जैसे ही रसोई में पहुंचा तो नए लांगरी को देखकर वह हैरान-परेशान हो गया. यह वही भोटी लड़की थी जिसे दो बार उसने अटक के किनारे देखा था.

ज्ञान को देखकर वह थोड़ा सहम गई पर जल्दी ही मुसकुराते हुए उसने उसे सलाम किया.
ज्ञान हंस पड़ा और बोला – “हिंदुस्तानी जानती है तू?”

“हाँ”. कहकर वह कुछ देर चुप रही और फिर बोली, “मैस के इंचार्ज आप ही हो न, मुझे कुछ चीजें समझा दीजिए.”

उसने थोड़ा बहुत ही पूछा कि “अफसर कैसा खाना खाते हैं?” “चाय किस वक्त पीते हैं? और “कौन-सी चीज उन्हें ज्यादा पसंद है?” ज्ञान ने एक-एक कर उसे सारी बातें समझाईं और वहाँ पड़ा वह सामान भी उसे दिखाया, जिसकी उसे जरूरत पड़ने वाली थी.

वो लगती तो भोटी थी, पर थी बड़ी व्यवहार कुशल. वह जल्दी ही सारी बातें समझ गईं. अब उसे ज्ञान से जरा भी झिझक महसूस नहीं हो रही थी.

उसने पूछा- “तू कौन होती है?, मुसलमान!
वो बोली, “नहीं, बौद्ध.”
“तेरा नाम क्या है?”
“चुन चान लो.”
“तेरा घर कहाँ है? गिलगित?”
सिर हिलाते हुए वह बोली, “नहीं, सिक्याँग. गिलगित में हम पंद्रह-सोलह बरस से रह रहे हैं.”

ज्ञान ने मुस्कुराते हुए कहा, “तेरा नाम लेना बड़ा मुश्किल है. मैं तुझे डोगरा नाम से बुलाऊंगा- चैंचलो.”

वो हंसने लगी और कोई पांच-सात मिनट लगातार हंसती रही. बोली “ठीक है.”

भोटी लड़की का नाम ‘चैंचलो’ ही मशहूर हो गया. कर्नल भी उसे चैंचलों कहकर ही पुकारा करते थे. पर वह कभी भी किसी के साथ बदतमीजी से बात नहीं करती थी. मैस की निगरानी ज्ञान के हाथ में थी इसलिए उसके साथ वह जल्दी ही घुलमिल गई. अगर रात में कभी रसोई निपटाते उसे देर हो जाती, तो ज्ञान उसे घर तक छोड़ आया करता था. उससे अब वह बिल्कुल भी नहीं डरती थी. एक दिन उसने कहा- “उस दिन अटक किनारे मैं बहुत डर गई थी आपसे.”

कभी-कभी वह दोनों एक साथ अटक किनारे जाया करते थे और वहाँ वह उसी तरह चट्टान से पानी का टकराना और नांगा पर्वत की चोटी देखा करती थी. ज्ञान ने बहुत बार उससे पूछा कि वह लहरों की अठखेलियाँ और नांगा पर्वत की चोटी को इस तरह एक लय में क्यों देखती हैं. पर उसने यह बात राज़ ही बनाए रखी.

एक दिन अटक के किनारे बैठे ज्ञान ने चैंचलों से कहा, “मुझे कुछ वहम हो गया है कि तू अटक की लहरों को चट्टान से टकराते और बादलों से झांकते नांगा पर्वत के कंगूरे क्यों देखती है. मैं रात भर इसी सोच में डूबा रहा कि आखिर इसका कारण क्या है.
चैंचलो चुप हो गई. उसकी आंखों से आंसू ढुलक आये. देर तक खामोश रहने के बाद वह बोली –
“मैं आपको अपना समझती हूँ और आपसे कुछ नहीं छुपाऊंगी. इस जगह, जहाँ अभी हम दोनों बैठे हैं, यहीं मैं एक आदमी के आगे अपना दिल हार चुकी हूँ.”

चैंचलो ने जो लंबा चोगा (गिलगित की पोशाक) पहना हुआ था, उसकी ढीली-ढाली बाजुओं से उसने अपने आंसू पोंछे और बोली,

“वह गिलगित की एक एजेंसी में नौकरी करता था और यहाँ बैठकर उसने मेरे साथ बड़े-बड़े वादे किए थे.”

लेफ्टिनेंट ने पूछा, “उसका नाम क्या है? और इस वक्त वह कहाँ है?”

चैंचलों फिर से आंखें पोछते हुए बोली,

“उसका नाम नेकराम था और वह हजारे का रहने वाला था. आजकल एबटाबाद में है.”

ज्ञान ने पूछा –

“उसने तुझे छोड़ दिया?”

चैंचलों की आंखों से आंसुओं का झरना बहने लगा. वह बोली,

“नेकराम मुझे धोखा दे गया, वह मुझे कभी मिला ही नहीं फिर. पर मैं उसे भूली नहीं हूँ.”

देर तक वह कुछ नहीं बोली और फिर लेफ्टिनेंट की आंखों में आंखें डालते हुए पूछा, “अब आप मुझसे घृणा करने लगोगे? इसलिए मैं यह बात आपको बताना नहीं चाहती थी.”

ज्ञान ने चैंचलो की पीठ थपथपाते हुए कहा,

“चैंचलो अब मुझे तुझसे पहले से भी ज्यादा प्यार हो गया है. मुझे अगर वह कहीं मिल जाए तो मैं मार-मार कर उसकी हालत खराब कर दूं.”

उस दिन वह दोनों चुपचाप मैस की तरफ लौट आए. चैंचलो डोगरा खाना भी बड़ा स्वादिष्ट बनाया करती थी! ज्ञान ने बड़े जतने से उसे कुछ खास व्यंजन बनाने सिखाए थे.

ज्ञान और चैंचलों के मेलजोल पर बड़े अफसरों में खासी चर्चा हो रही थी. सभी उन्हें देखकर तरह-तरह की बातें करने लगे थे. एक दिन कर्नल साहब ने ज्ञान से कहा,

“अगर मैस का इंतजाम ठीक से नहीं संभाला जा रहा, तो मैस मेरे हवाले कर दो.”

ज्ञान ने तुरंत जवाब दिया,

“पिछले दो-तीन साल से मैस का कामकाज मैं ही देख रहा हूँ. अब छोड़ने वाली बात कहाँ से आ गई.”

कर्नल ने जवाब दिया,

“जवानी बड़ी खराब चीज होती है.” बस इतना कहकर वह बाहर निकल गया.

ज्ञान चुपचाप सुनता रहा, पर उसने किसी बात की परवाह नहीं की.

लेफ्टिनेंट कभी-कभी चैंचलो के घर भी जाया करता था. उसकी बूढ़ी माँ दो महीने से खाट पर पड़ी थी. बुढ़िया ज्ञान को बड़ा चाहती थी.

उसने उससे कहा – “बेटा, हम बहुत गरीब हैं. ‘चुन चान लो’ का पिता कोई चार महीने से यारकंद गया हुआ है, पर वहाँ से उसने कोई खबर नहीं भेजी. मैं बीमार पड़ी हूँ, हमारे लिए रोटियों के भी लाले पड़ गए. इसलिए बेटी को तुम्हारे यहाँ मैस में काम करने भेजना पड़ा. नहीं तो हम सिपाहियों की परछाईं भी नहीं पड़ने देते.”

ज्ञान ने बुढ़िया को भरोसा दिलाया कि “चैंचलों को कोई कुछ नहीं कह सकता, यह मेरी जिम्मेदारी है.”

बुढ़िया ने दोनों हाथ जोड़ लिए – “तू हमारे लिए भगवान है बेटा.”

 

 

 

३.

एक दिन खाना तैयार करते हुए देर हो गई. चैंचलो को उस दिन काम खत्म करने में बहुत देरी हुई. अंधेरी रात थी. ज्ञान ने टॉर्च ली और चैंचलो को घर छोड़ने चल पड़ा. खुबानियों के बाग के बीच जब पहुंचे तो किसी ने इतनी जोर से चैंचलो को खींचा कि ज्ञान के उसका हाथ पकड़े होने के बावजूद वह छूट गया. वो लड़खड़ा कर जमीन पर गिर पड़ी और ज्ञान के हाथ से भी टॉर्च छूट गई. ऐसा लगा जैसे कोई व्यक्ति चैंचलो को धक्का देकर भाग गया. ज्ञान ने बेल्ट के साथ लटकी रिवॉल्वर को खींचा और दो-तीन फायर कर दिए. चैंचलो डर गई और घबराकर वह ज्ञान के सीने से लिपट गई. ज्ञान की छाती जब चैंचलो की छाती से सटी हुई थी तब उसने महसूस किया कि डर के मारे चैंचलों का दिल कितना तेज धड़क रहा है. ज्ञान ने उसकी पीठ थपथपाकर उसे दिलासा दिया कि आज यहाँ उन दोनों के साथ जो कुछ भी घटा है, उसका किसी और को पता नहीं चलेगा.

अब ज्ञान ने चैंचलो के हाथ में टॉर्च पकड़ाई और खुद रिवॉल्वर हाथ में लेकर चल पड़ा. उसने चैंचलो को बहुत कस कर पकड़ रखा था. रास्ते भर उन दोनों ने कोई बात नहीं की, पर ज्ञान को पता था कि चैंचलो बहुत डर गई है. चैंचलो को घर छोड़कर जब ज्ञान लौटने लगा तब उसने ज्ञान के दोनों हाथ पकड़ लिए और कहने लगी,
“आज मैं आपको नहीं जाने दूंगी. पता नहीं वह कौन था और उसकी हमारे साथ क्या दुश्मनी है.“

ज्ञान ने मुसकुराकर जवाब दिया,

“घबराने की क्या बात है. रिवॉल्वर में अब भी तीन-चार गोलियाँ बची होंगी और ये काफी हैं.

चैंचलो ने अपने दोनों हाथ ज्ञान के कंधे पर रखे और कहने लगी,

“अगर रात यहीं रह जाओ, तो इसमें हर्ज ही क्या है? “

“हम फौजी लोग छावनी के बाहर रात नहीं काट सकते. मुझे जाना ही पड़ेगा.” चैंचलो की बार-बार मनुहार के बावजूद वह नहीं रुका और लौट गया. चैंचलो ने उदास होकर दरवाजे बंद कर लिए.

रात भर ज्ञान सोचता रहा, पर उसकी समझ में कुछ नहीं आया. अगले दिन चैंचलो मैस में कुछ देर से पहुंची. ज्ञान उसकी राह देख रहा था. उसकी लाल आंखें देख कर वह समझ गया कि वह रात भर सोयी नहीं है.

चैंचलो ने उसके करीब आकर आहिस्ता से कहा, “रात को जिसने मुझे खींचा था उसका पता चल गया है. वो वही था.“
“वही कौन?”
“नेकराम!”
ज्ञान ने बड़ी हैरानी से पूछा,

“कौन नेकराम? पर तुमने कैसे पहचाना?

चैंचलो बोली,

“आपकी एक गोली उसके सिर में लग गई थी और वह मर गया. आते हुए मैंने उसकी लाश देखी है.”

यह सुनते ही लेफ्टिनेंट का रंग सफेद पड़ गया. पर वह करता भी क्या.

चैंचलो बोली,

“लाश मैंने आते हुए घास में छुपा दी है और उस पर मिट्टी भी डाल दी है. आज रात को ही उसे दरिया में फेंकना पड़ेगा.”

ज्ञान चिंता में डूब गया और बोला,

“चैंचलो तुम्हें दुख हो रहा होगा, पर मुझे क्या पता था कि वह नेकराम होगा.”

चैंचलों की आंखें भर आईं. उसने जवाब दिया,

“आपका मुझ पर जितना अहसान है, उसे मैं उम्र भर नहीं चुका सकती.”
इतना कहकर वह काम में लग गई. उस दिन वह बहुत उदास रही. बार-बार उसकी आंखों से आंसू बहते जा रहे थे.

अंधेरा हो गया. ज्ञान चैंचलो को छोड़ने साथ चल पड़ा. खुबानियों के बाग में जिस जगह उसने गोली चलाई थी वहाँ घास का बहुत बड़ा ढेर पड़ा था. चैंचलो और ज्ञान उसी तरफ चले. ढेर पर से घास और मिट्टी हटाने के बाद उसके नीचे से एक लाश निकली. टॉर्च की रोशनी में लाश की शक्ल पहचानना मुश्किल नहीं था. वह नेकराम ही था. चैंचलो ने ज्ञान को लाश उठाने का इशारा किया. लेफ्टिनेंट ने लाश उठायी और दरिया की तरफ चल पड़ा.

पर चैंचलो ने कहा कि इसे प्रताप पुल पर से फेंकना. अगर किनारे पर फेंका तो हो सकता है कि यह वहाँ कहीं किनारे पर ही न अटक कर रह जाए.

प्रताप पुल बड़ा दूर था, मगर लाश ज्यादा वजनी नहीं थी. इसलिए ज्यादा मुश्किल नहीं आई. कोई तीन घंटे में दोनों वहाँ पहुंचे. ज्ञान लाश को पुल पर रखकर सुस्ताने लगा, उसके कंधे बहुत थक गए थे. चैंचलो उसका हाथ पकड़कर जरा पीछे ले गई और कहने लगी,

“आप यहाँ आराम करो, लाश मैं फेंक देती हूँ.”

ज्ञान बैठ गया. जाते हुए जाने क्यों वह उसका हाथ बड़ी जोर से दबाती रही.

लाश को घसीटते हुए चैंचलो वहाँ जा पहुंची जहाँ पुल के कुछ डण्डे टूटे हुए थे. लाश को घसीटकर वह अपने करीब ले आई. उसने कसकर अपने पूर्व प्रेमी नेकराम की लाश को गले से लगाया और उसे साथ लेकर पुल पर से दरिया में छलांग लगा दी. ज्ञान दौड़ा, मगर तब तक वे दोनों अटक की लहरों में समा गए थे. उसे कुछ समझ में नहीं आया कि आखिर चैंचलो ने यह क्या किया. वह छावनी में लौट आया.

दूसरे दिन शाम के समय वह अटक के किनारे जहाँ चैंचलो उसे मिली थी, जा पहुंचा. उसने देखा कि अटक की लहरें उसी तरह चट्टान से टकरा रही हैं और ऊपर नांगा पर्वत की चोटी भी उसी तरह दिखाई दे रही है. आज उसे अहसास हुआ कि चैंचलो को वहाँ क्या दिखाई देता था. उसे वहाँ दिखता था प्यार, चट्टान की तरह अटल और नांगा पर्वत की तरह सर्वोच्च.

 

______________________

धर्म चंद्र प्रशांत

1982 से 1986 तक राज्यसभा के सांसद रहे, डोगरी के वरिष्ठ कहानीकार, नाटककार, उपन्यासकार, आलोचक और पत्रकार श्री धर्म चंद्र प्रशांत (1917–2013), डोगरी संस्था, जम्मू के संस्थापक सदस्यों में से थे और कई बार इसके अध्यक्ष भी रहे.

उन्होंने हिंदी और डोगरी में लेखन किया तथा डोगरी भाषा, साहित्य और संस्कृति के विकास और उसे संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने के प्रयासों में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई. वे जम्मू-कश्मीर, डोगरा शासकों और जम्मू-कश्मीर से संबंधित विषयों के गहन जानकार माने जाते थे.

वे नमीं चेतना के संपादन से भी जुड़े रहे.

उनकी प्रकाशित कृतियाँ हैं- देवका जनम (1959, डोगरी नाटक), उच्चियाँ धारां (1961, डोगरी कहानी-संग्रह), किले दा कैदी ( डोगरी कहानी-संग्रह), गजरे (हिंदी), बाहवे दी राजकुमारी (1993, डोगरी उपन्यास), भूपसिंह दी पड़ी (डोगरी नाटक), महारानी चाड़क (जीवनी)

योगिता यादव

23 वर्षों तक मीडिया समूहों के साथ पत्रकारिता करने के बाद अब ‘राष्ट्रीय पुस्तक न्यास’ के साथ सह-संपादक.

प्रकाशित कृतियाँ – उपन्यास ‘ख्वाहिशों के खांडववन’ (सामयिक प्रकाशन), तीन कहानी संग्रह ‘क्लीन चिट’, ‘ग़लत पते की चिट्ठियाँ’ (भारतीय ज्ञानपीठ) एवं ‘नये घर में अम्मा ‘ (सेतु प्रकाशन), सांस्कृतिक शोध आलेख संग्रह ‘आस्था की अर्थव्यवस्था – मंदिरों के शहर जम्मू में’. कथा सप्तक – सात चुनिंदा कहानियों का संग्रह (शिवना प्रकाशन)

पुरस्कार – कहानी संग्रह ‘क्लीन चिट’ पर 8वां ज्ञानपीठ नवलेखन पुरस्कार (2014), ‘झीनी-झीनी बिनी रे चदरिया’ पर कलमकार सम्मान (2015), राजधानी के भीतर बाहर कहानी पर राजेंद्र यादव हंस कथा सम्मान (2016), उपन्यास ‘ख्वाहिशों के खांडववन’ पर शिव कुमार मिश्र स्मृति सम्मान (2018)

yogita.nbt@gmail.com

 

Tags: 20262026 कहानीचैंचलोधर्मचन्द्र प्रशान्तयोगिता यादव
ShareTweetSend
Previous Post

मेरी माँ मेरी गैंगस्टर : पवन करण

Next Post

शिरीष ढोबले की कविता : तेजी ग्रोवर

Related Posts

जोगेन चौधुरी : ‘मास्टर ऑफ अनब्रोकन लाइन्स’ : गरिमा श्रीवास्तव
पेंटिंग

जोगेन चौधुरी : ‘मास्टर ऑफ अनब्रोकन लाइन्स’ : गरिमा श्रीवास्तव

बिलॉन्गिंग : विरासत के साये में स्मृतियों का संसार : कुँवर प्रांजल सिंह
समीक्षा

बिलॉन्गिंग : विरासत के साये में स्मृतियों का संसार : कुँवर प्रांजल सिंह

2026 का बुकर पुरस्कार : एम. जॉन हैरिसन : द एंड ऑफ एवरीथिंग : बातचीत : अनुवाद : अनुराग अंकुर
बातचीत

2026 का बुकर पुरस्कार : एम. जॉन हैरिसन : द एंड ऑफ एवरीथिंग : बातचीत : अनुवाद : अनुराग अंकुर

Comments 2

  1. अभिषेक अम्बर says:
    4 weeks ago

    कहानी पढ़ी। कुंजो-चैंचलो की प्रेम कथा चंबा की प्रसिद्ध प्रेम कथा है। वहाँ चैंचलो लोकगीत की एक विधा ही बन चुकी है। जिसमें प्रेमी-प्रेमिका के प्रश्नोत्तर शैली में संवाद होते हैं।

    कहानी में लेखक ने लोककथा को नया स्वरूप एवं अर्थ दिया है। पढ़ कर बहुत अच्छा लगा।

    आपका और अनुवादक योगिता जी का बहुत बहुत धन्यवाद!

    Reply
    • Yogita Yadav says:
      4 weeks ago

      कुंजू चैंचलो की प्रेमकथा अलग है। प्रतिक्रिया के लिए आपका आभार अभिषेक जी

      Reply

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

समालोचन

समालोचन साहित्य, विचार और कलाओं की हिंदी की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है. डिजिटल माध्यम में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की जरूरत को ध्यान में रखते हुए 'समालोचन' का प्रकाशन २०१० से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है. विषयों की विविधता और दृष्टियों की बहुलता ने इसे हमारे समय की सांस्कृतिक परिघटना में बदल दिया है.

  • Privacy Policy
  • Disclaimer

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2010-2026 समालोचन | powered by zwantum

No Result
View All Result
  • समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • आलोचना
    • आलेख
    • अनुवाद
    • समीक्षा
    • आत्म
  • कला
    • पेंटिंग
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • शिल्प
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • संपर्क और सहयोग
  • वैधानिक