|
व ल व ला-ए-हयात गगन गिल |
जीने की ख़ुशबू किस दिन कहाँ से आ जाएगी, दिल-दिमाग़ में बस जाएगी, कुछ पता नहीं चलता.
आप उमस भरी सुबह में अपने कमरे में अकेले बैठे हैं कि दूर मुंबई की एक सड़क पर हवा चलने लगती है, पत्ते हिलने लगते हैं और बरसों पहले का एक झोंका आप तक आन पहुँचता है.
इतना असल, कि आप मुसकुराने लगते हैं, कमरे से उठ कर उस सड़क पर चलने लगते हैं, उस झोंके के साथ-साथ.
हर झोंका आपको ढूँढता फिरता है, ठीक उसी तरह जैसे आप उसके अभाव में बरसों बैठे रहते हैं.
*
कई बरस पहले कुछ दोस्त मुझे मुंबई टहलाने निकले थे. कथाकार मित्र जयशंकर और उनके साथी अमृत गंगर, प्रकाश मुदलियार.
एशियाटिक सोसायटी की इमारत के आसपास अचानक वह झोंका आया था.
वहीं सोसायटी की सीढ़ियों पर उनमें से कोई मेरी तस्वीर खींच रहा था और सामने पत्ते झूम रहे थे .
आज मित्रों के चेहरे धुंधले पड़ गये हैं मगर हवा में इठलाते वे हरे, ताज़े पत्ते अभी तक याद हैं.
झोंके और झूम को अलग-अलग करके याद करना संभव नहीं.
झोंका है तो झुमाएगा ज़रूर!

*
शुरू वसंत के दिन थे. उजले. सपने की तरह बहते हुए.
मेरे मित्र लोग मुझे मुंबई की एक बहुत ख़ास, सबसे पुरानी, सन 1953 की बनी हेरिटेज पारसी बेकरी दिखाने ले जा रहे थे- यज़्दानी बेकरी.
फोर्ट के इलाक़े में. मुंबई भर में उनका ब्रुन -मस्का मशहूर था.
अभी उस गली में हम पहुँचे नहीं थे कि सोंधे मक्खन का तेज़ झोंका आया. ख़ुशबू ऐसी ख़स्ता कि सीधे दिमाग़ में पहुँच गई. मुँह में पानी आ गया.
ये हाल तब था जब बेकरी अभी काफ़ी दूर थी.
अब समझ में आ रहा है, हमारे साहित्य में चंदन का, आम के बौर का, पकते अमरूद की गंध का इतना मादक विवरण क्यों है.
हम सब याज़दानी बेकरी पहुँचे. सादी सी जगह थी. एक तरफ़ मशीन के रैंप से ताज़ी बनी पाव रोटियाँ नीचे आ रहीं थी, दोनों ओर कर्मचारी खड़े थे, उन्हें सहेजने के लिए.
मैंने पहली बार बेकिंग मशीन के रैंप से नीचे आतीं पाव रोटियाँ देखीं थी, सो तुरंत एक तस्वीर ले ली.
एक मझोले आकार के कमरे में ये संसार बसा था. पीछे शायद किचन का ताम-झाम था. बेकिंग मशीन किचन में थी, उसका रैंप मुख्य कमरे में . खिड़की से सब दिखता था.
ये एक हेरिटेज बेकरी थी, सामने दीवार पर एक मढ़ा हुआ प्रमाणपत्र टंगा था. ब्लैक बोर्ड पर मीनू लिखा था.
एक तरफ़, छोटा सा नोटिस बोर्ड, कुछ पुरानी तसवीरें, काली-सफेद, पिन से लगी हुई, एकदम विंटेज.
पारिवारिक तस्वीरें, प्रसन्न पारसी चेहरे, आदमी-औरतें.
पारसी कैसे एकमेक हो गए हैं हमारे देश में, फिर भी अलग से पहचाने जाते हैं, औरतों के केश- विन्यास से, पोशाकों से.
तस्वीरों में एक सुदर्शन आदमी पर मेरी नज़र ठहर गई. सबसे अलग, हँसती हुई चुलबुल आँखें. क़द-काठी बिल्कुल किसी हीरो जैसी!
हर तस्वीर में उसका चेहरा जगमग. ताज़गी ऐसी कि मैं भी मुस्कुराने लगी.
सारे बोर्ड की तस्वीरों की एक तस्वीर मैंने ले ली. इतना ज़िंदा आदमी दिखता कहाँ है!

*
हम लकड़ी के बेंच पर बैठे बन-मस्का का इंतज़ार कर रहे थे कि वेटर ने आ कर मुझसे कहा, आपको साहब बुला रहे हैं.
काउंटर पर पहुँची तो एक वयोवृद्ध महाशय गुस्से से लाल. वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे, शायद कभी उन्हें लकवा हुआ था. मुँह से थूकें उड़ रही थीं. बहुत तैश में थे.
वेटर मुझे देख रहा था और मुझे कुछ समझ में नहीं आ रहा था, मैंने किया क्या है. वह बार-बार हाथ पटक कर मुझसे कुछ कह रहे थे .
वेटर ने ही बताया, आपने उनसे बिना पूछे यहाँ की तस्वीरें ली हैं, वो बहुत गुस्सा हैं, कह रहे हैं, तस्वीरें डिलीट करो.
मैंने माफ़ी माँगी, तुरंत, मुझे मालूम नहीं था, गलती हो गई, पहले आपसे पूछना चाहिए था .
वहीं खड़े-खड़े मैंने सारी तस्वीरें मिटा दीं. उन्हें अपना कैमरा दिखा कर तसल्ली करवा दी.
वह कुछ शांत हुए, शायद मेरे माफ़ी माँगने से.
उन्होंने इशारा किया, अपनी सीट पर बैठ जाऊँ अब.
मैं मुड़ने को थी कि अचानक कुछ पहचान में आया. उनके पास वापस गई, “सर, वहाँ तस्वीर में आप हैं?”
वह मुस्कुराए. वही ज़िंदादिल मुस्कान.
“अरे वाह! आप कैसे हैंडसम हुआ करते थे! ऐसा हैंडसम आदमी मैंने बहुत दिनों बाद देखा!”
उन्होंने शर्मीला सा सिर हिला दिया.
अब वह वो वयोवृद्ध नहीं थे, जो मुझे डाँट रहे थे, जिनकी थूकें उड़ रही थीं.
*
इधर हमारा बन-मस्का मेज़ पर पहुँचा, उधर वे साहब, गत युवक!
उनकी चाल ही बदल गई थी.
मेरे साथियों को ठेल कर वह ठीक मेरे सामने बेंच पर आन बैठे. बिल्कुल एक भावी प्रेमी की तरह. बोले, ब्रुन-मस्का का संगीत सुनोगी?
मैं चकित. मेरे साथी भी. जो बात हम न समझ पाये, उनका वेटर बता रहा था.
उन्होंने जादू का खेल शुरू किया. उनकी पतली गोरी उँगलियों ने ब्रुन-मस्का को एक ख़ास तरह से लकड़ी की मेज़ पर घुमाया, फिर दूसरी तरह से. तीन-चार बार.
जब उन्हें अंदाज़ा हो गया कि जादू बन गया है, उन्होंने बन को उठा कर अपने कान में सुना, फिर मुस्कराते हुए उसे मेरे कान से लगा दिया. उसमें सचमुच झंकार बज रहा था!
मैं उन्हें देखने लगी, उनमें छिपे हुए उनके युवा चेहरे को, उसके भी पीछे छिपे उनके बचपन के चेहरे को. जैसे मैं और वह उनके बचपन में चले गए हों, बेकरी की बेंच से उठ कर .
और सुनोगी?
मैंने कहा, हाँ.
इस बार फिर उन्होंने मेज़ पर ब्रुन को तरह-तरह से घुमा कर कुछ किया और अगले ही पल वह उसे माउथ ऑर्गन की तरह बजाने लगे. उनके सुदूर जीवन से बहती हुई कोई धुन हमारी बेंच तक आ पहुँची.
इससे पहले कि उनके जादू से चमकीं हमारी आँखें उन्हें देखतीं, वह अचानक उठ गये और अपने काउंटर के पीछे जा बैठे.

*
बेकरी की सोंधी ख़ुशबू, ब्रुन -मस्का का संगीत.
पता नहीं कितनी देर हम वहाँ बैठे रहे, चुप-से, क्या बातें हमने कीं.
उनके काउंटर के सामने ही हमारी बेंच-कुर्सियाँ थीं. वह हमें ओट से देख रहे होंगे.
आख़िर हम उठे. हम में से किसी ने बिल भरा.
मैं उनके पास गई, विदा लेने. वह फिर से आवेश में थे. एक काग़ज़ पर उँगली से कुछ इशारा कर रहे थे.
उनके वेटर ने बताया, आपका फ़ोन नंबर लिखने को कह रहे हैं. मैंने लिख दिया.
अपना ख़याल रखियेगा.
कह कर मैं मुड़ रही थी कि उन्होंने सहसा मेरा हाथ पकड़ लिया. उसे अपने मुँह तक ले गये, उस पर माउथ ऑर्गन बजाने लगे. उनके गीले होंठ, मेरे हाथ पर इधर से उधर.
इतनी ललक, इतना पैशन!
सब कर्मचारी जैसे थम गए.
मैं अंदर तक सिहर गई. ऐसी लहर, ऐसा जीवट!
कई दिन वह सिहरन बनी रही.
अगले दिन मैं अजंता एलोरा देखने के लिए निकल गई. वहीं अजंता के फ़ुटहिल पर टूरिस्ट बँगलो में रुकी.
दूसरी रात अजन्ता में फ़ोन बजा. घुप्प सन्नाटे में. काफ़ी देर मैं फ़ोन कान में लगाये चुप सुनती रही. उधर से कोई आवाज़ नहीं, शब्द नहीं.
मुझे मालूम था, दूसरी तरफ़ कौन हो सकता है. पर क्या मालूम, वह न हों!
उधर कोई सांस ले रहा था, बिल्कुल मद्धिम सी आवाज़. जैसे पूरी तरह से छिपना उसके बस में न हो.
ये कैसे जादू हैं जो साइलेंट कॉल्स में घूमते रहते हैं?
बरसों बाद आज सुबह अचानक याद आये तो नेट पर मैंने यज़्दानी बेकरी को ढूँढा.
लौटने के बाद पहली बार उनके समाचार जानने की इच्छा हुई. सन 2014 के मार्च में कभी उनसे मिलना हुआ था.
खबर थी— जनवरी 2021 में याज़दानी बेकरी के मालिक ज़ेंड मेहरवान ज़ेंड गुज़र गए.
आज भी उस दोपहर को सोचूँ तो हाथ पर किसी के गीले होंठों की छुअन महसूस होती है. वही जीवन का भीगापन.
ये दुनिया जिसने भी बनाई, बहुत प्यार से बनाई होगी!
*
जीवन हर पल हममें मृत्यु भरता रहता है, और प्रकृति हम में जीवन.
जवानी में हम मरना चाहते हैं, बुढ़ापे में जीना.
न मरने पर बस है, न जीने पर.
जब तक कोई ढब समझेंगे, घंटी बजने लगेगी — योअर टाइम इज़ अप!
जीना बहुत मुश्किल है, मरना उससे भी मुश्किल.
मरते समय तक जीने की लिप्सा न छोड़ पाना सबसे त्रासद.

*
कई बार यासुनारी कवाबाता का ध्यान आता है, जैसे मैं उन्हें देख सकती हूँ. ऐन सामने. घूमते-फिरते.
तेजस्वी, बिल्कुल संत जैसे. दुबले-पतले.
यकीन नहीं होता, ज़िंदगी के हर रंग को पकड़ने वाले कवाबाता अंत में हार गए थे.
साथी लेखक मिशिमा की हाराकीरी के दृश्य उनके सपनों में बराबर आते रहते. कहते हैं, उसी सब से वह गहरे अवसाद में चले गए थे.
अंतिम वर्षों में अक्सर कवाबाता कहते, काश यात्रा करते हुए मेरा जहाज़ क्रैश हो जाए.
एक दिन टब में गर्म पानी भर रहे थे, बाथरूम की गैस खुली छोड़ दी और चलते बने.
*
उन्होंने जीने की बहुत कोशिश की होगी, ऐसा उनकी कहानियों को पढ़ कर लगता है.
कभी-कभी सिरा ऐसे छूटने लगता है कि समय रहते पता नहीं चलता. फिर किसी दिन छूट ही जाता है.
उनकी एक हिला देने वाली कहानी है – हाउस ऑफ़ स्लीपिंग ब्यूटीज़.
यह एक विशेष सेवाएँ देने वाला वेश्यालय है.
वयोवृद्ध, अशक्त, मरणासन्न लोग इसके ग्राहक हैं. वे वहाँ सिर्फ़ कमसिन कुंआरी लड़कियों के सीने पर सिर रखकर सोने के लिए वहाँ आते हैं. और कुछ नहीं .
वेश्यालय के कठोर नियम हैं. आप लड़कियों का कुंआर भंग नहीं करेंगे. उन्हें नींद से जगायेंगे नहीं. उनसे कोई छेड़छाड़ नहीं करेंगे.
ग्राहक सब बुझती हुई लौ हैं. कुछ करने की हिम्मत करें तो भी तुरंत बुझ जायेंगे.
हाउस का व्यापार अच्छा चल रहा है. तरह-तरह के वृद्ध आते रहते हैं.
वृद्धों के साथ एक कच्ची कली का सोना. काम आसान जान पड़ता है मगर है नहीं.
इस काम के लिए कुँआरी लड़कियों को राज़ी करना मुश्किल है. उन्हें काम शुरू करने से पहले नींद की दवा दी जाती है. इसी से वे रात भर अपने सीने पर सिर रखकर सोये किसी वृद्ध को झेल पाती हैं. कई बार वे इतनी उद्विग्न होतीं हैं कि उन्हें काम पर भेजने के लिए दवा का ज़्यादा डोज़ देना पड़ता है.
वेश्यालय में घटती छोटी-छोटी घटनाएँ है.
एक सुबह एक लड़की की आँख खुलती है तो उसके सीने पर एक बूढ़ा मरा हुआ पड़ा है, और वह हिस्टेरिक हो जाती है.
एक लड़की सो नहीं पा रही थी तो उसे नींद की दवा देते गये, ओवर डोज़ हो गया और अगली सुबह वह मरी पाई मिली.
ऐसी ही घटनाओं से बुनी एक नाज़ुक कथा.
एक थका हुआ सिर, मृत्यु की ओर बढ़ता हुआ.
पनाह ढूँढता हुआ.
कवाबाता का सिर.
*
उनकी एक और यादगार, खिलंदड़ी सी कहानी है. युमियुरा.
कवाबाता का जीवट, जीने का कौतुक उसमें देखते बनता है.
एक महिला पाठक मतिभ्रम की ओर बढ़ते किसी लेखक से मिलने आती है.
लेखक उसे बैठाता है, बातचीत करता है.
वह महिला बात करते हुए इधर-उधर देखती रहती है जैसे उसे कोई गुप्त बात कहनी हो, कोई और न सुन ले .
लेखक स्मृति के अंधेरे-उजाले में है. कभी उसे महिला की बातें जानी-पहचानी लगती हैं, कभी नहीं. पर वह ध्यान से सब सुन रहा है.
लब्बो-लुबाब यह कि जवानी के दिनों में यह लेखक किसी द्वीप पर गया था, जहाँ उसके साथ उसका एक दोस्त भी था, दोस्त यानी इस कथित घटना का चश्मदीद गवाह.
उस रात उन सबने बहुत पी ली थी. महिला कहती है, आगे क्या हुआ, उन्हें याद ही होगा.
बेचारे अंधेरे-उजाले में झूलते लेखक की जवानी में ऐसी घटनाएँ इतनी बार हो चुकी हैं कि उसे लगता है, यह भी ज़रूर हुआ होगा, जो यह महिला बता रही है. कुछ-कुछ याद तो पड़ता है, तट पर ऐसे ही पत्थर थे, लहरें थीं, साके थी!
मौक़ा देख कर महिला उसे एक फ़ोटो दिखाती है, एक युवा लड़का, उनकी उस रात का परिणाम .
अब लेखक सचमुच सन्न है. उसे तो अपना चेहरा ही भूला हुआ है. तस्वीर देख कर उसे लगता है, हाँ, ये युवक कुछ-कुछ मेरे पर गया है.
मतिभ्रम की अवस्था और ऐसा उद्घाटन, अवैध संतान का, जिसे उसने अब तक देखा नहीं .
भेंट समाप्त होने पर लेखक उसे घर के बाहर तक छोड़ने आता है. जाते हुए उससे पूछता है, आपने क्या नाम बताया था उस द्वीप का, जहाँ हम मिले थे?
युमियुरा. वह बताती है.
वह सन्न सा लौटता है. स्टडी में जा कर अपनी एटलस निकालता है, उस द्वीप का नाम खोजता है.
वहाँ इस नाम की कोई जगह नहीं.
*
ऐसी कहानियाँ लिख-लिख कर ही कवाबाता ने अपने अवसाद और अकेलेपन से कुछ राहत पाई होगी. नोबेल पुरस्कार के यश और सफलता ने भी उन्हें कुछ दूर तक सहारा दिया होगा.
थकते-थकते आदमी इतना थक जाता है कि उससे मरने का भी इंतज़ार नहीं होता? जैसे उसे अमर होने का शाप मिला हो!
कवाबाता — जिनके लेखन में ऐसी ललक है, पतझड़ के गिंको पत्तों के चटख रंग हैं, जीवन का उत्सव है, ढलती हुई स्मृति है.
ऐसा कुछ भी नहीं जो उनके अनुभव में आया और उन्होंने पकड़ा न हो.
हम सब आधा ज़िंदा आधा मुर्दा रहने के आदी हो जाते हैं.
सिर्फ़ वे जिन्हें डूब कर जीना है, नहीं तो नहीं जीना है, जीवन को तमाचा लगा कर चलते बनते हैं.
हाउस ऑफ़ स्लीपिंग ब्यूटीज़ उनकी अंतिम कहानियों में से है. आप उनकी थकान देखते हैं और तिनके को पकड़ने की एक हारी सी कोशिश.
आत्महत्या करने वाले के लिए भी मरना आसान नहीं.
|
गगन गिल ![]() एक दिन लौटेगी लड़की (1989), अँधेरे में बुद्ध (1996), यह आकांक्षा समय नहीं (1998), थपक थपक दिल थपक (2003), मैं जब तक आयी बाहर (२०१८). कविता संग्रह तथा अवाक् (2008), देह की मुँडेर पर (2018) और इत्यादि (2018) आदि गद्य-कृतियाँ प्रकाशित. भारत भूषण अग्रवाल पुरस्कार (1984), संस्कृति पुरस्कार (1989), केदार सम्मान (2000), आयोवा इंटरनेशनल राइटिंग प्रोग्राम द्वारा आमंत्रित (1990), हारवर्ड यूनिवर्सिटी की नीमेन पत्रकार फैलो (1992-93), संस्कृति विभाग की सीनियर फैलो (1994-96), साहित्यकार सम्मान (हिंदी अकादमी – 2009), द्विजदेव सम्मान (2010). 2024 में साहित्य अकादेमी पुरस्कार, गोदरेज पोएट लॉरिएट सम्मान (2026) आदि से सम्मानित. ई-मेल : gagangill791@hotmail.com |





‘शुरू वसंत के दिन थे. उजले. सपने की तरह बहते हुए.’—इस तरह की अनमोल पंक्तियाँ गगन जी ही लिख सकती हैं…
मनुष्य अपने वसंत की स्मृति में लौटे, खुशदिली का अहसास हो, और जीवन कि जो पानी बर्फ़ हो रहा है, वह फिर तरल अवस्था में लौट आए…
बहुत दिनों बाद सुंदर गद्य पढ़ा…
गगन जी को पढ़ना सदैव विस्मय मिश्रित आनंद से भर देता है
क्या ही सुन्दर गद्य।
वाह… कितने ही शब्द जो विस्मृति में चले गए थे, वे फिर से जागृत हो उठे। इन शब्दों का चयन, उनकी सही जगह बैठना मानो संगीत हो। बड़ा आनंद भरा अनुभव है यह।
‘मोमेंटस औव बीइंग’ की जो परिभाषा वर्जिनिया वुल्फ़ ने अपने उपन्यास ‘टू द लाइटहाउस’ में दी है, गगन गिल ने अपने इस विवरण में उन्हें जीवंत कर दिए हैं : मुम्बई के यज़्यानी बेकरी के मालिक,ज़ेड मेहरबान ज़ेंड, के जादुई ‘माउथ और्गन’ की तथा कवाबाता की दो उद्धत कहानियों के संदर्भ में उन की आत्महत्या की बात करते हुए।
गगन गिल के अद्वितीय गद्य के साथ-साथ उन की ग्रहणशीलता भी कम दीप्तिमान नहीं।
उन के इस अद्भुत लेखन को हमारे साथ साझा करने के लिए अरुण देव जी को धन्यवाद।
शुभ कामनांए।
दीपक शर्मा
“आत्महत्या करने वाले के लिए भी मरना आसान नहीं.” हृदयस्पर्शी
पढ़ना खुद को सुकून देता है और शायद इससे ज्यादा सुकून लेखक को मिलता होगा कि उसे किसी ने पढ़ लिया है।
हां मैंने पढ लिया है।
अच्छा लगता है सुकून पाना।
हम सब उसे पाने के लिए बहुत कुछ खोते रहते हैं,
खोना ही दर असल पाने की अभिलाषा है।
गद्य जैसे बहती हुई निर्मल जलधारा , उसे पढ़ना जैसे जल के तरंगों के साथ उठते गिरते रहना और अंत जैसे गगन के गिलास भर पानी ने मन के कन कन को तृप्त कर दिया हो ।