| दोस्ती, शत्रुबोध, बेमिसाल फूहड़ताएँ गिरिराज किराडू की नई कविताएँ |
दोस्त
एक दिन वह मुझे भी मुजरिम बता देगा
और मुझे शक है मैं भी उसे
हम बरसों से हमराह हैं
रिलायंस के कारोबार, आम की किस्मों, भारतेंदु हरिश्चंद्र, क्रिकेट, अमिताभ बच्चन, संजय गांधी,
संघ परिवार और इंटरनेट के बारे में बारे में हमारी राय एक दूसरे से मिलती आयी है
प्रदर्शनों में हम साथ गए नहीं लेकिन साथ दिखे हैं
भारतीय वाम की ऐतिहासिक गलतियों पर एक दूसरे की टांग खींचने से अब लगभग ऊब चुके हैं
लेकिन एक दूसरे के कहे हर शब्द का हिसाब रखना
हमारे बीच निराशा और बहस का बायस आज भी है
वो गर्मियों में पहाड़ चला जाता है मैं समंदर की ओर
हमारे कई साझा दोस्त हमेशा के लिए जा चुके
या दुनिया से या फ़ासिस्टो की गोद में
उनकी करतूतों या कामयाबियों की याद से रौशन रहती है हमारी बातचीत
उसके ख़राब घुटनों की सर्जरी मेरी गवाही के बिना नहीं होगी
और मेरी आँखों का आधा डॉक्टर तो वह है ही
एक दिन मैं उसे भी मुजरिम बता दूँगा
और मुझे शक है वह भी मुझे
शत्रुबोध
हो सकता है आपने इसके बारे में
मेट्रो में कॉलेज जाते हुए किसी रील में साहित्य
या कला के प्रोफेसर के मुँह से सुना हो या
संजीदा अंग्रेज़ी में बात करती हुए कोई लड़की
इसे आपको दोस्तों के साथ डिनर के दौरान समझा गई हो या
सबसे पुराने बेस्टसेलर लेखक ने गाली बकते हुए इसकी कमी को
विटामिन बी ट्वेल्व की कमी जैसा तब बताया हो जब आप गांव की पुरानी
मोबाइल रिपेयर शॉप में नया बैक कवर लगवा रहे थे
मगध में शत्रुबोध की मारक कमी है
ऐसा जेएनयू का वैज्ञानिक प्राइम टाइम पर मज़े लेकर
सुप्रीम कोर्ट का वकील सेमिनारों में गुस्से से
इतिहासकार पॉडकास्ट में शालीन व्यंग्य से
यूट्यूबर धमकी के साथ अपने ही चैनल पर
दिन रात समझा रहा है
मित्रो!
मगध में एक विचार की तरह पल रहा है शत्रुबोध
मगध में अब विचारों की कोई कमी नहीं रही!
राजीव चौक मेट्रो
अब्दुल्ला फूल नहीं बेचता
(वैसे फूल बेचने वाले भी अब फूल नहीं बेचते
वह भी एहसास का ही कारोबार कर रहे हैं)
ईरान के शादी के कानून के बारे में वह नहीं जानता
उसे एप्स्टीन का भी नाम नहीं पता
उसकी दुकान थी एक, अब नहीं है
यह कहना भारतीय राज्य के विरुद्ध एक बयान माना जायेगा कि
उसकी दुकान अहिंसा को कौमी कमज़ोरी समझने वाले कुछ उन्मादी लड़कों ने लूट ली
अब्दुल्ला ने इस हफ़्ते कुछ फूल ख़रीदे ज़रूर
जबसे उसने दुपहरी के एक सपने में ख़ुद को फूल, सिर्फ़ फूल पहने
राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के बाहर क़व्वाली गाते हुए देखा है
उसे ख़ुद से ख़ुदा से अपनी दुकान की याद और स्वर्गीय दोस्त रजत यादव की तस्वीर पर लटके
सफ़ेद पीले फूलों
सबसे उकताहट हुई है
“जब आसमान ग़ायब हो, जब ज़ुल्म के दौर में बनी ब्रितानी दीवारें जून के तापमान से दहकी हों,
और चुनाव चल रहे हों, देश का देवता चुनने के लिए
तब बावन की उम्र में क़व्वाली गाने का ख़याल
वह भी राजीव चौक मेट्रो स्टेशन जैसी बेमिसाल फूहड़ता के इतना करीब?”
“सोचता हूँ मैं ख़ुद ही अपना नाम हटा लूँ इस नयी नागरिकता सूची से
क़व्वाली गाते गाते रुख़्सत ले लूँ इस चोमू ड्रामे से
कुछ तो मेरा भी फ़र्ज़ है,
देश की ख़ातिर कुछ तो मैं भी करूँ”
दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन
शाम आठ बजे
सबसे चमचमाती ट्रेन दो घंटे पंद्रह मिनट लेट
यात्रा न करने वाले यात्री के पास कोई सामान नहीं सिवा एक फ़ोन के
सिवा उस इश्क़ के जो स्कैंडल बन चुका
भरभराकर गिरते हुए टॉप फ्लोर की तरह
सिर गिरता है सीने पर
सीना गिरता है घुटनों पर
और लगभग तीन मिनट में दो बार रामनाथ गोयनका अवार्ड से सम्मानित वह इंसान
स्लोमोशन में
मलबे में बदल जाता है
जहाँ कभी पूरब के लोगों उनकी बीमारियों उनके मौसम उनके देवताओं से सहमे कुछ फिरंगी फ़ौजी
हिंसा और वासना में ख़ुद को गर्क करते होंगे
यह हादसा मनहूसियत के संग्रहालय जैसे उसी छावनी स्टेशन पर हो
ऐसा दो बार रामनाथ गोयनका अवार्ड से सम्मानित इंसान ने चुना नहीं था
लेकिन उसे पसंद था इसका उजाड़ इसका इतिहास
यहाँ बैठकर लिखना भी
शायद इतना काफ़ी था

रफ़ीफ़ ज़ियादाह क्या कर रही है
लोग वही कर पाते हैं जो उनको आता है लोग वही करते हैं जो उनको आता है जो चर्चा करते हैं वो बम गिरने पर भी चर्चा ही करते हैं जो कविता लिखते हैं वो पड़ोस के कमरे में आग लगने पर भी कविता ही लिखते हैं क़यामत के दिन भी रवीश कुमार अपने शाम के शो की तैयारी ही करेंगे आनंद तेलतुम्बड़े या अरुंधती रॉय उस दिन भी जालिमों के ख़िलाफ़ एक लेख लिखने की कोशिश कर रहे होंगे यह उनकी सीमा नहीं यही उनकी शक्ति है यही उनकी मनुष्यता है लगातार हो रहे जनसंहार के बीच अपनी शाश्वत क्षुद्रताओं से घिरा कई दिन सोचता रहा रफ़ीफ़ ज़ियादाह क्या कर रही है
सुबह के पहले घंटे में पता चल जाता है दुनिया के सबसे निर्लज्ज, बेरहम लोग क्या कर रहे हैं आज कितने लोग यूँ ही दुनिया से बाहर कर दिए गए किन किन दोस्तों ने फ़ासिस्टों की चापलूसी शुरू कर दी है जिसके साथ रहने की ख़्वाहिश कभी पूरी नहीं होगी उसने सुबह सुबह दुनिया के नाम क्या संदेश प्रसारित किया है अपने अटपटे इंस्टा पेज पर या समय रैना ने क्या किया कि फिर से फीड में आ गया है लेकिन यह पता नहीं चलता रफ़ीफ़ ज़ियादाह क्या कर रही है
मेरी फीड नहीं मेरा जीवन ही करप्ट है सच यह है कि मैं इतने दिनों बस सोचता ही रहा क्लाड गूगल जीपीटी किसी से नहीं पूछा मेरे अंदर हौल बैठा हुआ था कि रफ़ीफ़ के चेहरे और आवाज़ में अब उम्र और हताशा झाँकने लगी होगी उसके लिए अपने ज़ख्म-जैसे तीखे ह्यूमर को इस नये बर्बर, उदास दौर में बनाये रखना क्या मुमकिन रह पाया होगा दस बरस से उसकी जो कविताएँ मेरे साथ रही हैं क्या वह अब भी उन्हें अपने उसी हिला देने वाले अंदाज़ में पढ़ रही होगी या वह कुछ और लिख रही है कुछ और कर रही है मैं पता क्यूँ नहीं कर लेता रफ़ीफ़ ज़ियादाह क्या कर रही है
सिटीजन कामरा
नागरिकों के कर्तव्य होते हैं ऐसा सबको धुंधला-सा पता था
इतिहासकारों, वैज्ञानिकों, नेताओं और उनके चमचों, कलाकारों, पत्रकारों, चित्रकारों, गायकों, अभिनेताओं, लेखकों, अध्यापकों, डॉक्टरों, इंजीनियरों, सेठों के मैनेजरों और सेठों, कंपनियों और उनके निवेशकों, एनजीओ और उनके सुसमाचारकों, दलालों और दंगाइयों और गुंडों
यहाँ तक कि पिताओं माताओं बेटों बेटियों पड़ोसियों दोस्तों दुश्मनों – किसी को किसी के कर्तव्य नहीं पता थे
एक कॉमेडियन से तो उसके कर्तव्य कोई क्या ही पूछता एक दोमुंहे, उदास, अधमरे समाज में
आदतन खुशामद करना महामारी की तरह फैल गया है जिसमें
तुम्हें अपने कर्तव्य कैसे पता चले, कामरा?
तुम इतने निडर कैसे बने, कामरा?
तुम इतने नागरिक कैसे बने, कामरा?
हमारी हिंदी, हमारे प्रिय लेखक
(लगभग कविता, रघुवीर सहाय के लिए)
हम काले कानूनों के ख़िलाफ़ थे और किसानों के साथ थे
हम काले कानून लाने वाली सरकार के ख़िलाफ़ थे
और उन्हें संसद में पास कराने वाले प्रिय लेखक के साथ थे
हम सांप्रदायिकता के ख़िलाफ़ थे और अल्पसंख्यकों के साथ थे
हम सांप्रदायिक राजनीति करने वाले सरकारी दल के ख़िलाफ़ थे
और उस दल की चापलूसी करने वाले प्रिय लेखक के साथ थे
हम सरकारी हस्तक्षेप के ख़िलाफ़ थे और साहित्य की स्वायतता के साथ थे
हम सरकारी हस्तक्षेप से चलने वाली साहित्य अकादमी के ख़िलाफ़ थे
और उससे पुरस्कृत होने वाले प्रिय लेखक के साथ थे
हमारी हिंदी जन्मना प्रतिरोध की जाति तो है ही!
हम सदैव सबके ख़िलाफ़ और सदैव अपने प्रिय लेखकों के साथ थे
(अक्टूबर : 2026)
| गिरिराज किराडू (1975) लेखक, संपादक, संस्कृतिकर्मी
|

भारतभूषण अग्रवाल पुरस्कार से सम्मानित. कृष्ण बलदेव वैद फ़ेलोशिप और संगम हॉउस इंटरनेशनल रेसीडेंसी भी मिली है. ऑनलाइन पत्रिका ‘प्रतिलिपि’ के सह-संस्थापक और संपादक. एक फ़्रेंच कविता पत्रिका (Recours au poème) के सहयोगी, संगम हाउस राइटर्स रेजीडेंसी और सियाही लिटरेरी एजेंसी के सलाहकार, और राजस्थान साहित्य अकादमी की पत्रिका के सहयोगी संपादक रहे हैं. कई साल अंग्रेज़ी साहित्य पढ़ाने के बाद गिरिराज ने पीरामल फ़ाउंडेशन के गांधी फ़ेलोशिप प्रोग्राम में ऑपरेशंस और लर्निंग में काम किया, स्वीडिश ऑडियो बुक स्ट्रीमिंग प्लेटफार्म ‘स्टोरटेल’ और डिजिटल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म योरस्टोरी के भारतीय भाषा प्रमुख रहे.


श्रेष्ठ कविताएं। गिरिराज किराडू विष्णु खरे की याद दिलाते हैं ।बहुत सधी हुई भाषा बीहड़ विषय गझिन बुनावट
पिछली बार किंचित निराश हुआ था पर इन कविताओं को पढ़कर मलाल जाता रहा। रचो प्यारे और रचो,हमें समृद्ध करो।
गिरिराज किराड़ू की कविताओं के लिए आपने reading time 2 minutes लिखा है .कृपया टाइम न लिखा करें. मैं ये समझता हूँ कि एक कविता को 2 मिनट में नहीं पढ़ा जा सकता और न ही पढ़ा जाना चाहिए.जिन्हें जल्दी है बाज़ार जाने की, शेयर ख़रीदने की और बॉस के लिए दिवाली गिफ्ट ख़रीदने की , वे इन कविताओं को ना पढ़ें तो कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता .एक गंभीर पाठक के पास कविताओं को पढ़ने के लिए समय की कोई कमी नहीं, और वो भी किराडू की कविता के लिए विशेषकर.
बन्धु! यह वेबसाईट कि सेटिंग में है. कोई अलग से लिखता नहीं है.
गिरिराज किराडू की इन कविताओं में समकालीन राजनीति, बौद्धिक अवसरवाद और नागरिक विवेक के संकट की तीखी पहचान है। उनकी खासियत यह है कि वे केवल सत्ता की आलोचना नहीं करते। वे प्रतिरोध का दावा करने वाले लेखकों और बुद्धिजीवियों की नैतिक विसंगतियों को भी सामने लाते हैं। ‘दोस्त’ में वैचारिक निकटता के बावजूद पलता अविश्वास और ‘हमारी हिंदी, हमारे प्रिय लेखक’ में प्रगतिशील आत्मछवि और वास्तविक आचरण का विरोधाभास इसी दृष्टि के उदाहरण हैं। इन कविताओं का साहस यह है कि वे अपने ही वैचारिक पक्ष के भीतर छिपे पाखंड को पहचानती हैं।
‘रफ़ीफ़ ज़ियादाह क्या कर रही है’ अपेक्षाकृत अधिक आत्मालोचनात्मक कविता है। सूचना और प्रतिक्रियाओं से भरी डिजिटल दुनिया में किसी वास्तविक मनुष्य की चिंता पीछे छूट जाती है। यही एहसास इस कविता को गहराई देता है। कवि दुनिया की क्रूरता के साथ अपनी संवेदना की सीमाओं को भी पहचानता है। इस तरह कविता सार्वजनिक संकट को निजी बेचैनी में बदल देती है।
लेकिन इन रचनाओं को पढ़ते हुए एक सवाल लगातार बना रहता है: क्या राजनीति जीवन को समझने का एक महत्त्वपूर्ण माध्यम है, या वह जीवन को देखने का लगभग एकमात्र माध्यम बन गई है?
किराडू की कविताओं में राजनीतिक आग्रह इतना प्रबल है कि जीवन के कई अनुभव सत्ता, फासीवाद, अवसरवाद और नैतिक पतन के संदर्भ में ही अर्थ पाते हैं। इससे एक नकारात्मक जीवन-दृष्टि का खतरा पैदा होता है। इसमें मनुष्य को मुख्यतः उसकी वैचारिक निष्ठा या राजनीतिक स्थिति से पहचाना जाता है। प्रेम, हास्य, निजी संबंधों की सहजता, साधारण सुख और मनुष्य की अप्रत्याशित उदारता जैसे अनुभव पीछे छूट जाते हैं।
समस्या यह नहीं है कि राजनीति कविता में आती है। समस्या यह है कि वह जीवन के दूसरे अर्थों पर हावी हो जाती है। मनुष्य सत्ता से प्रभावित होता है, लेकिन उसका पूरा अस्तित्व सत्ता और विचारधारा से तय नहीं होता। जीवन में ऐसी जटिलताएँ भी होती हैं जिन्हें किसी एक राजनीतिक निष्कर्ष में समेटना संभव नहीं। जब कविता पहले से तय वैचारिक मान्यताओं के आधार पर अनुभवों को समझने लगती है, तो उसकी खोज और उसके कई अर्थों की संभावना सीमित हो सकती है।
इसी संदर्भ में इन कविताओं के वामपंथी आग्रह को भी देखना चाहिए। कोई विचारधारा अपने आप में साहित्यिक सीमा नहीं होती। असली सवाल यह है कि क्या वह अपने निष्कर्षों पर फिर से सोचने और अपने दायरे से बाहर के अनुभवों को स्वीकार करने की जगह छोड़ती है। कुछ कविताओं में समकालीन व्यक्तियों, घटनाओं और राजनीतिक संकेतों की अधिकता उन्हें तात्कालिक टिप्पणी के करीब ले जाती है। उनकी स्थायी साहित्यिक शक्ति इस बात पर निर्भर करेगी कि इन संदर्भों के पीछे कितनी व्यापक मानवीय अनुभूति उभरती है।
फिर भी, इन कविताओं की गद्यात्मक भाषा, समकालीन मुहावरा और आत्मालोचन की क्षमता उन्हें महत्त्वपूर्ण बनाती है। वे पाठक को आसान नैतिक निष्कर्ष नहीं देतीं। इसके बजाय वे उसे सार्वजनिक जीवन की विसंगतियों से सीधे सामना कराती हैं।
इन कविताओं के सामने निर्णायक सवाल यह नहीं है कि वे राजनीति के पक्ष में हैं या विपक्ष में। सवाल यह है कि उनकी राजनीति कविता को कितना खोलती है और कहाँ उसे अपने ही निष्कर्षों का बंद कमरा बना देती है। क्या सत्ता, फासीवाद और अवसरवाद की पहचान के पार वे उस मनुष्य को भी देख पाती हैं जो प्रेम करता है, हँसता है, चूकता है, क्षमा करता है और किसी राजनीतिक खाँचे में पूरी तरह नहीं समाता? बड़ी कविता अपने समय के अन्याय से टकराती है, लेकिन मनुष्य को उसके राजनीतिक परिचय तक सीमित नहीं करती। किराडू की रचनाएँ सार्वजनिक जीवन के पाखंड और विडम्बना को प्रभावशाली ढंग से पकड़ती हैं। उनकी स्थायी शक्ति तब और बढ़ेगी, जब वे प्रतिरोध की तीव्रता के साथ जीवन की अनिश्चितता, बहुलता और अप्रत्याशित मानवीय उदारता को भी बराबर जगह देंगी। तभी उनकी कविता अपने समय की टिप्पणी से आगे बढ़कर समय की गहरी मानवीय गवाही बन सकेगी।
मेरे पुराने मित्र गिरिराज किराडू शुरू से बहुत अच्छी कविताएँ लिखते हैं। उनकी कविताओं का अपना उजास और अपनी दीप्ति है। वे ख़ास तरह से कविता लिखते हैं। उनकी पुरानी मेज पर दश्त, प्यास और अब्र एक ही साथ रहते हैं। उनकी ये नई कविताओं के भीतर भी इस समय का नया आलम है। इन कविताओं का कवि मनुष्य की नैतिक विडंबनाओं का ऐसा कवि है, जिसे अब नैतिक घोषणाओं पर भरोसा नहीं रहा। यहाँ दोस्ती वैचारिक सहमति का उत्सव नहीं। भविष्य के पारस्परिक अभियोग की आशंका है। शत्रुबोध विचार की तरह पैदा होता है और विचारहीनता का सबसे परिष्कृत रूप है। अब्दुल्ला के फूल नागरिकता, हिंसा और अपमान के बीच मनुष्य की बची हुई कोमलता हैं।
दिल्ली कैंट का यात्री सार्वजनिक प्रतिष्ठा सहित निजी विध्वंस के मलबे में बदल जाता है। कामरा के सामने नागरिकता स्वयं एक नैतिक प्रश्न है। और हमारी हिन्दी? वह प्रतिरोध के सिद्धांतों से प्रेम करती है, लेकिन प्रिय लेखकों के सुविधाजनक समर्पण से भी। इन कविताओं की सबसे बड़ी उपलब्धि उनका वह व्यंग्य है, जो दूसरों पर प्रहार करने से पहले अपने ही नैतिक आत्मविश्वास को संदिग्ध बनाता है। गिरिराज जानते हैं कि फासीवाद केवल सत्ता की संरचना नहीं, मित्रताओं, साहित्यिक प्रतिष्ठानों, भाषायी संस्कारों और हमारी निजी सुविधाओं में भी निवास करता है।
और फिर रफ़ीफ़ ज़ियादाह! दुनिया के जनसंहारों के बीच एक कवि दूसरी कवि के बारे में सोच रहा है। उसे मालूम है कि सूचना उपलब्ध है, लेकिन वह उसे खोजने से डरता है। कोई सूचना हमारी अंतिम आशा को भी नष्ट कर सकती है। यह कविता डिजिटल सर्वज्ञता के युग में मनुष्य की भावनात्मक असमर्थता का अत्यंत मार्मिक दस्तावेज़ प्रतीत होती है।
गिरिराज जब पदमपुर में गुसिंघदा (गुरमीतसिंह घनश्यामदास) कॉलेज में अंगरेज़ी पढ़ाते थे, तब से मेरा संपर्क है। अल्पभाषी और बहुपाठी गिरिराज जी की एक विचित्र आदत है। वे अचानक प्रकट होते हैं और फिर अपनी कविताओं की तरह इतनी दीर्घावधि के लिए नदारद हो जाते हैं कि अनुपस्थिति स्वयं एक साहित्यिक विधा प्रतीत होने लगती है। ठीक अपनी कविताओं की तरह।
एक सरहदी शहर में स्कूल बस के पीछे साइकिल दौड़ाते पिता की साइकिल के डंडे पर बैठे दो छोटे बच्चों को उन्होंने अपनी तेज़ मोटरसाइकिल पर बिठाकर इतनी बार स्कूल पहुँचाया हुआ है कि वे यादें किसी अच्छी कविता से कम नहीं। वे बच्चे अब उस समय के गिरिराज की उम्र से भी कहीं बड़े हो चुके हैं। गिरिराज फिर भी उसी तरह आते हैं और लुप्त हो जाते हैं। एक बार प्रभात रंजन और राहुल सोनी सहित बहुत से लोगों की कोई पांच सौ किताबें मुझे उपहार में दे गए। और यहकर कि लौट कर आता हूँ, वे नहीं आए। मैंने वर्षों उन्हें संभाला और अंतत: 2023 में एक विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के बीच वे पुस्तकें बाँट दीं और निहाल हुआ। गिरिराज से मित्रता में उनकी उपस्थिति से अधिक उनकी अनुपस्थिति का इतिहास है।
मैं सोचता हूँ गिरिराज किराडू क्या कर रहे हैं। वे कहाँ ग़ायब हैं। कौन-सी किताब पढ़ रहे हैं। किस दोस्त से नाराज़ हैं। किस पुराने प्रेम, किस राजनीतिक विश्वास, किस साहित्यिक छल या किस अदृश्य उदासी के बारे में सोच रहे हैं। मैं उनसे पूछ सकता हूँ कि इस बार तो उनका कोई जैकेट उत्तराखंड के किसी सुदूर शहर में नहीं रह गया है। उनका नंबर मेरे पास है। लेकिन फिर वे अचानक प्रकट हो जाएँगे, कुछ कविताएँ, कुछ किताबें, कुछ असुविधाजनक प्रश्न छोड़ जाएँगे और फिर ग़ायब हो जाएँगे। फिर एक दिन किसी बहुत बड़े आलीशान समारोह में वे अचानक मेरे हाथों में एक प्लेट सौंपेंगे और एकदम नदारद हो जाएंगे।
हमारे समय में लोग अपनी उपस्थिति को प्रमाणित करने के लिए कितना कुछ करते हैं। गिरिराज अपनी अनुपस्थिति से भी यह प्रमाणित कर देते हैं कि वे कहीं न कहीं लगातार पढ़ रहे हैं, सोच रहे हैं, लिख रहे हैं। लेकिन मैं अब भी सोच रहा हूँ, गिरिराज किराडू क्या कर रहे हैं? और यह भी कि इतने लंबे समय से ग़ायब रहने वाला यह आदमी हमारे समय की इतनी सारी उपस्थितियों को इतनी निर्मम बेबाकी से कैसे देख लेता है? किसी साइबेरियाई सारस की तरह अनुपस्थित कवि युगीन अनुपस्थितियों को सुंदर कविताओं से प्रकट करेगा, अपेक्षा रहती ही है। गिरिराज का कविकर्म फले-फूले और और समृद्ध हो। बधाई।
आपका प्यार है। इतना कुछ याद आ गया। वह भी जो आपने याद नहीं दिलाया। बीकानेर में आपका कविता पाठ, आपसे दैनिक भास्कर के गंगानगर, जयपुर, उदयपुर के दफ्तरों में मिलना, जब आप जयपुर शिफ्ट हुए थे तो एक क्राइम रिपोर्टर के साथ वाले ठिकाने में मुलाकातें (उस क्राइम रिपोर्टर ने एक दिन बड़ा उपकार किया था), कैलरुगजी होटल याद है आपको खासा कोठी के पास?, आपके जयपुर वाले घर आना, आपकी वो फोर्ड फिगो और जयपुर लिट फेस्ट में आपके फ्रंट पेज वाले शाहकार (लिखना तो कारनामे चाह रहा था :-)।
एकदम अभी के समय और राजनीति से द्वन्द्वरत कविताएँ। गिरिराज जी को पढ़ना कविता और भाषा की सिद्धि पर मोहित होना भी होता है। सभी कविताएँ बजिद अपना वह काम कर रही हैं जो इस वक्त में कविता को करना चाहिए।
उम्मीद है कि कुछ कर पा रही हैं। मुझे अपने लिखे के किसी के काम आने का भरोसा तो कतई नहीं।
गिरिराज अपनी कविता के हस्ताक्षर को समूहगान में विलीन नहीं करते। धारदार और शानदार कविताएँ लिख रहे हैं। क़यामत के रोज़ भी रवीश कुमार की ही तरह वे लिखते रहेंगे, क़यामत की धार लिए।
बहुत अच्छी कविताएँ कि :
लगभग सभी कविताओं में ठहरकर सोचने के लिए कुछ जगहें हैं। दुबारा पढ़ने को विवश करती हैं। दृश्य में इधर ऐसी कविताएँ दुर्लभ हो रही हैं।
बहुत सुन्दर, सर्वथा अनूठी कविताएं – बेबाक भाषा और उतने ही बेबाक conviction के साथ लिखी गयीं।
अच्छी कविताएँ। मेरे लिए कोई नए गिरिराज!
आपका कमेंट देखकर अच्छा लगा, आश्चर्य भी हुआ। मेरे लिए भी कोई नए ओम थानवी।
इन कविताओं का समय बोध इतना मारक है कि इन कविताओं से बार बार गुजरना पड़ता है। सर्वथा नएपन से कही हुई कविताएं, जो एक ठहराव की मांग करती हैं। गिरिराज जी का लिखा कई पाठ की माँग करता है। बहुत बधाई इन कविताओं के लिए और समालोचन को शुक्रिया पढ़वाने के लिए।