• मुखपृष्ठ
  • समालोचन
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
No Result
View All Result
समालोचन

Home » कला में निष्‍ठा और स्वतंत्रता : कुमार अम्‍बुज

कला में निष्‍ठा और स्वतंत्रता : कुमार अम्‍बुज

by arun dev
October 7, 2026
in पेंटिंग
Reading Time: 3 mins read
A A
कला में निष्‍ठा और स्वतंत्रता : कुमार अम्‍बुज
फेसबुक पर शेयर करेंट्वीटर पर शेयर करेंव्हाट्सएप्प पर भेजें
कला में निष्‍ठा और स्वतंत्रता

कुमार अम्‍बुज

चित्रकला और विचार
‘डच करेज’ के विरुद्ध

 

यदि आप कभी ख़ाली कैनवस या ख़ाली काग़ज़ के सामने घंटों उजबक की तरह नहीं बैठे हैं या एक वाद्ययंत्र के सामने अचानक निहत्‍थे नहीं हो गए हैं और सोचते हैं कि आप लेखक, चित्रकार या संगीतकार हैं तो फिर आपसे कला के बारे में, कलाकार की तरह बात करने का कोई मतलब नहीं है. क्‍या आप कला संबंधी सामाजिक प्रश्नों को लेकर कभी चिंतित हुए हैं और सोचा है कि कला संसार को कैसे बदल सकती है? यह समझते हुए भी कि कला उस तरह संसार नहीं बदल सकती है जैसे राजनीति या तकनीक या विज्ञान. और इसलिए आप कला की लौकिक ताकत पर निर्णायक ढंग से संदेहग्रस्त हो चुके हैं तब भी आप इन पंक्तियों में अपना समय जाया ही करेंगे.

Mark Rothko

यह लिखते हुए 1930 से 1970 के बीच सक्रिय अमेरिकी चित्रकार मार्क रोथको की कला उनके जीवन की याद दिलाई जा सकती है. रोथको कैनवस पर एक दूसरे के बरअक्‍स दो रंग ठीक तरह लगाने से पहले दो दशक तक प्रतीक्षा करते हैं. ये दो दशक ‘कला में विचार’ की प्रतीक्षा है. विचार के बिना आप कुछ बेहतर चित्रित नहीं कर सकते, ऐब्‍सट्रैक्‍ट तो कतई नहीं. विचार और दृष्टि का युग्‍म और उस प्रक्रिया से गुज़रने का अनुभव रंग लगाने की, स्‍ट्रोक्‍स की गतिशीलता और संतुलन की समझ देता है. वही है जो कला माध्‍यम के मर्म स्‍थल में प्रवेश की राह बताता है. नरसंहारों, युद्धों और बम विस्‍फोटों के बाद आप मनुष्‍य जीवन के चित्र उनके घायल, विकलांग या उजड़ जाने के रूपाकार में ही बना सकते हैं. फ़ासिज्‍म की अमानवीय दुनिया में फूल-पत्‍ती, महज़ नग्‍नाकृति, लुभावन प्रकृति, ज्यामितीय जादू, सूक्ष्म नक्काशी, विलासिता और तमाम चाशनियों में लिथड़े चित्र निरर्थक हो जाते हैं.

 

 

 

(दो)
मार्क रोथको एक बार फिर याद दिलाते हैं कि दुनिया बदलती है तो चित्रों को भी बदलना होता है. मानवीय विचार के लिए चित्रकार को साहित्‍य और अन्‍य विधाओं के पास जाना पड़ता है. माइथोलॉजी, दुखांतिकाओं और जीवन दर्शन की तरफ़ मुँह करना पड़ता है जैसे अन्‍य कलानुशासनों को भी इस तरफ़ आना पड़ता है. निकष यह कि कलाकार के जीवन में ‘सेंस ऑव ट्रै़ज़‍िक’ नहीं है तो फिर उसके पास कुछ नहीं है. इस आवाजाही के अभाव में आप ऐसे कलाकार हैं जो विकसित नहीं हो सका. एक सच्‍चे चित्रकार में से वाचनालयों, संग्रहालयों और संगीत सभागारों की गंध उठती है जैसे किसी अच्‍छे लेखक से रंग और कैनवस की गंध भाप की तरह उठती दिख सकती है. अन्‍यथा आप योग्‍य वकील, ब्रोकर, अधिकारी, लिपिक, यंत्री, संपादक, व्यवसायी, डॉक्‍टर, अध्‍यापक, प्रबंधक इत्‍यादि हो सकते हैं, आप इतनी चतुर भेड़ें भी हो सकते हैं जो बाज़ारवाद और पूँजीवाद में अपना ऊन खुद बेचना सीख गईं है. लेकिन कलाकार शायद नहीं हो सकते. केवल कलाकार, संगीतकार, लेखक होने की प्रतीति भर दे सकते हैं.

मार्क रोथको के कला संसार से गुज़रते हुए अंदाजा लग जाता है कि उल्‍लेखनीय ऐब्‍सट्रैक्‍ट (आकृति रहित या आकृतियों सहित) ऐसा समुच्‍चय है जो जीवन से निसृत है. विचार से संचरित है. वहाँ गहराई और चकाचौंध का फ़र्क करना सीखना होगा वरना आप कला के पास जाने के हक़दार नहीं हो सकेंगे. वे बताते हैं कि यह विचार है जो कला में दृश्य को बदल देता है. वह रंगों को, पैटर्न को, विषय वस्‍तु को तय कर देता है. प्रत्‍येक पेंटिंग अपना विषय चुनती है, कथ्‍य बनाती है और अपना प्रवाह. उसका माध्‍यम रंग हैं.

चित्र विचारहीन नहीं होते. जो विचारहीन हैं वे चित्र नहीं हैं. रोज़मर्रा की मेट्रो रेलयात्राओं और सब-वे शृंखला के उनके चित्र इसका साक्ष्‍य हैं. और उसके बाद महज़ एक-दो रंग के एकाधिकार से भरी वे शृंखलाएँ जो कहती हैं कि प्रेम की शक्ति मृत्‍यु की शक्ति से कहीं अधिक है. संसार की हर संस्‍कृति में ऐसी पुराण कथाएँ उपलब्‍ध हैं. ‘सभ्‍यता और परंपरा’ के योग से कलाकार नया समकालीन मानवीय परिप्रेक्ष्‍य निर्मित करते हैं. और अपेक्षा करते हैं कि प्रेक्षक भी इतना अद्यतन हो. या जिज्ञासु. यह विडंबनापूर्ण लेकिन रोचक बात है कि रोथको कहते हैं- ‘पेंटिंग सहज संगीत की व्‍यक्‍त होना चाहिए.’ लेकिन जब वे ख़ुद चित्र बनाते हैं तो एक तरह की कर्कशता में व्‍यक्‍त होते हैं. दरअसल यह उस यथार्थ का राग है जो आठवाँ सुर है.
वे हेनरी मतीस को याद रखते हैं: चीज़ों को उनके अपने जाने-पहचाने रंगों से मुक्‍त करके नये रंग देना भी कला का कार्यभार है.

 

Mark Rothko’s Untitled (The Subway) (1937)

 

(तीन)
कला संबंधी विचारों के पक्ष में रोथको यहाँ तक चले जाते हैं कि ‘सीग्राम’ जैसी अमीर कंपनी के मैनहटन शहर में ‘फोर सीज़न रेस्‍तराँ’ के लिए ढाई मिलियन डॉलर के कमीशंड काम, जो आज की भारतीय मुद्रा में 1000 करोड़ रुपये हो सकते हैं, ठुकरा देते हैं. चैक वापस लौटाते हुए कहते हैं- ”मैं नहीं चाहता कि अमीर और कला के नासमझ लोग मेरी पेंटिंग्‍स के नीचे, बगल में या सामने बैठकर रात्रिभोज करें.” यह उन्‍हें अनैतिक और अश्‍लील लगा. क्‍योंकि उनके चित्र तो ऐसे लोगों की जीवन प्रणाली के प्रतिवाद से ही प्रेरित हैं.

रोथको का विचार था कि जो लोग भोजन, कपड़ों पर या प्रदर्शनकारी जीवन के लिए ज्‍यादा व्‍यय करते हैं वे सब अनैतिक लोग हैं. यदि आप धन को अपनी कला के आगे दुत्कार देते हैं या किसी तरह उसे पराजित कर देते हैं तो वह कला अपना मूल्य बचाए रखेगी. यह विचार उनकी खुद की पेंटिंग के बारे में तो भविष्‍यवाणी की तरह फलीभूत हो चुका है. रोथको की पेंटिंग उनके उस बयान का भी निर्वहन करती है कि कलाकर्म को अपने इतिहास का भार उठाना चाहिए. उनके जीवन के उत्‍तरकाल का काम उदासी और विचारोत्‍तेजना के तत्‍वों में स्थित है. वे ऐब्‍सट्रैक्‍ट चित्र हैं लेकिन इहलोक से इहलोक में पैदा हुए हैं. रोथको अपने चित्रों की रहस्‍यात्‍मक व्‍याख्‍या के सख्‍़त ख़ि‍लाफ़ हैं. वे कहते हैं: यह सभ्‍यता एक अवास्तविक और उत्‍पादित किस्‍म की जीवन प्रणाली में फँस चुकी है, जैसे पानी के बंबे में धीरे-धीरे विशाल कचरा, धातुओं और प्‍लास्टिक के टुकड़े, खपच्चियाँ आदि फँस कर बहाव को अवरुद्ध करते हैं इसलिए अब कला को चाहिए कि वह एक वास्‍त‍विक और भौतिक दुनिया की तरफ़ कुछ मानवीय, नये तरीके से यात्रा करे.

कला की सुंदरता और शक्ति में से, कलाकार को शक्ति को चुनना चाहिए. सुंदरता को कृति में विन्‍यस्‍त हो सकनेवाली ताक़त की कीमत पर नहीं चुना जा सकता. बाकी वार्तालाप तो ‘डच करेज’ है यानी किसी नशे से प्राप्‍त अस्‍थायी और खोखला साहस. ये विचार रोथको का आडंबर नहीं है, उनके कला दर्शन का हिस्‍सा हैं. यहाँ फिर याद कर लें कि उन्‍होंने सीग्राम के लिए जो चित्र बनाए थे वे उन्‍होंने करोड़ों की राशि की अवहेलना करते हुए अन्‍य संस्‍थाओं को दान कर दिए थे. प्रतिबद्धता के पक्ष में इतनी बड़ी धनराशि के एक प्रतिशत की भी उपेक्षा इधर व्यवहार में असंभव दीखती है. विश्‍वास न हो तो ज़रा एक बार अपने आसपास निगाह डालकर देखें. और यह भी देखें कि संस्‍थाएँ, अकादेमियाँ, न्‍यास और बाज़ार किस तरह कला और कलाकार से पेश आते हैं.

एक सिर्फ़ बिक रहा है,
एक सिर्फ़ ख़रीद रहा है.

 

 

 

(चार)
रोथको एक बार अपने शुभचिंतक से आत्‍मसंलाप में कहते हैं- ‘जब मैं युवा था, मेरे लिए कला एक एकांतिक काम था. कोई गैलरी नहीं, कोई संग्राहक क्रेता नहीं, कला आलोचक नहीं और पैसा भी नहीं. लेकिन दरअसल वही सच्‍चा स्‍वर्ण युग था. तब मेरे पास खोने के लिए कुछ नहीं था और पाने के लिए नयी दृष्टियाँ थीं. आज का समय अच्‍छा है या पहले का, इस पर बहस नहीं करना चाहता. मैं इसका उत्‍तर जानता हूँ.’

रोथको के कलाकर्म के परिप्रेक्ष्‍य में कहा जा सकता है- गैलरी कक्ष में प्रदर्शित कला का प्रभाव ऐसा कि प्रेक्षक को लगे कि वह उसमें क़ैद हो गया है. कक्ष के सारे दरवाज़े, खिड़कियाँ और रोशनदान खुले हुए हैं लेकिन कला दर्शक सोच रहा है कि अब मेरे पास यहाँ से बाहर निकलने का कोई रास्‍ता नहीं. वह भौतिक रूप से बाहर आकर भी उस कक्ष की पेंटिंग से मुक्‍त नहीं होता. वे उसके मस्त्ष्कि में, विचारों में बस चुकी हैं. ये बिंदु साहित्‍य और दूसरे कलानुशासनों के बारे में उतने ही विचारणीय हैं.

 

 

 

अधवल की कला
कलाकार भरोसा रखें

काला. अश्‍वेत. अधवल.
रंगों की दुनिया में यह कठिन रंग है. कुछ हद तक चित्रकार उसकी निकटता से दूर रहते आए हैं. या अत्‍यंत सावधान होकर उसका प्रयोग करते रहे हैं. लेकिन पियरे सोलाज ने सिर्फ़ कृृष्‍णता की साधना करना तय किया. उसी के अंगीकार, संधान और अनुसंधान में अपने को खपा दिया. फिर जो निकलकर आया वह एक चमचमाता, उदार, स्‍वाभिमानी रंग था- प्रकाश को भी नये तरीके से प्रकाशित और परिभाषित करता हुआ.

Pierre Soulages

पियरे सोलाज चित्रकला संसार में विशिष्ट थे. उनकी पेंटिंग में दुनिया के सारे संभव रंग समाये हैं क्योंकि उन्‍होंने अपनी चित्रकारी के लिए एक चक्रवर्ती रंग चुना- ‘काला’. अनेक चित्रकारों ने काले रंग का इस्‍तेमाल किया लेकिन निर्णय लेकर जीवन भर के लिए ऐसा एकमात्र चुनाव नहीं किया. कला संसार में महामारी और नृशंसता विषयक चित्रों में काले रंग के व्‍यापक इस्‍तेमाल के बावजूद, पियरे सोलाज के चित्र इसलिए अलग हैं कि वे अपनी हर अभिव्‍यक्ति के लिए एक ही रंग के साथ दुस्साहस करते हैं- अधवल. जितनी विशाल आकार की पेंटिंग, उतना ही विस्‍मयकारी होता काला रंग.

शुक्‍ल प्रेमी दुनिया में अशुक्‍ल का चयन और उसका निर्वाह. काले के कितने शेड्स. कितने रंग, रूप, प्रकार.
काले के कितने नखरे, चोंचले और हठ. उसकी अप्रत्‍याशित सुंदरताएँ और अव्‍याख्येय व्‍याख्‍याएँ.

 

 

 

(दो)
बाक़ी के रंग लग जाते हैं, असित को लगाना पड़ता है. काले के समक्ष काला. काले के ऊपर काला. और कोई दूसरे रंग का छींटा हो तो वह भी काले के पार्श्‍व में. यह कृष्ण की साधना है. यह आबनूसी माध्‍यम से दुनिया को देखना है. और यह आविष्‍कृत करना है कि काले की वजह से दूसरे रंगों को कितनी संभावनाएँ मिलती हैं. जबकि काला बेपरवाह है, अराजक है, अति आत्‍मविश्‍वासी है, जो अपने होने भर से बाक़ी सबको निहत्‍था कर देता है. लेकिन यही वह रंग भी है जो दूसरे रंगों को अपने क़रीब जगह दे सकता है. तब काला भी उस तरह काला नहीं रह जाता.
वह रंगों के बीच एक अनोखी छटा बन जाता है.

जैसे सोलाज सिद्ध करते हैं कि काला रंग अपनी बहुआयामिता बनाए रख सकता है. जो केवल रेखाओं और रूपाकारों में चित्रों को देखना चाहते हैं, उनके लिए यह चुनौती है. यह चुनौती और विकट हो जाती है यदि मन में इस रंग के प्रति अस्‍वीकार है. या कोई भय है. लेकिन सोलाज के पास यह काला इतना निचाट, खुला और विराट है कि कोई भी कह सकता है कि अरे, यह बहुत आसान है. हालाँकि चित्रित करोगे तो पाओगे कि यह तो एक बहुत मुश्किल बात है. अधवल का अपना एक बुख़ारजन्‍य तापक्रम है. इसका ज्वर बढ़ता ही रहता है. इसे नहीं सँभाला तो यह थर्मामीटर के चिह्नों के पार जा सकता है. इसका ताप हरदम महसूस होगा लेकिन आप बस महसूस करने लायक संवेदनशील बने रहें.

 

Painting-Pierre Soulages

 

(तीन)
टूटी रेखाएँ. छूटी जगहें.
माध्‍यम और कैनवस के टैक्‍सचर.
दीवारों की पुताई करनेवाले मोटे ब्रश सरीखे स्‍ट्रोक. अंतरिक्ष के खंडहर.

अब दर्शक के रूप में आपको बदलना होगा. अन्‍यथा आप ग़लत जगह आ गए हैं. यह कला में स्‍वतंत्रता का नया आख्‍यान है. यहाँ चित्र को चित्रकार से और चित्रकार को चित्र के नियमों से आज़ादी मिल गई है. दोनों एक दूसरे की स्‍वतंत्रता का सम्‍मान कर रहे हैं. निर्णय हुआ कि जो बाँधे वह ठीक नहीं. अब स्‍वतंत्रता एक आस्‍वाद है. यही रंग और चित्रकार, दोनों का नया साझा वक्‍तव्‍य है. अपूर्व. और सर्जनात्‍मक.

सोलाज ने जब रूपाकारों को तिलांजलि दी तो यह कहकर कि पुराना सीखा भूल जाओ. तब ही नये का निर्माण हो सकता है. लेकिन यह परंपरा का त्‍याग नहीं था. वे प्राचीन परंपरा से भी प्रेरित हुए. प्रागैतिहासिक काल से. गुफाओं में आद‍िम मनुष्‍य के जीवन में जब अँधेरा ही प्रमुख अवयव था, तब उन्‍हें भि‍त्ति चित्रों के धूम्र-रंग की ताक़त ने भरोसा द‍िया. चित्रकला का सबसे पहला रंग अश्‍वेत था. उस से अधिक पुरातन परंपरा भला क्‍या है? सोलाज ने कहा-‘ अब यही मेरा प्रिय रंग है.‘ चित्रों का ही नहीं, खुद उनके पहनावे का भी. फिर वे सिर्फ काले वस्‍त्रों में ही नज़र आए. काले रंग के पहनावे ने उनके व्‍यक्तित्‍व और चित्रों को एकमएक कर दिया. अश्‍वेत की ऊष्‍ण गरिमा.

स्‍थापत्‍यों को देखते हुए वे ‘प्रकाश और अँधेरे’ के खेल के प्रति आकर्षित हुए. उन्‍हें लगा कि काला रंग इसमें सबसे अधिक सहयोग कर सकता है. उन्‍हें ‘वॉलनट स्‍टेन’ ऐसा माध्‍यम मिला जो सस्‍ता था. चित्रकला के लिए स्‍वीकृत नहीं और अन्य कलाकारों के लिए त्‍याज्‍य. उसमें उन्‍हें श्‍यामलता की असीम संभावनाएँ द‍िखीं. कि यही वह आबनूसी है जिसमें काले की तमाम छटाएँ मिल सकती हैं. जिन्‍हें काला रंग देखने से रतौंधी हो सकती है, सोलाज ने उनके चक्षु खोल दिए.

 

Painting- Pierre Soulages

 

(चार)
कहने को तो कविता हर कोई लिख सकता है लेकिन सचमुच हर कोई नहीं लिख सकता. वैसे ही सोलाज के काम को देखकर लगता है कि हर कोई चित्र बना सकता है लेकिन सचमुच ठीक तरह हर कोई नहीं बना सकता. सोलाज का स्‍याह नये काले सूर्य को उद‍ित करता है जिसकी चमकदार काली रश्मियाँ बाक़ी सब कुछ को नये सिरे से प्रकाशित कर देती हैं. जिसमें देखना और खोजना, दोनों काम एक साथ महत्‍वपूर्ण हो जाते हैं.

यह सब अशुभ्र के बिना
मुमकिन न था.

संभव यह है कि सोलाज के कार्य और व्‍यक्‍तित्‍व से प्रभावित होकर कोई काले रंग को नये सिरे से, नयी तरह से प्‍यार करने लगे. तब यह कालिमाओं को दूर करनेवाला काला होगा. निपट काले के प्रति सोलाज के मन में आग्रह एक दक्षिणपंथी पत्रिका के उस लेख से बनता है जिसमें मार्क शगाल और फर्नांडो लेजर के बनाये श्‍याम चित्रों की कटु आलोचना थी. वे उन चित्रों से, उनमें व्‍यक्‍त सर्जनात्‍मक अवकाशों, रंध्रों और निरंध्रों से अभिभूत हो गए और जीवन भर काले के लिए समर्पित. यह रोमांस था. उस रंग के प्रेम में पड़ना था जो समूचे इंद्रधुनष को अपने भीतर समो लेता है.

फाइन आर्ट्स संस्‍थानों से वे विकर्षित होते गए. एक प्रतिष्ठित कला विद्यालय में शिक्षण के रंग-ढंग देखकर उन्होंने वहाँ से भागना ही उचित समझा. उन्हें शिक्षकों ने शुरू में ही चेतावनी दी थी कि जिस तरह तुम सोचते हो, जिस तरह चित्र बनाते हो उससे जल्दी ही अपने लिए शत्रुओं का निर्माण कर लोगे. वही हुआ. लेकिन उससे क्‍या होता है? कलाकार अपना काम करता रहता है. काम की श्रेष्‍ठता खरपतवारों का विनाश करती रहती है. हर कला माध्‍यम में यही होता आया है.

सो, कलाकार भरोसा रखें.
दूसरों पर ही नहीं, ख़ुद पर भी.

 

कुमार अम्‍बुज

लोकतांत्रिकता, स्वतंत्रता, समानता, धर्मनिरपेक्षता के मूल्यों और वैज्ञानिक दृष्टि संपन्न समाज के पक्षधर कुमार अम्बुज का जन्म 13 अप्रैल 1957 को जिला गुना, मध्य प्रदेश में हुआ. संप्रति वे भोपाल में रहते हैं.  किवाड़, क्रूरता, अनंतिम, अतिक्रमण, अमीरी रेखा और उपशीर्षक उनके छह प्रकाशित कविता संग्रह है. ‘इच्छाएँ और ‘मज़ाक़’ दो कहानी संकलन हैं. ‘थलचर’ शीर्षक से सर्जनात्मक वैचारिक डायरी है और ‘मनुष्य का अवकाश’ श्रम और धर्म विषयक निबंध संग्रह. ‘प्रतिनिधि कविताएँ’, ‘कवि ने कहा’, ‘75 कविताएँ’ श्रृंखला में कविता संचयन है. उन्होंने गुजरात दंगों पर केंद्रित पुस्तक ‘क्या हमें चुप रहना चाहिए’ और ‘वसुधा’ के कवितांक सहित अनेक वैचारिक पुस्तिकाओं का संपादन किया है. विश्व सिनेमा से चयनित फिल्मों पर निबंधों की पुस्तक शीघ्र प्रकाश्य. कविता के लिए ‘भारत भूषण अग्रवाल स्मृति पुरस्कार’, ‘माखनलाल चतुर्वेदी पुरस्कार’, ‘श्रीकांत वर्मा पुरस्कार’, ‘गिरिजा कुमार माथुर सम्मान’, ‘केदार सम्मान’, वागीश्वरी पुरस्कार तथा कुसुमाग्रज सम्मान से सम्मानित.ई-मेल : kumarambujbpl@gmail.com

Tags: 20262026 पेंटिंगकुमार अम्बुजपियरे सोलाजमार्क रोथको
ShareTweetSend
Previous Post

बस एक सीट के लिए : मनोज कुमार पांडेय

Next Post

ऐन कार्सन : 2026 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार : त्रिभुवन

Related Posts

जोगेन चौधुरी : ‘मास्टर ऑफ अनब्रोकन लाइन्स’ : गरिमा श्रीवास्तव
पेंटिंग

जोगेन चौधुरी : ‘मास्टर ऑफ अनब्रोकन लाइन्स’ : गरिमा श्रीवास्तव

बिलॉन्गिंग : विरासत के साये में स्मृतियों का संसार : कुँवर प्रांजल सिंह
समीक्षा

बिलॉन्गिंग : विरासत के साये में स्मृतियों का संसार : कुँवर प्रांजल सिंह

2026 का बुकर पुरस्कार : एम. जॉन हैरिसन : द एंड ऑफ एवरीथिंग : बातचीत : अनुवाद : अनुराग अंकुर
बातचीत

2026 का बुकर पुरस्कार : एम. जॉन हैरिसन : द एंड ऑफ एवरीथिंग : बातचीत : अनुवाद : अनुराग अंकुर

Comments 8

  1. पवन करण says:
    1 month ago

    मार्क रोथको और पियरे सोलाज के चित्र और रंग वैशिष्ट्य तथा कथनों और धारणाओं को केंद्र में रखकर लिखा उत्कृष्ट लेख है। पाठ के पश्चात जो अंतस में ठहरता है …शुभकामनाएं।

    Reply
  2. Vivek Tembe says:
    1 month ago

    ·
    Superb❤️
    Thank you so much for sharing

    Reply
  3. Vazda Khan says:
    1 month ago

    बेहतरीन आलेख. बहुत शुक्रिया इतना सारगर्भित लेख पढ़वाने के लिए

    Reply
  4. आरती says:
    1 month ago

    यह याद रहेगा-
    रोथको का विचार था कि जो लोग भोजन, कपड़ों पर या प्रदर्शनकारी जीवन के लिए ज्‍यादा व्‍यय करते हैं वे सब अनैतिक लोग हैं. यदि आप धन को अपनी कला के आगे दुत्कार देते हैं या किसी तरह उसे पराजित कर देते हैं तो वह कला अपना मूल्य बचाए रखेगी. यह विचार उनकी खुद की पेंटिंग के बारे में तो भविष्‍यवाणी की तरह फलीभूत हो चुका।

    Reply
  5. अजित says:
    1 month ago

    मार्क रोथको और सोलाज के ज़रिए अंबुज जी ने चित्रकला के विभिन्न पक्षो का अद्भुत विश्लेषण किया है। विशेष रूप से अमूर्तन को लेकर। काफी अध्ययन के साथ लिखा है गया बहुमूल्य आलेख। बधाई।

    Reply
  6. त्रिभुवन says:
    1 month ago

    कुमार अंबुज सर का यह लेख चित्रकला पर लिखा गया महज़ एक सौंदर्यशास्त्रीय विवेचन नहीं है। कला की आत्मा, उसके नैतिक साहस और मनुष्य की सर्जनात्मक स्वतंत्रता का अत्यंत विचारोत्तेजक मेनिफेस्टो है। सबसे बड़ी खूबी तो इसकी यह है कि अंबुज चित्रों को देखते नहीं, उनके भीतर प्रवेश करते हैं; रंगों को पढ़ते नहीं, उनकी धड़कन सुनते हैं। यहाँ कला दीवारों का अलंकरण नहीं, सभ्यता की अंतरात्मा का विक्षुब्ध स्पंदन है। उनकी यह खूबी है कि वे चित्रों को भी जैसे पूरा सिनेमा बना देते हैं। उनकी विवेचना की यह सूक्ष्म दृष्टि कमाल है।

    मार्क रोथको और पियरे सोलाज जैसे दो विलक्षण चित्रकारों के माध्यम से अंबुज जी ने सौंदर्य, विचार, इतिहास और प्रतिरोध के ऐसे अंतर्संबंध उद्घाटित किए हैं, जिनसे हिन्दी की कला-आलोचना विरल रूप से समृद्ध होती है। यह बिलकुल उनके सिनेमा पर लिखे हुए अतुलनीय लेखों जैसा ही है। रोथको के यहाँ रंग इतिहास की घायल चेतना में बदल जाते हैं, जबकि सोलाज का काला अपनी समूची कृष्णता के साथ प्रकाश का नया जुगराफ़िया रचता है। एक चित्रकार रंगों से मनुष्य की त्रासदी का संगीत रचता है, दूसरा अँधेरे की देह से रोशनी का आविष्कार करता है।

    इस लेख का एक असाधारण गुण उसकी भाषा और विवेचना है। उसमें कविता की ऐंद्रिकता, दर्शन की प्रखरता और आलोचना की निर्मम विवेकशीलता एक-दूसरे को आलोकित करती हैं। अंबुज सर का गद्य कभी रंगों की कोमल सतह को छूता है, कभी उनकी नसों में प्रवाहित इतिहास की तपिश को पहचानता है। विशेषतः काले रंग पर उनका विवेचन ऐसी भाषिक बौद्धिक उत्तेजना से संपन्न है कि कालिमा स्वयं सौंदर्य की एक स्वाधीन, आत्मसम्मानी सत्ता बन उठती है।

    और सबसे महत्त्वपूर्ण है कला के बाज़ारीकरण के विरुद्ध उनका नैतिक आग्रह। वे कलाकार की स्वतंत्रता को उसकी सामाजिक जवाबदेही से अलग नहीं करते। उनका सौंदर्यशास्त्र मनुष्यविरोधी समय में कला की पक्षधरता का सौंदर्यशास्त्र है। भेड़ों वाला उनका रूपक तो ग़ज़ब का है। यह तो जैसे कोई विचारणीय सूक्ति है।

    कुमार अंबुज की उपलब्धि यही है कि इस लेख को पढ़ने के बाद हम चित्रों को ही नहीं, देखने की अपनी आँखों को भी नए सिरे से देखने लगते हैं। यह चित्रकला की आलोचना से आगे बढ़कर मनुष्य की दृष्टि का पुनर्जन्म है। कुमार अंबुज जी की रचनाओं का मैं बहुत पुराना पाठक हूँ और यह प्रसन्नता होती है कि वे निरंतर सक्रिय होकर लिख रहे हैं। क्या ही अच्छा हो अगर उनकी तरह इस पीढ़ी के सभी लेखक निरंतर इसी तरह लिखें और इस समय की विद्रूपताओं को रेखांकित करें। आज काला कुहरा दिल्ली के आसमान से पूरे देश में छा रहा है, वह दूर करने के लिए पराली जलाने से रोकना कुछ नहीं करेगा। अब तो काले अंधेरे के काले कोयले बनाकर ही कुछ रश्मियाँ पैदा करनी होंगी। मुझे तो मार्क रोथको और पियरे सोलाज का यही चित्र इस पूरे लेख में बनता दिख रहा है।

    Reply
  7. Nirdesh Nidhi says:
    1 month ago

    यह आलेख लिखने के लिए लेखक के भीतर कला की समझ का अथाह सागर समझ में आता है। बहुत सारगर्भित आलेख है।
    धन्यवाद आपको इसे पढ़वाने के लिए
    कुमार अंबुज जी को हार्दिक बधाई

    Reply
  8. अवधेश बाजपेयी says:
    1 month ago

    बहुत महत्वपूर्ण आलेख ।जो चित्रकला/कला में विचार के महत्व को रेखांकित करता है ।इसे मैंने एफबी पर भी पढ़ा था ।हिंदी साहित्य में ऐसे लेख बहुत मुश्किल है ।शुक्रिया ।

    Reply

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

समालोचन

समालोचन साहित्य, विचार और कलाओं की हिंदी की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है. डिजिटल माध्यम में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की जरूरत को ध्यान में रखते हुए 'समालोचन' का प्रकाशन २०१० से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है. विषयों की विविधता और दृष्टियों की बहुलता ने इसे हमारे समय की सांस्कृतिक परिघटना में बदल दिया है.

  • Privacy Policy
  • Disclaimer

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2010-2026 समालोचन | powered by zwantum

No Result
View All Result
  • समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • आलोचना
    • आलेख
    • अनुवाद
    • समीक्षा
    • आत्म
  • कला
    • पेंटिंग
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • शिल्प
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • संपर्क और सहयोग
  • वैधानिक