| क्या हम अपने फ़ैसलों के मालिक हैं, या अदृश्य ढाँचों से संचालित हो रहे हैं?
विजयशंकर चतुर्वेदी |
क्या हम अपने फैसले सच में खुद लेते हैं, या अपने सामने पेश किए गए विकल्पों में से बस चुनते हैं? आज की दुनिया में हमें लगता है कि हम पूरी तरह स्वतंत्र हैं, लेकिन सच यह है कि जो हम देखते हैं, पढ़ते हैं और सोचते हैं, वह पहले से तय ढाँचों से गुजर कर हम तक पहुँचता है. हम बस तेजी से प्रतिक्रिया देते हैं—बिना रुके, बिना सोचे.
इस लेख में हम सचेत विरामवाद की बात करेंगे, जिसे मैं “डिलिबरेटिव एजेंसी थ्योरी” के रूप में प्रस्तावित कर रहा हूँ. यह एक नई दार्शनिक सोच है, जो कहती है कि अब इंसान की सबसे बड़ी खासियत सिर्फ सोचने या महसूस करने में नहीं रह गई है, क्योंकि मशीनें भी यही सब करने लगी हैं. इंसान की असली ताकत है—रुकने की क्षमता; किसी भी चीज़ को तुरंत स्वीकार न करना, एक पल ठहरना, उसे समझना, फिर कोई फैसला लेना, और अंततः उस फैसले की पूरी जिम्मेदारी खुद लेना—यही सचेत विरामवाद (डिलिबरेटिव एजेंसी थ्योरी) है.
एक जनपक्षधर दर्शन—जो हमें समझाता है कि एआई का असली खतरा यह नहीं है कि वह हमें बेकार कर देगी, बल्कि यह है कि हम अपनी आज़ादी का भ्रम जीते रहेंगे, जबकि असल फैसले धीरे-धीरे मशीनों के प्रभाव में चले जाएँगे.
आज की दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हर कदम पर हमारे साथ है. सुबह उठते ही फोन की सूचनाएँ, काम के दौरान चैटजीपीटी से लिखवाया गया ईमेल, शाम को सोशल मीडिया पर एल्गोरिदम द्वारा चुनी गई ख़बरें– सब कुछ मशीनें तय कर रही हैं. हम सोचते हैं कि हम ख़ुद सोच रहे हैं, खुद फ़ैसले ले रहे हैं, लेकिन क्या सचमुच ऐसा है? या हम धीरे-धीरे अपनी सोचने की क्षमता खोते जा रहे हैं?
एआई के युग में इंसानी आज़ादी का खोता हुआ अर्थ
बीते तीन-चार सौ सालों से दार्शनिक कहते आए हैं कि इंसान इसलिए ख़ास है कि वह सोच सकता है. मशहूर फ्रांसीसी दार्शनिक देकार्ते का प्रसिद्ध वाक्य “मैं सोचता हूँ, इसलिए मैं हूँ” इसी विचार पर टिका था. बाद में उन्नीसवीं शताब्दी के दमैसियो जैसे न्यूरोविद् दार्शनिकों ने भावनाओं, अनुभव और शरीर को भी महत्व दिया. लेकिन 2023 से 2025 के बीच आए बड़े-बड़े भाषा मॉडल्स ने इस पुरानी सोच को पूरी तरह हिला दिया है.
ये मशीनें अब न सिर्फ तर्कपूर्ण जवाब देती हैं, बल्कि कहानियाँ लिखती हैं, कविताएँ रचती हैं और भावनाओं का भी ऐसा नाटक करती हैं कि पढ़ने वाला फेर में पड़ जाता है कि यह इंसान ने ही लिखा है या मशीन ने. नतीजतन हमारा पुराना यकीन – कि सोचना और महसूस करना ही इंसान की पहचान है – अब टूट रहा है.
सचेत विरामवाद कहता है कि इंसान की असली पहचान “सचेत विराम” में है. यानी जब एआई कोई सुझाव दे, कोई लेख लिख दे या कोई फ़ैसला व विकल्प सुझा दे, तो उसे तुरंत न स्वीकारें. एक छोटा-सा विराम लें. उस विराम में पूछें– यह बात कितनी सही है? इसका क्या मतलब है? इसके नतीजे क्या हो सकते हैं?
जब हम यह विराम लेते हैं, तभी हम असली मालिक बनते हैं अपने चयन के. बिना इस विराम के हम सिर्फ एआई के दिए हुए रास्ते पर चलते रहते हैं. हम सोचते हैं कि हम स्वतंत्र निर्णय ले रहे हैं, लेकिन असल में हमारा पूरा निर्णय पहले से तैयार किए गए विकल्पों के बीच सिमटता जा रहा है.
सचेत विराम के चरण और अमल का दायरा
एआई आज हमारे जीवन के हर क्षेत्र में गहराई से घुस चुकी है. चाहे वह रोज़मर्रा की छोटी-बड़ी ख़रीदारी हो, सोशल मीडिया पर सक्रियता हो, या राजनीतिक राय बनाना हो. मशीनें हमारे पिछले व्यवहार, क्लिक्स, पसंद और समय बिताने के तरीके को ध्यान से देखती हैं. फिर मानवीय व्यवहार का विश्लेषण करके वे हमारे लिए ऐसे विकल्प तैयार करती हैं जो हमें बेहद दिलकश लगें. कई बार यह व्यक्ति विशेष की हद तक निजीकृत व अनुकूलित होते हैं. इस प्रक्रिया को प्रेडिक्टिव पर्सनलाइज़ेशन कहते हैं.
सचेत विरामवाद ठीक यहीं मदद करता है. यह तीन स्पष्ट चरणों में काम करता है.
सचेत विराम केवल ठहराव नहीं है, बल्कि एक मानवीत अभिकर्तृत्व का सक्रिय हस्तक्षेप है. यह वह क्षण है जहाँ व्यक्ति खुद को प्रवाह से अलग करता है और सामने आए विचार या सुझाव को देखने का प्रयास करता है. इस प्रक्रिया में तीन महत्वपूर्ण चरण होते हैं—
पहला, रुकना;
दूसरा, देखना और समझना; और
तीसरा, निर्णय का स्वामित्व लेना.
रुकना इसलिए आवश्यक है क्योंकि आज का संसार गति पर चलता है. जितनी जल्दी प्रतिक्रिया, उतनी अधिक सक्रियता. लेकिन इसी गति में निर्णय का स्थान प्रतिक्रिया ले लेता है. हम जो करते हैं, वह सोच-समझकर लिया गया निर्णय नहीं होता, बल्कि एक त्वरित प्रतिक्रिया होती है.
दूसरा चरण है देखना और समझना. यहाँ व्यक्ति इनपुट को एक वस्तु की तरह सामने रखता है. वह पूछता है— यह क्या है? यह कहाँ से आया है? इसका प्रभाव क्या हो सकता है? यही वह क्षण है जहाँ व्यक्ति अपने निर्णय के साथ दूरी बनाता है, ताकि वह उसे एक सूक्ष्म अवरोध उत्पन्न करके खुद देख सके.
तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण चरण है निर्णय का स्वामित्व. यही वह बिंदु है जहाँ अभिकर्ता वास्तविक बनता है. कोई निर्णय सही हो या गलत, अगर वह बिना सोचे लिया गया है, तो वह वास्तव में आपका नहीं है. लेकिन अगर वह सोचकर लिया गया है, तो वह आपका है—और उसकी जिम्मेदारी भी आपकी है.
यहीं प्रतिक्रिया और निर्णय के बीच अंतर स्पष्ट होता है. प्रतिक्रिया तत्काल होती है, बिना ठहराव के. निर्णय ठहराव के बाद आता है, और उसमें स्वामित्व होता है. यही अंतर मनुष्य को मशीन से अलग करता है.
आज की दुनिया दो प्रकार के प्रवाहों के बीच खड़ी है. एक प्रवाह वह है जो निरंतर चलता रहता है—तेज़, सहज और बिना किसी प्रतिरोध के. इसमें हर सूचना तुरंत क्रिया में बदल जाती है. दूसरा प्रवाह वह है जिसमें ठहराव है—जहाँ हर सूचना के बाद एक विराम आता है, और उसी विराम में विचार, मूल्यांकन और निर्णय की प्रक्रिया जन्म लेती है.
समस्या तब उत्पन्न होती है जब हम पहले प्रवाह के अनुरूप व्यवहार करने लगते हैं. जब हम बिना रुके प्रतिक्रिया देने लगते हैं, बिना सोचे स्वीकार करने लगते हैं, और बिना स्वामित्व के निर्णय लेने लगते हैं. इस स्थिति में हम सक्रिय तो दिखाई देते हैं, लेकिन हमारा अभिकर्तृत्व निष्क्रिय रहता है, जो आगे चलकर सुविधा और आसानी का आदी हो जाता है.
हमारे इस सिद्धांत को कई क्षेत्रों में आजमाया जा सकता है.
सोशल मीडिया पर हम अक्सर कोई पोस्ट देखते ही तुरंत लाइक, शेयर या कमेंट कर देते हैं. विराम लेने पर हम सोच सकते हैं– क्या यह नैरेटिव, सूचना या विश्लेषण पूरी सच्चाई बता रहा है? क्या दूसरी तरफ की बात भी जान लेना उचित नहीं होगा? आख़िर मेरे कमेंट का क्या योगदान होगा? उस सूक्ष्म अंतराल में हमारी प्रतिक्रियाएँ ज्यादा परिपक्व और संतुलित हो जाती हैं.
राजनीतिक और सामाजिक राय बनाने में भी इस विराम की बहुत जरूरत है. एल्गोरिदम हमें बार-बार एक ही तरह की ख़बरें दिखाता रहता है. इससे हमारी सोच एकतरफा होती जाती है. लेकिन अगर हम रुककर अलग-अलग स्रोतों से जानकारी लें, पुरानी ख़बरों की जाँच करें और अपनी अर्जित समझ से मिलान करके देखें, तो हमारी राय ज़्यादा स्वतंत्र और मजबूत बनेगी. हालाँकि, फुल प्रूफ़ होने का दावा तब भी नहीं किया जा सकता.
रोज़मर्रा की ख़रीदारी में भी यही होता है. एआई सुझाव देती है कि आपके पिछले ख़रीदारी अनुभव के आधार पर फलाँ प्रोडक्ट आपके लिए बढ़िया रहेगा. बिना रुके हम ऑर्डर कर देते हैं. लेकिन विराम लेकर सोचें– क्या आपको उस उत्पाद की वाकई ज़रूरत है? क्या इससे आपके पैसे और समय की सही कीमत वसूल होगी?
यहाँ तक कि बड़े फ़ैसले, जैसे नौकरी बदलना, भूमि या वाहन ख़रीदना, निवेश करना या परिवार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों में भी सचेत विराम लेना फ़ायदेमंद साबित होता है. एआई आपको डेटा और सुझाव दे सकती है, लुभा भी सकती है, लेकिन अंतिम फ़ैसला और उसकी ज़िम्मेदारी सिर्फ आपकी होनी चाहिए.
जब हम इन तीनों चरणों– सचेत होकर रुकना, विचार करना और ज़िम्मेदारी लेना– को नियमित रूप से अपनाते हैं, तो उल्टे एआई हमारी ग़ुलाम बन जाती है. हम उसे किसी औज़ार की तरह इस्तेमाल कर पाते हैं, मगर अपनी सोच और आज़ादी नहीं खोते. बिना सचेत विराम के हम स्वयं एआई के टूल बन कर रह जाते हैं.
भारतीय दर्शन परंपरा की कड़ी में सचेत विरामवाद
भारतीय दर्शन हमें एक पुराना लेकिन आज भी बहुत काम का रास्ता दिखाता है. इसमें रुककर सोचने, समझने और फिर निर्णय लेने की परंपरा हमेशा से रही है. फर्क यह है कि पहले जहाँ यह ठहराव सहज था, आज उसे सचेत रूप से उत्पन्न करना पड़ रहा है. एआई इतनी तेजी से जवाब देती है कि हम अक्सर बिना सोचे उसे मान लेते हैं. यह स्थिति स्वतंत्रता के समाप्त होने की नहीं है, बल्कि उसके रूप बदलने की है. स्वतंत्रता का अनुभव बना रहता है, लेकिन उसका आधार बदल जाता है.
भारतीय सोच में विवेक को बहुत महत्व दिया गया है. इसका मतलब है—सही और गलत के बीच फर्क समझना. आज के संदर्भ में इसका अर्थ यह है कि जो भी जानकारी या सुझाव हमें मिले, उसे तुरंत सच न मान लिया जाए. थोड़ा रुककर देखें, समझें, और फिर तय करें कि उसे मानना है या नहीं. यही प्रक्रिया हमें अपने फैसलों के प्रति सजग बनाती है.
भगवद्गीता की एक बात यहाँ खास तौर पर समझ में आती है—कर्म करना हमारा अधिकार है, लेकिन उसका परिणाम हमारे हाथ में नहीं होता. इसका एक अर्थ यह भी है कि फैसला हमें ही लेना होता है. एआई हमें सुझाव दे सकती है, लेकिन निर्णय नहीं लेती. अतः “मशीन ने कहा, मैंने किया”—यह जिम्मेदारी से बचने जैसा है. बिना सोचे किसी बात को मान लेना भी एक तरह का कर्म ही है, और उसकी जिम्मेदारी हमसे अलग नहीं होती.
अहिंसा और करुणा की दृष्टि से भी यह ठहराव ज़रूरी है. एआई में कई बार पूर्वाग्रह होते हैं. अगर हम बिना सोचे उसके सुझाव मान लेते हैं, तो हो सकता है हम अनजाने में किसी के साथ अन्याय कर बैठें. रुककर सोचने से हम यह देख पाते हैं कि हमारा फैसला किसी को नुकसान तो नहीं पहुँचा रहा.
जैन दर्शन का अनेकांतवाद हमें यह सिखाता है कि हर चीज़ को एक ही नजर से नहीं देखना चाहिए. सच कई पहलुओं वाला होता है. एआई अक्सर रूप बदल-बदल कर एक ही तरह के जवाब देती है, लेकिन वह पूरी तस्वीर नहीं होता. जब हम रुकते हैं, तो हम दूसरे नजरिए भी देख पाते हैं और हमारी सोच खुली रहती है.
विपासना इस बात को और सरल तरीके से समझाती है. यह कहती है कि किसी भी बात पर तुरंत प्रतिक्रिया मत दो, पहले उसे देखो और समझो. यह अभ्यास हमें जल्दबाज़ी से बचाता है और हमें अधिक सजग बनाता है.
भारतीय दर्शन की दृष्टि में, एआई को केवल एक उपकरण की तरह देखा जाना चाहिए, न कि निर्णयकर्ता के रूप में. उसमें चेतना नहीं है, वह सिर्फ डेटा और पैटर्न पर काम करती है. इसलिए उसे अंतिम सच मानना ठीक नहीं है.
लेकिन यहाँ एक महत्वपूर्ण बात समझनी होगी. प्रस्तावित सचेत विरामवाद भारतीय दर्शन को सीधे आधार नहीं बनाता. कारण यह है कि भारतीय परंपरा में नैतिक ठहराव मनुष्य को सहज रूप से उपलब्ध था. आज स्थिति बदल गई है. कृत्रिम बुद्धिमत्ता अपनी तीव्र गति और लगातार मिलने वाले विकल्पों के जरिए हमारे सामने एक तरह की बमबारी करती है. इस लगातार प्रवाह में सोचने का स्वाभाविक अवकाश कमजोर पड़ने लगता है, और निर्णय में मनुष्य का सक्रिय योगदान धीरे-धीरे घटता जाता है. इसलिए जो समस्या पहले इस रूप में मौजूद नहीं थी, वह अब पैदा हुई है.
इसी संदर्भ में “सचेत विरामवाद” (Deliberative Agency Theory) को समझा जा सकता है. यह कोई पुरानी बात को दोहराना नहीं, बल्कि मानवीय अस्तित्व के सामने खड़े इस नए संकट का समाधान देने की कोशिश है. यह हमें याद दिलाता है कि हर निर्णय से पहले एक सूक्ष्म विराम जरूरी है—जो हमें एआई की धुआँधार गति के बीच भी अपनी मानवीय एजेंसी को बचाए रखने की ताकत देता है. यह एक किस्म का सशक्तीकरण है.
निर्णय की तीव्र गति और सूक्ष्म विराम का भविष्य
भविष्य की ओर देखें तो यह स्पष्ट होता है कि यह प्रश्न केवल व्यक्तिगत नहीं रहेगा. यह सामाजिक, शैक्षिक और संस्थागत स्तर पर भी निर्णायक रूप से उभरेगा. जैसे-जैसे निर्णयों की गति बढ़ेगी, वैसे-वैसे उनके परिणामों की गंभीरता भी बढ़ेगी. यह केवल इस बात का प्रश्न नहीं होगा कि हमने क्या चुना, बल्कि इस बात का भी होगा कि हमने वह चयन किन परिस्थितियों में किया—सोचकर या बिना सोचे.
इतिहास हमें बताता है कि कुछ निर्णय केवल व्यक्तिगत नहीं होते, बल्कि उनके परिणाम पूरी मानवता को प्रभावित करते हैं. परमाणु बम का निर्माण और उसका उपयोग केवल एक तकनीकी उपलब्धि नहीं था, वह एक ऐसा निर्णय था जिसमें ज्ञान, शक्ति और उत्तरदायित्व तीनों एक साथ उपस्थित थे. लेकिन जब उसके प्रयोग के क्षण में ठहराव अनुपस्थित हुआ, तो परिणाम विनाशकारी सिद्ध हुए. यही बात युद्ध के निर्णयों पर भी लागू होती है. युद्ध अक्सर तात्कालिक प्रतिक्रिया, प्रतिष्ठा, अहंकार, भय या दबाव में लिए गए निर्णयों का परिणाम होते हैं, लेकिन उनके प्रभाव पीढ़ियों तक फैलते हैं.
इसी प्रकार, चिकित्सा के क्षेत्र में एक सर्जन का निर्णय केवल तकनीकी प्रक्रिया नहीं होता, बल्कि जीवन और मृत्यु के बीच खड़ा एक नैतिक क्षण होता है. गंभीर सर्जरी के दौरान समय सीमित होता है, दबाव अत्यधिक होता है, और हर निर्णय तत्काल लेना होता है. फिर भी, सबसे अनुभवी सर्जन भी उस क्षण में एक सूक्ष्म विराम लेते हैं—एक ऐसा विराम जो दिखाई नहीं देता, लेकिन जिसमें वे अपने ज्ञान, अनुभव और परिस्थिति को एक साथ समेटते हैं. यही विराम उन्हें महज तकनीकी विशेषज्ञ से एक जिम्मेदार निर्णयकर्ता बनाता है.
कृत्रिम बुद्धिमत्ता विशाल डेटा पर आधारित होती है, लेकिन उसका ज्ञान सीमित होता है—वह अपने प्रशिक्षण के बाहर नहीं देख सकती, वह अनुभव नहीं करती, और वह परिणामों की जिम्मेदारी नहीं ले सकती. वह विकल्प देती है, लेकिन उन विकल्पों की पूर्णता की गारंटी नहीं देती. यदि हम ऐसी सीमित संरचना पर बिना विराम के भरोसा करने लगें, तो हम निर्णय नहीं, बल्कि केवल समर्पण कर रहे होते हैं.
यहीं सचेत विराम की आवश्यकता और भी बढ़ जाती है. क्योंकि जहाँ ज्ञान अपूर्ण है, वहाँ ठहराव ही वह स्थान है जहाँ हम उस अपूर्णता को पहचान सकते हैं. विराम के साथ, हम उसे केवल एक संभावना के रूप में देख पाते हैं.
इसलिए शिक्षा को केवल सूचना देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए. उसे यह सिखाना होगा कि कब रुकना है, कैसे सोचना है, और कैसे अपने निर्णय का स्वामित्व लेना है. एक विद्यार्थी को यह सिखाना कि सही उत्तर क्या है, पर्याप्त नहीं है; उसे यह भी सिखाना होगा कि उत्तर तक पहुँचने की प्रक्रिया क्या है, और उस प्रक्रिया में उसका अपना योगदान क्या है.
इसी प्रकार, तकनीकी प्रणालियों को भी इस दिशा में विकसित करना होगा कि वे केवल गति न बढ़ाएँ, बल्कि विराम के लिए स्थान भी बनाएँ. यदि हर प्रणाली केवल तात्कालिक प्रतिक्रिया को बढ़ावा देगी, तो वह व्यक्ति की निर्णय क्षमता को कमजोर करेगी. लेकिन यदि वह एक छोटा-सा ठहराव प्रदान करे—एक संकेत, एक प्रश्न, एक पुनर्विचार का अवसर—तो वही प्रणाली एजेंसी को सशक्त कर सकती है.
अंततः प्रश्न तकनीक का नहीं, मनुष्य का है. तकनीक विकल्प दे सकती है, दिशा दिखा सकती है, संभावनाएँ खोल सकती है, लेकिन निर्णय का स्वामित्व मनुष्य से अलग नहीं किया जा सकता. यह स्वामित्व ही मनुष्य को उत्तरदायी बनाता है, और यही उसे नैतिक बनाता है.
यदि हम रुकना छोड़ देंगे, तो हम निर्णय लेते हुए भी अपने निर्णयों के मालिक नहीं रहेंगे. हम केवल एक प्रवाह का हिस्सा बन जाएँगे, जो हमें आगे बढ़ाता रहेगा, बिना यह पूछे कि हम कहाँ जा रहे हैं. लेकिन यदि हम सचेत होकर रुकना सीख जाएँ, तो हम उसी प्रवाह के भीतर रहते हुए, उसका हल्का अवरोध उत्पन्न करके भी उसकी दिशा को प्रभावित कर सकते हैं. आज मानवीय अभिकर्तृत्व को संरक्षित करने का यह एक उपयुक्त रास्ता है. इसीलिए आज के समय का सबसे सटीक कथन शायद यही होगा—
“हम हैं, क्योंकि हम एक सचेत विराम में निर्णय लेते हैं.”
![]() विजयशंकर चतुर्वेदी 15 जून, 1970 (सतना, मध्यप्रदेश) पत्रकार-लेखक कविता संग्रह ‘पृथ्वी के लिए तो रुको’ राधाकृष्ण प्रकाशन, नई दिल्ली से प्रकाशित. vijaysshankarchatturvedi@gmail.com |





“सचेत विरामवाद” (Deliberative Agency Theory) यह शब्द मुझे उचित प्रतीत हुआ। वास्तव में यहाँ गति का नियम भी लागू होता है ए आई जिस गति से उतर देता है वह हमारे सोचने की गति से कई गुना अधिक है हम उसे पढ़ने में जितना समय लेते हैं वह हमारे सोचने की गति को बाधित करता है। ऐसी स्थिती में हम ्वरित निर्णय लेते हैं और कई बार यह निर्णय चूक से भरा हुआ होता है। फिर भी आवश्यक नहीं है कि हम हर क्षेत्र में सचेत विराम ले चूके हैं कुछ तकनीकी जानकारी या ऐसे कार्य होते हैं जिनमें हमें त्वरित निर्णय लेना होता है। यह बात भी सही है कि हमारे क्रियाकलाप और गतिविधियों से एआईएमईओ संचालित होता है अपने डेटा बेस में वह उन चीज़ों का शामिल कर लेता है कुछ चीजें वह पहुँचकर शामिल करता है जैसे नाम रुचि इत्यादि लेकिन बहुत सारी बातों का निर्णय वह स्वयं भी है और तदनुसार सलाह देता है एआई से बहस करना जरूरी है और उसे उसकी गलती का एहसास दिलाना भी जरूरी है जो व्यक्ति लेख में एआईए का उपयोग करते हैं वे तथ्यों के लिए यदि इसका उपयोग करते है तो उसकी जांच पड़ताल भी जरूरी होती है एआई यह डिस्क्लेमर देता है उसके द्वारा प्रस्तुत जानकारी में गलती हो सकती है कविता इत्यादि के संदर्भ में तो ए आई गलत होता ही है क्योंकि वह केवल भाषा का प्रयोग करता है भाव संवेदना और विचार वहाँ अनुपस्थित होते हैं |
आदरणीय शरद जी, उत्साहवर्धक टिप्पणी और “सचेत विरामवाद” पर अपनी बौद्धिक मुहर लगाने के लिए आपका हार्दिक धन्यवाद। 🙏
आपने बिल्कुल सही रेखांकित किया है कि आज की तीव्र गति वाली दुनिया में हर जगह ठहराव संभव नहीं होता और कई परिस्थितियाँ त्वरित निर्णय की मांग करती हैं। मेरा अंतर बस इतना है कि जहाँ आप “सचेत विराम” की उपयोगिता को स्वीकार करते हुए उसे मुख्यतः एक व्यवहारिक सीमा के भीतर रखते हैं—अर्थात जहाँ समय हो वहाँ विराम और जहाँ तात्कालिकता हो वहाँ तुरंत निर्णय—वहीं मैं इसे केवल समय-आधारित ठहराव नहीं, बल्कि मानवीय अभिकर्तृत्व की बुनियादी बौद्धात्मक (cognitive) शर्त के रूप में देखता हूँ।
इस विराम का लंबा होना ज़रूरी नहीं; यह एक सूक्ष्म मानसिक क्षण भी हो सकता है, जो प्रतिक्रिया को निर्णय से अलग कर देता है और व्यक्ति को अपने चयन का स्वामी बनाता है। साथ ही, यदि हम एआई को केवल एक उपकरण मानकर उसकी त्रुटियों की जाँच तक ही सीमित रहेंगे, तो हम समस्या को सूचना की शुद्धता में महदूद कर देंगे।
मेरी चिंता इससे आगे की है—निर्णय की उस संरचना को लेकर, जहाँ विकल्प पहले से गढ़कर प्रस्तुत किए जाते हैं और हम अनजाने में उन्हीं के भीतर चयन करने लगते हैं। ऐसे में “सचेत विराम” केवल सावधानी नहीं, बल्कि अपने निर्णय की स्वतंत्रता को पुनः स्थापित करने की एक बुनियादी शर्त बन जाता है।
इसी के साथ एक और बिंदु जोड़ना चाहूँगा। यदि हम दार्शनिक परंपरा की उस धारा को देखें जिसे मैंने आगे बढ़ाने की कोशिश की है—जहाँ देकार्ते “मैं सोचता हूँ, इसलिए मैं हूँ” कहते हैं और आगे चलकर दमासियो जैसे विचारक “मैं महसूस करता हूँ, इसलिए मैं हूँ” की ओर संकेत करते हैं—तो यह स्पष्ट होता है कि ये दृष्टियाँ मनुष्य के अस्तित्व का एक तरह से निदान (diagnosis) तो करती हैं, पर समाधान (treatment) प्रस्तुत नहीं करतीं। वे हमें बताते हैं कि हम क्या हैं, पर यह नहीं बताते कि इस बदलती संरचना में हम अपनी अभिकर्ता शक्ति को कैसे बचाएँ। “सचेत विरामवाद” इसी बिंदु पर एक सक्रिय हस्तक्षेप के रूप में सामने आता है। यह उस सूक्ष्म अवरोध की बात करता है जिसे हम स्वयं उत्पन्न करते हैं—एक ऐसा अवरोध जो आगे चलकर प्रतिरोध के अभ्यास में बदलता है। और यही प्रतिरोध मनुष्य की एजेंसी को न केवल बचाता है, बल्कि उसे जीवन के हर निर्णय में और सशक्त करता है।
इस अर्थ में यह केवल पूर्ववर्ती दार्शनिक क्रम का विस्तार नहीं, बल्कि एक सक्रिय (active) दर्शन है—जो मनुष्य को परिस्थितियों का मात्र पर्यवेक्षक नहीं, बल्कि अपने निर्णयों का सचेत निर्माता बनने की दिशा में प्रेरित करता है। मेरा विनम्र आग्रह है कि इसे इसी सशक्तिकरण के परिप्रेक्ष्य में भी देखा जाए। 😊🌺
Very good analysis