• मुखपृष्ठ
  • समालोचन
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
No Result
View All Result
समालोचन

Home » कौन हैं ज्याँ द्रेज़? कुँवर प्रांजल सिंह

कौन हैं ज्याँ द्रेज़? कुँवर प्रांजल सिंह

by arun dev
October 24, 2026
in समाज
Reading Time: 4 mins read
A A
कौन हैं ज्याँ द्रेज़? कुँवर प्रांजल सिंह
फेसबुक पर शेयर करेंट्वीटर पर शेयर करेंव्हाट्सएप्प पर भेजें
कौन हैं ज्याँ द्रेज़?
कुँवर प्रांजल सिंह

 

ज्याँ द्रेज़ बेल्जियम मूल के भारतीय अर्थशास्त्री हैं. भारतीय अर्थशास्त्र में वे एक विशिष्ट बौद्धिक धारा का प्रतिनिधित्व करते हैं. अपने अपेक्षाकृत सीमित अध्यापकीय जीवन और व्यापक बौद्धिक कर्म के माध्यम से उन्होंने ऐसे अर्थशास्त्र की पैरवी की है, जिसकी दृष्टि रोज़मर्रा के जीवन की आर्थिक समस्याओं और ज़मीनी यथार्थ पर केंद्रित है. दूसरे शब्दों में, वे ऐसे अर्थशास्त्र के पक्षधर हैं, जो आर्थिक प्रक्रियाओं को केवल आँकड़ों, गणनाओं और नीतिगत प्रतिमानों के माध्यम से नहीं, बल्कि आम लोगों के जीवनानुभवों, उनकी ज़रूरतों और उनके अधिकारों के संदर्भ में समझने का प्रयास करता है.

काम के अधिकार, भोजन के अधिकार, भूख के प्रश्न और सूचना के अधिकार जैसे मुद्दों को एक साझा बौद्धिक एवं राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में रखकर ज्याँ द्रेज़ ने अर्थशास्त्र को जनोन्मुखी बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है. उनके काम में अर्थव्यवस्था का उद्देश्य केवल सरकारी नीतियों के निर्माण और उनके क्रियान्वयन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह जनता की बुनियादी ज़रूरतों, अधिकारों और गरिमा की पूर्ति से जुड़ जाता है. इस अर्थ में, उनके अर्थशास्त्र को एक ऐसे ‘झोलावाला अर्थशास्त्र’ के रूप में भी देखा जाता है, जो अकादमिक विशेषज्ञता की स्थापित सीमाओं से बाहर निकलकर समाज के बीच अपनी जगह बनाता है.

उनके शोध की विशिष्टता इस बात में भी निहित है कि वह सामाजिक यथार्थ की सतह पर दिखाई देने वाली समस्याओं तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उन संरचनात्मक परिस्थितियों और सत्ता-संबंधों को समझने का प्रयास करता है, जिनके भीतर ये समस्याएँ पैदा होती हैं और बनी रहती हैं. एक समय भारतीय अर्थशास्त्र का बड़ा हिस्सा सरकारी नीतियों, विकास के आधिकारिक प्रतिमानों और आर्थिक गणनाओं के इर्दगिर्द केंद्रित था.

अर्थशास्त्र की अकादमिक प्रस्थापनाएँ भी कई बार सरकारी अनुदानों, संस्थागत प्राथमिकताओं और राज्य की संरचनाओं से गहरे जुड़ाव के कारण अपनी आलोचनात्मक स्वायत्तता के प्रश्न से जूझती दिखाई देती थीं. ऐसे बौद्धिक परिवेश में ज्याँ द्रेज़ ने ऑन रिसर्च एंड एक्शन  जैसी महत्त्वपूर्ण लेख के माध्यम से न केवल शोध की प्रचलित प्रवृत्तियों पर सवाल उठाए, बल्कि अर्थशास्त्र और उससे संबद्ध अकादमिक संस्थानों को भी अपने सामाजिक दायित्वों के प्रति सचेत किया.

 

 

सामाजिक परिवर्तन से बदलता लोकतांत्रिक व्यवहार

सामाजिक वास्तविकताओं को समझने और उनमें बदलाव की संभावनाओं को तलाशते हुए द्रेज़ यह बताते है कि सामाजिक परिवर्तन का संबंध लोकतांत्रिक व्यवहार को बदलने से जुड़ा हुआ है. इस बदलाव में ही हम उस भूख की आवाज़ को सुनते है जो ज़मीनी हक़ीक़त से जुड़ी हुई होती है. भूख को केवल आँकड़ों और  सांख्यिकीय निष्कर्षों के माध्यम से पूरी तरह नहीं समझा जा सकता, इसके लिए उन लोगों के जीवनानभवों, परिस्थितियों और संघर्षों तक पहुँचना आवश्यक है, जो भूख और अभाव का सामना कर रहे हैं. इसके लिए 1989 में अमर्त्य सेन के साथ मिलकर ज़्याँ द्रेज़ ने हंगर एंड पब्लिक एक्शन  नामक किताब लिखकर भारत जैसे पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं का ध्यान भूख जैसे विषय पर ला दिया. इस किताब में लेखक दोय ने यह दावा किया की भूख की आवाज़ सुनने और उसे सार्वजनिक विमर्श का हिस्सा बनाने के लिए निरंतर प्रयास, संवेदनशीलता और सामाजिक यथार्थ के साथ गहरे जुड़ाव की आवश्यकता होती है.

राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्यप्रदेश और उड़ीसा तथा भारत के अन्य जगहों की खाक छानते हुए ज्याँ द्रेज़ ने भूख, भुखमरी और सरकार के तरफ़ से निर्मित की जा रही खाद्य सब्सिडी के बीच खोखले संबंधों का खुलासा कर दिया.

द्रेज़ यह बताते है कि भारत में खाद्य सब्सिडी से ज़्यादा बड़ा घोटाला कोई और नहीं है. यही वज़ह है कि वक्त चाहे जैसा भी हो ज़्यादा बेहतर हो,या ग़ुरबत का हो, तो भी भारत में कुपोषण की दशा बढ़ी-चढ़ी होती है. द्वितीय राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (1998–99) के हावले से द्रेज़ ने यह बताया था कि भारत के लगभग 50 फ़ीसदी बच्चे लंबे समय से कुपोषण के शिकार थे. हाल की मानव-विकास रिपोर्ट में दुनिया के देशों के बीच इस मामले में भारत को बहुत नीचे रखा गया है. सिर्फ़ बांग्लादेश कुपोषण के मोर्चे पर भारत से नीचे हैं जहाँ स्थिति भारत से ज़्यादा ख़राब है. और साल दर साल देश के ज़्यादातर हिस्से लगातार दूसरे या तीसरे दर्जे सूखे की चपेट में हैं. बाढ़ से भुखमरी का सबंध और भयावक है.

ज्याँ द्रेज़ का विश्लेषण वर्ग और जीविका की संरचनाओं पर ज़ोर देते हुए लोकतंत्र में सार्वजनिक जवाबदेही के प्रश्न से मुख़ातिब होता है. वे आर्थिक समस्याओं को महज़ संसाधनों की कमी या प्रशासनिक अक्षमता के रूप में नहीं देखते, बल्कि उन सामाजिक और संस्थागत परिस्थितियों की पड़ताल करते हैं, जिनके भीतर अभाव और वंचना सामान्य मान लिए जाते हैं. अम्बिकापुर के अपने अध्ययन में वे दिखाते हैं कि किस तरह पूरी व्यवस्था भुखमरी जैसी समस्याओं को लगभग अपरिहार्य मानकर चलने लगती है. सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का उदाहरण इस विडंबना को स्पष्ट करता है. यहाँ लोगों को न केवल इस बात की जानकारी है कि उन्हें कितना अनाज मिलना चाहिए, बल्कि वे निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और ग्रामसमितियों के माध्यम से स्थानीय राशन डीलरों पर निगरानी रखने की कोशिश भी करते हैं. इस सामाजिक निगरानी का परिणाम यह होता है कि राशन की दुकानों से लोगों को अनाज की अपेक्षाकृत अधिक मात्रा मिलने लगती है. दिलचस्प यह है कि डीलर स्वयं इस स्थिति से असंतुष्ट दिखाई देते हैं. उनकी शिकायत है कि लोग उन्हें सरकारी राशन का अनाज खुले बाज़ार में बेचने ही नहीं देते, जिससे उनका व्यापार चौपट हो रहा है. दरअसल, सरकार की ओर से मिलने वाला आधिकारिक कमीशन इतना कम है कि उससे दुकान चलाने का ख़र्च तक पूरा नहीं हो पाता, इस ख़र्च में भारतीय खाद्य निगम (एफ़सीआई) के गोदामों में नियमित रूप से दी जाने वाली घूस भी शामिल है.

ऐसे में स्थानीय डीलर उन दूर-दराज़ के डीलरों से ईर्ष्या करते हैं, जो बिना किसी सार्वजनिक निगरानी के लोगों को चूना लगाते हुए सरकारी अनाज को खुले बाज़ार में बेचने में सफल रहते हैं. इस उदाहरण से ज्याँ द्रेज़ उस गहरी संस्थागत विडंबना की ओर संकेत करते हैं, जिसमें व्यवस्था की बनावट ही उसकी विफलता की परिस्थितियाँ पैदा करती है. जब राशन की दुकान चलाने के लिए निर्धारित कमीशन अपर्याप्त हो और भ्रष्टाचार के रास्ते अतिरिक्त कमाई की गुंजाइश बनी रहे, तो दुकान का लाइसेंस हासिल करने के लिए ऐसे लोगों के आगे आने की संभावना बढ़ जाती है, जो सार्वजनिक निगरानी और जवाबदेही को दरकिनार कर सकें.

एक बार लाइसेंस ऐसे डीलर के हाथ में पहुँच जाए, तो सरकारी राशन की कालाबाज़ारी के ज़रिये खुले बाज़ार तक पहुँचने का रास्ता भी खुल जाता है. सरगुजा ज़िले के एक बेबाक डीलर के मुताबिक़, भारतीय खाद्य निगम के गोदाम से उठाए गए अनाज का महज़ 25 फ़ीसदी हिस्सा ही लक्षित परिवारों तक पहुँच पाता है. इस तरह, भुखमरी और खाद्य असुरक्षा को समझने के लिए केवल यह देखना पर्याप्त नहीं है कि सरकार ने कितना अनाज आवंटित किया या कितनी योजनाएँ लागू कीं.

असल सवाल यह है कि इन योजनाओं के संचालन में जवाबदेही के कौन-से तंत्र मौजूद हैं, स्थानीय समुदाय उन पर कितना नियंत्रण रख पाते हैं और संस्थागत संरचनाएँ किस तरह भ्रष्टाचार को रोकने के बजाय उसके लिए अनुकूल परिस्थितियाँ निर्मित करती हैं. ज्याँ द्रेज़ के विश्लेषण की विशिष्टता इसी में है कि वे अर्थशास्त्र को सरकारी आँकड़ों और नीतिगत घोषणाओं की सीमाओं से बाहर निकालकर जीविका, सामाजिक निगरानी और लोकतांत्रिक जवाबदेही के ठोस सवालों से जोड़ देते हैं. इसके लिए ज्याँ द्रेज़ ने डेमोक्रेसी एंड राइट टू फ़ूड  जैसे लेखों के माध्यम से अपने विश्लेषण को आगे बढ़ाया. दिलचस्प है कि द्रेज़ ने भूख और लोकतंत्र के सवाल को डॉ. बी. आर. आंबेडकर की उस प्रस्थापना से जोड़कर देखा, जिसमें उन्होंने राज्य के नीति-निदेशक तत्त्वों के माध्यम से आर्थिक लोकतंत्र की स्थापना पर ज़ोर दिया था.

संविधान निर्माण के पीछे दोहरी आकांक्षा थी. पहली, राजनीतिक लोकतंत्र की नींव रखना और दूसरी, आर्थिक लोकतंत्र को एक आदर्श के रूप में स्थापित करना. आंबेडकर का आग्रह था कि राजनीतिक सत्ता में चाहे कोई भी दल आए, राज्य को ऐसी नीतियाँ अपनानी चाहिए जो आर्थिक लोकतंत्र की स्थापना की दिशा में आगे बढ़ें. लेकिन स्वतंत्रता के बाद लोकतंत्र की इस क्रांतिकारी संकल्पना को अपेक्षित महत्त्व नहीं मिला. राजनीतिक लोकतंत्र को तो संवैधानिक संस्थाओं, चुनावों और प्रतिनिधित्व के माध्यम से आगे बढ़ाया गया, लेकिन आर्थिक लोकतंत्र की स्थापना का प्रश्न लगातार पीछे छूटता गया. शायद यही कारण है कि आज भी भूख, गरीबी और खाद्य सुरक्षा जैसे सवाल भारतीय लोकतंत्र के सामने चुनौती बनकर खड़े हैं. ज्याँ द्रेज़ का लेखन इसी विस्मृत संकल्पना को फिर से सार्वजनिक विमर्श के केंद्र में लाने का प्रयास करता है और याद दिलाता है कि लोकतंत्र की सार्थकता केवल राजनीतिक अधिकारों की उपलब्धता में नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लिए भोजन, गरिमा और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने में भी निहित है.

 

 

गहराती सामाजिक असमानताओं का विरोधाभास :

भारतीय राज्यों में शिक्षा और रोजगार जैसे बुनियादी सवाल पीछे छूटते गए. ज्याँ द्रेज़ ने इन सवालों को केवल आर्थिक विकास के मानदंडों पर नहीं, बल्कि सामाजिक असमानता और लोकतांत्रिक अवसरों की कसौटी पर भी परखा. इसी दृष्टि से उन्होंने अपनी टीम के साथ पब्लिक रिपोर्ट ऑन बेसिक एजुकेशन इन इंडिया  तैयार की. 1996 में बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के 188 गाँवों में किए गए सर्वेक्षण के आधार पर इस रिपोर्ट ने प्राथमिक शिक्षा से जुड़ी प्रचलित धारणाओं को चुनौती दी. रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षा से वंचित रहने का कारण अभिभावकों की उदासीनता नहीं, बल्कि शिक्षा के अवसरों और संसाधनों का असमान वितरण था. सर्वेक्षण में 98 फ़ीसदी उत्तरदाताओं ने लड़कों और 89 फ़ीसदी ने लड़कियों की स्कूली शिक्षा को आवश्यक माना. हालाँकि, लड़कियों की शिक्षा के प्रति सामाजिक पूर्वाग्रह मौजूद थे, फिर भी यह निष्कर्ष निकालना भ्रामक था कि अभिभावकों की अरुचि प्राथमिक शिक्षा के सार्वभौमीकरण में सबसे बड़ी बाधा है. इसी तरह, रिपोर्ट ने इस धारणा पर भी सवाल उठाया कि बाल मज़दूरी पर आर्थिक निर्भरता ही बच्चों के स्कूल न जाने का प्रमुख कारण है.

सर्वेक्षण के अनुसार, स्कूल से बाहर रहने वाले बच्चे स्कूली बच्चों की तुलना में प्रतिदिन औसतन केवल दो घंटे अधिक काम करते थे. द्रेज़ ने स्पष्ट किया कि शिक्षा से वंचित होने की समस्या को केवल पारिवारिक प्राथमिकताओं या बाल-मज़दूरी के आधार पर नहीं समझा जा सकता; इसके लिए संसाधनों के असमान वितरण, सामाजिक पूर्वाग्रहों और शिक्षा व्यवस्था की संरचनात्मक कमियों को समझना आवश्यक है.

दरअसल, अगस्त 2005 में राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम का पारित होना ज्याँ द्रेज़ के लिए लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि थी. उन्होंने अपने लेख द राइट टू वर्क इन इंडियन डेमोक्रेसी  में यह दावा किया कि इस अधिनियम ने ग्रामीण परिवारों को प्रतिवर्ष 100 दिनों के अकुशल श्रम-आधारित रोजगार की कानूनी गारंटी देकर काम के अधिकार को व्यावहारिक आधार प्रदान किया. द्रेज़ के लिए इसका महत्त्व केवल गरीबी और भुखमरी से निपटने तक सीमित नहीं था, बल्कि यह राज्य की सामाजिक जिम्मेदारियों के विस्तार और नवउदारवादी नीतियों की सीमाओं को चुनौती देने से भी जुड़ा था. उनके अनुसार, यह अधिनियम इस बात का प्रमाण था कि लोकतांत्रिक संगठन और जनदबाव के माध्यम से वंचित समुदाय अपनी माँगों को सार्वजनिक नीति का हिस्सा बना सकते हैं. हालाँकि, इसकी वास्तविक सफलता कानून पारित होने के बजाय उसके प्रभावी क्रियान्वयन और गरीबों के अधिकारों की सुनिश्चितता पर निर्भर थी.

वर्तमान परिदृश्य में द्रेज़ की यह चिंता और प्रासंगिक हो जाती है. 1 जुलाई 2026 से मनरेगा के स्थान पर विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम लागू होने के साथ ग्रामीण रोजगार की कानूनी व्यवस्था में बदलाव आया है. नए कानून में रोजगार की गारंटी 100 से बढ़ाकर 125 दिन की गई है, लेकिन इसके साथ ग्रामीण रोजगार को विकास, उत्पादक परिसंपत्तियों के निर्माण और केंद्र-राज्य वित्तीय जिम्मेदारियों के नए ढाँचे से जोड़ा गया है.  ऐसे में द्रेज़ की दृष्टि से मूल प्रश्न यह है कि क्या रोजगार के दिनों में वृद्धि ग्रामीण गरीबों की आजीविका को अधिक सुरक्षित बनाएगी और उनके अधिकारों को प्रभावी करेगी? या रोजगार की उपलब्धता, समय पर मज़दूरी का भुगतान और स्थानीय स्तर पर जवाबदेही अब भी क्रियान्वयन की प्रमुख चुनौतियाँ बनी रहेंगी? इस संदर्भ में द्रेज़ का तर्क याद दिलाता है कि किसी कल्याणकारी कानून की सफलता केवल उसके प्रावधानों से नहीं, बल्कि इस बात से तय होती है कि वह वंचित तबकों के जीवन में कितनी वास्तविक सुरक्षा और सामाजिक समानता ला पाता है.

इन सबके बीच जाति के सवाल को नए सिरे से उठाते हुए ज्याँ द्रेज़ यह स्पष्ट करते हैं कि आधुनिक भारत में जातीय भेदभाव के पुराने और प्रत्यक्ष रूपों में कमी आने के बावजूद जाति की सामाजिक और संस्थागत शक्ति समाप्त नहीं हुई है. शिक्षा के प्रसार, आर्थिक विकास, समाज सुधार आंदोलनों, संवैधानिक संरक्षण और वंचित समुदायों के राजनीतिक प्रतिरोध ने जातिगत उत्पीड़न को चुनौती दी है, लेकिन सामाजिक समानता की मंज़िल अब भी दूर है. इलाहाबाद में सार्वजनिक संस्थाओं पर प्रतिनिधित्व के उनके विश्लेषण से उन्होंने पता लगाया कि उत्तर प्रदेश की आबादी में लगभग 20 प्रतिशत होने के बावजूद उच्च जातियों का विभिन्न प्रभावशाली संस्थाओं के करीब 75 प्रतिशत पदों पर कब्ज़ा था. विशेष रूप से नागरिक समाज की संस्थाओं, जैसे प्रेस क्लब, बार एसोसिएशन, श्रमिक संगठनों और गैर सरकारी संगठनों में उनका वर्चस्व अधिक स्पष्ट था, जबकि दलितों की उपस्थिति बेहद सीमित थी.

द्रेज़ का यह विश्लेषण जाति को केवल सामाजिक भेदभाव के रूप में नहीं, बल्कि सत्ता, संसाधनों और  संस्थागत प्रतिनिधित्व के असमान वितरण के रूप में समझने की दृष्टि प्रदान करता है. साथ ही, यह एक महत्त्वपूर्ण सवाल भी उठाता है कि व्यवस्था परिवर्तन का दावा करने वाले आंदोलन स्वयं किस हद तक समाज में मौजूद जातिगत असमानताओं से मुक्त हो पाए हैं.

इसीलिए ज्याँ द्रेज़ ने अमर्त्य सेन के साथ मिलकर भारत और उसके विरोधाभास  में उन अंतर्विरोधों का खुलासा किया, जो राष्ट्रीय गौरव के दावों के बावजूद भारतीय समाज की जड़ों में स्थायी रूप से प्रवेश कर चुके हैं. उनके चिंतन में लोकतंत्र को केवल चुनाव, मतदान और प्रतिनिधित्व की संस्थागत व्यवस्था तक सीमित नहीं किया गया है, बल्कि उसे सार्वजनिक विचार-विमर्श, जनमत निर्माण, सामाजिक न्याय और नागरिक विवेक की व्यापक प्रक्रिया के रूप में समझने पर ज़ोर दिया गया है. इस दृष्टि में लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता की उस सामूहिक क्षमता में निहित है, जिसके माध्यम से वह अपनी समस्याओं को पहचानती है, सार्वजनिक सवालों पर तर्क-वितर्क करती है और सत्ता को जवाबदेह बनाते हुए सामाजिक-आर्थिक संकटों के समाधान के लिए दबाव निर्मित करती है. द्रेज़ ने जॉन रॉल्स, जॉन स्टुअर्ट मिल, वाल्टर बैगहॉट और युर्गेन हैबरमास के विचारों से रूबरू होते हुए लोकतांत्रिक चिंतन के उस पहलू से जुड़ते है जो लोकतंत्र की गुणवत्ता का आकलन केवल चुनावों की नियमितता से नहीं, बल्कि सार्वजनिक विमर्श की व्यापकता और उसमें नागरिकों की प्रभावी भागीदारी से किया जाता है. भारतीय समाज के संदर्भ में यह सवाल विशेष रूप से महत्त्वपूर्ण हो जाता है, क्योंकि जाति, वर्ग और ऐतिहासिक वंचना की स्थितियाँ सभी नागरिकों के लिए सार्वजनिक निर्णयों को प्रभावित करने की समान संभावनाएँ सीमित करती हैं.

लोकतंत्र की सार्थकता केवल नागरिकों को मताधिकार देने में नहीं, बल्कि उन्हें अपनी समस्याओं को सार्वजनिक विमर्श का हिस्सा बनाने, सत्ता से जवाब माँगने और सामूहिक जीवन से जुड़े निर्णयों को प्रभावित करने में सक्षम बनाने में निहित है.

 

जनमत के निर्माण पर भरोसा :

जनमत निर्माण लोकतंत्र का एक महत्त्वपूर्ण आधार है. इसके लिए आवश्यक है कि नागरिकों को अपनी दृष्टि प्रस्तुत करने के, दूसरों के विचारों को गंभीरता से सुनने और समझने का अवसर मिले. सार्वजनिक विमर्श, मीडिया सार्वजनिक बैठकों और प्रासंगिक मुद्दों पर संवाद के माध्यम से आगे बढ़ता है. लेकिन जब लोगों की आवाज़ को अनसुना किया जाता है, तब आंदोलन, प्रदर्शन और अभियान संवाद के अधिक प्रभावशाली माध्यम बनकर उभरते हैं. ज्याँ द्रेज़ बताते है कि जनमत निर्माण के इतिहास में ऐसे अनेक उदाहरण मिलते हैं, जिनमें सार्वजनिक आंदोलनों ने सामाजिक और राजनीतिक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त किया. उदाहरण के लिए, 1869 में प्रकाशित जॉन स्टुअर्ट मिल की किताब द सब्जेक्शन ऑफ वीमेन  ने महिलाओं के अधिकारों के पक्ष में जनमत निर्मित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई.

इसी प्रकार, इंग्लैंड में मताधिकारवादी आंदोलन ने महिलाओं के मतदान के अधिकार को एक महत्त्वपूर्ण सार्वजनिक प्रश्न बनाया, जिसका सामाजिक रूढ़िवादियों ने विरोध किया था. भारत में भी सार्वजनिक विमर्श केवल लेखन और बहस तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि प्रदर्शन, हड़ताल, जनहित याचिकाओं और अन्य लोकतांत्रिक माध्यमों ने जनमत को प्रभावित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इनके माध्यम से नागरिक उन समस्याओं को सार्वजनिक महत्त्व के प्रश्नों में बदलते हैं, जिन्हें सत्ता और समाज के प्रभावशाली वर्ग अक्सर अनदेखा कर देते हैं. लेकिन वर्तमान भारतीय परिदृश्य में जनमत निर्माण की यह प्रक्रिया और भी जटिल हो गई है.

सोशल मीडिया और डिजिटल संचार ने नागरिकों को अपनी बात रखने तथा सार्वजनिक मुद्दों पर लामबंद होने के नए अवसर दिए हैं, लेकिन साथ ही भ्रामक सूचनाओं, राजनीतिक ध्रुवीकरण और चुनिंदा विचारों के प्रसार ने तर्कपूर्ण संवाद के सामने नई चुनौतियाँ भी खड़ी की हैं. ऐसे में यह सवाल महत्त्वपूर्ण हो जाता है कि सार्वजनिक विमर्श किस हद तक विविध सामाजिक समूहों की आवाज़ को स्थान देता है और किस हद तक वह सत्ता तथा प्रभावशाली समूहों के हितों से संचालित होता है.

किसान आंदोलनों, सामाजिक न्याय से जुड़े अभियानों और नागरिक अधिकारों के संघर्षों, जंतर मंतर से लेकर दिल्ली की सड़कों पर निरंतर चल रहे छात्र आंदोलनों को इसी संदर्भ में समझा जा सकता है. ये संघर्ष दिखाते हैं कि जब संस्थागत माध्यमों से समस्याओं का समाधान नहीं होता या कुछ समुदायों की माँगों को पर्याप्त महत्त्व नहीं मिलता, तब सामूहिक लामबंदी उन सवालों को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में ला सकती है. हालाँकि, हर आंदोलन या जनमत अपने आप में तर्कसंगत अथवा न्यायपूर्ण हो, यह आवश्यक नहीं है. यह बिल्कुल वैसा ही है कि लोकतंत्र के समक्ष खड़ी होने वाली हर भीड़ लोकतांत्रिक नहीं होती.

लोकतंत्र की वास्तविक कसौटी यह है कि सार्वजनिक बहस में असहमति के लिए जगह हो, विभिन्न दृष्टिकोणों को सुना जाए और दावों को तर्क तथा प्रमाण के आधार पर परखा जा सके. इस दृष्टि से जनमत निर्माण केवल चुनावों को प्रभावित करने का माध्यम नहीं बनाता, बल्कि नागरिकों में लोकतांत्रिक विवेक विकसित करने और सत्ता को जवाबदेह बनाने की सतत प्रक्रिया का रूप धारण कर लेता है. यही वह बिंदु है जहाँ ज्याँ द्रेज़ का लोकतंत्र संबंधी चिंतन समकालीन भारत के लिए प्रासंगिक हो उठता है.

अंतः आज के राजनीतिक और सामाजिक आंदोलनों के बीच जब यह पूछा जाता है कि ज्याँ द्रेज़ कौन हैं, तो यह सवाल केवल एक अर्थशास्त्री या विचारक की पहचान तक सीमित नहीं रह जाता. यह सवाल उन बच्चों का भी है, जिन्हें आज भी मिड-डे मील में भोजन नहीं मिल पाता; उन आदिवासी समुदायों का भी है, जिन तक जीवन की बुनियादी सुविधाएँ और आवश्यक वस्तुएँ नहीं पहुँच पातीं; और उन नागरिकों का भी है, जिन्हें सूचना के अधिकार के बावजूद लोकतंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आए दिन संघर्ष करना पड़ता है. दरअसल, ज्याँ द्रेज़ को समझने का अर्थ उन सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों को समझना भी है, जिनमें भूख, गरीबी, शिक्षा, रोजगार और नागरिक अधिकार आज भी सार्वजनिक विमर्श के केंद्रीय प्रश्न बने हुए हैं. उनका बौद्धिक हस्तक्षेप हमें याद दिलाता रहेगा कि लोकतंत्र की वास्तविक परीक्षा केवल संवैधानिक प्रावधानों, सरकारी योजनाओं या विकास के दावों में नहीं, बल्कि इस बात में है कि इनका लाभ समाज के सबसे वंचित लोगों तक किस हद तक पहुँच रहा है. इस अर्थ में, ज्याँ द्रेज़ कौन हैं? यह सवाल दरअसल उस भारत के बारे में सवाल है, जो समानता, गरिमा और सामाजिक न्याय के लोकतांत्रिक वादों को पूरा करने के लिए आज भी संघर्षरत है. इसीलिए यह लेख कहता है; ऐसे हैं ज्याँ द्रेज़….

मत पूछ के क्या हाल है मेरा तेरे पीछे
तू देख के क्या रंग है तेरा मेरे आगे
फिर देखिये अन्दाज़-ए-गुलअफ़्शानी-ए-गुफ़्तार
रख दे कोई पैमाना-ए-सहबा मेरे आगे

कुँवर प्रांजल सिंह
सहायक प्रोफ़ेसर (राजनीति विज्ञान विभाग )
दिल्ली विश्वविद्यालय
पार्थ चटर्जी की अनूदित पुस्तक ‘शासितों की राजनीति’ प्रकाशित.
pranjal695@gmail.com

Tags: 20262026 समाजकुंवर प्रांजल सिंहज्याँ द्रेज़
ShareTweetSend
Previous Post

बिना पानी की मछलियाँ : गोविन्द निषाद

Next Post

गिरिराज किराडू की नई कविताएँ

Related Posts

जोगेन चौधुरी : ‘मास्टर ऑफ अनब्रोकन लाइन्स’ : गरिमा श्रीवास्तव
पेंटिंग

जोगेन चौधुरी : ‘मास्टर ऑफ अनब्रोकन लाइन्स’ : गरिमा श्रीवास्तव

बिलॉन्गिंग : विरासत के साये में स्मृतियों का संसार : कुँवर प्रांजल सिंह
समीक्षा

बिलॉन्गिंग : विरासत के साये में स्मृतियों का संसार : कुँवर प्रांजल सिंह

2026 का बुकर पुरस्कार : एम. जॉन हैरिसन : द एंड ऑफ एवरीथिंग : बातचीत : अनुवाद : अनुराग अंकुर
बातचीत

2026 का बुकर पुरस्कार : एम. जॉन हैरिसन : द एंड ऑफ एवरीथिंग : बातचीत : अनुवाद : अनुराग अंकुर

Comments 3

  1. Oma Sharma says:
    3 weeks ago

    यह एक शानदार और यादगार प्रस्तुति है। ज्यां द्रेज़ को लेकर हाल ही में त्रिभुवन जी ने कुछ महत्वपूर्ण बातें रखी थीं लेकिन यहां उनके अर्थशास्त्री और सामाजिक विचारक के सम्मिश्रण को आधार बनाकर उनके वृहत्तर योगदान का जो उल्लेख निकल कर आया है, वह विरल है। डी स्कूल के दिनों में जब एक रिसर्चर के तौर पर वे आए थे तो हमें कतई गुमान नहीं हुआ था कि इस युवा अर्थशास्त्री के भीतर भारत और भारतीय समाज को लेकर कैसी गहरी चिंताएं जड़ी हैं। प्रो अमृत्य सेन के साथ जब उनकी किताब आई तब लोगों ने उन्हें गंभीरता से लेना शुरू किया। लेकिन जल्द ही उन्होंने साबित कर दिया कि न उन्हें डी स्कूल के मंच की दरकार है और न प्रो सेन की शोहरत की; वे जो कार्य कर रहे थे उसके लिए इलाहाबाद या रांची भी उतने ही , शायद कुछ अधिक, मुफीद थे; वहां से वे भारत के देहात और जनजातीय जीवन में अधिक सहजता से प्रवेश कर सकते थे जो उन्होंने वास्तव में किया। कामचलाऊ हिंदी सीख ली। साइकिल की सवारी कर ली। पूर्व सरकार की मनरेगा- देहाती इलाकों में न्यूनतम रोजगार सुरक्षा कानून – योजना में उनके बौद्धिक प्रयास शामिल थे। कोई सोच सकता है कि यूरोपीय जलवायु में पला बढ़ा एक अर्थशास्त्री उत्तर भारत के कहीं मुश्किल जीवन में क्यों और कैसे रम सकता है? कोई आसान उत्तर नहीं होगा। उन्हें देखते हुए मुझे गांधी और रोलां एक साथ संगत करते नज़र आते हैं। समालोचन पर इसे देखकर दिल खुश हो गया। शुक्रिया

    Reply
  2. विभांशु says:
    3 weeks ago

    ज्यां द्रेज़ के इस परिचय में EPW के पन्नों पर उत्सा पट्टनायक के साथ भारत में गरीबी को नापने और पोषण के आंकड़ो पर हुई बहस को शामिल करना अनिवार्य है, ज्यां द्रेज़ के अनुसार भारत में उदारीकरण के बाद लोगों ने अपने खाने को विविध बनाया है, इसके कारण प्रति व्यक्ति अनाज का उपभोग कम हुआ है। लेकिन उत्सा पट्टनायक ने मांस और अन्य पशु आधारित भोजन को शामिल करने पर अनाज के उपभोग में होने वाली वृद्धि के वैश्विक आँकड़ों के साथ भारत के आंकड़ो की तुलना कर ज्यां द्रेज़ के तर्क को बातिल साबित किया है। राजनीतिक अर्थशास्त्र के बड़े फ्रेमवर्क में समझने पर ज्यां द्रेज़ कीन्शियन एडजस्टमेंट की सीमा के भीतर, योजना सुधारों तक सीमित दिखाई देते हैं। उनके अर्थशास्त्र में मेहनतकश आबादी के लोग गरीब के तौर पर तो शामिल है, लेकिन उत्पादक के तौर पर वह सर्वथा अनुपस्थित है।

    Reply
  3. Kulbir Kaur says:
    3 weeks ago

    A wonderful and comprehensive presentation of great traits of a great genius

    Reply

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

समालोचन

समालोचन साहित्य, विचार और कलाओं की हिंदी की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है. डिजिटल माध्यम में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की जरूरत को ध्यान में रखते हुए 'समालोचन' का प्रकाशन २०१० से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है. विषयों की विविधता और दृष्टियों की बहुलता ने इसे हमारे समय की सांस्कृतिक परिघटना में बदल दिया है.

  • Privacy Policy
  • Disclaimer

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2010-2026 समालोचन | powered by zwantum

No Result
View All Result
  • समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • आलोचना
    • आलेख
    • अनुवाद
    • समीक्षा
    • आत्म
  • कला
    • पेंटिंग
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • शिल्प
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • संपर्क और सहयोग
  • वैधानिक