• मुखपृष्ठ
  • समालोचन
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
No Result
View All Result
समालोचन

Home » आधुनिक जीवन की संरचनाएँ और काफ़्का : गरिमा श्रीवास्तव

आधुनिक जीवन की संरचनाएँ और काफ़्का : गरिमा श्रीवास्तव

by arun dev
July 3, 2026
in आलेख
Reading Time: 14 mins read
A A
आधुनिक जीवन की संरचनाएँ और काफ़्का : गरिमा श्रीवास्तव
फेसबुक पर शेयर करेंट्वीटर पर शेयर करेंव्हाट्सएप्प पर भेजें
आधुनिक जीवन की संरचनाएँ और काफ़्का
गरिमा श्रीवास्तव

 

गर्मी और उमस से भरी दिल्ली की दोपहरी में फ्रांज़ काफ़्का का स्मरण होना आकस्मिक नहीं है. जन्म उनका जुलाई में हुआ और मृत्यु इसी घुटन भरे जून में. उनकी मृत्यु को 102 वर्ष हो गए हैं. उनका यह स्मरण किसी विशेष घटना, किसी सुविचारित निर्णय या किसी योजनाबद्ध अध्ययन का परिणाम नहीं है, बल्कि एक प्रकार की अनिवार्यता जैसा है. पिछली जुलाई का महीना, जो सामान्यतः हल्केपन, उत्सव और जन्मदिन से जुड़ा होता है, मेरे लिए अचानक बोझिल हो गया. परंतु काफ़्का को पढ़ना कभी भी केवल पढ़ना नहीं होता, काफ़्का बहुत धीरे-धीरे पाठक के भीतर प्रवेश करते हैं और वहाँ स्थायी जगह बना लेते हैं. प्रस्तुत आलेख काफ़्का के रचनात्मक संसार की पड़ताल का प्रयास है.

काफ़्का ने लिखा है कि एक सच्ची पुस्तक हमारे भीतर जमी हुई बर्फ़ के समुद्र के लिए कुल्हाड़ी का काम करती है. यह वाक्य अक्सर दोहराया जाता है, काफ़्का के लिए समाज की अस्तित्ववादी स्थितियाँ केवल कथा-तत्त्व की भूमिका नहीं निभातीं. वे उसे समाज की मानसिक दशा के प्रतिरूप के रूप में व्याख्यायित करते हैं, जिसमें आधुनिक मनुष्य स्वयं को पाता है.

काफ़्का का लेखन किसी समाधान की ओर नहीं ले जाता, बल्कि प्रश्नों को और अधिक तीव्र कर देता है. इस तीव्रता का स्रोत काफ़्का का निजी जीवन है, जो प्रारंभ से ही असंतुलन, भय और आत्म-संशय से भरा रहा. उनका बचपन सामान्य अर्थों में बचपन था ही नहीं. पिता हरमन काफ़्का का व्यक्तित्व इतना कठोर और दमनकारी था कि उसके सामने फ़्रांज़ का व्यक्तित्व कभी विकसित ही नहीं हो पाया. पिता का अतिरिक्त आत्मविश्वास, उनका सामाजिक प्रभुत्व और परिवार में उनकी स्पष्ट अपेक्षाएँ फ़्रांज़ पर एक निरंतर दबाव का कारण बनी रहीं. पिता को लिखे पत्र में उन्होंने अपने भीतर पैबस्त हीनता बोध को स्पष्ट शब्दों में अभिव्यक्त करते हुए उन्होंने ‘पिता को पत्र’ में लिखा कि वे अपने पिता के सामने हमेशा स्वयं को दोषी, तुच्छ और अपर्याप्त महसूस करते हैं , चाहे उन्होंने कोई ग़लती की हो या नहीं.

यह वही अपराधबोध है जो तर्कसंगत नहीं है बल्कि भावनात्मक और अस्तित्वगत है, जो उनके लेखन में निरपराध को सज़ा के रूप में अभिव्यक्त है. काफ़्का के पात्र अपराध करते नहीं हैं, फिर भी दंडित होते हैं. यह दंड किसी नैतिक नियम के उल्लंघन का परिणाम नहीं, बल्कि अस्तित्व में होने भर की सज़ा जैसा है. यही वह बिंदु है जहाँ काफ़्का का निजी अनुभव सार्वभौमिक अनुभव में बदल जाता है.

काफ़्का प्राग के वातावरण में बड़े हुए जिसने उनके आंतरिक संघर्ष को जटिल बनाया. बहुभाषी, बहु-सांस्कृतिक और राजनीतिक रूप से अस्थिर प्राग में एक जर्मन-भाषी यहूदी होना अपने-आप में एक असहज स्थिति थी. वे न पूरी तरह चेक समाज का हिस्सा थे, न पूरी तरह जर्मन समाज का, और न ही पारंपरिक यहूदी समुदाय से उनका गहरा जुड़ाव था. यह तिहरा अलगाव उनके भीतर गहराई से पैठ गया. उनकी पहचान कभी स्थिर नहीं रही, और यही अस्थिरता उनके साहित्य की बुनियादी संरचना बन गई. काफ़्का के यहूदी होने का प्रश्न भी इसी संदर्भ में महत्वपूर्ण हो जाता है. वे न तो पूरी तरह जर्मन संस्कृति में स्वीकार्य थे, न ही पारंपरिक यहूदी पहचान में सहज. यह मध्यवर्ती स्थिति उन्हें स्थायी रूप से ‘बाहर’ रखती है. यही बाहरीपन उनके साहित्य का दृष्टिकोण बन जाता है. वे समाज को भीतर से नहीं, बल्कि किनारे से देखते हैं—और यही दृष्टि उन्हें उसकी दरारें दिखाती है.

उनकी माँ जूली काफ़्का शिक्षित और संवेदनशील थीं, पर पिता के प्रभुत्व के सामने उनकी भूमिका सीमित थी. बच्चों का पालन-पोषण दाइयों और आया-बाइयों के भरोसे रहा. दो छोटे भाइयों की मृत्यु ने फ़्रांज़ के भीतर मृत्यु और नश्वरता का भाव बहुत जल्दी जगा दिया. बचपन से ही बीमारी, अकेलेपन और भय ने उनके अंतरतम का निर्माण किया, दूसरी ओर वे हमेशा नौकरानियों के भरोसे रहे , उनके कई भाई एक के बाद एक मर गए , बाद के दिनों में उन्हें टीबी हो गया साथ ही मानसिक असुरक्षा ने उनका पीछा कभी न छोड़ा. यद्यपि इस बात के प्रमाण मिलते हैं कि उनके पिता ने उनकी शिक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ी

ऊँचे संस्थानों में शिक्षा ग्रहण करने के उन्हें श्रेष्ठ अवसर मिले. जिम्नेज़ियम और चार्ल्स विश्वविद्यालय ने उनके बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. यहाँ उन्हें ऐसे मित्र मिले जिन्होंने उन्हें पढ़ने, सोचने और बहस करने की आदत डाली. ऑस्कर पोलाक और मैक्स ब्रॉड जैसे मित्रों के साथ संवाद ने उनके भीतर वर्षों से सुप्त प्रश्नों को अभिव्यक्त करने का साहस दिया. उनके जीवन में मैक्स ब्रॉड विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं, क्योंकि वही व्यक्ति थे जिन्होंने काफ़्का की मृत्यु के बाद उनके साहित्य को प्रकाश में लाने का कार्य किया.

 

 

2.

काफ़्का हमेशा सामाजिक व्यावहारिकता और निजी चुनाव के द्वंद्व से जूझते रहे, उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए क़ानून-विषय लिया, लेकिन यह चयन भी किसी उत्साह का परिणाम नहीं था. यह एक व्यावहारिक निर्णय था, जो उन्हें नौकरी और सामाजिक सुरक्षा दे सकता था. बीमा कार्यालय में उनकी नौकरी ने उन्हें आधुनिक औद्योगिक समाज के अमानवीय ढांचे से परिचित कराया. श्रमिकों के दुर्घटना-दावे, फ़ाइलें, नियम, प्रपत्र और अनंत प्रक्रियाएँ- इन सबसे वे रूबरू हुए जिनका रूपांतरण आगे चलकर उनके साहित्य में दिखाई देता है.

काफ़्का ने महसूस किया कि नौकरी उन्हें आर्थिक सुरक्षा देती थी, लेकिन मानसिक शांति नहीं. उनके दिन का अधिकांश समय दफ़्तर में और शेष समय थकान से जूझते हुए बीतता था. लेखन केवल रात में संभव हो पाता था. यही कारण है कि उनके लिए लेखन साधारण रचनात्मक गतिविधि नहीं, बल्कि अस्तित्व का प्रश्न बन गया. उन्होंने स्वयं लिखा है कि लिखे बिना उनका जीवन असंभव होता. लेखन उनके लिए प्राणवायु की तरह था. डायरी लेखन ने उन्हें अपने भीतर झाँकने का अवसर दिया. 1910 से शुरू हुई उनकी डायरियाँ कठोर आत्म-विश्लेषण का यथार्थ दस्तावेज़ हैं. वे स्वयं के प्रति किसी भी प्रकार की सहानुभूति नहीं रखते थे. हर विचार, हर भावना को वे कठघरे में खड़ा करते थे. यह आत्म-आलोचना कभी-कभी आत्म-विनाश की सीमा तक पहुँच जाती थी. यही कारण है कि उनके उपन्यासों में असहजता और बेचैनी तल तक मौजूद है.

निरंतर आत्मालोचन का प्रभाव काफ़्का के प्रेम संबंधों पर भी पड़ा, वहाँ भी उनमें अपने प्रति संदेह, संबंध चला पाने की समर्थता/ असमर्थता का द्वंद्व निरंतर दिखाई पड़ता है. फ़ेलिसे बाउर, मिलेना येसेन्स्का और डोरा डायमांट—तीनों स्त्रियों के साथ उनके संबंध गहन लेकिन अस्थिर रहे. वे प्रेम चाहते थे, लेकिन उससे जुड़े दायित्वों से भयभीत थे. विवाह उन्हें लेखन के लिए ख़तरा लगता था. वे बार-बार संबंध बनाते और तोड़ते रहे, मानो ख़ुद को निरंतर सज़ा दे रहे हों, निरंतर कसौटी पर कस रहे हों. मिलेना से उनके सम्बंध बहुत आंतरिक रहे, उसने उन्हें एक ऐसे व्यक्ति के रूप में देखा, जो दुनिया को अत्यधिक तीव्रता से महसूस करता है, और शायद इसी कारण दुनिया में सहज नहीं रह पाता.

शारीरिक अस्वस्थता मानसिकता को गहरे तक प्रभावित करती हैं , तपेदिक उनके शरीर को घुन की तरह खा रहा था लेकिन उनके लेखन की तीव्रता कम नहीं हुई. बल्कि मृत्यु की निकटता ने उनके साहित्य को और अधिक सघन बना दिया. जीवन उनके लिए एक ऐसा कक्ष बन गया, जिसमें घुसना तो आसान था, पर निकलना मुश्किल था. उनकी रचनात्मक संरचना का केंद्र बिंदु यहीं मिलता है. वे बीमार रहकर अपने पूरे समाज, सत्ता -संरचना और व्यक्ति के रूप में ख़ुद को देख रहे थे. उनकी रचनाएँ किसी विशेष राजनीतिक विचारधारा का प्रचार नहीं करतीं , फिर भी रचनाओं में सत्ता, कानून और व्यवस्था की तीखी आलोचना है. उनके लिए सत्ता निराकार है, अदृश्य है और सर्वव्यापी है. यह सत्ता प्रश्नों का उत्तर नहीं देती, केवल प्रक्रियाएँ थोपती है. व्यक्ति इस व्यवस्था के सामने अकेला है, और उसकी आवाज़ कहीं नहीं पहुँचती. यही अनुभव आधुनिक समाज में रहने वाला लगभग हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में करता है.

इसी कारण से हम काफ़्का को आज भी प्रासंगिक मानते हैं. उनका साहित्य हमें असहज करता है, क्योंकि वह हमें हमारे ही जीवन, हमारे समाज की विकृत लेकिन सच्ची छवि दिखाता है. वे हमें सांत्वना नहीं देते, समाधान नहीं देते, बल्कि हमें उस स्थिति में खड़ा कर देते हैं जहाँ से कोई आसान रास्ता नहीं दिखता. यही उनकी ईमानदारी और उनकी महानता है.

काफ़्का ने बहुत ईमानदारी से अपने निजी जीवन के बारे में कई बार लिखा. उनके पत्र इस बात के प्रत्यक्ष दस्तावेज़ हैं -जैसे वे बताते हैं कि सगाई रद्द होने के एक महीने बाद,  काफ़्का अकेले शेलैज़ेन के मेंशन में लौट आए. यह लौटना किसी भौगोलिक स्थान पर वापसी के बजाय एक मानसिक और नैतिक निर्वासन में प्रवेश था, जहाँ स्मृति, अपराधबोध और आत्मविश्लेषण एक-दूसरे में गुँथे रहते हैं. यहीं उन्होंने ‘पिता को पत्र’, लिखना आरंभ किया. यह पत्र सिर्फ़ एक निजी दस्तावेज़ नहीं है, बल्कि एक असाधारण साहित्यिक रचना है, जो आत्मस्वीकृति, अभियोग और अस्तित्वगत विवशता के बीच डोलती रहती है. सौ से अधिक पृष्ठों की इस पांडुलिपि के अंत में पुत्र यह दावा करता है कि उसका उद्देश्य पिता और पुत्र—दोनों के लिए “जीना और मरना आसान बनाना” है. यह कथन जितना सरल प्रतीत होता है, उतना ही जटिल भी है, क्योंकि इस सहज आकांक्षा के भीतर भय, आक्रोश, लज्जा और असफल प्रेम की एक परतदार संरचना छिपी हुई है.

काफ़्का स्वयं इस पत्र की प्रकृति को लेकर भ्रम में नहीं थे. अगले साल मिलेना येसेन्स्का को लिखी चिट्ठी में उन्होंने स्वीकार किया कि यह लेखन ‘वकीलों की चालों’ पर आधारित है. यह स्वीकारोक्ति अत्यंत महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि इससे यह स्पष्ट होता है कि काफ़्का अपने लेखन को केवल भावनात्मक विस्फोट नहीं मानते थे, बल्कि एक सचेत कलात्मक रणनीति के रूप में देखते थे. यही कारण है कि इन पैट्रन में तथ्य और कल्पना, स्मृति और पुनर्सृजन, जीवन और साहित्य—इन सबके बीच एक धुँधली-सी रेखा खिंची रहती है. पाठक के लिए यह तय करना कठिन हो जाता है कि वह किसी ऐतिहासिक यथार्थ से रूबरू है या एक कलात्मक अभियोग से, और शायद काफ़्का की शक्ति भी यहीं निहित है कि वे इस भेद को जानबूझकर अस्थिर रखते हैं. काफ़्का की डायरी इस अस्थिरता की साक्षी है. उन्होंने अविवाहित जीवन को जिस भयावहता के साथ दर्ज किया है, वह केवल सामाजिक अकेलेपन का वर्णन नहीं है, बल्कि एक अस्तित्वगत आतंक की अभिव्यक्ति है. उनके शब्दों में अविवाहित होना वृद्धावस्था की ओर बढ़ते हुए आत्म-सम्मान की रक्षा का संघर्ष है, भोजन की व्यवस्था से लेकर उपहार देने तक, हर छोटे-बड़े निर्णय में एक दुविधा और संकोच का बोध है. यह विवरण केवल निजी अनुभव नहीं, बल्कि उस आधुनिक व्यक्ति का चित्र है जो सामाजिक संरचनाओं से कटकर स्वयं के साथ जीने को अभिशप्त है. यहाँ विवाह कोई रोमांटिक संस्था नहीं, बल्कि सामाजिक मान्यता, निकटता और सुरक्षा का एकमात्र वैध माध्यम प्रतीत होता है. काफ़्का के लिए यह विचार भयावह भी है और आकर्षक भी, क्योंकि वे जिस निकटता की आकांक्षा करते हैं, वही उन्हें अपने लेखन और स्वतंत्रता से दूर ले जाने का ख़तरा भी उत्पन्न करती है.

मिलेना येसेन्स्का को लिखे पत्रों में यह द्वंद्व और अधिक स्पष्ट हो जाता है. काफ़्का बताते हैं कि वे दो बार सगाई कर चुके थे, या कहें तीन बार—एक ही स्त्री से—और हर बार विवाह से केवल कुछ दिन की दूरी पर रह गए. यह ‘कुछ दिन’ उनकी जीवन-कथा में अत्यंत प्रतीकात्मक है, क्योंकि यही वह दूरी है जहाँ निर्णय, भय और पलायन एक-दूसरे में घुल जाते हैं. वे स्वीकार करते हैं कि इन मामलों में उन्हें राहत भी मिली और प्रतिरोध भी, लेकिन स्त्रियों के हिस्से में केवल कष्ट आया. यह स्वीकारोक्ति काफ़्का के भीतर मौजूद नैतिक अपराधबोध को उजागर करती है, जो उनके साहित्य में बार-बार प्रतिध्वनित है.

फ़ेलिसे बाउअर के साथ जब काफ़्का की सगाई टूट गई तो इस घटना ने काफ़्का को भीतर तक आहत किया. काफ़्का की रचनाओं में यही दृश्य रूप बदल -बदल कर आया है. वह दृश्य, जहाँ फ़ेलिसे, उसकी बहन एर्ना, मित्र ग्रेटे ब्लोख और स्वयं काफ़्का उपस्थित थे, किसी अदालती सुनवाई जैसा प्रतीत होता है—मानो निजी जीवन ही अदालत में बदल गया हो. फ़ेलिसे ने अपने मंगेतर पर प्रेमसंबंध में गंभीर न होने का आरोप लगाया और प्रमाण के रूप में उस पत्र का अंश प्रस्तुत किया, जिसे काफ़्का ने सगाई से केवल पाँच दिन पहले ग्रेटे ब्लोख को लिखा था. उस पत्र में विवाह-सम्बंध को स्त्री की सहनशक्ति पर खड़ी एक टेढ़ी इमारत बताया गया था, जो ख़ुद ढहते वक़्त नींव तक उखाड़ ले जाएगी. इस पत्र की यह भाषा केवल निजी भय नहीं, बल्कि उस संरचनात्मक असंगति की अभिव्यक्ति है, जिसे काफ़्का ने विवाह और रचनात्मक स्वतंत्रता के बीच अनुभव किया था. आधुनिक मनुष्य की नियति और अपनी अपर्याप्तता के बारे में काफ़्का लिखते हैं – मेरी जिंदगी लेखन के प्रयासों में ही बीती है, और मूल रूप से हमेशा से यही रही है, जिनमें से अधिकतर प्रयास असफल रहे हैं. लेकिन जब मैं नहीं लिखता था, तो मैं एकदम से निराश हो जाता था, मानो कूड़ेदान में फेंक दिया जाने लायक हो. मेरी ऊर्जा हमेशा से ही दयनीय रूप से कमजोर रही है; भले ही मुझे इसका पूरी तरह से एहसास न रहा हो.

काफ्का द्वारा 16 जून 1913 को फेलिस को लिखा पत्र विवाह न करने के कारण पर केंद्रित है. अब सोचो, फेलिस, शादी से हम दोनों के जीवन में क्या बदलाव आएगा, हम दोनों क्या खोएंगे और क्या पाएंगे. मैं अपने भयानक अकेलेपन से छुटकारा पा लूँगा, और तुम, जिसे मैं सबसे ज़्यादा प्यार करता हूँ, मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी. वहीं, तुम अब तक जी रही अपनी ज़िंदगी से, जिससे तुम लगभग पूरी तरह संतुष्ट हो, दूर हो जाओगी.

तुम बर्लिन, अपने पसंदीदा पद, अपनी सहेलियों, जीवन के छोटे-छोटे सुखों, एक सभ्य, हंसमुख, स्वस्थ पुरुष से शादी करने की उम्मीद, सुंदर स्वस्थ बच्चों की चाहत, इन सब से वंचित हो जाओगी, जिनके लिए, अगर तुम सोचो तो, तुम्हारी तड़प साफ़ दिखती है. इन अनगिनत नुकसानों के बदले, तुम्हें एक बीमार, कमज़ोर, असामाजिक, चुप रहने वाला, उदास, कठोर, लगभग निराश पुरुष मिलेगा, जिसमें शायद एक ही गुण है, और वो ये कि वो तुमसे प्यार करता है. एक स्वस्थ लड़की होने के नाते, असली बच्चों के लिए खुद को कुर्बान करने के बजाय, जो तुम्हारे स्वभाव के अनुरूप होता, तुम्हें इस बचकाने पुरुष के लिए खुद को कुर्बान करना पड़ेगा, जो बचकाना तो है ही, लेकिन सबसे बुरे अर्थों में बचकाना है, और जो ज़्यादा से ज़्यादा तुमसे, एक-एक पत्र करके, इंसानी भाषा के तौर-तरीके सीख सकता है.

आज बदलते महानगरीय परिवेश और बदलते मूल्यबोध ने विवाह संस्था पर बड़े प्रश्नचन्हों से हमें रूबरू करवाया है. पूरे विश्व में विवाह दर घट रही है. युवा पीढ़ी वैवाहिक संबंध में जाने के पहले बहुत सचेत हैं.एक शोध में हाल ही में पाया कि चार में से एक 40 वर्षीय अमेरिकी वयस्कों ने कभी शादी नहीं की है. पहले की अपेक्षा आज का युवा पारिवारिक उत्तरदायित्वों से बचता है या उसे अपने कैरियर में बाधक पाता है.

परिवार शुरू करने के बारे में युवतियां ज़्यादा सचेत हैं, और कई स्त्रियों का मानना है कि शादी से उन्हें पुरुषों की तुलना में कम फ़ायदा होता है. एक अध्ययन में पाया गया कि आधे से भी कम (45 प्रतिशत) युवा स्त्रियाँ (18 से 34 वर्ष की आयु) चाहती हैं कि बच्चे के लिए उन्हें किसी विवाह का बंधन नहीं चाहिए. पुरुषों में, लगभग 10 में से 6 (57%) का कहना है कि वे पिता बनना चाहते हैं. इस तरह के शोध रूढ़िवादियों को आज भी आपत्तिजनक लग सकते हैं. उनका मानना है कि इससे विश्व के कई समाजों की सामाजिक संरचनाओं में गहरी तबदीली आएगी. उधर भारत समेत कई देशों में स्त्री अधिकारों के पैरोकार और व्यक्ति स्वातंत्र्य के पक्षधर यह मानते हैं कि विवाह नितांत निजी चुनाव होना चाहिये और असुविधाजनक विवाह या वैवाहिक संबंध में से निकलने की क़ानूनी प्रक्रिया को सहज और लोकतांत्रिक बनाया जाना ज़रूरी है. जब विवाह परिवार या सगे -संबंधियों की इच्छानुसार किया जाता है और उसमें व्यक्तिगत चुनाव और रुचि के प्रश्न पर सोचने का अवकाश नहीं होता तब विवाह और आत्मीय संबंध दोनों टूटते हैं. काफ़्का इसे अच्छी तरह आज से सवा सौ वर्ष पहले भी समझते हैं. उन्होंने अपने माता -पिता का वैवाहिक संबंध काफ़ी क़रीब से देखा -समझा था और मौन रहकर इस सम्बंध की आंतरिक रणनीति को बहुत कम उम्र में बूझा जिसे पिता को लिखे पत्र में बख़ूबी देखा जा सकता है –

‘पिता को पत्र’ में उन्होंने लिखा है.

विवाह मेरे लिए वर्जित है क्योंकि यह मेरा निजी क्षेत्र है. कभी-कभी मैं दुनिया का नक्शा फैला हुआ देखता हूँ और कल्पना करता हूँ कि आप उस पर तिरछे फैले हुए हैं. तब मुझे ऐसा लगता है मानो मैं उन जगहों पर रहने के बारे में सोच सकता हूँ जहाँ या तो आप नहीं हैं या जो आपकी पहुँच से बाहर हैं. और, आपके आकार के बारे में मेरी धारणा के अनुसार, ये क्षेत्र बहुत कम और सुखदायक नहीं हैं, और विशेष रूप से विवाह उनमें से एक है

 मेरा यह कहने का कोई इरादा नहीं है कि आपने अपने उदाहरण से मुझे विवाह से दूर कर दिया, जैसे आपने मुझे अपने व्यवसाय से दूर किया था. इसके विपरीत सच है, हर दूर की समानता के बावजूद. आपके विवाह में, मेरे सामने कई मायनों में, एक आदर्श विवाह था: समर्पण, आपसी सहयोग, बच्चों की संख्या, और यहाँ तक कि जब बच्चे बड़े हो गए और शांति भंग करने लगे, तब भी विवाह अविचलित रहा. शायद विवाह के बारे में मेरा उच्च विचार इसी आदर्श पर आधारित था; विवाह की इच्छा का शक्तिहीन होना बस अन्य कारणों से था.

इसके बाद काफ़्का की रुचि यहूदी धर्म को भीतर तक समझने में बढ़ती गई, विवाह संस्था को लेकर इस धर्म के भीतर की रूढ़िवादी सोच ने भी काफ़्का को विवाह जैसे सम्बंध से रोका होगा लेकिन फ़ेलिसे से उनका मोहभंग नहीं हुआ, वे उसके संपर्क में फिर से आए. इस दोबारा संपर्क के साथ ही उनके भीतर अस्तित्ववादी बहस ने फिर सिर उठाया और उसने अपना मार्ग पत्र-लेखन में ही तलाशा. काफ़्का लिखते हैं कि उनके भीतर हमेशा दो

आत्माएँ संघर्ष करती रही हैं—एक वैसी, जैसी फ़ेलिसे उन्हें देखना चाहती है, और दूसरी वह, जो केवल काम और लेखन के बारे में सोचती है. यह आंतरिक संघर्ष ही उनके रचनात्मक रूप से निष्क्रिय वर्षों का एक महत्त्वपूर्ण कारण प्रतीत होता है. फ़ेलिसे को भी वे भूल नहीं पाते और अपनी अंतिम मुलाकात में संबंध समाप्त करने की इच्छा व्यक्त के बावजूद उनके भीतर फ़ेलिसे के प्रति एक लगाव बना रहता है, जिसकी तुलना वे बाद में उस प्रेम से करते हैं, जो एक असफल सेनापति को उस नगर के लिए होता है जिसे वह जीत न सका, लेकिन जो फिर भी महान बन गया. यह तुलना काफ़्का की भावनात्मक जटिलता को उजागर करती है—यहाँ पराजय भी एक तरह की गरिमा प्राप्त कर लेती है.

वे स्वयं स्वीकार करते हैं कि कोई अजनबी उनके जीवन को देखकर यह निष्कर्ष निकाल सकता है कि वे केवल आत्म-यातना में ही रचनात्मक हैं. यह आत्म-यातना उनके लिए उद्देश्यहीन नहीं थी. वे लिखते हैं कि वे स्वयं को यातना देना चाहते हैं, अपनी अवस्था में निरंतर परिवर्तन चाहते हैं, क्योंकि उन्हें आभास है कि उनकी मुक्ति परिवर्तन में निहित है. यह परिवर्तन छोटे-छोटे नहीं, बल्कि संपूर्ण बौद्धिक शक्तियों को झकझोर देने वाला होना चाहिए. यहाँ काफ़्का का लेखन किसी साधारण आत्मकथात्मक आग्रह से आगे बढ़कर एक अस्तित्वगत परियोजना बन जाता है, जहाँ पीड़ा ही रचनात्मक ऊर्जा का स्रोत बनती है. हो सकता है इस बेचैनी ने काफ़्का को साधारण गृहस्थ जीवन जीने नहीं दिया हो. लेकिन यह तय है कि 1917 में तपेदिक के निदान ने उनके जीवन और लेखन की दिशा को निर्णायक रूप से प्रभावित किया. यह समाचार पूरी तरह अप्रत्याशित नहीं था, क्योंकि वे लंबे समय से स्वयं को अस्वस्थ मानते आए थे. अनिद्रा, सिरदर्द, पाचन संबंधी समस्याएँ, तेज़ खाँसी और हृदय-सम्बंधी शिकायतें उनके नित्यप्रति के जीवन का हिस्सा थीं. यद्यपि इनमें से कुछ शिकायतें उनकी स्वीकृत हाइपोकॉन्ड्रिया से जुड़ी थीं, फिर भी तपेदिक की संभावना को वे नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते थे. और अंततः जाँच के निदान ने उनके संदेह को पुख्ता कर ही दिया.

फ़ेफ़ड़ों में रक्तस्राव के बाद पारिवारिक चिकित्सक से परामर्श करने पर वे जान गए कि मृत्यु अवश्यम्भावी और आसन्न है. ब्रॉड को लिखे पत्र में काफ़्का उस चिकित्सक का वर्णन करते हैं, मानो वह अपनी चौड़ी पीठ से उनके पीछे खड़े यमदूत से उन्हें ढाल बनकर बचा रहा हो, और अब धीरे-धीरे एक ओर हट रहा हो. इस रूपक में मृत्यु कोई आकस्मिक आक्रमण नहीं, बल्कि एक स्थायी छाया है, जो धीरे-धीरे दृश्य में प्रवेश करती है. काफ़्का का कहना था कि उनके मस्तिष्क और फेफड़ों ने उनकी जानकारी के बिना ही एक समझौता कर लिया, उनके शरीर और चेतना के बीच अजीब और भयानक संबंध की ओर इशारा करता है. काफ़्का के समूचे लेखन में एक बात दीखती है कि उनके पात्र जिन समस्याओं से जूझते हैं उनके जिम्मेदार वे पात्र ख़ुद नहीं होते

उनके उपन्यास ‘द ट्रायल’ में जोसेफ़ के. एक आरोपी है, लेकिन उसे यह नहीं पता कि उसका अपराध क्या है.अल्बेयर कामू के अनुसार, वह अपने बचाव के लिए व्यग्र है, पर कारण से अनभिज्ञ. मुकद्दमे के दौरान वह प्रेम करता है, खाता है, अख़बार पढ़ता है, और इसी बीच अदालती निर्णय सुना दिया जाता है. यह निर्णय किसी सामान्य अदालत में नहीं, बल्कि एक अँधेरे, अबूझ कक्ष में होता है. जोसेफ़ के.  धीरे-धीरे यह मान लेता है कि वह दोषी है.

यह स्वीकृति काफ़्का की दुनिया का बुनियादी स्वर है. जोसेफ़ के. सरीखा पात्र अपने जुर्म को समझने की कोशिश करता है, पर कामयाब नहीं होता.वह ज़िन्दगी को ज्यों का त्यों चलने देता है. वह अंततः न्यायिक हिंसा या ‘ज्युडीसिअल मर्डर’ का शिकार बनता है और नाम-निहाद क़ानूनन मिली सज़ा के तहत पत्थर पर लिटाकर उनका खून कर दिया जाता है—एक ऐसा खून जिसकी गवाही देने वाला कोई नहीं. यहाँ फ़ैज़ की नज़्म की ये पंक्तियाँ इस बे-नाम क़त्ल की मुकम्मल तस्वीर पेश करती हैं –

कहीं नहीं है कहीं भी नहीं लहू का सुराग़
न दस्त-ओ-नाख़ुन-ए-क़ातिल न आस्तीं पे निशाँ

न सुर्ख़ी-ए-लब-ए-खंजर न रंग-ए-नोक-ए-सिनाँ
न ख़ाक पर कोई धब्बा न बाम पर कोई दाग़

कहीं नहीं है कहीं भी नहीं लहू का सुराग़
न सर्फ़-ए-ख़िदमत-ए-शाहाँ कि ख़ूँ-बहा देते

न दीं की नज़्र कि बैआना-ए-जज़ा देते
न रज़्म-गाह में बरसा कि मो’तबर होता

किसी अलम पे रक़म हो के मुश्तहर होता
पुकारता रहा बे-आसरा यतीम लहू

किसी को बहर-ए-समाअत न वक़्त था न दिमाग़
न मुद्दई न शहादत हिसाब पाक हुआ

ये ख़ून-ए-ख़ाक-नशीनाँ था रिज़्क़-ए-ख़ाक हुआ

यह प्रक्रिया आधुनिक मनुष्य की उस स्थिति को रूपायित करती है, जहाँ वह अबूझ प्रणालियों के सामने अपनी असहायता स्वीकार कर लेता है. मिलान कुंदेरा ने काफ़्का की इस क्षमता पर ध्यान केंद्रित किया है कि वे किस प्रकार एक नौकरशाही से परिचालित समाज के अतिसाधारण आयामों को गहन मिथकीय साहित्य में बदल देते हैं. यहाँ शक्ति की प्रणालियाँ, शर्म और अलगाव की भावना—सब मिलकर एक काफ़्काई संसार की रचना करते हैं.

काफ़्का का संसार उनके दोस्तों, प्रेमिकाओं, जीवन स्थितियों और नौकरी के अनुभवों से मिलकर बना है. बहुत गंभीर दिखने वाले काफ़्का अपने दोस्तों के बीच खुलकर हँसते भी हैं, उनके मित्र ने ज़िक्र किया है कि जब काफ़्का अपने मित्रों को अपना लिखा ज़ोर से पढ़कर सुनाते थे, तो वे उस छिपे हास्य को सतह पर ले आते थे, तब भी जब लेखन सबसे अधिक निराशाजनक प्रतीत होता था. मैक्स ब्रॉड के अनुसार, ‘द ट्रायल’ का पहला अध्याय सुनते समय वे मित्रों के साथ ज़ोर से हँसे, और काफ़्का स्वयं इतना हँसे कि आगे पढ़ नहीं सके. यह हास्य काफ़्का के साहित्य का वह पहलू है, जिसे अक्सर गंभीरता के आवरण में नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है.

 

 

 

3.

काफ़्का की रचनात्मक प्रेरणा को समझने के लिए उनकी दैनंदिनी और आत्मीय टिप्पणियाँ अनिवार्य पाठ के तौर पर उपस्थित हैं. स्त्रियों के साथ उनके संबंध, विशेषकर मिलेना को लिखे पत्र, इस संदर्भ में अत्यंत महत्त्वपूर्ण हैं. फ़ेलिसे के साथ दुखद पत्राचार के विपरीत, मिलेना को लिखे पत्र अधिक सीधे, ऐन्द्रिय और उग्र हैं, यद्यपि यह संबंध भी द्वंद्व से मुक्त नहीं था. वियना वुड्स में बिताए चार दिनों की स्मृति में वे जिस आनंद का वर्णन करते हैं, वह काफ़्का के भीतर छिपी जीवन के प्रति लालसा का दुर्लभ प्रमाण है.

मिलेना के साथ उनका संबंध अनुवाद से शुरू होकर आत्मा में प्रवेश करने तक पहुँचता है. सत्यजीत साहू *(फेसबुक) ने मिलेना से पत्राचार का भावानुवाद करते हुए लिखा है कि

“मिलेना का अंदाज़ उग्र नहीं, बल्कि मुक्त था. वह काफ़्का की तरह जकड़ी हुई नहीं थी, और यही स्वतंत्रता काफ़्का को असहज भी करती थी और आकर्षित भी. यह संबंध धीरे-धीरे पत्रों की भूल-भुलैया में प्रवेश करता है, जहाँ भाषा ही रास्ता भी है और भटकाव भी. काफ़्का पहली बार किसी स्त्री के सामने इस तरह खुलते हैं, जैसे अपनी पसलियों के बीच किसी को जगह दे रहे हों.”

पिता को लिखे पत्र के स्वर से नितांत अलग मिलेना को लिखे पत्रों में काफ़्का का स्वर उपस्थित हैं. यहाँ उनका अंदाज़ भावुक है. एक आवाज़, एक प्रश्न, एक शब्द की धार. मिलना के पत्रों का स्वर शुरू से ही बिजली की तरह था. काफ़्का धीमे, काँपते हुए लिखते थे, जबकि मिलेना की लिखावट चिंगारी की तरह थी. यह अंतर ही उनके संबंध का मूल तनाव था. मिलेना ने काफ़्का के भीतर छिपी मुलामियत को देखा और पढ़ा , जिसे दुनिया अक्सर कमजोरी समझती है. यही वह बिंदु था जहाँ काफ़्का पहली बार स्वयं को पूरी तरह अदृश्य नहीं महसूस करते. वे समझते थे कि यह समझे जाने का अनुभव उन्हें बचा भी सकता है और तोड़ भी सकता है. इसीलिए उनके पत्रों में प्रेम जितना तीव्र है, भय उससे कम नहीं. वे बार-बार चेतावनी देते हैं कि वे स्थिर नहीं हैं, सुरक्षित नहीं हैं, और उनके भीतर लगातार हलचल चलती रहती है. यह हलचल केवल मानसिक नहीं, बल्कि नैतिक और अस्तित्वगत है—एक ऐसा कंपन जो उन्हें स्वयं से दूर और दूसरे के पास खींचता है, और फिर उसी वेग से पीछे धकेल देता है.

मिलेना इन चेतावनियों को अस्वीकार नहीं करती, लेकिन उनसे डरती भी नहीं. उसके पत्रों में एक अजीब-सी स्थिरता है, जो काफ़्का को चकित करती है. वह उनकी बीमारी, उनकी अनिद्रा, उनके डर—किसी से भी पीछे नहीं हटती. काफ़्का को यह अनुभव बिल्कुल नया लगता है, क्योंकि वे स्वयं अपनी बीमारी को एक तरह के नैतिक दोष की तरह देखते आए थे, मानो उनका अस्वस्थ शरीर ही उनके जीवन की विफलता का प्रमाण हो. लेकिन मिलेना के लिए यह शरीर, यह कमजोरी, अर्थहीन नहीं थी. वह उसमें भी एक मानवीय सच्चाई देखती थी. यही दृष्टि काफ़्का को एक साथ आकर्षित और भयभीत करती है, क्योंकि वे जानते थे कि इस तरह देखे जाने पर ऐसा लगता है कि वे बिल्कुल निर्वस्त्र हैं. पत्रों का यह प्रवाह धीरे-धीरे संवाद से आगे बढ़कर एक ऐसी जगह पहुँच जाता है, जहाँ भाषा स्वयं एक अनुभव बन जाती है. काफ़्का लिखते हैं कि वे शब्दों से बने हुए हैं, और कभी-कभी उन्हें लगता है कि शब्द या तो उन्हें संभाल लेंगे या पूरी तरह तोड़ देंगे. यह कथन केवल लाक्षणिक या आलंकारिक के बजाय उनके आत्मबोध का केंद्र है. काफ़्का के लिए भाषा कोई साधन नहीं, बल्कि उनका अस्तित्व है. इसी कारण पत्र-लेखन उनके लिए केवल संवाद नहीं, बल्कि आत्म-संरचना की प्रक्रिया बन जाता है.

लेकिन यही प्रक्रिया उन्हें भयभीत भी करने लगती है. कुछ वर्षों बाद वे पत्राचार को ‘भूतिया’ कहने लगते हैं. उनका कहा कि पत्र लिखना भूतों के साथ संभोग है—केवल संबोधित व्यक्ति के भूत के साथ नहीं, बल्कि अपने ही भूत के साथ—इस भय को सामने लाता है. यहाँ भूत स्मृति का है, संभावना का है, और उस जीवन का है जिसे जिया नहीं जा सका. काफ़्का मज़ाकिया अंदाज़ में जोड़ते हैं कि इन्हीं भूतों ने डाक-व्यवस्था, टेलीग्राफ़ और टेलीफ़ोन का आविष्कार किया. यह हास्य दरअसल उनके भीतर पल रहे आतंक को हल्का करने का एक प्रयास है.

इसके ठीक नौ महीने बाद वे मिलेना से कहते हैं कि उन्हें इस ‘दुष्ट जादूगरी’ को छोड़ना होगा, क्योंकि यह उनकी रातों को नष्ट कर रही है. रातें काफ़्का के जीवन में विशेष महत्त्व रखती हैं. यही वह समय है जब लेखन संभव होता है, लेकिन यही वह समय है जब भय और अनिद्रा का प्रकोप भी चरम पर होता. उनके लिए रात सृजन और विनाश दोनों की भूमि है. जब पत्राचार इस भूमि पर कब्ज़ा कर लेता है, तो लेखन के लिए स्थान कम पड़ने लगता है, और काफ़्का स्वयं को घिरा हुआ महसूस करते हैं.

मिलेना के साथ संबंध का अंत मुख्यतः इसी बिंदु पर होता है, जब काफ़्का आग्रह करते हैं कि वह वियना छोड़कर प्राग आ जाए. मिलेना इस आग्रह को अस्वीकार करती है. ब्रॉड को लिखे पत्र में वह स्पष्ट करती है कि वह अपने पति को छोड़ने में असमर्थ है, और शायद वह इतनी ‘अधिक स्त्री’ है कि उस जीवन को अपनाने का साहस नहीं जुटा सकती, जो कठोर संन्यास की माँग करता है. यह वाक्य अपने भीतर एक गहरी त्रासदी समेटे है. यहाँ प्रेम की असंभवता किसी नैतिक विफलता से नहीं, बल्कि जीवन की ठोस सीमाओं से जन्म लेती है.’ ”
(सत्यजीत साहू)

इसके बाद काफ़्का के जीवन में डोरा डायमंट का प्रवेश होता जिससे उन्हें अस्थाई ही सही, कुछ समय के लिए सांत्वना मिलती है . काफ़्का के स्त्री पात्रों को लेकर अक्सर आलोचना हुई है, और यह आलोचना पूरी तरह निराधार नहीं है. उनकी स्त्री पात्र या तो सहायक हैं, या रहस्यमय, या फिर किसी न किसी रूप में पुरुष के संघर्ष को और उलझाने वाली. लेकिन यह भी ध्यान रखना चाहिए कि काफ़्का का साहित्य संबंधों की विफलता का साहित्य है. यहाँ कोई भी संबंध—पिता-पुत्र, प्रेमी-प्रेमिका, व्यक्ति-समाज—पूर्ण नहीं हो पाता. स्त्री पात्र भी इसी विफलता की संरचना का हिस्सा हैं, न कि उसका एकमात्र कारण.

मिलेना और फ़ेलिसे के साथ काफ़्का के संबंध इस विफलता को वास्तविक जीवन में भी प्रतिबिंबित करते हैं. वे प्रेम चाहते थे, लेकिन प्रेम से डरते भी थे. निकटता उन्हें आकर्षित करती थी, लेकिन वही निकटता उन्हें आतंकित भी करती थी. यह द्वंद्व उनके पत्रों में पूरी तीव्रता के साथ दिखाई देता है. इन पत्रों में काफ़्का कभी अत्यंत कोमल हैं, तो कभी लगभग निर्मम आत्मविश्लेषी. वे जानते थे कि वे किसी और को भी उसी बेचैनी में खींच रहे हैं, जिसमें वे स्वयं जी रहे हैं.

काफ़्का के अंतिम वर्षों में डोरा डायमंट के साथ उनका संबंध कुछ हद तक सांत्वना का स्रोत बना. डोरा ने उनकी बीमारी के समय उनका साथ दिया, उनकी देखभाल की, और उन्हें एक प्रकार की मानवीय निकटता प्रदान की, जिसकी उन्हें लंबे समय से ज़रूरत थी. फिर भी, यह निकटता उनके अस्तित्वगत भय को पूरी तरह शांत नहीं कर सकी. मृत्यु उनके लिए केवल जैविक अंत नहीं थी, बल्कि एक ऐसी प्रक्रिया थी, जो जीवन के भीतर ही चल रही थी.

लेकिन बीमारी, पिता का दबदबा, सांस्कृतिक अलगाव और प्रेम में बार-बार असफलता, अपने ऊपर संदेह —इन सबने मिलकर उनके लेखन में अलगाव और अस्तित्वमूलक भय को और गहरा कर दिया था . काफ़्का के अभिन्न मित्र मैक्स ब्रॉड को लिखे एक पत्र में मिलेना उनके भय का उपचार बताती है—कि वह उसकी आँखों में देखता, वे थोड़ी देर प्रतीक्षा करते, और फिर वह भय समाप्त हो जाता. यह दृश्य अत्यंत मानवीय है, और शायद यही वह क्षण है जहाँ काफ़्का का भय अस्थायी रूप से शमित होता दिखाई देता है. काफ़्का की डायरी पहचान की प्रक्रिया को और गहरा करती है. वहाँ वे बिना किसी साहित्यिक आवरण के अपने डर, अपनी थकान और अपनी आकांक्षाओं को दर्ज करते हैं. वे प्रकाशित होने के लिए, किसी को प्रभावित करने के लिए नहीं लिखते , वे ख़ुद को सजा-संवार कर पेश नहीं करते , बल्कि उजागर करते हैं. अनिद्रा, बीमारी और लेखन के बीच उनका संघर्ष एक ऐसे व्यक्ति का संघर्ष है, जो अपने अस्तित्व को अर्थ देना चाहता है, लेकिन हर बार अर्थ उसके हाथ से फिसल जाता है.

1917 का वर्ष वह है जब तपेदिक के निदान की पुष्टि ने काफ़्का के जीवन की दिशा को निर्णायक रूप से मोड़ दिया. रोग की पहचान और जीवन के अंत के बीच के सात वर्ष सैनिटोरियम की यात्राओं, तीन महत्त्वपूर्ण संबंधों और सृजनात्मकता के छिटपुट उफ़ान से भरे रहे. आज इक्कीसवीं शती के मध्य में चिकित्सा शास्त्र ने इतनी प्रगति कर ली है कि दुनिया के अधिकांश देशों ने टीबी का पूर्ण निदान ढूँढ लिया है लेकिन काफ़्का को 1917 में अच्छी तरह मालूम चल चुका है कि उनका रोग लाइलाज है, फिर भी उनके भीतर रचनात्मकता का आवेग कम नहीं होता, वे सब कहीं लिखते हैं, दिन में, रात को, भय में प्रेम में और निरुत्साह में भी. अपने कार्यालय से सेवानिवृत्ति की अनुमति माँगते हैं लेकिन उन्हें कई महीनों का अवकाश दे दिया जाता है. स्वास्थ्य लगातार गिरता गया, और जीवन का दायरा सिमटता चला गया. रुग्ण जीवन का अकेलापन क्या होता है इसे भोक्ता ही समझ सकता है, इस अकेलेपन ने उन्हें लंबी, एकांत, निद्राहीन रातों की ओर धकेल दिया है. उनकी डायरी में अनिद्रा का वर्णन बार बार आता है वे किसी चिकित्सीय रिपोर्ट से अधिक एक दार्शनिक दस्तावेज़ की तरह इसे देखने लगते हैं.

वे लिखते हैं कि वे गहरी नींद सोते हैं, लेकिन एक घंटे बाद जाग जाते हैं, मानो उनका सिर किसी कंदरा में भटक रहा हो. नींद पूरी तरह खुल जाती है, और उन्हें लगता है कि उन्हें नींद ने तिरस्कृत कर दिया है. यह तिरस्कार केवल शारीरिक नहीं, बल्कि अस्तित्वगत है. वे पूरी रात वे सोते भी हैं और जागते भी रहते हैं, जीवंत स्वप्न उन्हें लगातार चेतन अवस्था में खींचते रहते हैं. सुबह होने तक वे तकिये पर उसाँस भरते रहते हैं, क्योंकि उस रात की उम्मीद जा चुकी होती है. यह विवरण काफ़्का की चेतना की उस सीमा को दर्शाता है, जहाँ स्वप्न और यथार्थ एक-दूसरे में घुल जाते हैं. वे स्वयं मानते हैं कि यह अनिद्रा उनके लेखन का परिणाम है, लेकिन साथ ही इसी लेखन में मुक्ति की संभावना निहित है. काफ़्का के पात्रों का अकेलापन भी उनकी अपनी असहायता से जुड़ा दीखता है. यह अकेलापन केवल सामाजिक अलगाव नहीं, बल्कि अस्तित्वगत है. मनुष्य लोगों से घिरा हुआ है, फिर भी वह बुनियादी तौर पर अकेला है. कोई भी उसकी हालत को पूरी तरह साझा नहीं करता. यह स्थिति आधुनिक व्यक्ति के उस अनुभव से मेल खाती है, जहाँ संचार के अनेक साधन होने के बावजूद वास्तविक संवाद दुर्लभ हो जाता है.

काफ़्का का जीवन और लेखन परस्पर अविछिन्न हैं. उनके निजी संबंध, बीमारी, अनिद्रा और आत्म-यातना—सब मिलकर उस साहित्य को जन्म देते हैं, जो आधुनिक मनुष्य की सबसे गहरी आशंका को रूपायित करता है. वे किसी समाधान की ओर नहीं ले जाते, बल्कि उस तनाव को अनुभव करने के लिए विवश करते हैं, जिसमें आधुनिक अस्तित्व फँसा हुआ है. काफ़्का के यहाँ मुक्ति कोई स्थायी अवस्था नहीं, बल्कि एक क्षणिक संभावना है, जो शब्दों के बीच कहीं चमकती है और फिर ओझल हो जाती है.

उनका लेखन इसी तनाव से जन्म लेता है, और यही तनाव उसे विशिष्ट बनाता है. उनके पात्र किसी सीधे संघर्ष से नहीं जूझते, बल्कि एक ऐसी स्थिति में फँसे होते हैं, जहाँ संघर्ष की प्रकृति ही अस्पष्ट है. वे जानते हैं कि कुछ गलत है, लेकिन यह नहीं जानते कि क्या. यह अनिश्चितता ही उनके साहित्य का केंद्रीय भाव है. ‘द ट्रायल’ में जोसेफ़ के. की गिरफ़्तारी अकारण होती है, लेकिन उसका प्रभाव अत्यंत वास्तविक है. यह स्थिति केवल कानूनी नहीं, बल्कि मनोवैज्ञानिक और अस्तित्वगत है. व्यक्ति स्वयं को दोषी अनुभव करने लगता है, बिना यह जाने कि दोष क्या है. यह वही अनुभव है, जिसे काफ़्का अपने जीवन में बार-बार जीते रहे—पिता के सामने, समाज के सामने, और अंततः स्वयं के सामने. काफ़्का के लिए लेखन कोई पेशा या शौक नहीं, बल्कि जीवन और मृत्यु के बीच का सेतु है. वे जानते हैं कि वे कितना भी कम या बुरा लिखें, ये छुटपुट लेखन के झटके उन्हें भावुक बना देते हैं. शाम होते ही और सुबह के समय वे उस महत्वपूर्ण पल की आसन्न संभावना महसूस करते हैं, जब उनके भीतर उठने वाला कोलाहल शांत हो सकेगा. लेकिन यह कोलाहल कभी पूरी तरह शांत नहीं होता. यही कोलाहल उनके लेखन को जन्म देता है, और यही उन्हें थका भी देता है.

पिता की भूमिका काफ़्का के पिता का दबदबा उनके पूरे लेखन में एक अदृश्य लेकिन सर्वव्यापी उपस्थिति की तरह मौजूद है. ‘पिता को पत्र’ में पिता केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सत्ता के प्रतीक हैं—ऐसी सत्ता, जो तर्क से नहीं, बल्कि भय से संचालित होती है. काफ़्का पिता को अत्याचारी के रूप में चित्रित करते हैं, लेकिन साथ ही स्वयं को कमजोर, असहाय और अपराधी के रूप में भी देखते हैं. यह द्वंद्व उनके आत्मबोध का मूल है. वे पिता से संघर्ष करते हैं, लेकिन उसी संघर्ष में स्वयं को और अधिक दोषी अनुभव करते हैं. यही अपराधबोध उनके साहित्य में बार-बार लौटता है, कभी अदालत के रूप में, कभी कानून के रूप में, और कभी किसी अनाम आदेश के रूप में.

यह कहना अतिशयोक्ति न होगी कि काफ़्का की रचनाओं में क़ानून स्वयं एक पात्र है—एक ऐसा चरित्र, जिसका चेहरा नहीं है, लेकिन जिसकी उपस्थिति हर जगह है. ‘बिफ़ोर द लॉ’ में यह कानून एक दरवाज़े के पीछे खड़ा रहता है, जहाँ प्रवेश की अनुमति कभी नहीं मिलती. यह कथा ‘द ट्रायल’ के भीतर एक अंतर्कथा के रूप में आती है, लेकिन उसका प्रभाव पूरे उपन्यास में फैल जाता है. जोसेफ़ के. इस कथा को सुनता है, उसकी व्याख्याएँ सुनता है, लेकिन अंततः कोई निष्कर्ष नहीं निकलता. यही निष्कर्षहीनता काफ़्का की दुनिया की पहचान है.

अल्बेयर कामू ने काफ़्का की कला को पुनः-पाठ की अनिवार्यता से जोड़ा है. पहली बार पढ़ने पर जो भयावह या निराशाजनक लगता है, वह दूसरी या तीसरी बार पढ़ने पर हास्यास्पद या व्यंग्यात्मक प्रतीत हो सकता है. यह परिवर्तन पाठक की चेतना में होता है, न कि पाठ में. काफ़्का का गद्य स्थिर रहता है, लेकिन पाठक का अनुभव बदलता है. यही कारण है कि काफ़्का का साहित्य समय के साथ पुराना नहीं पड़ता, बल्कि हर नई पीढ़ी के लिए नए अर्थ खोलता है.

मिलान कुंदेरा ने काफ़्का की इस क्षमता को रेखांकित किया है कि वे अत्यंत साधारण परिस्थितियों को मिथकीय आयाम प्रदान कर देते हैं. यह मिथकीयता किसी प्राचीन कथा से नहीं आती, बल्कि आधुनिक जीवन की संरचनाओं से जन्म लेती है. कार्यालय, अदालत, आवासीय इमारतें—ये सभी काफ़्का के यहाँ ऐसे स्थान बन जाते हैं, जहाँ मनुष्य स्वयं को खो देता है. यह खो जाना केवल भौतिक नहीं, बल्कि पहचान का खो जाना है.

उनकी बीमारी केवल शारीरिक नहीं थी. तपेदिक ने उनके शरीर को कमजोर किया, लेकिन उनकी चेतना पहले से ही थकी हुई थी. वे जानते थे कि उनका जीवन सीमित है, और यह ज्ञान उनके लेखन को एक अजीब-सी तीव्रता देता है. ‘ए हंगर आर्टिस्ट’ में भूखा कलाकार केवल एक चरित्र नहीं, बल्कि स्वयं काफ़्का का रूपक है—एक ऐसा व्यक्ति, जो इसलिए भूखा है, क्योंकि उसे वह भोजन नहीं मिला, जिसे वह चाहता था. यह भोजन अर्थ का है, पहचान का है, और शायद प्रेम का भी.

काफ़्का के जीवन के अंतिम वर्षों में रचनात्मकता का उफ़ान थम गया है लेकिन उनका प्रभाव कम नहीं होता. अधूरी रचनाएँ, अधूरे उपन्यास, और बिखरे हुए नोट्स—ये सब मिलकर एक ऐसे लेखक की छवि बनाते हैं, जो पूर्णता में नहीं, बल्कि अपूर्णता में अपनी शक्ति खोजता है. ‘द कैसल’ और ‘अमेरिका’ जैसे उपन्यास अधूरे हैं, लेकिन यही अधूरापन उन्हें और अधिक काफ़्काई बनाता है. यहाँ अंत का अभाव स्वयं अर्थ बन जाता है. इसके बावज़ूद काफ़्का का साहित्य हमें निराशा में नहीं छोड़ता, बल्कि जागरूकता की ओर ले जाता है. वह हमें यह सिखाता है कि स्पष्ट उत्तरों की अनुपस्थिति भी एक महत्वपूर्ण अनुभव हो सकती है. जीवन शायद किसी अंतिम अर्थ की ओर नहीं बढ़ता, लेकिन उस खोज की प्रक्रिया ही हमें इंसान बनाती है. काफ़्का इसी प्रक्रिया को उसकी पूरी कठिनाई और ईमानदारी के साथ प्रस्तुत करते हैं.

उनको पढ़ते हुए यह स्पष्ट होता है कि उनके यहाँ भय किसी एक घटना से उत्पन्न नहीं होता, बल्कि एक सतत वातावरण की तरह फैला रहता है. यह भय अचानक नहीं आता, न ही किसी चरम बिंदु पर विस्फोट करता है. यह धीरे-धीरे, लगभग अदृश्य रूप से जीवन के हर कोने में रिसता है. उनके पात्र डर से चीखते नहीं, बल्कि उसके साथ जीने लगते हैं. यही काफ़्का के भय को विशिष्ट बनाता है—वह असामान्य नहीं, बल्कि अत्यंत सामान्य है. यह वही भय है जो रोज़मर्रा की ज़िन्दगी में अनजाने में हमारे साथ चलता रहता है.

काफ़्का की यह दृष्टि आधुनिक मनुष्य की उस स्थिति को उद्घाटित करती है, जहाँ संकट असाधारण नहीं रह गया, बल्कि स्थायी हो गया है. संकट अब कोई आपातकाल नहीं, बल्कि सामान्य अवस्था है

 

 

4.

काफ़्का के दार्शनिक विचारों ने विचारक और चिंतकों को गहराई तक प्रभावित किया. इसलिए उनकी विरासत केवल साहित्यिक नहीं, बल्कि दार्शनिक भी है. अस्तित्ववाद, अब्सर्डवाद और आधुनिकतावाद—इन सभी धाराओं ने काफ़्का से गहराई से संवाद किया. सार्त्र, कामू और बेकेट ने अपने-अपने ढंग से काफ़्का की उस दुनिया को आगे बढ़ाया, जहाँ अर्थ की खोज स्वयं एक पीड़ा बन जाती है. लेकिन काफ़्का का साहित्य किसी दर्शन का प्रतिपादन नहीं करता. वह समाधान नहीं देता, बल्कि अनुभव कराता है. पाठक उस अनुभव से गुजरता है, और वही गुजरना उसका अर्थ बन जाता है.

यही कारण है कि काफ़्का आज भी प्रासंगिक हैं. नौकरशाही, निगरानी, अनाम सत्ता और व्यक्ति की असहायता—ये सब इक्कीसवीं सदी में भी उतने ही वास्तविक हैं, जितने काफ़्का के समय में थे. उनका साहित्य हमें यह नहीं बताता कि क्या करना चाहिए, बल्कि यह दिखाता है कि हम किस स्थिति में हैं. और शायद यही उसकी सबसे बड़ी ईमानदारी है. काफ़्का का लेखन इस अर्थ में राजनीतिक भी है, भले ही वह किसी राजनीतिक विचारधारा का प्रचार न करता हो, लेकिन उनकी रचनाएँ सत्ता की उस प्रकृति को उजागर करती हैं, जो स्वयं को अदृश्य रखती है. यह सत्ता किसी एक व्यक्ति या संस्था में सीमित नहीं, बल्कि एक पूरे ढाँचे में फैली होती है

काफ़्का को पढ़ते हुए यह स्पष्ट होता जाता है कि उनका साहित्य किसी व्यक्तिगत पीड़ा का मात्र आत्मकथात्मक विस्तार नहीं है, बल्कि वह आधुनिक मनुष्य की सामूहिक स्थिति का रूपक है. उनका निजी अनुभव—पिता का आतंक, असफल प्रेम, बीमारी, यहूदी पहचान का द्वंद्व—इन सबका रूपांतरण एक ऐसी साहित्यिक दुनिया में होता है, जहाँ हर पाठक स्वयं को किसी न किसी स्तर पर पहचान सकता है. यही सार्वभौमिकता काफ़्का को विशुद्ध निजी लेखक होने से आगे ले जाती है. वे अपने समय के लेखक होते हुए भी केवल अपने समय तक सीमित नहीं रहते. काफ़्का की रचनाओं में परिवार भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. ‘द मेटामॉर्फोसिस’ में परिवार प्रेम और दायित्व के साथ-साथ अस्वीकृति और बोझ का प्रतीक बन जाता है. ग्रेगोर के रूपांतरण के बाद परिवार का रवैया धीरे-धीरे बदलता है. यह परिवर्तन अचानक नहीं, बल्कि व्यावहारिक मजबूरियों के साथ आता है. काफ़्का यहाँ यह दिखाते हैं कि आधुनिक जीवन में संबंध भी उपयोगिता की शर्तों से बँध जाते हैं. यह उपयोगितावाद केवल परिवार तक सीमित नहीं. समाज व्यक्ति को तब तक स्वीकार करता है, जब तक वह किसी भूमिका को निभा रहा है. जैसे ही वह भूमिका टूटती है, व्यक्ति अनावश्यक हो जाता है. यह अनुभव आधुनिक श्रम-संस्कृति की कठोर आलोचना है. काफ़्का इसे किसी वैचारिक घोषणापत्र की तरह नहीं, बल्कि एक व्यक्तिगत त्रासदी के रूप में प्रस्तुत करते हैं.

काफ़्का के लेखन में पशु-रूपकों की उपस्थिति भी इसी संदर्भ में देखी जा सकती है. ‘ए रिपोर्ट टू एन एकेडमी’, ‘द बरो’, ‘जोसेफीन द सिंगर’—इन कहानियों में पशु मनुष्य से अधिक संवेदनशील और सचेत प्रतीत होते हैं. यह उलटाव मानव सभ्यता पर एक व्यंग्य है. काफ़्का मानो यह पूछ रहे हों कि क्या तथाकथित प्रगति ने मनुष्य को सचमुच अधिक मानवीय बनाया है.

 

 

5.

उनकी यहूदी पहचान भी उनके लेखन में प्रत्यक्ष से अधिक अप्रत्यक्ष रूप में मौजूद है. वे न तो धार्मिक लेखक हैं और न ही धार्मिक उपदेशक, लेकिन उनकी रचनाओं में नैतिकता, दोष, दंड और मुक्ति जैसे प्रश्न बार-बार उभरते हैं. यह नैतिकता किसी ईश्वरीय व्यवस्था से नहीं आती, बल्कि एक अस्पष्ट, अनाम और निराकार सत्ता से आती है. यह सत्ता कभी अदालत का रूप ले लेती है, कभी क़ानून का, और कभी समाज की सामान्य अपेक्षाओं का. यह वही स्थिति है, जिसमें व्यक्ति स्वयं को हमेशा कसौटी पर खड़ा हुआ पाता है, लेकिन कसौटी के नियम कभी स्पष्ट नहीं होते.

‘द कैसल’ में यह स्थिति और भी गहरी हो जाती है. यहाँ नायक एक ऐसे गाँव में आता है, जहाँ महल सत्ता का केंद्र है, लेकिन वह सत्ता कभी प्रत्यक्ष रूप से सामने नहीं आती. महल से आदेश आते हैं, सूचनाएँ आती हैं, लेकिन महल स्वयं एक रहस्य बना रहता है. के. का पूरा जीवन इसी प्रयास में बीत जाता है कि वह इस सत्ता के निकट पहुँच सके, लेकिन हर प्रयास उसे और दूर ले जाता है. यह स्थिति केवल नौकरशाही की आलोचना नहीं है, बल्कि मनुष्य की उस अंतहीन आकांक्षा का चित्रण है, जिसमें वह किसी अंतिम सत्य या स्वीकृति तक पहुँचना चाहता है, लेकिन वह सत्य हमेशा उसके हाथ से फिसल जाता है. काफ़्का के पात्रों की एक विशेषता यह भी है कि वे विद्रोही नहीं हैं. वे व्यवस्था से लड़ते नहीं, बल्कि उसमें रास्ता खोजने की कोशिश करते हैं. जोसेफ़ के. अदालत को नष्ट करने की योजना नहीं बनाता, बल्कि उसी अदालत में न्याय पाने की कोशिश करता है. यही कोशिश उसे धीरे-धीरे थका देती है. यह थकान आधुनिक मनुष्य की थकान है—एक ऐसी थकान, जो संघर्ष से नहीं, बल्कि निरर्थक प्रयासों से पैदा होती है.

यहीं पर काफ़्का अस्तित्ववादी दर्शन के निकट आते प्रतीत होते हैं पर उससे पूरी तरह एकाकार नहीं होते. सार्त्र जहाँ स्वतंत्रता और चुनाव पर ज़ोर देते हैं, वहीं काफ़्का की दुनिया में चुनाव की संभावना ही संदिग्ध है. यहाँ व्यक्ति स्वतंत्र है या नहीं, यह प्रश्न उतना महत्त्वपूर्ण नहीं, जितना यह कि वह स्वयं को स्वतंत्र मान भी सकता है या नहीं. सार्त्र के ‘बैड फेथ’ की अवधारणा काफ़्का के पात्रों में दिखाई देती है, लेकिन यह कोई सचेत छल नहीं, बल्कि एक अनिवार्य भ्रम है.

कामू के अब्सर्ड और काफ़्का के अब्सर्ड में भी सूक्ष्म अंतर है. कामू का नायक अंततः अर्थहीनता को स्वीकार कर लेता है और उसी स्वीकार में विद्रोह खोजता है. काफ़्का के पात्र उस स्वीकार तक भी नहीं पहुँच पाते. वे लगातार अर्थ की तलाश में रहते हैं, और यही तलाश उनका दंड बन जाती है. इस अर्थ में काफ़्का का साहित्य और भी अधिक असहज करने वाला है, क्योंकि वह पाठक को किसी प्रकार की नैतिक या दार्शनिक राहत नहीं देता. आज के समय में, जब निगरानी, डेटा, एल्गोरिदम और अनाम संस्थाएँ हमारे जीवन को नियंत्रित करती हैं, काफ़्का का साहित्य और भी प्रासंगिक प्रतीत होता है. आज हम भी कई बार यह नहीं जानते कि किस नियम का उल्लंघन हुआ, लेकिन परिणाम सामने आ जाते हैं. इस अर्थ में काफ़्का भविष्यद्रष्टा नहीं, बल्कि सूक्ष्म पर्यवेक्षक थे. उन्होंने उस दिशा को पहचान लिया था, जिस ओर आधुनिक समाज बढ़ रहा था.

 

 

6.

यदि हम काफ़्का की भाषा पर बात करें तो काफ़्का की भाषा उनके आंतरिक अनुभव को और अधिक तीव्र बना देती है. उनकी भाषा सरल है, लेकिन सपाट नहीं. उसकी सरलता में एक अजीब-सी बेचैनी छिपी होती है. वे अलंकारों या भावनात्मक उछालों का प्रयोग नहीं करते. घटनाएँ ऐसे घटती हैं, जैसे यह सब बिल्कुल सामान्य हो. यही सामान्यता भय को और अधिक गहरा बना देती है. जब असामान्य को असामान्य की तरह प्रस्तुत किया जाता है, तो पाठक उससे दूरी बना सकता है. लेकिन जब असामान्य को सामान्य की तरह दिखाया जाता है, तो पाठक उससे बच नहीं पाता. काफ़्का की दुनिया में भाषा भी एक समस्या बन जाती है. शब्द स्पष्ट होने के बजाय वहम पैदा करते हैं. क़ानून की भाषा, अदालत की भाषा, यहाँ तक कि आम बातचीत भी किसी ठोस अर्थ तक नहीं पहुँचती. ‘बिफोर द लॉ’ में द्वारपाल और ग्रामीण के बीच संवाद इसका सशक्त उदाहरण है. द्वारपाल कुछ भी झूठ नहीं बोलता, लेकिन फिर भी वह ग्रामीण को क़ानून की मदद लेने से रोक देता है.

यहाँ भाषा सूचना देने के बजाय विलंब पैदा करती है. यह विलंब ही दमन का साधन बन जाता है. इस संदर्भ में काफ़्का का लेखन उत्तर-आधुनिक चिंतन की पूर्वपीठिका जैसा प्रतीत होता है. बाद में मिशेल फूको और देरिदा जैसे विचारकों ने भाषा, सत्ता और अर्थ के संबंधों पर जो प्रश्न उठाए, उनकी झलक काफ़्का के साहित्य में पहले से मौजूद है. काफ़्का यह दिखाते हैं कि सत्ता केवल ताकत के इस्तेमाल से नहीं, बल्कि अर्थ-निर्माण की प्रक्रिया के माध्यम से भी काम करती है. जब अर्थ अनिश्चित हो जाता है, तब व्यक्ति स्वयं को बेसहारा महसूस करता है. काफ़्का की भाषा इस कठोरता को और प्रभावी बना देती है.

वे किसी भी भाव को अलंकृत नहीं करते. मृत्यु, अपमान, पीड़ा—सब कुछ उसी शांत स्वर में लिखा जाता है, जैसे कोई साधारण घटना हो. यही सामान्यीकरण पाठक को विचलित करता है. जब भय सामान्य हो जाता है, तब उससे बचने का कोई रास्ता नहीं बचता. काफ़्का की शैली की यह जटिलता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है. वे कभी पाठक को निर्देश नहीं देते कि क्या सोचना है. वे केवल स्थिति उजागर करते हैं, और पाठक को उस हालत में छोड़ देते हैं. यह छोड़ दिया जाना ही असहज करता है. पाठक किसी निष्कर्ष पर पहुँचने की कोशिश करता है, लेकिन हर निष्कर्ष अस्थायी साबित होता है.

काफ़्का की यह सामान्यता उन्हें समय से परे ले जाती है. आज जब एल्गोरिदम निर्णय लेते हैं, जब पहचान डेटा में बदल जाती है, जब अपील किसी स्वचालित प्रणाली से की जाती है—तब काफ़्का और अधिक प्रासंगिक लगते हैं.

 

 

 

7.

उनकी मृत्यु के बाद काफ़्का की रचनाओं का जो जीवन शुरू हुआ, वह स्वयं एक काफ़्काई कथा की तरह है. काफ़्का को अपने जीवनकाल में कोई बड़ा साहित्यिक पुरस्कार नहीं मिला. उनकी रचनाएँ मुख्यतः मरणोपरांत प्रसिद्ध हुईं. काफ़्का की इच्छा के विरुद्ध उनकी अप्रकाशित रचनाओं को प्रकाशित करने का मैक्स ब्रॉड का निर्णय विश्व साहित्य के लिए निर्णायक सिद्ध हुआ. यदि ब्रॉड ने काफ़्का की बात मान ली होती, तो आधुनिक साहित्य का एक पूरा आयाम अनुपस्थित होता. यह विडंबना भी काफ़्काई ही है कि जिस लेखक ने अपने लेखन को नष्ट करने की इच्छा जताई, उसी लेखन ने उसे अमर कर दिया.

एक ऐसा लेखक, जिसे अपने लेखन पर संदेह था, जिसने उसे नष्ट करने की इच्छा जताई थी, वही लेखन विश्व साहित्य का केंद्रीय स्तंभ बन जाता है. ‘काफ्काई’ शब्द केवल साहित्यिक शैली का नहीं, बल्कि एक अनुभव का नाम बन जाता है—एक ऐसा अनुभव, जिसमें व्यक्ति स्वयं को एक ऐसी व्यवस्था के सामने खड़ा पाता है, जो उसे देखती है, पर समझती नहीं.

काफ़्का को पढ़ना आसान नहीं है, और शायद होना भी नहीं चाहिए. उनका साहित्य आराम देने के लिए नहीं, बल्कि असहज करने के लिए है. वह पाठक को उसके ही प्रश्नों के सामने खड़ा कर देता है. यही कारण है कि काफ़्का को समझने का कोई अंतिम तरीका नहीं है. हर पाठ, हर पुनर्पाठ एक नया काफ़्का सामने लाता है. यही उनकी स्थायी शक्ति है.

और इसी शक्ति के कारण काफ़्का केवल एक लेखक नहीं, बल्कि एक अनुभव बन जाते हैं—एक ऐसा अनुभव, जिसे पूरी तरह समझा नहीं जा सकता, केवल जिया जा सकता है. काफ़्का की यह अनुभवात्मक शक्ति ही है, जो उनके साहित्य को किसी निश्चित व्याख्या में बंद नहीं होने देती. उनके पाठ बार-बार यह एहसास कराते हैं कि अर्थ कोई स्थिर वस्तु नहीं है, बल्कि एक ऐसी प्रक्रिया है, जो पाठक और पाठ के बीच घटित होती है. काफ़्का के रचे किसी भी कथानक की व्याख्या अनेक दृष्टियों से की गई है, लेकिन इनमें से कोई भी व्याख्या अंतिम नहीं है. काफ़्का की दुनिया इन सभी अर्थों को आमंत्रित करती है और साथ ही उन्हें अस्थिर भी कर देती है.

यही अस्थिरता आधुनिकतावादी साहित्य की केंद्रीय विशेषता है, और काफ़्का इसके सबसे प्रखर प्रतिनिधियों में एक हैं. उन्होंने उन्नीसवीं सदी के यथार्थवादी साहित्य की उस धारणा को तोड़ दिया, जिसमें दुनिया को समझने योग्य और क्रमबद्ध माना जाता था. काफ़्का की दुनिया में क्रम है, लेकिन वह क्रम समझ में नहीं आता. नियम हैं, लेकिन वे पारदर्शी नहीं हैं. यह स्थिति आधुनिक मनुष्य के अनुभव के बहुत निकट है, जहाँ तकनीकी और प्रशासनिक प्रणालियाँ जीवन को नियंत्रित करती हैं, लेकिन उनके निर्णयों की प्रक्रिया आम आदमी की पहुँच से बाहर रहती है.

 

 

8.

इस सत्ता के सामने व्यक्ति की प्रतिक्रिया भी महत्त्वपूर्ण है. काफ़्का के पात्र अक्सर विद्रोह नहीं करते, क्योंकि विद्रोह के लिए भी यह जानना आवश्यक है कि शत्रु कौन है. यहाँ शत्रु अनाम है, और इसलिए प्रतिरोध दिशाहीन हो जाता है. काफ़्का के पात्रों में एक बेचैनी दीखती है जो बेचैनी इसी दिशाहीनता से जन्म लेती है. आज का नागरिक जानता है कि उसके साथ अन्याय हो रहा है, लेकिन वह यह नहीं जानता कि किससे और कैसे लड़े. यह स्थिति आधुनिक जीवन के उस अनुभव से मेल खाती है, जहाँ व्यक्ति असंतोष महसूस करता है, लेकिन उसका कारण स्पष्ट नहीं होता. काफ़्का की रचनाओं में समय भी एक विचित्र भूमिका निभाता है. घटनाएँ घटती हैं, लेकिन उनका कोई स्पष्ट विकासक्रम नहीं होता. काफ़्का के यहाँ समय की अनुभूति भी विकृत है. घटनाएँ घटती हैं, लेकिन किसी निष्कर्ष की ओर नहीं बढ़तीं. अदालत की कार्यवाही चलती रहती है, पर निर्णय नहीं आता. पात्र प्रतीक्षा करते रहते हैं, पर प्रतीक्षा का अंत नहीं होता. यह अनंत विलंब मनुष्य को भीतर से थका देता है. यह विलंब केवल प्रशासनिक नहीं, अस्तित्वगत है. मनुष्य अर्थ, न्याय और मुक्ति की प्रतीक्षा करता है, लेकिन उन्हें पाने की कोई निश्चित समय-सीमा नहीं होती. काफ़्का के पात्र अक्सर साधारण लोग होते हैं—बैंक कर्मचारी, व्यापारी, क्लर्क—लेकिन उनकी साधारणता ही उन्हें असाधारण स्थितियों में डाल देती है. आधुनिक नौकरशाही, जिसे सामान्यतः व्यवस्था और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है, काफ़्का के यहाँ भय और उत्पीड़न का स्रोत बन जाती है. यह नौकरशाही अमानवीय है, क्योंकि इसमें व्यक्ति की कोई जगह नहीं. व्यक्ति केवल एक फ़ाइल है, एक मामला है, जिसे अनंत प्रक्रियाओं में उलझा दिया जाता है. इस संदर्भ में काफ़्का का साहित्य बीसवीं सदी के राजनीतिक और सामाजिक अनुभवों का पूर्वाभास है.

इस अनंत प्रतीक्षा का संबंध काफ़्का की अपनी जीवनानुभूति से भी जोड़ा जा सकता है. बीमारी, विवाह की असफल कोशिशें, लेखन को लेकर बे-यक़ीनी—इन सबमें एक इंतज़ार करता हुई ज़िन्दगी दिखाई देती है. लेकिन काफ़्का इस इंतज़ार को आत्मकथात्मक करुणा तक सीमित नहीं रखते. वे इसे मनुष्य की साझा स्थिति बना देते हैं. यही कारण है कि उनके पात्र किसी एक देश या संस्कृति तक सीमित नहीं लगते.

काफ़्का के पात्र अक्सर मदद चाहते हैं, लेकिन उन्हें मिलने वाली मदद भी समस्या का हिस्सा बन जाती है. इससे यह संकेत मिलता है कि संस्थागत समाधान स्वयं समस्या में फँसे हुए हैं. मुक्ति की कोई गारंटी नहीं, चाहे आप कितने ही नियमों का पालन क्यों न करें. यही बिंदु काफ़्का के साहित्य को पारंपरिक नैतिक साहित्य से अलग करता है. उनके यहाँ अच्छे आचरण का पुरस्कार नहीं मिलता, न ही बुरे कर्म की सज़ा. नैतिकता और परिणाम के बीच का संबंध टूट चुका है. यह टूटन आधुनिकता के उस अनुभव से मेल खाती है, जहाँ व्यक्ति नियमों का पालन करने के बावजूद असुरक्षित महसूस करता है. काफ़्का इस असुरक्षा को नैतिक प्रश्न में बदल देते हैं.

 

 

9.

काफ़्का का साहित्य मनोविश्लेषण के भी निकट आता है. उनका लेखन अचेतन की गहराइयों को छूता है. सपनों जैसी संरचना, तर्कहीन घटनाएँ और भय की निरंतर उपस्थिति—ये सब अचेतन में घटित होने वाली उथलपुथल से मेल खाते हैं. ‘द मेटामॉर्फोसिस’ में ग्रेगर साम्सा का कीट में बदल जाना एक सपने जैसा ही है, लेकिन उसका प्रभाव पूरी तरह वास्तविक है. असल में ग्रेगर का परिवर्तन केवल शारीरिक नहीं, बल्कि सामाजिक है. वह जिस क्षण काम करने योग्य नहीं रहता, उसी क्षण परिवार के लिए बोझ बन जाता है. यह कथा आधुनिक पूँजीवादी समाज की एक तीखी आलोचना है, जहाँ व्यक्ति का मूल्य उसकी उपयोगिता से तय होता है. काफ़्का इस उपयोगिता-बोध को किसी घोषित आलोचना के बिना, एक साधारण लेकिन भयावह कथा के माध्यम से उजागर करते हैं.

इस बे-क़रारी में ही काफ़्का का स्थायित्व या पायदारी छिपी है. उनकी रचनाएँ किसी एक समय, एक समाज या एक विचारधारा तक सीमित नहीं रहतीं. वे हर उस स्थिति में प्रासंगिक हो जाती हैं, जहाँ व्यक्ति स्वयं को किसी अबूझ व्यवस्था के सामने असहाय महसूस करता है. यही कारण है कि काफ़्का को केवल साहित्यिक पाठ्यक्रमों में नहीं, बल्कि कानून, दर्शन, राजनीति और समाजशास्त्र जैसे क्षेत्रों में भी पढ़ा-पढ़ाया जाता है. काफ़्का का प्रभाव केवल विचारों तक सीमित नहीं है, बल्कि कला के अन्य रूपों में भी दिखाई देता है. सिनेमा, रंगमंच और दृश्य कला में उनकी छाया स्पष्ट है. ऑरसन वेल्स की ‘द ट्रायल’ हो या आधुनिक डिस्टोपियन फ़िल्में—काफ़्काई वातावरण बार-बार लौटता है. यह वातावरण केवल अंधकार या भय का नहीं, बल्कि एक अजीब-सी परिचितता का होता है, जो दर्शक को यह महसूस कराता है कि वह इस दुनिया को पहले भी कहीं देख चुका है.

यह परिचयात्मकता ही काफ़्का के साहित्य को असहज रूप से सच्चा बनाती है. हम उनके पात्रों से सहानुभूति रखते हैं, क्योंकि हम स्वयं भी कभी-कभी ‘द ट्रायल’ के जोसेफ़ के. या ‘मेटामोर्फोसिस’ के ग्रेगर साम्सा की तरह महसूस करते हैं. हम भी नियमों के बीच जीते हैं, जिनका स्रोत स्पष्ट नहीं. हम भी कई बार बिना अपना दोष जाने ख़ुद को दोषी मान लेते हैं.

काफ़्का का साहित्य इस अनुभव को नाम देता है, और यही नामकरण उसकी सबसे बड़ी देन है. ‘काफ़्काई’ शब्द केवल एक शैली का नहीं, बल्कि एक संवेदना का द्योतक है. यह संवेदना आधुनिक जीवन की उस स्थिति को पकड़ती है, जहाँ मानी, इंसाफ़ और पहचान—तीनों संदिग्ध हो जाते हैं. इसीलिए काफ़्का को पढ़ना एक नैतिक अनुभव भी है. वह हमें यह सोचने पर मजबूर करता है कि हम किस तरह की दुनिया में जी रहे हैं, और उसमें हमारी भूमिका क्या है. वह हमें उत्तर नहीं देता, लेकिन प्रश्नों से भर देता है. और शायद यही साहित्य का सबसे गहरा कार्य है. काफ़्का का साहित्य एक अर्थ में आधुनिकता की आलोचना भी है. वह उस प्रगति के प्रति यक़ीन पर सवाल खड़ा करता है, जिसके तहत माना जाता है कि संस्थाएँ और नियम मानवीय जीवन को बेहतर बनाएँगे. काफ़्का दिखाते हैं कि वही संस्थाएँ किस तरह जीवन को और अधिक जटिल, अमानवीय और भयावह बना सकती हैं. यह आलोचना किसी रोमांटिक अतीत-लौटने की इच्छा से प्रेरित नहीं है, बल्कि एक गहरे यथार्थ-बोध से उपजी है

काफ़्का के साहित्य की एक और महत्त्वपूर्ण विशेषता यह है कि वे आधुनिक व्यक्ति की नैतिक अनिश्चितता को अत्यंत सूक्ष्मता से पकड़ते हैं. उनके यहाँ नैतिकता किसी स्पष्ट नियमावली से संचालित नहीं होती, बल्कि एक धुँधले बोध के रूप में मौजूद रहती है.

मरणोपरांत प्रकाशन का प्रश्न भी काफ़्का की विरासत का एक जटिल पक्ष है. मैक्स ब्रॉड द्वारा उनकी इच्छा के विरुद्ध रचनाओं को प्रकाशित करना नैतिक रूप से विवादास्पद , लेकिन साहित्यिक दृष्टि से निर्णायक है. यदि ब्रॉड ऐसा न करते, तो ‘द ट्रायल’ और ‘द कैसल’ जैसी कृतियाँ शायद कभी सामने न आतीं. यह विडंबना स्वयं काफ़्काई है—लेखक की इच्छा के विरुद्ध ही उसकी महानता सुरक्षित रह पाई.

आज काफ़्का को जिस तरह पढ़ा जाता है, वह तरीक़ा भी समय के साथ बदलता रहा है. प्रारंभिक पाठों में धार्मिक और अस्तित्ववादी व्याख्याएँ हावी थीं. बाद में राजनीतिक, मनोविश्लेषणात्मक और संरचनावादी दृष्टियाँ सामने आईं. यह बहुलता इस बात का प्रमाण है कि काफ़्का का साहित्य किसी एक फ्रेम में कैद नहीं किया जा सकता. हर युग उसे अपने प्रश्नों के साथ पढ़ता है.

पाठ के इस लचीलेपन के कारण काफ़्का आज भी प्रासंगिक हैं. डिजिटल निगरानी, एल्गोरिदमिक निर्णय, कॉर्पोरेट नौकरशाही—इन सबके संदर्भ में ‘द ट्रायल’ मेटामॉर्फ़ोसिस जैसी कृतियाँ और भी प्रासंगिक प्रतीत होती हैं. आज भी लोग ऐसे निर्णयों का सामना करते हैं, जिनका कारण उन्हें नहीं बताया जाता. आज भी अपील की प्रक्रियाएँ जटिल और थकाने वाली हैं. इस अर्थ में काफ़्का भविष्यवक्ता नहीं, बल्कि सूक्ष्म पर्यवेक्षक थे.

काफ़्का के लिए लेखन स्वयं एक संघर्ष था. वह इसे मुक्ति भी मानते थे और यातना भी. लेखन उन्हें जीवन से जोड़ता था, लेकिन साथ ही जीवन से काटता भी था. यही द्वंद्व उनके साहित्य में दिखाई देता है. उनके पात्र भी ज़िन्दगी में पूरी तरह शामिल नहीं हो पाते, लेकिन उससे पूरी तरह अलग भी नहीं हो सकते. यह बीच की स्थिति ही काफ़्काई स्थिति है. इस स्थिति में उम्मीद का सवाल पेचीदा हो जाता है. क्या काफ़्का निराशावादी हैं? इस प्रश्न का उत्तर सरल नहीं. वे आशा को पूरी तरह नकारते नहीं, लेकिन उसे सहज भी नहीं मानते. ‘बिफोर द लॉ’ में दरवाज़ा ज़िन्दगी भर खुला रहता है, लेकिन दाख़िला मुमकिन नहीं होता. सवाल उठता है कि यह निराशा है या चेतावनी? शायद दोनों. काफ़्का उम्मीद को भोलेपन से अलग करना चाहते हैं. उनके यहाँ उम्मीद ज़िंदगी की उठापटक या जद्द-ओ-जहद से अलग नहीं, बल्कि उसके भीतर ही मौजूद है.

काफ़्का को पढ़ना आसान नहीं, लेकिन यही कठिनाई उनकी ताक़त है. वे पाठक को अपनी रचनाओं का निष्क्रिय उपभोक्ता नहीं बनने देते. उनका साहित्य प्रश्न करता है, परेशान करता है, और बार-बार लौटने को मजबूर करता है. यही कारण है कि अल्बेयर कामू ने कहा था कि काफ़्का की कला पुनर्पाठ में निहित है. हर पाठ में नया अर्थ खुलता है, लेकिन कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं मिलता. काफ़्का का साहित्य समाधान देने के बजाय संवेदना को गहरा करता है. वह हमें यह सिखाता है कि अस्पष्टता से भागना नहीं, बल्कि उसे समझना भी एक बौद्धिक और नैतिक अभ्यास है. आधुनिक जीवन की जटिलताओं को सरल उत्तरों में समेटना संभव नहीं, और काफ़्का इस असंभवता को पूरी ईमानदारी से स्वीकार करते हैं.

काफ़्का के साहित्य में जो बात सबसे अधिक विचलित करती है, वह यह है कि वहाँ विद्रोह की स्पष्ट भाषा नहीं मिलती. उनके पात्र व्यवस्था के विरुद्ध न तो संगठित होते हैं, न ही किसी क्रांतिकारी निर्णय तक पहुँचते हैं. वे असहमति महसूस करते हैं, लेकिन उसे किसी निर्णायक कर्म में नहीं बदल पाते. यह निष्क्रियता अक्सर आलोचना का विषय रही है, किंतु इसे कायरता के रूप में पढ़ना सरलीकरण होगा. काफ़्का यह दिखाते हैं कि कुछ परिस्थितियों में विद्रोह स्वयं व्यवस्था की शर्तों में बँध जाता है, और इसलिए वह भी उसी जाल का हिस्सा बन जाता है जिससे मुक्ति की आकांक्षा की जाती है.

आज समूचा विश्व जब तृतीय विश्वयुद्ध का चाहे-अनचाहे साक्षी बन रहा है ऐसे में काफ़्का की यह दृष्टि सत्ता की आधुनिक प्रकृति को समझने में सहायक है. आधुनिक सत्ता प्रत्यक्ष दमन से अधिक आत्म-नियंत्रण पर निर्भर करती है. व्यक्ति स्वयं अपने व्यवहार को अनुशासित करता है, ख़ुद को गुनहगार मानता है, और स्वयं ही अपने ऊपर निगरानी रखता है. इस अर्थ में काफ़्का का साहित्य केवल क़ानूनी या नौकरशाही तंत्र की आलोचना नहीं, बल्कि उस मानसिक संरचना की पड़ताल है, जो व्यक्ति को आज्ञाकारी बनाती है. अब सत्ता की आलोचना करने वाला आदमी अलग थलग पड़ जाता है. उसे ऐसी सजाएँ मिलती हैं जिनकी कल्पना भी उसने कभी न की थी. निरपराध देशों के ऊपर युद्ध थोप दिया जाता है. नागरिकों की यह मानसिक संरचना में अपराधबोध भर दिया जाता है. काफ़्का के पात्र भी अपराधबोध को किसी विशिष्ट अपराध से नहीं जोड़ पाते. यह अपराधबोध अस्तित्व का हिस्सा बन जाता है. व्यक्ति स्वयं को इसलिए दोषी मानता है क्योंकि वह है. यह विचार धार्मिक परंपराओं से संवाद करता हुआ भी लगता है, लेकिन काफ़्का इसे किसी मोक्ष की अवधारणा से नहीं जोड़ते. यहाँ अपराधबोध का कोई समाधान नहीं, केवल उसकी तीव्र अनुभूति है.

इसी बिंदु पर काफ़्का और दोस्तोएव्स्की के बीच का अंतर और स्पष्ट हो जाता है. दोस्तोएव्स्की के यहाँ अपराध की स्वीकारोक्ति के बाद पश्चाताप और मुक्ति की संभावना खुलती है. काफ़्का के यहाँ स्वीकारोक्ति भी किसी मुक्ति की गारंटी नहीं देती. काफ़्का के पात्र भरसक व्यवस्था का तक सहयोग करते हैं , विरोध नहीं , फिर भी उनका अंत हिंसक और निरर्थक होता है. यह निरर्थकता ही काफ़्का की दुनिया का सबसे कठोर सत्य है.

काफ़्का के यहाँ मृत्यु भी किसी नाटकीय उत्कर्ष की तरह नहीं आती. वह अचानक, लगभग औपचारिक ढंग से घटित होती है. ‘कुत्ते की मानिंद ’ मारे जाने जैसे वाक्य को लिखा जाना इस बात को रेखांकित करता है कि मृत्यु भी व्यवस्था की ही एक प्रक्रिया बन चुकी है. इसमें कोई करुणा नहीं, कोई गरिमा नहीं. यह आधुनिक समाज में मानव जीवन के अवमूल्यन की तीखी अभिव्यक्ति है. काफ़्का की शैली इस विषयवस्तु के पूरी तरह अनुरूप है. उनका गद्य न तो अलंकृत है, न भावुक. वह ठंडा, सधा हुआ और लगभग रिपोर्ट की तरह है. यही सपाटपन भय को और गहरा कर देता है. यदि भाषा भी चीखने लगे, तो पाठक को भावनात्मक दूरी मिल सकती है. काफ़्का यह दूरी नहीं देते. काफ़्का समय को इसी तरह प्रस्तुत करते हैं—एक ऐसे तत्व के रूप में जो आगे नहीं बढ़ता, बल्कि व्यक्ति के चारों ओर घूमता रहता है. समय यहाँ प्रगति का संकेत नहीं देता, बल्कि स्थगन का. अदालत की तारीख़ें आती हैं, मुलाक़ातें होती हैं, चर्चाएँ चलती हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रहती है. यह जड़ता आधुनिक जीवन की उस अनुभूति को पकड़ती है, जहाँ गतिविधि बहुत होती है, पर दिशा नहीं होती.

इस जड़ता का मनोवैज्ञानिक प्रभाव गहरा है. व्यक्ति धीरे-धीरे अपने प्रश्नों पर ही संदेह करने लगता है. क्या मेरा सवाल वैध है? क्या मुझे उत्तर माँगने का अधिकार है? क्या मैं सचमुच निर्दोष हूँ? काफ़्का के पात्र इन्हीं प्रश्नों में उलझे रहते हैं. यह उलझन उन्हें विद्रोही नहीं, बल्कि आत्म-संदेह से ग्रस्त बना देती है. सत्ता की सबसे बड़ी जीत यही है कि वह व्यक्ति को अपने ही विरुद्ध खड़ा कर देती है.

उनकी भाषा पाठक को घटनाओं के भीतर खींच ले जाती है, जहाँ असहजता से बचना संभव नहीं. यह सपाट शैली स्वप्न और यथार्थ के बीच की रेखा को भी धुंधला कर देती है. काफ़्का के यहाँ असंभव घटनाएँ भी पूरी तार्किकता के साथ घटती हैं. कोई आश्चर्य व्यक्त नहीं करता, कोई प्रश्न नहीं उठाता कि ऐसा कैसे संभव है. यही स्वीकृति पाठक को चौंकाती है. यह स्वप्न-तर्क है, लेकिन बिना किसी अलौकिक सजावट के. काफ़्का की यही विशेषता उन्हें आधुनिकतावादी परंपरा में एक अनोखा स्थान देती है. जॉयस या वूल्फ की तरह वे चेतना की धारा में नहीं जाते, लेकिन चेतना की अस्थिरता को बाहरी संरचनाओं के माध्यम से प्रकट करते हैं. उनके पात्रों का आंतरिक संकट बाहरी व्यवस्थाओं में रूपांतरित हो जाता है. अदालत, महल, कार्यालय, चर्च — ये सब मनःस्थितियों के भौतिक रूप हैं.

काफ़्का का प्रभाव केवल साहित्य तक सीमित नहीं रहा. दर्शन, राजनीति, समाजशास्त्र—हर क्षेत्र ने उन्हें अपने संदर्भ में पढ़ा है. अधिनायकवाद के अनुभव, शरणार्थी जीवन, कानूनी अपारदर्शिता—इन सभी में काफ़्काई अनुभव पहचाना गया है. यह पहचान इस बात का प्रमाण है कि काफ़्का किसी एक ऐतिहासिक क्षण के लेखक नहीं, बल्कि एक दीर्घकालिक संवेदनशीलता के प्रतिनिधि हैं. काफ़्का को पढ़ते हुए यह भी स्पष्ट होता है कि उनका साहित्य पाठक से धैर्य माँगता है. वह त्वरित संतोष नहीं देता. यह एक ऐसा साहित्य है, जो भीतर बैठ जाता है और लंबे समय तक बेचैन करता है. शायद इसी कारण से काफ़्का लोकप्रिय होने के साथ-साथ कठिन भी माने जाते हैं. लेकिन यही कठिनाई उन्हें अनिवार्य बनाती है.

 

 

10.

अंततः काफ़्का का महत्व इस बात में है कि वे मनुष्य को उसकी सीमाओं के साथ प्रस्तुत करते हैं. नायकत्व, महानता या स्पष्ट नैतिक विजय—इन सबका अभाव उनके यहाँ जानबूझकर है. इसके स्थान पर वे एक ऐसे मनुष्य को रखते हैं, जो समझना चाहता है, लेकिन समझ नहीं पाता; जो मुक्त होना चाहता है, लेकिन रास्ता नहीं खोज पाता. यही मनुष्य आधुनिक पाठक को अपना लगता है.

काफ़्का का साहित्य हमें यह स्वीकार करने के लिए विवश करता है कि अनिश्चितता कोई अस्थायी स्थिति नहीं, बल्कि आधुनिक अस्तित्व की स्थायी शर्त है. इस शर्त के भीतर जीना सीखना ही शायद उनकी रचनाओं का सबसे गहरा आग्रह है. वे समाधान नहीं देते, लेकिन दृष्टि देते हैं—और कभी-कभी यही सबसे बड़ी उपलब्धि होती है.

काफ़्का की सबसे बड़ी साहित्यिक उपलब्धि शायद यही है कि उन्होंने भय, अपराधबोध और असहायता जैसे भावों को किसी असाधारण परिस्थिति से जोड़ने के बजाय सामान्य जीवन की बुनियादी संरचना में रख दिया. उनके यहाँ भय किसी दुर्घटना या आपदा से नहीं आता, बल्कि व्यवस्था की रोज़मर्रा की निरपेक्षता से जन्म लेता है. यह निरपेक्षता ही सबसे अधिक दमनकारी है, क्योंकि उसमें क्रूरता का शोर नहीं, बल्कि नियमों की शांति होती है. काफ़्का समझते थे कि आधुनिक सत्ता चिल्लाती नहीं, वह फुसफुसाती है—और वही फुसफुसाहट व्यक्ति को भीतर तक नियंत्रित करती है.

काफ़्का की यह अंतर्दृष्टि बीसवीं सदी के मनोविश्लेषणात्मक विचारों से भी संवाद करती है. फ़्रायड ने जिस आंतरिक दमन की बात की, काफ़्का उसे सामाजिक और संस्थागत स्तर पर रूपांतरित करते हैं. यहाँ सुपर-ईगो किसी माता-पिता या नैतिक आदर्श के रूप में नहीं, बल्कि कानून, नियम और प्रक्रिया के रूप में उपस्थित है. यह सुपर-ईगो स्पष्ट आदेश नहीं देता, बल्कि निरंतर असहजता पैदा करता है. इसी असहजता में काफ़्का का हास्य जन्म लेता है. यह हास्य परिस्थिति की बेतुकापन से आता है, लेकिन पात्र उसे सामान्य मानकर स्वीकार कर लेते हैं. यही विरोधाभास पाठक को हँसने और सिहरने के बीच झूलने पर मजबूर करता है. अदालत की कार्यवाही का हास्यास्पद विस्तार, अधिकारियों की गंभीर मूर्खता, और नियमों की आत्म-विरोधी प्रकृति—इन सबमें एक ऐसा हास्य है जो राहत नहीं देता, बल्कि बेचैनी बढ़ाता है.

काफ़्का के लेखन में यह बेचैनी केवल विषयवस्तु तक सीमित नहीं, बल्कि संरचना में भी समाई हुई है. उनके उपन्यास अधूरे हैं, कहानियाँ अक्सर बिना निष्कर्ष के समाप्त होती हैं. यह अधूरापन किसी कमजोरी का परिणाम नहीं, बल्कि एक सचेत साहित्यिक रणनीति है. काफ़्का पूर्णता का भ्रम नहीं देना चाहते. वे जानते थे कि जिस दुनिया को वे लिख रहे हैं, वहाँ पूर्णता संभव नहीं.

इसी कारण ‘द कैसल’ का नायक के. कभी महल तक नहीं पहुँच पाता. महल एक लक्ष्य की तरह मौजूद है, लेकिन वह लक्ष्य हमेशा दूर रहता है. यह दूरी ही कथा को चलाती है. यदि लक्ष्य प्राप्त हो जाए, तो कथा समाप्त हो जाएगी. काफ़्का की दुनिया में कथा का समाप्त होना संभव नहीं, क्योंकि समस्या का समाधान नहीं है. केवल उसके साथ जीना है.

काफ़्का के पात्रों का यही ‘साथ जीना’ उन्हें त्रासद नायक बनाता है, लेकिन शास्त्रीय अर्थ में नहीं. वे न तो महान निर्णय लेते हैं, न ही किसी नैतिक ऊँचाई पर पहुँचते हैं. उनकी त्रासदी साधारण है, और इसी कारण अधिक वास्तविक. वे गलतियाँ नहीं करते, फिर भी दंडित होते हैं. यह अनुभव आधुनिक मनुष्य के उस भय से मेल खाता है, जहाँ सही होना भी सुरक्षा की गारंटी नहीं देता.

काफ़्का के साहित्य में काम और पेशा भी इसी असुरक्षा से जुड़े हैं. बैंक कर्मचारी, क्लर्क, अधिकारी—ये सभी भूमिकाएँ स्थिरता का भ्रम देती हैं, लेकिन वास्तव में व्यक्ति को और अधिक फँसा देती हैं. काम यहाँ आत्म-साक्षात्कार का माध्यम नहीं, बल्कि अस्तित्व को वैध ठहराने का साधन बन जाता है. जैसे ही व्यक्ति काम करने में अक्षम होता है, उसका अस्तित्व प्रश्नांकित हो जाता है.

यह प्रश्न ‘द मेटामॉर्फोसिस’ में सबसे तीव्र रूप में सामने आता है. ग्रेगोर साम्सा का कीट में बदलना केवल शारीरिक रूपांतरण नहीं, बल्कि सामाजिक निष्कासन है. वह काम नहीं कर सकता, इसलिए परिवार के लिए बोझ बन जाता है. प्रेम, करुणा और संबंध—सब उपयोगिता की कसौटी पर परखे जाते हैं. काफ़्का यहाँ आधुनिक परिवार की उस कठोर सच्चाई को उजागर करते हैं, जिसे अक्सर नैतिक आदर्शों के नीचे छिपा दिया जाता है.

इसी अर्थ में काफ़्का को केवल साहित्यिक लेखक नहीं, बल्कि आधुनिक अनुभव का दार्शनिक कहा जा सकता है. वे सिद्धांत नहीं देते, लेकिन अनुभव की ऐसी संरचना प्रस्तुत करते हैं, जो सिद्धांतों से अधिक प्रभावशाली है. उनका साहित्य पढ़कर पाठक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुँचता, बल्कि एक स्थिति में प्रवेश करता है—एक ऐसी स्थिति, जो असहज है, लेकिन सच्ची है.

काफ़्का की महानता इसी सच्चाई में निहित है. वे पाठक को सांत्वना नहीं देते, लेकिन धोखा भी नहीं देते. वे यह नहीं कहते कि सब ठीक हो जाएगा. वे केवल यह दिखाते हैं कि चीज़ें जैसी हैं, वैसी क्यों हैं. यह ईमानदारी ही उनके लेखन को टिकाऊ बनाती है.

अंततः काफ़्का हमें यह स्वीकार करने के लिए विवश करते हैं कि आधुनिक जीवन में स्पष्ट उत्तरों की कमी कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि संरचनात्मक वास्तविकता है. इस वास्तविकता से आँख चुराना आसान है, लेकिन उसे देखना साहस का काम है. काफ़्का का साहित्य इसी साहस का अभ्यास है—पाठक और लेखक, दोनों के लिए.

यही बिंदु काफ़्का को पारंपरिक नैतिक लेखकों से अलग करता है. वे यह नहीं दिखाते कि व्यवस्था भ्रष्ट हो गई है; वे यह दिखाते हैं कि व्यवस्था अपने स्वभाव में ही अमानवीय है. इस अमानवीयता के लिए किसी खलनायक की आवश्यकता नहीं पड़ती.

काफ़्का के डायरी लेखन में यह अस्थिरता और भी नग्न रूप में दिखाई देती है. वहाँ कोई कथानक नहीं, कोई संरचना नहीं—केवल टूटे हुए विचार, आत्म-आलोचना, भय, और कभी-कभी अचानक उभरती रचनात्मक चमक. डायरी में काफ़्का बार-बार स्वयं को अयोग्य, कमजोर और दोषी कहते हैं. लेकिन यही आत्म-आलोचना उनके साहित्य की नैतिक ताक़त बन जाती है. वे स्वयं को उस अदालत से बाहर नहीं रखते, जिसकी वे आलोचना कर रहे हैं. वही मुद्दई भी हैं और वही मुल्ज़िम भी.

मिलान कुंदेरा ने ठीक ही कहा है कि काफ़्का का हास्य उन लोगों को दिखाई नहीं देता, जो केवल उनके अंधकार को देखते हैं. वास्तव में काफ़्का का हास्य उसी क्षण जन्म लेता है, जब व्यवस्था अपनी गंभीरता में स्वयं को निरर्थक सिद्ध कर देती है. यह हास्य मुक्तिदायक नहीं है, लेकिन वह पाठक को यह बोध कराता है कि जो तंत्र स्वयं को सर्वशक्तिमान समझता है, वह भी अंततः एक बेतुके अभिनय से अधिक कुछ नहीं.

काफ़्का की मृत्यु के बाद उनकी रचनाओं का बच जाना भी किसी काफ़्काई विडंबना से कम नहीं. यदि मैक्स ब्रॉड उनकी इच्छा का पालन कर लेते, तो आधुनिक साहित्य का एक पूरा आयाम अनुपस्थित होता. यह तथ्य स्वयं काफ़्का की थीम को पुष्ट करता है—कि व्यक्ति की इच्छा और व्यवस्था की परिणति अक्सर एक-दूसरे के विपरीत होती हैं. काफ़्का नहीं चाहते थे कि उन्हें पढ़ा जाए, लेकिन दुनिया को शायद उनकी ज़रूरत थी.

___________________________

 

गरिमा श्रीवास्तव

प्रकाशित पुस्तकें : ‘आउशवित्ज : एक प्रेम कथा’, ‘देह ही देश’, ‘चुप्पियाँ और दरारें’, ‘हिन्दी नवजागरण : इतिहास, गल्प और स्त्री प्रश्न’, ‘किशोरीलाल गोस्वामी’, ‘लाला श्रीनिवासदास’, ‘हिन्दी उपन्यासों में बौद्धिक विमर्श’, ‘भाषा और भाषा विज्ञान’, ‘ऐ लड़की में नारी चेतना’, ‘आशु अनुवाद’.

सम्पादित पुस्तकें : ‘उपन्यास का समाजशास्त्र’, ‘जख्म, फूल और नमक’, ‘हृदयहारिणी’, ‘लवंगलता’, ‘वामाशिक्षक’, ‘आधुनिक हिन्दी कहानियाँ’, ‘आधुनिक हिन्दी निबन्ध’, ‘हिन्दी नवजागरण और स्त्री’ शृंखला में सात पुस्तकें—‘महिला मृदुवाणी’, ‘स्त्री समस्या’ ‘हिन्दी की महिला साहित्यकार’, ‘हिन्दी काव्य की कलामयी तारिकाएँ’, ‘स्त्री-दर्पण’, ‘हिन्दी काव्य की कोकिलायें’, ‘स्त्री कवि संग्रह’.

अनुवाद : ‘ए वेरी ईजी डेथ : सिमोन द बोउवार’, ‘ब्राजीली कहानियाँ’, ‘जारवा भाषा : स्वनिमिक अध्ययन’.

सम्प्रति
प्रोफेसर
भारतीय भाषा केन्द्र
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली
ई-मेल : drsgarima@gmail.com

Tags: 20262026 आलेखकाफ़्कागरिमा श्रीवास्तव
ShareTweetSend
Previous Post

‘रंगयात्रियों के राहे गुज़र’ से गुजरते हुए : विजय पण्डित

Next Post

संस्कृतवाङ्मय में समुद्र और समुद्रयात्रा पर बहस: राधावल्लभ त्रिपाठी

Related Posts

लाल्टू की नई कविताएँ
कविता

लाल्टू की नई कविताएँ

गिर्दाब : उज़्मा कलाम
कथा

गिर्दाब : उज़्मा कलाम

उत्तर भारत में पंथ निर्माण और निर्गुण भक्ति आन्दोलन : अजय कुमार यादव
शोध

उत्तर भारत में पंथ निर्माण और निर्गुण भक्ति आन्दोलन : अजय कुमार यादव

Comments 7

  1. पवन करण says:
    2 weeks ago

    काफ़्का की महानता इसी सच्चाई में निहित है. वे पाठक को सांत्वना नहीं देते, लेकिन धोखा भी नहीं देते. वे यह नहीं कहते कि सब ठीक हो जाएगा. वे केवल यह दिखाते हैं कि चीज़ें जैसी हैं, वैसी क्यों हैं. यह ईमानदारी ही उनके लेखन को टिकाऊ बनाती है……सही। इस शानदार लेख को पढ़ने के लिए एकाग्रता और धीरज चाहिए….यदि आपके पास है तो काफ्का से आप मिल सकते हैं। उसे अपने भीतर बचा सकते हैं। …..निसंदेह विस्तृत और उल्लेखनीय लेख।

    Reply
  2. शमीम उद्दीन अंसारी says:
    2 weeks ago

    सुन्दर

    Reply
  3. प्रेमकुमार मणि says:
    2 weeks ago

    काफ्का पर बहुत ही सुंदर लेख। पठनीय।

    Reply
  4. Amrendra Kumar Sharma says:
    2 weeks ago

    विश्लेषणात्मक और ज्ञानवर्धक लेख की बधाई। काफ़्का के बारे में लिखने की तमाम दिशाओं के बीच यह एक महत्वपूर्ण लेख है। गरिमा जी को खूब बधाई। आपके ‘समालोचन’ का यह बौद्धिक हस्तक्षेप, साहित्य की दुनिया में शानदार है।

    Reply
  5. Mani Mohan says:
    1 week ago

    कमाल का आलेख है …गरिमा जी को बधाई

    Reply
  6. रेखा सेठी says:
    1 week ago

    इस सुंदर और शोधपूर्ण लेख के लिए गरिमा जी और समालोचन को बहुत बधाई! काफ़्का के लेखन की तरह यह लेख भी धीमे धीमे खुलता है। लेखक के निजी जीवन तथा रचनाओं की परिक्रमा करते हुए यह साफ़ होने लगता है कि स्मृति, एकांत तथा अजनबीपन का अनुभव कैसे सृजनात्मक संरचना का घटक बन जाता है। उदासी का घनत्व भाषा को बरतने की वह अनूठी शैली विकसित करता है जिसे विश्व भर में काफ़्का की सिग्नेचर शैली के रूप में पहचान मिली। गरिमा जी ने इस परतदार व्यक्तित्व एवं उनके साहित्य को अपनी आलोचना के शब्दों में सजीव किया, इसके लिए उन्हें पुन: बधाई।

    Reply
  7. Vinita Badmera says:
    7 days ago

    काफ्का के जीवन और उनके लेखन को समझाने में मदद करता आलेख है। गरिमा जी को बधाई

    Reply

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

समालोचन

समालोचन साहित्य, विचार और कलाओं की हिंदी की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है. डिजिटल माध्यम में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की जरूरत को ध्यान में रखते हुए 'समालोचन' का प्रकाशन २०१० से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है. विषयों की विविधता और दृष्टियों की बहुलता ने इसे हमारे समय की सांस्कृतिक परिघटना में बदल दिया है.

  • Privacy Policy
  • Disclaimer

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2010-2023 समालोचन | powered by zwantum

No Result
View All Result
  • समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • आलोचना
    • आलेख
    • अनुवाद
    • समीक्षा
    • आत्म
  • कला
    • पेंटिंग
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • शिल्प
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • संपर्क और सहयोग
  • वैधानिक