| लावारिस सामान का कमरा पराजितों का अभिलेखागार ज्योति शर्मा |
हमारे बड़े रेलवे स्टेशनों पर एक कमरा होता है जिसे यात्री प्रायः नहीं देखते. उसमें टिन के ट्रंक पड़े रहते हैं जिन पर सफ़ेद पेंट से किसी का नाम लिखा होता है, रस्सी से कसे बिस्तरबंद, कपड़े की पोटलियाँ, किसी बच्चे का खिलौना, कोई छाता जो किसी डिब्बे में छूट गया था. एक बाबू मोटे रजिस्टर में हर चीज़ दर्ज करता है: तारीख़, गाड़ी, डिब्बा, हुलिया. फिर प्रतीक्षा शुरू होती है. अधिकतर चीज़ों को लेने कोई नहीं आता. वे वहीं पड़ी रहती हैं, अपने मालिकों से अधिक टिकाऊ, अपने अर्थ से अधिक ज़िद्दी. अम्बर पाण्डेय का कहानी-संग्रह ‘लावारिस सामान का कमरा’ पढ़ते हुए मुझे बार-बार यही कमरा याद आता रहा, और धीरे-धीरे यह समझ बनी कि यह किताब उस कमरे का नाम भर नहीं लेती, स्वयं वही कमरा है.

इस कमरे में क्या-क्या पड़ा है, इसकी फ़ेहरिस्त बनाइए तो एक अजीब इतिहास हाथ आता है. पुणे की सदाशिव पेठ के एक जर्जर वाड़े में रहनेवाले, दमकल विभाग के टेलीफ़ोन ऑपरेटर आह्लाद तुळपुळे की सोलह सौ पृष्ठों की डायरियाँ, जिनके बारे में वह ख़ुद लिखता है कि भरी होने के कारण वे रद्दी में भी न बिकेंगी. अमला शंकर पर नदी गोस्वामी की लिखी जीवनी की बारह जिल्दें, जिनमें उसने अपने इक्कीस बरस होम कर दिए. सांगली में तमाचे खा-खाकर सीखी गई गुंताबाई की भैरवी. बंबई के एक चितपावन घर में तीस बरस चुप रही एक पोलिश यहूदी स्त्री की यिद्दिश. एक दलित प्राध्यापक का अनुत्तरित प्रश्न. बनारस की एक गौनहारिन की बहियाँ, उसके मैज़िनी और ‘हिन्द स्वराज’, और महादेवी वर्मा की वह चिट्ठी जिस पर केवल दो घुड़सवार बने हैं. और ग्रहण की दोपहर, गली की नाली में बहती ‘सूरज का सातवाँ घोड़ा’ की एक फटी प्रति, जिसकी सिलाई उधड़ रही है. यह सब इतिहास का लावारिस सामान है, वह सामान जिसे विजेताओं की झाँकी में जगह नहीं मिली.
बेन्यामिन के इतिहास-देवदूत का चेहरा अतीत की ओर है. जहाँ हमें घटनाओं की एक शृंखला दिखती है, वहाँ उसे केवल एक प्रलय दिखाई देता है जो मलबे पर मलबा जमा करता जाता है. वह ठहरना चाहता है, मृतकों को जगाना चाहता है, जो टूट गया है उसे जोड़ना चाहता है; पर स्वर्ग से उठा तूफ़ान, जिसे हम प्रगति कहते हैं, उसे पीछे की ओर उड़ाए ले जाता है. अम्बर पाण्डेय का कथावाचक इस देवदूत जितना विराट नहीं. वह एक विनम्र आकृति है: लावारिस सामान के कमरे का वह बाबू, जो बड़ी और छोटी चीज़ में भेद किए बिना हर वस्तु रजिस्टर में दर्ज करता है. बेन्यामिन ने ऐसे ही वृत्तांतकार के बारे में कहा था कि वह इस सत्य के अनुसार आचरण करता है कि जो कभी घटा, वह इतिहास के लिए खोया हुआ नहीं. ‘कूप मंडूक’ का कथावाचक अपने मित्र की डायरियों को “छोटी छोटी असफलताओं का महाकाव्य” कहता है. यह पद पूरे संग्रह का घोषणापत्र हो सकता है.
संग्रह बाल शेम तोव के एक कथन से खुलता है: जब लोग कहते हैं कि सत्य पूरी दुनिया में घूमता है, तो उसका अर्थ है कि सत्य को एक जगह के बाद दूसरी जगह से खदेड़ा जाता है और उसे भटकते रहना पड़ता है. सत्य यहाँ स्वामी नहीं, शरणार्थी है. ये कहानियाँ उसके भटकने का मानचित्र हैं: पुणे का वाड़ा, कोलकाता का जर्जर पाठघर, सांगली की ख़स की टट्टियों वाली कोठरी, शिवाजी पार्क का भोजन-कक्ष, बनारस की हवेली और मंगतों की बस्ती, और एक ऐसी अदालत जहाँ एक घोड़ा कठघरे में खड़ा है.
ये कहानियाँ सत्ता और वर्चस्व को लगातार चुनौती देती हैं, चाहे वह राज्य हो या जाति, पितृसत्ता हो या राष्ट्र, साम्राज्य, घराना या पूँजी हो, या फिर उदार बुद्धिजीवियों का आत्मसंतोष; पर वे कहीं भी सरलीकरण की शरण नहीं लेतीं. वे प्रवचन नहीं देतीं, पर्चे नहीं बाँटतीं, पाठक को किसी सुरक्षित नैतिक ऊँचाई पर नहीं बिठातीं. उनकी राजनीति उनके नारों में नहीं, उनके रूप में है: व्याख्या को रोक रखने में, अंतर्विरोधों को जीवित छोड़ देने में, पीड़ित को भी संत न बनाने में.
कहा गया है कि व्याख्या अक्सर कला से बुद्धि का प्रतिशोध होती है, और आलोचना का काम यह बताना नहीं कि कृति का ‘अर्थ’ क्या है, बल्कि यह दिखाना है कि वह जो है, वैसी कैसे है. मैं यहाँ यही करना चाहूँगी: इन कहानियों को संदेशों में घटाने के बजाय उनकी बनावट तक पहुँचना. पर बेन्यामिन यह भी याद दिलाते हैं कि संस्कृति का कोई दस्तावेज़ ऐसा नहीं जो साथ ही बर्बरता का दस्तावेज़ न हो. इसलिए यह आलोचना केवल सौंदर्य की आलोचना नहीं रह सकती. इंद्रियों की सजगता और इतिहास की चेतना के बीच की उस पतली पगडंडी पर ही यह निबंध चलेगा, जिस पर ये कहानियाँ स्वयं चलती हैं.
बेन्यामिन ने इतिहास पर अपने अंतिम विचार क्रमांकित थीसिसों में दर्ज किए थे, और आधुनिक निबंध में विचारों को गिन-गिनकर टिप्पणियों में रखने की यह परंपरा आगे भी फली-फूली. उसी का सहारा लेकर मैं अपनी केंद्रीय स्थापना को कुछ क्रमांकित टिप्पणियों में रखती हूँ.
१. इन कहानियों में सत्ता का कोई एक चेहरा नहीं है. वह कभी राज्य की सूची है, कभी उस्ताद का तमाचा, कभी पिता का घूँसा, कभी पति का दिया हुआ नया नाम, कभी शुद्धता का ब्राह्मणी विवेक, कभी अंग्रेज़ अफ़सर की पिस्तौल, कभी सेठ की व्यावहारिक बुद्धि, कभी न्यायाधीश का आदेश और कभी बुद्धिजीवी का आत्ममुग्ध भाषण. सत्ता यहाँ इमारत कम, मौसम अधिक है; इस संग्रह की वर्षा की तरह, जो सब पर गिरती है, बस कुछ लोगों के पास छाते होते हैं.
२. ‘सूची के बारे में सोचते हुए’ संग्रह की सबसे छोटी और सबसे सीधी कथा है, पर सीधा होना सरल होना नहीं है. वर्मा जी एक सुबह पाते हैं कि वे सूची में नहीं हैं. उनका बारह अंकों का नंबर बिलकुल सही है, “सिर्फ़ वर्मा जी ग़लत थे.” बाबू समझाता है कि जो सूची में नहीं, वह पूछ नहीं सकता, क्योंकि पूछने के लिए सूची में होना पड़ता है; और वर्मा जी मान लेते हैं, क्योंकि “वे तर्क से चलते थे.” रात को एक पीली गाड़ी चार मिनट में अंसारी का मकान गिरा देती है, और अपराध के दस्तावेज़ उस दफ़्तर में हैं जो “इसी मकान में था.” यह कथा किसी दल का नाम नहीं लेती, किसी नेता का चेहरा नहीं गढ़ती. वह सत्ता का व्याकरण दिखाती है: उसकी शिष्ट तर्कशीलता, उसका शुद्धता-प्रेम, और सबसे भयावह, आज्ञाकारी का आत्म-लोप. नया बाबू अपना नाम पहले ही ख़ुद काट चुका है ताकि बाद में परेशानी न हो. अंत में कथावाचक कहता है, “इससे आगे लिखना ठीक नहीं.” ठीक ही कहा गया है कि मौन भी अनिवार्यतः वाणी का ही एक रूप है, और अक्सर शिकायत या अभियोग का. यह मौन आत्म-सेंसरशिप का दस्तावेज़ भी है और उसके विरुद्ध अभियोग भी.
३. सरलीकरण से इनकार की सबसे कठिन परीक्षा ‘हठात् वृष्टि’ में होती है, क्योंकि वह ठीक उस ज़मीन पर उतरती है जहाँ सांप्रदायिक प्रचार सबसे अधिक फलता-फूलता है: एक हिंदू स्त्री, एक मुसलमान पुरुष, एक बलात्कार. कोई सरलीकृत लेखक या तो इसे सांप्रदायिक नीति-कथा बना देता, या उदार संदेश बचाने के लिए हिंसा को ही धुँधला कर देता. अम्बर दोनों में से कुछ नहीं करते. हिंसा बिना किसी रियायत के दर्ज होती है, और फिर कहानी नदी के मन में उतरती है, जहाँ घाव से अधिक यह विचार दुखता है कि हुसैन ने यह मुसलमान होने के कारण किया. वह बार-बार ख़ुद से कहती है कि कोई हिंदू भी ऐसा कर सकता था. वह पितृसत्ता पर तर्क करती है, थाने जाने या न जाने के निर्णय को अपना अधिकार मानती है, फिर टूटती है, ख़ुद को कोसती है, ख़तने की तस्वीरें खोजती है, और बाद में लगभग मान बैठती है कि हुसैन हिंदू ही था और उसने जानबूझकर ख़ुद को मुसलमान बताया था.
सांप्रदायिक कल्पना किस तरह एक पढ़ी-लिखी, उदार स्त्री के मन में उसकी सबसे निर्बल घड़ी में घर कर लेती है, और आघात, कामना और स्मृति किस तरह किसी विचारधारा की आज्ञा नहीं मानते, यह कहानी इसका निर्मम अध्ययन है. वह यहाँ तक जाती है कि अपराध अपराधी और उसके शिकार के बीच एक विचित्र घनिष्ठता को जन्म देता है, एक ऐसा असुविधाजनक सत्य जिसे कोई प्रचार-कथा कभी न छूती. नदी से प्रेम करनेवाला उड़िया कवि हलधर दक्षिणपंथी है और कहता है कि अपराधों में मुसलमान सबसे आगे हैं; नदी उसके ललाट पर अपने विक्षिप्त जुड़वाँ भाई का क्रोध देखती है. कहानी अपना काव्यशास्त्र स्वयं कह देती है: रुद्रवीणा पर बजती रागिनी जब इतनी जटिल है, तो स्त्री के मन के लिए कोई ऐसी नियमावली क्यों बने कि वह सीधी रेखा में चले?
४. ‘दादीबई शाओना हिलेल की जीवनी’ उस भावुक समीकरण को तोड़ती है जिसमें पीड़ित होना निर्दोष होने का पर्याय मान लिया जाता है. शाओना पोलैंड से भागी हुई एक अनाथ यहूदी बच्ची है, जिसके माता-पिता गुलाग की बर्फ़ में जम गए. बंबई में उसे एक प्रौढ़ आबकारी अफ़सर से ब्याह दिया जाता है, जिसकी ‘प्रेम’ कहलानेवाली ग्रंथि उस बच्ची का गला दबाने तक जा चुकी थी; उसका नाम बदलने का आग्रह होता है, उसकी नाक छेदी जाती है, उसकी संतानों का धर्म तय कर दिया जाता है. यही शाओना, जब उसका हिंदू बेटा दोस्तों के साथ एक दुकानदार को डंडों और बूटों से पीट-पीटकर मार डालता है, उसे “दुर्घटना” कहती है, क्योंकि पोलैंड में भी तो लड़के चौराहों पर यहूदियों को ऐसे ही मार देते थे. स्मृति यहाँ न्याय की सीढ़ी नहीं, हिंसा का बहाना बन जाती है. और इसी कहानी का सावरकर गाय की दिव्यता का उपहास करता है, आम्बेडकर की छाया तक को अशुद्ध माननेवालों की बुद्धि पर खीजता है, पूरणपोली परोसता है, दो धर्मों के विवाह का बिचौलिया बनता है; और उसी आत्मीय स्वर में एक पोलिश यहूदी शरणार्थी को समझाता है कि यहूदियों को बहुसंख्यकों की रीति अपनाने में संकोच नहीं करना चाहिए, और कि यूरोप में उनकी दुर्गति का कारण उनका घुल-मिल न पाना है. यहाँ वह ‘रीति’ एक बच्ची का विवाह है. कहानी उसे न खलनायक बनाती है न नायक, और इसीलिए अधिक विचलित करती है. शाओना की एक पंक्ति इस वर्चस्व की पूरी प्रकृति खोल देती है: नरक इतना सुसंस्कृत और शांत हो सकता है, इसकी उसने कल्पना भी न की थी.
५. ‘पातकी रूढ़ि’ परंपरा की हिंसा की कथा है, और एक संवाद में पूरा समाज-विधान समेट लेती है. सांगली उतरते ही चचेरा भाई उस्ताद अटरूँ खाँ को कलावंत बाइयों से सावधान करता है, क्योंकि वे ‘विद्याव्यसनी’ होती हैं. “विद्याव्यसनी माने?” “वेश्या.” जिस स्त्री को विद्या की लत हो, उसका नाम वेश्या! इससे संक्षिप्त समाजशास्त्र मैंने कम पढ़ा है. बारह बरस की गुंता तमाचों और उमेठे गए कानों के बीच सीखती है; तमाचों से उपजी उसकी भक्ति वर्चस्व का सबसे भीतरी रूप है, जब उत्पीड़ित अपने उत्पीड़क को पूजने लगे. माँ के गहने बिककर गंडा-बंधन का सवा सौ तोला सोना बनते हैं. पर कहानी संगीत को खलनायक नहीं बनाती; वह यह नहीं छिपाती कि गुंता की भैरवी की ‘पुकार’ सचमुच महान है, इतनी कि कहानी के भातखंडे कहते हैं, भैरवी कितनी करुण है, आज पता चला. कला और यातना यहाँ अलग नहीं की जा सकतीं, और कहानी उन्हें अलग करने का झूठा, सांत्वना भरा काम नहीं करती. बरसों बाद गुंता अपने समाज की सभा में कहती है कि उनकी पुरखिनों की देहों को सवर्ण संरक्षकों ने, गुरुओं ने, नाटक-मंडलियों ने जैसे चाहा बरता, और इसे लज्जा समझकर छिपाना नहीं, याद रखना चाहिए. उसकी प्रतिद्वंद्वी जयाबाई इसे कृतघ्नता कहती है और अपने संगीत-वंश को ब्राह्मण सिद्ध करने में लगी रहती है. कहानी दोनों को बोलने देती है, और गुंता को भी संत नहीं बनाती.
६. सत्ता की आलोचना यहाँ कभी एक धार वाली नहीं होती. ‘वायु की सुई’ एक ऐसे भविष्य-राज्य का व्यंग्य है जहाँ घोड़ा क़ानूनी व्यक्ति है, उसकी सवारी दंडनीय है, और संसद ने ‘अपराध’ की धारणा मिटाकर केवल ‘पाप’ बचा रखा है. अधिकारों की भाषा और धर्मशास्त्र की भाषा यहाँ एक ही नैतिक निरंकुशता में मिल गई हैं. और इस धर्मात्मा राज्य के भीतर, घर में, पिता बेटे की नाक पर घूँसे बरसाता है. सद्गुण का राज्य हिंसा मिटाता नहीं, उसे नया नाम दे देता है. ‘अस्मिता भवन…’ का व्यंग्य भी दुधारी है. उसकी एक धार सरकार की ‘संसार की सबसे सुंदर जेल’ पर गिरती है, दूसरी उन उदार प्राध्यापकों पर, जिनकी बहसें इत्रों और भोज की मेज़ों के बीच घूमती रहती हैं और जेल गए सहकर्मी को ज़मानत नहीं दिला पातीं.
७. ‘शऊरे हिन्द’ उपनिवेश-विरोधी कथा है, पर राष्ट्र की आरती नहीं उतारती. गांधी ‘हरिजन सेवक’ में धार्मिक उत्सवों की फ़िज़ूलख़र्ची पर लिखते हैं; सेठ कांग्रेस को गुप्तदान की हुंडी भेज देते हैं और उत्सव “दुगुन उछाह से” चलता रहता है. अंग्रेज़ अफ़सर की गोली से मरी माँ का बेटा, जिसका कारोबार बर्मा से जापान तक फैला है, अंग्रेज़ों से बैर नहीं ठानता. साम्राज्य, पूँजी और राष्ट्रवाद यहाँ एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी कम, साझेदार अधिक दिखते हैं.
८. इस संग्रह का ज्ञानमीमांसीय केंद्र, मेरी समझ में, ‘शऊरे हिन्द’ के एक जैन यति की वह सीख है जिसे मुकुंदी दोहराती है: आकाश को कोई पूरा नहीं देख सकता; काशी के वासी को काशी का, अयोध्या वाले को अयोध्या का, उज्जयिनी वाले को उज्जयिनी का आकाश दिखता है, और उसी तरह सत्य का पूरा दर्शन कोई नहीं कर सकता. यह अनेकांत है. और संग्रह की पहली ही कहानी का कूप मंडूक कुएँ से आकाश को “प्रकाश के एक गोल घेरे” सा देखता है. पहली कहानी का मेंढक और अंतिम कहानी का यति एक ही बात कहते हैं. पर यह अनेकांत सापेक्षतावाद नहीं है. मुकुंदी के माथे की गोली कोई ‘दृष्टिकोण’ नहीं, न अंसारी का ढहा हुआ मकान. ये कहानियाँ अंतर्विरोधों को जीवित रखती हैं, पर हिंसा के प्रति तटस्थ नहीं होतीं. सरलीकरण से उनका इनकार तटस्थता नहीं, सटीकता है.
९. और यही बात मुझे इस संग्रह के बारे में सबसे महत्वपूर्ण लगती है: सरलीकरण स्वयं सत्ता की भाषा है. सूची सरलीकरण है, नारा सरलीकरण है, फ़ैसला सरलीकरण है, ‘हम’ और ‘वे’ का बँटवारा सरलीकरण है. जो कथा सत्ता को चुनौती देने के लिए उसी की भाषा उधार लेती है, वह अंततः उसी की सेवा करती है. अम्बर पाण्डेय की कहानियाँ सत्ता का प्रतिरोध इसलिए कर पाती हैं कि वे उसके व्याकरण में बात करने से इनकार करती हैं. जटिलता यहाँ शिल्प का आभूषण नहीं, प्रतिरोध का व्याकरण है.
दो
इस संग्रह से पहली मुठभेड़ उसकी भाषा से होती है. “आह्लाद गणपति तुळपुळे मेरा मित्र था. बीस की वय में ही घनी दाढ़ी और नेत्रों के मध्य मिलती भौंहों के कारण वह किसी विद्वत्, विदग्ध पुरुष जैसा दिखता था.” पहली ही पंक्तियों में ‘वय’, ‘नेत्रों के मध्य’, ‘विदग्ध’ जैसे शब्द एक ऐसी हिंदी की याद दिलाते हैं जो मानकीकरण से पहले की है: भारतेंदु के बाद की और राजभाषा से पहले की वह खड़ी बोली, जिसमें तत्सम अभी अकड़ नहीं बना था, संस्कार भर था. पर उसी पंक्ति में एक अक्षर ऐसा भी है जिसे मानक हिंदी ने अपने वर्णक्रम से लगभग बाहर कर दिया है, और वह है ‘ळ’. तुळपुळे, मंडळी, भायखळा, गोकुळाष्टमी: मराठी का यह अक्षर पूरे संग्रह में अपनी जगह नहीं छोड़ता. मेरे लिए यह छोटा-सा अक्षर एक घोषणापत्र है. यह हिंदी किसी एक केंद्र की नहीं, कई प्रांतों की संधि है.
शैली पर गंभीरता से सोचनेवालों ने ठीक ही कहा है कि हर शैली एक ज्ञानमीमांसीय निर्णय होती है, इस बात का निर्णय कि हम क्या और कैसे देखते हैं. अम्बर पाण्डेय की पुरानी-सी लगती हिंदी भी ऐसा ही निर्णय है. वह वर्तमान को पहले से इतिहास बन चुके समय की तरह देखती है. सूचियाँ, ढहाए गए घर, गिरफ़्तारियाँ, पीट-पीटकर की गई हत्याएँ, इन सबको वह किसी पुराने वृत्तांतकार की सधी हुई दूरी से दर्ज करती है. यह दूरी उदासीनता नहीं, स्पष्टता की शर्त है; अख़बार की हड़बड़ी से बचकर ही घटना अपना पूरा आकार दिखाती है.
पर यह संग्रह एक भाषा में नहीं, भाषाओं के बीच लिखा गया है, और हर कहानी की अपनी बोली-बानी है. पुणे की कथा में मराठी के ‘आई-बाबा’, ‘धाकटी’, ‘आजोबा’, ‘वाड़ा’, ‘टेव’ बिना किसी पादटिप्पणी के हिंदी में घुल जाते हैं. कोलकाता की कथा का तत्सम बांग्ला की छाया लिए है, जिसमें ‘हठात्’, ‘वृष्टि’, ‘पाठघर’, ‘विप्लव’ और कंठ का ‘मंद्र घोष’ आते हैं. सांगली के गवैयों की ज़बान में उर्दू और दक्खिनी की लय है: गायकी का रूप ‘तामीर’ करना और उसमें ‘तासीर’ पैदा करना, और यह कि रस ख़ुदा की बनाई चीज़ नहीं, गवैये की बनाई चीज़ है, फिर भी ख़ुदा का बिरादर है. बनारस की कथा में भोजपुरी और अवधी की मिट्टी है, गालियाँ हैं, कहावतें हैं, जैसे “नोन की गुड़िया गंगा में घुल गई.” जयपुर दरबार की बही की नक़ल अपनी मूल राजस्थानी में दर्ज है, यिद्दिश के शब्द देवनागरी में उतरते हैं, और अंग्रेज़ी के टुकड़े पात्रों के मुँह में वैसे ही आते हैं जैसे हमारे जीवन में आते हैं.
यह बहुभाषिकता केवल शब्दों की नहीं, वाक्य-रचना की भी है. ‘सूची के बारे में सोचते हुए’ के वाक्य छोटे, सपाट और ठंडे हैं, जैसे किसी सरकारी आदेश की नक़ल. ‘साल का सातवाँ गहन’ की भाषा में लगभग बालसुलभ सादगी है; यह उस आदमी की भाषा है जिसके पास, उसी के शब्दों में, “सोचने के लिए कोई चीज़ ही न थी.” ‘वायु की सुई’ में पृष्ठ के पृष्ठ एक ही वाक्य में बहते हैं, जैसे बरसों पिटा हुआ बेटा पिता से बोलना शुरू करे तो रुक न सके, क्योंकि रुकना फिर उसी चुप्पी में लौट जाना होगा. यहाँ वाक्य-विन्यास स्वयं मनोविज्ञान है.
सबसे दिलचस्प यह है कि भाषा इन कहानियों का विषय भी है. ‘अस्मिता भवन…’ के एक भोज में प्रश्न उछलता है कि क्या जर्मन अब भी नाज़ियों की भाषा है; उत्तर में प्रतिप्रश्न आता है कि क्या संस्कृत जातिवादी भाषा है; और फिर तीसरा प्रश्न, कि क्या उर्दू मुसलमानों की भाषा है. प्रोफ़ेसर श्यामला का यह भेद कि जातिवादी होना दोष है पर किसी जाति-विशेष की भाषा होना दोष नहीं, बहस को बंद नहीं करता, खोल देता है. ‘हठात् वृष्टि’ के अंत में विक्षिप्त नलिन अपनी बहन को उर्दू लिपि में ग़ालिब का एक शेर भेजता है जिसे घर में कोई नहीं पढ़ पाता; और जो पढ़ लेता है, वह वही दक्षिणपंथी कवि हलधर है. जिस देश में उसकी अपनी एक भाषा घर के भीतर अपठनीय हो जाए, और उसे पढ़ना वही जानता हो जिसे हम उसका विरोधी मान बैठे थे, उस देश की भाषा-राजनीति पर यह छोटा-सा दृश्य कई ग्रंथों से अधिक कहता है. नाम बदलना भी भाषा की सत्ता है. शाओना को शेवंती, श्रावणी या सुशीला बना देने का आग्रह होता है, और उसका तीखा उत्तर आता है: “और अगर मैं तुम्हें श्लोमुच नाम से पुकारूँ तो?”
बेन्यामिन ने ‘अनुवादक का कार्य’ में रुडोल्फ़ पान्नवित्ज़ का एक कथन उद्धृत किया था: अनुवादक की मूल भूल यह है कि वह अपनी भाषा को उसी दशा में बचाए रखता है जिसमें वह संयोग से है, बजाय इसके कि उसे पराई भाषा के प्रभाव से गहरे तक हिल जाने दे. अम्बर पाण्डेय की हिंदी स्वयं को हिल जाने देती है. राजभाषा की चिकनी, समरूप, दफ़्तरी हिंदी के सामने यह एक संघीय हिंदी है, जिसमें तत्सम शुद्धतावाद का हथियार नहीं, अनेक अतिथियों में से एक है. और यही ऊँचा, संस्कृतनिष्ठ स्वर सावरकर की खाने की मेज़, उस्ताद के तमाचों और सेठों के दान-पुण्य का ब्योरा देता है; ऊँची शैली यहाँ ऊँची संस्कृति की चीर-फाड़ का औज़ार बन जाती है. ‘हठात् वृष्टि’ में शेमस हीनी की पुस्तक ‘द गवर्नमेंट ऑफ़ द टंग’ हाथों-हाथ घूमती है. जिह्वा का भी एक शासन होता है; यह संग्रह उस शासन को राज्य के शासन के विरुद्ध खड़ा करता है.
ये कहानियाँ अपने रूप के चुनाव में उतनी ही बेचैन हैं जितनी अपनी भाषा में. ‘कूप मंडूक’ एक संपादित डायरी का भाष्य है, जिसके चारों ओर अम्बर एक पूरा काल्पनिक विद्वत्-तंत्र खड़ा कर देते हैं: आह्लाद के ‘स्कॉलर’, उसके लेखन का ‘चणचण काल’, वे प्रकाशक जो डायरी के मराठी अंश को अलग पुस्तक की तरह छापते हैं, कोंकणी के एक प्रख्यात आलोचक का संपादन, कोलकाता से छपा उसका जर्मन हिस्सा. जीवन में असफल आदमी को मृत्यु के बाद जो एकमात्र सफलता मिल सकती थी, उसे कहानी आधी करुणा और आधी विडंबना से गढ़ती है. ‘दादीबई शाओना हिलेल की जीवनी’ एक पोते का लिखा जीवन-वृत्त है, जिसके अंत में शोध-ग्रंथ की तरह पादटिप्पणियाँ हैं. ‘हठात् वृष्टि’ की नायिका स्वयं जीवनीकार है, जिसने एक नृत्यांगना की आत्मा में प्रवेश पाने के लिए “संसार का अपने जीवन में प्रवेश निषेध कर दिया था,” और जो बाद में किसी और की आत्मकथा का ‘प्रेत-लेखन’ करती है. ‘शऊरे हिन्द’ पुराने ढंग का वृत्तांत है, जिसका कथावाचक शिष्टाचार से बताता है कि सेठ के दाह-संस्कार का वर्णन वह अशुभ समझकर नहीं करेगा, क्योंकि दशगात्र और तेरहवीं तो वह पहले ही दर्ज कर चुका है; और जिसमें मृत सेठ अँगूठे भर का प्रेत बनकर अपनी दो विधवाओं को देखता बैठा रहता है. इनके बीच ‘सूची…’ की दृष्टांत-कथा है, ‘वायु की सुई’ का पिता को संबोधित एकालाप, ‘अस्मिता भवन…’ का परिसर-व्यंग्य और ‘साल का सातवाँ गहन’ का सादा संस्मरण.
इन विविध रूपों के भीतर एक गहरा द्वंद्व चलता है, जिसे मैं ‘बही बनाम सूची’ कहना चाहूँगी. सूची सत्ता का अभिलेख है: वह नाम काटती है, लोगों को ‘साफ़’ करती है. जयपुर दरबार की राजसी बही, अदालती आदेश का सैकड़ों पृष्ठों वाला गट्ठर, छापे में ज़ब्त की गई बच्चियों की स्कूली कॉपियाँ, ये सब सत्ता के दस्तावेज़ हैं. इनके सामने आह्लाद की बहियाँ हैं, बेनी की कोठरी में चारों ओर बिखरी बहियाँ, नदी की बारह जिल्दें; ये जीवन के अभिलेख हैं, जो खोए हुओं को बचाए रखते हैं. पर अम्बर इस विरोध को भी रोमानी नहीं बनाते. आह्लाद की बहियाँ उसके परिवार को अभाव के सिवा कुछ नहीं देतीं, नदी की जीवनी उसका अपना जीवन निगल जाती है, बेनी की पोथियाँ उसे घर से निकलवा देती हैं. लिखना यहाँ मुक्ति भी है और लत भी; आह्लाद के शब्दों में सरस्वती “अनन्य समर्पण” माँगती है और उतना ही देती है जितने में मनुष्य जीवित रहे और लिखता रहे.
बेन्यामिन ने ‘कथावाचक’ निबंध में कहा था कि कथावाचक अपनी सत्ता मृत्यु से उधार लेता है. आह्लाद का जीवन उसकी मृत्यु के बाद ही कथा बनता है; कथावाचक स्वीकार करता है कि वह उसका सच्चा मित्र तब बना जब उसने उसकी डायरियाँ पढ़ीं. आलोचना का एक पुराना सूत्र है कि जीवन से कृति की व्याख्या नहीं की जा सकती, पर कृति से जीवन की व्याख्या की जा सकती है. ‘कूप मंडूक’ ठीक इसी उलटी दिशा में चलती है.
बेन्यामिन का एक और सूत्र इन कहानियों के अंत समझने में काम आता है: कथा-कला का आधा हिस्सा कथा को व्याख्या से मुक्त रखने में है. नलिन घर छोड़कर कहाँ गया, “कभी पता न चला, हिंदी लेखक स्वदेश दीपक की तरह.” डॉक्टर विवेक जीवित लौटे थे या मृत, यह विवाद “सम्भवतः कभी नहीं सुलझेगा.” छोटी बहन के प्रश्न का बड़ी बहन ने “जो भी उत्तर दिया हो हम नहीं जानते.” ‘साल का सातवाँ गहन’ में नाली में बहती किताब उधड़ती है, उसका निचला हिस्सा अलग होकर धीमे बहता है, ऊपरी हिस्सा आगे निकल जाता है, और कहानी वहीं थम जाती है. बेन्यामिन हेरोडोटस की एक ऐसी ही कथा का उदाहरण देते थे जो कोई व्याख्या नहीं देती और इसलिए हज़ारों बरस बाद भी, पिरामिडों में बंद अनाज के दानों की तरह, अपनी अंकुरण-शक्ति बचाए रखती है. इन कहानियों के अनकहे अंत भी ऐसे ही दाने हैं.
समय के साथ अम्बर का बरताव भी ध्यान खींचता है. वे दशकों को एक वाक्य में लाँघ जाते हैं: ‘पातकी रूढ़ि’ १९२४ के बंबई के जलसे से चलकर १९७३ के पुरस्कार और फिर वर्ली के एक बंगले में शीला धर और जयाबाई की बातचीत तक पहुँच जाती है. यहाँ इतिहास अक्सर प्रवाद के रूप में आता है, जैसे ग्रीनरूम का कोई किस्सा, या “कादम्बरी में न लिखना” कहकर फुसफुसाई गई कोई बात. जिन स्त्रियों का इतिहास अभिलेखों में नहीं लिखा गया, उनका इतिहास गपशप में बचा रहता है; अम्बर इस गपशप को प्रति-इतिहास का दर्जा देते हैं. और इस सबके बीच ‘हठात्’ का एक काव्यशास्त्र है: अचानक वर्षा, ग्रहण की दोपहर का अँधेरा, बीच राह चली गोली. बेन्यामिन के अनुसार अतीत को केवल उस छवि की तरह पकड़ा जा सकता है जो पहचान के क्षण में कौंधती है और फिर कभी नहीं दिखती. इन कहानियों की निर्णायक घड़ियाँ ऐसी ही कौंधें हैं.
कहानियाँ एक-दूसरे में झाँकती भी हैं. वी. एस. गायतोंडे का अमूर्त संसार आह्लाद की अंतिम प्रविष्टि में भी है और नदी के पिता की स्टडी में भी; हुसैन, शांतला, यशोधरा, काणे जैसे नाम अलग-अलग कहानियों में लौटते हैं. बेन्यामिन ने कहा था कि विचार वस्तुओं के लिए वैसे ही हैं जैसे तारों के लिए नक्षत्र; ये आवर्ती नाम और छवियाँ इस संग्रह को कहानियों का ढेर नहीं, एक नक्षत्र-मंडल बनाते हैं. और जब दादीबई की कथा के अंत में चौदह बरस का पोता कहता है, “मगर मेरा नाम तो अम्बर पांडेय है,” तब लेखक का नाम कथा में किसी चतुराई की तरह नहीं, एक नैतिक हस्ताक्षर की तरह आता है. लेखक स्वयं को भी उसी वंशावली, उसी विवाद, उसी विरासत में दर्ज कर देता है जिसकी वह पड़ताल कर रहा है.
बेन्यामिन की सातवीं थीसिस इस संग्रह की सभ्यता-समीक्षा की कुंजी है: संस्कृति का कोई दस्तावेज़ ऐसा नहीं जो साथ ही बर्बरता का दस्तावेज़ न हो. विजेताओं की झाँकी में जो ‘सांस्कृतिक निधियाँ’ ढोई जाती हैं, उनकी उत्पत्ति पर कोई ईमानदार इतिहासकार सिहरे बिना नहीं सोच सकता; इसलिए उसका काम है इतिहास को उसके रोओं के विरुद्ध सहलाना. अम्बर पाण्डेय भारतीय सभ्यता की कई निधियों को इसी तरह उलटी दिशा में सहलाते हैं, चाहे वह घरानेदार संगीत हो, संस्कृत-विद्या, ब्राह्मणी पांडित्य, जैन उत्सवों का वैभव, काशी की पवित्रता या अद्वैत का दर्शन; और हर एक के नीचे से दूसरी लिपि उभर आती है.
गुंता की भैरवी की ‘पुकार’ एक पिटी हुई बच्ची के कंठ से निकलती है; घराने की ‘रूढ़ि’ में, जो हाथों-हाथ सौंपी जाती है, तमाचे, सोना और देह भी सौंपे जाते हैं. संग्रह की सबसे क्रूर विडंबना ‘शऊरे हिन्द’ के अंत में है. विलियम पोलब्रॉक, जिसकी संस्कृत-प्रेमी के रूप में ख्याति जर्मनी तक थी, जो ब्रह्मसूत्र पढ़ने के लिए विशेष रूप से वाराणसी में तैनाती करवाकर आया था और भोर में चार बजे नारायण पंडित से पाठ लेता था, बीच राह एक बूढ़ी विधवा के ललाट पर ऐसे गोली दागता है “जैसे तिलक लगाया हो.” वही ललाट जिस पर कभी माणिक का टीका और सिंदूर दमकते थे, जो वैधव्य में सूना हो गया था, अब साम्राज्य का तिलक पाता है. किसी सभ्यता के ग्रंथों से प्रेम उसके लोगों के प्रति अवमानना के साथ कितनी सहजता से रह सकता है, प्राच्यवाद पर लिखी अनेक पुस्तकें यह बात इतने कम शब्दों में नहीं कह पातीं.
पर यह समीक्षा पश्चिम को कसौटी बनाकर पूरब को कठघरे में खड़ा करनेवाली समीक्षा नहीं है. इस संग्रह में यूरोप भी अपनी बर्बरता के साथ आता है: पोलैंड के यहूदी-विरोधी हमले, गुलाग, नाज़ी, और स्तालिन का ‘संबंधों के कारण दोषी’ मानने का वह आविष्कार जिसकी चर्चा प्रोफ़ेसर श्यामला करती हैं. ‘अस्मिता भवन…’ में काणे जी का एक व्याख्यान इस संग्रह की सभ्यता-दृष्टि को लगभग सूत्र में कह देता है: जो सभ्यता स्वयं को किसी दूसरी सभ्यता से महान या श्रेष्ठ बताती है, वह सभ्यता नहीं, असभ्यों का घोष मात्र है. पर यह सूत्र उस पात्र के मुँह से आता है जो उसी व्याख्यान में करुणा को दुर्बलता कहता है और भक्तिकाल को भारत के पतन का कारण मानता है. संग्रह हमें कोई निर्दोष प्रवक्ता नहीं देता; वह एक तर्क देता है, उसके विष समेत, और विवेक हमारे हाथ में छोड़ देता है.
सबसे गहरी सभ्यता-समीक्षा शायद ‘कूप मंडूक’ के उस अंश में है जहाँ आह्लाद महाबलेश्वर के कुंड को देखकर लिखता है कि सदियों से पत्थर के बछड़े के मुख से अविच्छिन्न धारा गिर रही है, फिर भी वहाँ कोई दिव्यता उत्पन्न न हुई. क्या ज़रूरी है कि अखंड प्रवाह दिव्यता उत्पन्न करे ही? अद्वैत के अविच्छिन्न काल के सामने वह बौद्धों का क्षणवाद रखता है और कहता है कि यहाँ कुछ भी अखंड नहीं, सब अनेक है और इसलिए खंडित है, “ठीक हमारी तरह.” जहाँ अविच्छिन्न सभ्यता का गौरव सार्वजनिक भाषा का प्रिय अलंकार हो, वहाँ एक टेलीफ़ोन ऑपरेटर की डायरी का यह वाक्य किसी भी भाषण से अधिक साहसी है.
सभ्यता का एक पाठ उसकी सड़कों के नामों में भी लिखा होता है. नृसिंह वाड़े वाली गली कभी ‘तुळपुळे पण्डित का रस्ता’ कहलाती थी; अब वह ‘हुतात्मा आप्टे मार्ग’ है, यानी एक परिवार की स्मृति की जगह शहादत का एक सार्वजनिक आख्यान. ‘अस्मिता भवन’ का पता है ‘स्वामी दयानंद मार्ग, राजधानी’. और बेनी का अंतिम पता किसी नगरपालिका की सूची में नहीं, ग़रीबों की ज़बान में दर्ज है: जुलाहों की बस्ती से चलते जाओ, हिजड़ों के अखाड़े तक आओ, दायें मुड़ो, एक अँधेरी गली की तीसरी कोठरी. सत्ता सड़कों को नाम देती है; हाशिये के लोग रास्ता हाशिये के ही निशानों से बताते हैं.
‘अस्मिता भवन…’ इस समीक्षा को वर्तमान तक ले आती है. औपनिवेशिक इमारत को परतंत्रता का प्रतीक बताकर गिराया जाता है ताकि वहाँ ‘संसार की सबसे सुंदर जेल’ बने और उसका नाम हो ‘अस्मिता भवन’. बेन्यामिन ने चेताया था कि फ़ासीवाद राजनीति के सौंदर्यीकरण में अपनी मुक्ति देखता है; और यह भी अब भली-भाँति पहचाना जा चुका है कि सत्ता का सौंदर्यशास्त्र नियंत्रण, समर्पण और पीड़ा सहने के महिमामंडन पर टिका होता है. अस्मिता को कारागार की वास्तुकला में ढालना इसी सौंदर्यीकरण का रूपक है. और उसी विश्वविद्यालय का अतिथि-गृह ‘वॉल्टर बेन्यामिन भवन’ कहलाता है, उस शरणार्थी दार्शनिक के नाम पर जो फ़ासीवाद से भागते हुए एक सीमा पर मर गया था; जबकि उसी परिसर का एक दलित प्राध्यापक जेल में है. संस्थाएँ मृत उत्पीड़ितों के नाम पर इमारतें बनाती हैं और जीवित उत्पीड़ितों को उनके पीछे बंद करती हैं. हर दस्तावेज़ की दोहरी लिपि.
सभ्यता का अर्थ ही है वह, जो पीढ़ी-दर-पीढ़ी सौंपा जाए; ये कहानियाँ पूछती हैं कि इस सौंपे गए धन में हिंसा का कितना हिस्सा है. ‘वायु की सुई’ का बेटा पूछता है, क्या हिंसा रक्त की तरह पिता से संतान में, और संतान से उसकी संतान में, अनंत काल तक यात्रा करती है? गुंता का घराना, शाओना का बेटा, उस्ताद से शागिर्द तक पहुँचते तमाचे, सब इसी प्रश्न के अलग-अलग उत्तर हैं. बेन्यामिन ने कहा था कि हर युग में परंपरा को उस अनुरूपतावाद से छीनकर बचाना पड़ता है जो उसे दबोचने को तैयार बैठा है. ये कहानियाँ परंपरा को ठुकराती नहीं; वे उसे उसकी हिंसा से छीन लेने की कोशिश करती हैं.
गोएथे ने जब ‘विश्व साहित्य’ का पद गढ़ा था, तब से यह प्रश्न बार-बार लौटता रहा है कि दुनिया का साहित्य किसकी नज़र से ‘दुनिया का’ बनता है. पास्काल कसानोवा ने ‘साहित्य के विश्व-गणराज्य’ की बात करते हुए दिखाया था कि इस गणराज्य का भी एक ग्रीनविच है, जहाँ से साहित्यिक समय नापा जाता है, और छोटी भाषाओं के लेखक मान्यता के लिए उसी ओर ताकते रहते हैं. ‘अस्मिता भवन…’ इस चिंता को सीधे मंच पर ले आती है. ओल्गा तोकारचुक दिल्ली के श्रोताओं से पूछती हैं कि टैगोर के बाद क्या भारत में ऐसा कोई लेखक हुआ जिसे पोलैंड के किसी सुदूर गाँव की पाठिका चाव से पढ़ती हो. मैथिली के विद्वान रामलक्षण मिश्र निराला का नाम लेते हैं, तो कई पुरस्कार-समितियों के अध्यक्ष रह चुके एक बुज़ुर्ग निराला को ‘रीजनल लिरिसिस्ट’ कहकर उन्हें चुप बिठा देते हैं. विश्व साहित्य का पदानुक्रम यहाँ बाहर से नहीं, भीतर से लागू होता है.
इस संग्रह का उत्तर पोलैंड की पाठिका से मान्यता की याचना नहीं है. उसका उत्तर यह है कि पोलैंड पहले से इस हिंदी के भीतर है. शाओना हिलेल का पोलिश-यहूदी जीवन दादर में बीतता है; गुलाग की बर्फ़, युद्ध के शरणार्थी, शंघाई का सिनेगॉग और यिद्दिश के शब्द देवनागरी में उतरते हैं; तोकारचुक स्वयं एक पात्र हैं; प्रिमो लेवी और ज़्यां अमेरी इस किताब के पुरालेख बनते हैं. बेन्यामिन ने ‘वन-वे स्ट्रीट’ में लिखा था कि उनके लेखन में उद्धरण राह किनारे बैठे उन लुटेरों जैसे हैं जो हथियार लेकर टूट पड़ते हैं और आलसी राहगीर को उसकी धारणाओं से मुक्त कर देते हैं. इस संग्रह के पुरालेख ऐसे ही लुटेरे हैं: लेवी का यह कथन कि मनुष्य को नष्ट करना कठिन है, लगभग उतना ही जितना उसे रचना; और अमेरी का यह कहना कि उन्हें न अस्तित्व सताता है, न शून्य, न ईश्वर, केवल समाज. ये पुरालेख कहानियों को साक्ष्य-साहित्य की विश्व-परंपरा में रख देते हैं और पाठक को पहले ही चेता देते हैं कि आगे मनोरंजन नहीं, गवाही है.
इस संग्रह के रिश्तेदार विश्व साहित्य में दूर-दूर तक फैले हैं. काल्पनिक जीवनियों की वह परंपरा जो मार्सेल श्वॉब से बोर्हेस तक जाती है, वोल्फ़गांग हिल्डेशाइमर का ‘मारबो’, जो एक कभी न हुए व्यक्ति की ऐसी जीवनी है जिसमें इतिहास के असली लोग आते-जाते हैं, और रोबेर्तो बोलान्यो का ‘नात्सी लिटरेचर इन द अमेरिकाज़’: ‘कूप मंडूक’ और ‘दादीबई…’ इसी कुल की संतानें हैं. डब्ल्यू. जी. ज़ेबाल्ड की ‘द एमिग्रेंट्स’ विस्थापित यहूदी जीवनों को ऐसे कथावाचक के सहारे कहती है जिसे लेखक से अलग पहचानना कठिन है; अम्बर का पोता-कथावाचक, जिसका नाम अंत में लेखक का नाम निकलता है, उसी नैतिक धुंधलके में खड़ा है. और आह्लाद तुळपुळे, जो दमकल विभाग में टेलीफ़ोन सुनता है और रातों को सोलह सौ पृष्ठ भरता है, लिस्बन के सहायक मुनीम बर्नार्दो सोआरेस का, रॉबर्ट वाल्ज़र के क्लर्कों का और बीमा-दफ़्तर के काफ़्का का भाई है. बेन्यामिन ने शोलेम को लिखे एक पत्र में कहा था कि काफ़्का की आकृति की शुद्धता और विलक्षण सौंदर्य को समझने के लिए यह कभी न भूलें कि वह एक असफलता की शुद्धता और सौंदर्य है. “छोटी छोटी असफलताओं का महाकाव्य” उसी वाक्य की हिंदी प्रतिध्वनि है.
‘सूची…’ पढ़ते हुए काफ़्का का ‘क़ानून के द्वार पर’ और दानील ख़ार्म्स की वे बूढ़ी स्त्रियाँ याद आती हैं जो एक के बाद एक खिड़की से गिरती जाती हैं; यहाँ छत से गिरे बूढ़े के बारे में पुलिस लिखती है कि वह ख़ुद गिरा, और “बूढ़ा आदमी भी यही कहता, अगर वह कह सकता.” ‘वायु की सुई’ में काफ़्का का ‘पिता के नाम पत्र’ और टॉमस बर्नहार्ड के दम घोंटते लंबे वाक्य एक-दूसरे से मिल जाते हैं. ‘कूप मंडूक’ का वह पता, जो कुएँ से नृसिंह वाड़े, सदाशिव पेठ, पुणे, भारतवर्ष, पृथ्वी और आकाशगंगा से होता हुआ अनंत तक पहुँचता है, जेम्स जॉयस के स्टीफ़न डेडलस की उस कॉपी की याद दिलाता है जिस पर उसने अपना पता अपनी कक्षा से शुरू करके ब्रह्मांड तक लिखा था. और हिंदी की अपनी परंपरा भी यहाँ मौजूद है: धर्मवीर भारती का ‘सूरज का सातवाँ घोड़ा’ नाली में बहता है, विनोद कुमार शुक्ल जैसी, साधारण चीज़ों पर चकित दृष्टि ‘साल का सातवाँ गहन’ में है, और स्वदेश दीपक का गुम हो जाना ‘हठात् वृष्टि’ के अंत में.
विश्व साहित्य स्टॉकहोम या लंदन के किसी फाटक पर मिलनेवाला प्रवेश-पत्र नहीं, पाठ की एक दशा है. जब सदाशिव पेठ की कहानी में गुलाग की बर्फ़ पड़ती है और बनारस की एक गौनहारिन मैज़िनी पढ़ती है, तब दुनिया पहले से कुएँ के भीतर है. बेन्यामिन ने कथावाचकों के दो आदिम रूप बताए थे: एक वह किसान जो अपनी ज़मीन पर रहते हुए अपने इलाक़े की कथाएँ और परंपराएँ जानता है, और दूसरा वह व्यापारी-नाविक जो दूर देशों से कथाएँ लाता है. अम्बर पाण्डेय में ये दोनों एक हो गए हैं; वे कूप मंडूक भी हैं और नाविक भी. किसी ने ठीक कहा है कि विश्व साहित्य तक पहुँच राष्ट्रीय अहंकार और अनिवार्य प्रांतीयता के कारागार से निकल भागना है. यह संग्रह हिंदी के लिए ऐसा ही पलायन है, पर ऐसा पलायन जो प्रांत को छोड़कर नहीं भागता, उसे दुनिया का चौराहा बनाकर लौट आता है.
यह संग्रह अपने पाठक से बहुत कुछ माँगता है, सबसे पहले धीमापन. बेन्यामिन स्वयं को शनि के प्रभाव में जन्मा मानते थे, उस ग्रह के प्रभाव में जिसकी परिक्रमा सबसे धीमी है और जो विलंबों और घुमावों का ग्रह है. ये कहानियाँ उसी शनि-स्वभाव की हैं; जल्दी में पढ़नेवाले के हाथ से वे फिसल जाती हैं. फिर वे ध्यान माँगती हैं, उस स्वर के प्रति जिसमें एक शब्द, ‘विद्याव्यसनी’, एक पूरी व्यवस्था खोल देता है. और सबसे बढ़कर साहस: अंतर्विरोध की गाँठ के साथ बैठे रहने का साहस, बिना किसी नारे की कैंची से उसे काटे.
तीन
आलोचक का धर्म है कि वह कमियाँ भी गिनाए, और मैं गिनाती हूँ. पहली कमी यह कि यह संग्रह अपने पाठक को चैन से नहीं बैठने देता; जिसे कहानी से सांत्वना चाहिए, उसके लिए यहाँ कुछ नहीं है. दूसरी यह कि इसका पांडित्य इतना घना और इतना सहज है कि हर दूसरे पृष्ठ पर पाठक को अपनी अधूरी पढ़ाई पर लज्जा आने लगती है; ग़ालिब, गायतोंडे, ब्रह्मसूत्र, यिद्दिश और घरानों की बंदिशें यहाँ ऐसे आती-जाती हैं जैसे किसी पुराने घर में परिचित पड़ोसी. तीसरी यह कि ये कहानियाँ हिंदी आलोचना के किसी खाँचे में नहीं समातीं; न इन्हें केवल राजनीतिक कहकर सँभाला जा सकता है, न केवल कलावादी कहकर, और पुरस्कार-समितियों के बने-बनाए खाने इनके आगे छोटे पड़ जाते हैं. चौथी कि इसे दूसरी भाषा में ले जाने के लिए दुनिया को वैसा ही परिश्रम करना होगा जैसा उसने जॉयस या गीतांजलि श्री के लिए किया था.
पाँचवीं कमी यह कि ये कहानियाँ ख़त्म नहीं होतीं. किताब बंद कर देने के बाद भी वे पाठक के भीतर चलती रहती हैं, जैसे ग्रहण की दोपहर बीत जाने के बाद भी देर तक आँखों में अँधेरा ठहरा रहता है. और छठी, जो सबसे गंभीर है, यह कि यह संग्रह अपने बाद लिखी जानेवाली हिंदी कहानी के लिए कसौटी इतनी ऊँची कर देता है कि आनेवाले बरसों में कई कथाकारों को अपनी कहानी इसके बग़ल में रखते हुए संकोच होगा. इन कमियों को दूर करने का कोई उपाय मुझे नहीं सूझता, और सच कहूँ तो उनका दूर होना मैं चाहती भी नहीं.
यह संग्रह सत्ता का प्रतिरोध करता है उसकी भाषा उधार लिए बिना; पीड़ितों का पक्ष लेता है उन्हें संत बनाए बिना; परंपरा की आलोचना करता है उसका तिरस्कार किए बिना; और दुनिया से संवाद करता है अपना कुआँ छोड़े बिना. बेन्यामिन ने लिखा था कि अतीत की हर वह छवि, जिसे वर्तमान अपनी चिंता के रूप में नहीं पहचानता, हमेशा के लिए लुप्त हो जाने के ख़तरे में रहती है. ये कहानियाँ अतीत की छवियों को, १९२४ के जलसे को, १९४१ की बंबई को, युद्धकाल के बनारस को, हमारी चिंता बना देती हैं; और वर्तमान की छवियों को, सूची को, पीली गाड़ी को, सबसे सुंदर जेल को, ऐसे देखती हैं जैसे वे भी कल के लावारिस सामान में शामिल होनेवाली हों.
लावारिस सामान के कमरे का रजिस्टर अब हमारे हाथ में है. उसमें आह्लाद की बहियाँ दर्ज हैं, गुंता की भैरवी, शाओना की यिद्दिश, डॉक्टर विवेक का अनुत्तरित प्रश्न, मुकुंदी के माथे पर साम्राज्य का लगाया तिलक, और नाली में उधड़ती ‘सूरज का सातवाँ घोड़ा’. कुएँ के मेंढक ने आकाश का एक गोल घेरा देखा था; इस किताब ने उसी घेरे में पूरा आकाश उतार दिया है. बाल शेम तोव का सत्य एक जगह से दूसरी जगह खदेड़ा जाता रहा है; यहाँ उसे घर नहीं मिलता, क्योंकि सत्य का कोई घर नहीं होता, पर उसे गवाह मिलते हैं. इस कमरे में पड़ा कुछ भी लावारिस नहीं है. लावारिस वह समय होगा जो इसे पहचानने से चूक जाए. और अगर हिंदी ने इस किताब पर अपना दावा नहीं किया, तो इतिहास के रजिस्टर में लावारिस यह किताब नहीं, हिंदी दर्ज होगी.
यह कहानी संग्रह यहाँ से प्राप्त करें.
| ज्योति शर्मा हरिद्वार कविता संग्रह-‘नेपथ्य की नायिका’ तथा ‘बहुत दिन चुप रहने के बाद’ प्रकाशित. jyotigaurav116@gmail.com |




बहुत ही सुगठित, सुविचारित, विचारोत्तेजक समीक्षा।
इतनी अच्छी समालोचना लिखने के निमित्त ज्योति जी को बधाई और उनका आभार कि उन्होंने अम्बर के कहानी-संग्रह को इतने मनोयोग से पढ़कर अपनी बात रखी। अम्बर की कहानियाँ भी एक अलहदा आस्वाद देती हैं, उपन्यास की तरह ही उनमें दृश्यावलियों का महीन चित्रण मिलता है और कथा बीच – बीच में दार्शनिक उक्तियों के आलोक में अपना सफर तय करती चलती है। बहरहाल इस संग्रह का हिंदी जगत में स्वागत हो, यही कामना है।
हार्दिक शुभकामना!