| मेरी माँ मेरी गैंगस्टर जीवन-रक्त से लिखी हुई कथा पवन करण |
‘मेरी माँ मेरी गैंगस्टर’ पढ़ने के बाद मैं किसी ऐसे वाक्य को पकड़ने की कोशिश करता हूँ जिससे अरुंधति रॉय को परिभाषित किया जा सके. इससे पहले मैं उसकी उपयुक्तता परख सकूं, वह मेरे हाथ से मछली की तरह पानी में फिसल जाता है. एक शब्द की शक्ल में वह मुझे आकाश में किसी पक्षी की तरह उड़ता नजर आता है फिर जब तक कि मैं उसे ढंग से भांप पाऊं वह मेरी आंखों से दूर होता जाता है. मैं उसे अपने से दूर ओझल होते देखता रह जाता हूँ. वह अरुंधति की प्रिय गिलहरी की तरह मेरे सामने फुदकता है और मेरी नजरें कुछ देर भी खुद पर ठहरने नहीं देता और फिर दूर कहीं गुम जाता है. मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं कि अरुंधती रॉय अपरिभाषित हैं. किसी के लिए किसी एक वाक्य, एक शब्द या एक रूपक से अरुंधति जैसी लेखक को परिभाषित करना दुष्कर होगा. मगर उन्हें प्यार करने वालों को इसी किताब से ( हालाँकि जो उन्हें उनकी अद्यतन संपूर्णता में तो कतई परिभाषित नहीं करता) उन्हें हमेशा पुकारते रहने के लिए एक शब्द हमें मिलता है ‘पुर्जा-तिफ़्ल’. जिसके लेते ही ‘मेरी माँ मेरी गैंगस्टर’ के पाठक के होंठों पर मुस्कान उभर आती है. हो सकता किसी के मुंह से इसे सुनकर अब अरुंधति का चेहरा भी जगमगा उठता हो.
इस किताब पर लिखने के लिए किसी शुरुआत, किसी प्रारंभ का सिरा पकड़ने के प्रयास में खुद को कुछ हैरान देखता हूँ. किताब पढ़कर जो आप कहना चाहते हैं वह किताब में अरुंधति रॉय खुद अपनी तरफ से कह चुकी होती हैं. पुराने वाक्य या कथन को छोड़कर आगे बढ़ जाने में अरुंधति माहिर हैं. उनका हर वाक्य पुराने वाक्य का पीछा करता प्रतिवाक्य नहीं होता. उनके अगले कथन की चमक भी पिछले से जुदा होती है. सफलता अथवा प्रशंसा की तेज हवा में जब उनके पंख खुद को उड़ान भरने से नहीं रोक पा रहे होते हैं वे खुद अपने हाथों से उन्हें कतर कर अपने पाठकों-आलोचकों को हैरत में डाल देती हैं. उनके खुद के खुद को इस तरह तराशते रहने से पाठक उनकी एक और रोचकता भरी ‘धारदार-मौलिक-नव्यता’ से मिलता जाता है. अपने विचार और सृजन के असीमित विस्तार में और वृद्धि करती जातीं अरुंधति समाज के बीच अपने मन और व्यवहार पर नियंत्रण बनाये रखती हैं. यदि बारीकी से देखा जाये तो वे अपनी सफलता से हर बार किसी नये खिलौने की तरह खेलतीं, उसके ‘पेच-नट-बोल्ट’ खोल कर उसे भीतर से देखतीं और उसे तोड़ते-फोड़ते नज़र आती हैं.
यदि अरुंधति दिल्ली की सड़कों पर उस काली साइकिल को चलातीं, जिसे उनके मकान मालिक जिसके घर की बरसाती में वे रहतीं, ने अपनी और घर की ‘प्रतिष्ठा और गरिमा’ के विरुद्ध दिखने के कारण घर के गलियारे में रखने से मना कर दिया था. जिसकी वजह से उन्हें उसे घर के बाहर सामने पार्क में चैन से बांधकर रखना पड़ता था. निजामुद्दीन की भीड़ भरीं संकरी गलियों से तब की अरुंधति होकर गुजरें तो मैं इस किताब का एक पाठक खुद को एक ड्रोन में बदलने को तैयार हूँ. मैं उनके सिर के ऊपर से उन्हें भीड़ में साइकिल चलाते हुए हर बार इधर से उधर आते-जाते हुए देखना चाहूँगा. यदि वह मेरे साथ पीयें तो मैं केरल में तब के मशहूर वास्तुविद (आर्किटेक्ट) लारी बेकर से प्रभावित और उनसे सीख रहे विद्यार्थी जीसस के प्रथम दृष्टि के अव्यक्त प्रेम से प्रभावित होकर घर से भागकर दिल्ली पहुंचीं, किशोरवय से युवावस्था में प्रवेश कर रहीं, अरुंधति के साथ गांजे से भरी बीड़ी पीना चाहूँगा और हाँ सस्ती शराब भी.
दुनिया में अरुंधति के लेखन पर मरने वाले कम नहीं, मुझे लगता है इस किताब को पढ़कर उनकी संख्या, ‘हाय मैं मर गया’ कहते हुए ठीक उसी तरह और भी बढ़ जायेगी जैसा कभी जीसस को पहली बार देखकर उन्होंने कहा था-‘मैं मर गई’.
इस किताब में कोई बहुत बड़ी सैद्धांतिकता, वैचारिकता और विवाद खोजने वालों को निराशा हो सकती है. वह उसे अरुंधति की लिखी जा चुकीं और आगे आने वाली किताबों में ढूंढें. यह एक शानदार जीवन कथा है जिसमें कुछ मन का खोजने के क्रम इस भेद को भेद पाना कतई कठिन नहीं कि ‘मेरी माँ मेरी गैंगस्टर’ (संभवतया जिसे अंग्रेजी में ‘मदर मेरी कम्स टू मी’ जिसे बीटल की मशहूर पंक्ति से लेकर शीर्षक बनाया गया है) बस उनकी माँ और सचमुच की गैंगस्टर मिसेज रॉय की आत्मकथा नहीं है. ये जितनी उनकी माँ मिसेज रॉय की आत्मकथा है उतनी ही अरुंधति की खुद की भी है.
इसका विन्यास इतना आकर्षक है कि माँ-बेटी इस मायने में पाठक के इस निष्कर्ष में आवाजाही करती रहती हैं कि बेटी अपनी माँ को कहीं छोड़ती नहीं और माँ से बेटी कभी छूटती नहीं. आगे चलकर बंट जाने वाला दोनों का इस्पात एक है. दोनों ने करने के लिए काम भले ही अलग चुने हों मगर जिद और जुनून के क्रियात्मक स्तर पर दोनों कहीं एक दूसरे से अलग दिखाई देती नहीं.
दोनों के इस जुड़ाव में मेरे सामने जिन प्रसंगों के रास्ते इस कथा की कुछ गांठें खुलतीं हैं उनमें मैं खुद को कुछ कह पाने की संभावना खोजते देखता हूँ. माँ-बेटी के बीच कसकर लगी इस मनोविज्ञान की गांठ खोल पाना आसान नहीं. तब भी यह बहुत कुछ गांठों को न खोल पाने के बीच कुछ को खोल पाने में सफल होने का प्रयास है.
देखता हूँ यदि मिसेज रॉय के पास अपने भाई से सुप्रीम कोर्ट में मुकदमा लड़कर पिता की संपत्ति में अपना हिस्सा हासिल करने के क्रम में केरल में पितृ संपदा में स्त्री की भागीदारी संबंधी कानून बनवाने, केरल ईसाई उत्तराधिकार कानून रद्द करवाने और आगे चलकर बच्चों के लिए कोट्टायम में एक प्रेरणादायक, परिणाम मूलक उच्च कोटि का आवासीय विद्यालय खोलने का जुनून है तो उनकी बेटी अरुंधति के पास घर से भागकर देश की राजधानी दिल्ली में आकर आर्किटेक्ट की पढ़ाई करने और उसके साथ और बाद, जीवन जीने के लिए मूलभूत सुविधाएं जुटाने के लिए हताश होकर निराशा में डूबने के स्थान पर उससे जूझने और जीसस के साथ दिल्ली की स्लमबस्ती में बनीं झुग्गियों में जाकर रहने, नर्मदा बचाओ आंदोलन को समझने, उसका हिस्सा बनकर उससे जुड़ी संवेदना को लिखकर भारतीय समाज के सामने लाने, कश्मीर और दंडकारण्य की अंतड़ियों में झांक आने, फूलन देवी की संवेदना के साथ सहकार कर लेने और भाषा के हाथों में हाथ लेकर कागज के मार्ग पर आगे बढ़ते जाने की अथक कोशिश है. जिस पर दांतों तले उंगली दबाई जा सकती है.
सृजनकारी विस्थापन मिसेज रॉय और अरुंधति दोनों के जीवन में है. मिसेज रॉय जब जीवनसाथी मिकी रॉय से जिन्हें वह आजीवन ‘मिस्टर नथिंग’ कहती रहीं से अलग हुईं तो वृक्ष से टूटकर हवा में उड़कर कहीं जा पहुंचते किसी पत्ते की तरह असम से सीधे तमिलनाडु में ऊटी जा पहुंचीं. ये पहला विस्थापन था जिसका अपने भाई के साथ तीन साल की अरुंधति को सामना करना पड़ा. जहाँ रहते हुए केरल ‘स्त्री उत्तराधिकार कानून’ के बीज पड़े. जहाँ भारत के प्रथम ‘रोडर स्कालर्स’ अरुंधति के मामा जी आईसाक केरल से अपनी माँ के साथ अपने पिता ‘इंपीरियल एंटोमलोजिस्ट’ का वह घर अपनी बहन मिसेज रॉय से खाली कराने आ पहुंचे जिसमें वे किसी तरह, उन्हें बिना बताये, पुत्री-अधिकार के तहत अपने बच्चों के साथ जाकर रहने लगी थीं.
यहाँ प्रश्न खड़ा होता है. क्या बेटी को पिता के घर में रहने के लिए किसी से स्वीकृति लेनी चाहिए. मिसेज रॉय की तरफ से ही अव्यक्त उत्तर मिलता है एकदम नहीं. अपने पति से दूर आकर जीने के लिए प्रारंभिक संघर्ष करते हुए बच्चों को पढ़ाना प्रारंभ करने वालीं मिसेज रॉय समझ चुकीं थीं इस पुरुष प्रधान समाज में कमजोर रहकर नहीं रहा जा सकता शायद इसी भावना के चलते उन्होंने अपने व्यवहार को आदेशात्मक और कठोर बनाया. कल्पना की जा सकती है कि उनके भीतर आगे जाकर कोट्टायम में स्कूल खोलने के बीज ऊटी में ही पड़े.
मगर अभी उन्हें और अरुंधति दोनों को दो हिस्सों में बांट देने वाला एक और विस्थापन झेलना था जो उन्हें ऊटी से सीधे आयमनम केरल उनकी नानी के पास लेकर गया. जहाँ ऊटी जाकर उनसे घर खाली कराने पहुंचने वाली उनकी नानी अपने बेटे आईसेक के साथ अपनी संपन्न बहन के घर में रहते थे. इस पर हँसा ही सकता है कि जो खुद दूसरे के घर में रहते हैं वे अपनी बेटी से ही घर खाली कराने जा पहुंचते हैं.
मिसेज रॉय और अरुंधति का जीवन यहाँ आकर कुछ अपमान, तिरस्कार और राहत तो पाता है मगर उनकी आत्मनिर्भरता की चाहत और अधिक विस्तार लेने लगती है. जिसे मिस्टर नथिंग से दूर रहकर ‘शेष जीवन में अपनी काम-भावना पर नियंत्रण बनाये रखने वाली और स्कूल में पढ़ने वाले लड़कों से निजी अलमारी में से अपनी ‘ब्रा’ मंगवाकर उनके संग पढ़ने वालीं लड़कियों के बारे में उनकी जिज्ञासा भरीं यौन शरारतों पर लगाम लगाने में कामयाब होने वाली मिसेज रॉय कोट्टायम में आधुनिक और प्रगतिशील स्कूल खोलकर हासिल करती हैं.
कभी अरुंधति को अपने गले में पड़ा हुआ पत्थर और कुतिया कहने वालीं और कभी अरुंधति और उसके भाई एलकेसी उन दोनों के लिए खुद को उनका महाजन बताने वाली मिसेज रॉय के आयमनम में गैरेज के ऊपर बने रोटरी क्लब के दो कमरों से प्रारंभ होकर कोट्टायम में जंगली पहाड़ी पर जाकर स्कूल बनाने की कहानी कम दिलचस्प और रोमांचक नहीं. इस कहानी को और भी विश्वसनीय अरुंधति की भाषा बनाती है. भाषा का जादू कुछ इस तरह भी काम करता है.
जैसे कोई रोज खुद की गर्दन फंदे में डालकर देखता हो जैसी दिल्ली में आर्किटेक्ट कालेज में पढ़ने वाली भविष्य में अंतरराष्ट्रीय लेखक होने वाली अरुंधति की कथा भी उनकी माँ मिसेज रॉय की कोशिश से कम नहीं बल्कि एक स्त्री के तौर पर अधिकतम है जहाँ रहते हुए प्रारंभ में ही वे सस्ते नशे और प्रेम दोनों में पड़ती हैं. और अपने आर्किटेक्ट स्कूल के मित्र कार्लो के की मदद से जीसस से शादी कर करती हैं. किंतु शादी के बाद अरुंधति गोवा में जीसस से अपना हाथ छुड़ाकर जिस तरह भागती हैं और मुंबई होते हुए फिर से दिल्ली पहुंचती है. वह दिल की धड़कन बढ़ा देने वाला है. पर हम इसकी तुलना कम उम्र में कोट्टायम से भागकर तीन-दिन दो-रात अकेले ट्रेन में सफर करके एक एकदम अंजान शहर दिल्ली में उतरने और ‘किसी मछली की तरह जीने के लिए आवश्यक पानी तलाशने वाले’ खतरे से बड़े एक और खतरे की तरह कर सकते हैं. आगे भी हम उन्हें और भी बड़े खतरे जैसे कश्मीर में लोगों के बीच और दंडकारण्य में नक्सलियों के बीच रहकर उनके बारे में जानते लिखते हुए देखते हैं. वैसे भी खुद को संकट में डालते रहना अरुंधति की फितरत है.
शब्दकोश में अरुंधति शब्द का अर्थ भी जिसे रोका न जा सके है. पूरी आत्मकथा में जैसे खुद के सामने खुद को चुनौती की तरह पेश करतीं वह खुद से कहती हों अरुंधती खुद को रोककर दिखा सकती हो तो दिखाओ. तुम्हें पता है न तुम खुद को रोकने के लिए नहीं जन्मीं हो. ओह कार्लो मुझे तुमसे ईर्ष्या हो रही है तुम गोवा से लौटी अरुंधति के साथ कुछ समय के लिए ही सही एक अलग रिश्ते में रहे. जिसे इस किताब में स्वाभाविकता से अरुंधति ठीक उसी तरह स्वीकार करती हैं जिस तरह वे असहजता से आयमनम में सांता बनने वाले और दिल्ली में उससे उसके कालेज छात्रावास में मिलने आये एक उम्रदराज रिश्तेदार शख्स के बारे में बताती हैं. जिसमें से एक उनकी पेंटी में हाथ डालता था और एक ने उनकी पीठ पर हाथ फेरते हुए पूछा ‘ब्रा’ नहीं पहनी. उल्लेखनीय यह भी है कि इस किताब में उन्होंने अपनी ‘काम-चाहतों’ और ‘काम-सक्रियताओं’ का वर्णन करने में संयम बरता है. उल्लेखनीय है कि किताब में उन्हें खोलने का उन पर कोई दबाव नहीं रहा.
कहीं-कहीं माँ-बेटी के बीच ‘खो-खो’ के खेल जैसी दिखाई देती इस आत्मकथा में, जिसमें माँ बेटी को आक्रामकता से ‘खो’ देती हो और बेटी माँ को समझदार सहनशीलता से, इस बात पर असमंजस हो सकता है कि क्या वे एक-दूसरे से दूर रहते हुए भी उन्हें एक-दूसरे से दूर माना जा सकता है ? लगता ही नहीं क्योंकि दोनों के जीने की जिदों का रंग एक जैसा है. बीमारी में स्टेयरॉयड लेकर स्थूल होने के बाद भी चुस्त कपड़ों में दिखाई देने वालीं मिसेज रॉय जहाँ अपने स्कूल में दो बच्चों के एडमिशन के लिए कलेक्टर की सिफारिश को मानने से मना करने पर प्रशासन के गुस्से का सामना करते हुए पुलिस की तलाशी और नाटक के मंचन का रोका जाना भी अपने बच्चों को बरतने के अंदाज में झेलती हैं.
वहीं मैसी साहब फिल्म की शूटिंग के दौरान फिल्म के निर्देशक दो बच्चियों के पिता प्रदीप के साथ गहरी दैहिक अंतरंगता के चलते गर्भवती हुईं अरुंधति फिल्म की शूटिंग छोड़कर पचमढ़ी (मध्य प्रदेश) से दिल्ली भागती हैं और एक साधारण से क्लिनिक में बिना बेहोश हुए अपना अबॉर्शन करवाती हैं और उसी रात दिल्ली से पचमढ़ी वापस लौटती हैं. यहाँ पाठक का डर पचमढ़ी से दिल्ली और दिल्ली से पचमढ़ी अकेली अरुंधति के साथ यात्रा करता है. वह देख लेता ह कि इस यात्रा में जुनूनी अरुंधति के साथ प्रदीप और अरुंधति के दिल्ली के मित्र साथ नहीं हैं. आगे भी प्रदीप के साथ रहते हुए वे प्रदीप की शोधक, सृजनात्मक, पारिवारिक और आर्थिक मदद को अपनी प्राथमिकता में बनाये रखती हैं. यहाँ वे प्रदीप को घर के मुखिया पद से लगभग अपदस्थ कर देती हैं. प्रदीप और उनके बीच तीव्र बहाव भरा प्रेम रहा. इसका आशय अरुंधति के लिखने में भी स्पष्ट होता है. मगर प्रदीप अरुंधति की मंजिल नहीं थे. प्रदीप अरुंधति की अनवरत जीवन-यात्रा में बीच में बस कहीं से कहीं साथ थे.
फैलोशिप को लगभग खिलंदड़ेपन में बदलती हुई इटली की सड़कों पर आवारागर्दी करने वाली अरुंधति वहाँ से अकेली नहीं लौटती अपने साथ अपने भीतर एक लेखक अरुंधति को लेकर लौटती हैं. कमाल है कि जब कुछ शत्रुताओं को झेलने के बाद मैसी साहब रिलीज होती है वह यश-सम्मान दोनों हासिल करती है. आगे भी वे और प्रदीप फिल्म और टेलीविजन के लिए काम करने में रमते हैं मगर अधिकतर में उन्हें निराशा ही हाथ लगती है.
प्रदीप के साथ लंबे समय रहने के बाद वे खुद आगे आकर रजिस्टर्ड विवाह करती हैं. दोनों बार विवाह करने के निर्णय में प्राथमिकता अरुंधति की रहती है. (वैसे भी मिसेज रॉय और अरुंधति को आगे बढ़ने के अलावा कुछ आता नहीं.) जिसमें प्रदीप के माता-पिता उनकी दोनों बेटियां उनके मित्र संजय और गोलक तथा उनके परिजन शामिल होते हैं. अरुंधति का ये विवाह भी तोड़ने के लिए पिंजरा चुनने जैसा होता है.
रोमांच को अपनी जेब में रखकर चलने वाली अरुंधति आगे चलकर खुद पर शासन के बढ़ते दबाव से बचाने और परेशानी रहित जीवन जीने देने के लिए वे प्रदीप से खुशी-खुशी तलाक लेती हैं. जिसका अदालती दृश्य मजेदार है. मगर इससे पहले उनका पहला उपन्यास ‘गॉड ऑफ स्माल थिंग्स’ आ चुका होता है. अनुबंध से मिलने वाली दस लाख डालर की राशि सुनकर गोगल वह प्रसिद्ध वाक्य बोल चुका होता है कि ‘ थैंक्स गॉड अरुंधति हम अमीर हो गये’. उन्हें उस गॉड ऑफ स्माल थिंग्स पर जिसकी रचना प्रक्रिया और पात्रों का जिक्र कई बार उन्होंने इस किताब में किया है को बुकर मिल चुका होता है और वे एक अंतरराष्ट्रीय लेखक होकर दुनिया घूम चुकी होती हैं. और दूसरा उपन्यास ‘मिनिस्ट्री ऑफ अटमोस्ट हेप्पीनेस’ उनके भीतर पकने लगता है. अरुंधति की पहली किताब आने और बुकर पुरस्कार मिलने का इस किताब में पाठक को झुमा देने वाला विवरण है.
इस पर वे सकपकाती नहीं न ही आश्चर्य में डूबतीं हैं कि अचानक उम्मीद के विरुद्ध मिली किसी तुड़ी-मुड़ी चिट्ठी की तरह अरुंधति के साथ-साथ पाठकों को भी आश्चर्य में डालते भाई एलकेएस के माध्यम से उनके पिता मिकी रॉय जीवन में आते हैं और मध्य प्रदेश से भटकते हुए वे केरल पहुंचते हैं. जिनसे किताबों से मिलने वाली रॉयल्टी के खर्च के लिए ट्रस्ट का निर्माण करने वाली अरुंधति का सामान्य अ-भावुक संवाद और सीमित आर्थिक सहयोग बना रहता है. जिनकी मृत्यु पर मिसेज रॉय को कोई अफसोस नहीं होता. वे यहाँ भी उनके लिए एक बार फिर बस मिस्टर नथिंग कहकर चुप हो जाती हैं. मगर उनकी गहन वृद्धावस्था के दिनों में जब अरुंधति उन्हें नहला रही होती हैं, वे कहती हैं किसी पुरुष का साथ भी जरूरी है. अरुंधति के पूछने पर कि इसमें पुरुष क्या करेगा. मिसेज रॉय कहती हैं. अरे वही पुरुषों वाले काम. लगता है कुछ था जो उनके भीतर हमेशा दबा रहा. गुस्सा और आक्रोश बनकर फूटता रहा. बंटवारे में भाई आईसेक के साथ बराबर मिली पितृसंपदा को भाई-बहन दोनों ने खत्म कर डाला. कमाल की सुप्रीम कोर्ट तक में जाकर लड़ने वाले वे आखिर में एक-दूसरे के नज़दीक हो गये और नियमित मिलने लगे. मनुष्य मन में बहुत कुछ रहस्यमयी और अपरिभाषित होता है.
शायद अरुंधति और उनके भाई को भी ऐसा लगने लगा हो जैसा कि किताब के पाठक को लगने लगता है कि उनके लिए सदैव पथरीली रहीं गैंगस्टर मिसेज रॉय उनसे विदा ले रहीं हैं वह अब जीवन में वापस नहीं आने वालीं मगर इसे उनका जीवट ही कहना होगा कि वे गंभीर रूप से बीमार रहने के बाद ठीक होकर कोट्टायम में अपने स्कूल परिसर में ही बने घर में लौट आईं और सहयोगियों के सहारे स्कूल की गतिविधियों पर निगाह रखे जीती हुए अरुंधति की लेखकीय प्रसिद्धि से चिढ़ते दिखतीं रहीं और उसे अपने स्थायी सुभाव से चुनौती देती रहीं. (यहाँ हम ये संदेह करने के लिए स्वतंत्र हैं कि कहीं वह अरुंधति को चिढ़ाने के लिए अरुंधति के सामने चिढ़ने का अभिनय तो नहीं करती थीं. मत भूलिए अरुंधति से उनका यह कहा कि वे उसे दोगुना प्यार करती हैं या उनका आधी रात तक जागकर बुकर की घोषणा का इंतजार करना)
यह ठीक हुआ कि उनके देखते भाई की पत्नी ने गैंगस्टर के स्कूल को अच्छी तरह संभाल लिया. सीरीयन ईसाई कब्रिस्तान में दफनाने के स्थान पर शरीर को जलाने की जो इच्छा उन्होंने जताई थी उसका अरुंधति और उसके भाई ने मिसेज रॉय के नवासी बरस की उम्र में निधन के पश्चात ढोल-ढमाके सैल्यूट-सलामी उल्लेखित की जातीं स्मृतियों और गाये जाते गीतों के साथ पालन किया. उनकी वसीयत भी यही थी. इस किताब का पाठक भी उनकी अंतिम क्रिया में शामिल होता है. उन्हें सैल्यूट करता है.
अरुंधति लिखती हैं कि वे जानतीं थीं कि ईसाइयों में सीरीयनों को ब्राह्मणों के समकक्ष माना जाता है. परंपरा में ढले ये सीरियाई चर्च के पादरी कभी उनके अन्य धर्म के व्यक्ति से विवाह करने और विधवा होने के कारण चर्च के कब्रिस्तान में उन्हें दफ्न होने के लिए स्थान नहीं देंगे. स्कूल परिसर में ही चलित शवदाह गृह पर मिसेज रॉय की राजकीय सम्मान के साथ गरिमामयी अंत्येष्टि हुई. कल्पना करता हूँ कुछ पाठकों ने यहाँ उनके सम्मान में अपना सिर नवा लिया होगा. हालाँकि मिसेज रॉय के भाई जी आईसाक को उन्होंने चर्च के कब्रिस्तान में दफ्न होने दिया. जबकि सीरीयन ईसाई समाज से बाहर विवाह तो उन्होंने भी किया था. लेकिन वह पुरुष थे.
अपनी अनिच्छा को दबाती हुए भाई के अति आग्रह पर स्वीकार किये अपनी गैंगस्टर माँ मिसेज रॉय के खस्ताहाल घर को अब तक अपने मित्रों संजय और गोगल के सहयोग से संवारती अरुंधति रॉय को इस किताब के पाठक किस निगाह से देखेंगे या लोगों ने मिसेज रॉय के जाने के बाद उन्हें किस तरह लिया इस बारे में भविष्य में अपने बारे में अरुंधति लिखें तो बतायें. क्या वे अरुंधति को मिसेज रॉय के विस्तार के रूप स्वीकृति देंगे. शायद हाँ. करना ही क्या है किसी को बस अरुंधति को ‘मिसेज रॉय’ कहकर ही तो पुकारना है. अरुंधति की गैंगस्टर माँ के जीवन और चेहरे की स्मृति सामने आने में कितनी देर लगेगी. ये अरुंधति का दृढ़ अनूठापन रहा कि वे मिसेज तो हुईं मगर उन्होंने अपना सरनेम रॉय ही बनाये रखा. तो अब वे मिसेज रॉय को जानने वालों के बीच मिसेज रॉय की तरह उपलब्ध हैं.
वैसे भी वे जिस पाये की लेखिका हैं और जितनी साहसी और वैचारिक हैं उनके खाते में मिसेज रॉय की गैंगस्टर की सकारात्मक पदवी भी स्थानांतरित हो सकती है.
अरुंधति रॉय ने ‘मेरी माँ मेरी गैंगस्टर में’ देश में कांग्रेस द्वारा लगाये गये आपातकाल, इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भड़के सिख विरोधी दंगों, लालकृष्ण आडवानी द्वारा राममंदिर निर्माण के लिए निकाली गई रथयात्रा और उसके बाद देश भर में भड़के दंगे और आगजनी, अयोध्या में कारसेवकों का बाबरी मस्जिद का ढहाया जाना, गुजरात में अल्पसंख्यकों के नरसंहार के साथ-साथ केंद्र में राष्ट्रवादी सरकार द्वारा किये गये परमाणु बम विस्फोट के साथ-साथ नर्मदा बचाओ आंदोलन, नक्सलवाद और कश्मीर को लेकर भी अपनी ओर से निर्विकार होकर कहा है. इन विषयों पर विभिन्न पत्रिकाओं में प्रकाशित उनके निबंध उनकी विभिन्न किताबों में उपलब्ध हैं. जिनकी वजह से वे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवादित और विश्वसनीय दोनों हुईं. मगर इस किताब की पहचान अरुंधति की उस पहचान से नहीं बनती जो एक विचारवान लेखक की पहचान के तौर पर रेखांकित होनी चाहिए. इस किताब की पहचान माँ-बेटी के जीवन के बारीक और संवेदनात्मक विन्यास से बनती है. एक-दूसरे के विपरीत मगर निर्णायक स्वभाव और उनकी उस सम्मानजनक स्वीकार्यता और उसकी आभा से बनती है जो दिखाई भले ही न देती हो मगर वह मनुष्य मन के भीतर मौजूद होती है. जिसे अपने आखिरी में मिसेज रॉय अरुंधति के सामने स्वीकार करने लगीं थीं.
चुभन और चुहल भरे संवादों से भरी इस किताब को पढ़ते हुए पाठक के मन पर अनेक दृश्यावलियां बनती हैं. वह किताब के प्रभाव में खुद को बहने के लिए छोड़ देता है. मिसेज रॉय और अरुंधति की तरह वह भी अनेक यात्राएं करता है. उनके उन संघर्षों और सफलताओं को साझा करता है जिसका वे जरा भी गुणगान या महिमामंडन नहीं करतीं. पाठक को कहीं भी दोनों माँ-बेटी अपनी इस आत्मकथा में आंसू बहाती या चुपचाप उन्हें पीती जातीं नहीं मिलतीं. वे अपनी पूरी जीवन गति में आगे बढ़ती ही नजर आतीं हैं. कहा जा सकता है कि ठहरकर कहीं बैठ जाना उन्हें आता ही नहीं. हम उन्हें हर समय सृजनशील और सक्रिय देखते हैं.
प्रभात सिंह द्वारा अंग्रेजी से हिंदी में अचूक अनुदित इस किताब के बारे में ये मेरी एक संक्षिप्त और साधारण सी प्रतिक्रिया है. इसमें से जिसे लिखना आवश्यक था ये बस इसमें से निकले कुछ प्रतिक्रियात्मक संकेत हैं. फिर इस पर प्रतिक्रिया दे पाना. इसे समीक्षित कर पाना आसान भी नहीं क्योंकि यह किताब जितनी बाहर से होंठों पर खिलखिलाती और खुली दिखाई देती है वह मन में भीतर से उतनी ही किसी दरवाजे सी कसकर लगी भी है. जिसे पाठक को खोलना है. जैसा कि मैंने प्रारंभ में ही कहा अरुंधति ऐसी लेखिका हैं जो अपने लिखे जाने की समीक्षा करती चलती हैं. आप उनकी कुछ वैचारिक स्थापनाओं से असहमत हो सकते हैं. उनके द्वारा प्रकट किये जाने वाले विचारों और प्रहारों से तिलमिला सकते हैं. मगर उनके कथनों में छिपी सचाई को नकार नहीं सकते. दो औरतों के बीच की दूरी माँपते किसी फीते से, दुनिया को मापती ये एक एक शानदार आत्मकथा है जिसमें माँ की कोख में बैठकर एक बेटी माँ के जीवन रक्त से माँ और अपना जीवन लिख रही है.
यह पुस्तक यहाँ से प्राप्त करो.
| पवन करण (18 जून, 1964; ग्वालियर, म.प्र.) ![]() __________________ प्रकाशित काव्य-संग्रह : ‘इस तरह मैं’, ‘स्त्री मेरे भीतर’, ‘अस्पताल के बाहर टेलीफ़ोन’, ‘कहना नहीं आता’, ‘कोट के बाज़ू पर बटन’, ‘कल की थकान’ और ‘स्त्रीशतक’ खंड–एक एवं ‘स्त्रीशतक’ खंड–दो प्रकाशित. सम्मान : ‘रामविलास शर्मा पुरस्कार’, ‘रज़ा पुरस्कार’, ‘वागीश्वरी सम्मान’, ‘शीला सिद्धांतकर स्मृति सम्मान’, ‘परम्परा ऋतुराज सम्मान’, ‘केदार सम्मान’, ‘स्पंदन सम्मान आदि से सम्मानित. |





इक आग का दरिया है, है न Pawan Karan ? आपने डूब कर पार किया है इसे! लेखक के प्रति आपके प्रेम का भी एक अक्स इसी तहरीर में है।
आफ़रीन!
यह पुस्तक मैंने नहीं पढ़ी , पर पवन जी की यह समीक्षा अपने आप में किसी पुस्तक से कम पढने लायक नहीं . समीक्षा का यह काव्यात्मक तरीका और भाषा की लय प्रभावशाली है .