| फिलीस्तीनी कवि नासिर राबाह की कविताएँ अंग्रेज़ी से हिन्दी अनुवाद : अनूप सेठी |
कवि ने कहा
लिखने का काम, लेखक के लिए, एक पुरानी चली आ रही तकलीफ़ है, कभी न खत्म होने वाली तड़प, सतत बनी रहने वाली पीड़ा. यह सिसिफस की चट्टान सरीखा है. मैं अपने अस्तित्व को मान्य करने और खुद को अभिव्यक्त करने के लिए लिखता हूँ. मेरी पत्नी ने एक बार मुझे बताया कि जब मैं लिखने में मशगूल होता हूँ तब प्रसव वेदना की तरह की घबराई हुई मनोवैज्ञानिक अवस्था में प्रवेश कर जाता हूँ.
युद्ध के समय में, जो मैं लिखता हूँ, वह कविता नहीं होती– बल्कि देखे और महसूस किए हुए को बगैर किसी ख़ास साहित्यिक हस्तक्षेप के बयान भर कर देता हूँ. अब तक जो कुछ हुआ है, उसने कल्पना की धज्जियाँ उड़ा दी हैं और वह रूपक से भी आगे की बात है; वह कविता है जो टीसती है. युद्ध के समय में, मैं अपना विवेक बचाए रखने के लिए लिखता हूँ. लिखना प्रतिरोध की कार्रवाई है: उस सब के विरुद्ध है जो तुच्छ है और घृणास्पद है, यह मृत्यु और विनाश के खिलाफ है. अगर लिखना ज़िंदगी है, और ज़िंदगी युद्ध में बदल गई हो तो हमारे पास लिखने के लिए बाकी क्या बचता है?
एक कविता में मैंने लिखा है, ‘‘हम अपनी आँखों को सिखा देते हैं गायब हो चुके अंगों की गिनती में ग़लती करना.’’ अब बहुत से लोग कटे हुए अंगों के साथ बड़े हो रहे हैं. तो हमें अपनी आँखों को प्रशिक्षित करना ही होगा कि वे उन्हें सही सलामत देखें. यह एक ऐसा यथार्थ है जो किसी भी काव्यात्मक कल्पना से कहीं बुरा है.
एक संग्रह की अंतिम कविता है, मैं गाज़ा लौटना चाहता था. उसका अंत ऐसे होता है – ‘‘ओ गाज़ा, शापित, परम प्रिय, विक्षिप्त, उत्पीड़ित, बहिष्कृत, मनमोहक, विस्मृत, युद्ध की किताब में हजारों बार उल्लिखित, तुम नहीं हो मृतकों की देवी, न ही तुम्हारी किताब का नाम है देश का शोक’’ इस सूची में वह सब है जो गाज़ा नहीं है. कवि से पूछा जाता है तो फिर तुम्हारे लिए गाज़ा क्या है? तुम्हारे दिल में और दुनिया में गाज़ा कहाँ है ? कवि कहता है- मेरे दूसरे संग्रह में समर्पण की पंक्ति है – गाज़ा के लिए, जिसे कोई प्यार नहीं करता.
गाज़ा एक ऐसी जगह है जिसकी अनूठी जनता में हर तरह के विरोधाभास हैं; नए तरीके से सोचने वाले इसे कॉस्मोपॉलिटन शहर कहेंगे. यहाँ वे लोग रहते हैं, जिनकी वहाँ जमीन है – उत्तर में गेहूँ और जौ की खेती करने वाले किसान, गाज़ा शहर और खान यूनिस (जगह का नाम) में व्यापारी, मध्य और दक्षिण में अर्द्ध घूमंतू बेडोइन लोग. 1948 के विस्थापन के बाद, मध्य फिलिस्तीन से बागवानी करने वाले किसान गाज़ा आए, मजदल से नए प्रोफैशनल और जाफा जैसे शहरों के निवासी आए जो रेस्त्रां और मिठाई की दुकानों के मालिक थे. हरेक समूह का बोलने का लहजा अलग है और व्यक्तित्व भी अलग है– इस विविधता की वजह से यह जगह रचनात्मकता, जोश और संस्कृति से लबालब भरी हुई है.
कवि लोग अक्सर ईश्वर को नकारते हैं या उसके प्रति एक हल्केपन या दिखावे की भावना रखते हैं– वह शायद इसलिए क्योंकि वे खुद को लघु-अवतार समझते हैं और कविता लिख लेने की शान बघारते हैं.
मुझे यह बेकार लगता है. इसके विपरीत, मेरा दृढ़ विश्वास है कि ईश्वर का अस्तित्व ऐसे समय में एक दुर्ग की तरह है, जब हमारे इर्द गिर्द की राष्ट्रीय, राजनैतिक, मानवीय जैसी अन्य सब दीवारें ढह रही हैं. गाज़ा में चल रहे इस सतत युद्ध में ईश्वर के प्रति इच्छा को मैंने शिद्दत से महसूस किया है. अपने भीतर उसकी उपस्थिति को भी महसूस किया है. इसी आस्था के सहारे मैं इस कठिन समय में मजबूती से जीने में समर्थ हुआ हूँ.
पूर्वी जगत में परवरिश होने की वजह से, जहाँ का माहौल धार्मिक सहष्णुता को तरजीह देता है, उस मिट्टी की संस्कृति मेरे भीतर आई जिस पर ईसा मसीह के पैर पड़े हैं और उन्होने उपदेश दिए हैं. जब मैं लिखता हूँ, तो मेरी हर चंद कोशिश रहती है कि मैं न सिर्फ इस संबंध की तरफ, बल्कि ईश्वर से एक दूरी की तरफ भी ध्यान आकर्षित करूं, जैसे अकॉर्डियन फैलता और सिकुड़ता है. हमारे बीच आत्मीयता का रिश्ता है.
(एलेन टैन के साथ नासिर राबाह की बातचीत के आधार पर)

1.
समय को हम किस के लिए गाएँ
(अरबी से अंग्रेजी में अनुवाद- ऐमियल एल्कले, एम्ना ज्गाल और खालिद अल-हिली)
जंग ने मेरे लिए छोड़ा उन्हीं को दोस्त कहने के लायक जो मारे गए. मैं रात में
मोमबत्ती जलाकर मन्नत मांगता हूँ ताकि वे गुजर जाएँ मुझ में से होकर
सपने में, नश्तर या खांसी की तरह, इसने छोड़ा नहीं मेरे पास यादों की भीत पर खिड़की सा हृदय जहाँ खड़ा हो सकूं, कोई गली नहीं कि जब
जुनून लहराए अपना रूमाल और पंछी उड़ें और गीत कराह उठें,
क्योंकि भूला नहीं गोलियों का तांबई स्वाद और
दिल में बिछुड़ने की गहरी गंध. भूला नहीं कि सुबह दरवाज़े पर
अख़बार डालने वाले की तरह प्यार बांटने वाला हाथ अब
हर रात तकिए के नीचे उनके अवशेष इकट्ठे करता है, उन्हें सहेजता है
घरेलू पुस्तकालयों में पुरानी इच्छाओं और बासी चुम्बनों के बगल में.
तो किस के लिए पढ़ें अल-फ़ातिहा? जो मर गए
वो मर गए हाथ में सब्जी की टोकरी और फलों की
खुशबू लिए, उनकी जेब में बस का टिकट और पीजा बनाने की नई
विधि ! तब हम किसको सुनाएँ वक्त के बारे में, क्योंकि कोई नहीं
बचा इंतजार के फुटपाथ पर जो बस में न चढ़ा हो
मुझे और सुबह की भीड़ को छोड़कर, जहाँ जंग ने हमारे लिए कुछ नहीं छोड़ा
सिवाए फूलवाले और कब्रिस्तान के बीच की दूरी के.
2
शुरुआती गैरमौजूदगी
(अरबी से अंग्रेजी में अनुवाद- ऐमियल एल्कले, एम्ना ज्गाल और खालिद अल-हिली)
ज्यादा वक्त नहीं है कि कैसे सीखा जाए बजाना उस साज़ को
जिसकी आवाज़ घर में सीढ़याँ चढ़ते तुम्हारे कदमों सरीखी हो, या
चाहत की थकावट से हवा को साफ करते हुए तुक में बंधे गीतों को गाना,
ज़्यादा वक्त नहीं है वसीयतनामे के लटकते गमलों में
तुम्हारे कपड़ों के रंग के फूल लगाने के लिए, और इन सारे दरवाज़ों पर
स्कार्फ के चटख सफेद रंग करने के लिए, इतना भी वक्त नहीं है कि
दालान का घास काट लिया जाए और ऐसा लगे कि यह
जल्दबाज़ी में जाग उठा है तुमसे मिलने के लिए, नहीं है इतना वक्त
हमारे पास कि खिड़कियों को समझाएँ वजहें और मौके कि
मुँह अंधेरे क्यों उतर आई कुरान बारिश की तरह,
पड़ोसी क्यों उठा लाए अपनी कुर्सियाँ अपने साथ, और
शोक संवेदनाएँ अपनी जेबों में, जो बिखेर दीं उन्होंने
दहलीज़ों पर नमक की तरह, जबकि घर पर
न पंछी थे, न माताएँ.
3
पानी प्यासा पानी के लिए
(अरबी से अंग्रेजी में अनुवाद- ऐमियल एल्कले, एम्ना ज्गाल और खालिद अल-हिली)
बस होता यह है कि मैं अपनी कमीज़ की जेब में ख़ालीपन बटोरता हूँ
और दौड़ पड़ता हूँ मानो मुझे काम करने हैं या मेरा पीछा कर रहा है कोई
भ्रम, हो सकता है ख़ालीपन और मैं आपस में दुआ-सलाम करें और फिर एक
नई कविता की पहली पंक्ति पर अपने अपने रास्ते निकल जाएँ, मैं चला जाऊं
उदास दिलों में ख़ाली जगह तलाश करने, कि शोक की कूक फूट रही है
बांसुरी से, उसकी चुप्पी को तोड़ते हुए. यह हमारी थाली के कमतर आधे को
असीस देती है, भरे-पूरे आधे से. मेरा ख़ालीपन गरीब गुरबों की दया से, और गलियों से
ख़ारिज बूढ़ा आदमी है, पानी के एक घूंट के लिए
वक्त को तराशता हुआ, और मैं भाषा और शेखी में घड़ता हूँ
अपनी मरीचिका. आओ, मेरे पास बैठो, बूढ़े पाज़ी, कुछ नहीं सुनूंगा
हम इतने एक जैसे हैं, कि कोफ़्त होने लगती है.
4
निशाचर प्रेत
(अरबी से अंग्रेजी में अनुवाद- ऐमियल एल्कले, एम्ना ज्गाल और खालिद अल-हिली)
त्यागे हुए कपड़े निकल आते हैं रात को बाहर,
वे मटरगश्ती करते हैं ठंडे कमरों में,
अपने मालिकों के लफ्ज़ पहन कर,
वे प्यार करते हैं, वे नफ़रत करते हैं, वे चीखते हैं,
वे सोने लौट जाते हैं सुबह के शोरोगुल से पहले.
कपड़े अंधेरे में, दबे विस्मृति में, हमारे प्रेत हैं.
निद्राविहीनता में, जो निकलती है छतों को हमारे घूरने से,
कदमों में, जो जमा है घरों की दहलीजों पर
प्यार से निर्वासित पतझड़ के पत्तों के ढेर की तरह.
कपड़े, उस वक्त की चाह के खजाने हैं जो लौटेगा नहीं,
और गीत जो भूले नहीं जा सकते.
रात को अलमारी खुली न रखो
बूड़ी संतप्त आत्माओं को सदा के लिए चैन से सोना है.
5
खिड़कियों वाला दिल, जिसमें दरवाज़े नहीं हैं
(अरबी से अंग्रेजी में अनुवाद- सालेह रज़्ज़ौक़ और फिलिप टेरमन)
एक)
उसने गीत गाया …. धुन पूरी तरह याद थी.
मरा, जब फिसलता चला गया उम्मीद जैसी अंतहीन गलियों में,
जैसे बागीचे की हवा को रफू करते हुए, तुकों में बंधी धूल की तरह दीवार पर अपने जोश को उड़ेलते हुए.
गुलाब की तफसील में भरमाया उसके नामों को याद करने की कोशिश करते हुए.
गायक मर गया, गीत हैं जैसे कब्र के संगमरमरी पत्थर.
उसकी छाती ने कैसे झेला होगा
खिलता हुआ सूखा कारतूस?
आह ! जो हर रोज़ मरते हैं हादसे में, तबाही में खलल नहीं डाल सकते.
बाड़ पर झपकी लेने के लिए रुकते नहीं
तेज़ कदमों से चलते हुए.
सड़क के लिए मुसकुराओ ताकि यह पक्का हो जाए कि वह तुम्हारे जख्मों में फ़ातिहा न देखे.
फाड़ दो एक आम दिन को, फेंक दो खिड़की से ठीक
नीचे
पहियों के.
हालांकि है यह एक दिन.
दो)
मैंने देखा एक बादल दौड़ रहा था. मैंने उसका पीछा किया जब तक मेरा घर खो न गया.
मैंने देखी एक सड़क नीचे उतरती हुई, उसे एक राइफल दी, और लौट आया
बिना टांगों के. मैंने एक खोई हुई औरत देखी किसी ज़ख्मी के कपड़ों को
अपनी अंगुलियों पर लपेटते हुए. मैंने उस पर रुदन का पत्थर मारा. मैंने
जर्द आईने से निकलते आते गीत देखे और मैं थक गया,
मैं सो गया. कौन परवाह करता है आईने की नींद में! कौन
परवाह करता है गाने की जब लौट रहा हो जंग से पीला पड़ा हुआ?
तीन)
तुम रात में चीजों की तफसील खांस-खांस कर क्यों बताते हो ?
मेरे डूबे हुए जहाज़ जाग रहे हैं. समुद्र उन्हें मेरे दिल के किनारे पर बांध देता है,
मरे हुओं के नाम बार बार गाते हुए गीत की तरह.
मैं कोशिश करता हूँ तब भी न शर्माऊं जब यह मेरा नाम लेता है.
अपने दिल की अंगुलियों से मैं कैसे गिनूं अपने सितारों को
जो इतिहास की किताबों के लंगर से बंधे हों ?
न कोई जीवनरक्षक कवच, न किश्ती… और हम हैं यहाँ …
ज्वार ने चुरा लिया मेरा मुल्क,
मेरे बिस्तर की तरह, मेरे दिवास्वप्नों की तरह.
चीजों की तफसीलें खांस-खांस कर क्यों बताई जा रही हैं अंधेरे में ? संदेह की पगलैट बारिश
पड़ोसी की खिड़की से घुस रही है मुझे गाली देती?
जैसे मैं उसे गाली देता हूँ. घड़ी जम गई है.
मुझ पर रात के पानी को जोतने का इल्ज़ाम है.
मेरे पीछे खांसी की दवा गिर जाती है.
| नासेर राबाह फिलीस्तीनी कवि नासेर राबाह का जन्म 1963 में हुआ. उन्होंने कृषि विज्ञान में 1985 में स्नातक की उपाधि प्राप्त की. इनके छ: कविता संग्रह हैं – गाज़ा: द पोइम सेड इट्स पीस (2025), इयोलोजी फॉर द रॉबिन (2021), वॉटर थर्स्टी फॉर वॉटर (2017), पासरबाई विद लाइट क्लोद्स (2014), वन ऑफ नोबडी (2011) और रनिंग आफ्टर डैड गजाल्स (2003). इनके दो उपन्यास भी हैं – द एन्क्लोज़र ऑफ द गज़ाल (2024) और सिंस एपरॉक्सिमेटली ऐन ऑवर (2018). इनकी कविताओं का अंग्रेज़ी, फ्रांसिसी और हिब्रू में अनुवाद हुआ है. |
अनूप सेठी (10 जून, 1958) के दो कविता संग्रह ‘चौबारे पर एकालाप’ और ‘जगत में मेला’, अनुवाद की पुस्तक ‘नोम चॉम्स्की सत्ता के सामने’ दो मूल और एक अनूदित नाटक प्रकाशित हैं. कुछ रचनाओं के मराठी और पंजाबी में अनुवाद भी हुए हैं. मुंबई में रहते हैं. anupsethi@gmail.com |




बहुत अच्छी कविताएँ हैं।