• मुखपृष्ठ
  • समालोचन
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
No Result
View All Result
समालोचन

Home » शिरीष ढोबले की कविता : तेजी ग्रोवर

शिरीष ढोबले की कविता : तेजी ग्रोवर

by arun dev
October 21, 2026
in समीक्षा
Reading Time: 8 mins read
A A
शिरीष ढोबले की कविता : तेजी ग्रोवर
फेसबुक पर शेयर करेंट्वीटर पर शेयर करेंव्हाट्सएप्प पर भेजें
शिरीष ढोबले की कविता
तेजी ग्रोवर

 

यह संयोग नहीं रहा होगा कि अन्य तत्त्व को स्पर्श करते ही मेज़ पर पड़ी मॉरिस ब्लांशो की पुस्तक FRIENDSHIP से यक-ब-यक मानो एक गमकती शुआ उठी. जैसा कि अक्सर होता है ग्रन्थ हमेशा पढ़ने की इब्तिदा करने के लिए नहीं खोले जाते, वाक लेने के लिए भी खोले जाते हैं. सिख परम्परा में रब्ब से हुक्मनामा लेने की गर्ज़ से अरदास के बाद गुरु ग्रन्थ साहिब को कहीं से भी खोला जाता है. पन्ने का पहला वाक्य वाक होता है, या रब्ब का हुक़्म. इस पंक्ति को उस समय के लिए गुरु का सीधा उपदेश या मार्गदर्शन माना जाता है.

मॉरिस ब्लांशो की FRIENDSHIP से मुझे हुक्मनामा क्या मिला? नौंवी शताब्दी के प्रसिद्ध सूफ़ी सन्त कवि और विचारक मंसूर-अल-हल्लाज की यह उक्ति:

“मेरे और तेरे बीच एक ‘मैं हूँ’ है जो मुझे प्रताड़ित करता है, आह! अपने ‘मैं हूँ’ से मेरे ‘मैं हूँ’ को हमारे बीच से हटा डालो.”

अन्य तत्त्व पद पर इस उक्ति की रोशनी पड़ जाने के बावजूद, मैं जिज्ञासावश अन्य तत्त्व की व्यञ्जना की खोज में फिर से निकल पड़ी. एकबारगी मुझे लगा पञ्चतत्त्व और अनासिर-ए-अर्बा में जो एक तत्त्व का फ़र्क़ है, वह आकाश है. क्या अन्य तत्त्व वही है?

हल्लाज को “अनल-हक़” का दावा करने की क्या सज़ा मिली, नौ वर्ष भीषण  यातना देने के पश्चात उन्हें मौत की सज़ा सुना दी गयी. अनल हक़ क्या है: मैं सत्य हूँ, या मैं ख़ुदा हूँ. अन्य तत्त्व अब रेशा भर भी शेष नहीं बचा था. न ही नीत्शे के लिए, जो ख़ुदा मर चुका है कहने के छह वर्ष बाद किसी मित्र को लिखे विक्षिप्त खतों में इतालवी भाषा में एक सरसामी सफ़र पर निकल पड़े थे, I am God का दावा करते हुए. यह भी कहते हुए, इस स्वांग की सृष्टि मैंने ही की है. विक्षेप और आध्यात्मिक अनुभूति की चरम अवस्थाओं में क्या मानुस के मुख से उन्हीं शब्दों का उच्चार होता है? और इसके मध्य कवि कहाँ है? शब्दों के झंझावात की गिरफ़्त में आया एक बिम्बधर्मी और अत्यन्त कल्पनास्मृद्ध कवि जिसने अपने शब्दों के चयन में ही एक सृष्टि का सन्धान किया है, इन दोनों अवस्थाओं के बीच कवि की जगह कहाँ है? और जब इस कवि के “शब्दों से जब गढ़ा जाता हो नि:शब्द,” तब क्या होता है?

ऐसे में इन कविताओं में एक स्वर और लगता है जो मुखर और उद्विग्न है, पूछता है “प्रेम क्यों पसरा है इतना/कि दृष्टि का क्षय हो उसके गन्ध से?” विरह का महासागर भी एक द्वीप का अवकाश प्रेम के लिए बचा कर रखता है, कि उसकी सतह पर प्रेम दूब की तरह पसर कर फैलता रहा करे: वही द्वीप जिसके आकाश पर प्रेम

“छाया हुआ हो
मेघ दल की तरह…
जुगनुओं की तरह उड़ते हों स्पर्श”.

किसी और प्रसंग में स्पर्श ऐसा है जैसे इच्छा हो. यदि विरह के महासागर में डोलते एक द्वीप पर प्रेम दूब की तरह पसरा है… तो क्या हमें एक अन्य मित्र कवि का लिखा कुछ याद आना चाहिए: “विरह प्रेम का अनन्त है”[1]?

 

 

 

दो.

इन कविताओं में कवि को अन्य तत्त्व की पगडण्डी पर चलते हुए अपने क़दमों के पीछे उस पगडण्डी को मिटाते चले जाने का श्रम भी मिला है. उसका यह मार्ग शनै: शनै: विनय और विरह का मार्ग होता गया है. (कवि शिरीष ढोबले  को इस बात पर घोर आपत्ति थी कि कवि विनयशील भी हो सकता है. उसका मानना है कि कविता हस्तक्षेप होती है, इसलिए कवि में विनय जैसा कुछ नहीं होता. एकमात्र मिसाल जो उसे याद थी, वह तुलसीदास की थी. कुछ सोच-समझ कर मैंने उसकी यह बात मान भी ली. अगर उसका कवि विनयशील नहीं है तो उसे पता होगा कि उसमें विनय नहीं है. लेकिन उसकी कविता में जिस तत्त्व को मैं विनय का लक्षण समझ रही थी, उससे मेरा पाठ प्रभावित हो रहा था, सो मैंने उसमें कोई बदलाव नहीं किया.) विरह और विनय का यही मार्ग बिम्बों के बौराये हुए बाहुल्य, रति की असम्भव भंगिमाओं और इसके साथ-साथ अपरिग्रह का मार्ग भी है.

कविता से इतर कवि की विनय की पहली मिसाल इन कविताओं पर मित्र मदन सोनी के निबन्ध पर उनकी टिप्पणी की है. इन कविताओं से अधिक रुचिकर पाठक को लगेगा, कवि का ऐसा मानना. निश्चित ही वह निबन्ध इन कविताओं से कम रुचिकर नहीं है. वह पाठ वर्षों की पाठकीय साधना का फल है. यह इसलिए कि मदन सोनी की तमाम कविता उनके निबन्धों में लिखी जा रही है. उनका तमाम दर्शन भी. कविता न लिख पाने की पीड़ा भी. अन्य तत्त्व में सहेज ली गयी मदन सोनी की कविता, दर्शन और पीड़ा इस किताब के आकर्षण को निश्चित ही बढ़ा देते हैं.

 

 

शिरीष ढोबले

तीन.

अन्य तत्त्व शीर्षक का चयन अपने आप ही में का कवि की गहन गाढ़ी गहरी नीलवर्णा ख़ाकसारी का संकेत देता है. ऐसे किसी कवि की मिसाल हिन्दी में ढूँढना कठिन होगा जो अपने काव्य की सत्ता को ही नहीं, उसके असत को भी भीतर ही भीतर महसूस करते हुए दशकों से हठयोग करता आ रहा है. यह कवि अपनी पाण्डुलिपियों को लेकर हैरतअंगेज़ उदासीनता की भी एक मिसाल क़ायम करता है, कभी-कभी अपनी लिखी कविताओं की विस्मृति का शिकार होकर किसी तीसरे पाठक से तीस वर्ष पहले सहेजी गयी उसकी कविताओं को पहले या दूसरे पाठक के माध्यम से माँग कर विस्मृति भंग करने का उपक्रम करता है.

अब जब तीसरे पाठक का राज़ खुलने-खुलने को है, हम कवि की ख़ाकसारी की ओर लौट चलते हैं. लेकिन इससे पहले यह ज़िक्र करना भी ज़रूरी लगता है कि इस कवि की लिखी एक लम्बी और अविस्मरणीय कहानी महारास जो किसी अख़बार के साहित्यिक पन्नों में छपी थी, वह भी अब किसी अभिलेखागार में नहीं बची. तीसरे पाठक ने उसे ढूँढने की नाक़ाम कोशिशें कीं, और अब वह सिर्फ़ उस कहानी की बाह्य रेखाओं को ही अजनबियों के सामने प्रस्तुत करते रहने को बाध्य है. वह इन रेखाओं को अपने लिए भी बारबार खींच कर देखता है. कहीं वे भी तो उससे हिरा नहीं जायेंगी? महारास कृष्ण के प्रेम में पड़ी चार ऐसी स्त्रियों की कहानी है जो कृष्ण से वस्ल का वरदान मांगती हैं. इस जन्म में तो नहीं, अगले किसी जन्म में उनकी यह अभिलाषा पूरी होनी है. वे विरहणियाँ अपनी-अपनी प्रणय-वेदना को सहती हुईं पता नहीं कितने जन्मों के पार एक ही साथ प्रकट होती हैं. इतना भर याद है तीसरे पाठक को. इस कहानी का अन्त कैसे हुआ, यह तीसरा पाठक बाद में बतायेगा. अपने जीवन और मृत्यु का भरम किये बिना किरदार बने रहते हैं, अपने-अपने काज संवारते. इस कवि की कहानियों और कविताओं में भी इसी तरह नैरन्तर्य बना रहता है.

 

 

 

चार.

वह नक्षत्र जिसकी देहरी पर कवि नक्षत्र होने के लिए ठिठका खड़ा है, तत्क्षण वह स्वयं को नक्षत्र होने का सुपात्र न मानते हुए, स्वयं को उस नक्षत्र की देहरी में रूपायित कर लेता है. वह हर क्षण अनल-हक़ के क़रीब पहुँचते हुए, अपनी खुदाई को मुल्तवी करता चलता है, भले ही उसकी कविताओं में तीसरे पाठक को वह मंसूर-अल-हल्लाज नहीं तो नीत्शे के अनल-हक़, यानि उसके खुदाई के दावे की लिखित हूक साफ़ सुनायी पड़ती हो, उसके इडिऑस कॉसमॉस की हूक, यानि वह दुनिया जिसका रचयिता वह ख़ुद है, उसकी हूक. यह रचयिता अपनी कहानी महारास की एक विरहणी नायिका है, जो अपनी प्रेम कहानी से बिछुड़ गयी है. उसने जिस सृष्टि का सृजन किया है, जिस विरह का, उसकी हूक ही वह अन्य तत्त्व है, जिसे पूरने उसे जन्मों-जन्मांतरों की प्रतीक्षा करनी है. इस बीच उसे अपने बिम्बों के विक्षेप और उनके असहनीय सौन्दर्य को सहना सीखना है. मानो वह पृथ्वी ही का सौन्दर्य हो, जिसके सम्मुख हमारी आँखें चौंधिया जाती हैं, हृदय फटता है, अपने वे मित्र-परिजन याद आते हैं जो हमारे संग यात्रा पर नहीं आ सके, जिनका अभाव हमारे आनन्द में, हमारी पगलायी आँखों में कण्टक की तरह गढ़ता है. भले ही उनमें कुछ मित्रों से आपका वर्षों का अबोला रहा आया हो, तब भी, विरह घेर लेता है आपको, सौन्दर्यानुभूति के चरम क्षणों में. आप उनके हाथों में पेंसिल से मार्क की हुईं शिरीष की सभी किताबों उच्चारण, यह तो विरह है, अन्य तत्त्व की प्रतियाँ देखना चाहते हैं. ऐसा क्यों होता है आपके साथ? मसलन, देखेँ, यह कवि अपनी रची हुई दुनिया में अश्वों को किस तरह का अवकाश देता है:

अश्व उतरते हैं
महानद की गहरी वेगवान धारा में
अपनी पीठ से अश्वारोहियों की गन्ध
और मन से उनकी स्मृतियाँ छुड़ाने

यह बात भी ग़ौरतलब है कि इस कवि की सृष्टि में कुछ प्रसंगों में गन्ध पुल्लिंग है, कुछ में स्त्रीलिंग. संस्कृत और हिन्दी. आप इन कविताओं को फिर से पढ़िएगा. देखें पुल्लिंग और स्त्रीलिंग गन्ध के प्रसंग और प्रयोजन क्या हैं, काव्य-हेतु क्या हैं उनके. केवल संस्कृत और हिन्दी के ही विभिन्न रजिस्टर  नहीं हैं इस कविता में, इस सरसामी कवि में, उर्दू, मराठी और फ़ारसी के विभिन्न रजिस्टर भी हैं. मराठी का शब्द “फूलपाखरू” अपने आप में पूरा हाइकू ही जान पड़ता है. मुझे नहीं ज्ञात मानुस जात की स्मृतियों का गन्ध छुड़ाते, इन अश्वों के कोई शास्त्रीय प्रसंग हैं या नहीं, या कवि ने ख़ुद ही ऐसे शास्त्र की रचना की है, जिससे कि वह खिन्न है: तब भी निज शास्त्र को रचे बिना वह मेज़ से उठता नहीं है. यह जानते हुए भी कि खरे कथा कहानी अधिकांश  मर्त्यों के हिस्से में नहीं आयेंगे, वह यह कहकर ही मेज़ से उठता है:

शास्त्रों से भटका
खोटी कथा लिखी

वह विरला ही होगा जिसे कवि के गढ़े अश्वों को देखकर नीत्शे का एक घोड़े से लिपटकर रोना याद न आता हो. या आँख के पर्दे पर कौंध न जाती हो बेला टार्र की फ़िल्म The Turin Horse॰

 

 

पांच

“कारागृह के द्वार पर
बन्दियों से मिलने आयी
उनकी विधवा महतारियों वाली
कतार में खड़ी
वह अख्मातोवा
, वही जिसने कई बार प्रेम किया”,

“अपने पिता का स्मरण करते
साँवला मुख सलोना
वही मन्द स्मित
स्वप्न में देखा…. मैं यह भी कहना चाहता हूँ
कि मैंने
धूल का एक कण भी बैठने नहीं दिया
न नीले पर्दे पर
न पिता की स्मृति पर
और न कवयित्री पर.”

ज्वर से उठता यह सम्पूर्ण सरसामी काव्य गहरे दायित्व बोध से सराबोर है. रामू (रामचन्द्र) गाँधी की विश्वदृष्टि में सबसे अहम विश्वास या अवधारणा trusteeship (अमानतदारी) की है. इन कविताओं में अमानतदारी की काव्यात्मक मार्मिक छवियाँ बिखरी हुई हैं. तभी पिता और अख्मातोवा और नीला पर्दा अभी तक कवि की स्मृति में शफ़्फ़ाफ़ और महफ़ूज हैं. उसी दायित्व के सदके वह पृथ्वी पर एकाग्र है, उद्विग्न है उसे देखकर, महसूस करके उसे, वह व्यथित है. अपनी एक प्राचीन कविता में यह कवि कहता है,

“जितना सरल है पृथ्वी पर होना
शायद उतना सरल नहीं है
पृथ्वी होना.”

जिस कविता से ये पंक्तियाँ यहाँ उद्धृत हैं, शायद यह कविता किसी किताब में आयी भी नहीं है. वसुन्धरा को ही सम्बोधित, अन्य तत्त्व में एक अन्य कविता:

“तुम्हारे नद, तुम्हारी नदियाँ
काले पाषाण पर उथली उकेरी
रेखाएँ रह गये हैं
और पर्वत
मिट्टी के
, राख़ के
और
कंकालों के टीले.”

फिर कवि को किसी स्त्री के लिए ऐसी करुणा उमड़ती है, या वसुन्धरा के लिए, यह कहना मुश्किल है. वह लगातार दोहन और प्रताड़न की शिकार वसुन्धरा से पूछता है:

“कड़ी धूप में पैदल जाती
किसी घर के बासन माँजने
क्या यह तुम हो
?”

वाक़ई वसुन्धरा का और कोई पर्यायवाची इस प्रसंग-विशेष में प्रयुक्त नहीं हो सकता था: वह रत्न-गर्भा जो सभी माणिक-रत्नों, धन, खनिज और अन्न को धारण किये रहती है. अपना समस्त वैभव खोकर वह अब बिना नागा के दासत्व में बन्ध गयी है.

“करधनी” शीर्षक से एक कविता का पूरा दृश्य इस क़दर सुनील है कि पढ़ने वाला भी वसुन्धरा के समान देह चुराता एकबारगी डोल जाता है. नीलवर्ण के इस गम्भीर ऐश्वर्य को ज़रा सुनें:

“नीले नीरभ्र आकाश
के नीले प्रकाश में
गाढ़ा नीला पक्षी एक
सृष्टि के अपरिमित वृत्त का केन्द्र
रुकता है एक नीली छत पर
क्षण भर
और उड़ जाता है.”

किसी अन्य गाढ़े नीले पक्षी के किसी अन्य नीली छत पर तनिक ठहर जाने से क्षिप्रा अपने झीने वस्त्र सम्भालती अपने पथ पर आ जाती है फिर एक बार. नीली ओढनी ओढ़े एक स्त्री को क्षिप्रा से जल भरते हुए अपनी करधनी चुभती है.

“क्षिप्रा का जल रुका हुआ क्यों लगता है
वह विचार करती है
अपने आभूषण की पीड़ा बिसरा के.”

मैं कह नहीं सकती इस कविता का पाठ और पुनर्पाठ करते हुए मुझे अपनी सबसे प्रिय कविताओं में से वॉलेस स्टीवन्स की कविता “Thirteen Ways of Looking at a Blackbird” की इन पंक्तियों की याद क्यों आती रही:

“The river is moving
the blackbird
must be flying.”

काव्य की एकोलॉजी में स्मृति की यह कौंध किसी पाठक के आमफ़हम लमहों में शरीक रहती है. यही आमफ़हम लमहे उसे वुजूद के उस लतीफ़ धरातल पर ला उतारते हैं जहाँ वह कवि की श्यामा के परवाज़ में कवि की क्षिप्रा को बहते हुए देख-सुन सकता है. आभूषण की पीड़ा को भूल कर स्त्री क्षिप्रा के प्रवाह पर विचार करती है. उसके स्वयं का दिन रुका हुआ है, ठहरी नदी से वह घड़ा भरने में संकोच करती है. उसके मन में नदी के प्रति ममत्व उमड़ता है. अमृतसम्भवा, मोक्षदायिनी, इस नदी के नाम का अर्थ ही तेज़ गमन करने वाली है. गाढ़े नीले पक्षियों के परवाज़ करने, नीली छतों से उनके उड़ने की क्रियाओं का नदी से सम्बन्ध-विच्छेद हो चुका है. केवल एक ही कविता की स्पेस में उन्हें साथ-साथ रखने से क्षिप्रा अपने नाम के लायक हो सके, यह कविता वैसी दुआ का उच्चारण है.

कहीं-कहीं जहाँ कुपित होते होंगे देवता, इस कविता में वे जगहें भी महफ़ूज हैं. जहाँ एक पल में अनन्त झर जाता है, भले ही किसी तीसरे पाठक के लिए. कवि विनम्र दावा करता है

 “शब्द थे उतने नहीं
जितना झरता था उजास,”

उसे लगता है वह भाषा से छल करता है, शब्द से छल करता है, उसे अक्षर इस विलग जानता रहा; अश्व से उसकी टापों को, अपने होने की लय समझता रहा. एक विशेष श्वान कवि की प्रतीक्षा करते-करते सूखे पोखर के पास खड़ा-खड़ा  कृशकाय हो चुका है. तीसरे पाठक को लगता है उसने उस श्वान-विशेष को पहचान लिया है जो कवि के लिए आया है. कवि को दुख है वह उस श्वान को पहचान नहीं पाया. यह सब पाठक और कवि के बीच एक खेल में रूपायित होता चलता है. इस कवि को पढ़ने के लिए उन अभिप्रायों, उन महाकाव्यात्मक, मिथकीय और पौराणिक ध्वनियों से जिस पूर्व-परिचय की अपेक्षा करता है वे कवि और पाठक के साझे भूगोल से कहीं आगे निकले हुए हैं. कवि जिस प्रतिभा से स्वरचित सृष्टि में जिन तत्त्वों के दखल का समन्वय करता है, उसमें कभी-कभी एक शॉर्ट-सर्किट सा हो जाता है. यह देखें:

शव के चले जाने के बाद पथ पर पड़े रह गये फूलों से
वही पसरती है सुगन्ध जो वेणी में गूँथी शेवन्ती से.

रुक कवि को यहीं जाना था. वह रुक नहीं पाया. यहाँ वह उस इडीओस-कॉसमॉस के सम्पादन में चूक गया, जिसमें कविता में ऊपर आये “असत नाद” के वहाँ बरजने हेतु रहे होने के बावजूद एक सम्पन्न (किन्तु प्रदत्त) विश्व-दृष्टि स्पष्टतया दखलअंदाज़ी कर रही जान पड़ती है. मैं अब इन चारों पंक्तियों को एक साथ उद्धृत करती हूँ:

शव के चले जाने के बाद पथ पर पड़े रह गये फूलों से
वही पसरती है सुगन्ध जो वेणी में गूँथी शेवन्ती से.
यह भी झूठ और

वह भी.

“यह चक्र” शीर्षक से कविता में:

निष्णात अभिनेता
मंच पर आते हैं
जाते हैं मंच से,
सधे हुए ऐसे कहते हैं वाक्य
जैसे साँस लेते हों

एक और कविता में कवि “अश्व से उसकी टापों को, अपने होने की लय समझता रहा.” अगर अश्वों की टापों और श्वास की लय से कविता कहीं-कहीं भटक जाती है, उसकी लय भंग होती है, तो उसका दुख कवि को सालता नहीं, ऐसा क़तई नहीं. किसी फ्रांसीसी कवि ने अपने एक निबन्ध में कहा था, “कवि का कान उससे बात करता है.” मुझे यह लगता है कि शिरीष ढोबले नामधारी कवि का कान बहुत बार उससे बहुत सुदीर्घ बात करता है; लेकिन कभी-कभी वह बिलकुल नहीं करता. कहा यह जा रहा था कि हमारा यह कवि मित्र बखूबी इस बात से वाक़िफ़ है कि उसी पर नहीं बल्कि सभी कवियों पर “महाप्राण कवि (यानि निराला) की अपर्याप्त छाया” है, बस वे कह नहीं पाते, जैसे शिरीष की एक प्राचीन कविता में पृथ्वी अपना राधा होना कह नहीं पाती. “महाप्राण कवि की अपर्याप्त छाया” शीर्षक से जो कविता है, उसकी पंक्तियाँ देखें:

रस, रंग, राग, नृत्य, न्याय, निरुक्त
कविता में व्याकरण का गुण-दोष
देने-पावने का लेखा होता रहे
मैं यहाँ अनुपस्थित जैसे चिह्नित होकर
उठ जाना चाहता हूँ सभागार से

अपनी कवि-सीमाओं को मुखरता और निर्भीकता से अपनी कविता में ही स्थान  देना और अपनी ओर से उन सीमाओं की जड़ों तक पहुँच जाने के प्रयास बहुत कवियों ने न किये होंगे. लेकिन मैं यह ज़रूर कहना चाहूँगी कि यह स्वीकार-भाव भले ही अन्य कवियों में न हो, लेकिन ऐसा कौन कवि होगा जो अपनी कृतियों की सीमाओं को लेकर यदि कह सके तो अपनी कविता में नहीं कहेगा, लेकिन इस कहन में फिर छन्द का अभाव भी न होगा. मिसाल के लिए “प्रतीक्षा” शीर्षक से इस कविता की कुछ लयपूर्ण पंक्तियाँ देखें:

छन्द से अधिक थी
प्रणय के ज्वर की गति
स्वरों से पार चला जाता था
अधरों का परिग्रह

इस काव्यांश में छन्द और प्रणय के ज्वर की गति सम पर हैं. अधरों का परिग्रह स्वर को भी साध ले रहा है. पाठक सहज ही चाहने लगता है उसे अपने प्रिय कवि की किसी भी कविता में स्वर-साधना का श्रम ख़ुद न करना पड़े. लेकिन उसकी इच्छा पूरी हो, यह सम्भव नहीं है. उसके कवि-मित्र उदयन वाजपेयी का मानना है कि पाठक को शिरीष ढोबले की कविता को “ख़ुद पूरा करना है.” कवि की ऐश्वर्यशाली सृष्टि में नुक़ता भर काम सहृदय का भी हो. यह तो किसी भी कविता की माँग होगी, लेकिन शिरीष की कविता में अगर संगतराश की जगह दिखने लगे, तब? मुझे स्वयं शिरीष की कविता पढ़ते समय यह लगा कि काश मैं इस ऐश्वर्य से छैनी लेकर अपने लिए वह कविता तराश सकूँ जो इसमें छिपी हुई है.

माइकेलएंजेलो की इस उक्ति से कौन उपकृत न हुआ होगा:

“मैंने संगमरमर में छिपे फरिश्ते को देखा और तब तक तराशा जब तक उसे रिहा नहीं कर दिया.”

मैं एज़रा पाउंड की वह सामर्थ्य भी नहीं रखती जिसके सदके वे एलिअट की पण्डुलिपि में से “द वेस्टलैंड” को तराश कर हम सबके लिए रिहा कर पाये. किसी शोधकर्ता की रुचि भले ही हो कि वह बीसवीं शताब्दी की सबसे अविस्मरणीय कृतियों में शुमार इस कविता की मूल पण्डुलिपि को बाँचता फिरे, लेकिन सामने आने पर भी मैं मूल पण्डुलिपि को देखने से ख़ुद को बरज ही देना चुनूँगी, भले ही वर्षों से मुझे जिज्ञासा रही हो कि एक नज़र उसे देख ही लेना चाहिए.

मैंने अपनी सीमाओं के चलते इस संग्रह की एकाधिक कविताओं का कुपाठ भी किया हो सकता है; लेकिन कई बार यह गुमान ज़रूर हुआ कि जिन कविताओं में अर्थलाघव का अभाव है, कमोबेश वही कविताएँ शब्दाधिक्य की चपेट में आकर श्वास की लय खो देती हैं. शब्दों का ऐश्वर्य तब तक ही बना रहता है जब तक शिल्प के छन्न से गिरने की ध्वनि उनके मौन को भंग नहीं करती. अन्य तत्त्व से पहले छपे संग्रहों उच्चारण और पर यह तो विरह है में शब्दाधिक्य नहीं था, और श्वास की लय/ अश्वों की टापों की लय से कवि की अपने होने की लय महसूस होती थी. नये संग्रह में भी ऐसा होता है, लेकिन सभी कविताओं में नहीं. यहाँ “अधरों का परिग्रह” इतना अधिक है वह “स्वरों के पार चला जाता” है. “ज्वर से उपजा सरसाम” सरसाम के रूपक को छिन्न कर देता है. कविता को लेकर जो भी पूर्वधारणा किसी सहृदय की रही हों, वे किसी न किसी मुक़ाम पर आकर उसी के द्वारा प्रश्नांकित हो उठती है. कविता में शिल्प क्या है? शिरीष ढोबले की कविता के  पाठक को मॉरिस ब्लांशो की इस उक्ति पर मनन करना चाहिए, उस संसार को चीन्हने हेतु जो कविता में अपने ही किसी आवश्यक अंश में प्रकट होता है:

शिल्प संसार के उन तत्त्वों को रूपाकार देने का काम करता है जो संसार को उसके किसी आवश्यक अंश की ओर उन्मुख करते हैं.

 

 

छह 

जिस कवि ने कहा है कवि का कान उससे बात करता है, उसी फ्रांसीसी कवि ने कभी यह भी कहा था, “किसी भी कवि के लिए तीन ही पाठक दरकार हैं. कवि के दो पाठक तो उसके मित्र होते हैं; तीसरे की तलाश वह जीवन भर करता है.” शिरीष ढोबले की कविता को बहुत शुरू ही में अपने दो पाठक मिल चुके थे. वे अभी तक उसके पाठक हैं. उनमें से एक खुद भी कवि है. दो की संख्या की व्यञ्जना का मान करते हुए, अब तीसरे पाठक की ओर चलें. वह भी रेत नाम है मेरा जो शिरीष का पहला संग्रह था, बल्कि अपने अन्य दो मित्रों के माध्यम से इस नन्हे से संग्रह के प्रकाशन से भी पहले शिरीष की कविता तक पहुँचा होगा. उसने भी यह सोचकर अन्य तत्त्व के भावी कवि की ओर इस शिद्दत से मैत्री का हाथ बढ़ाया होगा मानो मित्रों के मित्र तो मित्र ही होते हैं. अगर इस कवि को अपने तीसरे पाठक से हाथ मिलाने की प्रेरणा अपनी युवावस्था में ही मिल जाती, यानि वह इस बात को स्वीकार कर लेता कि उसे तीसरा पाठक मिल चुका है, तो भला वह आजीवन किसकी खोज और प्रतीक्षा और किसका आविष्कार करता?

किसी भी कवि का यह काम भी होता है कि वह तीसरे पाठक को जानते-बूझते हुए भी उसकी अनदेखी करे. या अगर वह अड़ियल स्वभाव का हुआ और लगातार अपने पाठक होने की सुपात्रता की ओर कवि का ध्यान आकर्षित करने के प्रयास करता रहता है, तो फिर कवि को उसका वध  करना पड़ता है. अन्य तत्त्व शीर्षक इस विधि भी चरितार्थ होता है.

अन्य तत्त्व जब मूल कवि की प्रेरणा से जान की बाज़ी लगा देता है तभी इस सम्पूर्ण महारास की गोपियों को पुरुष जन्म मिलता है, और पत्नियों के रूप में, अपने वादे के अनुरूप, कृष्ण चार पुरुषों को सुखद गृहस्थ जीवन देकर उन्हें मृत्यु के रास्ते अपने दिव्य-धाम ले जाते हैं. अन्य तत्त्व की कविता में पुरखों के काज जीवन और मृत्यु पर आश्रित नहीं हैं. जैसे कवि के पुरखों को अपने समय में,

“बात कोई हो
सुनता था पूरा गाँव
पुरखों का इतना मान था पंचक्रोशी में, फिर भी जिनका जीवन ऊबड़-खाबड़ और कंटकाकीर्ण था,
लेकिन अब ठीक है
धन्य-भाग!
उनमें से ही किसी के कहने से
कवि का जोग जुड़ा.”

जीते जी हमारे पुरखे अपनी सन्तान के लिए वर माँगते रहे होंगे, वैसे ही वे दिव्य धाम में अपने वंशजों में से किसी शिरीष को अपनी वंशावली में अनासक्त योगी की तरह चीह्नते हुए उसके कवि हो जाने की अनुशंसा उस प्रकाश-पुञ्ज से करते होंगे. वह राग में बिन्धा रहे, इसमें ही तीन पाठकों का स्वार्थ भी जुड़ा है. उन पुरखों का आभार जिनमें से किसी एक ने हमारे इस अनासक्त मित्र के कवि हो जाने की अनुशंसा की होगी. सन्त चोखामेला को समर्पित एक कविता से आप उस कवि की चित्त-वृति का अनुमान लगा सकते हैं जो चन्द्र्भागा में स्नान करते हुए सन्त चोखामेला से कुछ इस तरह मुख़ातिब है:

मैं जानता
कि तुम कोरे पाषाण नहीं होतुम जानते हो काया में मेरी
आत्मा में मेरी
एक भी दरिद्र रेशा नहीं है.
_____________________________________________

[1] उदयन वाजपेयी की एक कविता का शीर्षक

यह संग्रह यहाँ से प्राप्त करें 

 

तेजी ग्रोवर, जन्म 1955, पठानकोट, पंजाब. कवि, कथाकार, चित्रकार, अनुवादक. छह कविता संग्रह, एक कहानी संग्रह, एक उपन्यास. आधुनिक नॉर्वीजी, स्वीडी, फ़्रांसीसी, लात्वी साहित्य से तेजी के बीस पुस्तकाकार अनुवाद प्रकाशित हैं. प्राथमिक शिक्षा और बाल साहित्य के क्षेत्र में भी उनका महत्वपूर्ण हस्तक्षेप और योगदान रहा है. तेजी की कृतियाँ देश-विदेश की तेरह भाषाओँ में अनूदित हैं; स्वीडी, नॉर्वीजी, अंग्रेजी और पोलिश में पुस्तकाकार अनुवाद प्रकाशित. 2020 में उनकी सभी कहानियों और उपन्यास (नीला) का एक ही जिल्द में अंग्रेज़ी अनुवाद प्रकाशित हुआ है. भारत भूषण अग्रवाल स्मृति पुरस्कार और रज़ा अवार्ड से सम्मानित तेजी 1995-97 के दौरान वरिष्ठ कलाकारों हेतु राष्ट्रीय सांस्कृतिक फ़ेलो चयनित होने के साथ-साथ प्रेमचंद सृजनपीठ, उज्जैन, की अध्यक्ष भी रहीं. 2016-17 के दौरान नान्त, फ्रांस में स्थित इंस्टिट्यूट ऑफ़ एडवांस्ड स्टडी में फ़ेलो रहीं.

2019 में उन्हें वाणी फ़ाउंडेशन का विशिष्ट अनुवादक सम्मान, और स्वीडन के शाही दम्पति द्वारा रॉयल आर्डर ऑफ़ पोलर स्टार (Knight/ Member First Class) की उपाधि प्रदान की गयी.
tejigrover@yahoo.co.in

Tags: 20262026 समीक्षाअन्य तत्त्वतेजी ग्रोवरशिरीष ढोबले
ShareTweetSend
Previous Post

चैंचलो : धर्मचन्द्र प्रशान्त : योगिता यादव

Next Post

बिना पानी की मछलियाँ : गोविन्द निषाद

Related Posts

जोगेन चौधुरी : ‘मास्टर ऑफ अनब्रोकन लाइन्स’ : गरिमा श्रीवास्तव
पेंटिंग

जोगेन चौधुरी : ‘मास्टर ऑफ अनब्रोकन लाइन्स’ : गरिमा श्रीवास्तव

बिलॉन्गिंग : विरासत के साये में स्मृतियों का संसार : कुँवर प्रांजल सिंह
समीक्षा

बिलॉन्गिंग : विरासत के साये में स्मृतियों का संसार : कुँवर प्रांजल सिंह

2026 का बुकर पुरस्कार : एम. जॉन हैरिसन : द एंड ऑफ एवरीथिंग : बातचीत : अनुवाद : अनुराग अंकुर
बातचीत

2026 का बुकर पुरस्कार : एम. जॉन हैरिसन : द एंड ऑफ एवरीथिंग : बातचीत : अनुवाद : अनुराग अंकुर

Comments 3

  1. अखिलेश says:
    4 weeks ago

    बेहद गम्भीर और सरस वर्णन। यह शिरीष की कविताओं की तरह ही कोडेड है। तेजी को आभार।

    Reply
  2. Anonymous says:
    3 weeks ago

    कविताओं की तरह ही सघन टिप्पणी।

    Reply
  3. Kinshuk shiv says:
    3 weeks ago

    कभी कभी लगता है आप(तेजी जी)वह दर्पण होने को बिंध आई है जो किसी दृग को दिव्यता का आलोक दे देता है , यह स्वप्निल होने की हद तक किसी
    अलोप तत्व का प्रकाश समेटे सा लगता है

    यह रहस्यमयी दर्पण

    जिसकी मरीचिका, मानो किसी चिड़िया की भाँति, तेजी जी
    क्षण को धरा से दूर होकर,
    अनेक दृश्यों के समानान्तर परिप्रेक्ष्य पर “विहंगम दृष्टि”( यहाँ मुझे अम्बर भाई याद आते है) रख
    विभिन्न धारणा के संकुल से आलोचना का अपना “एक” विशद परिदृश्य प्रस्तुत करती हैं

    जो इर्दगिर्द कोई अबूझ लेकिन व्यापक और चिरपरिचित चौंध लिए चौंकाता है

    कभी कभी एक पैरा से दूसरे पैरा तक उड़ते हुए जैसे चिड़िया आकाश के आलम्बन से मुक्त नहीं होती वैसे ही आलोचना में कहीं भी लय का संधान छूटता नहीं है

    अगाध आकाश के गुबन्द पर तैरती पाँख की परछाई हो जैसे ऐसे निक्षेप से सधे लेखकीय गुण पर भला मन कैसे न मुग्ध हो

    तिस पर शिरिष जी की कविताओं का आश्रय जैसे चिड़िया को नीड़ का बुलावा, विश्राम का न्यौता,
    इन कविताओं की चुनीं पंक्तियों का चुम्बकीय आकर्षण ही है जो
    बार बार अपने सघन अरण्य में पाठक को खींच लाता है

    तीसरा पाठक होने की पात्रता यहाँ इसलिए भी कठिन है कि दूसरे पाठक की समग्रता ही अनन्य है
    भूमिका का पक्ष ही इतना सबल हो चुका है कि अब एक सहज चश्में से इस गति का निरूपण न हो सकेगा

    इस पुस्तक को पढ़ पाने की पात्रता के लिए भी उतरना होगा और गहरे
    दर्पंण के दृश्य से निहारते हुए
    शायद वहाँ “शब्द भी अशब्द “ रह जाए ।

    🙏🙏🙏

    Reply

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

समालोचन

समालोचन साहित्य, विचार और कलाओं की हिंदी की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है. डिजिटल माध्यम में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की जरूरत को ध्यान में रखते हुए 'समालोचन' का प्रकाशन २०१० से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है. विषयों की विविधता और दृष्टियों की बहुलता ने इसे हमारे समय की सांस्कृतिक परिघटना में बदल दिया है.

  • Privacy Policy
  • Disclaimer

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2010-2026 समालोचन | powered by zwantum

No Result
View All Result
  • समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • आलोचना
    • आलेख
    • अनुवाद
    • समीक्षा
    • आत्म
  • कला
    • पेंटिंग
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • शिल्प
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • संपर्क और सहयोग
  • वैधानिक