गांधी और हरमन कालनबाख़ की मित्रता
सीरज सक्सेना
यूरोप में बाल्टिक सागर के तट पर तीन प्रमुख देश हैं. लातविया, लिथुआनिया और एस्टोनिया. प्रसिद्ध अमूर्त चित्रकार मार्क रोथको लातविया के जिस स्थान पर पैदा हुए थे, उस छोटे क़स्बे का नाम है दाउगावपिल्स, जो दाउगावा नदी के तट पर बसा है. अपने शहर के चित्रकार के प्रति प्रेम और आदर रखने वाली कला समीक्षक फ़रीदा ज़ालाटेलो के अथक प्रयासों से अब यहाँ मार्क रोथको संग्रहालय और एक सुंदर कला केंद्र है. यहाँ प्रतिवर्ष अंतरराष्ट्रीय कला आयोजन होते हैं और कला प्रदर्शनियाँ लगती हैं.
दृश्य कला की गतिविधियों के लिए यह एक महत्त्वपूर्ण कला केंद्र है. पिछले कुछ दशकों में इस कला केंद्र ने विश्व कला जगत में अपनी एक प्रमुख उपस्थिति दर्ज की है. छह वर्ष पूर्व मुझे भी बतौर चित्रकार यहाँ आमंत्रित किया गया था. यहाँ रहकर मैंने न केवल चित्र बनाए, बल्कि अपने प्रवास के दौरान कई बार इस कला केंद्र को भी देखा. संग्रहालय में मार्क रोथको के चित्र देखना मेरे लिए एक अविस्मरणीय अनुभव रहा. मार्क रोथको अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार हैं और आज दाउगावपिल्स भी एक विश्वविख्यात कला केंद्र और संग्रहालय के लिए जाना जाता है.
इस स्थान का निर्माण रूसी सेना ने विश्व युद्ध के दौरान हथियार, गोला-बारूद रखने के लिए किया था. सैनिकों के ठहरने के लिए यहाँ बहुमंज़िला इमारतों का एक परिसर बनाया गया था, जिनमें अब शहर के लोग रहते हैं. कुछ इमारतें अब भी खाली हैं. इन खाली इमारतों की खिड़कियों पर इस कला केंद्र ने मार्क रोथको के विचारों और कला संबंधी कथनों वाली पट्टिकाएँ लगा रखी हैं. शहर का यह हिस्सा अब कला को समर्पित एक महत्त्वपूर्ण स्थान बन गया है.
लातविया एक छोटा, सुंदर देश है. यहाँ से लगभग १५० किलोमीटर की दूरी पर लिथुआनिया का शहर पानेवेज़ीस स्थित है. इस शहर में मैं पहले भी तीन बार आ चुका हूँ. अंतरराष्ट्रीय सिरेमिक और चित्रकला आयोजनों में भाग लेने तथा यहाँ दूसरे देशों के कलाकारों को काम करते देखने का अनुभव मेरे लिए सीखने का एक महत्त्वपूर्ण अवसर रहा है.
इस बार मैं पोलैंड की राजधानी वारसा से बस की लंबी यात्रा करके पानेवेज़ीस पहुँचा हूँ. यहाँ आठ दिन बाद शुरू होने वाले अंतरराष्ट्रीय चित्रकला समारोह में मुझे भाग लेना है. मैं अपने सिरेमिक कलाकार मित्र एगीदीजस और आस्ता के घर पर ठहरा हूँ. तीन साल पहले जब मैं यहाँ आया था, तब मुझे पता चला था कि लिथुआनिया में गांधी जी की एक प्रतिमा स्थापित की गई है. मेरे मित्र एगीदीजस ने मुझे उस जगह के बारे में महत्त्वपूर्ण जानकारी दी थी—वहाँ कैसे पहुँचा जा सकता है, कितनी दूरी है और वहाँ पहुँचने में कितना समय लगेगा. उन्होंने अपने फ़ोन पर प्रतिमा की तस्वीर भी दिखाई थी. बहुत चाहने पर भी मैं तब वहाँ नहीं जा पाया था. लेकिन इस यात्रा में मेरे पास आठ दिन खाली हैं और मैं अपनी योजना अपने मनमुताबिक बना सकता हूँ. गांधी जी की प्रतिमा देखना मेरी प्राथमिकता है.

२.
सुबह ठीक ८:३० बजे अलार्म बज उठा. अधूरी नींद के बाद मैं उठा और तैयार होकर रसोई में पहुँचा. वहाँ एगिस मिले. उन्होंने अपने और मेरे लिए ब्लैक कॉफ़ी (एस्प्रेसो) बनाई. पंद्रह मिनट शेष थे. मैं कागज़ के कप में कॉफ़ी लेकर, झोला कंधे पर टाँगकर बस स्टेशन की ओर तेज़ी से चल पड़ा. बीच-बीच में ठहरकर कॉफ़ी का घूँट भी लेता रहा. बाकी सामान मैंने यहीं छोड़ दिया था. केवल दो दिनों के कपड़े झोले में रखे थे.
बस स्टेशन नज़दीक ही था, इसलिए पैदल पहुँचना उचित लगा. ठीक ९:५२ पर मैं प्लेटफ़ॉर्म ६ पर पहुँचा. मन में थोड़ी घबराहट थी कि कहीं बस न छूट जाए. तभी प्रवेश-द्वार से एक सफ़ेद बस दाख़िल हुई और प्लेटफ़ॉर्म ६ पर आकर खड़ी हो गई. टिकट दिखाने पर कंडक्टर ने मुझे भीतर बैठने का इशारा किया.
मैंने अपने कलाकार मित्र डेनिस को पहले ही संदेश भेज दिया था कि मैं साउले आ रहा हूँ. बस समय पर पहुँची और यात्रियों को उतारकर आगे बढ़ गई. उतरते ही मैंने डेनिस को खोजना शुरू किया. कुछ ही देर में वे अपनी दस वर्षीय बेटी मेटा के साथ दिखाई दिए. लिथुआनियाई भाषा में मेटा एक पुष्प का नाम है. हम लोग बस स्टेशन के प्रथम तल पर बने मॉल में दाख़िल हुए, जहाँ उनकी कलाकार पत्नी वाइवा मिलीं. हमने ‘चिली पीज़ा’ में भोजन किया. मार्गरीटा चीज़ पीज़ा खाकर संतुष्टि मिली.
डेनिस और वाइवा ने मुझे अपना शहर दिखाया. वाइवा ने अपने दो बड़े ग्रैफ़िटी चित्र दिखाए. शहर के पुस्तकालय में वाइवा प्रकाशन विभाग में काम करती हैं. वहाँ वे पत्रिका के आवरण और किताबों के लिए रेखांकन भी करती हैं. हाल ही में उन्होंने अपनी सहकर्मियों के साथ मिलकर यहाँ एक भित्तिचित्र बनाया था, जिसका आज औपचारिक अनावरण हुआ. हमने चित्र देखा, औपचारिक बातचीत हुई और पुस्तकालय की महिला अधिकारी ने वाइवा के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने वाइवा और उनकी सहकर्मियों को उपहार भी दिए.
इसके बाद हम फ़ोटो संग्रहालय गए, जहाँ एक पोलिश फ़ोटोग्राफ़र की तस्वीरों की प्रदर्शनी लगी थी. संग्रहालय की छत से शहर को देखना सुखद रहा. खुले नीले आसमान के नीचे सड़कें, गिरिजाघर और बस्ती आँखों को आनंद दे रहे थे.
डेनिस के घर मैं पहले भी ठहर चुका हूँ. नौ वर्ष पहले अपनी एकल कला प्रदर्शनी के समय मैं यहाँ आया था. अब दूसरी बार आया हूँ. घर के एक हिस्से में डेनिस और वाइवा रहते हैं, दूसरे हिस्से में पहले उनकी माँ रहती थीं. अब उनकी माँ नहीं हैं. पुराने घर की मरम्मत डेनिस स्वयं कर रहे हैं. छत, फ़र्श, दीवारों पर इंसुलेशन, गुसलखाना, रसोई और नई चिमनी का काम. पिछले तीन महीनों से वे घर की मरम्मत कर रहे हैं और छह महीने का काम अभी और शेष है.
थोड़ी देर घर में रहने के बाद हम प्रकृति की सैर के लिए निकले. डेनिस मुझे यहाँ का वन और पहाड़ दिखाना चाहते थे. बीस मिनट की यात्रा के बाद हम ‘गिरनिकू कालनास’ पहुँचे. पहाड़ की सीढ़ियों के आरंभ में बने लकड़ी के द्वार ने हमारा स्वागत किया. पास ही पत्थर का एक पात्र था, जिसमें पानी और सिक्के रखे थे. मैंने भी उसमें एक सिक्का डाल दिया. वाइवा ने बताया कि यहाँ यह मान्यता है कि जो व्यक्ति सिक्का डालता है, उसे यहाँ दोबारा आना होता है.
चोटी पर लकड़ी का एक लंबा स्तंभ था, जिस पर अलंकरण बने थे और जिसके शीर्ष पर एक पक्षी की आकृति थी. पास ही अग्नि प्रज्वलित करने के लिए पत्थर की एक शिला तराशी गई थी. यह दृश्य मुझे मध्य भारत के आदिवासी स्तंभों की याद दिला गया. यहाँ ईसाई धर्म के आगमन से पहले पेगन मान्यताएँ प्रचलित थीं, जिनमें प्रकृति और उसके प्रतीकों की पूजा होती थी. लिथुआनिया के मित्र मानते हैं कि यह प्रभाव भारत से आया है.
डेनिस को यात्राओं और विभिन्न संस्कृतियों को देखने में गहरी रुचि है. वे कई देशों की यात्रा कर चुके हैं और भारत भी कई बार आए हैं. उन्होंने कला की प्रारंभिक शिक्षा साउले से ली और उच्च अध्ययन हेलसिंकी के कला महाविद्यालय में किया. वहाँ पढ़ाई का स्तर बहुत ऊँचा है. दुनिया भर से प्रोफ़ेसर और रेज़िडेंट कलाकार वहाँ आते हैं. डेनिस मानते हैं कि सजावट कला नहीं है. इस विषय पर हमारी लंबी चर्चा हुई.
यह तय हुआ कि हम सुबह नाश्ता करने के बाद रुसने जाएँगे. मुझे वहाँ छोड़कर वाइवा और मेटा स्वेंसेले अपनी एक मित्र के पास चली जाएँगी और अगले दिन दोपहर में मुझे फिर साउले ले आएँगी. ऐसे सुखद संयोग मेरे जीवन में कम ही होते हैं, पर होते ज़रूर हैं.
रुसने एक बहुत छोटा कस्बा है, जहाँ पहुँचने के लिए सीधी बसें नहीं मिलतीं. एक या दो बसें बदलकर लंबा और थकाऊ सफ़र तय करना पड़ता है. छोटे कस्बों में अंग्रेज़ी बोलने वाले लोग भी कम ही मिलते हैं. बसों के ड्राइवर और कंडक्टर तो मुश्किल से ही इस पराई भाषा में बात कर पाते हैं.
ब्रेड, चीज़ और कुछ फल खाने के बाद हम लोग साढ़े दस बजे स्वेंसेले के लिए निकले. सुबह से ही बादल घिरे हुए थे और हल्की ठंड भी थी. मुझे लगा कि फ़ुल स्लीव्ज़ की जैकेट रखनी पड़ेगी, पर यहाँ मैं कोई गर्म कपड़ा साथ नहीं लाया था. बीस दिनों में न पोलैंड में और न ही यहाँ ठंड का अनुभव हुआ था. मेरी जैकेट और स्कार्फ़ बैग की तली में कबीर की चादर की तरह तह किए रखे थे. आज सुबह बादलों ने हल्की ठंड बहा दी थी!
डेनिस ने अपनी एक जैकेट मुझे दी. उसे पहनकर मैं वाइवा के साथ आगे बैठ गया और मेटा अपनी विशेष सीट पर पीछे बैठ गई.
डेनिस से विदा लेकर हम यात्रा पर निकले. गहरे बादल सामने थे और बारिश की बूँदें तेज़ हो चली थीं. कार का वाइपर शीशे से पानी हटाता रहा. डेनिस के बगीचे से सुबह तोड़े गए दो सेब मेरे झोले में थे. उनमें से एक सेब मैंने चलते-चलते खाया. आधा रास्ता तय करने के बाद वाइवा ने कार एक गैस स्टेशन पर रोकी. पेट्रोल भरवाने के बाद हमने थोड़ा विश्राम किया, कॉफ़ी ली और मेटा ने बर्गर खाया. फिर यात्रा शुरू हुई.
तीन घंटे के सफ़र के बाद हम रुसने पहुँचे. रास्ते भर दोनों ओर सपाट हरे खेत फैले थे. खेतों में बिखरे हरे रंग के विविध रूप खुले नीले आकाश की पृष्ठभूमि में और भी आकर्षक लग रहे थे. सूर्य की रोशनी खेतों को उज्ज्वल बना रही थी. छोटे कस्बों और गाँवों को पार करते हुए मैं लिथुआनिया के भूगोल, गर्मियों की हरियाली और सड़क किनारे बने सुंदर, वीरान घरों को देखता रहा. बिजली के खंभों पर बने सारसों के घोंसले इस दृश्य को जीवंत बना रहे थे. सारस को पोलिश भाषा में ‘बोचान’ कहते हैं. यहाँ के लोग भी इन घोंसलों और प्रवासी पक्षियों का ध्यान रखते हैं. घर के आँगन में लगे बिजली के खंभे पर इन बड़े पक्षियों का घोंसला बनाना यहाँ शुभ माना जाता है. पशु-पक्षियों और मनुष्यों के बीच का आत्मीय रिश्ता हर जगह देखने को मिलता है.
आत्मता नदी पर बने पुल को पार करके हम इस छोटे कस्बे रुसने की सड़कों पर पहुँचे. कार पार्क करके हम तीनों नदी के किनारे सैर करने लगे. इस छोटे कस्बे में भी एक सुंदर सरकारी अस्पताल, दो डिपार्टमेंटल स्टोर और कुछ छोटी दुकानें थीं. दूसरे शहरों से आए पर्यटक भी दिखाई दे रहे थे. अधिकांश पर्यटक शांत और प्रसन्न लग रहे थे.
नदी के तट पर पैदल चलने के लिए एक सुंदर रास्ता बना था. टहनियों से बनी विशालकाय मछली का एक शिल्प दिखाई दिया. उसकी सफ़ेद, गोल आँखें हमें देख रही थीं. शिल्प के दाहिनी ओर चलते हुए हमने एक परिवार को नदी में स्नान करते देखा. कुछ पुरुष घर से लाई चादर पर बैठे थे. पूरा परिवार आत्मता नदी के तट पर छुट्टियाँ मना रहा था.
रास्ते में एक चबूतरे पर मानचित्र लगा था. जिस स्थान पर हम खड़े थे, उसे मानचित्र पर एक बड़े लाल बिंदु से दर्शाया गया था. नदी के पार रूस की ज़मीन थी. नदी का पाट चौड़ा नहीं था. दोनों किनारों के बीच लगभग बीस मीटर का फ़ासला था. रूस की ज़मीन पर वृक्षों की कतारें और घास का मैदान दिखाई दे रहे थे. नदी यहाँ से दो दिशाओं में बह रही थी. रूस की ज़मीन टापूनुमा थी और आत्मता नदी उसके दोनों ओर बह रही थी.
सोवियत संघ के विघटन के बाद इस ज़मीन पर किसी ने अधिकार नहीं जताया, अतः अंततः रूस ने ही इस ज़मीन को अपने पास रखा. लिथुआनिया के क़रीब रूस की मौजूदगी है. यह जानना और देखना मेरे लिए रोमांचक अनुभव रहा. रूस की इस ज़मीन पर एक सफ़ेद कार खड़ी दिखाई दी, पर कोई मनुष्य नहीं दिखा. दूर एक ऊँचा मचान था. शायद वहीं से रूस के सैनिक अपनी सीमा की सुरक्षा करते होंगे. रूस का रौब अब भी यूरोप के बाल्टिक देशों पर मुखर बना हुआ है. यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद तो रूस की उपस्थिति का प्रभाव पश्चिमी यूरोप में और भी मुखरता से दिखाई देने लगा है.
नदी के उस पार दिख रहे रूस को तसल्ली से देखने के बाद हम नदी के तट पर बने इस सुंदर रास्ते के बाईं ओर चलने लगे. वह परिवार अब भी नदी के किनारे पिकनिक मना रहा था. मछली की सफ़ेद आँख से फिर आँख मिली. हम धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे. हमारे दाईं ओर आत्मता नदी बेआवाज़ बह रही थी. हमारी बाईं ओर लगे नोटिस बोर्ड पर कुछ आकर्षक, रंगीन पोस्टर चस्पाँ थे. एक पोस्टर में कुछ संगीतकारों की तस्वीरें और संगीत समारोह के प्रायोजकों के लोगो थे. वाइवा बता रही थीं कि पिछले हफ़्ते ही रुसने का वार्षिक संगीत समारोह संपन्न हुआ है. यहाँ एक बड़ा गिटार शिल्प भी लगा था. मेटा अपने कद से बड़े इस गिटार के साथ एक तस्वीर खिंचवाती है.
रास्ते के किनारे खुले में रखे एक पियानो से एक पिता अपने बेटे और पत्नी को संगीत बजाकर सुना रहा था. तीनों ही एक आत्मीय समय जी रहे थे. हम उनके इस पल को बाधित किए बिना धीरे-धीरे आगे बढ़ते रहे. कुछ ही कदम चलने के बाद मुझे गांधी और उनके मित्र की प्रतिमा दिखाई दी. रुसने में अब मैं अपने गंतव्य के क़रीब था. इस ख़ुशी को वाइवा मेरे चेहरे पर देख रही थीं. वे भी मुझे ख़ुश देखकर ख़ुश थीं. विदेश में किसी अपने से मिलने पर जो ख़ुशी होती है, वैसी ही रोमांचक ख़ुशी का अनुभव मैं कर रहा था. चारों ओर ख़ुशनुमा माहौल था. नदी का सुंदर तट, खुला और साफ़ नीला आकाश, तनावमुक्त होकर टहलते लोग—कहीं कोई शोर नहीं. इस सुंदर सैर में कभी कोई चिड़िया उड़ती दिखाई देती, तो कभी केवल उसकी आवाज़ सुनाई देती.
मैं गांधी को उनके मित्र के साथ गौर से देखता हूँ. पूरब और पश्चिम की यह घनिष्ठ मित्रता न केवल उनकी क़द-काठी में दिखाई देती है, बल्कि उनकी पोशाक से भी दो ध्रुवों की दो भिन्न संस्कृतियों के दो मनुष्यों की यह दोस्ती इस स्मारक से बयान होती है.
धातु की ये प्रतिमाएँ लिथुआनिया के प्रसिद्ध शिल्पकार रमुअदस क्विंतस ने बनाई हैं. २ अक्टूबर २०१५ को गांधी और हर्मन कालनबाख की मित्रता के प्रतीक इस युगल शिल्प को जनता को समर्पित किया गया था. भारत के राष्ट्रपिता कहे जाने वाले गांधी और रुसने के पुत्र कहलाने वाले हर्मन कालनबाख की अटूट मित्रता के प्रतीक इस स्मारक-शिल्प की परिकल्पना वास्तुकार गिनताऊतस विशनीआउस्कस ने की थी और इसका प्रायोजन डॉक्टर यूसुफ़ के. हमीद ने किया था. हर्मन कालनबाख और गांधी जी का रोचक और संक्षिप्त परिचय भी यहाँ धातु की पट्टिका पर लिखा है.

३.
हर्मन कालनबाख का जन्म १८७१ में जमाईशिऊ नाओमिस्तिस में हुआ, जो उस समय रूस के अधीन था, लेकिन वे रुसने में बड़े हुए, जो उस समय पूर्वी प्रूसिया का हिस्सा था. यहाँ उनके पिता लकड़ी का व्यापार करते थे. गांधी जी से हर्मन की भेंट दक्षिण अफ़्रीका में हुई, जहाँ आगे चलकर भारत के राष्ट्रपिता बने गांधी वकालत कर रहे थे. जर्मनी में पढ़े-लिखे हर्मन भी सन् १८९६ में दक्षिण अफ़्रीका में वास्तुकार के रूप में अपना भविष्य बना रहे थे.
कालनबाख ने भारतीयों की उपेक्षा और उनके साथ होने वाले भेदभाव के विरुद्ध गांधी के आंदोलन में साथ दिया. वे गांधी की दृष्टि और कार्य से प्रभावित हुए और इस आंदोलन में अपनी पूरी ऊर्जा और सामर्थ्य के साथ जुड़ गए. धीरे-धीरे वकील और वास्तुकार की यह मित्रता गहरी होती चली गई. कालनबाख ने गांधी के आंदोलन को आर्थिक सहयोग देना भी शुरू कर दिया. जोहान्सबर्ग के निकट कालनबाख द्वारा दान की गई राशि से एक ज़मीन ख़रीदी गई, जहाँ ‘टॉलस्टॉय फ़ार्म’ नामक आश्रम का निर्माण हुआ.
वे गांधी जी के अहिंसा के विचार से प्रभावित हुए और इस कठिन विचार को अपने जीवन-व्यवहार में शामिल करने का प्रयास किया. ‘अपना काम स्वयं करें’ और ‘आत्मनिर्भर बनें’ के सिद्धांतों पर वे गांधी जी के साथ चले. सत्याग्रह के कठिन अनुशासन को भी कालनबाख ने इसी दौर में अपनाया. गांधी जी कालनबाख को अपना आत्मीय सखा कहते थे.
प्रथम विश्व युद्ध के दौरान दोनों मित्रों की राहें अलग हुईं, पर गांधी जी उनसे निरंतर संपर्क बनाए रहे और उन्हें पत्र लिखते रहे. द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ति से पहले दोनों मित्र भारत में फिर मिले. हर्मन ने दक्षिण अफ़्रीका में वास्तुकार के रूप में धन और ख्याति अर्जित की. उन्होंने कई महत्त्वपूर्ण इमारतों का निर्माण किया. जोहान्सबर्ग में उनके नाम पर एक मार्ग भी बनाया गया है.
वे रुसने और क्लायपेदा में रहने वाले अपने संबंधियों के निरंतर संपर्क में रहे. क्लायपेदा अपने सुंदर समुद्री तट के लिए प्रसिद्ध है. उन्होंने अपने कई संबंधियों को जर्मनी द्वारा बनाए गए यातनागृहों से मुक्त भी कराया. अपने जीवन के अंतिम वर्षों में वे इज़राइल राष्ट्र की मुक्ति और स्वतंत्रता के प्रबल पक्षधर रहे. सन् १९४५ में कालनबाख का निधन हुआ. उन्हें इज़राइल के डेगानिया में सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया.
इस स्मारक का निर्माण यूसुफ़ और फ़रीदा हमीद फ़ाउंडेशन ने बी. लुबा दर्शानस्की हमीद की स्मृति में कराया. लुबा १९२८ तक लिथुआनिया की राजधानी विलनस में रहीं और उसके बाद जीवन के अंतिम समय तक भारत में रहीं. उनकी मृत्यु ४ अप्रैल १९९१ को हुई.
भारत और लिथुआनिया के गहरे संबंधों के संदर्भ में, गांधी और कालनबाख की अटूट मित्रता को यहाँ आकर देखना और समझना मेरे लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण है. इस यात्रा के अनुभवों से प्रेरित होकर मैंने यह कविता लिखी है.
कविता : रुसने में गांधी
अपने मित्र हर्मन कालनबाख
के साथ आत्मता नदी के किनारे
खड़े हैं.
गांधी के चेहरे पर खिली है मुस्कान,
हर्मन भी मंद मुस्कान लिए हैं.
उनका चेहरा कुछ आकाश की ओर उठा है,
और उनकी नुकीली नाक भी
जैसे गांधी के साथ से गौरवान्वित है.
नदी का नीला स्वच्छ पानी
अपने छोटे पाटों के मध्य बह रहा है.
एक परिवार नदी में नहा रहा है.
एक पिता अपने बेटे के लिए
खुले में रखे पियानो से
बहा रहा है प्रेम संगीत,
जो अब भी जीवित है उसकी उँगलियों में.
टहनियों से बुनी बड़ी मछली की
सफेद गोल आँख
पृथ्वी को दे रही है शांति संदेश.
कुछ पर्यटक बोट में बैठ
नौका सैर को तैयार हैं.
नदी के उस पार रूस की ज़मीन पर
एक सफेद कार खड़ी है.
दृष्टि ठहरती है रूस के भूगोल पर
बिखरे हरे रंग पर.
नदी की पगडंडी पर
कुछ लड़के छोटे स्कूटर पर
तेज़ी से गुजरते हैं.
हाल ही में संपन्न हुए संगीत समारोह के
पोस्टर अब भी ताज़े हैं.
उनके रंग अब भी ताज़गी लिए हुए हैं.
अपनी लाठी पकड़े,
देह पर धोती लपेटे,
गांधी अपने मित्र के साथ
आज भी ठहरे हैं—
मनुष्य को अपने अस्तित्व का हक़ दिलाने
अपने सत्याग्रह से.
मनुष्य को अब भी ज़रूरत है
इस मित्रता की,
ताकि युद्ध से न मरें
निहत्थे और निर्दोष नागरिक.
अब भी प्रासंगिक है
गांधी की उपस्थिति और उनकी
अहिंसक लाठी
जो सहारा है,
उम्मीद है,
रोशनी है
मनुष्य के नए जीवन की.
जिसमें न हिंसा हो,
न झूठे अहंकार से उपजा
युद्ध का विस्तार और उसकी संभावनाएं .
युद्ध अब भी जारी है,
और मनुष्य एक उम्मीद के साथ
जी रहा है इस अनिश्चित समय.
मेरे लिए यह यात्राकिसी तीर्थ यात्रा से कम नहीं है.
मैं इसके लिए कलाकार मित्र दंपत्ति डेनिस और वाइवा का
हमेशा कृतज्ञ रहूँगा. मेटा की सुंदर उपस्थिति ने भी
इस यात्रा को सुखद बनाया.
मेरे लिए रुसने तक अकेले यात्रा करना
निश्चित ही कठिन होता,
क्योंकि यह बहुत छोटी जगह है.
यहाँ बस सेवाएँ सीमित हैं.
क्लायपेदा भी इतना क़रीब नहीं है.
ठहरने की जगहें भी सीमित हैं
और अधिकतर ऑनलाइन बुक होती हैं,
जिनकी भाषा अंग्रेज़ी नहीं है.
वाइवा ने एक घंटे कोशिश की
कि मेरे रुकने का प्रबंध हो सके,
पर कोई कमरा उपलब्ध नहीं था.
गर्मियों की छुट्टियों में
सप्ताहांत पर लोग यहाँ आते हैं
और दो दिन रुककर लौट जाते हैं.
मेरे लिए यह यात्रा किसी तीर्थयात्रा से कम नहीं है. मैं इसके लिए कलाकार मित्र दंपत्ति डेनिस और वाइवा का सदैव कृतज्ञ रहूँगा. मेटा की सुंदर उपस्थिति ने भी इस यात्रा को सुखद अनुभव बना दिया.
रुसने तक अकेले यात्रा करना मेरे लिए निश्चित ही कठिन होता, क्योंकि यह बहुत छोटी जगह है. यहाँ बस सेवाएँ सीमित हैं. बड़ा शहर क्लायपेदा भी इतना निकट नहीं है. ठहरने की जगहें भी सीमित हैं और अधिकांश ऑनलाइन बुक होती हैं, जिनकी भाषा अंग्रेज़ी नहीं है.
वाइवा ने एक घंटे तक प्रयास किया कि मेरे ठहरने का प्रबंध हो सके, परंतु यहाँ के सभी एयरबीएनबी में कोई कमरा उपलब्ध नहीं था. गर्मियों की छुट्टियों में सप्ताहांत पर लोग यहाँ आते हैं, दो दिन रुकते हैं और फिर अपने गाँव या शहर लौट जाते हैं.
आख़िरकार रुसने के पास स्थित शिलूते नामक छोटे शहर में होटल कोनविवा में मुझे एक कमरा मिल गया. वाइवा और मेटा मुझे होटल छोड़कर अपनी मित्र से मिलने समुद्र तट पर बसे इलाके स्वेंसेले के लिए विदा हुईं. कल दोपहर इन्हीं के साथ मुझे साउले लौटना है.
| कलाकार, कवि, गद्यकार सीरज सक्सेना (३० जनवरी १९७४, मध्य-प्रदेश) सिरेमिक, वस्त्र, पेंटिंग, लकड़ी और ग्राफिक कला जैसे विभिन्न माध्यमों में २२ वर्षों से सक्रिय हैं. उन्होंने इंदौर स्कूल ऑफ आर्ट्स से कला की औपचारिक शिक्षा प्राप्त की है. अभी तक उन्होंने भारत और विदेशों में 26 एकल प्रदर्शनियों और 180 से अधिक समूह प्रदर्शनियों में भाग लिया है. उन्होंने देश विदेश में कई स्थानों पर आर्ट इंस्टालेशन किये हैं इनमें साई, पीटीआई, राष्ट्रीय गांधी संग्रहालय नई दिल्ली और अर्बोटेम बॉटनिकल गार्डन पोलैंड शामिल हैं. पिछले सात सालों से वन वेलनेस रिट्रीट, देहरादून से एक कलाकार के रूप में जुड़े हुए हैं. उन्होंने वन के लिए 300 से अधिक कलाकृतियां बनायी हैं. ‘आकाश एक ताल है’, ‘सिमट सिमट जल’ और ‘कला की जगहें’ आदि उनकी प्रकाशित पुस्तकें हैं. |




बहुत बढ़िया ।
Seeraj ji ka lekh avhha lga.
सिरज जी ने यात्रा का रोचक वर्णन किया है। यह भी पता चलता है कि वहां जीवन में कला का स्थान महत्वपूर्ण है। गांधीजी की मूर्ति देखने की ललक स्वाभाविक है। सिरज जी ने गांधी जी के प्रेम और सम्मान में कविता भी सिरज दी, यह अनुभव रोचक है।