| गोदान की विफलता मदन सोनी |
गोदान (प्रेमचन्द) के प्रकाशन को अब नब्बे वर्ष हो चुके हैं; एक दशक बाद उसकी जन्म-शती मनायी जाएगी. इतना लम्बा समय बीत जाने के बावजूद उसे अब भी व्यापक रूप से पढ़ा जा रहा है, और जब-तब उस पर विमर्श होता रहता है, यह अपने आप में उसकी ‘‘कालजयिता’’ का प्रमाण कहा जा सकता है. इस लम्बे अरसे के दौरान उस पर, उसके विभिन्न पक्षों पर, विविध तरीक़ों से, इस क़दर लगातार लिखा और बोला गया है, और उस पर शोधप्रबन्ध लिखे गये हैं कि उसके बारे में, बिना दोहराव के कुछ नया कहने की कोशिश आसान नहीं है. इससे अधिक यह कि इस पूरे दौर में उस पर हुए इस लेखन में उसकी महिमा, श्रेष्ठता और कालजयिता का, ज़्यादातर उचित ही, इस क़दर बखान किया गया है कि वह जैसे किसी पवित्र सत्ता की तरह स्थापित हो चुका है, और ऐसे में उस पर किसी तरह का असन्तोष या असहमति व्यक्त करना लगभग ‘‘ब्लसफ़ेमी’’ लग सकता है. लेकिन क्या बिना इस तरह की ‘‘ब्लसफ़ेमी’’ के, किसी साहित्यिक कृति का जीवन सुरक्षित हो सकता है?
असन्तोष और असहमति, जो ‘‘आलोचना’’ के उपजीव्य हैं, सिर्फ़ किसी साहित्यिक कृति के लिए ही नहीं, बल्कि अस्तित्व-मात्र की उत्तरजीविता के लिए अनिवार्य हैं; बिना इनके कोई भी अस्तित्व विश्वसनीय नहीं हो सकता. इनसे विरहित जीवन उस तानाशाही के लिए अभिशप्त है जो अस्तित्व-मात्र के लिए जोख़िम में डाल देती है. एक साहित्यिक कृति की सच्ची कालजयिता भी इस बात पर निर्भर करती है कि उसमें अपने प्रति असन्तोष और असहमति के प्रति, एक शब्द में कहें तो अपनी ‘‘आलोचना’’ के प्रति कितनी सहिष्णुता अन्तर्निहित है. दुर्भाग्यवश, गोदान को ऐसी आलोचना लगभग नहीं के बराबर हासिल हुई है, और ऐसी आलोचना के प्रति उसकी सहनशक्ति का, उसके सामने टिके रहने की उसकी सामर्थ्य का कोई ख़ास परीक्षण नहीं हुआ है.
मैं स्वीकार करूँ कि वर्षों पहले जब मैंने इस उपन्यास को पढ़ा था, तो मैं स्वयं लगभग अभिभूत होने के स्तर पर उससे प्रभावित हुआ था और मैं इन तमाम वर्षों के दौरान इस प्रभाव के प्रति आश्वस्त बना रहा था. लेकिन इधर, जब मैंने हिन्दी उपन्यास की स्थिति पर अपनी ऊहापोह के क्रम में, वर्षों बाद इस उपन्यास को फिर से पढ़ा, तो मुझे गहरी निराशा हुई. यह निबन्ध उन्हीं नुक़्तों पर केन्द्रित होने की कोशिश है जो मेरी उक्त निराशा के उत्प्रेरक हैं.
इसमें कोई सन्देह नहीं कि गोदान में भारतीय किसान जीवन का, तत्कालीन भारतीय किसान जीवन का, महाजनी सभ्यता और ज़मींदारी प्रथा के तहत अपनी ही भूमि के वास्तविक स्वामित्व से वंचित किसान के अकल्पनीय आर्थिक और सामाजिक शोषण का, उसकी सांघातक निर्धनता का, उसकी क्षीणतम आकांक्षाओं और उम्मीदों के आमूल-चूल दमन का, इन तमाम चीज़ों के बारीक़-से-बारीक़ ब्यौरों के साथ जैसा मार्मिक और हृदयविदारक चित्रण हुआ है, वैसा किसी उपन्यास या अन्य साहित्यिक कृति में, यहाँ तक कि अन्य किसी आधुनिक कला-माध्यम में नहीं हुआ है.
इस चित्रण में अनुभव की अचूक प्रामाणिकता और सूक्ष्म अन्तर्दृष्टि है. निस्सन्देह कहा जा सकता है कि प्रेमचन्द ने इस किसान-जीवन और उसे घेरते नीरन्ध्र शोषण-तन्त्र के मर्म में पैठकर, इनके सूक्ष्म पर्यवेक्षण के आधार पर यह चित्रण किया है. यह इस उपन्यास की महानता का एक महत्त्वपूर्ण आधार है. अगर गोदान को महान उपन्यास मानने के पीछे सक्रिय राजनीति– प्रेमचन्द की राजनैतिक विचारधारा और गोदान को इस विचारधारा की सम्पुष्टि में ‘‘रिड्यूस’’ करने वाली राजनैतिक दृष्टि– को छोड़ दिया जाए, तो गोदान को महान उपन्यास मानने वाले अब तक के ज़्यादातर गम्भीर साहित्यिक विमर्श का यही आधार रहा है. यह आधार इतना प्रबल और चौंधिया देने वाला रहा है कि उसने गोदान की उन अल्पताओं (deficiencies) के प्रति इन गम्भीर पाठकों को जैसे अन्धा बनाये रखा है जो इस उपन्यास की उक्त महानता को खण्डित करती हैं, उसे एक विफल उपन्यास बनाती हैं.
हाँ, यह एक किंचित विचित्र-सी स्थिति है कि गोदान की विफलता, सिर्फ़ उसके ‘‘भाव’’ में, यानी उसमें जो ‘‘है’’ और जो उसकी महानता का उक्त आधार है, उसमें न होकर, उसके ‘‘अभाव’’ में, यानी उसमें उन बहुत-सी चीज़ों के न होने में है जो किसी भी उपन्यास के सन्दर्भ में तात्त्विक महत्त्व रखती हैं और इसलिए जिनके होने की अपेक्षा उपन्यास से सहज ही की जाती है; उन चीज़ों के अभाव में जो मानवीय अस्तित्व को उसकी अधिकतम पूर्णता, या न्यूनतम अपूर्णता में उभारती हैं.
दरअसल, यह सिर्फ़ गोदान का मसला नहीं है. यह अलग-अलग मुकामों पर विविध रूप में उभरती हिन्दी उपन्यास-मात्र की स्थिति है, जिस पर मैंने किंचित विस्तार से लिखा है (देखें, काँपती सतह पर नामक संचयन में मेरा निबन्ध ‘‘हिन्दी उपन्यास की अल्पता पर कुछ ऊहापोह’’). हमारे उपन्यास की विफलता या समस्या का सम्बन्ध इस बात से नहीं है कि हम ने उसमें क्या लिखा है, बल्कि वह इस बात में है कि हम उसमें क्या और क्यों नहीं लिख सके.
तब, गोदान में किन चीज़ों का तात्त्विक अभाव है?
जैसा कि हम जानते हैं, इस उपन्यास की कथा दो पाठों में विन्यस्त है. ये दोनों पाठ साफ़ तौर पर एक-दूसरे से पृथक हैं. इनमें पहला पाठ वह ग्राम्य परिवेश है जिसमें होरी, धनिया और उनका परिवार तथा भोला, झुनिया, मातादीन, सिलिया, ज़मींदार राय साहब, साहूकार दातादीन, झिंगुरीसिंह, मंगरू, दुलारीबाई आदि की जीवनचर्या का, ज़मींदार और साहूकारों की अमानवीय शोषणवृत्ति का, और होरी के अकल्पनीय शोषण तथा संघर्ष का वर्णन हैं. स्पष्ट तौर पर देखा जा सकता है कि यही इस उपन्यास की वह मूल कथा है जिसका नायकत्व होरी में है – वह कथा जो उपन्यास के पहले वाक्य से शुरू होकर अन्तिम वाक्य पर समाप्त होती है. इस कथा के सारे आधारभूत तत्त्व इसी पहले पाठ में समाहित हैं– वह समूचा सामाजिक-आर्थिक परिवेश जिसमें होरी और उसके परिवार की यातनाएँ, इन यातनाओं के कारकों और पात्रों का जीवन- संघर्ष चित्रित है. अगर गोदान में कोई सन्देश निहित है, तो उस सन्देश की सारी मार्मिकता, सम्पूर्णता, यथातथ्यता और विश्वसनीयता इसी पाठ में पर्याप्त रूप से मौजूद है.
लेकिन उपन्यास में एक दूसरा समानान्तर पाठ भी मौजूद है. यह दूसरा पाठ वह है जिसमें वह उच्च मध्यवर्गीय शहरी परिवेश है जिसमें खन्ना, मेहता, मिर्ज़ा खुर्शेद, मालती, गोविन्दी आदि हैं. इस दूसरे पाठ की मौजूदगी के साथ कई मुश्किलें हैं. यह सहज ही देखा जा सकता है कि इसका होरी के नायकत्व वाले पहले पाठ के साथ लगभग कोई सम्बन्ध नहीं है – कम-से-कम ऐसा कोई सम्बन्ध जिसे सहज, तार्किक या अविनाभाव सम्बन्ध कहा जा सके (नन्ददुलारे वाजपेयी समेत कुछेक आलोचकों ने इस असंगति की ओर आलोचनात्मक संकेत किया है). यह पाठ उपन्यास में नहीं भी हो सकता था, क्योंकि वह न तो अपने आप में कोई स्वतन्त्र औपन्यासिक हैसियत रखता है और न ही उसकी अनुपस्थिति होरी के नायकत्व में विन्यस्त दूसरे पाठ पर कोई प्रभाव डालती है. यह उच्च-मध्यवर्गीय शहरी परिवेश और उसमें रहते पात्र ज़्यादा-से-ज़्यादा गोबर के माध्यम से एक सर्वथा परिहार्य और तनु-सा कथात्मक सम्बन्ध बनाने के सिवाय और कुछ नहीं करते; वे चरितनायक होरी या उसके ग्राम्य, कृषि जीवन की निरन्तर दुर्गति को प्राप्त होती नियति को प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से, किसी भी तरह प्रभावित नहीं करते. तब हमारे मन में स्वाभाविक ही यह सवाल उठता है कि, उपन्यास की लगभग आधी जगह को घेरते, इस दूसरे पाठ की क्या ज़रूरत थी? इस सवाल का जवाब, गोदान की महत् आकांक्षा के सन्दर्भ में शर्मनाक स्तर पर निराशाजनक है.
इस सवाल का एक ही सम्भावित जवाब है, और वह यह है कि यह पाठ औपनिवेशिक हिन्दुस्तान में उभरते उच्च-मध्य, पूँजीपति वर्ग का चित्रण करना चाहता है और प्रेमचन्द इसे उस दूसरे पाठ के सामन्ती महाजनी वर्ग और कृषि-प्रधान जीवन की सन्निधि में रखकर तत्कालीन भारत की समग्र स्थिति को होरी की नियति की व्यापक पृष्ठभूमि के रूप में उभारना चाहते हैं. लेकिन हम सहज ही देख सकते हैं कि उनकी यह कोशिश विफल होती है; वह प्रेमचन्द की, अब तक पूरी तरह परिपक्व हो चुकी विचारधारात्मक प्रतिबद्धता की पुष्टि करती हुई, उक्त स्थिति की एक फ़ार्मूलाबद्ध मार्क्सवादी व्याख्या के आरोपण में स्खलित होकर रह जाती है. क्योंकि यह आरोपण औपन्यासिक तर्क से गोदान की कुल कथा में न सिर्फ़ कहीं अँटता नहीं है, बल्कि वह उसमें गम्भीर बिखराव और सतहीपन पैदा करता है. यही नहीं, अगर इस पाठ की अपनी स्वतन्त्र हैसियत का आकलन किया जाए, तो हम साफ़ तौर पर देख पाते हैं कि होरी के नायकत्व में कही गयी ग्राम्य जीवन की कथा की सान्द्रता, सघनता और ऐन्द्रियता के बरक्स शहरी जीवन का यह चित्रण नितान्त मस्तिष्कीय (cerebral) है. उसके पात्र अपनी सांस्कृतिक संश्लिष्टता से वंचित सर्वथा एकांगी, इकहरे और एकाश्म हैं और उनके कथन और प्रतिक्रियाएँ भावनात्मक होने के बजाय नितान्त सतही स्तर पर बौद्धिक हैं. यह वर्णन कहीं से भी यथार्थवादी नहीं है; वह इस जीवन के यथातथ्य चित्रण से वंचित उसका एक तरह से रोमानीकरण करता है, और पूरा का पूरा कार्यव्यापार असहज, अस्वाभाविक हो उठता है; पात्र नक़ली लगने लगते हैं.
लेकिन क्या उपन्यास का वह पहला पाठ, यानी होरी के नायकत्व में कही गयी कथा भी वास्तव में यथार्थवादी है? अगर यथार्थवाद चीज़ों का यथातथ्य चित्रण है, तो क्या यह यथातथ्य मात्र वही है जो इन्द्रियगोचर है? क्या इसमें चीज़ों के वे अगोचर आयाम या तत्त्व भी शामिल नहीं होने चाहिए जो महज़ संवेद्य होते हैं और जो कल्पना या उत्प्रेक्षाओं की अपेक्षा करते हैं. इस दृष्टि से देखें तो क्या गोदान वास्तव में उस कृषि-प्रधान ग्राम्य जीवन की वास्तविकता का यथातथ्य चित्रण है? क्या उसमें इस वास्तविकता के मात्र संवेद्य आयामों को उभारा जा सका है? इसके अतिरिक्त, हम ध्यान दें कि इस जीवन का परिवेश अपनी सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से पूरी तरह वंचित है– उस तरह की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से जिसका वैभव हमें प्रेमचन्द के परवर्ती फणीश्वरनाथ रेणु के गाँवों में दिखायी देता है. उसमें न केवल कोई सांस्कृतिक परिवेश नहीं है, बल्कि उपन्यास जैसे इसे निन्दनीय समझता है : उपन्यास का पात्र भोला एक जगह अपने बेटे की निन्दा करते हुए कहता है,
‘‘छोटा जंगी है, वह संगत के पीछे मतवाला रहता है. साँझ हुई और ढोल-मजीरा लेकर बैठ गये. संगत को मैं बुरा नहीं कहता. गाना-बजाना ऐब नहीं है, लेकिन यह सब काम फुरसत के हैं. xxx लौंडे कहीं फड़ पर जमे होंगे.’’
प्रसंगवश, यह टिप्पणी प्रेमचन्द की कहानी ‘‘शतरंज के खिलाड़ी’’ के आख्याता के उस कथन की याद दिलाती है जिसमें वह कला, नशा और खेल, तीनों को तत्कालीन समाज की पतनशीलता के लक्षणों के रूप में देखता है. गोदान इस अर्थ में निश्चय ही महान है कि उसमें भारतीय ग्राम्य समाज की विद्रूप, वेदनामयी यथार्थ छवि है. लेकिन क्या यही वास्तविक भारतीय ग्राम्य जीवन है? क्या उसमें कोई लालित्य नहीं? क्या हम होरी के गाँव को वाक़ई भारत का, तत्कालीन भारत का भी, प्रतिनिधि गाँव कह सकते हैं? न ही प्रेमचन्द के इस गाँव की कोई मिथकीय स्मृति है. इस सांस्कृतिक पृष्ठभूमि और मिथकीय स्मृति के अभाव में उसका परिवेश अत्यन्त एकायामी आर्थिक शक्ल में उभरता है. हम घटनाओं को देखें तो पाते हैं कि उपन्यास का घटनाक्रम ‘‘टोपोलॉजिकल’’ नहीं है; उसमें कोई वैविध्य, कोई उतार-चढ़ाव नहीं है. इस सपाट घटनाक्रम की वजह से कथा की गति विकासशील, सम्भवनशील न होकर एक निश्चित दायरे में घूमने में फलित होती है. होरी समेत तमाम पात्रों के चरित्र घटनाओं के घात-प्रतिघात में उन्मीलित नहीं होते; वे आदि से अन्त तक एक-जैसे बने रहते हैं.
होरी की जो नियति एकदम शुरू में आभासित होती है, वही उसके अन्त में चरितार्थ होती है. वह घटनाओं के घात-प्रतिघात में क्रमिक रूप से विकसित नहीं होती, जैसा कि निर्मल वर्मा ने संकेत किया है. सारे पात्रों के व्यक्तित्व बहुत पारदर्शी हैं, उनमें ऐसा कुछ भी गुह्य, छिपा हुआ, रहस्यमय नहीं है, जिसका उन्मीलन उपन्यास की घटना-प्रक्रिया में हुआ हो.
इस जीवन की एक दूसरी वंचना इस बात में है कि इसके पात्र भी इकहरे और एकाश्म हैं, उनके व्यक्तित्वों में भी संश्लिष्टता का अभाव है. इस जीवन में कोई द्वैध (ambiguity), अन्तर्विरोध, विरोधाभास नहीं है. उसके चरित्र अत्यन्त सपाट हैं. किसी असाहित्यिक, सतही वर्णन में तो ऐसे चरित्र शायद विश्वसनीय लग सकते हैं, लेकिन उपन्यास के परिमण्डल में आते ही वे अपनी विश्वसनीयता खो देते हैं, क्योंकि इस परिमण्डल की विशेषता ही यह है कि उसमें मानवीय चरित्र अपनी अधिकतम संश्लिष्टि में उजागर होते हैं; उपन्यास अस्तित्व को उसकी बहुआयामिता में उभारता है. गोदान के इन चरित्रों का व्यक्तित्व हमारे समक्ष जिन रूपों में प्रकट होता है, अविश्वसनीयता उन रूपों में नहीं है; अविश्वसनीयता उन रूपों के अभाव में है जिन्हें यह उपन्यास हमारे सामने प्रकट नहीं कर पाता. इसलिए ये चरित्र अधूरे और एकाश्म लगते हैं. वे स्याह और सफ़ेद में विभाजित हैं; उनके व्यक्तित्वों के कोई धूसर (ग्रे) पक्ष नहीं हैं.
दरअसल, गोदान की विडम्बना यह है कि इसके आख्यात का त्रासद अन्त स्वयं इस आख्यान के त्रासद अन्त के साथ होता है. इस उपन्यास की नियति इसके नायक होरी की नियति से बहुत गहराई से जुड़ी हुई है. होरी के व्यक्तित्व में जो सरलता, सपाटता, पारदर्शिता, भोलापन और भलापन है, वही इस उपन्यास के व्यक्तित्व में है; उसमें कला की जटिलता, बाँकपन या वक्रता नहीं है. नतीजतन, समूची कथा के दौरान जिस तरह होरी की दशा उत्तरोत्तर दारुण होती हुई अन्त में उसकी त्रासद आसन्न मृत्यु में फलित होती है, यह उपन्यास भी लगभग उसके समानान्तर, गोचरताधर्मी ‘‘यथार्थवाद’’ के हाथों शोषण का शिकार होकर, कमज़ोर होता हुआ अन्त में मृत्यु को प्राप्त होता है – मृत्यु जो उसके उन अभावों में प्रतिबिम्बित होती है, जिनका हम उल्लेख कर रहे हैं. अगर इस उपन्यास के त्रासद अन्त का कोई अर्थ है, तो वह यही है : मात्र यह नहीं कि उसमें कही गयी कथा का अन्त एक महान त्रासदी में होता है, बल्कि वह यह भी है कि एक विधा के रूप में इस उपन्यास का अन्त भी स्वयं उसकी मृत्यु की त्रासदी में फलित होता है. इस अर्थ मेंगोदान, मानो, अपने नायक होरी का प्रतिबिम्ब है : उसकी नियति होरी की नियति को प्रतिबिम्बित करती है.
उपन्यास की यह त्रासदी निश्चय ही एक महान त्रासदी है, क्योंकि वह गोदान करने की होरी की महत् आकांक्षा, जो कि उसकी एक पवित्र और सम्मानजनक जीवन जीने की आजीवन महत्त्वाकांक्षाओं के समुच्चय का प्रतीक है, की मार्मिक विफलता के समानान्तर एक यथार्थवादी उपन्यास के माध्यम से अपने समय के विकराल यथार्थ को चित्रित करने की प्रेमचन्द की महत्त्वाकांक्षा की मार्मिक विफलता के रूप में घटित होती है. यह हिन्दी उपन्यास-लेखन की शुरुआत के लगभग पहले क्षणों में ही, उसकी अकाल मृत्यु की त्रासद घटना थी; आधुनिक पश्चिम के परिवेश में जन्मे और उससे अनुकूलित उपन्यास के ढाँचे में कृषि-प्रधान और मिथकीय समय-बोध से भरे भारतीय जीवन के यथार्थ को आयत्त करने की कोशिश की विफलता की घटना. विफलता की यह त्रासदी इसलिए भी मार्मिक है, क्योंकि यह (बहुत बाद के कुछेक अपवादों को छोड़कर) हिन्दी के लगभग तमाम परवर्ती उपन्यास-लेखन को हॉण्ट करती रही है, जिसके नतीजे में हम आज तक एक सच्चे भारतीय उपन्यास से वंचित रहे हैं. हिन्दी आलोचना ने, और उससे पहले हिन्दी के उपन्यासकारों ने, गोदान की इस विफलता का, उसकी विफलता की इस वास्तविक वजह का, कभी नोटिस नहीं लिया, जैसी कि निर्मल वर्मा ने शिकायत की है, और परिणामस्वरूप हम अपनी वास्तविकताओं और उनके औपन्यासिक विन्यास के लिए उपन्यास के पश्चिमी ढाँचे का दामन थामे रहे. निर्मल वर्मा का पर्यवेक्षण है :
“एक तरफ़ प्रेमचन्द की गहन दृष्टि है जो गोदान के पात्रों ने उन्हें दी है, दूसरी तरफ़ ‘एक बनी-बनायी विधा’ को अपनाने की मोहजनक सुविधा है, जिसकी इन पात्रों के संस्कारों, व्यक्तित्व, जातीय अनुभवों – उनकी जीवन-धारा से कोई सम्बन्ध नहीं. यह एक सृजनात्मक चुनौती थी जब प्रेमचन्द रूसी उपन्यासकारों की तरह उन्नीसवीं सदी के ‘परम्परागत’ औपन्यासिक ढाँचे को छोड़कर या उसे परिवर्तित करके एक ऐसी कथ्यात्मक, नैरेटिव विधा का अन्वेषण करते जो होरी की नियति और मर्यादा, उसकी नैतिकता और हताशा के अनुकूल अपना निजी ‘कलात्मक स्पेस’ निर्धारित कर सकती. xxx …घटनाओं के प्रति होरी का सम्बन्ध वैसा द्वन्द्वात्मक, समय-अनुशासित नहीं है जैसा पश्चिम के उपन्यास-पात्रों का साधारणत: होता है. जब हम पहली बार उपन्यास में होरी को देखते हैं, तो हमें एक झलक में उसकी नियति का आभास मिल जाता है – एक एपिक-पात्र की तरह उसकी नियति एक वाक्य, एक संकेत, एक उड़ती हुई प्रतिक्रिया में अन्तर्निहित है. कितना भिन्न है होरी का चरित्र पश्चिम के क्लासिक उपन्यास-पात्रों से जो एक घटना से दूसरी घटना की तरफ़ बढ़ते हुए अपने को उद्घाटित करते हैं.”
‘संस्कृति, समय और भारतीय उपन्यास’
(शताब्दी के ढलते वर्षों में)
गोदान का यथार्थवाद उसकी यथातथ्यता में है. उसमें कल्पना का न्यूनतम निवेश है (हाँ, शहरी जीवन के वर्णन में निश्चय ही कल्पना है, लेकिन वहाँ इस कल्पना में अल्पता है; उसमें सहजता, विश्वसनीयता नहीं है, जैसाकि मैंने पहले संकेत किया है). बाक़ी उपन्यास इस क़दर यथातथ्य है कि उपन्यास की बजाय इतिहास लगने लगता है. जबकि उपन्यास, एक तरह से, इतिहास में निबद्ध अस्तित्व की वास्तविकता का, उसके परिसीमन का, उसके सरलीकरण का अतिक्रमण कर, वास्तविकता के उन सूक्ष्म, अगोचर, अप्रमेय, अननुमेय आयामों को उभारता है, जिन तक इतिहास, अपनी बनावट-मात्र से पहुँच नहीं पाता, और इसलिए उन्हें अनदेखा करता है. उपन्यास इन्हीं आयामों को संवेद्य बनाता है, और वास्तविकता को उसकी पूर्णता में गोचर बनाने का प्रयत्न करता है. इस अर्थ में वह इतिहास के एक काउण्टरप्वाइण्ट के रूप में उसका प्रतिपक्ष रचता है, उसे प्रश्नविद्ध करता है, उसके सरलीकृत दृष्टिकोण का प्रतिवाद करता है.
अस्तु, मैं यह नहीं कहना चाहता कि इस उपन्यास में अगर उपर्युक्त दूसरे पाठ की असंगति न होती; कि अगर उसमें एक समृद्ध सांस्कृतिक पृष्ठभूमि होती; कि अगर उसके चरित्रों के व्यक्तित्वों में उक्त अभाव न होते; उनमें द्वैध, अन्तर्विरोध और विरोधाभास होते, तो होरी की नियति या उपन्यास की त्रासदी इस सब से बदल जाती, या उपन्यास का अन्त किसी और रूप में होता; मैं कहना यह चाहता हूँ कि तब यह नियति, यह त्रासदी, यह अन्त कहीं अधिक मार्मिक, अधिक संश्लिष्ट, अधिक घनीभूत, अधिक विश्वसनीय होता. तब यह सचमुच एक महान उपन्यास होता और अपनी पराकाष्ठा पर अपने चरितनायक होरी की नियति को प्रतिबिम्बित न करता.
लेकिन यह तभी मुमकिन था जब प्रेमचन्द ने तत्कालीन भारतीय समाज की वास्तविकता को, उसके अनैतिहासिक, मिथकीय समय-बोध को, पश्चिमी ढब के उपन्यास के ढाँचे में अँटाने के बजाय, उक्त वास्तविकता के अनुकूल उपन्यास के ढाँचे का पुनराविष्कार किया होता, या आख्यान की तदनुकूल कोई नयी विधि आविष्कृत की होती. तब गोदान निश्चय ही एक सच्ची और फलप्रद साहित्यिक विरासत बन पाता.
| मदन सोनी (जन्म १९५२, सागर, मध्यप्रदेश) छह आलोचना पुस्तकें प्रकाशित जिनमें कविता का व्योम और व्योम की कविता, विषयान्तर, कथापुरुष, उत्प्रेक्षा, विक्षेप और काँपती सतह पर शामिल अनेक पुस्तकों और पत्रिकाओं का सम्पादन जिनमें आधुनिक हिन्दी की प्रेम कविताओं का संचयन प्रेम के रूपक, अशोक वाजपेयी की चुनी हुई रचनाएँ, शमशेर की कविता पर केन्द्रित आलोचना पुस्तक समझ भी पाता तुम्हें यदि मैं, और भारत भवन, भोपाल से प्रकाशित पत्रिका पूर्वग्रह प्रमुख रूप से शामिल हैं. मदन सोनी ने विश्व के कई शीर्ष लेखकों और चिंतकों की रचनाओं के अनुवाद किए हैं जिनमें शेक्सपियर, लोर्का, नीत्शे, एडवर्ड बॉन्ड, मार्गरेट ड्यूरास ज़ाक देरीदा, एडवर्ड सईद आदि शामिल हैं. उनके द्वारा अनुवादित उम्बर्तो एको का विश्व विख्यात उपन्यास ’द नेम ऑफ द रोज’ खासा चर्चित हुआ है उनके अन्य अनुवादों में हरमन हेस्स का उपन्यास सिद्धार्थ विश्व के प्रसिद्ध लेखकों की कहानियों का संचय ’चुगलखोर दिल और अन्य कहानियां’. डैन ब्राउन का उपन्यास ’द विंची कोड . एस हुसैन जैदी की पुस्तकें ’डोगरी टू दुबई’ तथा ’बायकला टू बैंकॉक’ आदि शामिल हैं.इधर विश्व विख्यात लेखक युवाल नोआ हरारी की तीन किताबों- सेपियन्स, होमो डेयस और २१ वीं सदी के लिए २१ सबक़, नेक्सस का उन्होंने हिंदी में अनुवाद किया है जो बहुत प्रसिद्ध हुईं हैं. भोपाल स्थित राष्ट्रीय कला केंद्र भारत भवन के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त सोनी को अनेक सम्मान और पुरस्कार प्राप्त हुए हैं जिनमें देवीशंकर अवस्थी पुरस्कार, नन्ददुलारे वाजपेयी पुरस्कार, मानव संसाधन विकास मन्त्रालय की वरिष्ठ शोधवृत्ति और रज़ा फ़ाउण्डेशन दिल्ली तथा उच्च अध्ययन संस्थान नान्त (फ्रांस) की फ़ेलोशिप आदि मुख्य हैं. madanson.12@gma.l.com |




मदन के हर आलोचनात्मक निबन्ध की तरह यह भी एक महत्वपूर्ण उपन्यास का बेहद सजग पठन है। यह इसीलिए भी अर्थपूर्ण है क्योंकि इसके आलोक में मुझे हिन्दी उपन्यासों की सीमाएं भी दिखायी दीं। मदन हमारी भाषा के सम्भवतः अकेले आलोचक हैं जो आलोच्य कृति में गहरे तक उतरते हैं, उसे सूक्ष्मता से देखते सुनते हैं और ऐसा करते हुए अपने पूरी मेहनत अर्जित अपने ही विचारों से संचालित होने की जगह आलोच्य कृति से उत्पन्न दृष्टियों को सामने रखते हैं। इस अपेक्षाकृत असाधारण और विरल प्रक्रिया के कारण ही उनकी कोई भी आलोचनात्सामक कृति साहित्य मात्र को समझने में सहायक होती है।
एक बहुत ही वस्तुपरक आलोचना … पढ़ कर मजा आया और ज्ञानवर्धन भी हुआ। बधाई मदन सोनी जी को और धन्यवाद समालोचना
इनमें से अधिकांश तर्कों को नामवर सिंह अपने एक व्याख्यान में सुचिंतित रूप से खारिज कर चुके हैं।
वस्तुपरक, सूक्ष्म खंगाल पूरी निष्पक्षता के साथ.
ऐसा ही होना चाहिए. रंगीन चश्मे से देखना अहित करता है.
मदन जी का यह विचारोत्तेजक आलेख निर्मल वर्मा की जिस ज़मीन पर खड़ा होकर लिखा गया है उस पर पर्याप्त वाद-विवाद हो चुका है.
यह आलेख गोदान की आलोचना- परम्परा में इज़ाफ़ा ज़रूर करता है. पर गोदान का मूल्यांकन करते हुए रामविलास शर्मा,पी. सी. जोशी, नामवर सिंह और मैनेजर पाण्डेय, शिवकुमार मिश्र, गोपाल राय आदि ने जो लिखा है वह कहीं ज़्यादा मूल्यवान है.
अंग्रेज़ी और हिंदी में उपलब्ध ‘परिवर्तन और विकास के सांस्कृतिक आयाम’ पुस्तक में जोशी जी के गोदान पर जो दो निबंध हैं वे आज भी गोदान की आलोचना के प्रतिमान कहे जा सकते हैं.गोदान पर आलोचना लिखते हुए गोदान के साथ साथ इन बड़े आलोचकों से टकराए या इनका ज़िक्र किए बिना कोई बात बननी मुश्किल है.