• मुखपृष्ठ
  • समालोचन
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
No Result
View All Result
समालोचन

Home » उत्तर-यथार्थ की दो कहानियाँ : अनुवाद : सुशांत सुप्र‍िय, संतोष अर्श

उत्तर-यथार्थ की दो कहानियाँ : अनुवाद : सुशांत सुप्र‍िय, संतोष अर्श

by arun dev
October 30, 2026
in अनुवाद
Reading Time: 6 mins read
A A
उत्तर-यथार्थ की दो कहानियाँ  : अनुवाद : सुशांत सुप्र‍िय, संतोष अर्श
फेसबुक पर शेयर करेंट्वीटर पर शेयर करेंव्हाट्सएप्प पर भेजें

::  उत्तर-यथार्थ की दो कहानियाँ   :: 

१.

पाँचवीं कहानी
क्‍लैरि‍स ल‍िस्‍पेक्‍टर
हि‍न्‍दी अनुवाद: सुशांत सुप्र‍िय

 

इस कहानी को ‘मूर्ति’ कहा जा सकता है. एक और स‍म्‍भव नाम ‘हत्‍या’ हो सकता है. और ‘त‍िलचट्टों को कैसे मारा जाए’, इस कहानी को यह शीर्षक भी द‍िया जा सकता है. इसलिए मैं आप सब को कम-से-कम तीन कहान‍ियाँ सुनाऊँगा. सभी कहानी सत्‍य-कथाऍं हैं क्योंकि ये कहानि‍याँ एक-दूसरे की वि‍रोधाभासी नहीं हैं. हालाँक‍ि यह एक कहानी है, लेक‍िन यद‍ि मुझे एक हज़ार एक रातें दी गईं तो ये एक हज़ार एक कहान‍ियाँ भी हो सकती हैं.

पहली कहानी ‘त‍िलचट्टों को कैसे मारा जाए’ ऐसे शुरू होती है: मैं त‍िलचट्टों के बारे में श‍िकायत कर रहा था. एक मह‍िला ने मुझे उनके बारे में श‍िकायत करते हुए सुना. उसने मुझे त‍िलचट्टे मारने की य‍ह व‍िध‍ि बताई. मुझे बराबर मात्रा में चीनी, आटा और पलस्‍तर का लेप म‍िलाना था. आटा और चीनी त‍िलचट्टों को आकर्षित करेंगे जबक‍ि पलस्‍तर उन त‍िलचट्टों को अंदर से सुखा देगा. मैंने यही लेप तैयार क‍िया. इसे खाने वाले सभी त‍िलचट्टे मर गए.

अगली कहानी दरअसल पहली कहानी है. उस कहानी का शीर्षक ‘हत्‍या’ है. यह कहानी ऐसे शुरू होती है: मैं त‍िलचट्टों के बारे में श‍िकायत कर रहा था. था. एक मह‍िला ने मुझे यह श‍िकायत करते हुए सुना. उसने मुझे त‍िलचट्टे मारने की य‍ह व‍िध‍ि बताई. मुझे बराबर हि‍स्‍सों में चीनी, आटा और पलस्‍तर को म‍िलाकर उनका लेप बनाना था. आटा और चीनी  उन त‍िलचट्टों को आकर्ष‍ित करेगी जबक‍ि पलस्‍तर उन त‍िलचट्टों के भीतरी हि‍स्‍सों को सुखा देगा. मैंने यही क‍िया. इस मि‍श्रण को खाने वाले सभी त‍िलचट्टे मर गए.

इस तरह उनकी हत्‍या हो गई. सच्‍ची बात यह है क‍ि मैं केवल एक अमूर्त व‍िचार के तौर पर त‍िलचट्टों के बारे में श‍िकायत कर रहा था. वे त‍िलचट्टे मेरे नहीं थे.  वे तो मूल रूप से भूतल या सबसे न‍िचली मंज‍िल के न‍िवासी थे. मेरे घर में तो वे उस भवन की नाली के पाइपों के भीतर रेंग-रेंग कर पहुँच जाते थे. एक बार जब मैंने वह विषैला म‍िश्रण बना ल‍िया तब जा कर वे त‍िलचट्टे मेरे भी हुए. फ‍िर मैं ज़्यादा गहन एकाग्रता से सभी सामग्री को नाप-तौल करके वह व‍िषैला मिश्रण बनाने लगा. एक अस्पष्ट नाराज़गी, एक क्षुब्धता ने मुझे अपनी चपेट में ले लि‍या था. दि‍न में त‍िलचट्टे अदृश्य होते थे और कोई विश्वास नहीं करता क‍ि इतने शांति‍पूर्ण घर को एक गुप्‍त श्राप भीतर-ही-भीतर खाए जा रहा था. लेक‍िन यद‍ि वे त‍िलचट्टे कि‍सी गुप्‍त श्राप-से दि‍न में सोए रहते थे तो उसी समय इधर मैं उनके शाम का वि‍ष तैयार करने में लगा रहता.

न‍िपुणता और उत्‍साह से मैं उनके ल‍िए वह अमृत जैसा म‍िश्रण तैयार करता ज‍िसे चखने के बाद वे देर तक तड़प-तड़प कर मर जाते. एक उत्तेजित भय और मेरा अपना गुप्‍त अभ‍िशाप मुझे रास्‍ता दि‍खा रहा होता. अब मैं भावशून्‍य तरीके से केवल एक चीज़ चाहता था: अस्‍त‍ित्‍व में मौजूद हर त‍िलचट्टे को मार डालना. त‍िलचट्टे रात में नालि‍यों के भीतर से रेंगते हुए ऊपर हमारे घर तक आ रहे होते जबक‍ि थके-माँदे हम नींद में सपने देख रहे होते. और अब उस व‍िध‍ि से तैयार कि‍या गया उनका इतना सफ़ेद घातक व्यंजन तैयार होता. जैसे क‍ि वे त‍िलचट्टे भी मुझ जैसे चालाक होते, मैं वह व‍िषैला लेप क‍िसी व‍िशेषज्ञ की तरह वहाँ फैला देता ताक‍ि वह एकदम प्राकृत‍िक लगे. मकान की चुप्‍पी में मैं अपने बि‍स्‍तर पर लेटा हुआ यह कल्पना करता क‍ि वे सभी त‍िलचट्टे एक-एक करके रेंगते हुए उस लांड्री रूम में पहुँच गए होंगे जहाँ अँधेरा सोया होता और केवल एक तौलि‍या अलगनी पर सतर्क होकर यह सब देख रहा होता.

कई घंटों के बाद मैं अचानक सो कर उठता जब मुझे महसूस होता क‍ि मुझे सोए हुए काफ़ी देर हो चुकी है. भोर हो चुकी होती. मैं रसोई पार करता. और वहाँ लांड्री-रूम के फ़र्श पर वे सब मरे हुए पड़े होते-कठोर और फूल गए हुए. रात में मैंने उनका श‍िकार क‍िया होता. मेरे नाम की सुबह हो रही होती. झुग्‍गी-बस्‍ती में कोई मुर्गा बाँग दे रहा होता.

तीसरी कहानी जो अब शुरू हो रही है, उसका नाम है ‘’मूर्त‍ियाँ’’. यह त‍िलचट्टों के बारे में मेरी श‍िकायत से शुरू होती है. फ‍िर वही मह‍िला आती है. यह कहानी उस बिंदु तक जाती है जहाँ भोर के समय मैं आधा जगा उनींदा-सा रसोई पार करता हूँ. मुझ से ज़्यादा उनींदा वह कमरा है, विशेष करके अपने फ़र्श की टाइलों के पर‍िप्रेक्ष्‍य से. और भोर के हल्‍के अँधेरे में जब एक बैंगनी चमक चीज़ों को दूरी प्रदान करती है, मैं अपने कदमों के पास परछाइयाँ और सफ़ेद आकार की चीज़ें देखता हूँ-– वहाँ दर्जनों छोटी-छोटी मूर्त‍ियों जैसी कठोर चीज़ें बि‍खरी पड़ी हैं. वे त‍िलचट्टे हैं जो भीतर से बाहर तक अकड़ गए हैं. कुछ त‍िलचट्टों के पेट ऊपर की ओर हैं. कई अन्‍य त‍िलचट्टे ऐसे इशारों के बीच में ही अकड़ गए हैं जो कभी पूरे नहीं हुए. कुछ त‍िलचट्टों के मुँह में सफ़ेद-सा खाना अकड़ा पड़ा है.

जैसे पौम्‍पेई शहर में भोर होते हुए देखने वाला मैं पहला गवाह हूँ. मैं जानता हूँ क‍ि कल रात क्‍या हुआ होगा. मैं अँधेरे में होने वाले भोग-वि‍लास और तांडव के बारे में जानता हूँ. कुछ त‍िलचट्टों के भीतर प्‍लास्‍टर इतना धीरे-धीरे ठोस हुआ होगा जैसे वह कोई महत्‍वपूर्ण प्रक्र‍िया हो. और वे त‍िलचट्टे अपनी लगातार बढ़ती दुष्‍कर चालों के साथ रात की खुश‍ियों को लालची ढंग से बढ़ाते जा रहे होंगे, गोया वे अपने ही कठोर होते भीतरी ह‍िस्‍सों से बच कर भागना चाह रहे हों. ज‍ब तक क‍ि वे त‍िलचट्टे एक मासूम सदमें में पत्‍थर जैसे कड़े नहीं हो जाते. उनके चेहरों पर एक आहत त‍िरस्‍कार का भाव होता. अन्‍य त‍िलचट्टे ऐसा भाव लि‍ये मरे पड़े होते जैसे उनके मूल अन्‍तर्भाग ने उन पर हमला कर द‍िया हो. उन्हें इसकी ज़रा भी भनक नहीं होती क‍ि उनके भीतरी अंग पत्‍थर के साँचे में ढल रहे हैं. वे अचानक रवादार बन जाते, जैसे क‍िसी शब्‍द को हमारे-आपके बोलते समय मुँह में बीच में ही काट द‍िया गया हो. वे, जो गर्म‍ियों की रात‍ में, व्‍यर्थ में प्‍यार के गीत गाते हुए पत्‍थर के बन गए.

जबक‍ि वह वाला जो वहाँ है, ज‍िसके भूरे एंटीने में सफ़ेद रंग लगा हुआ है, उसे बहुत देर से पता चला होगा क‍ि वह दरअसल इसलिए ‘ममी’ बनता जा रहा था क्‍योंक‍ि उसे नि‍रर्थक होने के सहज सम्‍मोहन के बारे में नहीं पता था: ‘’क्‍योंक‍ि मैंने अपने भीतर बहुत गहरे तक झाँक कर देखा…’’ – अपनी ठंडी इंसानी ऊँचाई से मैं एक व‍िश्‍व के ध्‍वंस को देखता हूँ. द‍िन न‍िकलता है. क‍िसी मरे हुए त‍िलचट्टे का एंटीना कभी-कभार शुष्कता से हवा में काँपता है. प‍िछली कहानी में से एक मुर्गा बाँग देता है.

चौथी कहानी घर पर एक नए युग का उद्घाटन करती है. हम जो जानते हैं यह वैसे ही शुरू होती है: मैं त‍िलचट्टों के बारे में शि‍कायत कर रहा था. यह कहानी वैसे ही उस पल तक पहुँचती है जब मैं त‍िलचट्टों को प्‍लास्‍टर की मूर्त‍ियों और कलाकृत‍ियों में बदल गए रूप में देखता हूँ. मरे हुए त‍िलचट्टे, जी हाँ. लेक‍िन मैं उन नाल‍ियों की ओर देखता हूँ जहाँ से आज की रात में भी– त‍िलचट्टों की जीव‍ित आबादी धीरे-धीरे एक सीधी कतार में यहाँ फि‍र से पहुँचेगी. तो क्‍या मैं आज की रात में भी उस वि‍षैले और घातक मीठे लेप को बना कर वहाँ रखूँगा? उस व्यक्ति की तरह जो तब तक नहीं सो पाता जब तक वह उत्‍सुकता से अपना अनुष्‍ठान पूरा नहीं कर लेता. और हर भोर के समय में मैं मजबूर हो कर उस मंडप तक पहुँचता हूँ ताक‍ि मैं उन कलाकृत‍ियों जैसी मूर्त‍ियों का स्‍वागत कर सकूँ जो पसीने से लथपथ मेरी रात ने बनाया है. मैं एक जादूगरनी के इस दोहरे जीवन की दुष्‍ट कल्‍पना के आभास से काँप उठा. मैं प्‍लास्‍टर के सूख जाने के संकेत से भी काँप उठा– जीव‍ित रहने की उस बाध्‍यता से जो मेरे आंतरि‍क साँचे में व‍िस्‍फोट कर दे. दो रास्‍तों में से क‍िसी एक को चुनने का एक कठोर उदाहरण, जो मेरे खयाल से एक-दूसरे से व‍िदा ले रहे हैं. और मुझे पक्‍का यकीन था क‍ि दोनों ही परिस्थितियाँ बल‍िदान माँग रही थीं: मेरा या मेरी आत्‍मा का.

मैंने चुना. और आज मुझे द‍िल-ही-द‍िल में अपने इस सद्गुण पर नाज़ है: ‘’इस न‍िवास को कीटाणु-रहि‍त कर द‍िया गया है.‘’

पाँचवीं कहानी का शीर्षक है: ‘’लेबन‍िज़ और पौल‍िनेशि‍या में प्रेम की पारलौक‍िकता.‘’ यह कहानी ऐसे शुरू होती है: मैं त‍िलचट्टों के बारे में शि‍कायत कर रहा था…

  (Katrina Dodson के अंग्रेजी अनुवाद पर आधारित)  

____________________________

 

 

२.
मैं झुग्गी-बस्ती में रहती हूँ
कैन शुए
हि‍न्‍दी अनुवाद: संतोष अर्श

 

मैं झुग्गी-बस्ती में रहती हूँ. रहने के लिए मैंने कभी किसी एक जगह को स्थायी रूप से नहीं चुना. मैं कहीं भी रह सकती थी, बशर्ते वहाँ एक चूल्हा हो. इस इलाके में कोयला पैदा होता है, रात में आग जलाए रखने के लिए सभी घरों में कोयले का इस्तेमाल किया जाता था. मैं गर्मी पाने के लिए रसोई के चूल्हे के एक कोने में सिमटकर लेट जाती थी. रात के समय मुझे ठंड से डर लगता था.

सीढ़ियों के नीचे निचली ज़मीन का एक विशाल विस्तार था. झुग्गी-बस्ती इसी निचले इलाके में बसी हुई थी. यहाँ रहना लोगों के लिए एक यातना थी. रात में बच्चे तक इतने परेशान हो जाते थे कि सो नहीं पाते थे. वे भयभीत होकर चीखने लगते, बिस्तर से उछलकर उठते और नंगे पैर दरवाज़े से बाहर भाग जाते. वे इन तंग गलियों में लगातार दौड़ते रहते, क्योंकि यदि रुक जाते तो ठंड से अकड़कर जम जाते. उनके माता-पिता को दिन निकलने तक प्रतीक्षा करनी पड़ती, तब जाकर वे बाहर निकलते और बच्चों को वापस ले आते.

ये सभी माता-पिता दुबले-पतले और बहुत साँवले थे. उनके चेहरों पर केवल आँखों के दो सफ़ेद हिस्से दिखाई देते थे, जो इधर-उधर घूमते रहते थे. मैंने देखा कि वे रात में शायद ही कभी सोते थे; बस बिस्तर पर पड़े-पड़े ऊँघते रहते थे. और यद्यपि वे केवल ऊँघ रहे होते थे, फिर भी उन्हें बहुत सारे सपने आते थे. पति-पत्नी ही नहीं, पड़ोसी भी बाँस की पतली खपचियों से बनी कमज़ोर दीवारों के आर-पार सपनों में एक-दूसरे से बातें करते थे. उनकी बातें सुनकर मुझे यक़ीन हो गया था कि वे सपना देख रहे हैं. कभी-कभी वे सपनों में बहस करते, कभी लड़ते भी, लेकिन एक-दूसरे के शरीर को छूते तक नहीं थे. वे हवा में अपनी मुट्ठियाँ लहराते रहते थे.

मैं घरों के बारे में बताना भूल गई. वहाँ कतार में बने हुए घर थे, जो एक-दूसरे से सटे हुए थे. क्या इन लोगों ने डर के कारण अपने घर इस तरह बनाए थे? मुझे ऐसा लगता था कि इनमें से किसी भी घर में रहने का अर्थ वास्तव में सभी के साथ रहना था. हर घर का एक मुख्य प्रवेश-द्वार था, लेकिन भीतर के कमरों में बहुत कम खिड़कियाँ थीं और वे खिड़कियाँ भी छोटी तथा अँधेरी थीं. सर्दियों में मुझे ठीक-ठीक याद नहीं रहता था कि किस घर में चूल्हा है और किसमें नहीं. यदि मुझसे गलती हो जाती और मैं ऐसे घर में घुस जाती जहाँ चूल्हा नहीं था, तो उस घर के बच्चे मेरे पैरों को पकड़कर खींचने लगते और मुझे बाहर नहीं जाने देते. उनसे छूटने के लिए मुझे इतनी ज़ोर लगाना पड़ता कि मेरे पैरों की त्वचा छिल जाती थी. जिन परिवारों के घरों में चूल्हे नहीं थे, वे शायद अपना भोजन कच्चा ही खाते होंगे; इसीलिए वे इतने जंगली थे.

दिन के समय मेरी जान-पहचान घर के चूहों से हुई. रात की तुलना में दिन में घर बहुत अधिक उजले दिखाई देते थे. एक दिन मुझे हड्डियाँ कुतरने की आवाज़ सुनाई दी. मैंने सोचा, बिल्ली होगी. मैं चूल्हे के ऊँचे स्थान से नीचे कूदी और देखने के लिए दौड़ी. अरे! वह बिल्ली नहीं, बल्कि एक घरेलू चूहा था- साधारण चूहों से दोगुना बड़ा. धत्! वह बूढ़े आदमी की एड़ी कुतर रहा था! मुझे सफेद हड्डियाँ दिखाई दे रही थीं, लेकिन खून कहीं नहीं था. चूहा बड़े उत्साह से ज़ोर-ज़ोर से चबा रहा था- क-क-क- मानो दुनिया की सबसे स्वादिष्ट हड्डियाँ खा रहा हो.

मैं उस बूढ़े आदमी को अच्छी तरह जानती थी. वह घर के पीछे बने बाड़े में दो सूअर पाल रहा था. उसके बाड़े में सूअर भूख के मारे चीख रहे थे. क्या वह मर गया था? मैं उसके बिस्तर के पास गई और उसे देखने के लिए चक्कर लगाकर खड़ी हो गई. वह मरा नहीं था. वह अपने चश्मे से कुछ कर रहा था. आम तौर पर वह दरवाज़े पर बैठा रहता था, चश्मा लगाए, और कागज़ के एक टुकड़े पर बने चित्र को अपने चेहरे के सामने उठाकर बहुत देर तक देखता रहता था.

यदि उसकी एड़ियाँ कुतरकर खा ली गई थीं, तो वह बाहर जाकर सूअरों को चारा कैसे खिलाता? आख़िर चूहा पेट भरकर खाने के बाद मुड़ा. उसने मेरी ओर सिर थोड़ा-सा हिलाकर संकेत किया और उसी समय उसका निकला हुआ पेट धम्म से ज़मीन से टकराया. मुझे बहुत जिज्ञासा हुई कि वह अब किसी बिल में कैसे घुस पाएगा. इस कमरे में इतना बड़ा कोई बिल नहीं था, और चूहा किसी बिल में घुसा भी नहीं. इसके बजाय, वह आलस से कमरे का एक चक्कर लगाने लगा, मानो ज़रूरत से ज़्यादा खा लेने के कारण उसे दर्द हो रहा हो. जब मैंने सोचा कि उसने क्या खाया है, तो मुझे मितली आने लगी. कमरे का चक्कर पूरा करने के बाद भोजन के कारण उसे नींद आने लगी और वह दीवार के पास ऊँघने लगा. उसने मेरी ओर कोई ध्यान नहीं दिया.

बूढ़ा आदमी बिस्तर पर उठकर बैठ गया. वह अपनी एड़ी पर कपड़े की पट्टी बाँधने वाला था. उसने इसके लिए पहले से ही कपड़े के कुछ चिथड़े तैयार कर रखे थे. कपड़ा फाड़ते समय वह बहुत शोर कर रहा था. वह काफ़ी मज़बूत दिखाई देता था. वह अपने पैर को तब तक लपेटता रहा, जब तक कि वह एक बड़ी-सी पोटली में बदल नहीं गया. सूअर लगातार और ज़ोर से चीख रहे थे. ऐसा लग रहा था कि वे किसी भी क्षण बाड़े से बाहर छलाँग लगा देंगे.

वह बिस्तर से उठा और घायल पैर में जूता पहने बिना ही ज़मीन पर पाँव रख दिया. फिर वह बाहर जाकर सूअरों को चारा खिलाने लगा.

यह सब क्या था? उसने चूहे को अपनी एड़ी क्यों काटने दी? क्या उसकी एड़ी में कोई गाँठ थी और वह चूहे से उसका ऑपरेशन करवा रहा था? कितना प्रशंसनीय आत्मबल था उसका!

जब मैंने दोबारा चूहे की ओर देखा, तो वह पहले से भी अधिक फूला हुआ दिखाई दिया. यहाँ तक कि उसकी टाँगें भी मोटी हो गई थीं. क्या उसने कुछ ज़हरीला खा लिया था? वह सो रहा था. मुझे घुटन-सी महसूस होने लगी. मन भारी किए हुए मैं ताज़ी हवा लेने के लिए दरवाज़े से बाहर निकल आई.

सर्दियाँ बीत चुकी थीं और बाहर खेल रहे बच्चे घर वापस नहीं जाना चाहते थे. कुछ बच्चे सड़क के किनारे ही सो जाते थे. उनके माता-पिता भी उन्हें लेकर चिंतित नहीं होते थे और उन्हें जितनी देर चाहें, बाहर सोने देते थे. वैसे भी बच्चों को कुछ करना नहीं पड़ता था. इधर-उधर दौड़ने के अलावा वे केवल सोते रहते थे. उनमें से कुछ तो शायद दिन और रात के बीच का अंतर भी नहीं समझ पाते थे. और उन्हें इसकी परवाह भी नहीं थी.

उन्हें केवल एक चीज़ का इंतज़ार रहता था- ठेलागाड़ियों के आने का.

पहियों की चरमराहट के साथ, राशन से लदी ठेलागाड़ियाँ छोटी-छोटी गलियों से होकर गुज़रती थीं. बच्चे दौड़कर उनके पास पहुँच जाते और एक-एक करके आटे की बोरियों के ऊपर छलाँग लगाकर बैठ जाते. वे वहाँ ऊँचे और रौबदार भाव से बैठे रहते थे. दूसरे प्रांतों से आए ठेलागाड़ी चलाने वाले लोग हल्का-सा मुसकुराते, लेकिन बच्चों को वहाँ से भगाते नहीं थे.

लोग कहते थे कि वे बर्फ़ से ढके, बर्फ़ीले मैदानों से आते थे. जब वे आटा उतारने लगते, तो बच्चे वहाँ से भाग जाते. भौंहें चढ़ाए हुए वयस्क अपने घरों के दरवाज़े खोलते और भोजन के प्रति उदासीन होने का दिखावा करते.

“उत्तर में मौसम कैसा है?” वे ठेलागाड़ी खींचने वाले लोगों से पूछते.

“अभी ठंड की एक और लहर आएगी.”

(Karen Gernant और Chen Zeping के अंग्रेज़ी अनुवाद ‘I Live in the Slums‘ पर आधारित)

___________________________________________________

 

सुशांत सुप्रिय
(जन्म : 28 मार्च, 1968)सात कथा-संग्रह, तीन काव्य-संग्रह तथा सात अनूदित कथा-संग्रह प्रकाशित.अंग्रेज़ी में काव्य-संग्रह ‘इन गाँधीज़ कंट्री’ प्रकाशित, अंग्रेज़ी कथा-संग्रह ‘द फ़िफ़्थ डायरेक्शन‘ आदि प्रकाशित
संप्रति: लोक सभा सचिवालय, नई दिल्ली में अधिकारी.पता: A-5001,गौड़ ग्रीन सिटी, वैभव खंड, इंदिरापुरम ग़ाज़ियाबाद – 201014 (उ. प्र.)
ई-मेल : sushant1968@gmail.com
 संतोष अर्श
कविताएँ, संपादन, आलोचनारमाशंकर यादव ‘विद्रोही’ पर संतोष अर्श की संपादित क़िताब ‘विद्रोही होगा हमारा कवि’ अगोरा प्रकाशन से तथा ‘आलोचना की दूसरी किताब’अक्षर से प्रकाशित.
poetarshbbk@gmail.com

 

Tags: 2026 कहानीकैन शुएक्‍लैरि‍स ल‍िस्‍पेक्‍टरपाँचवीं कहानीमैं झुग्गी-बस्ती में रहती हूँ 2026संतोष अर्शसुशांत सुप्रिय
ShareTweetSend
Previous Post

फिलीस्तीनी कवि नासिर राबाह की कविताएँ : अनुवाद : अनूप सेठी

Next Post

क्या फ़िराक़ नार्सिसिस्ट थे? अमिता शीरीं

Related Posts

बिना पानी की मछलियाँ : गोविन्द निषाद
कथा

बिना पानी की मछलियाँ : गोविन्द निषाद

चैंचलो : धर्मचन्द्र प्रशान्त : योगिता यादव
कथा

चैंचलो : धर्मचन्द्र प्रशान्त : योगिता यादव

बस एक सीट के लिए : मनोज कुमार पांडेय
कथा

बस एक सीट के लिए : मनोज कुमार पांडेय

Comments 2

  1. तेजी ग्रोवर says:
    3 weeks ago

    Sushant Supriye और Santosh Arsh को इन नायाब कहानियों का चयन और अनुवाद करने के लिए स्नेहाशीष। अनुवाद और चयन दोनों उत्कृष्ट।

    CLARICE LISPECTOR का एक उपन्यास भी है जो सुशांत सुप्रिय ने शायद पढ़ा भी हो। THE PASSION ACCORDING TO G.H. इस उपन्यास की केंद्रीय घटना भी एक तिलचट्टे की मृत्यु है।

    इनकी संग्रहित कहानियों में से चुनकर कुछ और अनुवाद सामने आएंगे तो अच्छा लगेगा। हिन्दी को ऐसी कहानियों की ज़रूरत है

    Reply
  2. Ashar Najmi says:
    3 weeks ago

    ‘समालोचन’ पर क्लैरिस लिस्पेक्टर और कैन शुए की इन दो कहानियों को एक साथ पढ़ना हमारे रूढ़ और सपाट यथार्थवाद के ढर्रे पर एक बेहद ताज़ा और ज़रूरी झटका है।
    ‘पाँचवीं कहानी’ में लिस्पेक्टर जहाँ तिलचट्टों के वध के बहाने कथा-सृजन के अपराध-बोध, हिंसा और सत्य की बहुस्तरीय परतों को बेपर्द करती हैं, वहीं कैन शुए का आख्यान पाठक को एक दमघोंटू, काफ़्काई दुस्वप्न की विकट दुनिया में धकेल देता है। हालाँकि इन दो बिल्कुल भिन्न मिज़ाज की लेखिकाओं को ‘उत्तर-यथार्थ’ के एक ही सुविधाजनक खाते में दर्ज करना आलोचनात्मक दृष्टि से थोड़ा सामान्यीकरण लगता है—क्योंकि लिस्पेक्टर की शक्ति मेटा-फ़िक्शन के दार्शनिक संशय में है और कैन शुए की अवांगार्द दुस्वप्न में। अंग्रेज़ी के रास्ते हुए अनुवाद की अपनी सीमाएँ कहीं-कहीं मूल की विचित्र और खुरदुरी बेचैनी को थोड़ा समतल ज़रूर करती हैं, फिर भी सुशांत सुप्रिय और संतोष अर्श ने इन जटिल और असुविधाजनक पाठों को हिंदी में जिस धीरज और निष्ठा से साधा है, वह निस्संदेह सराहनीय है।
    हिंदी में वैश्विक कथा-शिल्प के नए अछूते द्वारों को खोलने वाली एक विचारोत्तेजक प्रस्तुति! साधुवाद।

    Reply

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

समालोचन

समालोचन साहित्य, विचार और कलाओं की हिंदी की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है. डिजिटल माध्यम में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की जरूरत को ध्यान में रखते हुए 'समालोचन' का प्रकाशन २०१० से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है. विषयों की विविधता और दृष्टियों की बहुलता ने इसे हमारे समय की सांस्कृतिक परिघटना में बदल दिया है.

  • Privacy Policy
  • Disclaimer

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2010-2026 समालोचन | powered by zwantum

No Result
View All Result
  • समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • आलोचना
    • आलेख
    • अनुवाद
    • समीक्षा
    • आत्म
  • कला
    • पेंटिंग
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • शिल्प
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • संपर्क और सहयोग
  • वैधानिक