• मुखपृष्ठ
  • समालोचन
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
No Result
View All Result
समालोचन

Home » उपनिवेश : सांस्कृतिक अन्याय को कैसे समझें : कुँवर प्रांजल सिंह

उपनिवेश : सांस्कृतिक अन्याय को कैसे समझें : कुँवर प्रांजल सिंह

by arun dev
July 1, 2026
in समीक्षा
Reading Time: 3 mins read
A A
उपनिवेश : सांस्कृतिक अन्याय को कैसे समझें :  कुँवर प्रांजल सिंह
फेसबुक पर शेयर करेंट्वीटर पर शेयर करेंव्हाट्सएप्प पर भेजें
उपनिवेश : सांस्कृतिक अन्याय को कैसे समझें
उपनिवेशी काया में सांस्कृतिक अन्याय का दावा 


कुँवर प्रांजल सिंह

सेतु प्रकाशन की ‘जिज्ञासा’ श्रृंखला से प्रकाशित राजीव भार्गव की अनूदित कृति उपनिवेश : सांस्कृतिक अन्याय को कैसे समझें ऐसे समय में सामने आई है, जब एक ओर सैद्धांतिक विमर्शों में और दूसरी ओर राजनीतिक तथा सार्वजनिक भाषणों में ‘विउपनिवेशीकरण’ का व्यापक आलाप सुनाई पड़ रहा है. ऐसे परिदृश्य में यह प्रश्न महत्वपूर्ण हो जाता है कि इस अवधारणा की वैचारिक और साहित्यिक रूपरेखा क्या है तथा इसे किन बौद्धिक परंपराओं और ऐतिहासिक संदर्भों में समझा जाना चाहिए. साथ ही, यह भी विचारणीय है कि राज्य और समाज के बीच जो संबंध ऐतिहासिक रूप से निर्मित हुए हैं और जिनकी पृष्ठभूमि में औपनिवेशिक हस्तक्षेप पहले से मौजूद रहा है, उन्हें विउपनिवेशीकरण की इस अवधारणा के भीतर किस प्रकार देखा और समझा जाएगा? क्या यह अवधारणा केवल औपनिवेशिक सत्ता-संरचनाओं की आलोचना तक सीमित है या फिर वह उन संस्थागत, सांस्कृतिक और वैचारिक संबंधों की भी पड़ताल करती है जो उपनिवेशवाद की विरासत के रूप में आज तक राज्य और समाज के बीच सक्रिय हैं?

इस किताब का हिंदी अनुवाद नरेश गोस्वामी ने किया है. उनकी भाषा इतनी चुस्त, दुरुस्त और कसी हुई है कि पाठक एक बार किताब के साथ जुड़ जाने के बाद बीच में कहीं ठहराव नहीं है. यही कारण है कि किताब अपने जटिल सैद्धांतिक प्रश्नों के बावजूद बोझिल नहीं लगती और पाठक को लगातार अपने साथ बनाए रखती है. यह तो हुई किताब की सामान्य बनावट की बात. अब समीक्षा को प्रश्नों के साथ खोलना अधिक उचित होगा जहाँ हम यह देखने का प्रयास करें कि इस किताब की वैचारिक बनावट और बुनावट में किन प्रकार के बौद्धिक धागों का उपयोग किया गया है. लेखक ने अपने तर्कों की संरचना किन अवधारणाओं, संदर्भों और वैचारिक परंपराओं पर खड़ी की है तथा वे धागे अपने भीतर कितनी मजबूती, विश्वसनीयता और दीर्घकालिकता रखते हैं. दूसरे शब्दों में, यह पड़ताल आवश्यक है कि किताब जिन वैचारिक आधारों पर उपनिवेशवाद, सांस्कृतिक अन्याय की चर्चा करती है, वे आधार कितने ठोस हैं और समकालीन बौद्धिक बहसों में उनकी प्रासंगिकता तथा मियाद कितनी है.

 

 

उपनिवेशवाद और सांस्कृतिक अन्याय का प्रश्न 

संस्कृति, उपनिवेशवाद और सांस्कृतिक अन्याय के प्रश्न को अत्यंत जटिल तथा बहुस्तरीय रूप में प्रस्तुत करने वाली यह किताब संस्कृति को केवल रीति-रिवाजों, परंपराओं या धार्मिक मान्यताओं का संग्रह नहीं मानता, बल्कि उसे किसी समुदाय की सामूहिक स्मृति, आत्मबोध, नैतिकता, भाषा, मिथकों और भविष्य-दृष्टि से निर्मित एक जीवंत संरचना के रूप में देखती है.

इसी आधार पर किताब का यह तर्क है कि किसी समूह को उसकी सांस्कृतिक विरासत से काट देना या उसकी सांस्कृतिक परंपराओं के हस्तांतरण में बाधा उत्पन्न करना एक प्रकार का सांस्कृतिक अन्याय है. यह दृष्टिकोण संस्कृति को मानव गरिमा और सामुदायिक अस्तित्व के साथ जोड़ता है तथा इस बात पर बल देता है कि संस्कृति केवल अतीत की धरोहर के साथ-साथ व्यक्ति और समुदाय की पहचान का आधार भी है. इसलिए लेखक सांस्कृतिक अन्याय की उस प्रचलित धारणा की आलोचनात्मक समीक्षा भी पेश करता है जिसके अनुसार उपनिवेशवाद को केवल सांस्कृतिक विनाश की प्रक्रिया के रूप में देखा जाता है. लेखक का कहना है कि उपनिवेश और उपनिवेशित समाजों के बीच संबंध एकतरफा प्रभुत्व का संबंध नहीं था; उसमें संवाद, आदान-प्रदान, अनुकूलन और परस्पर निर्भरता के तत्व भी मौजूद थे.

औपनिवेशिक शासन स्थानीय ज्ञान, स्थानीय अभिजात वर्ग, अनुवादकों, प्रशासकों तथा सामाजिक संरचनाओं की सहायता के बिना कार्य नहीं कर सकता था. पुलों, सिंचाई प्रणालियों, राजस्व व्यवस्था अथवा भूमि प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में स्थानीय ज्ञान की भूमिका निर्णायक थी. इस प्रकार लेखक उस सरलीकृत दृष्टिकोण को चुनौती देता है जो उपनिवेशवाद को केवल पश्चिमी प्रभुत्व और स्थानीय समाज को केवल निष्क्रिय पीड़ित के रूप में चित्रित करता है.

इस संदर्भ को विश्लेषित करने के लिए लेखक दो महत्वपूर्ण हस्तक्षेप करते है. पहला, लेखक यह मानते है कि सांस्कृतिक संपर्क को केवल दमन की प्रक्रियाओं से संचालित नहीं होती. उसके अनुसार औपनिवेशिक दौर में भारतीय और यूरोपीय समाजों के बीच अनेक स्तरों पर घनिष्ठ अंतःक्रियाएँ हुईं. दूसरा, सामाजिक संबंध, वैवाहिक रिश्ते, भाषाई अनुवाद, प्रशासनिक सहयोग तथा बौद्धिक आदान-प्रदान ने एक ऐसी मिश्रित सांस्कृतिक दुनिया का निर्माण किया जिसमें यह तय करना कठिन हो गया कि प्रभाव का स्रोत कौन था और अनुकरण किसने किया ? इस तर्क के माध्यम से लेखक यह स्थापित करना चाहते है कि संस्कृतियाँ कभी भी पूर्णतः बंद या स्थिर इकाइयाँ नहीं होतीं; वे निरंतर परिवर्तनशील और संवादपरक होती हैं. इसलिए सांस्कृतिक परिवर्तन को स्वतः सांस्कृतिक अन्याय मान लेना उचित नहीं होगा.

फिर भी, लेखक का यह दृष्टिकोण कई महत्वपूर्ण प्रश्नों को जन्म देता है. निस्संदेह, सांस्कृतिक संपर्क और आदान-प्रदान मानव समाजों के विकास की एक स्वाभाविक तथा सार्थक प्रक्रिया है, किंतु उपनिवेशवादी संदर्भ में इस प्रक्रिया को समान शक्ति-संबंधों के आधार पर घटित मान लेना इतिहास की जटिलताओं को सरल बना देना होगा. उपनिवेशवाद की संपूर्ण संरचना राजनीतिक प्रभुत्व, आर्थिक शोषण तथा नस्ली श्रेष्ठता की विचारधारा पर आधारित थी. इस संदर्भ में रणजीत गुहा का प्रसिद्ध निबंध डोमिनेन्स विदाउट हेजेमोनी विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जिसमें वे दिखाते हैं कि औपनिवेशिक सत्ता भारतीय समाज में व्यापक वैधता अर्जित करने में विफल रही और उसका शासन अंततः दमन, नियंत्रण तथा प्रशासनिक वर्चस्व पर टिका रहा. यह ज़ाहिर है कि औपनिवेशिक शासन ने स्थानीय ज्ञान, देशज परंपराओं तथा स्वदेशी अभिजनों की सहायता का उपयोग किया, किंतु उस ज्ञान के संग्रह, वर्गीकरण, नियंत्रण और उससे प्राप्त लाभों पर अंतिम अधिकार औपनिवेशिक राज्य का ही था. इसके अतिरिक्त, औपनिवेशिक हस्तक्षेप से बाहर बची हुई सामाजिक शक्तियाँ भी प्रायः सामंती संरचनाओं और प्रभुत्वशाली जातियों की चौखट से बँधी हुई थीं. फलतः वे व्यापक जनसमुदाय के हितों का प्रतिनिधित्व करने के बजाय अपने विशेषाधिकारों की रक्षा में अधिक संलग्न थीं.

दरअसल, लेखक पार्थ चटर्जी के हवाले से भारतीय अभिजात वर्ग की उस रणनीति की भी चर्चा करते हैं, जिसमें उन्होंने बाहरी और आंतरिक संसार का विभाजन करते हुए आधुनिकता के भौतिक पक्षों को स्वीकार किया, जबकि धर्म, संस्कृति और परिवार के क्षेत्र को अपनी सांस्कृतिक स्वायत्तता के रूप में संरक्षित रखा. यह विश्लेषण अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह दिखाता है कि उपनिवेशित समाज पूर्णतः निष्क्रिय नहीं था, बल्कि उसने अपने ढंग से प्रतिरोध और अनुकूलन की रणनीतियाँ विकसित कीं. हालाँकि इसकी आलोचना भी संभव है, क्योंकि यह रणनीति मुख्यतः अभिजात वर्ग तक सीमित थी. ग्रामीण समाज, निम्न जातियों, स्त्रियों और श्रमिक समुदायों के अनुभव इससे भिन्न थे. इसलिए पूरे भारतीय समाज के सांस्कृतिक अनुभव को केवल अभिजात वर्ग की रणनीतियों के आधार पर समझना एक सीमित दृष्टिकोण हो सकता है. यहीं पर यह किताब आदर्शवादी कलेवर में घिरी हुई नज़र आती है. क्योंकि लेखक यह मान बैठते है कि सांस्कृतिक अन्याय की अवधारणा को अपेक्षाकृत कमजोर करता दिखाई देता है और यह संकेत देता है कि उपनिवेशवाद द्वारा किए गए सांस्कृतिक नुकसान उतने व्यापक नहीं थे जितना प्रायः माना जाता है. यह तर्क बौद्धिक रूप से उत्तेजक अवश्य है, किंतु इसके भीतर एक खतरा भी निहित है.

यदि सांस्कृतिक अन्याय को केवल प्रत्यक्ष सांस्कृतिक विनाश तक सीमित कर दिया जाए, तो भाषा, शिक्षा, ज्ञान-प्रणालियों और आत्मसम्मान पर पड़े उन गहरे प्रभावों की उपेक्षा हो सकती है जिन्होंने उपनिवेशित समाजों की मानसिक संरचना को दीर्घकाल तक प्रभावित किया. औपनिवेशिक शिक्षा, पश्चिमी ज्ञान की श्रेष्ठता का दावा और स्वदेशी परंपराओं के अवमूल्यन ने सांस्कृतिक हीनता-बोध को जन्म दिया, जिसे केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान कहकर नहीं समझा जा सकता. हालाँकि लेखक ने रामायण की पुनर्व्याख्या के उदाहरण द्वारा यह दिखाने का प्रयास करते हैं कि औपनिवेशिक मूल्यों ने भारतीय सांस्कृतिक आख्यानों को भी प्रभावित किया. राम और रावण के चरित्रों की पुनर्संरचना के माध्यम से आधुनिकता, तकनीकी श्रेष्ठता, प्रतिस्पर्धा और आक्रामक पुरुषत्व जैसे मूल्य सांस्कृतिक आदर्शों का हिस्सा बनने लगे. यह तर्क महत्वपूर्ण है क्योंकि यह बताता है कि सांस्कृतिक अन्याय केवल किसी संस्कृति के विनाश में नहीं, बल्कि उसके अर्थों के पुनर्निर्माण में भी निहित हो सकता है. फिर भी लेखक की यह व्याख्या कभी-कभी अत्यधिक निर्धारणवादी प्रतीत होती है, मानो सांस्कृतिक परिवर्तन का प्रत्येक रूप औपनिवेशिक प्रभाव का परिणाम हो. वस्तुतः सांस्कृतिक ग्रंथों की पुनर्व्याख्या समाजों में निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और उसके सभी रूपों को केवल औपनिवेशिक प्रभाव से नहीं समझा जा सकता.

 

 

सार्वभौमिक पहचान और विरासत का प्रश्न :

इस किताब का सबसे महत्वपूर्ण योगदान जाति की औपनिवेशिक व्याख्या की आलोचना में दिखाई देता है. लेखक का तर्क है कि पूर्व-औपनिवेशिक भारत में व्यक्ति की पहचान अनेक सामाजिक, धार्मिक, क्षेत्रीय और व्यावसायिक संबंधों से निर्मित होती थी, जबकि औपनिवेशिक शासन ने जाति को भारतीय समाज की केंद्रीय और सार्वभौमिक पहचान के रूप में स्थापित कर दिया. जनगणना, प्रशासनिक वर्गीकरण और ज्ञान-उत्पादन की औपनिवेशिक प्रक्रियाओं ने जाति को एक स्थिर, पदानुक्रमित और सर्वव्यापी संरचना के रूप में परिभाषित किया. यह विश्लेषण औपनिवेशिक ज्ञान और सत्ता के संबंध को समझने में अत्यंत उपयोगी है. यह लेखक का एक महत्वपूर्ण तर्क है जो ज्ञान और शिक्षा के क्षेत्र में विद्यमान औपनिवेशिक विरासत की आलोचनात्मक पड़ताल से संबंधित है. जहाँ वह इंगित करते हैं कि आज भी अंग्रेज़ी भाषा, पश्चिमी ज्ञान और यूरोपीय बौद्धिक परंपराओं को भारतीय विश्वविद्यालयों में असाधारण महत्व प्राप्त है, जबकि संस्कृत, फ़ारसी तथा भारतीय ज्ञान-परंपराएँ उपेक्षित बनी हुई हैं. सामाजिक और राजनीतिक चिंतन के इतिहास को यूनानी परंपरा से आरंभ कर आधुनिक यूरोपीय विचारकों पर समाप्त कर देना इस बौद्धिक उपनिवेशीकरण का उदाहरण है. लेखक का यह हस्तक्षेप अत्यंत प्रासंगिक है क्योंकि यह ज्ञान के क्षेत्र में निहित सत्ता-संबंधों को उजागर करता है. भारतीय विश्वविद्यालयों में ज्ञान की संरचना वास्तव में लंबे समय तक पश्चिम-केंद्रित रही है.

लेकिन लेखक का यह दावा कि भारतीय अवधारणाओं का इतिहास लिखने के लिए पर्याप्त सामग्री उपलब्ध नहीं है अथवा उपलब्ध सामग्री को समझना अत्यंत कठिन है, कई स्तरों पर प्रश्नांकित किया जा सकता है. यह कथन न केवल भारतीय इतिहासलेखन की समृद्ध परंपरा की उपेक्षा करता है बल्कि उन विद्वानों के दशकों लंबे बौद्धिक श्रम को भी कमतर आँकता है जिन्होंने भारतीय समाज, राज्य, धर्म, सत्ता, जाति और संस्कृति की अवधारणाओं के ऐतिहासिक विकास को विस्तार से समझने का प्रयास किया है. यदि भारतीय अवधारणाओं को समझने की सामग्री वास्तव में अनुपलब्ध होती, तो भारतीय इतिहासलेखन में राज्य, धर्म, वर्ण, जाति, राजसत्ता, सामाजिक संरचना और सांस्कृतिक प्रक्रियाओं पर इतना व्यापक और गंभीर साहित्य निर्मित ही नहीं हो पाता.

उदाहरण के लिए, रोमिला थापर ने अपनी कृतियों फ्रॉम लीनीयेज टू स्टेट तथा द पास्ट बिफ़ोर अस में यह स्पष्ट किया है कि भारतीय समाज और राज्य की अवधारणाएँ वैदिक काल से लेकर प्रारंभिक मध्यकाल तक निरंतर परिवर्तनशील रही हैं. थापर ने अभिलेखों, पुराणों, महाकाव्यों, बौद्ध-जैन साहित्य तथा पुरातात्त्विक स्रोतों के आधार पर यह दिखाया कि भारतीय राजनीतिक और सामाजिक अवधारणाओं का इतिहास न केवल लिखा जा सकता है, बल्कि उसे ऐतिहासिक संदर्भों में समझना भी संभव है. उनके कार्य यह प्रमाणित करते हैं कि समस्या सामग्री के अभाव की नहीं, बल्कि स्रोतों को पढ़ने और उनकी ऐतिहासिक व्याख्या करने की पद्धति की है.

इसी प्रकार रामशरण शर्मा ने आस्पेक्ट ऑफ़ पॉलिटिकल आइडियाज़ एंड इंस्ट्यूशन इन अन्सिएंट इंडिया, इंडियन फ़्यूडलिज्म तथा मैट्रियल कल्चरल एंड सोशल फ़ॉर्मेशन इन अन्सिएंट इंडिया जैसी कृतियों में प्राचीन भारतीय राजनीतिक और सामाजिक अवधारणाओं का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया है. शर्मा ने धर्म, राज्य, वर्ण-व्यवस्था और भूमि-अधिकार जैसी अवधारणाओं को उनके भौतिक और आर्थिक संदर्भों में समझने का प्रयास किया. यदि अवधारणाओं के इतिहास को समझने की सामग्री उपलब्ध न होती, तो इस प्रकार का गहन विश्लेषण संभव ही नहीं था. इसी क्रम में सतीश चंद्र ने मध्यकालीन भारत के अध्ययन में सत्ता, वैधता, धार्मिक सह-अस्तित्व और राज्य-व्यवस्था जैसी अवधारणाओं का ऐतिहासिक विवेचन किया. उनकी किताबों  में मेडिवल इंडिया और पार्टीज़ एंड पॉलिटिकल एट द मुगल कोर्ट में यह दिखाया गया है कि अवधारणाएँ केवल दार्शनिक विमर्शों का विषय नहीं होतीं, वे प्रशासनिक व्यवहार, राजनीतिक संघर्षों और सामाजिक संबंधों के भीतर भी निर्मित होती हैं.

इस दृष्टि से लेखक का यह कहना कि प्राचीन अवधारणाएँ हमारे सामाजिक और राजनीतिक व्यवहार में विन्यस्त हैं लेकिन विद्वानों को इसका पर्याप्त बोध नहीं है, तथ्यात्मक रूप से अतिरंजित प्रतीत होता है, क्योंकि भारतीय इतिहासलेखन का बड़ा हिस्सा इसी तथ्य को उद्घाटित करने में लगा रहा है. इसी तरह के पी जायसवाल की प्रसिद्ध कृति हिंदू पॉलिटी भारतीय राजनीतिक अवधारणाओं के ऐतिहासिक अध्ययन का एक प्रारंभिक और महत्वपूर्ण उदाहरण है. जायसवाल ने गणराज्य, राजसत्ता, विधि और प्रशासनिक संस्थाओं की ऐतिहासिक पड़ताल करते हुए यह दिखाने का प्रयास किया कि भारतीय राजनीतिक चिंतन की अपनी विशिष्ट परंपरा रही है. यद्यपि उनके निष्कर्षों पर बाद के इतिहासकारों ने आलोचनाएँ भी कीं, फिर भी उनका कार्य इस बात का सशक्त प्रमाण है कि भारतीय अवधारणाओं का इतिहास लिखने का प्रयास कोई नया उपक्रम नहीं है.

दरअसल, लेखक का तर्क एक प्रकार की बौद्धिक अतिशयोक्ति का शिकार दिखाई देता है. भारतीय इतिहासलेखन में लंबे समय से यह समझ विकसित की गई है कि अवधारणाएँ केवल शब्द या दार्शनिक विचार नहीं होतीं, वे सामाजिक व्यवहार, राजनीतिक संस्थाओं और सांस्कृतिक प्रक्रियाओं के भीतर सक्रिय रहती हैं. रोमिला थापर से लेकर रामशरण शर्मा और सतीश चंद्र, इरफ़ान हबीब, तक अनेक इतिहासकारों ने इसी अंतर्संबंध को अपने शोध का आधार बनाया है. इसलिए यह कहना कि विद्वानों को इस तथ्य का पर्याप्त बोध नहीं है, भारतीय इतिहासलेखन की एक समृद्ध आलोचनात्मक परंपरा की अनदेखी करना है.

 

 

सांस्कृतिक न्याय के पुनः स्मरण का प्रश्न :

लेखक जब सांस्कृतिक अन्याय के पुनः स्मरण पर लौटते है तब वह पाँच बिंदुओं को सामने रखते है :

(अ) देशज संस्कृतियों का विस्थापन और उनकी धुरी का विखंडन तथा उनके बुनियादी सांस्कृतिक रूपों का लोप.
(आ) खंडित आत्म को ढोती पीढ़ी और उपनिवेशितों की विकृत मानसिकता.
(इ) उपनिवेशित पर यह ठप्पा लगाना कि वह अपने से काम करने के बजाय औपनिवेशिक सत्ता का अनुकरण करने के लिए अभिशप्त है. यह एक ऐसी स्थिति है जो वैकल्पिक और पारस्परिक नेतृत्व के लिए कोई भी गुंजाइश ख़त्म कर देती है.
(ई) उपनिवेशित की संस्कृति को हीन बताते हुए उसका अवमूल्यन.
(उ) चूँकि औपनिवेशिक शक्ति उपनिवेशित को लम्बे समय तक अपने से हीनतर साबित करने में लगी रहती है, इसलिए वह उपनिवेशित की नियति के प्रति एक गहरी उदासीनता का शिकार होने लगती है. वह वंचित और कमजोर पक्ष से असंपृक्त होकर नैतिक रूप से मर जाती है. गहराई में जाकर देखें तो उपनिवेशवाद महज़ उपनिवेशित संस्कृतियों को नष्ट-भ्रष्ट ही नहीं करता बल्कि उपनिवेशित और औपनिवेशिक के सम्बन्धों को भी विकृत कर देता है.

लेखक द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक अन्याय के यह पाँच बिंदु उपनिवेशवाद की उस गहरी संरचना को उजागर करते हैं जो उपनिवेशित समाजों की संस्कृति, आत्मबोध, सामाजिक संबंधों और नैतिक संसार को भी प्रभावित किया. पहला बिंदु, देशज संस्कृतियों का विस्थापन और उनकी धुरी का विखंडन तथा उनके बुनियादी सांस्कृतिक रूपों का लोप, इस बात की ओर संकेत करता है कि उपनिवेशवाद ने स्थानीय ज्ञान-परंपराओं, भाषाओं, जीवन-पद्धतियों और सांस्कृतिक संस्थाओं को हाशिये पर धकेल दिया. यह तर्क अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि सांस्कृतिक वर्चस्व किसी भी राजनीतिक प्रभुत्व को स्थायित्व प्रदान करता है. फिर भी यहाँ यह प्रश्न उठता है कि क्या देशज संस्कृतियों को एक स्थिर और अपरिवर्तनीय इकाई के रूप में देखा जा सकता है? वास्तव में संस्कृतियाँ निरंतर परिवर्तनशील होती हैं और वे बाहरी संपर्कों से भी विकसित होती हैं. इसलिए यह मान लेना कि उपनिवेशवाद से पहले एक शुद्ध, समरूप और आदर्श संस्कृति अस्तित्व में थी, इतिहास की जटिलताओं को सरल बना देना होगा.

दूसरा बिंदु, खंडित आत्म को ढोती पीढ़ी और उपनिवेशितों की विकृत मानसिकता, औपनिवेशिक शासन के मनोवैज्ञानिक प्रभावों की ओर ध्यान आकर्षित करता है. उपनिवेशवाद ने उपनिवेशित लोगों में हीनता, आत्म-संदेह और सांस्कृतिक असुरक्षा को जन्म दिया, जिसके कारण कई पीढ़ियाँ अपनी पहचान को लेकर द्वंद्व का शिकार हुईं. यह विश्लेषण फ्रांत्ज़ फैनन की उस अवधारणा से मेल खाता है जिसमें उपनिवेशित व्यक्ति स्वयं को उपनिवेशक की दृष्टि से देखने लगता है. हालाँकि इस तर्क की सीमा यह है कि यह उपनिवेशित समाजों को केवल पीड़ित और निष्क्रिय समूह के रूप में प्रस्तुत करने का ज़ोख़िम उठाता है. इतिहास बताता है कि उपनिवेशित समाजों ने अनेक स्तरों पर प्रतिरोध किया, अपनी सांस्कृतिक स्मृतियों को बचाया और नए प्रकार की राजनीतिक चेतना का निर्माण भी किया.

तीसरा बिंदु, उपनिवेशित पर यह ठप्पा लगाना कि वह अपने से काम करने के बजाय औपनिवेशिक सत्ता का अनुकरण करने के लिए अभिशप्त है, औपनिवेशिक विमर्श की सबसे खतरनाक रणनीतियों में से एक को सामने लाता है. उपनिवेशवाद ने यह धारणा निर्मित की कि उपनिवेशित समाज स्वयं शासन, ज्ञान और प्रगति की क्षमता नहीं रखते. इससे वैकल्पिक नेतृत्व और स्वायत्त चिंतन की संभावनाएँ सीमित हुईं. लेखक का यह तर्क महत्वपूर्ण है क्योंकि यह दिखाता है कि सत्ता केवल बल प्रयोग से नहीं, बल्कि वैधता के निर्माण से भी संचालित होती है. फिर भी यह स्वीकार करना होगा कि उपनिवेशोत्तर समाजों की कई समस्याओं को केवल औपनिवेशिक विरासत के खाते में नहीं डाला जा सकता. स्वतंत्रता के बाद स्थानीय अभिजात वर्ग, राज्य संरचनाओं और आंतरिक सामाजिक असमानताओं ने भी कई बार इसी प्रकार की दमनकारी प्रवृत्तियों को आगे बढ़ाया है. दलित पैथर आंदोलन, आदिवासी आंदोलन, अस्मिता आधारित आंदोलन इसके उदाहरण है.

चौथा बिंदु, उपनिवेशित की संस्कृति को हीन बताते हुए उसका अवमूल्यन, सांस्कृतिक वर्चस्व की राजनीति को समझने के लिए अत्यंत उपयोगी है. औपनिवेशिक शासन ने अपनी भाषा, ज्ञान और सभ्यता को श्रेष्ठ घोषित कर स्थानीय संस्कृतियों को पिछड़ा, अवैज्ञानिक और अव्यवस्थित सिद्ध करने का प्रयास किया. इसके परिणामस्वरूप अनेक समुदाय अपनी सांस्कृतिक विरासत से दूर होने लगे. यह तर्क आज भी प्रासंगिक है क्योंकि वैश्वीकरण और बाज़ारवादी संस्कृति के दौर में कई स्थानीय भाषाएँ और परंपराएँ संकट में हैं. फिर भी इस बिंदु की आलोचनात्मक सीमा यह है कि सभी देशज परंपराएँ स्वतः लोकतांत्रिक, समतावादी और प्रगतिशील नहीं थीं. उनमें जाति, लैंगिक भेदभाव और सामाजिक बहिष्करण जैसी समस्याएँ भी मौजूद थीं. अतः सांस्कृतिक पुनर्स्थापन का अर्थ अतीत का महिमामंडन नहीं, बल्कि उसकी आलोचनात्मक पुनर्व्याख्या होना चाहिए.

पाँचवाँ और सबसे महत्वपूर्ण बिंदु यह है कि उपनिवेशवाद केवल उपनिवेशित संस्कृतियों को नष्ट नहीं करता, बल्कि उपनिवेशित और औपनिवेशिक के संबंधों को भी विकृत कर देता है. लेखक का कहना है कि निरंतर श्रेष्ठता का दावा करने वाली औपनिवेशिक शक्ति अंततः नैतिक रूप से भी पतित हो जाती है और वंचित समुदायों की पीड़ा के प्रति उदासीन हो जाती है. यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण हस्तक्षेप है क्योंकि इससे स्पष्ट होता है कि उपनिवेशवाद केवल पीड़ितों को ही नहीं, बल्कि उत्पीड़क की नैतिकता को भी क्षति पहुँचाता है. इसके बावजूद यह प्रश्न बना रहता है कि इस ऐतिहासिक अन्याय की भरपाई कैसे की जाए? लेखक स्वयं स्वीकार करता है कि संस्कृति का मूल्य आर्थिक रूप से नहीं आँका जा सकता और वित्तीय क्षतिपूर्ति पर्याप्त नहीं होगी. इसलिए सांस्कृतिक न्याय का अर्थ केवल धनराशि देना नहीं, बल्कि भाषाओं, स्मृतियों, ज्ञान-परंपराओं, संग्रहालयों, अभिलेखों और ऐतिहासिक गरिमा की पुनर्स्थापना से है.

समग्रतः उपनिवेशवाद को सांस्कृतिक अन्याय की एक जटिल प्रक्रिया के रूप में प्रस्तुत करती हुई यह किताब उपनिवेशवाद के उन सूक्ष्म और मानसिक आयामों को सामने लाती हैं जिन्हें सामान्यतः राजनीतिक इतिहास में पर्याप्त महत्व नहीं दिया जाता. यह किताब सांस्कृतिक उपनिवेशवाद की कार्यप्रणाली को समझने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि वे यह प्रश्न उठाते हैं कि आज भी हमारी भाषा, शिक्षा, ज्ञान और पहचान की संरचनाओं में औपनिवेशिक विरासत किस प्रकार सक्रिय बनी हुई है. इस प्रकार के प्रश्न इस किताब को समकालीन बौद्धिक विमर्श में विशेष रूप से प्रासंगिक बनाता है.

यह पुस्तक यहाँ से प्राप्त करें 

 

कुँवर प्रांजल सिंह
सहायक प्रोफ़ेसर (राजनीति विज्ञान विभाग )
दिल्ली विश्वविद्यालय
पार्थ चटर्जी की अनूदित पुस्तक ‘शासितों की राजनीति’ प्रकाशित.
pranjal695@gmail.com
Tags: 20262026 समीक्षाउपनिवेश : सांस्कृतिक अन्याय को कैसे समझेंकुंवर प्रांजल सिंहराजीव भार्गव
ShareTweetSend
Previous Post

गार्गी मिश्र की कविताएँ

Next Post

‘रंगयात्रियों के राहे गुज़र’ से गुजरते हुए : विजय पण्डित

Related Posts

लाल्टू की नई कविताएँ
कविता

लाल्टू की नई कविताएँ

गिर्दाब : उज़्मा कलाम
कथा

गिर्दाब : उज़्मा कलाम

उत्तर भारत में पंथ निर्माण और निर्गुण भक्ति आन्दोलन : अजय कुमार यादव
शोध

उत्तर भारत में पंथ निर्माण और निर्गुण भक्ति आन्दोलन : अजय कुमार यादव

Comments 1

  1. Rajendra JOSHI says:
    2 weeks ago

    कुँवर प्रांजल सिंह की यह समीक्षा पहली दृष्टि में गंभीर, अध्ययनपरक और वैचारिक रूप से समृद्ध प्रतीत होती है। लेखक ने केवल पुस्तक का सार प्रस्तुत नहीं किया, बल्कि उसके तर्कों के साथ आलोचनात्मक संवाद स्थापित करने का प्रयास किया है। समीक्षा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें राजीव भार्गव के विचारों को आँख मूँदकर स्वीकार नहीं किया गया, बल्कि रणजीत गुहा, पार्थ चटर्जी, रोमिला थापर, रामशरण शर्मा और अन्य इतिहासकारों के संदर्भों के माध्यम से उनकी सीमाओं की भी पड़ताल की गई है। इससे लेख एक बौद्धिक बहस का रूप ले लेता है।

    एक पाठक के रूप में सबसे प्रभावशाली पक्ष यह लगता है कि लेखक उपनिवेशवाद को केवल राजनीतिक या आर्थिक घटना न मानकर सांस्कृतिक और मानसिक संरचनाओं के स्तर पर समझने की कोशिश करता है। विशेष रूप से सांस्कृतिक अन्याय के पाँच आयामों की व्याख्या तथा उनके साथ की गई आलोचनात्मक चर्चा लेख को संतुलित बनाती है। लेखक यह भी स्वीकार करता है कि देशज परंपराओं का पुनर्मूल्यांकन आवश्यक है, पर उनका अंध-महिमामंडन उचित नहीं। यह दृष्टि लेख को वैचारिक संतुलन प्रदान करती है।

    हालाँकि, समीक्षा की कुछ सीमाएँ भी स्पष्ट दिखाई देती हैं। सबसे पहली समस्या इसकी अत्यधिक लंबाई और पुनरावृत्ति है। कई स्थानों पर एक ही विचार अलग-अलग शब्दों में दोहराया गया है, जिससे लेख का प्रवाह धीमा हो जाता है। यदि इसे अधिक संक्षिप्त और सघन बनाया जाता, तो इसका प्रभाव और बढ़ सकता था।

    दूसरी बात, समीक्षा कई बार पुस्तक की समीक्षा से अधिक लेखक के अपने इतिहासबोध और वैचारिक मत का विस्तार बन जाती है। उदाहरण के लिए, भारतीय इतिहासलेखन पर की गई लंबी चर्चा और विभिन्न इतिहासकारों के कार्यों का विस्तृत उल्लेख महत्त्वपूर्ण अवश्य है, लेकिन इससे मूल पुस्तक पर केंद्रित विश्लेषण कुछ हद तक पीछे छूट जाता है। एक पाठक के रूप में ऐसा लगता है कि समीक्षा कभी-कभी पुस्तक की आलोचना से आगे बढ़कर स्वतंत्र निबंध का रूप ले लेती है।

    तीसरी सीमा यह है कि लेख में उद्धृत कई दावों का आलोचनात्मक परीक्षण तो किया गया है, लेकिन पुस्तक के प्रतिपक्ष को हमेशा पर्याप्त विस्तार नहीं मिलता। कुछ स्थानों पर लेखक अपने निष्कर्षों को अपेक्षाकृत निर्णायक ढंग से प्रस्तुत करता है, जबकि उन पर वैकल्पिक व्याख्याओं की संभावना भी मौजूद है। इससे समीक्षा का आलोचनात्मक संतुलन कुछ कमज़ोर पड़ता है।

    भाषा की दृष्टि से लेख विद्वत्तापूर्ण और प्रभावशाली है, किन्तु उसकी अकादमिक शैली सामान्य पाठकों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकती है। लंबे वाक्य, सैद्धांतिक शब्दावली और लगातार संदर्भों का प्रयोग लेख को गंभीर तो बनाता है, पर उसकी पठनीयता को सीमित भी करता है।

    समग्र रूप से देखें तो यह समीक्षा केवल पुस्तक का परिचय नहीं देती, बल्कि उपनिवेशवाद, सांस्कृतिक न्याय और ज्ञान की राजनीति पर गंभीर विमर्श खड़ा करती है। इसकी सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि यह पाठक को सहमत या असहमत होने के लिए विवश करती है। फिर भी, यदि इसमें पुनरावृत्ति कम होती, पुस्तक और समीक्षा के बीच संतुलन अधिक बना रहता तथा भाषा कुछ अधिक सुलभ होती, तो यह आलोचनात्मक लेख और भी प्रभावशाली बन सकता था।

    यह एक गंभीर, शोधपूर्ण और वैचारिक रूप से समृद्ध समीक्षा है, जिसकी शक्ति उसका आलोचनात्मक विवेक है। इसकी कमजोरी इसकी अत्यधिक विस्तारप्रियता और कई स्थानों पर पुस्तक की अपेक्षा समीक्षक के अपने विमर्श का अधिक प्रमुख हो जाना है। एक पाठक के रूप में यह लेख बौद्धिक रूप से उत्तेजक और विचारोत्तेजक है, लेकिन अधिक संपादित और संक्षिप्त रूप में इसका प्रभाव कहीं अधिक गहरा हो सकता था।

    Reply

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

समालोचन

समालोचन साहित्य, विचार और कलाओं की हिंदी की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है. डिजिटल माध्यम में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की जरूरत को ध्यान में रखते हुए 'समालोचन' का प्रकाशन २०१० से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है. विषयों की विविधता और दृष्टियों की बहुलता ने इसे हमारे समय की सांस्कृतिक परिघटना में बदल दिया है.

  • Privacy Policy
  • Disclaimer

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2010-2023 समालोचन | powered by zwantum

No Result
View All Result
  • समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • आलोचना
    • आलेख
    • अनुवाद
    • समीक्षा
    • आत्म
  • कला
    • पेंटिंग
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • शिल्प
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • संपर्क और सहयोग
  • वैधानिक