• मुखपृष्ठ
  • समालोचन
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • आलेख
    • समीक्षा
    • मीमांसा
    • बातचीत
    • संस्मरण
    • आत्म
    • बहसतलब
  • कला
    • पेंटिंग
    • शिल्प
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • नृत्य
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
No Result
View All Result
समालोचन

Home » क्या फ़िराक़ नार्सिसिस्ट थे? अमिता शीरीं

क्या फ़िराक़ नार्सिसिस्ट थे? अमिता शीरीं

by arun dev
October 31, 2026
in समीक्षा
Reading Time: 6 mins read
A A
क्या फ़िराक़ नार्सिसिस्ट थे?  अमिता शीरीं
फेसबुक पर शेयर करेंट्वीटर पर शेयर करेंव्हाट्सएप्प पर भेजें
फ़िराक़
एक सामाजिक त्रासदी


 अमिता शीरीं

 

तू एक था मिरे अश’आर में हज़ार हुआ
उस इक चराग़ से कितने चराग़ जल उठ्ठे

उंचाईयों के शायर रघुपति सहाय फ़िराक़ गोरखपुरी की शख्सियत में अंतर्विरोधों के हज़ारों आयाम मौजूद थे. क्या शख्स था वह. एक साथ शायरी करता तो दुनिया वाह-वाह करती. दूसरे ही पल वह अपनी पत्नी किशोरी देवी को गन्दी-गन्दी गालियाँ बकता. उनके अशआर इतनी उंचाई लिए होते कि मुंह से वाह भी न निकलता बस एक चुप सा तारी हो जाता दिलो-दिमाग पर. पर यक़ीन नहीं होता कि ऐसे उम्दा अशआर कहने वाले व्यक्ति के भीतर अपनी पत्नी और बच्चों के प्रति बेपनाह नफ़रत भरी हुई थी.

 

ऐ सोज़-ए-इश्क़ तूने मुझे क्या बना दिया
मेरी हर एक साँस मुनाजात हो गई

28 अगस्त 1896 को जन्मे फ़िराक़ की शादी 1914 में अठारह साल की उम्र में हुई. शादी के लिए उनकी एक मात्र शर्त थी कि उनकी होने वाली पत्नी निहायत खूबसूरत और पढ़ी लिखी होनी चाहिए. उनके पिता गोरखपुर के नामी वकील और शायर इबरत गोरखपुरी ने उनकी शर्त मान ली. बुआ लड़की देखने गई. लड़की बेहद खूबसूरत थी. पिता ने मुतमईन हो कर शादी पक्की कर दी.

शादी में हवन के वक़्त घूंघट में ढंकी दुल्हन की उँगलियाँ बेहद लम्बी, सख्त और काली थीं. बस उसे देख कर ही फ़िराक़ का ‘दिल टूट’ गया. वह टूटा हुआ दिल फिर कभी नहीं जुड़ सका. वह अपने आपको बेहद हारा हुआ विवश और धोखा खाया महसूस कर रहे थे. अपने सपनो के अंतरमहल के खंडहरों को लेकर फ़िराक़ ताउम्र अपनी पत्नी किशोरी देवी से घृणा करते रहे.

 

इसी खंडर में कहीं कुछ दिए हैं टूटे हुए,
इन्हीं से काम चलाओ बड़ी उदास है रात

इस कदर घृणा कि हैरत होती है कि कोई जीता जागता इंसान कैसे किसी दूसरे इंसान से इतनी अधिक नफ़रत कर सकता है. नफ़रत करते हुए ही इश्क, इन्तिज़ार और ज़िन्दगी के फलसफ़े पर इतनी बारीक़ शायरी कर सकता है. पर शायद फ़िराक़ अपनी ‘बदसूरत’ ‘अनपढ़’ पत्नी को इंसान का दर्ज़ा नहीं देते थे.

 

मौत का भी इलाज हो शायद
ज़िन्दगी का कोई ईलाज नहीं

इस व्यक्ति की ज़हनियत को समझने के लिए संभवतः एक मनोवैज्ञानिक शोध की ज़रूरत है. एक जीनियस के पीछे छिपा इंसान अपनों के प्रति निहायत क्रूर कैसे हो सकता है. कि कोई रचनाकार अपनी इतनी ज़हीन रचनाओं से इस तरह अलहदा कैसे हो सकता है. हालांकि रचना और रचनाकार के अंतरसंबंधों की बहस काफ़ी पुरानी है और अभी तक हल नहीं हुई है.

एक जीनियस व्यक्ति का साहित्य और उसका निजी जीवन कितना अलग हो सकता है फ़िराक़ उसके जीते-जागते उदाहरण थे.
उनके इन दोनों पक्ष पर बहुत अन्तरंग लेकिन यथासंभव निष्पक्ष रूप से कलमबद्ध किया है उनके सबसे छोटे भाई यदुपति की बेटी अलका सहाय पाठक ने. हाल ही में उनकी लिखी फ़िराक़ की जीवनी आई है -’ Firaq Gorakhpuri : THE MAN BEHIND THE GENIUS.’ अंग्रेजी में इसे प्रकाशित किया है ओम बुक्स इंटरनेशनल ने.

इस किताब में अलका ने बहुत प्यार से अपने ताऊ जी को याद किया है. हालांकि ताऊ जी द्वारा उनकी ताई जी यानि किशोरी देवी के साथ किये गए दुर्व्यवहार को उन्होंने बेहद संवेदनशील और वस्तुनिष्ठ तरीके से रखा है. लेकिन अंततः वह अपने शायर ताऊ जी के जीनियस होने को सेलिब्रेट भी करती हैं.

बेशक वह बार-बार अपने आपसे हुए धोखे को ताउम्र नासूर की तरह पाले रहे. इस किताब की माने तो वह अपनी पत्नी की शकल भी देखना गवारा नहीं करते थे. शादी के बाद उन्होंने शादीबाजों द्वारा किये गए धोखे का बदला अपनी पत्नी से लिया. उन्होंने अपनी पत्नी किशोरी देवी को उनके मायके भेज दिया. तकरीबन 19- 20 साल बाद जब उन्होंने अपनी पत्नी को मायके से इलाहाबाद स्थित बैंक रोड के अपने बंगले पर बुला लिया तो रोज़ शाम को दारू पीने के बाद वह चिल्ला-चिल्ला कर गाली देते. अलका कहती हैं कि उनकी गालियों में एक पैटर्न था. पहले वह उस जगदम्बा प्रसाद को गाली देते जिन्होंने उनकी शादी का प्रस्ताव दिया था, फिर वह किशोरी के माँ-बाप को गाली देते, फिर भाइयों को और अंत में जी भर कर किशोरी को गरियाते.

 

और ऐसे में मुझे बियाहा गया भला किससे
जो हो न सकती थी हरगिज़ मेरी शरीक़े हयात

अलका लिखती हैं कि सिर्फ़ किशोरी ही नहीं गुस्से में वह अपने पास आने वाले किसी भी शख्स को गाली देते थे. सिर्फ पत्नी ही नहीं वह अपने पैदा हुए 4 बच्चों को भी बर्दाश्त नहीं कर सकते थे. उन बच्चों की छाया से भी उन्हें नफ़रत थी. उनमें उन्हें अपनी पत्नी की झलक मिलती थी. सवाल यह उठता है कि जिस औरत से वह बेइंतहां नफ़रत करते थे, उससे उनके चार-चार बच्चे कैसे पैदा हो गए? ये सब पढ़ते हुए शायर से नफ़रत सी होने लगती है.

उनकी बड़ी बेटी प्रभा टाइफाइड से मर गई. अपने प्रति इतने संवेदनशील कवि फ़िराक़ ने उसका शोक नहीं मनाया. उसके मरने पर भी वह रोज़ की तरह दारू पीते रहे, चिल्लाते रहे और गालियाँ देते रहे.

किशोरी और उनके बच्चे फ़िराक़ के घर के पिछले हिस्से में रहते थे. फ़िराक़ भूले से भी उस ओर नहीं जाते थे. पत्नी और बच्चों की छाया भी उनके उस हिस्से में नहीं पड़नी चाहिए थी, जहाँ फ़िराक़ बैठ कर दारू पीते थे, सुखनवर होते थे और यारों की महफ़िलें लगाया करते थे. किशोरी नौकरानी की तरह दिन रात खाना पकाया करती. फ़िराक़ रात के 12 बजे भी उनसे अपनी पसंद के खाने की डिमांड कर देते और वह चुपचाप उसे पूरा कर देती. फ़िराक़ खाने के बहुत शौक़ीन थे.

ऐसे अपमान जनक माहौल में बचपन बिताने के बाद एकमात्र बेटे गोविन्द ने 19 साल की उम्र में 17 जुलाई, 1937 को ट्रेन के नीचे आकर आत्महत्या कर ली. वह अपने पिता द्वारा उनकी माँ का रोज़-रोज़ का अपमान बर्दाश्त नहीं कर सका. लहूलुहान गोविन्द को सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया. फ़िराक़ ने दबाव डाल कर गोविन्द को उनके ख़िलाफ़ बयान नहीं देने दिया. जब उसने पुलिस के सामने अपने पिता को ‘बख्श’ दिया तो वह हॉस्पिटल में ही पेड़ के नीचे दारू पीने लगे और किशोरी को उन्होंने पकौड़े तलने का हुक्म दिया. उस हालत में भी किशोरी प्राइवेट वार्ड में पकौड़े तल रही थी और फ़िराक़ दारू पी रहे थे. चार दिन बाद गोविन्द की मौत हो गई. वह अपने तानाशाह/क्रूर बाप से ‘मुक्त’ हो गया. फ़िराक़ ने अपने घर में एक ग़मज़दा माँ को बेटे की फोटो लगाने की इजाज़त भी नहीं दी.

 

‘फ़िराक़’ दौड़ गई रूह सी ज़माने में
कहाँ का दर्द भरा था मिरे फ़साने में

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अंग्रेजी विभाग में नौकरी पाने से पहले फ़िराक़ को आईसीएस की नौकरी मिली थी लेकिन बकौल फ़िराक़ ‘मैं किशोरी को एक आईसीएस की पत्नी के रूप में नहीं देख सकता था.’ वह अपनी पत्नी के प्रति इस कदर क्रूर थे. उन्होंने उन्हें अपने साथ इस लिए रखा हुआ था कि रात बिरात उन्हें सुस्वादु खाना मिल जाता था. कभी-कभी वह एकदम सुबह हलुवे की मांग करते और किशोरी उनकी मांगों को चुपचाप पूरा करती.

छोटी बेटी पुष्पा के ब्याह के बाद 1954 में फ़िराक़ ने किशोरी को घर छोड़ देने का हुक्म दिया. किशोरी अपने भाई के पास रहने लगी और 3 मार्च 1982 में फ़िराक़ की मौत के बाद उनकी लाश को देखने इलाहाबाद आई.

 

नए तराने छेड़ो
मेरे नगमों को नींद आती है!

अलका की किताब पढ़ कर समझ में आता है कि यह शायर केवल जीनियस नहीं था बल्कि क्रूर और सनकी था. केवल किशोरी ही नहीं बल्कि अपनी माँ, भाइयों, बहनों और दोस्तों के प्रति भी वह बेहद क्रूर थे और उनके साथ भी दुर्व्यवहार करने में कोई कोताही नहीं करते थे.

पिता की मौत के बाद फ़िराक़ ने गोरखपुर स्थित उनकी हवेली ‘लक्ष्मी निवास’ पर कब्ज़ा कर लिया और अपनी माँ और तीन नन्हें भाई बहन को गौशाला में रहने को मजबूर कर दिया. बाद में फ़िराक़ ने उस हवेली को और बाकी संपत्ति को औने-पौने दाम में बेच दिया. इसके बाद उनकी माँ पुश्तैनी गाँव में अकेले रहने को विवश हुईं. बाद में उनके दूसरे पुत्र श्रीपत ने उन्हें अपने साथ लखनऊ में रखा.

उनके सबसे छोटे भाई यदुपति और अलका के पिता के साथ भी उनका व्यवहार ख़ासा क्रूर था.

वही फ़िराक़ दूसरों के बच्चों के साथ काफी मुलामियत से पेश आते. बल्कि बच्चों का साथ उन्हें बहुत लुभाता था. तमाम सारे बच्चों में अलका उनकी बहुत प्रिय भतीजी थी. वह याद करती हैं कि एक बार वह बच्चों को लेकर फिल्म अंदाज़ दिखाने ले गए. उस फिल्म में राज कपूर ने उनका बेहद क़ामयाब शेर पढ़ा है –

 

तुम मुख़ातिब भी हो क़रीब भी
तुम्हें देखें कि तुमसे बात करें

फ़िल्म में जैसे ही यह संवाद ख़त्म हुआ, फ़िराक़ उठ खड़े हुए और घर चल दिए. बच्चों ने किसी तरह फिल्म पूरी देखी. फ़िराक़ केवल वह शेर सुनने के लिए फिल्म देखने गए थे.

 

Heritage Times से आभार सहित

 

कुल मिलकर फ़िराक़ एक जुनूनी इन्सान थे. उनकी सनक केवल उनकी पत्नी और बच्चों तक सीमित नहीं थी. इलाहाबाद शहर में उनकी सनक और गुस्से के किस्से मशहूर हैं. इस किताब में भी इसके ढेर सारे किस्से मौजूद हैं. बेशक वह अपनी सनक के लिए अपनी असफल शादी का आवरण लेते थे. वरना अपनी ही माँ के साथ दुर्व्यवहार का कोई तर्क नहीं बनता.

इस किताब में उनका सिर्फ स्याह पक्ष ही नहीं है. हालांकि, किताब पढ़ते हुए उनका यह पक्ष, ख़ास तौर पर किशोरी से किया गया दुर्व्यवहार इतना हावी हो जाता है कि उनको बख्शने का मन नहीं करता.

वहीं फ़िराक़ के और भी कई पहलू हैं. उनकी शायरी का उरूज तो हर कोई जानता है.

 

असर भी ले रहा हूँ तेरी चुप का
तुझे क़ाइल भी करता जा रहा हूँ

कमी न की तिरे वहशी ने ख़ाक उड़ाने में
जुनूँ का नाम उछलता रहा ज़माने में

जो उलझी थी कभी आदम के हाथों
वो गुत्थी आज तक सुलझा रहा हूँ

इस तरह के शेर लिखने वाला शख्स केवल एक नाकाम पति, पुत्र, पिता और भाई ही नहीं था. उनका एक बड़ा सामाजिक दायरा था. बैंक रोड के उनके बंगले पर दोस्तों की महफ़िलें जमी रहती. इलाहाबाद विश्वविद्यालय का अंग्रेजी विभाग उनकी विद्वता का क़ायल था. वह पोएट्री पढ़ाते तो लोग मंत्रमुग्ध सुनते रहते.

उन्होंने असहयोग आन्दोलन में हिस्सा लिया और एक साल तक जेल में रहे. बाद में वह कांग्रेस के सह सचिव भी बने. 1922 -27 तक वह इस पद पर रहे और वेतन भी प्राप्त करते रहे.

 

सितारों से उलझता जा रहा हूँ
शबे फ़ुरकत बहुत घबरा रहा हूँ.

शायर इन्क़लाबी था भी था. और दुनिया बदलने का हिमायती भी.

अगर बदल न दिया आदमी ने दुनिया को
तो जान लो कि यहाँ आदमी की ख़ैर नहीं

देख रफ़्तार-ए-इंक़लाब ‘फ़िराक़’
कितनी आहिस्ता और कितनी तेज़

कुछ क़फ़स की तीलियों से छन रहा है नूर सा
कुछ फ़ज़ा कुछ हसरते परवाज़ की बातें करो

1943 – 65 तक फ़िराक़ का सितारा बुलंदी पर था. वह हिन्दुस्तान के सबसे बुलंद शायरों में से एक थे. जोश मलीहाबादी और फैज़ अहमद फैज़ उनके समकालीन थे. मुशायरों में फ़िराक़ महफ़िलें लूट लिया करते.

 

लेती है मेरी बात को कुछ यूं ये दुनिया
जैसे कोई अनमोल रकम बाँट रहा हूँ.

लेकिन धीरे-धीरे यह शख्स अकेला होता गया. परिवार से वह पहले ही अपने व्यवहार के कारण दूर हो गए थे. दोस्तों ने भी धीरे-धीरे उनका साथ छोड़ दिया.

 

वक़्त-ए-पीरी दोस्तों की बे-रुख़ी का क्या गिला
बच के चलते हैं सभी गिरती हुई दीवार से

जीवन की सांझ में वे बेहद तनहा थे. अंततः इंदिरा गांधी ने शायर की फ़िक्र की और उन्हें एम्स दिल्ली में एडमिट कराया और अपने खर्चे पर उनका इलाज कराया. वह एम्स में उन्हें देखने भी गई.

अंतत, 3 मार्च 1982 को दिल्ली में अपने किसी प्रशंसक के घर पर उन्होंने अंतिम सांस ली.

 

जहाँ में थी बस इक अफ़्वाह तेरे जल्वों की
चराग़-ए-दैर-ओ-हरम झिलमिलाए हैं क्या क्या

किताब पढ़ते-पढ़ते जब फ़िराक़ की मौत हुई तो उनके प्रति तमाम ग़ुस्से के बावजूद आँखे भरी हुई थीं और गले में एक गिरह सी लग गई थी, जिसके खुलने में बहुत वक़्त लगा.

 

फ़ज़ा तबस्सुम-ए-सुब्ह-ए-बहार थी लेकिन
पहुँच के मंज़िल-ए-जानाँ पे आँख भर आई

तमाम भरी हुई आँख के बावजूद यह सवाल फिर भी रह जाता है कि आखिर इंसान की शख्सियत इतनी बंटी हुई कैसे हो सकती है. इतना विखंडित जीवन एक मनोवैज्ञानिक शोध का विषय है. लेकिन भारत में लेखकों की रचनाओं और निजी जीवन के व्यवहार को लेकर कोई ख़ास शोध नहीं हुआ है शायद. यूरोप में ऐसे कई अध्ययन हुए हैं. दोस्तोवोस्की, के आत्म की जटिलता और उनके साहित्य के अंतरसम्बन्ध पर एक मनोविश्लेष्नात्मक काम हुआ है.

दोस्तोवोस्की जो मानवीय संवेदना के कुशल चितेरे हैं, उनका क्रमशः अपनी दो पत्नियों के साथ व्यवहार एकदम अनैतिक है. वह जुए की लत के शिकार थे. और उनकी इस आदत का शिकार उनकी पहली और दूसरी पत्नी दोनों हुई. यूरी कॉरिगन की पुस्तक Dostoevsky and the Riddle of the Self (2017) में उनके आत्म की जटिलता और परस्पर विरोधी विचारों का विस्तृत अध्ययन है.

इसी तरह काफ़्का, वर्जिनिया वुल्फ़, सिल्विया प्लाथ आदि पर भी मनोविश्लेष्णात्मक अध्ययन हुए हैं.

दुनिया के चर्चित लेखकों में टेड ह्यूज, नार्मन मेलर, वी. एस. नायपॉल, रुडयार्ड किपलिंग, लार्ड बायरन ऐसे चंद नाम हैं जिन्होंने अपने जीवन साथी से धोखा किया.

खुद जीनियस वैज्ञानिक आइन्स्टीन का औरतों के प्रति दृष्टिकोण दुरुस्त नहीं था.

किसी जीनियस लेखक/व्यक्ति के व्यक्तित्व का विरोधाभासी होना, उसका मानसिक रूप से विखंडित होना और उसका किसी मानसिक बीमारी से ग्रस्त होना, तीन अलग-अलग बातें हैं. किसी लेखक के लेखन में गहरे अंतर्विरोध हो सकते हैं, वह अपनी रचनाओं में मानवीय स्वतंत्रता की वकालत कर सकता है लेकिन निजी जीवन में दूसरों को नियंत्रित करता होता है, या वह अत्यंत संवेदनशील साहित्य रचते हुए अपने निकट संबंधों में क्रूर हो सकता है. जैसा कि स्वयं फ़िराक़ थे. लेकिन क्या फ़िराक़ मानसिक रूप से बीमार थे? अगर वह इतने बीमार थे तो इतनी गहरी दार्शनिक शायरी कैसे कर सकते थे.? यह सब मनोवैज्ञानिक अध्ययन का विषय है.

मुझे लगता है फ़िराक़ के खंडित व्यक्तित्व को उनके भीतर मौजूद विरोधाभासों को ऐतिहासिक और सामाजिक संदर्भों में समझना ज़रूरी है. वह एक सामंती समाज की उपज थे जहां शादी-ब्याह व्यक्ति स्वयं नहीं दूसरे लोग तय करते थे. उसमें व्यक्ति की अपनी (खास तौर पर औरतों की) पसंद नापसंद की जगह लगभग नहीं होती थी. साथ ही उस वक़्त सामंती पितृसत्ता की जकड़न भी आज से कहीं ज़्यादा थी. जहां पितृसत्ता का मतलब होता था सम्पूर्ण नियंत्रण.

एक सामंती पुरुष के तौर पर फ़िराक़ उसी समाज के उत्पाद थे. उसकी सारी विकृतियाँ उनके भीतर मौजूद थीं. बेशक वह एक लाजवाब शायर थे.

संभवतः, फ़िराक़ Narcissism (नार्सिसिज़्म) का शिकार थे. मतलब वह अत्यधिक आत्ममुग्धता या आत्मकेंद्रित व्यक्तित्व के व्यक्ति थे. मनोविज्ञान में यह ऐसी प्रवृत्ति है जिसमें व्यक्ति अपने महत्व, अपनी योग्यता, अपनी इच्छाओं और अपनी छवि को दूसरों की तुलना में बहुत अधिक महत्त्व देता है.

अलका पाठक द्वारा लिखी इस जीवनी में फ़िराक़ की रोज़मर्रा की ज़िन्दगी के सूक्ष्म विस्तार को पढ़ते हुए यही लगता है कि फ़िराक़ भव्य आत्ममुग्धता के शिकार थे जो संभवतः मनोविकार का रूप ले चुकी थी. अपनी ‘असुंदर’, ‘अनपढ़’ पत्नी मिलने की त्रासदी के आवरण में अपने इसी मनोविकार को संतुष्ट करते थे.

बहरहाल जो भी हो, फ़िराक़ गोरखपुरी अपने दौर की एक सामाजिक त्रासदी थे.

बिला शक वह एक नायाब शायर थे. लेकिन वह अपने समय के ठीक उसी तरह उत्पाद थे जिस तरह से उस दौर में उपजा प्रगतिशील साहित्यिक आंदोलन था. यह उस आन्दोलन की नाकामी ही थी जो किसी व्यक्ति को उसकी शायरी के दम पर अर्श पर बिठा देता था, लेकिन उसकी व्यक्तिगत कमियों पर उंगली रखने से हिचकिचाता था. फ़िराक़ की यह आलोचना दरअसल उस दौर की प्रगतिशील आन्दोलन की भी आलोचना है. यही नहीं आज भी यह सिलसिला जारी है. अभी भी जब फ़िराक़ पर कोई कार्यक्रम होता है तो तमाम तरक्कीपसंद लोग उनकी पत्नी के प्रति उनके रुख की आलोचना से न सिर्फ़ बचते हैं, बल्कि उनके गुस्से को भी ग्लोरिफाई करते हैं.

जहाँ तक उनकी उरूज़े शायरी की बात है तो वह एक पढ़े -लिखे तेज़ इंसान थे. दुनिया भर का साहित्य उनकी जुबान पर था. साहित्य की उतनी गहन विरासत के आधार पर भी कोई व्यक्ति बेहतरीन साहित्य रच सकता है. संवेदना और दर्शन की ऊँचाइयों को छू सकता है. फ़िराक़ इसके क्लासिक उदाहरण थे.

लेकिन अपनी निजी ज़िन्दगी में वह व्यक्ति क्या है, ख़ास तौर से एक स्त्री के प्रति उसका क्या दृष्टिकोण है, उसकी महानता इससे तय होनी चाहिए.

मैं ये तो नहीं कहता कि बशर दावा-ए-ख़ुदाई कर बैठे
फिर भी ग़म-ए-इश्क़ से इंसाँ में कुछ शान-ए-ख़ुदा आ जाती है

(इस लेख में प्रयुक्त सारे शेर फ़िराक़ गोरखपुरी के हैं. फ़िराक़ के जीवन का वृत्तान्त अलका सहाय पाठक द्वारा लिखित फ़िराक़ की जीवनी पर आधारित हैं)

यह किताब यहाँ से प्राप्त करें.

 


अमिता शीरीं
लेखक, अनुवादक, शिक्षक, राजनीतिक-सामाजिक कार्यकर्ता.शिक्षा-  पीएच.डी. (इतिहास इलाहाबाद विश्वविद्यालय)
जेल डायरी ‘सलाखों के पार’ और अनुवाद की 5 किताब, कविता संग्रह – ‘एक काली कविता’ प्रकाशित.
amitasheereen@gmail.com

Tags: 20262026 समीक्षाअमिता शीरींक्या फ़िराक़ नार्सिसिस्ट थे?रघुपति सहाय फ़िराक़ गोरखपुरी
ShareTweetSend
Previous Post

उत्तर-यथार्थ की दो कहानियाँ : अनुवाद : सुशांत सुप्र‍िय, संतोष अर्श

Next Post

वलवला-ए-हयात : गगन गिल

Related Posts

जोगेन चौधुरी : ‘मास्टर ऑफ अनब्रोकन लाइन्स’ : गरिमा श्रीवास्तव
पेंटिंग

जोगेन चौधुरी : ‘मास्टर ऑफ अनब्रोकन लाइन्स’ : गरिमा श्रीवास्तव

बिलॉन्गिंग : विरासत के साये में स्मृतियों का संसार : कुँवर प्रांजल सिंह
समीक्षा

बिलॉन्गिंग : विरासत के साये में स्मृतियों का संसार : कुँवर प्रांजल सिंह

2026 का बुकर पुरस्कार : एम. जॉन हैरिसन : द एंड ऑफ एवरीथिंग : बातचीत : अनुवाद : अनुराग अंकुर
बातचीत

2026 का बुकर पुरस्कार : एम. जॉन हैरिसन : द एंड ऑफ एवरीथिंग : बातचीत : अनुवाद : अनुराग अंकुर

Comments 24

  1. Kabir Sanjay says:
    2 weeks ago

    बहुत ही शानदार लिखा है। फ़िराक़ के जीवन के कई पहलुओं पर संकेत किये हैं। एक नॉर्सिसिस्ट व्यक्ति के पास मुखौटा होता है। दुनिया के सामने वह अच्छाइयों का मुखौटा पहने रहता है। लेकिन हर दिन साथ रहने वाले उसका राक्षसी चेहरा देखते हैं। वो खुद को बहुत महान और दुनिया से ऊपर समझता है। उसके अंदर एक entitlement होता है। उसे लगता है कि ये उसका वाजिब हक है कि लोग उससे नीचे रहे और उसकी सेवा करें।
    इस किताब से परिचय कराने के लिए बहुत आभार। सचमुच लिखने वालों के बारे में भी लिखे जाने की बहुत ज़रूरत है।

    Reply
  2. बोधिसत्व says:
    2 weeks ago

    एक सांस में पढ़ गया

    अच्छी समीक्षा

    आप किताब को हिन्दी में करें

    ऐसे कई लोग हैं जो पत्नी को शत्रु रूप में कुचलते अपमानित करते उन्नति करते रहते हैं

    सरकार की सांप्रदायिक सोच की पैरवी करते हुए जनवादी कविताएँ लिखने वाले लोग भी हैं आज समाज में!

    Reply
  3. प्रमोद द्विवेदी says:
    2 weeks ago

    हां, हमने फ़िराक़ को देखा। वह भी नए कटरे वाली हउली के पास। यह देसी दारू का ठेका था। बाहर सकौड़े की ठेलिया थी। एक पर्सनल रिक्शेवाला भी था। वही लेकर आता और कभी कभी फ़िराक़ साहब उस बज़्मे-तरब में अनजान , बेशऊर दारूबाजों को घूरते हुए कहना चाहते थे, अबे देख ल्यो फ़िराक़ को, फिर नै मिलबै…। यह सन सतत्तर के आसपास की बात है। जब वे बैंक रोड में थे, एक दो बार हम कुछ साथी उनसे मिले भी। गजब का गरियाव हुआ। पंत जैसे कवियों से बहुत नाराज़ थे। तुलसी के जबरदस्त मुरीद। एक बार बैंक रोड वाला घर खाली करने का सरकारी हुक्म आ गया। फ़िराक़ साहब ने वीसी और हाकिमों की महतारी बहिनी करते हुए नेहरू जी को फोन मिलाया। साधिकार कहा, कस भइया नेहरू बुढ़ापे में ठिकाना छीन रहे हो। नेहरू जी ने बात सुनी। इलाहाबाद के डीएम की खाट खड़ी की। दूसरे दिन वीसी, डीएम उनके घर पहुंच गए। कहा, इत्ती छोटी सी बात हमें ही बता देते। फ़िराक़ बोले, अमां कउनो सुनता है। हमरे तो एक नेहरू हैं। उन्हीं से फरियाद किए।
    इसके बाद फ़िराक़ साहब बैंक रोड में आजीवन रहे।

    Reply
  4. अंजलि देशपांडे says:
    2 weeks ago

    उनकी बुआ को तो लड़की बहुत खूबसूरत लगी थी। फ़िराक यह कहना भूल गए होंगे कि लड़की गोरी होनी चाहिए। लगा होगा कि सुंदर तो गोरी ही होगी। यह उनके रंगभेद का सबूत है। अपने देश में यह बहुत है।

    मुझे हैरानी यह है कि किशोरी यह सब झेलती रही जब बेटा अस्पताल में मौत से जूझ रहा था तब भी! क्या परिवार में किसीको साहस न था ऐसे शख्स की गिरेबां पकड़ने का?

    उनको जीनियस क्यों कहा जा रहा है समझ में नहीं आया। यह कोई हल्का शब्द नहीं है। दोस्तोयेविस्की, बायरन की तरह वे उच्च कोटि के लेखक रहे, शायर रहे। पर जीनियस? किस लिहाज़ से उन्हें जीनियस कहा जा रहा है पता नहीं। महान, उम्दा, बेहतरीन कितने ही विशेषण हैं। वही काफी होते।

    अमीरा शीरीं ने बहुत संवेदनशीलता से लिखा है। उनको बधाई।

    Reply
  5. Stuti rai says:
    2 weeks ago

    मैंने उनका एक इंटरव्यू पढ़ा था जिसमें वो बताते हैं कि उनकी मां की मृत्यु उनके बचपन में ही हो गई थी और जब उन्हें उनकी कमी खलती थी तो वो रामचरितमानस पढ़ा करते थे।
    उन्होंने अपनी मां के याद में “जुगनू” कविता लिखी थी।

    Reply
    • Amita Sheereen says:
      2 weeks ago

      झूठ बोला उन्होंने 🍃 मां के साथ भी वह बेहद क्रूर थे 🍃 उनके मरने पर भी नहीं गए थे वह 🍃

      Reply
  6. त्रिभुवन says:
    2 weeks ago

    समझ ही नहीं आता कि फ़िराक़ नार्सिसिस्ट थे या नार्सिसिस्टिक टायरेंट? या कि हमारी साहित्यिक संस्कृति ही आत्ममुग्ध अापराधिक मनोवेगों की शिकार है? अमृता शीरीं का लेख ‘क्या फ़िराक़ नार्सिसिस्ट थे?’ पढ़ते हुए मन बार-बार विचलित होता है। उनकी भाषा में ऐसी करुणा और तथ्यों के भीतर ऐसी निर्मम सच्चाइयाँ हैं कि साहित्यिक महानता के चमकते हुए आवरण के पीछे छिपे मनुष्य का अँधेरा और उसकी विकृतियाें का विस्तार अचानक दिखाई देने लगता है।

    लेकिन इस प्रसंग में सबसे अधिक सम्मान की पात्र अलका पाठक हैं, जिन्होंने Firaq Gorakhpuri: The Man Behind the Genius लिखकर अपने ही परिवार के एक महान् और प्रतिष्ठित व्यक्ति के जीवन के असुविधाजनक पक्षों को सार्वजनिक परीक्षण के लिए प्रस्तुत किया है। यह असाधारण साहस है। जिस समाज में लोग अपने पुरखों की प्रतिष्ठा बचाने के लिए मिथकों की वंशावलियाँ रचते हैं, वहाँ अपने पारिवारिक इतिहास के भीतर उपस्थित विद्रूपताओं को उजागर करना सत्य के प्रति असाधारण नैतिक प्रतिबद्धता है। एक तरफ अलका पाठक हैं, दूसरी तरफ कारा तेजपाल। क्या भतीजी के लिए जो मुश्किल काम आसान है, वह बेटी के लिए बहुत मुश्किल है?

    अलका ने उस पारिवारिक चुप्पी को तोड़ा है, जिसके संरक्षण में महान् पुरुषों की निजी क्रूरताएँ अक्सर महानता का विशेषाधिकार बन जाती हैं। इस समय मैं महात्मा गांधी और अंबेडकर के बारे में तुलनात्मक अध्ययन वाली अरुंधती रॉय की पुस्तक “दॅ डॉक्टर एंड दॅ सेंट’ फिर से पढ़ रहा हूँ तो देख रहा हूँ कि महानता के पीछे के अंधेरे पक्ष रुला देते हैं। जो महान् नहीं है, उसे हम महान् बनाते हैं, जो महान् है, उसे टाई पहनाकर नहीं, बांधकर वर्ग विशेष का नायक घोषित देते हैं।

    लेकिन इस पुस्तक और शीरीं के लेख का वास्तविक महत्त्व फ़िराक़ के निजी जीवन का कोई अंतिम नैतिक फ़ैसला सुनाने में नहीं है। उसका महत्त्व उस असुविधाजनक प्रश्न में है, जिससे हमारा साहित्यिक संसार प्रायः बचता रहा है। क्या किसी मनुष्य की असाधारण सर्जनात्मक प्रतिभा उसे अपने निकटस्थ लोगों के प्रति साधारण मानवीय उत्तरदायित्व से मुक्त कर देती है? क्या कविता में प्रेम की उदात्ततम अनुभूति रचने वाला कवि अपने जीवन में प्रेमहीन, करुणाहीन अथवा उत्पीड़क नहीं हो सकता? और यदि ऐसा है तो क्या उसकी कविता की सुंदरता उस पीड़ा को अप्रासंगिक बना देती है, जो उसके कारण किसी दूसरे मनुष्य को सहनी पड़ी?

    दरअसल, यह अकेले फ़िराक़ की कहानी नहीं है। जाने कितने फ़िराक़ हमारे साहित्यिक इतिहास और वर्तमान में मौजूद हैं। क्या हमारे कई सारे बहुत बड़े साहित्यकार इस श्रेणी में नहीं आते? किसी ने शादी की और पत्नी को गांव-देहात या किसी कस्बे में अपने ही हालात बिलखता छोड़ दिया। उसकी तरफ कभी झांका तक नहीं और दुनिया भर के दु:ख-दर्द और पीड़ाओं की बूंदों को बटोरते रहे।

    साहित्य के इस महानगर में पतितों की कोई अलग बस्ती नहीं है; उसकी पूरी की पूरी सिविल लाइंस में प्रतिष्ठा और पतन के मकान अक्सर एक-दूसरे से सटे हुए हैं। हिन्दी-उर्दू हो या अंगरेज़ी, साहित्यिक प्रतिष्ठान अपने प्रिय पुरुषों के नैतिक अपराधों, स्त्रियों के प्रति उनके व्यवहार और सत्ता-संबंधों की आलोचना से अक्सर असहज हो उठते हैं। कभी प्रतिभा को बचाव का तर्क बनाया जाता है, कभी निजी जीवन की स्वायत्तता को। यहाँ तक कि यौन उत्पीड़न के आरोपों अथवा सिद्ध अपराधों से जुड़े प्रभावशाली लेखकों या पत्रकारों के बचाव में भी संपादकीय और बौद्धिक समर्थन दिखाई देता है। कुछ प्रसंगों में स्त्रियाँ भी इस संरक्षणकारी व्यवस्था का हिस्सा बन जाती हैं। यह केवल पुरुषों के पाखंड की समस्या नहीं, उस व्यापक प्रतिष्ठानगत संस्कृति का संकट है जिसमें प्रभाव, परिचय और प्रसिद्धि कई बार न्याय तथा पीड़ित की गरिमा से अधिक महत्त्वपूर्ण हो जाते हैं।

    हमारे सामाजिक और साहित्यिक इतिहास में ऐसे प्रसंग भी रहे हैं, जहाँ अत्यंत कम उम्र की लड़कियों के साथ वृद्ध पुरुषों के विवाह को परंपरा और सामाजिक स्वीकृति की आड़ में सामान्य बना दिया गया। कहीं स्त्रियों की इच्छाओं और स्वायत्तता का दमन हुआ, कहीं पत्नियों की यातना पारिवारिक मर्यादा के पर्दे में छिपा दी गई। कुछ विख्यात साहित्यकारों के निजी जीवन से जुड़े विवाह, पारिवारिक संबंध और विवाहेतर संबंध भी गंभीर नैतिक प्रश्न उठाते हैं। इन प्रसंगों की ऐतिहासिक प्रामाणिकता की जाँच आवश्यक है, लेकिन उससे भी आवश्यक है उस व्यवस्था को समझना, जिसमें स्त्री की असहमति अदृश्य और पुरुष की इच्छा सामाजिक अधिकार बन जाती थी। यहाँ प्रश्न केवल किसी व्यक्ति की चारित्रिक दुर्बलता का नहीं, उस संरचना का है जो दुर्बल को चुप रहने और शक्तिशाली को सम्मानित बने रहने की सुविधा देती है।

    इसीलिए अमृता शीरीं का लेख और अलका पाठक की पुस्तक हमारे साहित्यिक विवेक के लिए आवश्यक हस्तक्षेप हैं। वे हमें फ़िराक़ की कविता से विमुख नहीं करते; उस कवि को अधिक सम्पूर्णता में देखने का आग्रह करते हैं, जिसके भीतर असाधारण प्रतिभा और गहरी मानवीय विसंगतियाँ एक साथ उपस्थित हो सकती थीं। किंतु इससे भी आगे वे हमें अपने भीतर झाँकने के लिए बाध्य करते हैं। हमने किन लोगों की महानता के लिए किन स्त्रियों की पीड़ा को अनसुना किया? कितने पारिवारिक इतिहासों को हमने सुविधाजनक झूठ से अलंकृत किया? कितनी बार किसी लेखक की प्रतिभा से अभिभूत होकर उसके आसपास मौजूद मनुष्यों की यातना को साहित्येतर विषय कहकर टाल दिया?

    महान साहित्य की रक्षा के लिए महान साहित्यकारों के मिथकों की रक्षा करना आवश्यक नहीं है। संभव है, साहित्य के प्रति हमारी सबसे बड़ी निष्ठा उसी दिन प्रमाणित हो, जिस दिन हम उसकी सुंदरतम रचनाओं से प्रेम करते हुए भी उनके रचनाकारों के सबसे कुरूप सत्यों का सामना करने का साहस अर्जित कर लें। आखिर आत्मालोचना से बचने वाला साहित्यिक समाज दूसरों की आत्मा का कितना भी सूक्ष्म विश्लेषण करे, अपने ही नैतिक दारिद्र्य का इतिहास लिखने से नहीं बच सकता।

    लेकिन मुझे यहाँ किसी समय “नवनीत’ में छपा वह संस्मरण सहसा याद आ जाता है, जिसके लेखक का नाम तो याद नहीं, लेकिन वे फ़िराक़ साहब के अंगरेज़ी के विद्यार्थी रहे थे और उनका विवाह हुआ तो उनकी पत्नी, जो कि फ़िराक़ की शायरी की मुरीद थीं, उनसे मिलवाने की ज़िद करने लगीं। वे सावधानी से ले गए पत्नी को। लेकिन भीतर जाने से पहले उन्हें बाहर खड़ा किया और खुद अंदर गए। अंदर गए तो देखा फ़िराक़ ने शराब का आकंठ पान कर रखा है और वे बजबजा रहे हैं। उन्होंने कुछ भी नहीं पहन रखा। वे पास में पड़ा एक बोरिया उनके चारों तरफ लपेट देते हैं। इसके बाद वे पत्नी को भीतर ले जाकर मिलवाते हैं तो पत्नी किसी हिन्दी कवि से उनकी तुलना करके प्रशंसा करती हैं तो वे भड़क जाते हैं और उनकी मुद्रा पर वह संस्मरणकर्ता लेखक लिखता है, मैंने फटाफट पत्नी को बाहर भेजा क्योंकि उस दिन इस देश और उर्दू की सबसे बड़ी प्रतिभा कुछ ही क्षणों से बोरिये बाहर होने वाली थी!

    एक क़माल लेख के लिए समालोचन, अरुण देव जी और अमिता शीरीं काे बेशुमार बधाइयाँ।

    Reply
  7. रवि रंजन says:
    2 weeks ago

    अमिता जी के माध्यम से अलका सहाय की किताब की जानकारी मिली. उन्हें साधुवाद.
    एक शेर याद आ रहा है :

    ‘ज़फ़र’ आदमी उस को न जानिएगा
    वो हो कैसा ही साहब-ए-फ़हम-ओ-ज़का।
    जिसे ऐश में याद-ए-ख़ुदा न रही
    जिसे तैश में ख़ौफ़-ए-ख़ुदा न रहा।
    -बहादुर शाह ज़फ़र
    कुछ महीने पहले पिकासो पर रचित एक कविता पर विचार करते हुए उनके बारे में जो कुछ पढ़ने को मिला,वह दिल दहला देने वाला है.

    Reply
  8. ओमा शर्मा says:
    2 weeks ago

    कलाकार जो सृजन करता है और व्यक्ति जो जीवन जीता है, दोनों के बीच की फांक को लेकर एक लंबी बहस सब जगह होती रही है। पुरुष लेखक या कलाकार अपने लिए अतिरिक्त रियायतें गांठते रहे हैं जबकि स्त्रियां शायद अलग, अपनी तरह से डील करती हैं। इधर तो ऐसा आता रहा है मानो तमाम स्त्रियां उस पुरुष के अतिरिकों और अत्याचारों की लाचार और मूक मुक्तभोगी मात्र हैं। पता नहीं इस- पुस्तक में कितना है लेकिन मेरी जिज्ञासा थी कि क्या जीवनीकार ने इस जीनियस के एक ऐसा बेजा और बेरहम होने की कोई शिनाख्त की है? क्या उसके सूत्र उसकी मेधा से जुड़ते हैं? इस समीक्षा में तो वह कहीं दिखा नहीं।
    वैसे शीर्षक में गड़बड़ है: नारसिष्ट होना एक बात है, बेरहम क्रूर होना दूसरी।

    Reply
    • अमिता शीरीं says:
      2 weeks ago

      ओमा जी इस किताब में उनके बेरहम होने के बहुत सूक्ष्म विवरण है 🍃 एक हद तक वस्तुनिष्ठ भी है 🍃 लेखन उनके जीवन से बिल्कुल अल्हदा है🍃 ज़ाहिर है मेधा से जुड़ता नहीं 🍃 आपकी नारसिसिस्ट वाली बात सही है

      Reply
  9. सुनील सक्सेना says:
    2 weeks ago

    फ़िराक साहब के बारे में पढ़ते हुए निदा फ़ाज़ली जी का मशहूर शेर याद आ रहा है “हर आदमी में होते है दस बीस आदमी… अमिता जी और समालोचन का आभार. अलका पाठक जी की इस किताब का हिंदी में इंतजार है .

    Reply
  10. गरिमा श्रीवास्तव,जेएनयू says:
    2 weeks ago

    बेहद संवेदनशील मुद्दा उठाता है यह लेख।टी एस इलियट ने निर्वैयक्तिकता का सिद्धांत दिया थाइस सिद्धांत के अनुसार, एक बार जब रचना कर दी जाती है, तो उसका कवि के जीवन से संबंध खत्म हो जाता है। कविता को कवि के जीवन के चश्मे से नहीं, बल्कि एक स्वतंत्र कलाकृति के रूप में आंका जाना चाहिए।एक व्यक्ति अपने -आप में अपनी परिस्थितियों,अपने परिवेश का परिणाम होने के बावजूद वह निर्वैयक्तिक भाव से रचना कर सकता है,और ऐसी रचना ही सफल होती है .कवि, वैज्ञानिक की तरह निर्वैक्तिक और वस्तुनिष्ट होता है।इलियट का कहना था कि कविता व्यक्ति की अभिव्यक्ति नहीं अपितु उससे पलायन है और निर्वैयक्तिता का अर्थ है, रचनाकार के भावों एवं विचारों का समानीकरण होना। कवि का व्यक्तिगत भाव ही सार्वभौमिक होकर काव्य में व्यक्त होता है। फ़िराक़ अपनी रचनाओं में ही हमारे साथ हैं उनका पक्ष रखने वाला कोई नहीं,लेकिन यह तय है कि जिस पितृसत्ताक व्यवस्था से वे आए थे,उसमें स्त्री सिर्फ़ संसर्ग और भोजन पकाने के लिए साधन मात्र है.हम ऐसे समय को पीछे छोड़ आए हैं जब स्त्रियों को सिर्फ़ देह समझा जाता था.अक्सर देखने में आया है कि जो पुरुष ज़िम्मेदारी लेने से बचता है वह अपनी दुनियावी नाकामी छिपाने के लिए गाली -गलौच का सहारा ले लेता है.अश्लील शब्द बोलकर,ताने देकर,गालियाँ देकर अपने पुरुषत्व को बारम्बार साबित करता हुआ,शराब में डूबकर अपने सच को छिपाता पुरुष दरअसल बहुत कमज़ोर प्राणी है.अमिता जी की टिप्पणी हमें ऐसे छद्म नायक से रूबरू करवाती है.सुना है नागार्जुन भी लिखते कुछ और थे और थे कुछ और,नामदेव ढसाल को ही देखिए .तो ऐसे कलाकार तो भरे पड़े हैं,बस कुछ का असली चेहरा उजागर होता है कुछ का नहीं.

    Reply
  11. श्याम बिहारी श्यामल says:
    2 weeks ago

    बहुत विरोधाभास है!
    साहित्य ही क्यों, राजनीति और सार्वजनिक जीवन के दूसरे क्षेत्रों में, पुरुष ही नहीं विशिष्ट स्त्री व्यक्तित्वों के भी अराजक होने के कई उदाहरण हैं.
    बहरहाल, सरल रेखा खींचना या तलाशना आसान नहीं. जो त्रासद है, वह त्रासद ही रहेगा. जब जैसी बात या मिसाल सामने आएगी, उसके अनुरूप अनुभूति जागेगी. फ़िराक़ साहब के उजागर पहलू भी ऐसे ही भाव जगा रहे!

    Reply
  12. विनय कुमार says:
    2 weeks ago

    कुछ न कुछ नार्सिसिस्ट तो लगभग सभी लेखक होते हैं ( अगर वह सचमुच रचनात्मक है)। अपने ख़यालात को इतनी अहमियत देना कि ज़माना पढ़े, यह एक तरह का नर्सिसिज्म ही है। यह अलग बात कि लोग पढ़कर वाह-वाह करते हैं या आह भरते हैं, और उस शोर में रचनाकार की अंदरूनी टिमटिमाहट दब जाती है।
    मगर यह दास्तान ! उफ्फ़!
    यह फ़िराक़ को न सिर्फ़ नार्सिसिस्टिक बल्कि साइकोपैथिक पर्सनालिटी डिसऑर्डर से भी ग्रस्त बता रही। महबूब शायर की हक़ीक़त की पड़ताल के लिए यह बायोग्राफी अब पढ़नी होगी।
    Amita Sheereen बेहतरीन!

    Reply
  13. कौशलेन्द्र सिंह says:
    2 weeks ago

    पूरा आलेख पढ़ा। निश्चित ही पुस्तक भी पढ़नी पड़ेगी। मैं जब प्रयाग में रहता था तो तमाम विश्वविद्यालय के मित्रों से भी वार्तालाप होता था फ़िराक़ साहब के बारे में क्योंकि ग़ज़ल और शायरी में रुचि पहले से थी। कई लोग फ़िराक़ साहब की तस्वीर भी लगा रखते थे जिसमें उनकी नज़्म लिखी होती थी ‘ हम थे हम हैं हम ज़िन्दा रहेंगे….’ शायद यही शब्द हैं।
    फ़िराक़ साहब उन लोगों में से थे जिनके कारण इलाहाबाद विश्वविद्यालय का लोग आज तक नाम लेते हैं, हालांकि इलाहाबाद विश्वविद्यालय उस समय महान विभूतियों का केंद्र था। एक से एक बड़ी हस्ती साहित्य दर्शन और विज्ञान से पूरे देश विदेश में वहां से जानी जाती थी।
    फ़िराक़ साहब को शायद बहुत कम लोगों ने सिगरेट के बिना देखा होगा, उनकी तस्वीरें भी।
    ये भी अचरज ही है कि ‘ बहुत पहले से उन क़दमों की आहट जान लेते हैं
    तुझे ऐ ज़िंदगी हम दूर से पहचान लेते हैं…. जैसी ग़ज़ल लिखने वाला व्यक्ति ऐसा भी हो सकता है। पर अपने जीवन साथी के लिए उन्होंने जो तस्वीर जेहन में बना रखी थी उसके टूटने से वो किंचित विक्षिप्त हो गए। तब के समय में अक्सर ऐसी घटनाएं होती थीं क्योंकि सीधे वर अपनी होने वाली वधू से बहुत कम ही विवाह के पहले देख पाता था। उसका जिम्मेवार वो अवश्य अपने माता पिता को मानते रहे होंगे।
    ऐसी निष्ठुरता और व्यवहार की उम्मीद फिर भी इतने महान व्यक्तित्व से नहीं की जा सकती।

    फिर भी उनके असाधारण व्यक्तित्व को भुलाया नहीं जा सकता।

    आने वाली नस्लें तुम पर रश्क करेंगी हम-अस्रो
    जब ये सोचेंगी उन ने ‘फ़िराक़’ को देखा था

    फ़िराक़ गोरखपुरी

    Reply
  14. हिमांशु श्रीवास्तव says:
    2 weeks ago

    कभी कभी लगता है कि बहुत जीनियस लोगों को मानसिक डिसऑर्डर और व्यक्तित्व विखण्डन की दिक्कतें हो जातीं हैं! अल्बर्ट आइंस्टीन भी अपनी पत्नी को लेकर अच्छा व्यवहार नहीं रखते थे जबकि उनकी पत्नी भी बहुत अच्छी स्कालर थीं लेकिन आइंस्टीन के लिए अपना कैरियर छोड़ दिया, भुवनेश्वर भी शायद इसी तरह से मानसिक परेशानी से ग्रसित थे, स्वदेश दीपक भी बाद में बाइपोलर डिसऑर्डर के शिकार हो गए थे!

    Reply
  15. श्याम बिहारी श्यामल says:
    2 weeks ago

    बहुत विरोधाभास हैं!
    साहित्य ही क्यों, राजनीति और सार्वजनिक जीवन के दूसरे क्षेत्रों में, पुरुष ही नहीं विशिष्ट स्त्री व्यक्तित्वों के भी अराजक होने के कई उदाहरण हैं.

    बहरहाल, सरल रेखा खींचना या तलाशना आसान नहीं. जो त्रासद है, वह त्रासद ही रहेगा. जब जैसी बात या मिसाल सामने आएगी, उसके अनुरूप अनुभूति जागेगी. फ़िराक़ साहब के उजागर पहलू भी ऐसे ही भाव जगा रहे!

    Reply
  16. राकेश मिश्रा says:
    2 weeks ago

    मैंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के ताराचंद छात्रावास के एक कार्यक्रम में फ़िराक़ को सुना था । कार्यक्रम का संचालन देवी प्रसाद त्रिपाठी ने किया था । फ़िराक़ का सिगरेट पीते हुए शेर कहना आज भी याद है । फ़िराक़ की निजी ज़िंदगी की विडंबनाओं और उनके सनकी व्यवहार के बारे में इलाहाबाद में उनको जानने वाले बखूबी जानते थे । यह शक्ति संतुलन में कमज़ोर को प्रताड़ित करने वाला था । साहित्यकारों की एक बड़ी संख्या देश और विदेश में मिल जाएगी जिनकी रचनात्मक बारीकियों से उनके निजी और सामाजिक जीवन का रिश्ता परस्पर विरोधाभास से भरा पड़ा है । फ़िराक़ के साथ ज़िंदगी ने भी धोखा किया । किताब पढ़नी चाहिए ।

    Reply
  17. राजाराम भादू says:
    2 weeks ago

    ऐसी किताबें कम लिखी जाती हैं। इस पर अमिता जी ने बहुत अच्छे से लिखा है। यह सही है कि हमारे साहित्यिक परिदृश्य में भी लेखक के विखंडित व्यक्तित्व की चर्चा से लोग कतराते हैं। फिराक की कुंठाओं के और भी किस्से सुने- सुनाये जाते हैं। लेकिन जब तक ऐसे पक्षों का कोई मनोवैज्ञानिक विश्लेषण हो, हमें ऐसे लोगों के व्यक्तित्व को आलोचनात्मक नजरिये से तो देखना शुरू कर देना चाहिए।

    Reply
  18. Dr Gade Vijay Mahadeo says:
    2 weeks ago

    बेहतरीन आलेख
    बधाई

    विजय म गाड़े

    Reply
  19. हरिप्रताप says:
    2 weeks ago

    जब समकालीन लोग नहीं कुछ किये तो अब उनकी शायरी का आनन्द ले

    Reply
  20. Priyanka Dubey says:
    2 weeks ago

    कलाकार के निजी जीवन पर प्रश्न उठाने की परंपरा बहुत पुरानी है॰ पिकासो आदि पर तो फिल्में भी बनी हैं . हिंदी साहित्य में तो यह परखना इस क़दर हावी है कि उसके लिए मनुष्य को बुरा मनुष्य होने की भी ज़रूरत नहीं. यदि वह सिर्फ़ “फूल-पत्तियों” पर साहित्य रचे तो यह भी उसका अपराध घोषित कर दिया जाता है.हमारे यहाँ “दीवार में खिड़की रहती है” जैसे महान उपन्यास जो भी इसी आधार पर ख़ारिज किया गया है. सवाल यह है कि एक बुरे मनुष्य रहे अच्छे लेखक को महज़ बुरा मनुष्य साबित कर संतुष्ट नहीं हो पाते. हम उससे आगे जाकर उसकी रचनाओं पर पढ़ने वाले के निर्णय को cloud करना चाहते है. जबकि होता यह है कि बुरे-हिंसक मनुष्य रहे लेखकों के बारे में उनके हिंसक या क्रूर आदि होने की जानकारी सर्वविदित रहती है और फिर उस जानकारी की रौशनी में जिसे लेखक को जैसे पढ़ना होता है वह वैसे पढ़ता है. जैसे आज लोग जब दुनिया के सर्वश्रेष्ठ आर्ट गैलरीज़ में पिकासो को देखने जाते हैं तो इस जानकारी के साथ जाते हैं कि वह एक बुरा इंसान था- एक womaniser. यह जानकारियां उनकी विकिपीडिया एंट्री का हिस्सा होती हैं. लेकिन यदि आप चाहें कि इस वजह से दुनिया कि सभी गैलरीज़ पिकासो के काम को हटा दे, तो यह संभव नहीं. साहित्य कोई चर्च या मंदिर नहीं है कहाँ हम सुधरने के लिए जाते हैं. यह आप पर है यदि आपको रचनाकार के काम से कुछ इनलाइटमेंट महसूस होता है या नहीं. जो होता है , वह आपका हासिल. सारी दुनिया की फ़ेमिनेसिट्सों ने टेड huges को कोस कोस कर इतनी किताबें लिख दी कि उन किताबों से एक छोटी इस अलग लाइब्रेरी बन जाए . लेकिन टेड huges आज भी दुनिया भर में अंग्रेज़ी के पाठ्यक्रमों में पढ़ाये जाते हैं. हम जब भी उनको पढ़ते हैं तो इस रौशनी में पढ़ते हैं कि वे एक बुरे मनुष्य थे. साहित्य को activism में आप बदल ही नहीं सकते, आप कितनी भी कोशिश करें. अच्छी किताबें ज़िंदा रहती हैं- उनको लिखने वाले बुरे मनुष्य ज़रूर कोसे जाते हैं , अपमानित किए जाते हैं- बार बार , उचित ही , बुरे कहे जाते हैं.

    Reply
  21. पद्मसंभवा says:
    2 weeks ago

    अमिता शीरीं जी को शुभकामनाएँ. बेहतर लिखेंगी वे अगला लेख.
    मेरा संदर्भ लेख पर आये कमेंट्स हैं.

    गर्चे फ़िरा़क की शायरी से कोई खास दोस्ती नहीं पर
    हिंदी की तीन प्रवृत्तियाँ उजागर हैं.
    पहली तो, आय हाय जिज्जी, इत्ता बड़ा शायर इत्ता नीच आदमी कैसे हो सकता है? जैसे ये कोई रहस्योद्घाटन हो कि फ़िराक़ स्त्रीद्वेषी और अड़ियल थे. सारे मुरीद यूँ सन्न हैं जैसे कुछ पता ही न था और आज के बाद तो बप्पा हो पढ़ेंगे नहीं फ़िराक़ को.
    तो भई, साहित्य अलग चीज़ है, जीवन अलग यानी साहित्य और जीवन एक ही चीज़ हैं. यानी, जब हम यह तर्क देते हैं कि फलाँ को न पढ़ा जाए क्योंकि वह मनुष्य-द्रोही है, तब हम ये कहते हैं कि जैसा जीवन होगा वैसी ही रचना होगी उसकी, जो हमें भी मानवद्रोह को उकसाएगी.

    अगर हम ख़ूब ख़ूब ग़ौर करें तो उर्दू शायरी के रूटीन औरतदुश्मन मज़मूनों के अलावा भी फ़िराक़ की शायरी में उनके जीवन मूल्यों की झलक मिलेगी. स्त्री-आलोचना के औज़ार इतने संवेदनशील तो हैं ही कि इन संकेतों को पकड़ सकें और व्याख्यायित कर सकें.

    दूसरा, सब धान बाइस पसेरी. फ़िराक़ से नागार्जुन से पिकासो से दोस्तोएव्स्की से बायरन से होते-होते विश्वामित्र तक जा सकते हैं. किसके कैसे जीवन-संदर्भ, कैसा समय, कैसा रचना संसार. लेकिन, सरलीकरण का मारा हिंदी समाज यानी फलान न चिलान, भेड़ियाधसान.

    तीसरा, रचना और जीवन सब कुछ आलोच्य हैं. और सब कुछ एक सीमा के बाद, आलोचना से परे. अब भी, मेरी दिलचस्पी फ़िराक़ द पोएट में हैं. और इसलिए ही फ़िराक़ द ह्यूमन में, जो शायद दोज़ख़ में होगा फिलहाल. या क्या पता, उर्दू शायरी के बड़े आलोचकों की तरह ईश्वर मी फ़िरा़क का मद्दाह निकले. पर असली बात तब बनेगी जब आप दिखाएँ कि नागार्जुन की कविता में भी औरत भोग्य की वस्तु है. मेरा मतलब है फ़िराक़ की शायरी में.

    अगर दोस्तोएव्सकी का नाम न लिया गया होता तो ये कमेंट न करती.

    जै जै हेलेन सिक्सू
    जिन्होंने बताया मुझे कि
    सचमुच, ठोस , रूहजख़्म स्त्री आलोचना क्या होती है
    # सिक्सू_फॉरेवर
    # बैडली_डन_वुमन_रीडिंग_इज़_हार्मफुल

    Reply
  22. नरेश says:
    1 day ago

    एक सामान्य पाठक अपने सर्वाधिक प्रिय लेखक का चित्र भी अपने ड्राइंग रूम में नहीं लगाते ! क्यों? साहित्यकार का जीवन प्रेरक नहीं होता। जीवन संतों का प्रेरक होता है। इसीलिए कवि /लेखक संतों और महात्माओं ,समाज सुधारकों पर कविताएँ लिखते हैं। कोरे साहित्यकारों के जीवन पर कविताएँ नहीं लिखी जातीं। प्रायः देखा जाता है कि साहित्यकारों का व्यक्ति चरित्र सामान्य मनुष्य की तुलना में ज्यादा घटिया होता है। उनका लक्ष्य केवल यश , सम्मान , पुरस्कार और कामना पूर्ति होता है। अहंकार ग्रस्त, कुंठित, कुपित, आत्म मुग्ध कवियों को पूज्यता और शृद्धा क्यों मिले? फिराक़ कोई अपवाद नहीं हैं। हाँ, महान रचनाकार हैं इसलिए चर्चित ज्यादा हैं!

    Reply

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

समालोचन

समालोचन साहित्य, विचार और कलाओं की हिंदी की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है. डिजिटल माध्यम में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की जरूरत को ध्यान में रखते हुए 'समालोचन' का प्रकाशन २०१० से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है. विषयों की विविधता और दृष्टियों की बहुलता ने इसे हमारे समय की सांस्कृतिक परिघटना में बदल दिया है.

  • Privacy Policy
  • Disclaimer

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2010-2026 समालोचन | powered by zwantum

No Result
View All Result
  • समालोचन
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • आलोचना
    • आलेख
    • अनुवाद
    • समीक्षा
    • आत्म
  • कला
    • पेंटिंग
    • फ़िल्म
    • नाटक
    • संगीत
    • शिल्प
  • वैचारिकी
    • दर्शन
    • समाज
    • इतिहास
    • विज्ञान
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विशेष
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • संपर्क और सहयोग
  • वैधानिक