वैधानिक

समालोचन में प्रकाशित सामग्री के सार्वजनिक उपयोग से पूर्व संपादक और लेखक से अनुमति प्राप्त करने की अनिवार्यता है.

अनुमति के बाद आप इसे ‘साभार समालोचन’ लिख कर उपयोग कर सकते हैं.

इस पत्रिका का कोई भी हिस्सा किसी भी रूप में या किसी भी माध्यम, जिसमें सूचना संग्रहण और सूचना संसाधन की विधियाँ सम्मिलित हैं, द्वारा प्रकाशक अथवा संपादकों की पूर्वानुमति के बिना पुनरुत्पादित नहीं किया जा सकता सिवाय एक समीक्षक के जो समीक्षा में संक्षिप्त अंशों को उद्धृत कर सकता है. प्रकाशित रचनाओं का कॉपीराइट लेखकों/अनुवादकों/कलाकारों का है.

किसी चित्र या सामग्री से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें. लेखकों के प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है.

सर्वाधिकार सुरक्षित© SAMALOCHAN


अरुण देव और ‘समालोचन’ : डिजिटल समय में साहित्य का विवेक

राजेंद्र शर्मा

अपने समय की साहित्यिक चेतना को आकार देने का जो अद्भुत काम पिछले 16 वर्ष से कवि अरुण देव ने हिंदी की वेब पत्रिका ‘समालोचन’ के माध्यम से किया गया है, वह निसन्‍देह काबिलेतारीफ है. इंटरनेट की चकाचौंध, तात्कालिक लोकप्रियता और सूचनाओं की अंतहीन आवाजाही के बीच उन्होंने शब्दों के लिए एक ऐसा ठिकाना बनाया है, जहाँ ठहरकर पढ़ने, विचार करने और असहमति के साथ संवाद करने की गुंजाइश है. यह महज एक वेब पत्रिका की यात्रा नहीं, हिंदी के बौद्धिक संसार में डिजिटल माध्यम की संभावनाओं को पहचानने और उन्हें साकार करने की कहानी भी है.

​इक्कीसवीं सदी की पहली चौथाई में जब सूचनाओं की प्रचुरता के बावजूद विचार का अवकाश सिकुड़ रहा है, जब एल्गोरिदम हमारी रुचियों के इर्द-गिर्द प्रतिध्वनि-कक्ष निर्मित कर रहे हैं और ‘पोस्ट-ट्रुथ’ का दौर तथ्यों तथा विवेक के बीच धुंध पैदा कर रहा है, तब गंभीर साहित्यिक पत्रकारिता की जरूरत और बढ़ जाती है. ऐसे समय में ‘समालोचन’ का महत्व उसकी ऑनलाइन उपस्थिति में ही नहीं, बल्कि उस वैचारिक स्वतंत्रता में है, जिसे उसने अपनी कार्यपद्धति का आधार बनाया है.

​12 नवंबर 2010 को प्रकाशित पहला अंक इस यात्रा का आरंभ था. साहित्य के भविष्य और भविष्य के साहित्य पर केंद्रित इस अंक में आलोचक मैनेजर पांडेय से बातचीत प्रकाशित हुई थी. उसके बाद ‘समालोचन’ ने पीछे मुड़कर देखने के बजाय अपने लिए एक ऐसी राह बनाई, जिस पर साहित्य के साथ कला, संगीत, सिनेमा, दर्शन, इतिहास और अनुवाद भी बराबर के सहयात्री बने. हिंदी की दुनिया में इंटरनेट तब आज की तरह सर्वसुलभ नहीं था. ब्लॉग और सोशल मीडिया अभिव्यक्ति के नए दरवाजे खोल रहे थे, लेकिन उनके साथ रचनाओं की गुणवत्ता और संपादकीय चयन की चुनौतियाँ भी थीं. अरुण देव ने इसी परिदृश्य में एक ऐसी डिजिटल पत्रिका की कल्पना की, जहाँ सहज उपलब्धता का अर्थ साहित्यिक मानकों से समझौता करना न हो.

​इस संकल्प के पीछे अरुण देव का अपना अध्ययनशील व्यक्तित्व है. 16 फरवरी 1972 को कुशीनगर में जन्मे अरुण देव के भीतर पढ़ने की ललक बचपन से विकसित हुई. उनके दादाजी की पुस्तकों से भरे बक्से उनके लिए किसी खजाने से कम नहीं थे. उन किताबों ने बालमन में जिज्ञासा के जो बीज डाले, वे आगे चलकर साहित्य और विचार के प्रति गहरी अनुरक्ति में विकसित हुए. जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में अध्ययन के दौरान उनकी यह आकांक्षा और स्पष्ट हुई कि हिंदी में ऐसा मंच होना चाहिए, जहाँ साहित्य के साथ कला-संस्कृति पर भी गंभीर सामग्री उपलब्ध हो. कंप्यूटर और इंटरनेट के प्रति उनकी शुरुआती दिलचस्पी को इसी स्वप्न की तैयारी के रूप में देखा जा सकता है.

​अरुण देव स्वयं कवि भी हैं. उनके कविता-संग्रह ‘क्या तो समय’, ‘कोई तो जगह हो’ और ‘उत्तर पैग़म्बर’ प्रकाशित हैं. उन्हें 2013 में राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त राष्ट्रीय सम्मान तथा 2022 में देवेंद्र कुमार कविता सम्मान प्राप्त हुआ. उनकी कविताओं का विभिन्न भारतीय भाषाओं के अतिरिक्त अंग्रेजी में भी अनुवाद हुआ है. लेकिन उनके व्यक्तित्व का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष संपादन है, जहाँ निजी रचनात्मकता को व्यापक साहित्यिक समुदाय के लिए अवसर निर्मित करने की जिम्मेदारी में बदलना पड़ता है.

​पत्रिका निकालना केवल अच्छी रचनाएँ प्रकाशित करना नहीं है. उसके लिए निरंतर पढ़ना, चयन करना, संपादन और प्रूफ-संशोधन करना, सामग्री का संयोजन करना तथा प्रत्येक अंक की गुणवत्ता बनाए रखना आवश्यक है. जब इन तमाम जिम्मेदारियों का निर्वाह मुख्यतः एक व्यक्ति अपने संसाधनों से करता हो, तब काम की कठिनाई और बढ़ जाती है. अरुण देव ने वर्षों तक इसी श्रमसाध्य प्रक्रिया को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए रखा. उनके लिए संपादन किसी पद की प्रतिष्ठा नहीं, एकाग्रता, धैर्य और जवाबदेही का अभ्यास है.

​‘समालोचन’ की विशिष्टता उसके विषय-विस्तार में भी दिखाई देती है. संगीत पर यहाँ मुकेश, मोहम्मद रफी, नौशाद, पंडित रविशंकर, तलत महमूद, मन्ना डे, खय्याम, पंडित जसराज, गंगूबाई हंगल और फरीदा खानम जैसे कलाकारों पर सामग्री मिलती है. चित्रकला में रजा, रामकुमार, स्वामीनाथन और प्रभाकर बर्वे जैसे कलाकारों की दुनिया खुलती है. नृत्य, सिनेमा और रंगमंच के साथ मार्क्स, कार्ल पॉपर, हेबरमास, एडोर्नो, स्पिनोजा तथा अभिनवगुप्त जैसे विचारकों पर विमर्श इसकी वैचारिक परिधि को विस्तृत करता है. विश्व साहित्य के अनेक रचनाकारों के अनुवाद और हिंदी के महत्त्वपूर्ण लेखकों से संवाद इसे भाषाई सीमाओं से आगे ले जाते हैं.

​यहाँ विधाओं का मेल केवल सामग्री बढ़ाने की युक्ति नहीं है. इसका आशय साहित्य को जीवन के दूसरे अनुशासनों से जोड़कर देखना है. संगीत में अंतर्निहित सौंदर्यबोध, चित्रकला की दृश्य-भाषा, सिनेमा की सामाजिक संवेदना और दर्शन के प्रश्नों को एक ही मंच पर स्थान देकर ‘समालोचन’ पाठक को ज्ञान की अलग-अलग खिड़कियों से दुनिया देखने का अवसर देता है. कला यहाँ मनोरंजन की परिधि में सीमित नहीं होती; वह मनुष्य, समाज और समय को समझने का माध्यम बनती है.

इस विस्तार के पीछे एक महत्त्वपूर्ण संपादकीय आग्रह भी है-किसी साहित्यिक गुट, विचारधारा या मंडली की सीमाओं में कैद न होना. गंभीर संपादन का अर्थ केवल परिचित नामों को बार-बार प्रकाशित करना नहीं, बल्कि ऐसी रचनाओं और विचारों के लिए जगह बनाना भी है, जो पाठक को अपने पूर्वग्रहों की समीक्षा करने के लिए प्रेरित करें. किसी रचना का चयन अंततः संपादक के विवेक की परीक्षा है. अरुण देव की यात्रा इस जिम्मेदारी को लगातार निभाने का उदाहरण प्रस्तुत करती है.

​‘समालोचन’ की निःशुल्क उपलब्धता उसकी लोकतांत्रिक प्रकृति का महत्त्वपूर्ण पक्ष है. व्यक्तिगत संसाधनों से संचालित इस अव्यावसायिक उपक्रम ने विज्ञापन और संस्थागत संरक्षण पर निर्भर हुए बिना अपनी संपादकीय स्वायत्तता बनाए रखने का प्रयास किया है. निस्संदेह, आर्थिक आत्मनिर्भरता की अपनी सीमाएँ और कठिनाइयाँ हैं; फिर भी इस व्यवस्था ने पत्रिका को ऐसे निर्णय लेने की स्वतंत्रता दी है, जिनका आधार व्यावसायिक लाभ के बजाय साहित्यिक गुणवत्ता हो सकता है.

​इसके प्रभाव की चर्चा अंग्रेजी के प्रमुख समाचार-पत्रों, विशेषकर ‘द हिंदू’ और ‘द इंडियन एक्सप्रेस’, में भी हुई है. यह तथ्य महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि इससे हिंदी में डिजिटल साहित्यिक पत्रकारिता के एक प्रयोग की व्यापक सांस्कृतिक प्रासंगिकता रेखांकित होती है. किसी भाषा की सामर्थ्य केवल उसके पाठकों की संख्या से नहीं, बल्कि उसमें होने वाले विचार-विमर्श की गुणवत्ता और दूसरे ज्ञान-अनुशासनों से उसके संवाद से भी पहचानी जाती है.

​आज ‘समालोचन’ को हिंदी की डिजिटल साहित्यिक स्मृति के रूप में देखना उचित होगा. वर्षों में प्रकाशित कविताएँ, आलोचनात्मक लेख, साक्षात्कार, अनुवाद और कलाओं पर केंद्रित सामग्री किसी एक समय की बौद्धिक गतिविधियों का दस्तावेज बनाती है. इंटरनेट पर सामग्री का होना और उसका व्यवस्थित, संपादित तथा संदर्भयोग्य अभिलेख बन जाना दो अलग बातें हैं. ‘समालोचन’ का स्थायी योगदान इसी अंतर को समझने में है.

​अरुण देव की उपलब्धि का मूल्यांकन करते हुए यह भी याद रखना चाहिए कि किसी पत्रिका का भविष्य केवल संपादक के उत्साह से सुनिश्चित नहीं होता. उसके लिए लेखकों की रचनात्मक भागीदारी, पाठकों की सक्रियता और व्यापक साहित्यिक समाज का सहयोग भी आवश्यक है. हिंदी समाज को ऐसे मंचों को केवल अपनी रचनाएँ प्रकाशित कराने के साधन की तरह नहीं, बल्कि सामूहिक बौद्धिक संपदा के रूप में देखना चाहिए.

​अरुण देव और ‘समालोचन’ की कहानी अंततः एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है, जिसने अपने समय की तकनीक को साहित्य के पक्ष में इस्तेमाल किया. उन्होंने स्क्रीन को पुस्तक का विरोधी नहीं, विचार के प्रसार का नया माध्यम माना. उनकी यात्रा बताती है कि डिजिटल होना अपने आप में आधुनिकता नहीं; आधुनिकता तब है, जब नया माध्यम मनुष्य की जिज्ञासा, विवेक और संवेदना को समृद्ध करे.

​सूचनाओं के इस शोर में ‘समालोचन’ का महत्व उसकी आवाज की ऊँचाई में नहीं, विचार की गहराई में है. वह पाठक को केवल पढ़ने के लिए सामग्री नहीं देता, बल्कि पढ़ने की संस्कृति के प्रति उत्तरदायी भी बनाता है. यदि साहित्य अपने समय से संवाद करने और भविष्य के लिए स्मृति बचाकर रखने का नाम है, तो अरुण देव का यह उपक्रम हिंदी के सांस्कृतिक जीवन में एक उल्लेखनीय हस्तक्षेप है-एक ऐसा प्रयास, जिसमें निजी दीवानगी धीरे-धीरे सामूहिक विरासत का रूप लेती दिखाई देती है.
__________

 26 अक्तूबर 26